छत्तीसगढ़ / दुर्ग
नगपुरा दिव्यांगजन शिविर में 49 का पंजीयन
दुर्ग । जिले में निवासरत ऐसे दिव्यांगजन जिन्होंने अभी तक दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनवाया हो तथा ऐसे दिव्यांजन जिसका प्रमाण पत्र बना हुआ है किन्तु उक्त प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, के लिये उनकी सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग दुर्ग एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग के समन्वय से 12 जून 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नगपुरा विकासखण्ड दुर्ग में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण/चिन्हांकन/मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त आयोजित शिविर में आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र से कुल 49 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। पंजीकृत दिव्यांगजनों का जिला चिकित्सालय दुर्ग के चिकित्सक अस्थिबाधित विशेषज्ञ डॉ. आर.के. नायक, नेत्र बाधित विशेषज्ञ डॉ. बी.एन. वाहने तथा श्रवण बाधित विशेषज्ञ डॉ. रेणु तिवारी द्वारा परीक्षण कराया गया। जिसमें से 18 दिव्यांगजन पात्र पाये गये 28 लोगों को मशीन से परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय दुर्ग रेफर किया गया है तथा 03 दिव्यांगजन अपात्र पाये गये।
शिविर में प्रिया साहू सदस्य जिला पंचायत दुर्ग, कुलेश्वरी देवांगन अध्यक्ष जनपद पंचायत दुर्ग, सरोज रीगरी सरपंच ग्राम पंचायत नगपुरा, ललिता सरपंच ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी उपस्थित रही। समाज कल्याण विभाग दुर्ग के शिविर प्रभारी जंतराम ठाकुर, विनय तिवारी व अन्य कर्मचारीगण तथा पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहें।
रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को बड़ा झटका: पार्षद डॉ. सीमा साहू भाजपा में शामिल
दुर्ग । रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 28 की पार्षद और महिला एवं बाल विकास विभाग की एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इससे पहले भी चार कांग्रेस पार्षद पार्टी नेतृत्व और महापौर से असंतुष्ट होकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
सांसद विजय बघेल के निवास में ली सदस्यता
डॉ. सीमा साहू ने सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
डॉ. सीमा साहू ने वीआईपी नगर वार्ड से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पार्षद बनी थीं। नगर निगम में महापौर पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उन्हें इस पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था।
उनके तत्कालीन गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से पारिवारिक संबंध भी इस संभावना को बल देते थे, लेकिन कांग्रेस ने अंतिम समय में शशि सिन्हा को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया, जो अंततः महापौर निर्वाचित हुईं। इसके बाद से डॉ. साहू और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ती गई।
राजनीतिक समीकरणों में हलचल
सीमा साहू के भाजपा में शामिल होने से रिसाली नगर निगम में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर हो गई है। पहले से असंतोष झेल रही कांग्रेस को लगातार हो रहे पार्टी त्याग से स्थानीय स्तर पर नेतृत्व संकट का सामना करना पड़ सकता है।
भाजपा इस घटनाक्रम को अपनी मजबूती के संकेत के रूप में देख रही है, जबकि कांग्रेस के लिए यह संगठनात्मक पुनर्गठन की एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, भिलाई को मिली दो सितारा “अति उत्तम” मान्यता
भिलाई । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी), भिलाई, छत्तीसगढ़ – जो कि CISF का पहला और सबसे पुराना प्रशिक्षण संस्थान है – ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए “नेशनल स्टैंडर्ड्स फॉर सिविल सर्विसेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशन्स” के तहत “अति उत्तम” स्तर की दो सितारा मान्यता प्राप्त की है। यह मान्यता क्षमता वर्धन आयोग (कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन CBC) द्वारा किए गए कठोर ऑन-साइट मूल्यांकन के उपरांत प्रदान की गई।
यह मूल्यांकन भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग के सेवानिवृत्त अपर महानिदेशक श्री वेंकटेश्वर राव के नेतृत्व में आयोग की विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया। गया। मूल्यांकन प्रक्रिया में संस्थान की संरचित शासन व्यवस्था, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फैकल्टी विकास, प्रशिक्षु सहायता, डिजिटलीकरण एवं प्रशासनिक दक्षता सहित नेशनल स्टैंडर्ड्स फॉर सिविल सर्विसेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशन्स के आठ आधार स्तंभों पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र भिलाई के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई। क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र भिलाई को कुल 64.4 अंकों के साथ “अति उत्तम” श्रेणी और दो सितारा ग्रेडिंग प्राप्त हुई, जो सीआईएसफ के प्रशिक्षण संस्थानों में इस केंद्र की उत्कृष्टता और प्रभावशीलता को दर्शाती है।
संस्थान को विशेष रूप से आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना, स्मार्ट कक्षाओं, सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण, सामरिक अभ्यास सुविधाओं, डिजिटल लर्निंग और डेटा-संचालित मूल्यांकन प्रणालियों के लिए सराहा गया। सीआईएसफ का यह ऐतिहासिक केंद्र आज भी उन्नत तकनीकों, अनुशासन और व्यावसायिक मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए सुरक्षा बलों को तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह मान्यता क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र भिलाई की टीम की प्रतिबद्धता, नेतृत्व, और पेशेवर उत्कृष्टता का परिचायक है, जो भारत की आंतरिक सुरक्षा संरचना को मजबूती प्रदान करने में निरंतर योगदान दे रहा है।
पीएम आवास का लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग । प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी चेतन कुमार वर्मा और अतेश गंजीर को बोरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चेतन कुमार अपने आपको बैंक अधिकारी बताकर अलग-अलग गांवों में अपने साथ के साथ कार में जाता था और ग्रामीणों को लोन का झांसा देकर उनसे ठगी करता था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी चेतन कुमार वर्मा और अतेश गंजीर ग्रामीणों को पीएम आवास योजना का लोन दिलाने का झांस देकर उनसे ऑनलाइन के माध्यम से फॉर्म भरवाकर रुपयों की वसूलता था। ठगी करने के लिए चेतन राजनांदगांव जिले के फरहाद गांव के रहने वाले अपने साथ अतेश गंजीर के मोबाइल स्कैनर का उपयोग करता था और लोगों से ठगी करने के बाद वह रुपयों को बराबर बांट लिया करते थे। ग्राम टेमरी निवासी निजेन्द्र बारले ने उसके साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई इसके बाद पुलिस ने जब छानबीन शुरु किया तो इस रैकेट का खुलासा हुआ। आरोपियों ने अभी तक कई ग्रामीणों को अपना शिकार बना चुका था।
बेटे-बहू की लड़ाई में बुजुर्ग को गंवानी पड़ी जान, हुई हत्या
दुर्ग । जिले की धमधा पुलिस ने पिता की हत्या करने के आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। यह देख पिता ने उसे मना किया तो बेटे ने गुस्से में आकर उसके ऊपर ईंट से हमला कर दिया।
गहरी चोट आने से पिता की मौत हो गई। मामला धमधा थाना अंतर्गत ग्राम राहटादाह का है। यहां रहने वाली मुसाफिर दास मारकंडे ( 27 साल) ने धमधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बीते 24 मई की रात 10 बजे के करीब उसके बड़े पिता की उनके बेटे ने हत्या कर दी है।
उसने बताया कि उसके बड़े पिता धरमपाल मारकंडे अपने घर में खाना खाकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान उसका लड़का शंकरदार मारकंडे अपनी पत्नी लीला मारकंडे के साथ झगड़ा करने लगा। काफी देर तक झगड़ा होता देख धरमपाल उठा और शंकर को झगड़ा करने से मना करने लगा।
पिता के मना करने पर शंकर गुस्से और तमतमा गया वो पिता से ही झगड़ा करने लगा कि तू मुझे समझाने वाला कौन होता है। पिता ने उसे झगड़ा करने से फिर मना किया तो गुस्से में उसने पास पड़ी ईंट को उठाया और धरमपाल के सिर पर वार कर दिया।
इससे उसके सिर और बांई आंख के पास चोट आई। उसे घायल हालत में जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान धरमपाल ने दम तोड़ लिया। इसके बाद धमधा पुलिस अस्पताल पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इधर शंकर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
बैठक 10 को
दुर्ग । जिला स्वच्छता भारत मिशन (ग्रामीण) प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में 10 जून 2025 को दोपहर 12.30 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन, मॉडल ग्राम पंचायत बनाये जाने की 10 बिन्दुओं पर समीक्षा, प्लास्टिक वेस्ट मेनेजमेंट यूनिट के क्रियान्वयन की समीक्षा, फिकल स्लज मेनेजमेंट यूनिट के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। उक्त बैठक में संबंधित विभाग के प्रमुखों को निर्धारित समयानुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा है।
सतत देखभाल से सुपोषित हुई कृषा
गृहभेंट, पोषण परामर्श और समर्पित प्रयासों से कुपोषित बालिका सामान्य श्रेणी में पहुंची
दुर्ग । महिला एवं बाल विकास विभाग जिला दुर्ग द्वारा चलाए जा रहे कुपोषण मुक्ति अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। समुदाय में पोषण के प्रति लगातार बढ़ती जागरूकता के चलते अब कई कुपोषित बच्चों का वजन सामान्य स्तर की ओर बढ़ रहा है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम गनियारी की 2 वर्ष 6 माह की बालिका कृषा ठाकुर का है, जो अब कुपोषण से मुक्त होकर सुपोषण की ओर बढ़ चली है।
कृषा पूर्व में मध्यम कुपोषित श्रेणी में थी। जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश देवदास ने गृहभेंट की, तो पता चला कि कृषा को बाजार के पैकेट वाले चिप्स, कुरकुरे आदि खाने की आदत थी, जिससे उसका वजन नहीं बढ़ रहा था। सामान्य वजन की श्रेणी में आने के लिए कृषा को 800 ग्राम वजन बढ़ाना था। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ता ने परिवार को पोषण संबंधी उचित सलाह दी। उन्हें बताया गया कि पैकेट वाले खाद्य पदार्थ बच्चों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डालते हैं। इसके स्थान पर घर में बना पौष्टिक भोजन, अंकुरित अनाज, मौसमी फल, चना, मूंगफली और रेडी-टू-ईट खाद्य का उपयोग करने को कहा गया। पर्यवेक्षक शशि रैदास द्वारा भी परिवार को डाइट चार्ट पढ़ाकर समझाया गया और उसका नियमित पालन करने की सलाह दी गई। साथ ही, कृषा को बाल संदर्भ योजना का लाभ दिलाया गया और आवश्यक दवाइयां भी समय पर दी गईं। लगातार चार माह के सतत प्रयासों और गृहभेंट के माध्यम से की गई निगरानी से कृषा का वजन 9.2 किलोग्राम से बढ़कर 10.2 किलोग्राम हो गया। कृषा अब सामान्य श्रेणी में आ गई है। उसकी मां ने बाल विकास विभाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के प्रति आभार जताया और अपने अनुभव को गाँव की अन्य माताओं के साथ साझा किया।
कृषा की कहानी से प्रेरित होकर एक अन्य कुपोषित बालक मितांशु साहू की मां ने भी यही उपाय अपनाने शुरू कर दिया। अब मितांशु को सामान्य स्थिति में आने के लिए केवल 200 ग्राम वजन बढ़ाने की आवश्यकता है। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू ने बताया कि कुपोषण से निपटने के लिए विभाग द्वारा कुपोषण मुक्त ग्राम पंचायतों में नियमित गृहभेंट, पोषण शिक्षा और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों में अब यह समझ विकसित हो रही है कि स्वस्थ खान-पान ही बच्चों को कुपोषण से बचा सकता है।
एक पेड़ माँ के नाम जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
विश्व पर्यावरण दिवस
दुर्ग। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में “एक पेड़ माँ के नाम“ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम अंजोरा (ख) स्थित डी.पी.आर.सी. भवन परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस अवसर पर संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। विधायक ललित चंद्राकर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण कर इस मुहिम में सहभागिता निभाई। परिसर में पौधे आम, जामुन, अमरूद, नींबू, कटहल, बेल, आंवला, करौंदा, बादाम और अनार सहित अनेक फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। जनपद दुर्ग में 550, पाटन में 2160 तथा धमधा क्षेत्र में महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान के तहत हजारों पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
संभागायुक्त राठौर ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे आगे आकर इस अभियान में भाग लें, अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और अपने बच्चों को भी पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाएं। हमें मिलकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना है। यह पहल केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें इन पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए। वृक्ष हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक है। ये न केवल शुद्ध हवा प्रदान करते हैं, बल्कि जल, भूमि और जैव विविधता की रक्षा भी करते हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण वासियों से अपील की कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज पौधे नहीं लगाएंगे, तो भविष्य में हमें मरुस्थलीकरण जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। पर्यावरण की रक्षा के लिए यह जरूरी है कि हर व्यक्ति अपने घर के आसपास पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे। वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है जो हर नागरिक को निभानी चाहिए। यह एक आंदोलन है जो जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से हमें बचा सकता है और धरती को फिर से हरा-भरा बना सकता है। वृक्ष लगाना आज के समय में सिर्फ एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भविष्य की रक्षा के लिए एक अनिवार्य कार्य बन चुका है। इसके अलावा विभागीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय परिसरों में पौधारोपण कर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
भिलाई सेक्टर-6 गुरुद्वारा के प्रधान बने गुरदेव सिंह
भिलाई। छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के सहयोग से गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 गुरुद्वारा, जिला दुर्ग में रविवार को प्रधान सहित 13 पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव में गुरदेव सिंह ने गुरुदयाल सिंह फलोरा को 31 वोटों से हराकर प्रधान पद पर जीत हासिल की।
चुनाव में कुल 295 पंजीकृत मतदाताओं में से 195 लोगों ने मतदान किया। गुरदेव सिंह को 95 वोट मिले, वहीं गुरुदयाल सिंह को 64 वोट प्राप्त हुए। मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ। चुनाव की प्रक्रिया का संचालन छग सिख पंचायत के अध्यक्ष जसबीर सिंह चहल, महासचिव गुरूनाम सिंह, इंद्रजीत सिंह और अरविंदर सिंह खुराना की निगरानी में किया गया।
निर्वाचित पदाधिकारी:
प्रधान – गुरदेव सिंह
महासचिव – सौदागर सिंह
उप प्रधान – मुखविंदर सिंह, श्रीमती रजिंदर कौर
सचिव – जसबीर सिंह, रंजीत सिंह
ऑडिटर – गुरप्रताप सिंह
कोषाध्यक्ष – जोरावर सिंह
सदस्य – सुखविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, प्रताप सिंह, सुच्चा सिंह, दलजीत सिंह
नवनियुक्त प्रधान की प्राथमिकताएं:
नव निर्वाचित प्रधान गुरदेव सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि जल्द से जल्द गुरुद्वारा की सदस्यता प्रणाली शुरू की जाए और गुरुनानक स्कूल की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि वह शिक्षा, सेवा और संगत की भावना को आगे बढ़ाते हुए बेहतर व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
चुनाव के बाद गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी द्वारा सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और योगदान देने वाले सदस्यों को सरोपा देकर सम्मानित किया गया। इस सफल चुनाव आयोजन में छग सिख यूथ फोरम, दुर्ग-भिलाई के अन्य गुरुद्वारों के प्रधान और सचिवों की भी अहम भूमिका रही।
चहल ने जानकारी दी कि गुरुनानक स्कूल के लिए अलग से चुनाव बाद में कराए जाएंगे, जिसमें सिख पंचायत सहयोग करेगी।
भिलाई आदर्श नगर गोलीकांड में दो गिरफ्तार
भिलाई । छावनी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में एक शख्स को जान से मारने की कोशिश की गई। जब घर में वह व्यक्ति नहीं मिला तो गुंडों ने हवाई फायर किया और वहां से चले गए। घटना के बाद परिजन छावनी थाने शिकायत दर्ज करने पहुंचे। पुलिस ने एक 2 संदेहियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिसके घर में गोली चलने की घटना हुई है उसका नाम सूरज सिंह है। घटना के समय सूरज किसी काम से बाहर गया था। घर में उसकी पत्नी गोल्डी सिंह, बच्चे और मां ही थे।
गोल्डी ने बताया कि रात 8 बजे के करीब वो घर में खाना बना रही थी। किचन की खिड़की सड़क की तरफ खुलती है। इसके चलते उसने देखा को दो बाइक में 4-5 गुंडे आए हैं। उनके हाथों में तलवार और डंडा था। गोल्डी ने देखा कि उनके साथ रविशंकर नाम का युवक था। रविशंकर गोल्डी के पति सूरज के साथ 6 महीने पहले मछली का व्यवसाय करता था, बाद में लेन-देन के विवाद के चलते उन्होंने व्यापारिक संबंध तोड़ दिया था। गोल्डी ने बताया कि रविशंकर के हाथ में पिस्टल था। वो आते ही दरवाजा पीटने लगा। गोल्डी ने उसे कहा कि सूरज नहीं है बाद में आना।
चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज का गौरवशाली अतीत : सीएम साय
चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज के केन्द्रीय महाधिवेशन में शामिल हुए मुख्यमंत्री
दुर्ग । मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज का अतीत गौरवशाली रहा है। समाज में क्षत्रपति शिवाजी महाराज जैसे प्रतापी शासक हुए वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे महानविभूति, जिन्होंने देशी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाये हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज न केवल परिश्रम और स्वाभिमान का प्रतीत है, बल्कि यह समाज छत्तीसगढ़ के विकास का आधार स्तंभ भी है। छत्तीसगढ़ को नई दिशा और विकसित राज्य बनाने में यह समाज का महत्वपूर्ण योगदान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री रविवार को दुर्ग जिले के ग्राम कोलिहापुरी में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज के केन्द्रीय महाधिवेशन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज के अधिकांश लोग मूल रूप से किसान है। साथ ही व्यापक स्तर पर कृषि कार्य से जुड़े हैं। प्रदेश सरकार किसान भाईयों के चेहरों पर खुशी हमेशा देखना चाहती है। सरकार लगातार किसान भाईयों की बेहतरीन के लिए कार्य कर रही है। इस समय विकसित कृषि संकल्प अभियान छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में 29 मई से 12 जून तक चल रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिकों को किसानों से सीधे जोड़ना और नई कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा सफल कृषि मॉडलों की जानकारी देना है। कृषि वैज्ञानिकों के 100 समूह छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में किसानों से कार्यक्रमों के माध्यम से संवाद कर रहे हैं। ये वैज्ञानिक किसानों को आर्गेनिक खेती, खाद और स्वाइल हेल्थ कार्ड के सही उपयोग के बारे में जागरूक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का हर किसान तकनीकी रूप से सक्षम हो और उनकी आय में वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री ने कुर्मी समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज उन्नत कृषक और व्यापारी समाज है, जो छत्तीसगढ़ की विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह समाज न केवल खेती और व्यापार में अग्रणी है, बल्कि शिक्षित और संगठित भी है। उन्होंने आग्रह किया कि विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई समाज मजबूत होता है, तो उससे पूरा राष्ट्र मजबूत होता है। शिक्षा, सेवा और जागरूकता से ही समाज और राष्ट्र का सशक्त निर्माण संभव है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि समाज को जोड़ कर सही मार्ग दिखाने वालों का समाज में हमेशा सम्मान होता है। आज समाज की नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम को विधायक अजय चन्द्राकर एवं ललित चन्द्राकर और बीज विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर ने भी सम्बोधित किया। चन्द्रनाहू क्षत्रीय कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष विनोद चन्द्राकर ने स्वागत उद्बोधन में केन्द्रीय महाविधवेशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर चन्द्रनाहू क्षत्रीय कुर्मी समाज के पदाधिकारीगण और नागरिक उपस्थित थे।
सेवानिवृत्ति पर बीएसपी प्रबंधन ने दी भावभीनी विदाई
भिलाई । सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से मई 2025 माह में कुल 124 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिसमें खदान बिरादरी के सदस्यों सहित 21 कार्यपालक व 103 गैर-कार्यपालक शामिल हैं। मई 2025 में सेवानिवृत्त हो रहे कार्यपालकों हेतु विदाई समारोह का आयोजन इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय तथा कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने कार्यपालकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि महाप्रबंधक (यूटिलिटीज़) ए.के. जोशी भी 31 मई को सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) एस. मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार, तथा कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. रवींद्रनाथ एम., ने ए.के. जोशी को सेवानिवृत्ति आदेश और सेवा प्रमाण-पत्र सौंपे। उपस्थित कार्यपालक निदेशकों ने बीएसपी स्टील परिवार के ए.के. जोशी व सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को विदाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सराहना भी की।
सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सेल में अपने सेवा अनुभव साझा किए और सेवानिवृत्ति के पश्चात जीवन के आगामी योजनाओं के बारे में भी बताया। 31 मई को भिलाई निवास में आयोजित समारोह में संयंत्र के गैर-कार्यपालकों को भावभीनी विदाई दी गई। भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटिस) राजीव पाण्डेय, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संदीप माथुर और उप महाप्रबंधक (एचआर – क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) राजेंद्र प्रसाद ने कार्मिकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया। संयंत्र प्रबंधन ने विदा होने वाले इस्पात बिरादरी के सदस्यों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
बीएसपी ने बड़ी कार्यवाही की, 32 बंगला से आवास अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया
भिलाई । सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग (टीएसडी) के अन्तर्गत प्रवर्तन अनुभाग ने 31 मई 2025 को महत्त्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 32 बंगला, सेक्टर-8, भिलाई स्थित बीएसपी आवासीय क्वार्टर क्रमांक 0010, स्ट्रीट एसटीए को अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया। यह कार्रवाई माननीय संपदा न्यायालय द्वारा एसीबी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध पारित आदेश के आधार पर की गई, जो उक्त क्वार्टर पर अनाधिकृत रूप से काबिज पाए गए थे। प्रवर्तन अभियान की यह प्रक्रिया दोपहर 1:00 बजे कार्यपालक मजिस्ट्रेट (संपदा न्यायालय) नरसिंह साहू की निगरानी में संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस थाना के पुलिसकर्मी, जनसंपर्क विभाग, तथा नगर सेवाएं विभाग सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नरसिंह साहू की उपस्थिति में क्वार्टर को पूरी तरह खाली कराया गया और उसे विधिवत रूप से सील कर दिया गया। कार्यवाही की पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में विस्तृत पंचनामा रिपोर्ट तैयार की गई तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इस दौरान पूर्व कब्जाधारियों की कोई भी सामग्री जब्त नहीं की गई। इस कार्यवाही में लगभग 100 कर्मियों की एक व्यापक टीम शामिल रही, जिसमें सहायक महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) यशवंत कुमार साहू, तथा लोक स्वास्थ्य विभाग, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, टीएसडी – प्रवर्तन अनुभाग, जनसंपर्क विभाग, महिला एवं पुरुष प्राइवेट सुरक्षा गार्ड, तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधि सम्मिलित थे।
मकान मालिकों को चेतावनी, थानों में किरायेदारों की जानकारी दें
दुर्ग । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अभिजीत सिंह ने दुर्ग, भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा, कुम्हारी, जामुल व निकटवर्ती नगरीय क्षेत्रों व नगर बाह्य क्षेत्रों के निवासियों की सुरक्षा, शांति एवं जनहित को दृष्टिगत रखते हुए तत्कालिक तौर पर मकान मालिकों एवं प्रतिष्ठानों के द्वारा किराये पर भवन देने व मकान लेने के पूर्व तथा पूर्व से ही किराएदार के रूप में रह रहे व्यक्तियों का पूर्ण विवरण निकटतम थाना प्रभारियों को देने कहा है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिंह द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए दुर्ग, भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा, कुम्हारी, जामुल व निकटवर्ती नगरीय क्षेत्रों व नगर बाह्य क्षेत्रों के लिए पारित आदेश के अनुसार सभी मकान मालिकों के लिए किराएदारों की सूचना देना अनिवार्य है। कोई भी मकान मालिक उस समय तक अपना मकान या उसका कोई भाग किराये पर नहीं देंगे, जब तक किराएदार का पूर्ण विवरण संबंधित थाना प्रभारी को प्रस्तुत नहीं कर देंते।
संबंधित थाना प्रभारी को जानकारी दिये बगैर कोई व्यक्ति/प्रतिष्ठान भवन किराए पर दे या ले नहीं सकेगा। आदेश जारी दिनांक के पूर्व से ही जो व्यक्ति किराएदार की हैसियत से रह रहे हैं, उनके मकान मालिक भी थाना प्रभारी को किराएदारों के संबंध में तत्काल सूचित करेंगे। किसी भी व्यक्ति को वैध पहचान पत्र के बिना आवास किराये पर न दिया जाए। सभी किराएदार का नाम, पता, मोबाईल नंबर, पहचान क्रमांक सभी मकान मालिक अनिवार्य रूप से दर्ज करेंगे तथा संबंधित थाना प्रभारी को दी गई सूचना में इसका उल्लेख अनिवार्यतः करेंगे। किराएदार द्वारा अथवा उनके यहां पर किसी भी आगन्तुक द्वारा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाना/चौकी में देंगे। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अधीन दण्डनीय अपराध होगा। जिला दण्डाधिकारी ने यह आदेश जारी दिनांक 9 मई 2025 से 02 माह की अवधि के लिए अथवा इसे निरस्त किए जाने की तिथि, जो भी पहले हो, तक के लिए प्रभावशाली होगा।
कार में डिप्टी कलेक्टर का नेम प्लेट लगाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
दुर्ग । डिप्टी कलेक्टर का धौंस दिखाकर युवती से अवैध वसूली के प्रयास का मामला सामने आया है. मामले में पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने उसके पूर्व प्रेमी के साथ उसके साथी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, निजी कॉलेज में पढ़ाई करने वाली छात्रा ने अंजोरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसका पूर्व प्रेमी वैभव भारती ब्रेकअप के बाद सोशल मीडिया में अश्लील मैसेज भेज रहा था. इस पर पीड़ित युवती ने युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया था.
बीती रात को पीड़िता जब कॉलेज के बाहर अपने दोस्तों के साथ खड़ी थी, तब उसके पास डिप्टी कलेक्टर का नेम प्लेट लगी कार आकर रुकी. कार से वैभव भारती और उसका दोस्त प्रियम जैन उतरे और युवती से एक लाख रुपए की मांग करने लगी. रकम नहीं देने पर प्रेस संबंध का खुलासा करने के साथ जान से मारने की धमकी दी. युवक धमकी देकर निकल गए, वहीं घबराई पीड़िता ने तत्काल अंजोरा चौकी जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी कर कार को रोका, और उसमें सवार आरोपी वैभव भारती और उसके दोस्त प्रियम जैन को गिरफ्तार किया. पुलिस फिलहाल मामले की विवेचना कर रही है।
साहित्यकार गोविंद पाल की अनुवादित पुस्तक अचानक का विमोचन
भिलाई । मुक्तकंठ साहित्य समिति के तत्वावधान में आयोजित पुस्तक अचानक का विमोचन एवं मुक्तकंठ साहित्य द्वारा प्रकाशित मासिक बुलेटिन का लोकार्पण समारोह अध्यक्ष गोविंद पाल के निवास न्यू रुआबांधा सेक्टर में सम्पन्न हुआ। प्रथम सत्र में गोविंद पाल द्वारा अनुवादित बांग्ला साहित्य के प्रसिद्ध कथाकारों की श्रेष्ठ कहानियों के संकलन का हिन्दी में अनुवादित पुस्तक अचानक के विमोचन एवं द्वितीय सत्र में मुक्तकंठ के पूर्व उपाध्यक्ष व जाने माने हजलकार स्व रामबरन कोरी पर विशेषांक पत्रिका का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा थीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार व पुलिस अधीक्षक सीआईडी नरेंद्र कुमार सिक्केवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व शासकीय महाविद्यालय की प्रोफेसर व विजिटिंग प्रोफेसर भारती युनिवर्सिटी दुर्ग की डॉ श्रीमती सुचित्रा शर्मा एवं मुक्तकंठ साहित्य समिति के पूर्व अध्यक्ष व महाप्रबंधक रजनीकांत श्रीवास्तव मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध क्लासिकल गायक कलाकार श्यामल गोस्वामी की टीम मधुर संगीत से सभी को आनंदित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के कांस्य मूर्ति समक्ष धूप दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने पूजा अर्चना की। इस बीच जाने माने गायिका जयश्री मजुमदार ने गोविंद पाल द्वारा लिखित सरस्वती वंदना गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। फिर मंच पर आसीन अतिथियों एवं उपस्थित गायक कलाकारों का स्वागत व सम्मान गोविंद पाल जी के परिवार एवं मुक्तकंठ साहित्य के पदाधिकारियों द्वारा शाल, श्रीफल, पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया ।
विकसित कृषि संकल्प अभियान का दुर्ग में हुआ भव्य शुभांरभ
किसानों को उन्नत तकनीकों और योजनाओं की दी जाएगी जानकारी, वैज्ञानिक करेंगे गांव-गांव संवाद
दुर्ग । जिले में 29 मई से 12 जून 2025 तक विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ 2025 प्रारंभ होने के पूर्व कृषि कार्यों की तैयारी के संबंध में खरीफ मौसम के प्रमुख फसलों से संबंधित आधुनिक तकनीकों, किसानों के लिए उपयोगी विभिन्न विभागीय योजनाओं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड में फसलवार अनुशंसित मात्रा अनुसार संतुलित उर्वरक के प्रति जागरूक करने तथा किसानों द्वारा किये गये नवाचार के संबंध में फीडबैक के आधार वैज्ञानिक द्वारा कृषि अनुसंधान की आवश्यक दिशा निर्धारण के उद्देश्यांे से चलाया जाना है।
जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए तीन टीमें प्रति विकासखण्ड हेतु बनाई गई हैं। ये टीमें प्रतिदिन 2-2 ग्राम प्रति विकासखण्ड एवं जिले में कुल 78 ग्रामों में शिविर आयोजित कर किसानों से सीधा संवाद करेंगी। विकासखण्ड पाटन हेतु रथ को सासंद विजय बघेल, विकासखण्ड दुर्ग हेतु रथ की रवानगी विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चन्द्राकर एवं कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा विकासखण्ड धमधा हेतु रथ की रवानगी विधायक अहिवारा डोमन लाल कोर्सेवाड़ा द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर आई.सी.ए.आर./ कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकगण, कृषि/उद्यानिकी / मत्स्य पालन / पशुपालन विभाग के अधिकारीगण तथा कृषकगण उपस्थित रहें।
जिले के किसानों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता कर उन्नत खेती अपनाएं, शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लें और वैज्ञानिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का निराकरण पायें।