देश-विदेश
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मिलेगा छाछ, शरबत
ठंडी हवा के लिए रहेगा कूलर, दवाइयों की भी रहेगी व्यवस्था
भोपाल , मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि प्रदेश में 7 मई को तीसरे चरण का मतदान होगा। इसके लिए आयोग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं को गर्मी में परेशान न होना पड़े, इसके लिए मतदान केंद्रों पर खास इंतजाम भी किए जा रहे है। जिलों में गर्मी को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर जलजीरा, आम का पना, छाछ, शरबत, पीने के लिए ठंडा पानी, शामियाना, बैठक व्यवस्था, दवाइयां सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। इसके साथ ही दिव्यांग, बुजुर्ग मतदाताओं को कतार में खड़ा न होना पड़े, उनका तुरंत मतदान हो जाए, इसकी भी व्यवस्थायें की गई हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने बताया कि 9 लोकसभा क्षेत्रों में 7 मई को प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान होगा। इसमें भोपाल सहित, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल लोकसभा क्षेत्र शामिल है।
7 मई को तीसरे चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए सोमवार यानी 6 मई को मतदान दल सभी 20 हजार 456 मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगा। मतदान सामग्री वितरण स्थल पर पोलिंग पार्टियों में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए भी छाया, ठंडा पानी, दवाइयां, बैठक व्यवस्था सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओ : राजन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए एसबीआई द्वारा आयोजित कार रैली को झंडी दिखाकर किया रवाना
भोपाल , मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतदाता जागरूकता के लिए रविवार को प्लेटिनम प्लाजा से कार रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओं । कार रैली का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने प्रदेश के सभी नागरिकों से 7 मई को उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान हमारा अधिकार है। प्रदेश में तीसरे चरण में 7 मई को भोपाल सहित, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल में मतदान होगा। मेरा सभी मतदाताओं से आग्रह है कि मतदान के दिन मतदान केंद्र पर जाकर वोट जरूर डालें। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्र पर छाया, पानी, दवाइयां सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई है। रैली के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह सहित भारतीय स्टेट बैंक के सीजीएम चंद्रशेखर शर्मा एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत रन फॉर वोट मैराथन
इन्दौर , इंदौर जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिये नित नए नवाचार किये जा रहे है। इसी श्रृंखला में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह तथा नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशन में अनेक कार्यक्रम हो रहे है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोकसभा निर्वाचन 2024 को दृष्टिगत रखते हुए अधिक से अधिक मतदान हेतु नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा हैं। इसी क्रम में आज सी-21 माल से 5 एवं 10 किलोमीटर की रन फॉर वोट मैराथन आयोजित की गई। नगर निगम के अधीक्षण यंत्री श्री महेश शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत c20 मॉल से आयोजित रन फॉर वोट मैराथन सी-21 मॉल से एलआईजी चौराहा, इंडस्ट्री हाउस चौराहा, पलासिया चौराहा, हुकुमचंद घंटाघर, टीआई मॉल, हाई कोर्ट, रीगल चौराहा, रविंद्र नाट्य गह, मधु मिलन चौराहा, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, रीगल चौराहा, 56 दुकान, पलासिया चौराहा, एलआईजी चौराहा, रसोमा चौराहा होते हुए सी-21 मॉल पर समाप्त हुई। इसमें हर वर्ग के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
फिलीपीन्स और श्रीलंका का 11 सदस्यीय डेलीगेशन भोपाल पहुंचा
लोकसभा निर्वाचन-2024 के तीसरे चरण की संपूर्ण प्रक्रियाओं का अवलोकन व अध्ययन करने फिलीपीन्स और श्रीलंका का 11 सदस्यीय अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि मंडल (इंटरनेशनल डेलीगेशन) 5 मई की देर शाम भोपाल पहुंचा। इन्टरनेशनल डेलीगेशन के भोपाल पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने होटल जहांनुमा पैलेस में प्रतिनिधि मंडल के सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत व अभिनंदन किया। इसके साथ ही लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री मनोज खत्री ने डेलीगेशन की अगवानी की। 6 व 7 मई को प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य लोकसभा निर्वाचन के लिए मतदान की तैयारियों व मतदान प्रक्रिया का अवलोकन व अध्ययन करेंगे। यह डेलीगेशन 8 मई तक भोपाल में रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि मंडल के यह सदस्य पहुँचे भोपाल
इन्टरनेशनल डेलीगेशन में फिलीपीन्स के 'कमीशन ऑन इलेक्शन्स' की एसोसिएट कमिश्नर सुश्री सोकोर्रो बी. इंटिंग, डायरेक्टर सुश्री सेलिया बी. रोमेरो एवं एग्जीक्युटिव असिस्टेंट लेसली एन सी. कॉनक्विला भोपाल आईं हैं। इसी तरह श्रीलंका के 'प्रेसीडेंशियल कमीशन ऑफ इन्क्वायरी टू मेक रिकमंडेशन्स फॉर इलेक्शन लॉ रिफार्म्स' के चेयरमैन जस्टिस वीवेज प्रियसथ गेरार्ड डेप, कमीशन मेम्बर श्री सुंथारम अरूमैनायाहम, कमीशन मेम्बर श्री अलीसंदारालेज सेनानायके, कमीशन मेंबर श्री अहमद लेब्बे मोहम्मद सलीम, कमीशन मेंबर सुश्री निमालका फर्नान्डो, कमीशन मेंबर श्री विथारानागे दीपानी सामंथा रॉडरिगो, कमीशन मेंबर श्री एलन करमाइकल वेरे तंबिनायागम डेविड सहित कमीशन सेकेट्री श्री माधवा देवासुरेन्द्र भोपाल पहुँचे।
श्री राजन ने इंटरनेशनल डेलीगेशन को बताया कि मध्यप्रदेश में दो चरण का मतदान हो चुका है। तीसरे और चौथे चरण के लिए 7 और 13 मई को मतदान होना है। तीसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 7 मई को सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया आरंभ होगी, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। डेलीगेशन के सभी सदस्यों ने बड़ी तन्मयता से पीपीटी प्रेजेंटेशन देखा, निर्वाचन प्रक्रिया को समझा और भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल डेलीगेशन 6 मई को सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक पोलिंग पार्टी की रवानगी सहित मतदान की अन्य तैयारियों का अवलोकन करेगा। सात मई को यह डेलीगेशन भोपाल, सीहोर, रायसेन और विदिशा जिले के मतदान केन्द्रों में चल रही मतदान प्रक्रिया का स्पॉट विजिट कर मतदाताओं से चर्चा भी करेगा।
यह डेलीगेशन 8 मई को दोपहर 12 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, निर्वाचन सदन आएगा और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन से भेंट कर मतदान प्रक्रिया के अवलोकन के संदर्भ में अपने अनुभव साझा करेगा। डेलीगेशन इसी दिन भोपाल से प्रस्थान करेगा।
किशनगंज में महिला ने एक साथ दिया 5 बेटियों को जन्म, मां के साथ सभी बच्चे स्वस्थ
पटना. अक्सर आपने जुड़वा बच्चों के जन्म के बारे में सुना होगा, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसा हो जाता है जिसको देख मेडिकल साइंस के भी होश उड़ जाते हैं. कुछ ऐसा ही अजीबोगरीब मामला देखने को मिला बिहार के किशनगंज जिले में. जहां एक 20 वर्षीय महिला ने एक साथ 5 बेटियों को जन्म दिया.
यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. सभी बच्चियां 1 किलो के अंदर की बताई जा रही है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. आस-पास के लोग इसे किसी अजूबे से कम नहीं मान रहे हैं. महिला का प्रसव करवाने वाली डॉ. फर्जाना ने बताया कि केस चैलेंजिंग था और ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं. नॉर्मल डिलीवरी से सभी बच्चों का जन्म हुआ.
अल्ट्रासाउंड में चल गया था पता
दरअसल, यह मामला किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड का है. ठाकुरगंज कनकपुर पंचायत के जालमिलिक गांव निवासी 20 वर्षीय ताहिरा बेगम एक निजी नर्सिंग होम में अपना इलाज करवा रही थी. ताहिरा ने बताया कि जब 2 माह की गर्भवती थी, तब पता चला कि पेट में चार बच्चे हैं. बाद में डॉक्टर के पास चेकअप करवाने गई तो पता चला कि चार नहीं बल्कि पांच बच्चे हैं. शुरुआत में तो बहुत डर गई, लेकिन डॉक्टर ने भरोसा दिलाया और कहा कि सबकुछ अच्छा होगा.
पुंछ आतंकी हमला: सुरक्षाबलों ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना के काफिले पर हुए हमले के संबंध में पूछताछ के लिए सुरक्षाबलों ने छह स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, इन स्थानीय लोगों पर हमले में आतंकियों की मदद करने का संदेह है। हमले में पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई।
हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में शनिवार शाम 6 बजकर 15 मिनट पर हुआ। चार आतंकियों ने सनाई टॉप जा रही सुरक्षाबलों की दो गाड़ियों पर फायरिंग की। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। हमले के बाद आतंकवादी जंगल में भाग गए। उनके हाथ में एके असॉल्ट राइफल्स थी। एयरफोर्स की स्पेशल गरुड़ फोर्स, आर्मी और जम्मू-कश्मीर पुलिस सर्च ऑपरेशन कर रही हैं। पुंछ, राजौरी-अनंतनाग लोकसभा सीट में आता है। यहां छठे फेज में 25 मई को वोटिंग है।
आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी जारी
वायुसेना के काफिले पर हमले के पीछे के आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अभियान दूसरे दिन भी जारी है। इसके मद्देनजर सुरक्षाबलों ने आतंकियों की मदद के शक में पूछताछ के लिए छह स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, शाहसितार, गुरसाई, सनाई और शींदरा टॉप समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। हमले के बाद आतंकवादी जंगल में भाग गए हैं, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल पाया है।
सुरनकोट में भी हुआ था सेना के काफिले पर हमला
इससे पहले 21 दिसंबर 2023 को सुरनकोट में भी सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले की जिम्मेदारी पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट यानी PAFF ने ली थी। सेना के अधिकारियों को शक है कि शनिवार शाम को हुए हमले में भी इसी संगठन का हाथ है। PAFF लश्कर-ए-तैयबा की ही शाखा है।
चंद्रबाबू नायडू 12 को आंध्र प्रदेश के सीएम पद की शपथ लेंगे
विजयवाड़ा । तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की तारीख में बदलाव कर दिया गया है। अब वह 12 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले यह कायक्रम 9 जून को होना था। सूत्रों ने यह दावा किया है।
नायडू के शपथ लेने की तारीख में बदलाव की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को बताया जा रहा है। वे लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। मोदी ने बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू को अपना त्याग पत्र सौंप दिया था। राष्ट्रपति ने पीएम मोदी और उनके मंत्रियों का त्याग पत्र को स्वीकार कर लिया और साथ ही नए सरकार के गठन तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहने का आग्रह किया।
किंग मेकर की भूमिका में हैं चंद्रबाबू नायडू
चंद्रबाबू नायडू एनडीए गठबंधन के लिए एक किंगमेकर्स में से एक बनकर सामने आए हैं। एनडीए ने लगातार तीसरी बार बहुमत पाने का रिकॉर्ड बनया है। चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार की पार्टी का गठबंधन की सरकार बनाने में अहम योगदान रहने वाला है। भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में अकेले दम पर बहुमत लाने में सफल नहीं हो सकी है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने इस बार चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में टीडीपी ने बहुमत हासिल की
आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम में टीडीपी ने सबसे अधिक सीटें जीती हैं। 135 सीटें जीत कर टीडीपी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। वहीं, जनसेना ने 21 सीटें जीतीं। भाजपा आठ सीटों पर जीतने में सफल रही। वर्तमान सत्तारूढ़ दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी मात्र 11 सीटों पर सिमट गई है। वहीं, लोकसभा की अधिकांश सीटें भी एनडीए की झोली में गई हैं।
1996 में पहली बार तेलुगू देशम पार्टी NDA का हिस्सा बनी थी
साल 1996 में टीडीपी पहली बार एनडीए का हिस्सा बनी थी। चंद्रबाबू नायडू ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर काम किया था। इतना ही नहीं, आंध्र प्रदेश में 2014 का लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी टीडीपी ने भाजपा के साथ लड़ा था, लेकिन 2019 में टीडीपी, एनडीए से अलग हो गई थी।
इस दिन पीएम पद की शपथ ले सकते हैं नरेंद्र मोदी, समारोह की तारीख में बदलाव.
नई दिल्ली । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को लोकसभा चुनाव में 293 सीटें मिलीं। नरेंद्र मोदी को एनडीए का नेता चुना गया। सभी घटक दलों ने अपने समर्थन का पत्र सौंप दिया है। अब मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। हालांकि उनके शपथ ग्रहण समारोह की तारीख को लेकर संशय बना हुआ है। बताया जा रहा कि प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह की तारीख में बदलाव कर दिया गया है। अब मोदी नौ जून को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले यह कार्यक्रम आठ जून को होना था। मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
राष्ट्रपति को सौंपा था त्याग पत्र
मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू को अपना त्याग पत्र सौंप दिया था। राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों का त्याग पत्र को स्वीकार कर लिया और साथ ही नए सरकार के गठन तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहने का आग्रह किया।
21 नेताओं ने हस्ताक्षर करके मोदी को गठबंधन का नेता स्वीकार किया
एक दिन पहले ही एनडीए ने सर्वसम्मिति से नरेंद्र मोदी को अपना नेता मान लिया है। नई दिल्ली में बुधवार को हुई बैठक में एनडीए के 21 नेताओं ने एक पत्र पर हस्ताक्षर करके मोदी को अपना नेता स्वीकृत किया। जिससे नरेंद्र मोदी के एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बैठक में सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को पिछले 10 सालों में उनके कार्यकाल और देश में विकास कार्यों के लिए उन्हें बधाई भी दी है।
भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को लोकसभा 2024 के चुनाव परिणाम एलान किए थे। इसमें भाजपा को सबसे ज्यादा 240 सीटें और इसके बाद दूसरे नंबर पर 99 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही। हालांकि पिछली बार की अपेक्षा इस बार के चुनाव में भाजपा को 32 सीटों का नुकसान हुआ है। 2014 के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिली।
हादसे का शिकार हुए नेता प्रतिपक्ष, गाड़ी से टकराई नीलगाय
दौसा । राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की गाड़ी का दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया। हादसे में जूली के बाएं हाथ में फैक्चर हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसा नील गाय की वजह से हुआ। हादसे के बाद नेता जूली को जिला अस्पताल में ले जाया गया।
मीडिया से बात करते हुए टीकाराम जूली अपने ठीक होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आप लोगों की दुआओं का असर है कि हादसे के बाद भी मैं ठीक हूं।
टीकाराम जूली ने बताया कि हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे के भांडारेज इंटरचेंज कट के पांच किलोमीटर पहले हुआ। उन्होंने बताया कि कार के आगे अचानक से नीलगाय आ गई। जब कुछ समझ पाते कार गाय से टकरा गई। टीकाराम ने बताया कि हादसे तुरंत बाद ही कार के एयर बैग खुल गए, जिस कारण ज्यादा चोट नहीं आई। कार में चार लोग सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टीकाराम जूली को दौसा के रामकरण जोशी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनके हाथ में प्लास्टर बांधा। उसके बाद उन्हें जयपुर रवाना किया गया।
टीकाराम जूली के एक्सीडेंट की सूचना पर दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, डिप्टी एसपी रवि शर्मा सहित जिला प्रशासन का जमावड़ा अस्पताल में लगा रहा।
शिक्षा विभाग 30 जून तक चलाएगा विशेष अभियान
8 जून तक पुस्तक मेले का आयोजन
सीहोर। अशासकीय विद्यालयों के द्वारा फर्जी व डुप्लीकेट आईएसबीएन पाठ्य पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा फर्जी व डुप्लिकेट आईएसबीएन पाठ्य पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल करने से रोकने के लिए निजी विद्यालयों के विरूद्ध 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा अशासकीय शालाओं का निरीक्षण किया जाएगा। निजी विद्यालयों द्वारा इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अशासकीय शालाओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। इसके लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर समिति गठित की गई है।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि, अशासकीय संस्थाओं द्वारा 08 जून तक शासन के पोर्टल पर फीस संरचना की जानकारी अपलोड नहीं करने पर निर्धारित समयावधि के बाद जानकारी अपलोड करने वाले अशासकीय संस्थाओं पर पांच गुना अर्थदंड की कार्यवाही की जायेगी। जिले में विकासखंड के समस्त शासकीय सीएम राईज स्कूलों एवं जिले के लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 06 जून से 08 जून तक प्रातः 10 बजे से 5 बजे तक पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। पुस्तक मेले में अशासकीय स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं पालकगणों को भी आमंत्रित किया गया है।
बिहार में पप्पू यादव ने सर्वाधिक तीन बार निर्दलीय सांसद बनने का बनाया रिकार्ड
पटना । कांग्रेस के बागी नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने न सिर्फ पूर्णिया संसदीय सीट पर ‘सियासी हवा’ का रुख बदलकर सांसद बनें ,साथ ही बिहार में अबतक हुये चुनाव मे सर्वाधिक तीन बार निर्दलीय प्रत्याशी सांसद बनने का रिकार्ड भी बना दिया।
बिहार में वर्ष 1952 से 2019 तक हुये लोकसभा चुनाव में तीन निर्दलीय प्रत्याशी में सर्वाधिक दो-दो बार डुमरांव महाराज कमल सिंह, वामपंथी नेता ए.के.राय और राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शामिल थे। पूर्णिया संसदीय सीट से जीत दर्ज करने के साथ हीं पप्पू यादव ने बिहार में सर्वाधिक तीन बार निर्दलीय प्रत्याशी सांसद बनने का रिकार्ड भी बना दिया। बिहार में पप्पू यादव इस बार निर्दलीय प्रत्याशी लोकसभा का चुनाव जीतने वाले एकमात्र राजनेता बने। पप्पू यादव
ने बिहार में 14 साल के बाद निर्दलीय प्रत्याशी को जीत दिलायी है। इससे पूर्व वर्ष 2010 में बांका उपचुनाव में पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल कुमारी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में बिहार से कोई निर्दलीय प्रत्याशी संसद नहीं पहुंचा।
बिहार की हाइप्रोफाइल सीट में शामिल पूर्णिया संसदीय सीट से निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रोमांचक मुकाबले में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी संतोष कुमार को 23 हजार 847 मतों के अंतर से शिकस्त दी और वह पूर्णिया से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर तीसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया गया विशेष साफ सफाई अभियान
उमरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 5 जून से 16 जून तक शहडोल संभाग के समस्त नगरीय निकायों में जल स्त्रोतों तथा नदी, तालाबों, कुओं, बावड़ी तथा अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुर्नजीवन हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया । नगर पालिका परिषद पाली के वार्ड नं 15 के कचरा प्रशंसकरण केंद्र में पौधारोपण का कार्य किया गया। लगभग 50 पौधो का पौधा रोपण कर विभिन्न प्रकार के छायादार वृक्ष लगाए गए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पाली की अध्यक्ष शकुंतला प्रधान , नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पाली भूपेंद्र सिंह , पार्षद भरत प्रजापति ,सोना सिंह ,सविता सिंह , शहीद अहमद , एवं नगर पालिका परिषद पाली के कर्मचारी गण एवं स्वच्छता कर्मचारी मौजूद रहे।
दिल्ली में भाजपा की बैठक, सांसद से लेकर मुख्यमंत्री तक होंगे शामिल
नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम के बाद अब केंद्र में सरकार के गठन की तैयारियां चल रही हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन बहुमत हासिल कर चुका है। बीते बुधवार को हुए एनडीए की बैठक में एनडीए के नेताओं ने पीएम मोदी को अपना समर्थन दिया है। अब भाजपा ने दिल्ली में पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, कल होने वाली इस बैठक में भाजपा के सभी जीते हुए सांसद से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल होने वाले हैं।
दिल्ली में भाजपा की बैठक, सांसद से लेकर मुख्यमंत्री तक होंगे शामिल
नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम के बाद अब केंद्र में सरकार के गठन की तैयारियां चल रही हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन बहुमत हासिल कर चुका है। बीते बुधवार को हुए एनडीए की बैठक में एनडीए के नेताओं ने पीएम मोदी को अपना समर्थन दिया है। अब भाजपा ने दिल्ली में पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, कल होने वाली इस बैठक में भाजपा के सभी जीते हुए सांसद से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल होने वाले हैं।
जीत के बाद दिल्ली आकर गांधी परिवार से मिले किशोरी लाल शर्मा
नई दिल्ली । अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हराने वाले कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने दिल्ली आकर गांधी परिवार से मुलाकात की है। वह रायबरेली से राहुल गांधी की जीत का प्रमाण पत्र लेकर आए थे। इस दौरान उन्हें सोनिया गांधी की ओर से सलाह दी गई है।
किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी को रायबरेली से जीत का प्रमाण पत्र सौंपा और सोनिया गांधी से आशीर्वाद लिया। इस दौरान सोनिया गांधी की ओर से सलाह दी गई है।
शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं सोनिया गांधी की ओर से मिले निर्देश का पालन करूंगा। जीत के साथ जिम्मेदारी भी आती है और वो जिम्मेदारी मैं महसूस कर रहा हूं। अमेठी की जनता के साथ मिलकर मैं काम करूंगा तो निश्चित रूप में सफल होऊंगा। मैं बिना जनता को इन्वॉल्व किए कोई काम नहीं करूंगा।
खाई में गिरी गाड़ी : एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 7 लोगों की मौत
नैनीताल । सिसौना सितारगंज से गर्मियों की छुट्टी मनाने भदकोट जा रहे छह सदस्यीय परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। तीन भाइयों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया। घायल तीनों बच्चों का एसटीएच में इलाज चल रहा है।
मूलरूप से भदकोट निवासी महेश चंद्र परगाई (40) सिडकुल में नौकरी करते थे। वह सिसौना सितारगंज में छह सदस्यीय परिवार के साथ रहते थे। बच्चों के स्कूल की छुट्टी पड़ी तो उनकी पत्नी पार्वती (34) ने परिवार के साथ भदकोट जाने का प्लान बनाया। बुधवार को दपंती अपने चार बच्चों के साथ सितारगंज से बस से हल्द्वानी आए। यहां से मैक्स वाहन में बैठकर भदकोट के लिए रवाना हो गए। खनस्यू बाजार से आगे मैक्स खाई में गिर गई। इस हादसे में महेश चंद्र परगाई (40), पार्वती परगाई (34) और पुत्री कविता परगाई (10) की मौके पर ही मौत हो गई। उधर इनके तीन बेटे पंकज परगाई (12), मनोज परगाई (10) और लोकेश परगाई समेत सात घायल हो गए। देर रात सभी घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
12 जून को थी बेटी की शादी, लेने आए थे शादी का सामान
पश्या गांव निवासी कृष्णा नंद कुड़ाई की बेटी की शादी 12 जून को है। वह बेटी के शादी का सामान लेने के लिए खनस्यू बाजार आए थे। कृष्णा नंद ने बताया कि वह बाजार से मैक्स वाहन में बैठे। गाड़ी जैसे ही दो किलोमीटर दूर पहुंची तो सीधी सड़क पर खाई में जा गिरी। बताया कि बाजार से उन्होंने 12 हजार रुपये का सामान खरीदा था। अब उन्हें बेटी की शादी की चिंता सता रही है कि बेटी की शादी तक वह ठीक हो पाएंगे या नहीं।
गौलापार बेटी के घर नामकरण में शामिल होने बेटी के साथ आई थी कमला
पुटपुड़ी निवासी कमला देवी (50) ने अपनी एक बेटी की शादी यहां कुंवरपुर गौलापार में की है। उसके पुत्री होने पर नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए कमला देवी अपनी छोटी बेटी ममता भट्ट (13) वर्ष के साथ सोमवार को गौलापार आई थी। मंगलवार को नामकरण संस्कार हुआ। बुधवार को ये लोग मैक्स वाहन में सवार होकर पुटपुड़ी जा रहे थे। हादसे में कमला देवी की बेटी ममता की मौत हो गई। कमला देवी बताती हैं कि उसकी बेटी ममता कह रही थी कि मां आज नहीं जाते हैं कल चलेंगे। अगर मैंने उसकी बात मान ली होती तो आज ममता जिंदा होती।
घायलों को हल्द्वानी लाने की सूचना पर पहुंचे अधिकारी
घायलों को हल्द्वानी लाने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी हल्द्वानी पहुंचे और उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी को भी मौके पर बुला लिया। सुशीला तिवारी अस्पताल में सभी सात घायलों को लाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
सड़क हादसे में सात लोग हुए घायल
कमला देवी (50) पत्नी शंकर निवासी पुटपुड़ी
खष्टी दत्त (53) पत्नी केशवदत्त निवासी पुटपुड़ी
किशन चंद्र (45) पुत्र खीमानंद निवासी पश्यां
ललित मोहन (40) पुत्र भोला दत्त निवासी पश्यां
पंकज परगांई (14) पुत्र महेश परगांई निवासी भद्रकोट
मनोज परगांई (10) पुत्र महेश परगांई निवासी भद्रकोट
लक्की परगांई (7) पुत्र महेश परगांई निवासी भद्रकोट
मृतकों की सूची
भुवन चंद्र भट्ट (30)
उमेश परगांई (38)
ममता भट्ट (19)
कविता परगांई (13)
पार्वती देवी (33)
महेश चंद्र परगांई (36)
महेश चंद्र रेखाड़ी (45)
महाराष्ट्र में 10 जून को होगी मॉनसून की एंट्री
नई दिल्ली । देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से मॉनसून को लेकर अपडेट जारी किया गया है, जिससे महाराष्ट्र के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सकती है। आईएमडी की मानें तो मुंबई समेत महाराष्ट्र में 10 जून तक मॉनसून दस्तक दे सकता है।
बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में अपने निर्धारित समय से पहले ही 30 मई को पहुंच गया था। वहीं, अब तक मॉनसून केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही मॉनसून अन्य राज्यों में पहुंचने की संभावना है।
मुंबई में जल्द ही प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जून से 10 जून के बीच मुंबई में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, मौजूदा सप्ताह मुंबई के लिए काफी अच्छा होने वाला है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आने से पहले इस सप्ताह के दौरान ज्यादा प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है, जो मुबंई के मौसम को ठंडा और नम बनाए रखेगी।