छत्तीसगढ़ / दुर्ग
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ जीरो, चेहरे पर आई राहत की मुस्कान
दुर्ग । दुर्ग जिले के ग्राम मोहलई में रहने वाले देवांगन परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाकर ना केवल मुफ्त बिजली का लाभ उठा रहे हैं, बल्कि बिजली के बिलों से भी राहत पा रहे हैं। जहां पहले हर महीने भारी भरकम बिजली बिल उन्हें चिंता में डाल देता था, वहीं अब उनके चेहरे पर राहत की मुस्कान है।
अनिता देवांगन के पति आधुनिक तकनीकों में भी रुचि रखते हैं। देवांगन ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत पर 6 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया है, जिसकी कुल लागत करीब 3 लाख रुपये आई। इस योजना के तहत उन्हें केंद्र सरकार से 75 हजार रूपए की सब्सिडी भी मिली, जिससे लागत और भी कम हो गई। पहले गर्मियों में बिजली का बिल 4 से 5 हजार रुपए तक आता था। बाकी सीजन में 2500 रुपए तक बिल देना पड़ता था। लेकिन अब पिछले छह महीनों से बिजली बिल जीरो आ रहा है। उनके घर में 4 एसी, 3 टीवी और अन्य बिजली उपकरण चलते हैं, फिर भी सोलर एनर्जी के कारण उन्हें बिजली बिल की कोई फिक्र नहीं है। देवांगन के पति हरिहर प्रसाद देवांगन नवापारा में ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं।
इस पहल से देवांगन परिवार को बड़ी राहत मिली है। इनकी घर की आवश्यकता अभी केवल दो केवी है, शेष केवी को सरकार को बेच पैसा कमाने की योजना है। अब जो पैसे पहले बिजली बिल में जाते थे, उन्हें वे बच्चों की पढ़ाई और घर के अन्य जरूरी कामों में लगा पा रहे हैं।
मृतकों के परिजनों को मिली 8 लाख रूपए की आर्थिक सहायता
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 8 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउस नं. 204, वार्ड नं. 09, दमोदा बोरई तहसील व जिला दुर्ग निवासी श्रीमती झाामबती साहू की विगत 30 मई 2020 को वाहन सहित कोटनी शिवनाथ नदी एनीकेट के पास नदी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इसी प्रकार बिजली नगर छावनी भिलाई जिला दुर्ग निवासी पवन यादव की विगत 02 जुलाई 2020 को नहाते समय पानी में डुबने से मृत्यु हो गई थी।
कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुरूप स्व. श्रीमती झाामबती साहू की पुत्रवधु श्रीमती नीतू साहू, पुत्री भूमिका साहू और हेमलता साहू को संयुक्त रूप से 4 लाख और स्व. पवन यादव के भतीजा गुलाबचंद यादव, भाभी श्रीमती मीना यादव तथा बहन सहोद्रा यादव और अमरिका यादव को संयुक्त रूप से 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
हड़ताल के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने कलेक्टर ने सहायक अधीक्षकों को सौंपा प्रभार
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के हड़ताल अवधि में तहसीलों में कार्यालयीन कार्यों के सुचारू संपादन तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के अंतर्गत भू-अभिलेख शाखा में पदस्थ सहायक अधीक्षक भू-अभिलेखों को तहसीलवार प्रशासनिक प्रभार सौंपा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख अजय कुमार मेरावी को तहसील दुर्ग का, आलोक शुक्ला को तहसील बोरी का तथा श्याम लाल साहू को तहसील पाटन का प्रशासकीय प्रभार दिया गया है। इसी प्रकार सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख शंकर प्रसाद तिवारी को तहसील अहिवारा का, श्रीमती प्रभा चन्द्राकर को तहसील भिलाई-3 का तथा संतोेष कुमार नागरे को तहसील धमधा का प्रभार दिया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के लिए अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
12 अगस्त को प्रातः 09 बजे स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल
दुर्ग। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन जिले में गरिमामयी एवं हर्षाेल्लास के साथ जिला मुख्यालय स्थित प्रथम बटालियन दुर्ग में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9ः00 बजे से किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 8ः00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके अनुसार अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु प्रभारी अधिकारी का दायित्व दिया गया है। ध्वजारोहण उपरांत जिला मुख्यालय में परेड की सलामी ली जायेगी। जिसके लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग, कमाण्डेंट होमगार्ड दुर्ग एवं कमाण्डेंट केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल भिलाई को दायित्व सौंपा गया है। 15 अगस्त के पूर्व नगर में सभी जगह, सभी महत्वपूर्ण स्मारकों की साफ सफाई सुनिश्चित कराने के लिए आयुक्त नगर निगम दुर्ग, आयुक्त नगर निगम भिलाई, महाप्रबंधक नगर प्रशासन बीएसपी भिलाई तथा समस्त नगरीय निकाय प्रमुख को दायित्व दिया गया है। पंचायत स्तर पर निर्मित जय स्तंभों की साफ-सफाई की व्यवस्था अपने-अपने क्षेत्रों में उप संचालक पंचायत दुर्ग एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सर्व द्वारा कराई जायेगी।
सर्व कार्यालय प्रमुख, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सर्व जिला दुर्ग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सर्व जिला दुर्ग को जिले के सभी तहसील, विकासखण्ड, ग्राम स्तर पर सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समारोह का आयोजन सुनिश्चित कराने का दायित्व दिया गया है। अतिथियों, अधिकारी/कर्मचारियों तथा दर्शकों के वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था उप पुलिस अधीक्षक यातायात तथा पुलिस अधीक्षक जिला दुर्ग करेंगे। कार्यक्रम स्थल में एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग द्वारा तथा अग्नि शमन यंत्र की व्यवस्था कमाण्डेंट होमगार्ड दुर्ग द्वारा की जाएगी।
अतिथिगण, प्रेस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आम जनता, महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग सेक्टर का निर्माण कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग एवं आयुक्त नगर पालिक निगम, दुर्ग के द्वारा की जायेगी। बेरिकेटिंग के लिए आवश्यकता अनुसार बांस, बल्लियां वनमण्डलाधिकारी दुर्ग के द्वारा प्रथम बटालियन दुर्ग में उपलब्ध करायी जाएंगी। बेरिकेटिंग का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग एवं नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के साथ समन्वय कर किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न गडढों की मरम्मत लोक निर्माण विभाग दुर्ग द्वारा की जायेगी। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं प्रथम बटालियन दुर्ग की साफ-सफाई, पेयजल हेतु टेंकर, मोबाईल टायलेट इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वाटरप्रुफ शामियाना एवं कुर्सियों, सोफासेट, माईक, लाउडस्पीकर आदि की व्यवस्था आयुक्त, नगर नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत धमधा अहिवारा द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम स्थल में ध्वजदण्ड, चबुतरे का निर्माण, कार्यक्रम में उपस्थित वी.आई.पी. एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दुर्ग के द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम स्थल पर प्लास्टिक गिलास का उपयोग नहीं करने कहा गया है।
सूर्यास्त के पूर्व इसे उतारने की समुचित व्यवस्था, ध्वजारोहण की सम्पूर्ण व्यवस्था रक्षित निरीक्षक, पुलिस लाईन दुर्ग के द्वारा की जायेगी। समारोह स्थल, मुख्य मंच एवं प्रवेश द्वार में कार्यपालिक दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी तैनात होगें, कार्यपालिक दण्डाधिकारी की नियुक्ति अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग एवं पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियां पुलिस अधीक्षक दुर्ग के द्वारा की जायेगी। समारोह स्थल प्रथम बटालियन दुर्ग में आमंत्रित अतिथियों के प्रवेश एक निश्चित द्वार से ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग द्वारा करायी जावेगी तथा अतिथियों की बैठक व्यवस्था प्रभारी अधिकारी (प्रोटोकाल शाखा) दुर्ग द्वारा की जाएगी। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण पश्चात् छोड़े जाने वाले गुब्बारे की व्यवस्था महाप्रबंधक, जिला उद्योग दुर्ग के द्वारा तथा मुख्य अतिथि हेतु टोपी की व्यवस्था नाजरात शाखा के प्रभारी अधिकारी द्वारा की जायेगी।
इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समिति बनाने तथा स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने तथा कार्यक्रम स्थल में रंगोली की व्यवस्था करने जिला शिक्षा अधिकारी को कहा गया है। मंच सजावट के लिए फूल माला, पेन्ट किए हुए एवं गुणवत्ता पूर्ण गमले की व्यवस्था, उद्यानिकी विभाग को, निर्बाध विद्युत कनेक्शन, जनरेटर आदि की व्यवस्था के लिए कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित दुर्ग को दायित्व दिया गया है। मुख्य अतिथि द्वारा संबोधन एवं मुख्यमंत्री का संदेश का वाचन किया जायेगा। संदेश पुस्तिका उप संचालक, जनसम्पर्क दुर्ग के द्वारा उपलब्ध करायी जायेगी। कार्यक्रम स्थल में उद्घोषक श्रीमती ममता ध्रुव, शिक्षा विभाग, अनिता सावंत पर्यावरण विभाग दुर्ग एवं श्रीमती उर्मिला ओझा ट्राईबल विभाग रहेगें। 15 अगस्त 2025 के अवसर पर विभागीय उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा मंच से सम्मानित किया जावेगा। जिसकी कार्यवाही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दुर्ग एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग दुर्ग द्वारा की जाएगी। मंच से प्रशस्ति पत्र वितरण हेतु प्रभारी अधिकारी हितेश पिस्दा डिप्टी कलेक्टर रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रम का रेडियो एवं टीव्ही में प्रसारण की व्यवस्था सहायक आयुक्त आबकारी दुर्ग के द्वारा तथा दैनिक समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मिडिया में प्रचार-प्रसार की व्यवस्था का दायित्व उप संचालक जनसम्पर्क दुर्ग एवं नगर पालिक निगम दुर्ग/भिलाई का होगा। शहर में प्रमुख स्थानो एवं चौक चौराहों पर राष्ट्रीय देशभक्ति गीत/संगीत के प्रसारण की व्यवस्था आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग/भिलाई के द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम की विडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी का कार्य सहायक संचालक, जनसम्पर्क एवं खनिज अधिकारी, दुर्ग के द्वारा कराया जायेगा। प्रथम बटालियन दुर्ग में जिला स्तर पर मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जायेगी। सलामी के लिए चूने की लाईन से मार्किंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग (भ./स.) दुर्ग द्वारा की जाएगी। स्थानीय निकायों के सर्व विभाग प्रमुख को 15 अगस्त की रात्रि को संबंधित शासकीय सार्वजनिक भवनों में एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों में रोशनी किया जाना सुनिश्चित करने कहा गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल 12 अगस्त 2025 को प्रातः 09 बजे किया जाएगा।
प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग में ‘स्तनपान सप्ताह’ कार्यक्रम आयोजित
- बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत स्वास्थ्य, पोषण व डिजिटल सुरक्षा पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
दुर्ग। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्तनपान सप्ताह के अवसर पर आज प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जांबुलकर एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. ओमेश खुराना ने स्तनपान की आवश्यकता, जन्म के पहले छह माह तक केवल माँ के दूध की महत्ता तथा पहले पीले गाढ़े दूध (कोलेस्ट्रम) के पोषण संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खेलों के माध्यम से बच्चों और उपस्थित जनों को यह भी समझाया कि माँ के दूध का कोई विकल्प नहीं है, और यह जच्चा-बच्चा दोनों के लिए संपूर्ण पोषण का स्त्रोेत है। इसके साथ ही लेखराम ध्रुव द्वारा वित्तीय प्रबंधन एवं ऑनलाइन डिजिटल सुरक्षा के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी देते हुए बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी। महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और करियर की दिशा तय करने पर प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। साथ ही विभाग की प्रमुख योजनाओं जैसे-महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मिशन शक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा आदि की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्रीमती विनिता गुप्ता, जेंडर विशेषज्ञ लक्ष्मीकांत यादव, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ श्रीमती शिल्पी उपाध्याय, सीडब्ल्यूसी से नारायण सोनी, चाइल्ड हेल्पलाइन से चंद्रप्रकाश पटेल, सखी वन स्टॉप सेंटर से प्रशासक श्रीमती असंति साहू, पैरा लीगल कार्यकर्ता नेमेश्वरी सेन, विद्यालय के प्राचार्य आशीष गुप्ता, शिक्षकगण एवं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शासकीय पॉलीटेक्निक में प्रवेश हेतु ऑनलाईन पंजीयन 9 तक
दुर्ग । तकनीकी शिक्षा संस्थाओं में संचालित सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तीन चरणों की काउंसिलिंग के पश्चात् रिक्त सीटों पर एक अतिरिक्त चतुर्थ चरण हेतु संचालनालय तकनीकी शिक्षा रायपुर द्वारा सूचना जारी की गई है। इसके अनुक्रम में छात्र-छात्राएं 09 अगस्त 2025 को रात्रि 11.59 बजे तक ऑनलाईन पंजीयन वेबसाईट https://cgdte.admissions.nic.in एवं www.cgdteraipur.cgstate.gov.in पर कर सकेंगे। जिसकी मेरिट सूची 11 अगस्त 2025 को दोपहर 04 बजे जारी होगी। तत्पश्चात् मेरिट के अनुसार संस्था स्तर पर आबंटन हेतु अवसर लेने के लिए विद्यार्थियों को संस्था में 12 अगस्त 2025 को प्रातः 10 बजे उपस्थित होना होगा। संस्था द्वारा आबंटित सीटों पर प्रवेश लेने का कार्य 12 अगस्त 2025 को अपरान्ह 01 बजे से 14 अगस्त 2025 को दोपहर 01 बजे तक रहेगा।
उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलीटेक्निक दुर्ग के प्राचार्य से मिली जानकारी अनुसार यदि संस्था में सीट रिक्त हुई तो मेरिट सूची के अनुसार जो विद्यार्थी अवसर लेने के लिए 12 अगस्त 2025 को उपस्थित नहीं हो पाए उन्हें 14 अगस्त 2025 को दोपहर 1.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मेरिट क्रम में प्रवेश की कार्यवाही की जाएगी।
कांस्टेबल ने फांसी लगाकर दे दी जान
दुर्ग । जिला पुलिस बल में तैनात एक आरक्षक ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला ख़त्म कर ली है। मामला दुर्ग जिले का है। मृतक आरक्षक दुर्ग जिले में ही पदस्थ था।
जानकारी के मुताबिक़ पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में जिला पुलिस बल के कॉन्स्टेबल सुरेश साहू की लाश फांसी पर लटकते हालत में बरामद की गई है।
मृतक दुर्ग जिले के पुलिस लाइन में पदस्थ था। सुरेंद्र साहू ने किन वजहों से यह आत्मघाती कदम उठाया है इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। बहरहाल पद्मनाभपुर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
भिलाई में हादसे, दो लोगों की मौत
भिलाई । बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. इनमें से एक युवक की बाइक की टक्कर से तो दूसरे की कार से हुई टक्कर में मौत हो गई, पहली सड़क दुर्घटना सोमवार रात स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के इंदु आईटी स्कूल के पास कुरुद रोड पर हुई. सीसीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के सेकंड ईयर के छात्र सहान अली और उत्तम पांडेय स्कूटी से कुरुद से अवंतीबाई चौक की ओर आ रहे थे.
रात करीब 9.30 बजे चौक की ओर से बाइक सवार कुरुद निवासी रोहित बघेल और वासु ठाकुर तेज रफ्तार में आ रहे थे. इंदू आईटी के पास सामने से आ रही स्कूटी को सीधे टक्कर मार दी. भीषण हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. चारों को इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान तालपुरी कॉलोनी निवासी सद्दान अली (24 वर्ष) की मौत हो गई. स्कूटी पर उसके पीछे बैठा अंबिकापुर निवासी उत्तम पांडेय की हालत ज्यादा खराब होने से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया. वहीं बाइक सवार दोनों युवकों का इलाज चल रहा है.
दूसरा हादसा जामुल थाना क्षेत्र की है. देर शाम बाइक सवार दो युवकों को एमपीईबी चौक के पास पीछे से कार ने टक्कर मार दी. बाइक चला रहे जामुल निवासी करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं बाइक पर पीछे बैठे उसका साथी भी चोटिल हो गया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिव महापुराण कथा के समापन समारोह में हुए शामिल
दुर्ग । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पवित्र श्रावण मास के दौरान भिलाई में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के समापन समारोह में आज सपत्निक सम्मिलित हुए। श्रावण मास की इस सात दिवसीय शिव महापुराण कथा श्रृंखला का आयोजन 30 जुलाई से 05 अगस्त 2025 तक बोल बम समिति द्वारा किया गया। जिसमें सिहोर मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा जी महाराज ने शिव महापुराण की अमृतमय कथा से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। मुख्यमंत्री साय ने कथा वाचक पं. मिश्रा और व्यास पीठ से जुड़े संत जनों का छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से स्वागत एवं अभिवादन किया। उन्होंने आयोजन समिति को तथा समस्त शिव भक्तों व श्रद्धालुओं को पवित्र श्रावण मास की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में विगत सात दिनों से शिव महापुराण कथा की अविरल धारा बह रही है। उन्होंने कहा समापन दिवस पर कथा में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महादेव की कृपा छत्तीसगढ़ वासियों पर बरसती रहे। छत्तीसगढ़ में भगवान महादेव विभिन्न जगहों पर अलग-अलग नाम से विराजमान है। जहां पर लोग श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना करते आ रहे है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि जशपुर में मधेश्वर महादेव विराजमान है, जो विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग है। कर्वधा में बाबा भोरमदेव, रायपुर में महेश्वर महादेव, राजिम में कुलेश्वर महादेव, गरियाबंद में भूतेश्वर महादेव तथा खरौद में लक्ष्मणेश्वर महादेव के रूप में भगवान महादेव श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश शिवमय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके गृह ग्राम बगिया में भी फलेेश्वर महादेव विराजमान है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महादेव के साथ आदिशक्ति देवी माता की भी कृपा है। दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, डोंगरगढ़ में मां बम्बलेश्वरी, रतनपुर में मां महामाया और चंद्रपुर में मां चंद्रहासिनी, सूरजपुर में सूरजगढ़ी माता विराजमान है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 5 प्रमुख शक्तिपीठों के विकास के लिए शक्ति कॉरीडोर योजना प्रारम्भ की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन में तीर्थ पर्यटन को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास के समय 10 वर्ष छत्तीसगढ़ में बिताए है। इस दौरान उन्होंने भक्त माता शबरी के जूठे बेर भी खाए थे। छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। मुख्यमंत्री ने श्रीराम लला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का लाभ प्राप्त कर चुके है। उन्होंने कहा कि यह योजना श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी है। इस वर्ष भी विगत दिवस रायपुर से तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया गया।
ट्रेन में 850 श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में प्रारम्भ तीर्थ दर्शन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि विगत 5 वर्षों से बंद यह योजना पुनः प्रारम्भ की गई। इस योजना के अंतर्गत राज्य के वृद्ध श्रद्धालुओं को देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे है। जिससे उन्हे जीवन में आध्यात्मिक आस्था का अनुभव हो रहा है। इस योजना में परित्यक्तता और विधवा महिलाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ के सभी तीर्थ स्थलों को विकसित कर रही है। इसी कड़ी में कर्वधा स्थित भोरमदेव के विकास के लिए 146 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री साय सपत्निक आरती में शामिल हुए और उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि भोले बाबा महादेव की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे। इस अवसर पर विधायक अहिवारा डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर भिलाई नीरज पाल, संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, आईजी आर.जी. गर्ग, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं अन्य अधिकारीगण तथा आयोजन समिति के दयासिंह सहित अन्य पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
शिशु को स्तनपान कराने प्रसूता का जागरूक होना जरूरी: डॉ. दानी
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत चरोदा भिलाई-3 में शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित
भिलाई। विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत 1 से 7 अगस्त तक विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा भिलाई-3 में आयोजित कार्यक्रम में शिशु को स्तनपान कराने प्रसूता को जागरूक करने पर बल दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज दानी ने कहा कि शिशु का माता से लगाव उसकी गोद में रहने से होता है। उन्होंने कहा कि दूध पिलाने की सही विधि की जानकारी प्रसूता को मालूम होना चाहिए। इसके लिए प्रसूता को जागरूक होना जरूरी है। डॉ शिखर अग्रवाल ने कहा कि दूध पिलाने की सही जानकारी नहीं होने से अधिकांश शिशुओं की मृत्यु फेफड़ों और सांस नली में दूध चले जाने से होती है। स्तनपान सप्ताह के जरिए हर उस पहलू ओर आवश्यक चीजें मां को बताकर जागरूक करके उनके कुपोषण से बचाने और शिशुओं की मृत्यु दर कम करना है। खंड विस्तार एवं प्रशिक्षक स्वास्थ्य अधिकारी (बीईईटीओ) सैय्यद असलम ने बताया कि मां का दूध अमृत समान होता है प्रसव के बाद अधिकांश जगह इस प्रथम दूध को बच्चे को मां नहीं पिलाती है जिसमें सभी पोषक तत्व और कुदरती तौर से प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न करने वाली तत्व मौजूद होते हैं।
इस अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका देविला चंद्राकर और उषा वर्मा ने शिशुओं को पकड़ने की स्थिति और डकार दिलाने की विधि, कंगारू केयर विधि जिसमे शिशुओं का शारीरिक तापमान संतुलन में रहे के बारे में एक प्रेजेंटेशन में बताया। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर आभा साहू ने बताया कि शिशुओं को सुपोषित रखने, कुपोषण के लक्षण और इसके खतरों के प्रति भी मां को जागरूक किया गया है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती आर विश्वास, श्रीमती पी स्वामी, महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर इन्दु कोसले, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यकर्ता सीमा जंघेल, लीलावती विश्वकर्मा, ममता देशमुख, निर्मला कुर्रे, नंदिनी साहू, मोनिका बंजारे और चित्रा वर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका उपस्थित रहे।
बोलबम के जयघोष से गूंजा भिलाई-चरोदा, कांवड़ियों ने देवबलोदा शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
भिलाई। सावन मास की पवित्रता और शिवभक्ति में डूबे भिलाई-चरोदा क्षेत्र में रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। “बोलबम” के जयघोष और डमरू की गूंज के साथ हजारों शिवभक्तों ने नंगे पांव 10 किलोमीटर की दूरी तय कर देवबलोदा महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर शिव कृपा का आशीर्वाद लिया।
यह यात्रा नगर निगम भिलाई-चरोदा के वार्ड 21 चरोदा बस्ती स्थित प्राचीन कुएं से प्रारंभ हुई, जहाँ से कांवड़िए पवित्र जल लेकर निकले। यात्रा का नेतृत्व महापौर निर्मल कोसरे और सभापति कृष्णा चंद्राकर ने किया। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति भाव ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
भव्य झांकियां और उत्साहजनक माहौल
इस कांवड़ यात्रा में भगवान शिव की सुंदर झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। घंटे, घड़ियाल, शिव भजन, और बोलबम के नारों ने पूरे मार्ग को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सामूहिक सहयोग और स्वागत
कांवड़ियों के स्वागत में नगरवासी भी पीछे नहीं रहे। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव नजरूल ने चरोदा में कांवरियों पर फूल वर्षा कर फलाहार वितरण किया। सुजीत बघेल के नेतृत्व में मुस्लिम समाज द्वारा भी सिरसा गेट पर फल और जल सेवा की गई। अन्य कई स्थानों पर फलाहार वितरण और पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
सामाजिक समरसता का संदेश
यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं थी, बल्कि सामाजिक सौहार्द और एकता का भी प्रतीक बनी। सभी समुदायों की सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिनमें सुजीत बघेल, मोहन साहू, पप्पू चंद्राकर, अशफाक अहमद, दीपेश साहू, दीप्ति वर्मा, मनीष वर्मा, तामेश्वरी साहू, संतोष तिवारी, बीएन राजू, नजरूल इस्लाम, तौहीद खान, लावेश मदनकर, धर्मेंद्र कोसरे, संजय यादव सहित अनेक लोग शामिल रहे।
देवबलोदा मंदिर में समापन
कांवड़ यात्रा का समापन देवबलोदा स्थित ऐतिहासिक महादेव मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ से प्रदेश की खुशहाली, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।
भिलाई-चरोदा की यह कांवड़ यात्रा एक बार फिर यह सिद्ध कर गई कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति भक्ति, एकता और सामाजिक समरसता की मिसाल है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भिलाई की छात्रा को बुलाया
भिलाई । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ स्वागत समारोह में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से तालपुरी भिलाई की होनहार छात्रा अस्मी खरे को आमंत्रण मिला है
उन्हें यह विशेष आमंत्रण अपनी टीम कोडिंग विजार्ड का नेतृत्व करते हुए स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 में जीत हासिल करने के लिए दिया गया है.
यह सम्मान देश भर के उन चुनिंदा प्रतिभागियों को दिया जाता है, जिन्होंने तकनीकी क्षेत्र में असाधारण नेतृत्व और नवाचार का परिचय दिया हो. उल्लेखनीय है कि यह हैकाथॉन एनआईटी श्रीनगर में आयोजित हुआ था.
वर्तमान में भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) दुर्ग से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की पढ़ाई कर रहीं अस्मी खरे के मार्गदर्शन में उनकी टीम ने गेल इंडिया के लिए एक जियो लोकेशन आधारित उपस्थिति प्रणाली विकसित की, जिससे बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के जीपीएस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज हो सके. साथ ही जहां इंटरनेट की उपलब्धता सीमित है, ऐसे क्षेत्रों के लिए ऑफलाइन उपस्थिति को सपोर्ट करते वाला उपकरण भी विकसित किया, जो गेल साइट के कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से आपात स्थितियों की तुरंत रिपोर्ट करने में मदद करता है, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके. इस टीम में यशवर्धन सिंह, विपिन कुमार गौतम, प्रथम साहू, मयंक देशलहरा और जतिन कुंजाम शामिल हैं.
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हैकाथॉन पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं, अनिल खरे और स्मिता खरे की बेटी अस्मी देश की श्रेष्ठ सात टीम लीडर्स में एक हैं, जिन्हें इस विशेष आमंत्रण के लिए चुना गया है. इस उपलब्धि पर उत्साहित अस्मी ने राष्ट्रपति का आभार जताते हुए कहा कि यह जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर है और मैं अपने शहर और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करके गर्व महसूस कर रही हूं. इस समारोह में अस्मी देश के उन उत्कृष्ट और क्रिएटिव व्यक्तियों के साथ शामिल होंगी, जिन्हें भारत की राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिलेगा.
आरक्षक के खिलाफ एसपी को मिली ब्लैकमेलिंग की शिकायत, सस्पेंड किए गए
दुर्ग । थाना भिलाई-3 अंतर्गत गार्ड को ब्लैकमेल करने के मामले में एसएसपी विजय अग्रवाल ने थाने में पदस्थ आरक्षक विजय पासवान को सस्पेंड कर दिया है.
पासवान ने ब्लैकमेल करने वाली आरोपी रजनी यादव को पैसे देने के लिए प्रार्थी गार्ड पर दबाव डाला था. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SSP ने आरक्षक के निलंबन का आदेश जारी कर दिया.
मामले में ग्राम निपानी, जिला बालोद निवासी पारख बंजारे भिलाई-3 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पारख भिलाई 3 स्थित एसपीएस कंपनी में गार्ड का काम करता था।
ब्लैकमेल करने वाली रजनी युवक के क्वार्टर के पीछे रहती थी. उसने पारख को खाने में कुछ मिलाकर बेहोश कर दिया और उसका अश्लील फोटो और वीडियो बना लिया.
जिसे दिखाकर वायरल करने की धमकी देकर गार्ड से 5 लाख रुपए की डिमांड करने लगी. इस बीच भिलाई-3 थाने में पदस्थ आरक्षक विजय पासवान भी रजनी को 2 लाख रुपए और देने पीड़ित पारख दबाव बनाने लगा.
शिकायत पर एसएसपी ने एक्शन लिया है. एसएसपी ने आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है. आरक्षक का नाम विजय पासवान है.
रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी अजय आनंद का मृत शरीर चिकित्सा अध्ययन के लिए दान
दुर्ग । बीएसपी के सेवानिवृत्ति शिक्षा अधिकारी अजय आनंद के मरणोपरांत उनकी पार्थिव किया चिकित्सा अध्ययन हेतु दान की गई।
निवासी अजय आनंद के 88 वर्ष में निधन की सूचना परिजनों द्वारा पवन केसवानी को दी गई इसके पश्चात चिकित्सा अध्ययन हेतु देहदान की औपचारिकता संपन्न करवाई गई। बीएसपी के अनेक विभागों में सेवारत रहे अजय आनंद ने मानवता की भलाई के लिए देहदान का संकल्प लिया था! जिसका पालन उनके परिजनों द्वारा किया गया! उनका अमृत शरीर अभिषेक मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज जुनवानी भिलाई में अध्ययन एवं अध्यापन हेतु दान किया गया।
देहदान के पूर्व एक संक्षिप्त श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया गया।
इस दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों में देहदानी अजय आनंद की पत्नी ललिता रानी आनंद, बेटी तनुजा महेन्द्रु,पुत्र विश्वजीत के. आनंद और प्रसंजित आनंद, पवन केसवानी,विमलेश जैन,ऋतिका आनंद,अनंत राय महेन्द्रु,अश्वनी राय महेन्द्रु,राजीव महेन्द्रु,डॉ. थॉमस सैमुअल,प्रह्लाद,वर्गीज सैमुअल,आशीष दशोरे,हेमूलाल यादव,चुन्नू श्रीवास्तव,देबाशीष घोष,प्रकाश कश्यप,जसवंत नागवंशी,अभिनाश सिंह,धर्मदास चावरे,प्रेम लाल नाग,हरि नारायण सिंह,रमेश कुमार पटेल,सुशील बाले,थॉमस फिलिप,गिरी नायडू,राजेश बेनेट,संजय हरदयाल,राज किशोर साहू,डॉ. विनोद यादव,भूपिंदर कुम्भार आदि अनेक प्रबुद्ध जनों में देहदान के पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता प्रदान की! प्रनाम द्वारा 2008 से लगातार देहदान एवं नेत्रदान जैसे अनेक मानवसेवार्थ कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान 2162 प्रबुद्धजनों को देहदान हेतु प्रेरित किया गया जिनमें 239 लोगों के मरणोपरांत उनकी पार्थिव काया छत्तीसगढ़ के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल की भलाई के लिए समर्पित की गई। प्रनाम के देहदान और अंगदान के अभियान से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर 9479273500 में संपर्क किया जा सकता है।
BSP ने जमा नहीं किया 228 करोड़ का प्रॉपर्टी टैक्स, निगम ने भेजा नोटिस...
भिलाई । भिलाई नगर निगम ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को एक साल का 228 करोड़ का प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा है। साथ ही टैक्स जमा करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम भिलाई की ओर से 27 अप्रैल 2019 को भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को कुर्की का नोटिस दिया गया था। इस नोटिस में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को संपत्ति कर की सही जानकारी देने के साथ ही शिक्षा उपकर की राशि भी कम देने के हवाले से दिया गया था। बताया जा तभी से यह मामला कोर्ट में है।
प्रॉपर्टी का होगा सर्वे
इस मामले में निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडे का कहना है कि नगर निगम भिलाई ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को एक साल का 228 करोड़ के प्रॉपर्टी टैक्स का नोटिस भेजा है। इसके साथ ही भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की प्रॉपर्टी का IIT भिलाई के ड्रोन से सर्वे भी कराया जाएगा, जिसके लिए IIT भिलाई से संपर्क किया जा रहा है।
सार्वजनिक प्रॉपर्टी मानकर दिया किराए और लीज पर
नगर निगम के मुताबिक, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की ओर से सार्वजनिक प्रॉपर्टी मानकर स्कूल, अस्पताल, धार्मिक और सामीजिक भवन को किराए और लीज पर दिया गया है। जिनकी ओर से उन्हें अच्छी खासी रकम भी मिल रही है। इसी प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर नगर निगम भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के बीच खींचतान जारी है। बताया जा रहा है कि इसे लेकर नगर निगम भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के बीच कई बैठके भी हो चुकी है, लेकिन अब तक इस मामले में कोई भी समाधान नहीं हुआ।
साक्षात्कार 4 एवं 6 अगस्त को
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय
दुर्ग । दुर्ग जिले में नवीन संचालित कुल 10 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकीय एवं गैर शिक्षकीय विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। उक्त विद्यालयों के रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ होने कुल 409 पात्र आवेदकों का दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कर बा.रा.जो. शा. आदर्श कन्या उ.मा.वि. दुर्ग में किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी से मिली जानकारी अनुसार अंग्रेजी माध्यम हेतु पात्र आवेदकों का दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कार 04 अगस्त 2025 समय सुबह 10 बजे से 04 बजे तक। इसी प्रकार हिन्दी माध्यम हेतु पात्र आवेदकों का दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कार 06 अगस्त 2025 समय सुबह 10 बजे से 04 बजे तक किया जाएगा। परीक्षण पर भिन्नता पाये जाने की स्थिति में आवेदन अमान्य कर दिया जायेगा। अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक एवं विभागीय मूल दस्तावेजों के साथ (अंग्रेजी माध्यम की जानकारी/अनापत्ति प्रमाण पत्र/ई संवर्ग की जानकारी/सेवानिवृत्ति तिथि इत्यादि) के साथ उपस्थित होना होगा तथा स्थल चयन की प्राथमिकता हेतु परीक्षण उपरांत पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का अवसर दिया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला दुर्ग के वेबसाईट durg.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।
पीएम-किसान दिवस का आयोजन
जिले के 80230 कृषकों को 16.75 करोड़ की राशि होगी जारी
दुर्ग । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना अंतर्गत जिले में 02 अगस्त 2025 को ’’किसान सम्मान समारोह’’ का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी उत्तर प्रदेश में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम-किसान निधि की 20वीं किश्त जारी करेंगे। इसके तहत जिले के 80230 कृषकों को 20वीं किश्त की राशि 16.75 करोड़ जारी किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम का जिला एवं विकासखण्ड स्तर एवं ग्राम स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
उप संचालक कृषि से मिली जानकारी अनुसार कृषि विज्ञान केन्द्र अंजोरा में पी.एम. किसान दिवस जिला स्तरीय कार्यकम में प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण वेब कास्ट के माध्यम से किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि श्रीमती सरस्वती बंजारे अध्यक्षा जिला पंचायत दुर्ग, संदीप कुमार भोई उप संचालक कृषि, डॉ. विकास खुंणे प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र श्रीमती सुचित्रा दरबारी सहायक संचालक कृषि, वैज्ञानिकगण, कृषि विभाग के अधिकारीगण एवं कृषकगण उपस्थित रहेंगे।
इसी तारतम्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र पाहंदा में आयोजित पी.एम. किसान दिवस कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का प्रसारण वेब कास्ट के माध्यम से किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल दुर्ग लोकसभा, कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, विजय जैन वरिष्ठ वैज्ञानिक, श्रीमती पुष्पा राजेन्द्रन सहायक संचालक कृषि, वैज्ञानिकगण, कृषि विभाग के अधिकारीगण एवं कृषकगण उपस्थित रहेंगे।
ग्राम स्तर पर भी प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का प्रसारण एवं कृषकों की सक्रिय सहभागिता हेतु सेवा सहकारी समितियों में फामर्स मीट का आयोजन तथा आधार सीडेड बैंक खाते के माध्यम से पी.एम. किसान योजनांतर्गत लाभ के बारे में प्रशिक्षण तथा पी.एम. किसान पोर्टल पर उपलब्ध नाव युवर स्टेटस (केवायएस) मॉडूल के माध्यम से बैंक खाता सत्यापन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। जिले के समस्त किसानों से उक्त कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।