छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
प्रेमी जोड़े की पेड़ पर लटकी मिली लाश
जांजगीर-चांपा । जिले के धनेली गांव में युवक-युवती ने एक साथ पेड़ पर फांसी लगाकर आत्मत्या कर ली। दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
युवक की पहचान अमोरा निवासी शैलेन्द्र केवट के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान रामकुमारी सिंह (36 वर्ष) सोहागपुर, कोरबा की रहने वाली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच में जुट गई है।
जानकरी के मुताबिक, धनेली गांव के खड़ाखोडी तालाब के पास बबुल पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक-महिला, प्रेमी जोड़े हैं।
मृतक शैलेन्द्र सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए घर से निकला था। उसकी 3 महीने पहले ही शादी हुई थी. वहीं मौके पर मृत मिली महिला रामकुमारी सिंह के माथे पर सिंदूर देखा गया है।
पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का घर, सुमित्रा पटेल के लिए बना सहारा
जांजगीर-चांपा। जिले के जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरगहनी (च) की श्रीमती सुमित्रा पटेल के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई। यह योजना उनके दिवंगत पति स्व. लखनलाल पटेल के अधूरे सपनों को साकार करने वाली बनी, जिससे आज वे एक सुरक्षित और पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रही हैं। स्व. लखनलाल पटेल का परिवार बेहद ही साधनहीन था और उनकी रोजी-रोटी की एकमात्र सहारा मजदूरी थी। स्वयं की खेती की जमीन नहीं होने के कारण उनका परिवार वर्षों तक एक कच्चे और जर्जर मिट्टी के घर में रह रहा था।
जीवनभर मेहनत करने के बावजूद पक्का मकान बनाना केवल एक सपना बनकर रह गया था। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पात्र पाते हुए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि किश्तों में उनके खाते में हस्तांतरित की गई। इस योजना के माध्यम से लखनलाल और उनकी पत्नी सुमित्रा ने मिलकर अपने सपनों का मजबूत पक्का घर तैयार किया। दुर्भाग्यवश घर पूर्ण होने के कुछ समय बाद ही लखनलाल का आकस्मिक निधन हो गया। अब सुमित्रा पटेल उसी मकान में अपने पति की स्मृतियों के सहारे जीवन यापन कर रही हैं। उनका कहना है कि, सरकार की इस योजना ने हमें वह दिया जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की थी।
यह घर अब मेरे जीवन का सहारा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही उन्हें महात्मा गांधी नरेगा के तहत मजदूरी कार्य, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय जैसी सुविधाएं भी प्राप्त हुई हैं। श्रीमती सुमित्रा पटेल ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह योजना हम जैसे गरीब परिवारों के लिए आशा की किरण है, जिससे हमें जीवन में स्थायित्व और सम्मान मिला है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के 6 पदाधिकारियों को 7-7 साल की जेल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के छह पदाधिकारी और सदस्यों को लूटपाट, मारपीट और उगाही के मामले में सात-सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश (FTC), न्यायालय जांजगीर ने सुनाया। मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक योगेश गोपाल ने की।
2021 में दुकान में घुसकर की थी लूटपाट
यह मामला 27 अगस्त 2021 का है, जब बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में कीटनाशक दवाइयों की दुकान में घुसकर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और एक लाख रुपये की उगाही की थी। आरोपियों ने दुकान मालिक से जबरन वसूली करते हुए उसे धमकाया था।
दोषियों के नाम और पते
भूपेन्द्र रात्रे (31 वर्ष) – बोकरामुडा, बलौदा
लक्की उर्फ लकेश्वर वर्मा (29 वर्ष) – भनपुरी, रायपुर
तरुण कुमार (23 वर्ष) – भनपुरी, रायपुर
कृपाण बघेल (26 वर्ष) – दीनदयाल कॉलोनी, रायपुर
भोला कश्यप (29 वर्ष) – मलदा, थाना हसौद, जिला शक्ति
रामपल कश्यप (24 वर्ष) – ग्राम जमडी, थाना हसौद, जिला शक्ति
सजा का विवरण
धारा 147, 148, 452, 323, 386 IPC: प्रत्येक आरोपी को 1 वर्ष सश्रम कारावास, ₹200 जुर्माना
धारा 397 IPC: 7 वर्ष सश्रम कारावास, ₹500 जुर्माना
भोला कश्यप को अतिरिक्त रूप से आयुध अधिनियम 25(1)(1-ख)(ख) के तहत 3 वर्ष की सजा और ₹200 जुर्माना
न्यायालय का सख्त संदेश
इस फैसले ने यह साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना जैसे संगठनों की आड़ में अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
16 जून से 15 अगस्त तक मत्स्याखेट प्रतिबंधित
जांजगीर-चांपा। वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्धि (प्रजनन) को दृष्टिगत रखते हुए, उन्हें संरक्षण देेने के लिए राज्य में छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्याखेट अधिनियम 1972 की धारा 3 की उपधारा दो के तहत 16 जून 2025 से 15 अगस्त 2025 तक क्लोज सीजन घोषित किया गया है।
सहायक संचालक मछली पालन विभाग ने बताया कि जिले के समस्त नदियों, नालों तथा छोटी नदियों, सहायक नदियों में जिन पर सिंचाई के तालाब, जलाशय (बड़े या छोटे) निर्मित किए गए हैं, उनमें किये जा रहे केज कल्चर के अतिरिक्त सभी प्रकार का मत्स्याखेट पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य क्षेत्र (संशोधित) अधिनियम के नियम - 3 (5) के अंतर्गत अपराध सिद्ध होने पर एक वर्ष का कारावास अथवा 10 हजार रूपए का जुर्माना या दोनों एक साथ होने का प्रावधान है। यह प्रतिबंध छोटे तालाब या अन्य जल स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी नाले से नहीं है, के अतिरिक्त जलाशयों में किये जा रहे केज कल्चर में लागू नहीं होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध : कलेक्टर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति-शासी निकाय एवं कार्यकारी समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनोज बर्मन, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी सहित जिले के सभी विकासखंडों के बीएमओ, स्वास्थ्य अधिकारी एवं मिशन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर महोबे ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता हो, अधिकारी बेझिझक अपनी बात रखें, प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए और कहा कि जांजगीर-चांपा एक मैदानी जिला है, जहां शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अपेक्षित है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लें, ताकि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि गर्भवती महिलाओं को समुचित देखरेख एवं सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहन मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि मौसमी बीमारियों डायरिया, डेंगू, मलेरिया एवं फाइलेरिया से बचाव के लिए जनसामान्य में आवश्यक सावधानी, सर्तकता एवं जागरूकता के लिए कार्य करें। उन्होंने बारिश में मौसमी बिमारियों के मद्देनजर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने, दवां एवं फॉगिंग मशीन से छिड़काव करने के निर्देश संबंधित अधिकरियों को दिए। उन्होंने बारिश को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य केन्द्रों में एण्टी स्नैक वैनम की दवाई रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सिकल सेल एनीमिया की जांच बढ़ाई जाए और इसके प्रति जनजागरूकता अभियान को व्यापक रूप से चलाया जाए, ताकि समय रहते रोग की पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में नियमित शिविरों का आयोजन करने तथा विशेष रूप से पुरुष नसबंदी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, मोबाइल मेडिकल यूनिट, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन, एनीमिया मुक्त भारत, वेलनेस एक्टिविटी, एचआईवी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता हैं और इनके क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वय वंदना कार्ड, आयुष्मान कार्ड में शत प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु आवेदन
जांजगीर-चांपा । एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ में जनपद पंचायत नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुडपारा (खि) अतर्गत ऑगनबाडी केन्द्र मुड़पारा 01 में ऑगनबाड़ी सहायिका 01 पद के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ ने बताया कि इच्छूक अभ्याथियों से 20 जून 2025 तक आवेदन पत्र कार्यालयीन दिवस एवं समय पर 10 बजे से सायं 5.30 बजे तक स्वयं अथवा पंजीकृत डाक से भेजा जा सकता है। निर्धारित समयावधि के पश्चात् प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरण एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित कर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने कहा। बैठक में कलेक्टर ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित हो तथा आम नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने आयोजन स्थल, प्रशिक्षक, प्रचार-प्रसार एवं अन्य योग दिवस संबंधी सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि वे धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से मिट्टी की गुणवत्ता, जल संरक्षण और आय में वृद्धि संभव है। उन्होंने धान के बदले अन्य लाभकारी फसल लेने हेतु कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास योजना में आ रही समस्याओं की गहन समीक्षा करते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का पूर्ण लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने आगामी शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पहले सभी स्कूलों, छात्रावासों की मरम्मत एवं जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय कार्यों में लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने शिवरीनारायण क्षेत्र में घाटों की सफाई सुनिश्चित करने और खाली पड़े स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है। बैठक में कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारियों को वृक्ष लगाने हेतु प्रेरित किया और जल संरक्षण की दिशा में विभागीय योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में डायवर्सन के प्रकरण, नक्शा बटांकन की जानकारी, विवादित खाता विभाजन, विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, सीमांकन, आरबीसी 6-4 के प्रकरण की जानकारी ली एवं समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना, सिकलसेल सर्वे, आयुष्मान कार्ड, केसीसी, ई-ऑफिस, फार्मर रजिस्ट्री, अनुकम्पा नियुक्ति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, सर्व एसडीएम सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं
94 आवेदन हुए प्राप्त, संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जिले के नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को सुना। जनदर्शन में कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए, कलेक्टर ने प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आज जनदर्शन में तहसील जांजगीर के ग्राम मुनुन्द निवासी श्रीमती श्यामता बाई ने ऋण पुस्तिका जारी करने हेतु आवेदन लेकर पहुंची। कलेक्टर ने आवश्यक जांच करते हुए ऋण पुस्तिका जारी करने के निर्देश एसडीएम को दिए। इसी प्रकार जनदर्शन में तहसील पामगढ़ के ग्राम सिल्ली निवासी श्रीमती संगीता पंकज द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत अप्रुअल हेतु आवेदन प्रस्तुत किये। जिस पर कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील नवागढ़ के ग्राम पंचायत चौराभांठा निवासी नंदकुमार द्वारा पैतृक भूमि के खसरा में सुधार कराने संबंधी आवेदन लेकर पहुंचे। जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार नवागढ़ को आवश्यक कार्रवाई कर खसरा में सुधार करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार आज जनदर्शन में पीएम आवास योजना, आर्थिक सहायता, शासकीय तालाब को 10 वर्षीय पट्टा दिलाने, पेंशन संबंधी, अतिक्रमण हटाने, मुआवजा राशि दिलाने, नामांतरण, रोजगार प्रदाय करने, भूमि सीमांकन, राशनकार्ड, विधवा पेंशन, ऋण प्रदाय, पट्टा दिलाने सहित अन्य विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करे।
साप्ताहिक जनदर्शन का हुआ आयोजन, 56 आवेदन हुए प्राप्त
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर शशि कुमार चौधरी, देवेन्द्र कुमार चौधरी ने जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जिले के नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना और प्राप्त सभी आवेदनों को निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन में तहसील पामगढ़ के ग्राम तनौद निवासी माधोप्रसाद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि दिलाने, तहसील शिवरीनारायण के ग्राम पंचायत कंचदा निवासी शंभुदास द्वारा राशन कार्ड बनाने, तहसील मुख्यालय जांजगीर के भांठापारा निवासी उमाशंकर सूर्यवंशी द्वारा आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम हाथीटिकरा निवासी त्रिवेणी बाई द्वारा जमीन का सीमांकन करवाने, ग्राम बनारी के राजेन्द्र कुमार बरेठ द्वारा बेजा कब्जा हटवाने संबंधी सहित आज जनदर्शन में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
राशन कार्डधारी परिवारों को जून में एकमुश्त तीन माह का चावल किया जाएगा वितरण
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ खाद्य और पोषण सुरक्षा अधिनियम तथा मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के राशनकार्डधारी परिवारों को माह जून से अगस्त 2025 के तीन माह का एक मुश्त चावल वितरण करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने जिले में संचालित सभी उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से राशनकार्डधारी परिवारों को 30 जून 2025 तक 3 माह के चावल वितरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया है। चावल को छोड़कर शेष राशन सामग्री शक्कर, नमक का भण्डारण एवं वितरण नागरिकों आपूर्ति निगम में स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर माह जून से अगस्त 2025 के दौरान प्रत्येक माह पृथक-पृथक जारी आबंटन अनुसार वितरण किया जाएगा। चावल वितरण हेतु शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। दुकान स्तर पर निगरानी समिति के समक्ष हितग्राहियों को चावल एवं अन्य राशन सामग्री का वितरण कराया जाएगा। कलेक्टर ने चावल वितरण की निगरानी खाद्य, राजस्व एवं सहकारिता विभाग के अमलो द्वारा करने के निर्देश दिए है ताकि लक्षित हितग्राहियों को वितरण सुनिश्चित की जा सके।
बाइक सवार को कुचलकर भागा ट्रेलर चालक, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया रोड जाम
जांजगीर। अकलतरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करूमहु गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करूमहु निवासी इंद्र प्रसाद यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक अनुसार ट्रेलर बिलासपुर की ओर जा रहा था तभी चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे इंद्र प्रसाद यादव की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंद्र प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बना दी। वे मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और चालक की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति को शांत किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ, जीपीओ का किया वितरण
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त उपरांत उनके पेंशन भुगतान आदेश एवं मृत्यु सह सेवानिवृत्ति उपदान भुगतान आदेश प्रदाय किया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने माह अप्रैल 2025 में सेवानिवृत्त होने वाले सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ, जीपीओ का वितरण किया।
जिला कोषालय अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार पाठक ने बताया कि संतोष कुमार साहू, राजकुमार साहू, रामकुमार देवांगन, रामकुमार साहू, अभिमन्यु कुमार कश्यप, प्यारे लाल दुबे, कृष्ण कुमार साहू को कलेक्टर जन्मेजय महोबे द्वारा श्रीफल एवं साल से सम्मानित करते हुए पेंशन भुगतान आदेश, मृत्यु सह उपादान भुगतान आदेश एवं पेंशन परिचय पत्र प्रदाय किया गया। इस अवसर सहायक कोषालय अधिकारी ज्ञानेश्वर कुमार बरेठ, रामाधीन साहू, महेन्द्र पाठक, रामगोपाल यादव व कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित थे।
जिला परिवहन कार्यालय में एचएसआरपी आवेदन हेतु लगाया गया काउंटर
जांजगीर-चांपा । परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार राज्य में 1 अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीयन वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य किया गया है।
जिसके तहत वाहन स्वामी स्वयं परिवहन विभाग की साईट cgtransport.gov.in एवं https://order.realmazon.com/hsrpOrder_MH.aspx में ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त आदेशानुसार जिले के समस्त वाहन स्वामियों के लिए जिला परिवहन कार्यालय जांजगीर-चांपा के कक्ष क्र. 9 में वाहन स्वामी के सुविधा हेतु वाहनों में मोबाइल नंबर अपटेड करने तथा एचएसआरपी नंबर प्लेट ऑनलाइन बुक करने हेतु लगाया गया है। किसी भी वाहन स्वामी से मोबाइल नंबर अपटेड एवं एचएसआरपी नंबर बुक करने हेतु किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगा हुआ नहीं पाये जाने पर नियमानुसार कार्यवाही किया जाएगा।
संयंत्र के 3 कि.मी. क्षेत्र को फिर से संरक्षित घोषित किया गया
जांजगीर-चांपा । अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा जारी आदेशानुसार अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह मड़वा (पावर प्लांट) जांजगीर-चांपा से 3 कि.मी. परिधि तक संपूर्ण क्षेत्र को एक वर्ष अवधि के लिए संरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया है। यह आदेश 8 अप्रैल 2026 तक 1 वर्ष के लिए प्रभावशील रहेगा।
उक्त संरक्षित क्षेत्र में विधि द्वारा अधिकृत व्यक्तियों एवं अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र द्वारा प्रवेश करने के लिए अधिकृत व्यक्तियों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों का उक्त क्षेत्र में प्रवेश प्रतिषिद्ध रहेगा। उक्त आदेश में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आवश्यकता अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है।
महापौर रामू रोहरा ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जांजगीर-चांपा । जिले में पोषण पखवाड़ा के दौरान विभिन्न थीमों पर गतिविधियां आयोजित किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि पोषण पखवाड़ा अंतर्गत जिले के ग्राम पंचायतों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम 06 माह से ऊपर के बच्चों के लिये ऊपरी आहार एवं पोषण चार्ट, बच्चों में उम्र के अनुसार वजन (अल्प वजन), उम्र के अनुसार ऊचाई (बौनापन) एवं ऊचाई अनुसार वजन (दुबलापन) के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवन शैली, स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं स्थानीय सब्जी, भाजी व मौसमी फल को अपने खान-पान में शामिल करने हेतु जागरूक किया गया।
अपर कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं
जनदर्शन में आज कुल 50 आवेदन हुए प्राप्त
जांजगीर-चांपा । अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जिले के नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना और प्राप्त सभी आवेदनों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। आज जनदर्शन में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आज जनदर्शन में तहसील बलौदा के ग्राम बुड़गहन निवासी श्रीमती अनिता केंवट द्वारा आवास प्लस के तहत जियो टैग करने और श्रीमती सुनिता लहरे द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत राशि दिलाने, तहसील अकलतरा के ग्राम कोटमीसोनारा निवासी दुर्गा सिंह द्वारा अवैध कब्जा हटवाने व ग्राम देवरी निवासी सूर्य प्रकाश धिरही द्वारा पुल निर्माण करनवाने, जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम तनौद निवासी मानसिंग महिपाल द्वारा आवास प्लस में नाम जोड़ने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शशि कुमार चौधरी उपस्थित थे।
दृष्टिबाधित बच्चों को मोबाईल, की बोर्ड, हेडफोन एवं ओटीजी का वितरण किया गया
जांजगीर-चांपा । समग्र शिक्षा, समावेशी शिक्षा अंतर्गत दृष्टिबाधित बच्चों के विकास हेतु जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे द्वारा दृष्टिबाधित छात्र-छात्रायें बलौदा की ईशा कुर्रे, अकलतरा के जय सोनवानी एवं मालखरौदा की दिलेश्वरी पटेल को मोबाईल, की बोर्ड, हेडफोन एवं ओटीजी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा राजकुमार तिवारी, सहायक कार्यक्रम समन्वयक दिनेश कुमार सोनवान, हरीराम जायसवाल, योगेश चौहान एवं विकासखण्ड स्त्रोत व्यक्ति (समावेशी शिक्षा) श्रीमती मारिया एक्का उपस्थित थे। जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा राजकुमार तिवारी ने बताया कि उक्त तीनों छात्र-छात्रायें 24 अप्रैल 2025 से 26 अप्रैल 2025 तक राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के द्वारा आयोजित एंड्राइड मोबाइल प्रशिक्षण में रायपुर में उपस्थित होगे।