देश-विदेश
560 किलो ड्रग्स बरामदगी मामले में पंजाब से एक और आरोपी गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 560 किलो ड्रग्स बरामदगी के मामले में पंजाब के अमृतसर से एक और आरोपी जितेंद्र प्रीत गिल को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब यह सामने आया कि आरोपी खेप की सप्लाई के दौरान भारत में पहले से मौजूद था। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना उसे यूके से भारत भेजा था। जितेंद्र प्रीत गिल को दिल्ली लाने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने इसी मामले में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें तुषार गोयल, भरत कुमार जैन, औरंगजेब सिद्दीकी, और हिमांशु कुमार शामिल थे। तुषार गोयल एक प्रसिद्ध प्रकाशन हाउस के मालिक का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके महिपालपुर स्थित गोदाम से 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम थाईलैंड का हाइड्रोपोनिक मारिजुआना बरामद किया था।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश
स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाह ने जानकारी दी कि इस गिरोह की जांच तीन महीने से चल रही थी। 1 अक्टूबर को पुलिस को तुषार गोयल के महिपालपुर स्थित गोदाम में ड्रग्स की बड़ी खेप आने की विशेष सूचना मिली थी। छापेमारी के बाद पुलिस ने 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2000 से 5000 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस गिरोह का मुख्य सरगना मध्य-पूर्व में स्थित है और वहीं से यह पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। तुषार गोयल भारत में मादक पदार्थों का मुख्य रिसीवर और वितरक था, जबकि उसके सहयोगी हिमांशु और औरंगजेब सिद्दीकी ने इस काम में उसकी मदद की। भरत कुमार जैन तुषार से 15 किलोग्राम कोकीन लेने मुंबई से दिल्ली आया था।
इस केस की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि और भी बड़े खुलासे होंगे।
भारत की बढ़ेगी ताकत, 2025 में रूस सौंपेगा S-400 की दो यूनिट; वायुसेना प्रमुख ने किया खुलासा
नई दिल्ली। 30 सितंबर को वायुसेना प्रमुख की कमान संभालने के बाद शुक्रवार को एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने मेक इन इंडिया हथियारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की किसी भी चुनौती से निपटने की खातिर स्वदेशी हथियारों का होना अहम है।सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना के पास 2047 तक देश में निर्मित पूरी इन्वेंट्री होनी चाहिए। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि रूस से अब तक एस-400 मिसाइल प्रणाली की तीन इकाइयां मिल चुकी हैं। अगले साल बाकी दो इकाइयों को देने का वादा किया है।
- अभी भारत के पास S-400 की तीन यूनिट।
- मेक इन इंडिया हथियारों पर सेना का फोकस।
- चीन के जवाब में भारत बना रहा बुनियादी ढांचा।
इसराइल ने ईरान के तेल ठिकानों को निशाना बनाया तो भारत समेत बाकी देशों पर क्या असर हो सकता है
ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते ताज़ा तनाव का सबसे ज़्यादा असर कच्चे तेल के बाज़ार पर पड़ने की आशंका है. इसकी वज़ह से दुनिया भर में तेल की कीमत काफ़ी बढ़ सकती है.
यह आशंका अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बयान के बाद ज़्यादा बढ़ गई है.
जो बाइडन ने कहा है कि ईरान के तेल ठिकानों को इसराइल निशाना बना सकता है और अमेरिका में इस संभावित हमले पर चर्चा हुई है. बाइडन से पूछा गया कि क्या अमेरिका ईरान के तेल ठिकानों पर इसराइली हमले का समर्थन करेगा?
बाइडन ने जवाब दिया,''हम इस पर चर्चा कर रहे हैं.'' बाइडन के इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमत पांच फ़ीसदी बढ़ गई है.
एक ही परिवार के 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा...
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। बदमाशों ने शिक्षक सुनील कुमार की दंपति और 2 बच्चों की को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। हमले में शिक्षक, उनकी पत्नी और उनके दोनों बच्चों की मौके ही मौत हो गई।
घटना के बाद खुद सीएम योगी ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश सीएम ने दिया है। सीएम योगी ने कहा- दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे के मुख्य चौराहे पर किराए के मकान में शिक्षक सुनील कुमार (35) अपनी पत्नी, दो बच्चों के साथ रहते थे। सुनील पीएमश्री विद्यालय पन्हौना में सहायक अध्यापक थे। बृहस्पतिवार की शाम कुछ असलहाधारी लोग उनके आवास पर पहुंचे। बदमाशों ने सुनील कुमार को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। बचाव में आईं उनकी पत्नी व दो बच्चे भी गोली का शिकार हो गया।
चारों लोगों को सीएचसी सिंहपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने सबको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी अनूप कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। एएसपी हरेंद्र प्रताप ने बताया कि गोलीकांड में शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम भारती(30) और दोनों बेटियों दृष्टि (6) और लाडो (2) की मौत हो गई। शिक्षक मूलत: रायबरेली के जगतपुर थानाक्षेत्र के सुदामापुरी के रहने वाले हैं। बीते 18 अगस्त को शिक्षक सुनील कुमार ने रायबरेली में ही चंदन वर्मा नामक युवक पर एससीएसटी के तहत छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। पुलिस इसी बिंदु पर जांच कर रही है।
वहीं अब इस घटना को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने प्रदेश सरकार के कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा कर दिया है। समाजवादी पार्टी के नेता ने कहा कि ‘प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दें। बीजेपी सरकार में यूपी में जंगलराज गुंडाराज व्याप्त है।’
Israel-Hezbollah War: धमाकों से दहला बेरूत, इजरायल ने हिजबुल्लाह के फील्ड कमांडर का किया काम तमाम
बेरूत।इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के फील्ड कमांडर को मार गिराया। इजरायली सेना एयर स्ट्राइक के बाद ग्राउंड ऑपेशन चला रही है। इजरायल
डिफेंस फोर्सेस ने कहा कि वायुसेना के साथ एक संयुक्त ऑपरेशन में हिजबुल्लाह कमांडर की जान चली गई है। लेबनान की तरफ से भी इजरायल पर रॉकेट और
ड्रोन से हमला किया गया। ये हमला मेतुला इलाके में हुआ, जिसमें मोर्टार भी दागे गए। इजरायल के मुताबिक इनमें से अधिकांश रॉकेट्स को नष्ट कर दिया गया।
इधर, इजरायल सेना ने दक्षिणी लेबनान के 25 गांवों को खाली करने को कहा है।
नसरल्लाह का दामाद मारा गया
इजरायल ने हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह के दामाद हसन जाफर अल-कासिर के मारे जाने का दावा किया है। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, इजरायली सेना ने बुधवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क पर हमला किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई।
लेबनान में 28 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन के चीफ डॉक्टर टेड्रोस गेब्रेयेसस ने कहा कि इजरायली हमलों से लेबनान में बीते 24 घंटों में 28 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो गई। ट्रेडोस ने कहा, लगातार हमलों के कारण स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, गाजा में हमास के डी फैक्टो पीएम रवही मुश्ताहा के मारे जाने की खबर है।
ईरान को जवाब देने की तैयारी में इजरायली सेना
ईरान ने मंगलवार रात को इजरायल पर 200 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया था। अब इजरायल मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी में है। तेल अवीव के घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, इजरायल ईरान की तेल उत्पादक संयंत्रों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा। अगर ऐसा होता है तो ईरान की अर्थव्यवस्था को झटका लगेगा।
जातिगत भेदभाव वाले कई प्रावधान ख़ारिज
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 11 राज्यों के जेल मैनुअल के कई प्रावधान जाति के आधार पर भेदभाव करते हैं.
पत्रकार सुकन्या शांता की याचिका पर सुनवाई करते हुए अपने फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मौजूदा जेल मैनुअल मौलिक अधिकारों के ख़िलाफ़ थे और जातिगत भेदभाव करते थे.
सुकन्या ने अपनी एक रिपोर्ट में पता लगाया था कि कई राज्यों के जेल मैनुअल जाति के आधार पर भेदभाव को बढ़ावा देते हैं.
सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल अपनी याचिका में उन्होंने कहा था कि जाति के आधार पर जेल के अंदर काम बाँटे जाते हैं. साथ ही क़ैदी जिस बैरक में रहते हैं, उसे भी जाति के आधार पर तय किया जाता है.
श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद पहली बार कोलंबो पहुंचे एस जयशंकर
श्रीलंका में वामपंथी झुकाव वाले अनुरा कुमारा दिसानायके के राष्ट्रपति बनने के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पहली बार कोलंबो पहुँचे हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.
विदेश मंत्री ने लिखा है, “दोबारा कोलंबो आकर अच्छा लग रहा है. श्रीलंका के नेतृत्व से बातचीत को लेकर उत्सुक हूं.”
इससे पहले अनुरा कुमारा दिसानायके के श्रीलंका के राष्ट्रपति बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंधाई दी थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पोस्ट में कहा था, ''भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन में श्रीलंका का ख़ास स्थान है.''
इस साल फ़रवरी महीने में अनुरा कुमारा दिसानायके जब भारत आए थे, तो किसी ने शायद ही सोचा था कि क़रीब सात महीने बाद वो श्रीलंका के राष्ट्रपति बनेंगे.
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मुलाक़ात पर ख़ुशी जताते हुए अपने एक्स पोस्ट में लिखा था कि दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और इसे गहरा करने पर अच्छी बातचीत हुई है.
अब 22 सितंबर को आए नतीजों में वामपंथी नेता अनुरा कुमारा दिसानायके ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की थी. आमतौर पर वामपंथी विचारधारा वाली सरकारों को वैचारिक रूप से चीन के क़रीब माना जाता है. ऐसे में भारत के लिए भी इसे चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.
पाकिस्तान में ज़ाकिर नाइक अपने इस व्यवहार पर क्यों घिर गए
विवादित इस्लामी उपदेशक ज़ाकिर नाइक को पाकिस्तान में बुधवार को एक अनाथालय में सम्मान देने के लिए अतिथि के तौर पर बुलाया गया था.
लेकिन उन्होंने अनाथ लड़कियों को सम्मान देने से इनकार कर दिया.
जैसे ही लड़कियां मंच पर आईं, ज़ाकिर नाइक पीछे हट गए. नाइक ने इन लड़कियों को 'ना-महरम' बताते हुए ख़ुद को अलग कर लिया.
ज़ाकिर नाइक के इस रुख़ की पाकिस्तान में काफ़ी आलोचना हो रही है.
इस्लाम में 'ना-महरम' का इस्तेमाल अविवाहित लड़कियों के लिए किया जाता है, जिनसे कोई सीधा ख़ून का रिश्ता नहीं होता है.
इस वाक़ये से जुड़ा ज़ाकिर नाइक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नाइक के पास जैसे ही लड़कियां आती हैं, वे मंच से दूर हो जाते हैं.
चीन, रूस और अमेरिका का रुख़ इसराइल-ईरान तनाव में कैसा है?
हमास के हमले के बाद 8 अक्टूबर को इसराल के जवाबी हमले में ग़ज़ा शहर पर मिसाइल हमला
ईरान के इसराइल पर मंगलवार की रात किए गए मिसाइल हमले ने दुनिया भर की नज़रें एक बार फिर मध्य-पूर्व पर केंद्रित कर दी हैं, जहाँ एक हिंसक विवाद अब हर गुज़रते दिन के साथ और ख़तरनाक होता जा रहा है.
शेयर बाज़ार से लेकर अंतरराष्ट्रीय मामलों पर नज़र रखने वाले विश्लेषकों तक सभी मध्य-पूर्व की ताज़ा स्थिति और विभिन्न पक्षों के अगले क़दम के बारे में बात करने की कोशिश कर रहे हैं.
इन सब के बीच दुनिया की तीन बड़ी शक्तियां अमेरिका,चीन और रूस इस विवाद का हल तलाश करने में नाकाम दिखाई देती हैं.
हमास के इसराइल पर सात अक्टूबर के हमले के बाद मध्य-पूर्व में बढ़ने वाला तनाव अब ग़ज़ा, लेबनान और यमन के बाद ईरान तक फैलता हुआ नज़र आ रहा है.
मानसून के लौटते ही कई राज्यों में बदला मौसम
इंदौर, दिल्ली-एनसीआर समेत ज्यादातर प्रदेशों में मानसून ने अलविदा कह दिया है। मानसून के जाते ही गर्मी बढ़ने लगी है। कई जगहों पर तापमान 35 डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज धूप और गर्मी रहेगी।
दिल्ली में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस
राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन गुना अधिक 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने शुक्रवार को आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का पूर्वानुमान जताया है। अगले हफ्तेभर तक दिल्ली में ऐसा ही मौसम रहेगा।
पश्चिम बंगाल में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके चलते पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। मौसम प्रणाली के प्रभाव के चलते उप-हिमालयी जिलों में शनिवार तक बारिश की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने से दक्षिण बंगाल के जिलों में बरसात होगी। वहीं, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन हो सकता है।
इन राज्यों में मानसून की वापसी होगी
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून विभिन्न हिस्सों से लौट चुका है। पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्यप्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और हरियाणा से मानसून की विदाई हो चुकी है। इन राज्यों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। अगले दो से तीन दिनों में पश्चिमी यूपी, एमपी, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में मानसून की वापसी होगी।
इन राज्यों में बारिश हो सकती है
आईएमडी के अनुसार, कुछ राज्यों में शुक्रवार को बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना में बरसात हो सकती है। वहीं, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, लक्षद्वीप और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की वर्षा की संभावना है।
क्या है यलो बाक्स जंक्शन
इंदौर। इंदौर शहर के बिगड़े यातायात को व्यवस्थित करने के लिए नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। अब शहर के व्यस्ततम चौराहों पर नगर निगम यलो बाक्स जंक्शन बना रहा है। हाल ही में हाई कोर्ट और रीगल तिराहे पर इसे बनाया गया है। लेकिन अधिकांश वाहन चालकों को इसका पालन कैसे करें, इसकी जानकारी तक नहीं है।
इसलिए अब यातायात विभाग वाहन चालकों को जागरूक कर रहा है। बता दें कि अत्यधिक यातायात दबाव वाले चौराहों पर विदेश की तर्ज पर यलो बाक्स जंक्शन बनाए जा रहे हैं। इसके पहले देवास नाका, लैंटर्न चौराहा, नौलखा, इंद्रप्रस्थ चौराहा आदि जगह इस तरह के जंक्शन बनाए जा चुके हैं, लेकिन वाहन चालकों को इसकी जानकारी ही नहीं है।
रात में चमकने वाले स्टापर भी लगेंगे
चौराहों पर रात में चमकने वाले स्टापर भी लगाए जा रहे हैं। ये सूर्य की रोशनी से चार्ज होंगे और रात में वाहन चालकों को दूर से नजर आएंगे। इससे दुर्घटना रुकेगी। वहीं शहर में डिवाइडरों की पेंटिंग का काम भी चल रहा है।
वाहन चालक और राहगीरों को कर रहे जागरूक
यातायात सिपाही सुमंत सिंह कछावा ने बताया कि अधिकांश वाहन चालकों को यलो बाक्स जंक्शन के बारे में जानकारी नहीं है। गुरुवार को हमने पलासिया चौराहे पर राहगीरों को जागरूक किया। उन्हें बताया कि पैदल सड़क पार करने के लिए यलो बाक्स का उपयोग न करते हुए सिर्फ जेब्रा क्रासिंग का ही उपयोग करें। इसी तरह वाहन चालकों को भी बताया कि रेड सिग्नल होने पर स्टाप लाइन पर रुकना है, यलो बाक्स में नहीं आना है।
मैच से पहले पीतांबरा माई की शरण में पहुंचे इंडिया टीम के कोच गौतम गंभीर
दतिया। 6 अक्टूबर को भारत बांग्लादेश के बीच में ग्वालियर के माधवराव सिंधिया स्टेडियम में टी-20 मैच है। मैच से पहले भारतीय टीम के कोच व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर दतिया पीतांबरा माई की शरण में पहुंचे। माई के दर्शन करने के बाद गौतम गंभीर ने भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने वनखंडेश्वर महादेव पर भी जलाभिषेक किया।
यहां बता दें कि शंकरपुर स्थति माधवराव सिंधिया स्टेडियम के बनने के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच हो रहा है। पहला मैच भारत बांग्लादेश के बीच 6 अक्टूबर को मैख् है। मैच के लिए दोनों टीमें ग्वालियर में 2 अक्टूबर को आ चुकी हैं। भारतीय टीम के साथ कोच व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भी हैं।
शुक्रवार सुबह गौतम गंभीर दतिया पहुंचे और मां पीतांबरा माई के दर्शन किए। साथ ही वनखंडेश्वर महादेव पर जलाभिषेक भी किया। गंभीर पहले भी दतिया में पीतांबरा माई के दर्शन के लिए आ चुके हैं। इस दौरान जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
इंदौर में डिजिटल अरेस्ट की जांच में 1400 सिमकार्ड ट्रेस, आठ राज्यों में मिली लोकेशन
इंदौर। डिजिटल अरेस्ट की एक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इंजीनियर युवती के साथ हुई इस घटना में अपराधियों ने 1400 सिमकार्ड का उपयोग किया था जो आठ अलग-अलग राज्यों से ऑपरेट हो रहे थे। सरगना हैदराबाद का युवक है जो दुबई में बैठा हुआ है।
अपराध शाखा ने आरोपितों के मोबाइल की जांच की तो पता चला घटना में 1400 सिमकार्ड और चार मोबाइल का उपयोग हुआ है। साइबर एक्सपर्ट ने सिमकार्ड की लोकेशन निकाली तो पता चला ठग जयपुर, जोधपुर, कोल्हापुर, कोलकाता शहरों के साथ त्रिपुरा, मणिपुर, दिल्ली, गुजरात, तेलंगाना जैसे राज्यों से मोबाइल आपरेट कर रहे थे।
ठगी का मास्टर माइंड हैदराबाद का जयसिन्हा निकला जो दुबई में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहा है। वह दुबई से हवाला के माध्यम से भारत में रुपयों का लेनदेन भी करता है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया है।
सीबीआई, इंटरपोल और सीआइडी को भी सूचना भेजी है। टीम ने उसे पकड़ने के लिए हैदराबाद में दोबारा रैकी की लेकिन अफसर सांप्रदायिक घटना होने के डर से दबिश नहीं दे सके।
डिजिटल अरेस्ट की 27 घटनाओं में करोड़ों की ठगी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक पुलिस के पास अभी तक डिजिटल अरेस्ट संबंधित 27 शिकायतें आई हैं। सबसे बड़ी धोखाधड़ी 49 लाख रुपये की रिटायर्ड बैंक अफसर के साथ हुई है। इस मामले में लसूड़िया थाने में एफआइआर दर्ज करवाई गई है। आरोपितों की अंतिम कड़ी दुबई से जुड़ रही है। संभवत: क्रिप्टो करंसी के माध्यम से रुपये भेजे गए हैं।
ग्रामीण, दुकानदार और मजदूरों के निकले बैंक खाते
पुलिस ने उन खातों की जांच भी कि जिनमें रुपयों का लेनदेन हुआ था। राजस्थान से एक युवक को पकड़ा तो वह पैडलर निकला। बैंक अफसरों ने बताया ठगी की राशि कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, गुजरात, मणिपुर, तेलंगाना, बंगाल, दिल्ली राज्यों के अलावा नोएडा, मथुरा, जयपुर, जोधपुर, लखनऊ, मुंबई, ठाणे, सांगरोली, हाथरस और बिलासपुर शहरों के खातों में ट्रांसफर की गई थी।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक आरोपितों ने खाते कमीशन पर लिए हैं। जिन लोगों के खातों में रुपये ट्रांसफर हुए वो ग्रामीण, मजदूर और दुकानदार हैं।
किराए में भी राहत
इंदौर। व्यावसायिक इमारत बनाकर किराए पर देने वालों के कंधों से टैक्स का बोझ कम होने जा रहा है। इन इमारतों के निर्माण पर उनके द्वारा चुकाए गए जीएसटी का बड़ा हिस्सा वे वापस हासिल कर सकेंगे। उन्हें निर्माण के दौरान चुकाए गए टैक्स का आगे क्रेडिट मिल सकेगा। यानी आगे की टैक्स देनदारी में वे उसे समायोजित कर सकेंगे।
जीएसटी विभाग ने इमारत के निर्माण के बाद उसकी बिक्री या किराए पर देने के मामले में किसी भी तरह का इनपुट टैक्स क्रेडिट देने से इन्कार कर दिया था। सीए अनुज गुप्ता के अनुसार जीएसटी में एक नियम को विसंगतिपूर्ण माना जा रहा था। जीएसटी में एक ओर लिखा हुआ है कि निर्बाध इनपुट टैक्स क्रेडिट देना इस कानून की मुख्य विशेषता है। इसके उलट किसी इमारत को बनाने के बाद जब बेचा या किराए पर दिया जाता तो उस पर टैक्स क्रेडिट नहीं दिया जाता।
ओडिशा की इमारत के निर्माणकर्ताओं ने दी थी चुनौती
निर्माणकर्ता उस टैक्स का क्रेडिट मांग रहा था जो इमारत के निर्माण के समय सीमेंट, सरिया, सेनेटरी फिटिंग्स से लेकर लेबर तक पर वह शासन को चुकाता है। ओडिशा की एक ऐसी इमारत सफारी रिट्रिट्स के निर्माणकर्ताओं ने शासन को चुनौती दी थी।
हाई कोर्ट ने निर्णय दे दिया था कि यदि कोई इमारत किराए पर देने के लिए बनाई गई है तो उसे आइटीसी मिलना चाहिए। इसे जीएसटी विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी थी।
अनुच्छेद 14 का उल्लंघन
जीएसटी में अब तक नियम लागू था कि किसी भवन को पूर्णता के प्रमाणपत्र प्राप्त होने के पहले बेचा जाता है तो उस पर जीएसटी लागू होता है और इस मामले में शासन टैक्स क्रेडिट भी मंजूर कर रहा था।
इसके विपरीत निर्माण पूर्ण होने के बाद व्यावसायिक भवन को किराए पर देने पर शासन किराए पर तो 18 प्रतिशत जीएसटी वसूल रहा था लेकिन इनपुट टैक्स क्रेडिट को अमान्य कर रहता था। ऐसा भवन प्लांट या मशीनरी होता, इनपुट टैक्स क्रेडिट तभी दिया जाता। इसे सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 14 का उल्लंघन माना।
नौकरी के बदले जमीन मामले में लालू यादव के साथ राबड़ी और तेजस्वी को मिली जमानत…
नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बिहार के वर्तमान उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समते छह लोगों को नौकरी के बदल जमीन (लैंड फॉर जॉब) मामले में जमानत मिल गई है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने 50 हजार रुपए के मुचकले पर तीनों को जमानत प्रदान की है. मामले में अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी.
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने पिछली सुनवाई में राजद सुप्रीमो, उनकी पत्नी और बेटे तेजस्वी समेत अन्य सभी 17 आरोपियों को समन जारी कर चार अक्टूबर को हाजिर होने का निर्देश दिया था. मामले में लालू, राबड़ी और उनकी बेटी मीसा भारती जमानत पर हैं. मामले में पहले चार्जशीट में इन्हीं तीनों को आरोपी बनाया गया था. फिर सीबीआई ने एक नई चार्जशीट दाखिल कर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को भी आरोपी बना दिया. उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर आरोप है कि उनके नाम पर उन संपत्तियों की रजिस्ट्री है, जिसे लालू यादव ने रेल मंत्री रहते नौकरी देने के बदले में लोगों से लिखवाई थी.
हमास चीफ इस्माइल हानिए के घर इजराइल का हमला:सेना बोली- गाजा को 2 हिस्सों में बांटा; जबालिया कैंप पर दागे गए थे 907 किलो के बम
इजराइल-हमास की जंग का आज 29वां दिन है। अल-अक्सा रेडियो के मुताबिक, इजराइल ने हमास चीफ इस्माइल हानिए के घर पर हमला किया है। इस घर में उसका परिवार रहता था लेकिन हमले के वक्त वे वहां थे या नहीं इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
वहीं, सेना ने कहा है कि गाजा अब 2 हिस्सों में बंट गया है। साउथ गाजा में हम मानवीय सहायता पहुंचा रहे हैं। वहां अगर कोई हमास लड़ाका पहुंच रहा है तो उसे मार गिराया जा रहा है। वहीं नॉर्थ गाजा में जंग तेज हो चुकी है। वहां फिलिस्तीनियों की जान को खतरा है।
इधर, न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक इजराइल ने 31 अक्टूबर को जबालिया कैंप पर 907 किलो के बम दागे थे। NYT ने घटना से जुड़े फोटो और वीडियो को एनालाइज किया। इसमें 40 फीट चौड़े 2 गड्ढे दिखे।
नेपाल में भूकंप से तबाही, मरने वालों की संख्या बढ़कर 136 हुई....
काठमांडू । नेपाल में आए 6.4 तीव्रता के भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 136 हो गई है, बचाव अभियान जारी है। सरकारी अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता कुबेर कदायत ने बताया, शुक्रवार की रात आए भूकंप में140 अन्य घायल भी हुए। उन्होंने कहा कि बचाव दल के लिए कुछ स्थानों तक पहुंचना मुश्किल है, क्योंकि पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं और भूकंप के कारण हुए भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र के लोक बिजय अधिकारी के अनुसार, भूकंप की गहराई 10 से 15 किमी के बीच है, और शनिवार सुबह तक 4.0 तीव्रता से ऊपर के चार अतिरिक्त झटके दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा, झटके जारी हैं। नेपाल सरकार भूकंप के बाद बचाव और घायलों के इलाज पर ध्यान दे रही है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया, घायलों का बचाव और उपचार पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल शनिवार सुबह स्वास्थ्य कर्मियों के साथ प्रभावित क्षेत्र में गए और बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टरों को लगाया जा रहा है। भट्टाराई ने कहा, हमने अभी तक क्षतिग्रस्त घरों और अन्य बुनियादी ढांचे के बारे में विवरण नहीं लिया है, क्योंकि हमारा ध्यान बचाव पर है। अभी तक अन्य जिलों से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
अक्टूबर में, मध्य नेपाल के धाडिंग जिले में 4.0 तीव्रता से अधिक के तीन भूकंप आए, इनमें से एक की तीव्रता 6.1 थी। 2015 में 7.8 तीव्रता के भूकंप में लगभग 9,000 लोग मारे गए और हिमालयी देश में पांच लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए।