छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: अब 14 अगस्त तक करा सकेंगे फसल बीमा पंजीयन
जांजगीर-चांपा,। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 की अधिसूचित फसलों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर अब ’’14 अगस्त 2026’’ कर दी गई है। इससे वे किसान, जो निर्धारित समय-सीमा तक फसल बीमा नहीं करा सके थे, अब अतिरिक्त समय का लाभ लेकर अपना बीमा पंजीयन करा सकेंगे।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि जिले में खरीफ 2026 के लिए धान (सिंचित एवं असिंचित) फसल अधिसूचित है। योजना के तहत किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा, जबकि शेष प्रीमियम का वहन केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा किया जाएगा। जिले में धान (सिंचित) के लिए प्रति हेक्टेयर कृषक प्रीमियम 1,320 रुपये तथा धान (असिंचित) के लिए 946 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित क्षेत्र में बुवाई नहीं हो पाने, प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति, फसल कटाई प्रयोग के आधार पर उपज में कमी तथा फसल कटाई के बाद निर्धारित 14 दिवस की अवधि में ओलावृष्टि, चक्रवात एवं बेमौसम वर्षा जैसी प्राकृतिक घटनाओं से हुई क्षति पर बीमा एवं क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। प्राकृतिक आपदा अथवा फसल कटाई उपरांत नुकसान की स्थिति में किसान ’’72 घंटे के भीतर बैंक, लोक सेवा केंद्र (सीएससी), कृषि विभाग, राजस्व विभाग, कृषि रक्षक पोर्टल’’, हेल्पलाइन 14447 अथवा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 70655-14447 के माध्यम से सूचना दर्ज करा सकते हैं।
योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसान ले सकते हैं। अऋणी किसानों को आवेदन के साथ आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका (बी-1), बैंक पासबुक, बुवाई प्रमाण पत्र अथवा स्वघोषणा पत्र तथा मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। वहीं बटाईदार, काश्तकार एवं साझेदार किसानों को फसल साझा अथवा काश्तकार घोषणा पत्र भी जमा करना होगा। किसान अपने निकटतम राष्ट्रीयकृत बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र (सीएससी) अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से 14 अगस्त 2026 तक फसल बीमा पंजीयन करा सकते हैं। उप संचालक कृषि ’’ राकेश शर्मा’’ ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खेती में जोखिम कम करने, किसानों की आय को सुरक्षित रखने तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने सभी किसान भाई-बहनों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते फसल बीमा पंजीयन कराने का आग्रह किया है।
भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा में डिप्लोमा पाठ्यक्रम हेतु 30 जुलाई तक आवेदन
जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामोद्योग संचालनालय (हाथकरघा), रायपुर के अंतर्गत संचालित भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, चाम्पा एवं बरगढ़ (उड़ीसा) में जुलाई 2026 सत्र से प्रारंभ होने वाले डिप्लोमा इन हैण्डलूम एंड टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी के त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु छत्तीसगढ़ राज्य के पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्राचार्य भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान ने बताया कि संस्थान में प्रथम सेमेस्टर में 30 सीटों तथा लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे तृतीय सेमेस्टर में 27 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10वीं अथवा समकक्ष परीक्षा अंग्रेजी विषय सहित उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 1 जुलाई 2026 को 15 से 23 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 17 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। लेटरल एंट्री के तहत सीधे तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश के लिए गणित, भौतिकी एवं रसायन विषय सहित 12वीं उत्तीर्ण, अथवा वस्त्र प्रौद्योगिकी विषय सहित 12वीं, अथवा 10वीं के साथ 2 वर्षीय आईटीआई प्रशिक्षण, अथवा 12वीं के साथ 2 वर्षीय आईटीआई प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी पात्र होंगे। इसके लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की आयु 17 से 25 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों की आयु 17 से 27 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आवेदन पत्र संस्थान की वेबसाइट www.iihtchampa.org.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। अभ्यर्थी स्वप्रमाणित आवेदन पत्र डाक, ई-मेल iihtchampacg@gmail.com अथवा स्वयं उपस्थित होकर 30 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक प्राचार्य, भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, मड़वा प्लांट रोड, लछनपुर चौक, चाम्पा, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.) पिन-495669 के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
आजीविका डबरी बना किसान पिताम्बर बरेठ के लिए समृद्धि का आधार
विकसित भारत जी राम जी योजना से मिला सिंचाई का स्थायी साधन, अब खेती के साथ मत्स्य पालन से भी बढ़ेगी आय
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले में संचालित मोर गांव मोर पानी अभियान किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसी अभियान के तहत विकासखंड नवागढ़ की ग्राम पंचायत पचेड़ा के लघु कृषक पिताम्बर बरेठ को विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से कृषि एवं आजीविका डबरी की सौगात मिली है, जिससे उनकी खेती और आजीविका को नई दिशा मिली है।
वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 0.907 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह आजीविका डबरी पूर्ण हुआ। निर्माण कार्य के दौरान 299 मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ, जिससे स्थानीय श्रमिकों को भी रोजगार प्राप्त हुआ। डबरी बनने के बाद वर्षा जल का प्रभावी संचयन होने लगा है, जिससे किसान को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है। डबरी के निर्माण से अब पिताम्बर बरेठ वर्षभर खेती करने के साथ-साथ मत्स्य पालन की भी योजना बना रहे हैं। इससे उनकी आय के नए स्रोत विकसित होंगे और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी। साथ ही भू-जल संरक्षण एवं जल उपलब्धता में सुधार से आसपास के खेतों को भी लाभ मिलेगा। पिताम्बर बरेठ ने बताया कि पहले सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित होती थी, लेकिन अब आजीविका डबरी बनने से पानी की चिंता काफी हद तक दूर हो गई है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार का भविष्य भी सुरक्षित होगा।
कलेक्टर ने जिले में आयोजित एग्रीस्टैक कृषक पंजीयन एवं बकेट क्लेम विशेष शिविरों का किया औचक निरीक्षण
पेंड्री एवं तिलई समितियों का किया दौरा, शत-प्रतिशत कृषक पंजीयन एवं लंबित बकेट क्लेम के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
एग्रीस्टैक पंजीयन के बिना धान विक्रय से वंचित हो जाएंगे कृषक, कलेक्टर ने जिले के सभी कृषकों से पंजीयन कराने की अपील की
जांजगीर-चांपा । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक फार्मर आईडी को अनिवार्य किए जाने के मद्देनजर कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों में एग्रीस्टैक कृषक पंजीयन एवं बकेट क्लेम के निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए गए। कलेक्टर महोबे ने आज जिले के पेंड्री एवं तिलई सहकारी समितियों में आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को शत-प्रतिशत कृषक पंजीयन एवं लंबित बकेट क्लेम प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय के लिए प्रत्येक किसान का एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन अनिवार्य है। उन्होंने शिविरों में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कोटवारों के माध्यम से किसानों को सूचना देने, गांव में मुनादी कराने के निर्देश दिए। जिन किसानों के आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं, उनके प्रकरणों का चॉइस सेंटर के माध्यम से निराकरण कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सहकारी समितियों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने समिति में उपलब्ध उर्वरकों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण पर विशेष ध्यान देने तथा नैनो यूरिया के उपयोग एवं लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी जिला सहकारी बैंक अमित साहू, अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल सहित कृषि, राजस्व एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
साप्ताहिक जनदर्शन का हुआ आयोजन, 66 आवेदन हुए प्राप्त
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आज जनदर्शन में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में आज तहसील जांजगीर अंतर्गत ग्राम बसंतपुर निवासी रमेश कुमार पटेल द्वारा भू अधिकार पुस्तिका में सुधार करवाने, तहसील मुख्यालय जांजगीर के चंदनियापारा निवासी श्रीमती जमुना यादव प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाने, तहसील शिवरीनारायण अंतर्गत ग्राम दुरपा निवासी श्रीमती चंद्रिका देवी सहिस द्वारा पेंशन दिलाने, तहसील मुख्यालय चांपा निवासी मदनलाल देवांगन द्वारा आवासीय पट्टा नामांतरण करवाने, तहसील मुख्यालय अकलतरा निवासी अजय कुमार द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना अंतर्गत ऋण दिलवाने, तहसील बलौदा के ग्राम औराई कला निवासी सुखी राम पटेल द्वारा मुआवजा राशि दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही जनदर्शन में सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर समय सीमा में आवेदनों का निराकरण करें तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों के समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण करने कहा
सभी अधिकारी-कर्मचारी ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करें, बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस होगा जारी
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, सभी कार्यों की प्रगति निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश
एग्रीस्टेक पंजीयन सभी किसानों को कराना अनिवार्य, अभियान चलाकर शेष पंजीयन पूर्ण करना सुनिश्चित करें - कलेक्टर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन के संबंध में विभागों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
जांजगीर-चांपा 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री महोबे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें तथा प्रत्येक प्रकरण का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सभी कार्यालयीन कार्यों का प्रभावी एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के व्यापक उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ती है, इसलिए सभी अधिकारी ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करें।
कलेक्टर ने बैठक में सभी विभागों में ई-अटेंडेंस प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों अथवा कर्मचारियों द्वारा बिना उचित कारण के ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभाग प्रमुखों को ई-अटेंडेंस की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम गरिमामय रूप से आयोजित किया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, परेड, बैठक व्यवस्था, साज-सज्जा, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा सहित अन्य सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शहीद परिवारों को सम्मान आदि के संबंध में निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आवेदनों का निराकरण में समय सीमा में किया जाए। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विभागीय निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी एवं प्रगति जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। कलेक्टर ने पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
राहवीर एवं राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री महोबे ने निर्देशित किया कि जिले में नियमित एवं सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान प्रत्येक वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्य जांच की जाए तथा बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों लिए हेलमेट पहनना तथा चारपहिया वाहन चालकों और यात्रियों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरलोडिंग, तेज गति, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएं। उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर सहायता करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस योजना की जानकारी दी जाए। कलेक्टर ने सड़क किनारे किये गये अवैध कब्जा को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
राशन कार्ड सेवाओं को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करने हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से 20 एवं 21 जुलाई 2026 को सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नई ऑनलाइन सेवाओं के संचालन एवं प्रक्रिया संबंधी जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विभिन्न विभागों के सत्यापनकर्ता एवं ऑपरेटर शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान सामान्य (एपीएल), अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन राशन कार्ड जारी करने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं नाम हटाने जैसी नई सेवाओं के ऑनलाइन संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिला ई-गवर्नेंस शाखा द्वारा सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध 36 विभागों की 550 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को प्रदान की गई। प्रशिक्षण में सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने, सत्यापनकर्ता एवं अनुमोदनकर्ता द्वारा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट के माध्यम से लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों के ऑनलाइन निराकरण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसी क्रम में जिले के समस्त सेवा सेतु ऑपरेटरों का जनपदवार वर्चुअल प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें राशन कार्ड संबंधी सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन के सफल संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री सुनील कुमार साहू ने बताया कि पूर्व में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से लगभग 120 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें उन्नत तकनीक के साथ सेवा सेतु प्लेटफॉर्म पर एकीकृत कर अब 36 विभागों की 550 से भी अधिक सेवाएं नागरिकों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र के साथ-साथ राशन कार्ड संबंधी सेवाएं, ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन हेतु छत्तीसगढ़ राजपत्र सहित 550 से अधिक महत्वपूर्ण सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं तथा भविष्य में और भी नई सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला खाद्य अधिकारी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों से किया वर्चुअल संवाद
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026
विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत प्लेटफॉर्म द्वारा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा गृह मंत्रालय के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के युवा प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल संवाद किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की उपस्थिति में जिले में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में वर्चुअल माध्यम जिले के युवा प्रतिभागी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने युवाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों में उनके अनुभवों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर चर्चा की और उन्हें देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा माथुर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के उस विजन को आगे बढ़ाना है, जिसके तहत सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का आयोजन 3 जून से 30 जून 2026 तक दो चरणों में किया गया। इस दौरान देश के 245 जिलों से चयनित 403 युवाओं ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के 74 वाइब्रेंट सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर वहां की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के लिए आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में देशभर के तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था। इनमें से प्रत्येक राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं का चयन इस विशेष कार्यक्रम के लिए किया गया।
रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर की गई कार्रवाई, 1 हाईवा एवं 2 ट्रैक्टर जब्त
जांजगीर-चांपा 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोकथाम हेतु राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के ग्राम पीथमपुर क्षेत्र का औचक जांच किया गया। खनि अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 2 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा को जब्त करते हुए रेत अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया। दर्ज प्रकरण पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 ख/ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71में उल्लेखित प्रावधानों के अधीन अग्रिम कार्रवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, खोखसा में आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ स्वयं का बचाव करने के लिए सक्षम बनाना तथा उनमें साहस एवं आत्मरक्षा के गुण विकसित करना था।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षक श्री वरुण पाण्डेय ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक उपायों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अचानक हमले, गला दबाने अथवा पकड़ लिए जाने जैसी परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करने के प्रभावी तरीके एवं त्वरित प्रतिक्रिया के कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बालिकाओं को उनकी आयु के अनुरूप गुड टच एवं बैड टच की जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता एवं महिला सम्मान की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने ली योजनाओं की व्यापक समीक्षा
विकसित भारत-जी राम जी, आजीविका मिशन, पीएम आवास, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर दिए आवश्यक निर्देश
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने विगत दिवस पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा सभी कार्य निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
बैठक में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यों की स्वीकृति, एसएनए स्पर्श, ई-केवाईसी, युक्तधारा ग्राम सभा, जल संरक्षण कार्यों की प्रगति, आजीविका गतिविधियों की तैयारी, जिला स्तरीय जानकारी की समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण से जुड़े प्रभावी कार्यों को प्राथमिकता देने तथा रोजगार सृजन को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, एफएसटीपी, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, बायोगैस संयंत्रों की स्थापना, निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति तथा नवाचारों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने स्वच्छता संबंधी कार्यों में गुणवत्ता एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पीएमएवाई-जी एवं विशेष परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, जियो टैगिंग, भुगतान की समयबद्ध प्रक्रिया तथा हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, क्षमता विकास योजना, नवीन ग्राम पंचायत भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, 15वंा वित्त आयोग के कार्यों तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही महतारी सदन, पंचायत भवन, डीपीआरसी भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों, एफपीओ, लखपति दीदी अभियान, क्लस्टर विकास, वित्तीय प्रबंधन, प्रशिक्षण, विपणन एवं रोजगारोन्मुखी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आजीविका संवर्धन के लिए नवाचार आधारित पहल करने के निर्देश दिए। बैठक में सामाजिक अंकेक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना के सामाजिक अंकेक्षण, लंबित एटीआर प्रकरणों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से सभी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
रायपुर : अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, एक हाईवा और दो ट्रैक्टर जब्त
राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नियमों के तहत होगी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पीथमपुर क्षेत्र में औचक जांच कर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई की।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक हाईवा और दो ट्रैक्टर को जब्त किया गया। मामले में अवैध रेत परिवहन का प्रकरण दर्ज कर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
दर्ज प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के प्रावधानों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध नियमित निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
संभागायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा,। संभागायुक्त सुनील जैन ने आज ग्राम कुटरा स्थित निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन, ऑडिटोरियम, छात्रावास, पहुंच मार्ग सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्यों में सामग्री एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री जैन ने सीजीएमएससी के नोडल अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज परियोजना की प्रगति, विभिन्न भवनों के निर्माण तथा अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। संभागायुक्त श्री जैन ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना के पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी ली तथा संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत संभागायुक्त सुनील जैन ने पीपल तथा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम का पौधरोपण किय इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक पेड़ माँ के नाम: संभागायुक्त, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
जांजगीर-चांपा,। पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ स्थित डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परिसर में आज “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भी पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजना मानेस जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, कुटराबोड़ सरपंच पुष्कर दिनकर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम पामगढ़ आर.के. तंबोली, जनपद पंचायत पामगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एस. कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात संभागायुक्त श्री जैन ने कुटराबोड़ स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं का जायजा लिया।
संभाग आयुक्त ने जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली
जांजगीर-चांपा । बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संभागायुक्त श्री जैन ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं की क्रियान्वयन एवं जनहित के कार्यों में पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे, डीएफओ हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर के तंबोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में संभागायुक्त श्री जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा करते हुए प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयीन कार्यों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने तथा राजस्व न्यायालय के सभी प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑटो डायवर्सन, अविवादित नामांतरण, भू-अर्जन, मुआवजा सहित विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली तथा कुपोषण स्तर में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल उपलब्ध कराने तथा जिन केंद्रों में पानी की टंकी नहीं है, उनके प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ई-अटेंडेंस का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी, पीएम श्री स्कूल एवं बाल वाटिका के प्रभावी संचालन, कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी तथा परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यालयों का श्रेणीवार विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।
बैठक में संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं विकसित भारत जी राम जी योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लखपति दीदी योजना के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा सभी पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने आयुष्मान भारत कार्ड एवं वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने नगरीय निकायों की समीक्षा करते हुए अमृत योजना, जल आवर्धन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने तथा लो-वोल्टेज प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने, खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को फसल चक्र अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, 2 करोड़ की ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब दो करोड़ रुपये की ठगी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक चेकबुक जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।
प्रार्थी समेत कई लोगों ने आरोपियों की बातों में आकर चेक और RTGS के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये उनके बैंक खातों में जमा करा दिए। विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपियों ने शुरुआत में 39,99,400 रुपये वापस किए, लेकिन बाद में बाकी रकम लौटाने से इंकार कर दिया और पूरी राशि का गबन कर लिया।
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।