छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती के लिए आवेदन 31 दिसम्बर तक आमंत्रित
जांजगीर-चांपा। एकीकृत बाल विकास परियेाजना जांजगीर के जनपद पंचायत नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत अवरीद के आंगनबाड़ी केन्द्र अवरीद 01 में सहायिका पद रिक्त होने के फलस्वरूप 18 वर्ष से 44 वर्ष के महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर नवागढ़ 2 ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु 08 वीं उत्तीर्ण तथा उक्त ग्राम पंचायत के किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन करना हो तो 31 दिसम्बर 2024 तक एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर (जाज्वल्यदेव नवीन कन्या महाविद्यालय जांजगीर के पीछे पुराना बाल संरक्षण गृह) मे सीधे जमा किया जा सकता है। नियत तिथि के उपरान्त प्राप्त होने वाले आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का हुआ शुभारंभ
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु. उत्कृष्ट हि.मा.विद्या. क्र-02 जांजगीर एवं रानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक चांपा में बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। डॉ. स्वाति वंदना सिसोदिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिसमें बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण में पाए गए छात्रों को जिला अंधत्व नियंत्रण समिति द्वारा शीघ्र निःशुल्क चश्मा से लाभान्वित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों का प्रारंभिक अवस्था में ही दृष्टि दोष का पहचान कर चश्मा प्रदान किया जाना हैं, ताकि छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक अध्ययन कर सके और अपनी प्रतिभा से उत्तम उपलब्धि प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिला बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत 06 से 18 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं को नेत्र परीक्षण कराने की अपील की हैं। दृष्टि दोष पाए जाने वाले छात्रों को निःशुल्क चश्मा जिला अंधत्व नियंत्रण समिति, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा प्रदाय की जाएगी।
जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के क्रियान्वयन के तहत जिले को बाल विवाह मुक्त बनाये जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अभियान को प्रोत्साहित करने बाल विवाह मुक्त जांजगीर-चांपा के तहत आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत विवाह के लिए लड़की की उम्र 18 वर्ष तथा लड़के की उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से कम होने की स्थिति में बाल विवाह करने पर पुलिस विभाग द्वारा अपराध पंजीबद्ध करते हुए विवाह करने वाले माता-पिता, विवाह में सम्मिलित होने वाले रिश्तेदार, विवाह कराने वाले पंडित, प्रभारी बैड बाजा धुमाल, विवाह स्थल के होटल, भवन प्रभारी, प्रभारी टेंट हाउस, हलवाई, कैट्रीन वाले के विरूद्ध कार्यवाही की जावेगी। अधिनियम के तहत 02 वर्ष के कठोर सश्रम कारावास तथा 01 लाख के जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किया जाने का प्रावधान है।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
समय सीमा के लंबित प्रकरणों प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार समय सीमा की लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जन चौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन सप्ताह - प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत 19 दिसंबर से 24 दिसंबर तक जिले अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सुशासन सप्ताह एवं राज्य शासन के 1 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों को आयोजन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस मनाने के लिए आवश्यक तैयारी करने कहा। कलेक्टर छिकारा ने दिव्यांगता जांच शिविर में बनायें दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जानकारी लेते हुए सभी पात्र लोगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने कहा। उन्होंने ई - डिस्ट्रिक्ट पोर्टल में जाति प्रमाण पत्र के सप्ताहित प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम सभा से प्राप्त जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि लक्ष्य अनुरूप जाति प्रमाण पत्र बनाने में प्रगति लाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य के अधिकारियों को वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के प्रगति जानकारी लेकर शत प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में लंबित अनुकंपा नियुक्ति, डायवर्सन के प्रकरण, नक्शा बटांकन की जानकारी, विवादित खाता विभाजन, विवादित नामांतरण, धान खरीदी, अविवादित नामांतरण, सीमांकन के प्रकरण, जल जीवन मिशन के कार्य, उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एसपी वैद्य, जिला पंचायत गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वयं केशरवानी का चयन थलसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ
जांजगीर । जिले के युवक स्वयं केशरवानी का चयन थलसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। वे मूलत: नवागढ़ के रहने वाले हैं। वे भारतीय सेना जॉइन कर देश सेवा करना चाहते थे। स्वयं केशरवानी ने अपनी प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर नवागढ़ में ली।
इसे बाद कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल अंबिकापुर में की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी द्वारा आयोजित एनडीए प्रवेश परीक्षा पास की। उनका चयन पुणे के सैन्य अकादमी के लिए हुआ। उन्होंने वहां तीन साल शिक्षा लेने के बाद आईएमए देहरादून में एक वर्ष की शिक्षा प्राप्त कर पासआउट हो गए हैं। उनका चयन लेफ्टिनेंट के पद पर किया गया। वे रूपेश केशरवानी व रेखा केशरवानी के बेटे व सृजल केशरवानी के भाई हैं।
शालाओं में बच्चों के सर्वोत्तम सुरक्षा के लिए संवेदीकरण प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतर्राष्ट्रीय दिवस) से 10 दिसम्बर (मानव अधिकार दिवस) तक 16 दिवसीय लिंग आधारित हिंसा को समाप्त करने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि जिसमें विद्यालय के प्राचार्यों, प्रधान पाठकों से बच्चों के सुरक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं पर समीक्षा की गई एवं आवश्यक सुरक्षा के उपाय हेतु संवेदीकरण प्रशिक्षण जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी, कर्मचारी द्वारा प्रदान किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा नवमी से बारहवीं तक के बच्चों को उनके अधिकारों के प्रभावी संरक्षण हेतु किशोर न्याय अधिनियम (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 संशोधित अधिनियम 2021 नियम 2016 संशोधित नियम 2022 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एवं बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियम) अधिनियम 1986 पर संवेदीकरण प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में जिला बाल संरक्षण इकाई से कुलदीप कुमार चौहान आउटरीच वर्कर निर्भय सिंह समन्वयक, भूपेश कश्यप टीम मेम्बर चाइल्ड लाइन महिला एंव बाल विकास विद्यालय के प्राचार्य, स्कूल स्टाफ व बच्चें अधिक संख्या में उपस्थित रहे।
सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत
जांजगीर-चांपा। जिले के अर्जुनी गांव में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर खेत में लगे खंभे से टकरा गई। घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है। बाइक सवार सावन दास (60) के सिर पर गंभीर चोट आई, जिस वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं पुनीराम को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार पुनीराम और सावन दास रिश्ते में मामा भांजा लगते हैं। दोनों एक बाइक में बैठकर खेतों को देखकर वापस अपने गांव अर्जुनी आ रहे थे। बाइक पुनीराम चला रहा था, इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। अकलतरा पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
विश्व शौचालय दिवस पर प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक
जांजगीर-चांपा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर राज्य स्तर से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने संबोधित करते हुए विश्व शौचालय दिवस का शुभारंभ किया। इस दौरान वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी, स्वच्छता दीदी, सरपंच आदि जुड़े। जिला पंचायत सभाकक्ष में हमारा शौचालय हमारा सम्मान-विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कुसुम कमल साव, दिलेश्वर साहू, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, उप संचालक अभिमन्यु साहू सहित जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता हितग्राही दीदी को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान करके पुरस्कृत किया गया। साथ ही व्यक्तिगत शौचालय के हितग्राहियों को स्वीकृत प्रदान किया गया। बैठक में आगामी 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित किए जाने वाले स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न कार्य है, सुबह उठने से लेकर दिनभर की क्रियाओं में इस कार्य को करते है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की हमें प्रेरणा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी से मिली है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कुसुम कमल साव ने कहा कि शौचालय का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचना चाहिए ताकि सभी को इसका लाभ मिल सके। जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे ने कहा कि स्वच्छता अभियान जब से शुरू किया गया है तब से काफी बदलाव देखने को मिला है। खुले में शौच मुक्त अभियान के माध्यम से लोगो के घरों में निजी शौचालय का निर्माण किया गया तो वहीं दूसरी ओर जहां पर सामुदायिक शौचालय की आवश्यकता को महसूस किया गया वहां शौचालय का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के माध्यम से 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक विभिन्न गतिविधियां एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे।
विविध गतिविधियों का होगा आयोजन
विश्व शौचालय दिवस को इस वर्ष ‘‘हमारा शौचालय हमारा सम्मान‘‘ थीम पर विश्व शौचालय दिवस का आयोजन 19 नवम्बर से 10 दिसम्बर 2024 तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विश्व शौचालय दिवस के तहत हमारा शौचालय-हमारा सम्मान अभियान का शुभारंभ, स्वच्छता शपथ का आयोजन, स्वच्छाग्रही, सफाई मित्र को सम्मानित करना, व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृति पत्र हितग्राहियों को वितरित करना। स्कूल शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हमारा शौचालय-हमारा सम्मान अभियान के तहत सभी विकासखण्डों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रो, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रो में हाथ धुलाई एवं विभिन्न स्वच्छता संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई करने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर श्री छिकारा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। केंद्र में बारदाना, सभी आवश्यक सुविधाएं सहित किसानों के लिए छाया, पेयजल, शौचालय और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुव्यवस्थित ढंग से धान खरीदने कहा। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर उगाए गए धान की फसल पर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार को दिए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 सर्वे की तैयारी हेतु एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त हो। उन्होंने सभी सीएमओ को अपने क्षेत्र में जिन लोगों को दुर्घटना के दौरान हुए दिव्यांग जिन्हें हाथ पैर खो दिये हो उन्हें चिह्नांकित कर नामजद सूची तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने उत्कृष्ट जांजगीर चाँपा के तहत 23 नवंबर को होने वाले जवाहर नवोदय विद्यालय अभ्यास परीक्षा की आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा किए गए फील्ड विजिट की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को नियमित हफ्ते में न्यूनतम दो दिन फील्ड विज़िट करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने इसकी जानकारी विजिट फोटो सहित गूगल फॉर्म में अपलोड करने कहा। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को सभी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन कर त्रैमासिक और मासिक परीक्षा के परिणामों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने सभी बीएमओ को फ़ील्ड विज़िट कर आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रगति लाने के निर्दश दिये। 22 नवंबर को ज़िले में छात्रों के जाति प्रमाण पत्र बनाने ग्रामों में ग्राम सभा का आयोजन किया जायेगा। जिसके लिये सभी जनपद सीईओ, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा की लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल संवाद 24×7 आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को समाय सीमा में निराकरण करने कहा। कलेक्टर ने बैठक में लंबित अनुकंपा नियुक्ति, डायवर्सन के प्रकरण, नक्शा बटांकन की जानकारी, विवादित खाता विभाजन, विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, सीमांकन के प्रकरण, जल जीवन मिशन के कार्य, उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, ज़िला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राहौद के छात्राओं ने देखा तारामंडल
विद्यार्थियों ने विस्तार से जाना अंतरिक्ष के बारे में
जांजगीर-चांपा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राहौद में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और छात्रों को खगोल विज्ञान की अद्भुत दुनिया से परिचित कराने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों को ओ 2 तारामंडल दिखाया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा, विधायक पामगढ़ शेषराज हरबंश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ तारामंडल देखा। कलेक्टर ने कहा कि तारामंडल कार्यक्रम आयोजन छात्रों के लिए बेहद रोमांचक और ज्ञानवर्धक है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को आकाश गंगा, ग्रहों, तारों और अंतरिक्ष में मौजूद अन्य खगोलीय पिंडों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें खगोल विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों और अंतरिक्ष में होने वाली घटनाओं के बारे में भी बताया गया। इस दौरान कलेक्टर ने स्कूल में रामानुजन गणित उद्यान का किया निरीक्षण किया। व्याख्याता श्री चेतन प्रसाद साहू ने बताया कि उद्यान के माध्यम से गणित के विभिन्न सिद्धांतों और संकल्पनाओं को सरल और रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों और गणित प्रेमियों में इस विषय के प्रति रुचि जागृत हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उद्यान में रखे गए विभिन्न गणितीय मॉडलों, गतिविधियों और प्रदर्शनों की विस्तार जानकारी ली। इसके अलावा स्कूल की प्रयोगशाला, विद्यार्थियों से भी चर्चा करते हुए उसके सिलेबस के बारे में जानकारी ली और जिले में चलाए जा रहे उत्कृष्ट जांजगीर अभियान के सम्बंध में जानकारी दी।
कलेक्टर ने किया जांजगीर में ट्रांजिट हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर व निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ का निरीक्षण
जांजगीर चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा गुरुवार को जांजगीर में नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर निरीक्षण किया है। उन्होंने वहां सुविधाओं की विस्तार से जानकारी लेकर उचित रखरखाव के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ-सफाई, बुनियादी ढांचे की स्थिति, और कर्मचारियों के रहने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सीजीएमएससी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी प्रकार की कमी या सुधार की आवश्यकता हो, तो उसे तत्काल ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
पामगढ़ में निर्माणाधीन स्व. श्री बहोरिक लाल सूर्यवंशी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर आकाश छिकारा सहित पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। श्री छिकारा ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता हो ताकि यहां के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से स्थानीय लोगों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
खोखरी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
कलेक्टर आकाश छिकारा ने शिविर में दी शासन की योजनाओं की जानकारी
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की मांग एवं समस्याओं के समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं लाभ देने के लिए जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत खोखरी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिक सहित आस-पास गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में माँग एवं समस्याओं से संबधित कुल 359 आवदेन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों को समय सीमा में दर्ज कराया गया है। इस दौरान विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का विधायक शेषराज हरवंश, उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अतिथियों ने अवलोकन किया।
जन समस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए विधायक पामगढ़ शेषराज हरवंश ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से एक मंच में सभी विभागीय योजनाओं को जानकारी मिल रही है और आम जनता की समस्याओं का निराकरण हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देकर निराकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो आवेदन प्राप्त हो रहे है उनका समय सीमा के भीतर निदान किया जाए। टीम वर्क से शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से लोगो की समस्याओं का समाधान हो रहा है। पहले जिस समस्याओं को लेकर आवेदन करने जिला जाना पड़ता था वह शासन प्रशासन लोगो के घर तक पहुंच रहा है और नागरिक गण अपनी समस्याओं के निदान के साथ ही सरकारी सेवाओं का लाभ ले रहें है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि शासन की योजनाएं आम नागरिक तक पहुंचे और उनका क्रियान्वयन शत प्रतिशत हो इसको लेकर जिले में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शासन द्वारा चलाये जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं व जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे नवाचार कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य सेवाओं के साथ साथ आप 5 लाख तक स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं। इसी प्रकार पीएम सम्मान निधि, विश्वकर्मा योजना शासन द्वारा चलाई जा रही है जिसका अधिक से अधिक लाभ लें। जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन भी शासन-प्रशासन के सभी विभागों को एक जगह उपस्थित होकर आम लोगों की समस्या, जरूरत व मांगों का समाधान करने व जरूरतमंद व पात्र हितग्राहियों व जनहित के मुद्दे का निराकरण करने आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान के अलावा दूसरी कृषि, उद्यानिकी की फसलों को भी जरूर लगाए। इसके अलावा पीएम आवास योजना के माध्यम से जिनको आवास मिला है। इसके अलावा महात्मा गांधी नरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, बिहान योजना के माध्यम से स्व सहायता समूह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को हम सबको पूरा करना है।
शिविर में कृषि विभाग, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद विभाग आदि द्वारा जानकारी प्रदान की गई। शिविर में गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन, मोटराईज्ड ट्राईसायकल, जाति प्रमाण पत्र का वितरण, मत्स्य पालन के लिए तालाब को लीज पर देने के पट्टे का वितरण भी किया। एक पेड़ मां के नाम पौधे का वितरण भी अतिथियों द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को मुख्यमंच से योजनाओं से लाभांवित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम को श्री गुलाब सिंह चंदेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य धरमलाल भारद्वाज, चंद्रकांत तिवारी, सहायक कलेक्टर दुर्गाप्रसाद अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम वहीदूर्रहमान, जनपद पंचायत सीईओ मनीशंकर कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकजन उपस्थित रहे।
भाजपा सदस्यता अभियान में जांजगीर-चांपा जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर
1.62 लाख के लक्ष्य के एवज में 1.30 लाख सदस्य बने
जांजगीर। भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान 6 सितम्बर से जारी हैं जिसका समापन 30 अक्टूबर को होना है इस अवधि में जांजगीर-चांपा जिला बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज हो चुका हैं।
इस संबंध में सदस्यता अभियान के जिला संयोजक अमर सुल्तानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में पूरे जिले में बढ़ चढ़ कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान चलाया है जिसका परिणाम रहा कि समापन तिथी के पूर्व जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर आ चुका हैं। जिले में अब तक 1.30 लाख सदस्यता पूर्ण कर ली गई हैं।
अमर सुल्तानिया ने आगे बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से इतिहास रचने जा रही हैं। भाजपा के कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक सीधे पहुंच कर उन्हें पार्टी की रितियों और नीतियों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं जिससे प्रभावित होकर लोग बढ़ चढ़ कर भाजपा के सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। अब तक प्रदेश में 47 लाख से ज्यादा सदस्य बन चुके हैं वहीं देश में साढ़े 9 करोड़ से ज्यादा सदस्यों का आंकड़ा पार हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिला सहसंयोजक अरूण झाझड़िया, नंद चौधरी, धनंजय सिंह ठाकुर, श्रीमती शांति देवी भारते सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के द्वारा जांजगीर-चांपा जिले को दिये गये 1.62 लाख के लक्ष्य के एवज में अबतक 1.30 लाख सदस्यता पूर्ण कर लिया हैं और सत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रयासरत हैं।
अमर सुल्तानिया ने सदस्यता अभियान से जुड़े हर एक पार्टी कार्यकर्ता का आभार प्रकट करते हुए उनके बहुमूल्य योगदान को सराहा है। उन्होने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर एक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण हैं। सभी के सहयोग से भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित है।
सदस्यता अभियान के संयोजक ने बताया कि सदस्यता ऑनलाईन और ऑफलाईन दोनो तरह से चलाया जा रहा है जिन क्षेत्रों मे ऑनलाईन की सुविधा नही है या जिनके पास स्मार्ट फोन नही है ऐसे नागरिको को भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ऑफलाईन मोड पर दिलाई जा रही हैं। जिले में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा हैं। लोग बढ़ चढ़ कर सदस्यता अभियान में भागीदारी निभाते हुए भाजपा के मूल्यों, नितियों और रितियों को अपना रहे हैं। अमर सुल्तानिया ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि विकास के लिए प्रतिबद्ध विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्या बनकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 24 को प्लेसमेंट कैम्प
जांजगीर-चांपा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 24 अक्टूबर 2024 को सुजूकी मोटर्स-शेपर्स टैलेंट हायर सर्विस (कैम्पस रिक्रूटमेंट पार्टनर) की ओर से 24550 रुपये मासिक की दर से एनसीवीटी एवं एनसीवीटी के विभिन्न व्यवसाय (फिटर, मैकेनिक डीजल, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, विद्युतकार, टूल एण्ड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेटर जनरल, वायरमेन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, शीट मेटल वर्क) के ऐसे पुरुष प्रशिक्षणार्थी जो कि 2017 से 2024 के बीच पास हुये है एवं जिनकी आयु 18-24 वर्ष हो आवेदन कर सकते है। आवेदक 24 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे समस्त आवश्यक दस्तावेज (10वीं, 12वीं, आई.टी.आई. आधार/पैन कार्ड की मूल एवं 02 छायाप्रति वर्तमान पासपोर्ट फोटो की 03 प्रति) के साथ संस्था में आयोजित प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित हो सकते हैं।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
24 अक्टूबर को पामगढ़ विकासखंड के ग्राम खोखरी में जनसमस्या निवारण शिविर का होगा आयोजन
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने मुख्य मंत्री जनदर्शन, समय सीमा के प्रकरण, कलेक्टर जनदर्शन और जनशिकायत, चैट बोट संवाद 24×7 के प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर व चैट बोट संवाद 24×7 में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 5 नवंबर को हाई स्कूल मैदान में राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव कार्यक्रम के गरिमामय आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आवश्यक तैयारी एवं सौपे दायित्व का कर्तव्यपूर्वक निर्वाहन करने कहा। उन्होंने आवागमन, स्टॉल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग एवं विद्युत व्यवस्था करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को शासन के योजनाओं कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर ने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा के तहत मासिक टेस्ट में 10वीं एवं 12वीं के टॉप करने वाले 15-15 बच्चों को रायपुर साइंस सेंटर भ्रमण कराने हेतु आवश्यक तैयारी करने कहा। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति पर भर्ती कार्यवाही एवं अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की रिक्त पदों की जानकारी ली एवं रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की कार्यवाही करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। उन्होंने राजस्व एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप आय-जाति प्रमाण पत्र बनाने में प्रगति लाने के निर्दश दिए। कलेक्टर ने सीएमओ, जनपद सीईओ एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को ई-केवाईसी, श्रम कार्ड का पंजीयन, राशन का नवीकरण में प्रगति लाने कहा।
कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि 24 अक्टूबर को पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत खोखरी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारी करने कहा। उन्होंने शिविर में सीमांकन, बटांकन, नामांतरण, नक्शा सुधार, राशन कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र के कार्य सहित नागरिकों के अन्य मांग, समस्याएं व शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
ट्रैक्टर की टक्कर से दो की मौत
जांजगीर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर की टक्कर से जिले के दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदई के निवासी हैं। जानकारी अनुसार धरदई निवासी आदित्य पटेल व चंद्र राम साहू अपनी बाइक सीजी 11 एके 5340 में सवार होकर ग्राम जोंधरा की ओर जा रहे थे।
ग्राम सोनसरी ढाबा के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने उन्हें ठोकर मार दी। इससे बाइक चालक जमीन पर गिर पड़े। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद जानकारी परिजनों को दी गई। पुलिस मर्ग दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। परिजन व चश्मदीदों का बयान लिया जाएगा।
समय-सीमा, जनदर्शन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय सीमा की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में स्वस्थ जांजगीर-चांपा अभियान की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य अमले को चिन्हित व संदिग्ध लोगों का शत प्रतिशत सैम्पल जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी की भी जांच नहीं छूटनी चाहिए और संबंधित की बीमारी की जानकारी मिलने पर उसका हर संभव इलाज किया जाए। इस दौरान उन्होंने जिले में बाढ़ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को एवं मौसमी बीमारियों पर स्वास्थ्य अमले को लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डायरिया के जहां जहां प्रकरण आए थे वहा पर नियमित जांच की जाए। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड को लेकर नियमित शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से युक्तियुक्तकरण में राज्य शासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की गाइडलाइन समय सीमा के साथ निर्धारित कर दी गयी है, जिसका पूरी तरह पालन करना है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित अनुकम्पा नियुक्ति के पत्रों, निर्देशों के आधार पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में प्रतिभाओं को निखारने, पहचानने ‘‘टैलेंट तिहार: प्रतिभा को पंख‘‘ कार्यक्रम हेतु स्कूलो में प्रतिस्पर्धा की आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 22 अगस्त को बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्वे-ब के शासकीय प्राथमिक शाला प्रागंण में आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर एवं 23 अगस्त को विकासखंड अकलतरा के ग्राम पंचायत तरौद में होने वाले आजीविका ऋण मेला की आवश्यक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम किसान योजना में नवीन कृषक पंजीयन प्रगति की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करते हुए किसानों का पंजीकरण करने कहा। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर अधिक से अधिक जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने विशेष ग्राम सभा का भी आयोजन किया जाए। बैठक में उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से छात्रावास, अस्पताल, स्कूल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार करने कहा। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से जल संरक्षण के कार्यों को किया जाए और मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीयन कराया जाए। उन्होंने जिले में खाद बीज भण्डारण की जानकारी लेते हुए पर्याप्त भंडारण रखने कहा। इसके साथ ही कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, समय सीमा के प्रकरण, कलेक्टर जनदर्शन और जनशिकायत, चैटबोट संवाद 24×7 के प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को समय-सीमा कर अंदर निराकरण करने के निर्देश दिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, अग्निवीर, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एसपी वैद्य सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।