खेल
Ind vs Aus 3rd Test Pitch Report: गाबा में टॉस तय करेगा जीत! बैटर्स या बॉलर्स? जानें किसके हक में होगी ब्रिस्बेन की पिच
नई दिल्ली। गाबा का मैदान, जहां ऋषभ पंत के बल्ले से निकला वो आखिरी चौका… ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। चोटिल खिलाड़ियों से भरी भारतीय टीम ने जिस तरह से खेल दिखाकर कंगारुओं को मात दी थी, उसकी हमेशा ही तारीफ की जाती है।
हाइब्रिड मॉडल पर होगी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, इस दिन जारी हो सकता है शेड्यूल
Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का शेड्यूल 7 दिसंबर तक जारी किया जा सकता है. यह ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल में होगी, पाकिस्तान इसके लिए मान गया है. जानिए पूरा अपडेट...
Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर पिछले कुछ महीनों से मचा घमासान अब थमता नजर आ रहा है. 5 दिसंबर को इस टूर्नामेंट के वेन्यू पर बड़ा अपडेट आया है. जिसमें बताया गया कि चैंपियंस ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल के जरिए होगी और तय समय पर ही शुरू होगी. आईसीसी की बैठक में पाकिस्तान 2 देशों में होस्टिंग के लिए मान गया है. इतना ही नहीं मीटिंग में सभी 15 बोर्ड मेंबर्स हाइब्रिड मॉडल के लिए राजी हुई हैं. किसी ने मीटिंग में फैसले का विरोध नहीं किया.
दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी इस बार पाकिस्तान को मिली है, लेकिन इसे लेकर बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच विवाद जारी है. बीसीसीआई पहले ही साफ कर चुका है कि वह टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने के लिए तैयार नहीं है, इसके बाद से आईसीसी और पीसीबी के बीच चर्चा जारी है.
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी और आईसीसी के बीच एक संभावित समझौता हुआ है. यह तय किया गया है कि 2027 तक भारत और पाकिस्तान में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेले जाएंगे. हालांकि, पीसीबी ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
कौन-कौन से टूर्नामेंट होंगे प्रभावित?
अगर हाइब्रिड मॉडल लागू होता है, तो इससे तीन प्रमुख आईसीसी टूर्नामेंट प्रभावित हो सकते हैं.
2025-चैंपियंस ट्रॉफी (पाकिस्तान में)
2025-महिला वनडे वर्ल्ड कप (भारत में)
2026-मेंस टी20 वर्ल्ड कप (भारत और श्रीलंका में)
भारत के मैच पाकिस्तान के बाहर खेले जा सकते हैं
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत के मैच यूएई या श्रीलंका में आयोजित किए जा सकते हैं. अगर टीम इंडिया नॉकआउट चरण तक पहुंचती है, तो ये मुकाबले भी पाकिस्तान के बाहर खेले जाएंगे.
7 दिसंबर को होगा अंतिम फैसला
चैंपियंस ट्रॉफी का आधिकारिक शेड्यूल अभी आना बाकी है. वेन्यू और शेड्यूल को लेकर मचा बवाल के बीच इस मुद्दे पर आईसीसी के नए अध्यक्ष जय शाह और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के बीच 5 दिसंबर को बैठक हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. अब 7 दिसंबर को बोर्ड की बैठक में चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा. जिसके बाद ही आईसीसी शेड्यूल जारी करेगा.
पाकिस्तान है डिफेंडिंग चैंपियन
पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का डिफेंडिंग चैंपियन है. टीम ने 2017 में भारत को हराकर खिताब जीता था.
जिसे CSK ने छोड़ा, उसने गेंदबाजों को फोड़ा!, 9 चौके 4 छक्के से मचाया तहलका
Ajinkya Rahane: टीम इंडिया से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में उनका बल्ला आग उगल रहा है. 5 दिसंबर को उन्होंने आंध्र के खिलाफ 95 रनों की शानदार पारी खेली और मुंबई की टीम को जीत दिलाई.
Ajinkya Rahane: इन दिनों भारत का घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 चल रहा है. इस लीग में गुरुवार को मुंबई टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे का धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला. रहाणे ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 54 गेंदों में 95 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया. उनकी पारी में 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. रहाणे की कंसिसटेंसी देखकर चेन्नई सुपर किंग्स शायद पछता रही होगी, क्योंकि आईपीएल के मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया था और फिर नीलामी में मौका होने के बाद भी रहाणे जो नहीं खरीदा.
मुंबई ने हासिल किया 230 रनों का विशाल लक्ष्य
अगर मैच की बात करें तो आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 230 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था, इसके जवाब में मुंबई ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 233 रन बनाकर चार विकेट से मुकाबला जीत लिया. ओपनिंग करने उतरे अजिंक्य रहाणे ने पृथ्वी शॉ के साथ पहले विकेट के लिए मात्र चार ओवर में 51 रन जोड़े.
नर्वस नाइंटीज में आउट हुए रहाणे
रहाणे शतक पूरा नहीं कर सके और नर्वस नाइंटीज का शिकार हो गए. उन्होंने 175.93 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की कमर तोड़ दी. उन्होंने मुंबई को जीत की दहलीज तक पहुंचाया था, बचा हुआ काम सूर्यांश शेडगे ने किया, जिन्होंने 8 गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौके लगाकर मुंबई को मैच जिता दिया.
आईपीएल 2025 में CSK ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
अजिंक्य रहाणे पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा थे, लेकिन आईपीएल 2025 के ऑक्शन में उन्हें CSK ने रिटेन नहीं किया. इसके बाद कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने उन्हें उनके बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपये में खरीदा. अब वो केकेआर के लिए कमाल करते नजर आएंगे.
केकेआर के कप्तान बन सकते हैं रहाणे
खबरों की मानें तो श्रेयस अय्यर के हटने के बाद केकेआर फ्रैंचाइजी अजिंक्य रहाणे को अपना नया कप्तान बना सकती है. इससे पहले रहाणे राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी कर चुके हैं. हालांकि वेंकटेश अय्यर उन्हें टक्कर देंगे, क्योंकि केकेआर ने इस बार वैंकी को बड़ी रकम के साथ रिटेन किया है.
रहाणे की फॉर्म ने बटोरी सुर्खियां
रहाणे के इस प्रदर्शन ने आईपीएल 2025 में उन्हें नजरअंदाज करने वाली टीमों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. उनके शानदार फॉर्म से KKR को भी बड़ी उम्मीदें हैं.सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रहाणे की पिछली चारपारियों को देखें तो रहाणे के स्कोर 52, 68, 22, 95 रहा है.
भारत की पहले बैटिंग, राहुल-जायसवाल करेंगे ओपनिंग, रोहित इस नंबर पर खेलेंगे
Australia vs India, 2nd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की बॉर्डर गावस्कर सीरीज चल रही है. जिसका दूसरा टेस्ट एडिलेड में शुरू हो गया है. यह डे नाइट मैच है, जो पिंक बॉल से खेला जा रहा है. जानिए प्लेइंग 11 में क्या-क्या बदलाव हुए हैं.
Australia vs India 2nd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज से एडिलेड टेस्ट शुरू हो गया है. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया है. प्लेइंग 11 में कुल 3 बदलाव हुए हैं. कप्तान के साथ गिल और आर अश्विन की वापसी हुई. देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर को बार किया गया है. रोहित शर्मा नंबर 6 पर खेलते दिखेंगे. ऑस्ट्रेलिया ने एक बदलाव किया है, चोटिल जोश हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलेंड को प्लेइंग 11 में जगह दी गई है.
5 मैचों की इस सीरीज में भारत 1-0 से आगे है. टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पर्थ टेस्ट में 295 रन से हराया था. जिस मैदान पर यह पिंक बॉल टेस्ट हो रहा है, वहां इन दोनों टीमों के बीच अब तक 13 मैच खेले गए, भारत को यहां 2 में जीत मिली है. टीम इंडिया यहां अपना रिकॉर्ड बेहतर करना चाहेगी.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): उस्मान ख्वाजा, नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड
भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुबमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), नितीश रेड्डी, रविचंद्रन अश्विन, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
बांग्लादेश की जीत से बदल गई प्वाइंट टेबल, टीम इंडिया कैसे फाइनल में जाएगी, जानें समीकरण
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का यह तीसरा चक्र चल रहा है. टीम इंडिया इस बार भी फाइनल में जाने की दावेदार है. जानिए रोहित सेना को फाइनल में जाने के लिए क्या करना होगा?
WTC Points Table Update: बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रा रही. पहला मुकबला वेस्टइंडीज ने जीता था, जबकि किंग्स्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने 101 रनों से जीत दर्ज की, जो 15 साल बाद वेस्टइंडीज की धरती पर उसकी पहली टेस्ट जीत है. इस जीत के साथ बांग्लादेश ने न केवल हार के सिलसिले को खत्म किया, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में भी सुधार किया है. बांग्लादेश की जीत से डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में बदलाव हुआ है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट हारते ही बांग्लादेश की टीम डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर खिसक गई थी, लेकिन किंग्स्टन में मिली जीत से उसे 1 स्थान का लाभ हुआ है. अब वो 8वें नंबर पर लौट आई है. इस चक्र में बांग्लादेश के 12 मैचों में 45 अंक हो गए हैं, उसका पीसीटी 31.25 है. अंकों के मामले में बांग्लादेश टीम ने पाकिस्तान को पछाड़ा है.
पाकिस्तान किस नंबर पर है?
शान मसूद की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम के 40 अंक ही हैं, हालांकि उनका पीसीटी बेहतर है. इसलिए पाकिस्तान अभी भी 7वें नंबर पर काबिज है. वेस्टइंडीज को 1 स्थान का नुकसान हुआ है, इसलिए अब 11 मैचों में 32 अंक और 24.24 की पीसीटी के साथ वो 9वें नंबर पर खिसक गई है.
बांग्लादेश की जीत से भारत के लिए क्या कुछ बदला?
बांग्लादेश की जीत से डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में भारत को कोई नुकसान और फायदा नहीं हुआ है. टीम इंडिया इस चक्र के 15 मैचों में 110 अंक और 61.11 का पीसीटी लेकर नंबर 1 पर मौजूद है. हालांकि अभी फाइनल के लिए जगह पक्की नहीं हुई है. बांग्लादेश की टीम पहले ही फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है.
फाइनल में कैसे जाएगी टीम इंडिया?
टीम इंडिया को फाइनल में जगह पक्की करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को 5- से अपने नाम करना होगा. ऐसा हुआ तो भारत सीधा फाइनल में एंट्री करेगा. अगर इस सीरीज का रिजल्ट 5-0, 4-1, 4-0, 3-0 भी रहा तो भी टीम इंडिया फाइनल में एंट्री कर लेगी.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अपडेटेड पॉइंट्स टेबल
भारत- 110 प्वाइंट के साथ 61.110 पीसीटी है.
साउथ अफ्रीका- 64 प्वाइंट के साथ 59.260 पीसीटी है.
ऑस्ट्रेलिया- 90 प्वाइंट के साथ 57.690 पीसीटी है.
श्रीलंका- 60 प्वाइंट के साथ 50.000 पीसीटी है.
न्यूजीलैंड- 69 प्वाइंट के साथ 47.920 पीसीटी है.
इस साल सबसे ज्यादा रन ठोकने वाले 5 स्टार, इस देश के तीन खिलाड़ियों का जलवा
Most runs in 2024: साल 2024 में सबसे ज्यादा रन किस बल्लेबाज ने बनाए हैं? अगर आप भी इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं तो ये खबर आपके काम की है. जानिए इस साल के टॉप 5 रन स्कोरर कौन हैं…
Most runs in 2024: साल 2024 कुछ दिनों बाद खत्म हो जाएगा. इस साल का यह आखिरी महीना है. क्रिकेट जगत में इस साल श्रीलंका के बल्लेबाज छाए रहे. टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में जब हम सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट पर नजर डालते हैं तो उसमें श्रीलंका के 3 बल्लेबाज शामिल हैं. भारत की तरफ से एक खिलाड़ी, जबकि एक नाम इंग्लैंड टीम से है. इन खिलाड़ियों ने इस साल गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और इस खास लिस्ट में जगह पक्की की.
साल 2024 में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने की लिस्ट में नंबर एक पर कुसल मेंडिस हैं, इसके बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम आता है. तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पथुम निसांका हैं, जबकि चौथे नंबर पर ब्रूक हैं. आखिरी नंबर पर फिर कमिंडु मेंडिस हैं. आइए जानते हैं इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में…
2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट (Most runs in 2024)
1. कुसल मेंडिस
श्रीलंका के इस स्टार ओपनर ने 2024 में शानदार फॉर्म दिखाया है. वो तीनों फॉर्मेट में टॉप रन स्कोरर हैं. कुल 45 मैचों की 51 पारियों में 1742 रन बनाए हैं. उनका हाई स्कोर 143 रन रहा. मेंडिस ने इस साल 37.86 की औसत और 92.26 के स्ट्राइक रेट से रन किए हैं. उनके नाम 2 शतक और 11 फिफ्टी दर्ज हैं. 187 चौके और 34 छक्के भी लगाए हैं. तीन बार बिना खाता खोले आउट भी रहे.
2. यशस्वी जायसवाल
टीम इंडिया के इस ओपनर ने इस साल कमाल का खेल दिखाया है. जायसवाल ने 2024 में 20 मैचों की 31 पारियों में 1573 रन बनाए. उनका हाई स्कोर 214* रन रहा. इस साल उनके बल्ले से 54.24 की औसत से रन निकले हैं. उन्होंने 3 शतक और 9 फिफ्टी जमाई हैं.
3. पाथुम निसांका
श्रीलंका के ओपनर पाथुम निसांका ने 2024 में 34 मैचों की 38 पारियों में 1462 रन बनाए हैं. उनका हाई स्कोर 210* रन रहा. उन्होंने 43.00 की औसत से रन बनाए हैं. निसांका ने 4 शतक और 7 फिफ्टी भी लगाईं. इस साल उनके बैट से 190 चौके और 30 छक्के भी निकले.
4. हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के इस स्टार बैटर ने 2024 में 25 मैचों की 27 पारियों में 1396 रन बनाए, जिनमें उनका उच्चतम स्कोर 317 रन रहा. इस साल उन्होंने 60.69 की औसत से रन बनाए हैं. ब्रूक ने 1463 गेंदों का सामना किया. उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक लगाए.
5. कमिंडु मेंडिस
श्रीलंका के इस स्टार ऑलराउंडर ने साल 2024 में 31 मैचों की 34 पारियों में 1368 रन बनाए हैं. उनका सर्वोत्तम स्कोर 182* रन रहा. मेंडिस ने 50.66 के बढ़िया औसत से 5 शतक और 5 फिफ्टी जमाई हैं. वो एक बार डक पर भी आउट हुए हैं.
'चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक अंपायर फिक्स करते थे, आईपीएल नीलामी में धांधली करते थे...' ललित मोदी के संगीन आरोप
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट पर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सचिव और चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन पर अंपायर फिक्सिंग और नीलामी में धांधली सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। 2008 से 2010 के बीच आईपीएल के संस्थापक और कमिश्नर रहे मोदी ने आरोप लगाया कि श्रीनिवासन को नहीं लगता था कि यह फ्रेंचाइजी लीग सफल होगी, लेकिन जब टी20 प्रतियोगिता ब्लॉकबस्टर बन गई तो वह इसमें कूद पड़े।
उन्होंने यह भी दावा किया कि श्रीनिवासन चेन्नई सुपर किंग्स के मैचों के लिए चेन्नई के अंपायरों की नियुक्ति करते थे, जो हितों के टकराव का मामला है और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। 60 वर्षीय ललित मोदी ने कहा- एन श्रीनिवासन को आईपीएल पसंद नहीं था। उन्हें नहीं लगता था कि आईपीएल नहीं चलेगा, लेकिन जब यह चलने लगा तो सभी लोग इसमें शामिल हो गए। मोदी ने कहा- वह बोर्ड के सदस्य थे, इसलिए वह मेरे सबसे बड़े विरोधी थे। मैंने उनका विरोध किया।
उन्होंने कहा- उन्होंने कई चीजें कीं। जैसे- अंपायर फिक्सिंग और मैंने उन पर इसका आरोप लगाया। वह अंपायर बदल देते थे और मैंने इसके बारे में दो बातें नहीं सोची। लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि वह चेन्नई के मैचों में चेन्नई के अंपायर को रख रहे हैं, यह मेरे लिए बड़ा मामला था। यह फिक्सिंग है, इसलिए जब मैंने उन्हें उजागर करने की कोशिश की तो वह पूरी तरह से मेरे खिलाफ हो गए। मोदी ने श्रीनिवासन पर नीलामी फिक्सिंग का भी आरोप लगाया। उन्होंने सीएसके द्वारा इंग्लिश इंटरनेशनल एंड्रयू फ्लिंटॉफ को खरीदने का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व आईसीसी चेयरमैन ऑलराउंडर को अपने साथ जोड़ने के लिए तैयार थे और यह एक खुला रहस्य था। उन्होंने कहा- हमने धांधली से फ्लिंटॉफ को श्रीनिवासन को दे दिया। हां, हमने ऐसा किया। इसमें कोई संदेह नहीं है। हर टीम को इसके बारे में पता था। श्रीनिवासन आईपीएल नहीं होने दे रहे थे। वह हमारे लिए कांटा बन गए थे। मोदी ने आगे कहा- हां, हमने सभी से कहा कि फ्लिंटॉफ के लिए बोली न लगाएं। उन्होंने कहा- जब आप आईपीएल जैसा आयोजन करने की कोशिश कर रहे हैं, और मैंने इसे अकेले ही किया है, तो आपको हर बाधा को दूर करने की जरूरत है और खेल के लिए जो बड़ा है, वह करना होगा।
ये पीढ़ी क्या जाने रोमांच की हद... चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सरहद पार पाकिस्तान जाने में क्या हर्ज?
क्रिकेट जगत में फिलहाल बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी (BGT) की ही सबसे ज्यादा चर्चा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली इस टेस्ट सीरीज को रोमांच के मीटर पर सबसे ऊपर रखा जाता है। इस मामले में यदि कोई और सीरीज BGT को पीछे छोड़ सकती है, तो वह है भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली सीरीज। लेकिन बदकिस्मती से मौजूदा दौर के क्रिकेट प्रेमी रोमांच की हद से वाकिफ नहीं हैं।
फैंस करेंगे स्वागत
ऐसा इसलिए क्योंकि खेल और आतंक एक साथ नहीं चल सकते। भारत सरकार का यह स्पष्ट विचार है और इसी के तहत भारत ने 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमलों के बाद से पाकिस्तान से द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध खत्म कर दिए हैं। हालांकि अभी भारत-पाक क्रिकेट उसी बिंदु पर है, जहां से नई शुरुआत की जा सकती है।
सामान्य हो संबंध
पाकिस्तान में अगले साल ICC चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है और यदि भारतीय क्रिकेट टीम इवेंट में हिस्सा लेने के लिए सीमा पार जाती है, तो शायद ही किसी खेल प्रेमी को इससे कोई दिक्कत होगी। यदि पाकिस्तानी टीम को भारत में आने की इजाजत है, यदि किसी न्यूट्रल वेन्यू पर दोनों टीमों के आपस में मैच खेलने पर कोई आपत्ति नहीं, यदि दूसरे खेल चल सकते हैं, तो फिर क्रिकेट संबंधों को सामान्य करने से भी कोई मसला पैदा नहीं होना चाहिए।
वह पहला दौरा
1965 से पहले भारत और पाकिस्तान खेल के मैदान पर कई बार आमने-सामने हुए। विभाजन की कड़वाहट का असर उस वक्त कभी मैदान पर देखने को नहीं मिला। 1952 में पहली बार दोनों देशों की क्रिकेट टीमें भिड़ी थीं। 1946 में इंग्लैंड दौरे पर अविभाजित भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अब्दुल हाफिज करदार अब पाकिस्तानी टीम के कप्तान थे। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच दिल्ली में खेला गया था। तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने इसका उद्घाटन किया।
Who Is KKR New Captain: 23.75 करोड़ के वेंकटेश अय्यर पर भारी 1.5 करोड़ी? केकेआर की कप्तानी में हो गया खेला, खुश होंगे शाहरुख खान!
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 2025 सीजन से सऊदी अरब के जेद्दा में पहले हुई मेगा नीलामी में हर किसी को हैरान करते हुए टीमों ने वेंकटेश अय्यर के लिए दिल खोलकर पैसे लुटाए। उनकी पुरानी लीग कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया था। उस समय शायद उसे लगा हो कि वेंकटेश सस्ते में नीलामी में मिल जाएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कोलकाता नाइटराइडर्स के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खजाना खोला तो शाहरुख की टीम को अपने सितारे को बचाने के लिए 23 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च करने पड़ गए।
2 करोड़ की बेस प्राइस वाले वेंकटेश के लिए कोलाकाता नाइटराइडर्स ने पहली बोली लगाई तो लखनऊ सुपरजायंट्स ने मोर्चा संभाल लिया। देखते ही देखते वेंकटेश की कीमत 8 करोड़ (आईपीएल 2024 की कीमत) पार कर गई। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मोर्चा संभाला और आखिरी दम तक मैदान नहीं छोड़ा। 23.75 करोड़ रुपये में जब वह टीम से नीलामी के पहले दिन जुड़े तो लगा टीम उन्हें कप्तान बनाने की सोच रही है, क्योंकि केकेआर के चैंपियन पूर्व श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स में जा चुके थे।
इस बारे में वेंकटेश ने कहा भी कि अगर टीम उन्हें यह जिम्मेदारी देती है तो वह तैयार हैं। हालांकि, दूसरे दिन कोलकाता नाइटराइडर्स ने दूसरे दिन एक और खिलाड़ी को बेस प्राइस पर ही खरीदा, जिसके पास कप्तानी करने का खूब अनुभव है। वह हैं अजिंक्य रहाणे। रहाणे टीम को 1.5 करोड़ के पड़े। यह उनकी बेस प्राइस भी है। उनके पास लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स, भारतीय क्रिकेट टीम और मुंबई की कप्तानी करने का अनुभव है।
उर्विल पटेल कौन हैं जिन्होंने तोड़ा ऋषभ पंत का फास्टेस्ट T20 सेंचुरी का रिकॉर्ड, कर चुके हैं कई बड़े कारनामे
इंदौर: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में 27 नवंबर यानी बुधवार को गुजरात और त्रिपुरा के बीच मुकाबला खेला गया। यह मैच गुजरात बड़ी आसानी के साथ 8 विकेट से जीत गई है। हालांकि गुजरात की इस जीत में 26 साल के विध्वंसक बैटर उर्विल पटेल ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने महज 28 गेंद में टी20 फॉर्मेट का दूसरा सबसे तेज शतक ठोक डाला है। इस फॉर्मेट में सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है। उन्होंने 28 बॉल में यह कारनामा किया था। ओपनिंग करने उतरे उर्विल पटेल ने इस मैच में 35 गेंद का सामना कर 322 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 113 रन ठोके। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 12 छक्के उड़ाए। आखिर कौन है यह सूरमा, आइये जानते हैं।
कौन हैं 28 गेंद में शतक ठोकने वाले उर्विल पटेल?
गुजरात के मेहसाणा में 1998 में उर्विल पटेल का 17 अक्टूबर को जन्म हुआ था। हालांकि उनके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। लेकिन उर्विल ने अपना टी20 डेब्यू 2017-18 में बड़ौदा के लिए जोनल टी20 लीग में किया था। पटेल ने अपना लिस्ट ए डेब्यू भी इसके ठीक एक महीने बाद कर लिया थाो। 2018-19 के रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले उर्विल पटेल बड़ौदा को छोड़कर गुजरात की टीम में शिफ्ट हो गए थे।
बता दें कि उर्विल एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उनको 2023 के आईपीएल ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। लेकिन हाल ही में हुए आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में उर्विल पटेल अनसोल्ड रहे थे। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये था।
28 गेंद के शतक से तोड़ा उर्विल ने ऋषभ पंत का रिकॉर्ड
उर्विल पटेल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऋषभ पंत का रिकॉर्ड धवस्त कर दिया है। इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 32 गेंद के साथ सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था। इसके अलावा उर्विल के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की तरफ से दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2023 में 41 बॉल में सेंचुरी लगाई थी।
ICC Test Rankings: जसप्रीत बुमराह के सिर पर नंबर 1 का ताज, पर्थ टेस्ट के बाद बने दुनिया के बेस्ट गेंदबाज
नई दिल्ली: करिश्माई भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज माने जाते हैं। अब वह बुधवार को जारी की गई नई आईसीसी रैंकिंग में नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। भारतीय स्टार ने दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा को हटाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है और दो स्थानों की छलांग लगाई है।
883 अंक के साथ टॉप पर बुमराह
भारतीय गेंदबाज पहले तीसरे स्थान पर थे। लेकिन उन्होंने चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में आठ विकेट लिए, जिससे उनकी रेटिंग 883 हो गई है। अब वह दूसरे स्थान पर मौजूद कगिसो रबाडा से 11 रेटिंग अंक आगे हैं। जोश हेजलवुड, जिन्होंने पहले टेस्ट में पांच विकेट लिए वह एक स्थान गिरकर अब तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। पर्थ टेस्ट नहीं खेलने के बावजूद रविचंद्रन अश्विन एक स्थान ऊपर यानी चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस मैच में सिर्फ तीन विकेट लेने के बाद शीर्ष पांच से बाहर हो गए हैं। नाथन लियोन भी एक स्थान गिरकर आठवें नंबर पर आ गए हैं।
भारतीय बल्लेबाजों को भी हुआ फायदा
भारतीय बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में मजबूत प्रदर्शन के बाद फायदा हुआ है। यशस्वी जायसवाल दूसरी पारी में 161 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद दो स्थान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। हालांकि, जो रूट 78 रेटिंग अंक के बड़े अंतर के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि ऋषभ पंत शीर्ष 10 में एक अन्य भारतीय हैं।
विराट कोहली ने भी अपनी रैंकिंग में काफी सुधार किया है और अब वह आईसीसी पुरुष टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में 13वें स्थान पर हैं। पर्थ टेस्ट में शतक लगाने के बाद कोहली ने 9 स्थान की छलांग लगाई है। रविंद्र जडेजा और रवि अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में ना होने के बावजूद ऑलराउंडर रैंकिंग में नंबर 1 और नंबर 2 के स्थान पर कायम हैं।
AUS vs IND: डे-नाइट टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया की बड़ी चाल, इस अनजान खिलाड़ी की चुपके से स्क्वॉड में एंट्री
एडिलेड:अभी तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर को भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए चोटिल मिचेल मार्श के कवर के रूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया जा सकता है। फॉक्स क्रिकेट के अनुसार वेबस्टर को छह दिसंबर से एडिलेड में शुरू होने वाले दिन रात्रि टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया है।
पर्थ टेस्ट में इंजर्ड हुए थे मार्श
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने पहले टेस्ट मैच में भारत से 295 रन की हार के बाद कहा था, 'वह (मार्श) ब्रिटेन के दौरे के बाद ही कुछ परेशानियों से जूझ रहा है। इस मैच में भी वह थोड़ा परेशान था। उसके पास पूरी तरह से फिट होने के लिए 10 दिन का समय है। हम उनकी फिटनेस का आकलन करने के बाद ही कोई फैसला करेंगे।'
फास्ट बॉलिंग ऑलरांडर हैं वेबस्टर
यदि मार्श दूसरे टेस्ट के लिए समय पर ठीक नहीं होते हैं, तो वेबस्टर को पदार्पण का मौका दिया जा सकता है। तस्मानिया के रहने वाले 30 वर्षीय ऑलराउंडर वेबस्टर ने पिछले दो वर्षों में शेफील्ड शील्ड में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पांच शतक और नौ अर्द्धशतक की मदद से 1788 रन बनाए हैं। वह भी मार्श की तरह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
बुमराह की टीम है, ढंग से कर दी ऑसी की तैसी, कंगारुओं की पुश्तें याद रखेंगी
पर्थ: 16 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम 2001 में कोलकाता ईडन गार्डंस पहुंची थी तब सौरव गांगुली की भारतीय टीम ने स्टीव वॉ की हेकड़ी निकाल दी थी। 2021 में डे-नाइट टेस्ट में सिर्फ 36 रनों पर ऑलआउट होने के बाद बिना विराट कोहली के अस्थायी कप्तान अजिंक्य रहाणे ने ब्रिस्बेन गाबा का घमंड तोड़ा तो अब जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को पर्थ में हराने वाली पहली टीम बन गई है। रोहित शर्मा टीम के साथ नहीं थे, विराट कोहली फॉर्म में नहीं थे, तेज पिच थी और टीम दो डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों के साथ उतरी, लेकिन जो कुछ पर्थ के इस ऑप्टस स्टेडियम में हुआ उसकी शायद खुद जसप्रीत बुमराह ने कल्पना नहीं की होगी। इस 295 रनों की जीत को लेकर अगर देसी अंदाज में एक लाइन में कहा जाए तो बूम-बूम बुमराह की टीम ने ऑसी (Aussie) की ऐसी तैसी कर दी है।
यह जीत इसलिए भी मायने रखती है, क्योंकि जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंची तो उसके पूर्व क्रिकेटर और मीडिया 12th मैन की तरह खड़े हो गए। हर बार की तरह उन्होंने कुछ प्लेयर्स का गुणगान किया तो आदत के अनुसार कुछ एक लोगों को निशाना बनाया। बार-बार विराट कोहली को याद दिलाया कि वह महान हैं, लेकिन फॉर्म खराब है। याद दिलाया कि भारतीय टीम की कमान एक कम अनुभवी (कप्तानी को लेकर) तेज गेंदबाज के हाथों में है। उसने याद दिलाया कि यह क्रिकेट मैच नहीं, जंग है। हमारे हेड कोच गौतम गंभीर को लगातार निशाना बनाया। पूरी कोशिश की कि कोई न कोई विवाद में गंभीर फंसें, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
जसप्रीत बुमराह ने हालांकि पहले ही खुद को तैयार कर लिया था। वह अब वह कप्तान नहीं रहे, जिसे इंग्लैंड में रणनीति के मामले में दो-चार होना पड़ा था। अब बुमराह अपने साथी मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा से सारे गुण सीख चुके थे। वह अनुभव की भट्टी में तप चुके थे। उन्हें पता था टीम को कैसे मोटिवेट करना है। उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 की तरह रोहित को फॉलो किया। उन्होंने रोहित की तरह ही फ्रंट फुट पर कप्तान की तरह लीड किया।
शतक लगाकर लौट रहे विराट कोहली को गौतम गंभीर ने सीने से लगा लिया, BCCI ने शेयर किया इमोशनल वीडियो
पर्थ: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2024 का पहला टेस्ट ऑप्टस क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। आखिरकार खराब फॉर्म में चल रहे विराट कोहली का बल्ला गरजा और इस तरह गरजा कि हर कोई देखते रह गया। किंग कोहली ने अपने आलोचकों को मुंह तोड़ जवाब दिया। विराट ने दूसरी पारी में 143 गेंद में अपना शतक पूरा किया। यह विराट कोहली के टेस्ट करियर का 30वां शतक था। इंटरनेशनल क्रिकेट में अब कोहली के नाम 81 शतक हो गए हैं। वहीं जब शतक लगाकर वापसी विराट कोहली ड्रेसिंग रूम में जा रहे थे तो उनके और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच काफी खास मोमेंट हुआ, जो कैमका में केद हो गया।
शतक लगाने के बाद विराट कोहली को गंभीर ने लगाया
दरअसल, विराट कोहली के शतक पूरा करते ही भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 487 रन बनाकर अपनी पारी को घोषित कर दिया था। इसके बाद विराट कोहली सेंचुरी जड़कर वापसी ड्रेसिंग रूम में लौट रहे थे। सब उनको मुबारकबाद दे रहे थे। ऐसे में जैसे ही कोहली अंदर घुसते हैं तो सामने से गौतम गंभीर आ रहे होते हैं।
दोनों एक दूसरे को देखते हैं और गंभीर उनको ताली मारकर गले लगा लेते हैं। यह फैंस और दोनों दिग्गजों के लिए थोड़ा इमोशनल मोमेंट साबित हो सकता है। कोहली और गंभीर के रिश्ते आईपीएल के दौरान थोड़े खराब हो गए थे। दोनों मैदान पर एक दूसरे से भिड़े भी हैं। लेकिन अब दोनों का रिश्ता एक नया मोड़ ले चुका है।
विराट कोहली का करियर
36 साल के विराट कोहली का टेस्ट करियर अब तक गजब का रहा है। उन्होंने 119 टेस्ट की 203 पारियों में 9145 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक देखने को मिले हैं। इसके अलावा 295 वनडे में किंग कोहली ने 13906 रन ठोके हैं। वनडे में कोहली ने 50 शतक और 72 अर्धशतक लगाए हैं। टी20 में विराट ने 125 मैच में 1 सेंचुरी और 38 हाफ सेंचुरी के चलते 4188 रन बनाए हैं।
IPL Auction: कल 10 ओवरों के मैच में जड़ दिया शतक, आज आईपीएल ऑक्शन में इस कैरेबियाई तूफान के लिए होगी लड़ाई
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का मेगा ऑक्शन चल रहा है। पहले दिन खिलाड़ियों पर गजब की बोली देखने को मिली। वहीं दूसरे दिन भी कुछ प्लेयर्स पर ठीक ठाक बोली लग सकती है। उसमें से एक शर्फेन रदरफर्ड हो सकते हैं। जब 24 नवंबर को जेद्दा में ऑक्शन चल रहा था उस वक्त टी10 आबू धाबी लीग में यह कैरेबियाई बल्लेबाज इतिहास रच रहा था। रदरफर्ड टी10 आबू धाबी लीग के इतिहास में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 40 गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की। इस शतक के साथ ही आईपीएल ऑक्शन में उनके स्टेक बढ़ने की संभावना है। मेगा नीलामी के दूसरे दिन रदरफर्ड का नाम आएगा।
40 गेंद में बनाए नाबाद 103 रन
दरअसल, आबू धाबी टी10 लीग का 12वां मै नॉर्थन वॉरियर्स और यूपी नवाब्स के बीच खेला गया। नॉर्थन वॉरियर्स के लिए खेलते हुए चौथे नंबर पर वेस्टइंडीज के शर्फेन रदरफर्ड बल्लेबाजी करने के लिए उतरे। उन्होंने बड़े-बड़े शॉट लगाकर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। शर्फेन ने 40 गेंद का सामना किया और 257 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 103 रन बना डाले। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 10 छक्के लगाए। हालांकि उनकी यह शतकीय पारी नॉर्थन वॉरियर्स को जीत नहीं दिला पाई। यूपी नवाब्स ने यह मैच 9 विकेट से जीत लिया।
1.25 करोड़ है रदरफर्ड का बेस प्राइस
26 साल के शर्फेन रदरफर्ड का बेस प्राइस आईपीएल मेगा ऑक्शन 2025 में 1.25 करोड़ का है। इस पारी के बाद दूसरे दिन फ्रेंचाइजियां उनको खरीदने के लिए जा सकती हैं। रदरफर्ड आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइ़र्स के लिए खेल चुके हैं। आईपीएल में हालांकि उन्हें खेलने का इतना मौका नहीं मिला है। रदरफर्ड ने आईपीएल में सिर्फ 10 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 106 रन बनाए हैं।
इन 5 खिलाड़ियों को हुआ करोड़ों का नुकसान, बुरे सपने की तरह रहा आईपीएल ऑक्शन
जेद्दा: एक ओर ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर पर टीमों ने दिल खोलकर पैसे खर्च किए तो दूसरी ओर कुछ ऐसे खिलाड़ी भी रहे, जो पिछले सीजन के मुकाबले सस्ते बिके। लिस्ट में एक ऐसे खिलाड़ी का नाम भी है, जो 2024 में सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज है। जी हां, हम बात कर रहे हैं पर्पल पटेल, ओह माफ करिएगा हर्षल पटेल की। उनके अलावा भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें करोड़ों का घाटा हुआ है। शायद ही उन्हें रात में नींद आई होगी।
2024 में पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल को 8 करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है। इसके साथ ही वह अब नई टीम में नजर आएंगे, जबकि पंजाब किंग्स उन्हें टीम में शामिल कर सकती थी। पंजाब किंग्स के लिए वह 11.75 करोड़ रुपये में खेले थे। इस तरह से उन्हें 3.75 करोड़ रुपये का घाटा हुआ।
उत्तर प्रदेश के नए सुरेश रैना कहे जाने वाले समीर रिजवी पर पिछले सीजन ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने जमकर पैसे बहाए थे। उसने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि इस बार दिल्ली कैपिटल्स ने सिर्फ 95 लाख रुपये में हासिल कर लिया। इस तरह से समीर को 7.45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ईशान किशन अब नई टीम से खेलते दिखेंगे। वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा होंगे, जबकि टीम ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस में 15.25 करोड़ में खेल रहे थे। इस तरह से उन्हें 4 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल हमेशा से हॉट स्टार रहे हैं, लेकिन इस बार नीलामी में वह सस्ते रहे। उन्हें पंजाब किंग्स ने सिर्फ 4.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जीता। वह इससे पहले भी प्रीति जिंटा की टीम से खेल चुके हैं, जबकि पिछले सीजन वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का हिस्सा थे। विराट कोहली की टीम से उन्हें 11 करोड़ रुपये मिले थे। उन्हें 6.8 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
एक और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को बड़ा घाटा हुआ है। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा है, जबकि पिछले सीजन वह दिल्ली के लिए 6.5 करोड़ रुपये में खेल थे। उन्हें 3.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
Arshdeep Singh IPL 2025 Price: नौ गुनी कीमत पर बिके अर्शदीप सिंह, पहले काव्या मारन ने खरीदा था, लेकिन पंजाब ने RTM लगा दिया
जेद्दा: इंडियन प्रीमियर लीग के 2025 सीजन के लिए रविवार को हुए मेगा ऑक्शन की पहली बोली अर्शदीप सिंह पर लगी। भारत के नंबर वन टी-20 गेंदबाज पर पैसों की बरसात हो गई। 2 करोड़ के बेस प्राइस वाले अर्शदीप सिंह को 15 करोड़ 75 लाख पर सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था, लेकिन उनकी पुरानी टीम पंजाब किंग्स ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करते हुए 25 वर्षीय पेसर को 18 करोड़ रुपये में अपने साथ दोबारा जोड़ लिया।
अर्शदीप सिंह का आईपीएल करियर
भारतीय टीम की युवा सनसनी अर्शदीप सिंह बीते छह साल से आईपीएल खेल रहे हैं। 19 साल की उम्र में इस टूर्नामेंट का अपना पहला मैच साल 2019 में खेला था। तब उन्हें सिर्फ तीन ही मुकाबले मिले थे। 19 साल का लड़का अब एक मजबूत और विकेट टेकर लेफ्ट आर्म पेसर में तब्दील हो चुका है। ओवरऑल करियर की बात करें तो अर्शदीप सिंह ने 65 आईपीएल मैच में 76 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देकर पांच विकेट है। 2021 के सीजन में 18 विकेट लेकर उन्होंने भारतीय टीम का टिकट कटवाया था।
अर्शदीप सिंह किन टीमों से खेल चुके हैं आईपीएल
न्यूजीलैंड में भारतीय अंडर-19 टीम के लिए शानदार प्रदर्शन के साथ उनके करियर की शानदार शुरुआत हुई। इस युवा खिलाड़ी का अबतक का पूरा आईपीएल करियर घरेलू राज्य पंजाब की ही टीम पंजाब किंग्स के साथ गुजरा है। मगर फ्रैंचाइजी ने मेगा ऑक्शन से पहले सिर्फ दो प्लेयर्स को ही रिटेन करने का फैसला लिया और उसमें अर्शदीप सिंह का नाम न देख हर कोई चौंक गया था।
अर्शदीप सिंह का टी-20 इंटरनेशनल करियर
6 फीट तीन इंच लंबे अर्शदीप लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए 60 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 95 विकेट लिए हैं। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर मौजूद युजवेंद्र चहल से सिर्फ एक सफलता दूर हैं। नौ रन देकर चार विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह 2024 में टी-20 विश्व विजेता बनने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थे।