छत्तीसगढ़ / कांकेर
24 एवं 25 को पेयजल सप्लाई रहेगी बाधित
कांकेर । नगरपालिका परिषद कांकेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दशपुर स्थित जल शुद्धिकरण संयंत्र की साफ-सफाई एवं मेंटेनेंस का कार्य कराया जाना है। उन्होंने नगरवासियों को सूचित किया है कि नगरपालिका क्षेत्रान्तर्गत समस्त 21 वार्डों में जल आपूर्ति हेतु 24 जनवरी दिन शुक्रवार को दोपहर एवं 25 जनवरी दिन शनिवार को प्रातः पेयजल सप्लाई का कार्य बाधित रहेगा।
नाम निर्देशन के पहले दिन नगरपालिका कांकेर के लिए 7 ने खरीदे आवेदन
कांकेर । नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 हेतु आज से नाम निर्देशन पत्र का वितरण प्रारंभ हो गया है। आज प्रथम दिवस नगर पालिका परिषद कांकेर के लिए सात लोगों ने नाम निर्देशन पत्र पार्षद पद हेतु खरीदे।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका आम निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन के पत्र का विक्रय 22 जनवरी से प्रांरभ हो गया है, नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 28 जनवरी, नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा 29 जनवरी तथा नाम वापसी की तिथि 31 जनवरी दोपहर 03 बजे तक, मतदान तिथि 11 फरवरी और मतगणना 15 फरवरी को होना तय है। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए सुबह 10 से सायं 5.30 बजे तथा 03 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकते हैं।
अंत्यावसायी विभाग के बकायादार हितग्राही नहीं लड़ पायेंगे नगरी निकाय तथा पंचायत चुनाव
कांकेर । जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर से राष्ट्रीय निगमों के विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं सफाई कामगार वर्ग के हितग्राहियों को कम ब्याज दर पर स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया है। ऋण लेकर कई वर्षों से ऋण की किश्त जमा नहीं करने वाले 198 बकायादार हितग्राही नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं लड़ पायेंगे। इन लोगों पर विभाग द्वारा प्रदाय किए गए 2.87 करोड़ रूपये का ऋण बकाया है। अंत्यावसायी विभाग के प्रभारी कार्यपालन अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है
कि ऐसे हितग्राही की सूची उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगरी निकाय चुनाव के समस्त रिटर्निंग ऑफिसर एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के समस्त रिटर्निंग ऑफिसर को दी गई है। इनमें अनुसूचित जनजाति के 130, अनुसूचित जाति के 27, अन्य पिछड़ा वर्ग के 28, अल्पसंख्यक वर्ग के 11 एवं सफाई कामगार वर्ग के 02 हितग्राही सम्मिलित है। इन बकायादारों को पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षद आदि पदों पर चुनाव लड़ने के लिये अंत्यावसायी विभाग में बकाया ऋण राशि जमा करते हुए ऋण मुक्त प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा।
भालू के हमले से बाप -बेटा की मौत, दो अन्य घायल
कांकेर। भानुप्रतापपुर वन क्षेत्र के डोंगरकट्टा गांव के पास जंगल में तीन ग्रामीण शनिवार को लकड़ी लेने जंगल गए थे, इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से पिता-पुत्र शंकर दरों और सुकलाल दरों की मौत हो गई, वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। भालू काफी आक्रामक हो गया था, जिसके कारण जंगल से कई घंटों के बाद मृतक के शव को निकाला जा सका। इस घटना के बाद रात भर गांव के पास ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। भालू के खतरे को देखते हुए वन विभाग की टीम ने लोगों को गांव से बाहर जाने से मना किया था, घरों के बाहर आग जलाने की व्यवस्था की गई थी।
गांव के आस-पास पिंजरा लगाकर नाइट ड्रोन की मदद से निगरानी की गई। जिसके बाद आज रविवार को भालू को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ग्राम डोंगरकट्टा पहुंची और मृत परिवार के परिजनों का ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने विधायक से बिजली नहीं होने की शिकायत की जिस पर विधायक ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को फटकार लगाई है।
जंगल सफारी रायपुर से पहुंचे डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि ऐसी घटना भालू के मानसिक स्वास्थ्य बिगडऩे से होता है। भालू को रेबीज होने की संभावना है, रात में ड्रोन की मदद से भालू पर निगरानी रखी गई। जिसे वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। उन्होने बताया कि भालू को अस्पताल पहुंचाया जाएगा। भालू के स्वस्थ होने पर ही दूसरे जंगलों में उसे छोड़ा जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब वन विभाग की टीम मृतकों का शव लेने मौके पर पहुंची, तब भालू ने दोबारा हमला कर दिया। इस दूसरे हमले में डिप्टी रेंजर नारायण यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, नारायण यादव को दबोचकर भालू नोंचता रहा, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वन विभाग की टीम ने घंटों इंतजार के बाद भालू के कब्जे से शव को जंगल से निकाला गया। शंकर दरों और सुकलाल दरों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद आज रविवार को मृतक पिता-पुत्र के शव को परिजनों को सौंप दिया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे जंगल में अज्जू कोरेटी पर भालू ने हमला किया। युवक पर भालू को हमला करता देख पास मौजूद बुजुर्ग शंकर दरों ने बचाने का प्रयास किया। भालू ने शंकर को अपने करीब आता देख उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। भालू के पहले शिकार बने युवक अज्जू कुमार कोरेटी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जिसका कांकेर जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
वहीं डिप्टी रेंजर नारायण यादव के सिर और कंधे में चोटें आई हैं, उनका रायपुर में इलाज चल रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार दोनों की हालत नाजुक है। इसकी सूचना मिलने पर शंकर के बेटे के साथ गांव के करीब 100 लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पिता के करीब पहुंचे सुकलाल दरों पर भी भालू ने हमला कर दिया।
बीहड़ क्षेत्र के ग्राम मातला ब में जिला प्रशासन ने लगाया जनसमस्या निवारण शिविर
ग्रामीणों से मिले 107 आवेदन
कांकेर । कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज अंतागढ़ विकासखण्ड की ग्राम पंचायत मातला ब में किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 107 आवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों के स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने कहा कि अंतागढ़ विकासखंड का यह दूरस्थ और बीहड़ क्षेत्र में स्थित मातला ब में जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं और मांगों से अवगत होने जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया है। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूर उठाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इस दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा सहित मूलभूत आवश्यकताओं पर केंद्रित योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन करना शासन की पहली प्राथमिकता है। शिविर में ग्रामीणों को जनपद पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष बद्रीनाथ गावड़े और अपर कलेक्टर बी एस उईके ने भी संबोधित किया।
इस दौरान अतिथियों के द्वारा बुधनी बाई और मानकी कावड़े की गोद भराई रस्म कराई गई तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा 04 हितग्राही को छड़ी वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधि प्राप्त की। इसके अलावा अन्य विभागों के द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्यामा पट्टावी, जनपद उपाध्यक्ष भुवन लाल जैन, जनपद सदस्य जुगेर कोमरा, लक्ष्मण उसेंडी, सरपंच मातला ब कामो बाई पोटाई सहित आसपास के ग्रामों के जनप्रतिनिधिगण और काफी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 18 को, 8480 परीक्षार्थी होंगे शामिल
कांकेर । जवाहर नवोदय विद्यालय करप में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 18 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जायेगी, जिसमें जिले के सभी विकासखण्डों से 08 हजार 480 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा केन्द्रों के सघन निरीक्षण हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही उनके द्वारा तहसील स्तरीय उड़नदस्ता दल के लिए परीक्षा केन्द्र से संबंधित तहसीलदारों को दायित्व सौंपा गया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिले में 28 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, जिनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक अंतागढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या अंतागढ़, एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंतागढ़, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेण्डरी स्कूल नरहरपुर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरहरपुर, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोना, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोना, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारामा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारामा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुरी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरहोला (चारामा) को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
इसी प्रकार प्रवेश परीक्षा हेतु शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पखांजूर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलीबेड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छोटेकापसी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, आराधना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पखांजूर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक भानुप्रतापपुर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संबलपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीरागांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानबेड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरहरदेव कांकेर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, शासकीय पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविन्दपुर, सेंट माईकल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविन्दपुर, स्वामी आत्मानंद हायर सेकेण्डरी स्कूल दुर्गूकोंदल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमकसा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटकोंदल और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोण्डे को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
ग्राम मांडरादरहा-डब्बीपानी में मनाया गया हर घर जल उत्सव
कांकेर । जिले के नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडरादरहा और डब्बीपानी में हर घर नल-जल उत्सव मनाया गया और जल प्रमाणिकरण किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर नल हर घर जल के संचालन, संधारण, प्रबंधन एवं सतत क्रियाशील बनाए रखने की जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
उन्होंने इस योजना को सुचारू रूप से सफलता पूर्वक चलाने को कहा ताकि हर घर तक शुद्ध पेयजल की निरंतर आपूर्ति हो सके। उनके द्वारा जल जीवन मिशन योजना की संपूर्ण जानकारी देते हुए पाईप लाईन, टंकी, घरेलू नल कनेक्शन का सदुपयोग करते हुए साफ-सफाई रखने की जानकारी दी गई। साथ ही जल बहिनी, पंप आपरेटर, प्लंबर, हेल्पर और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति तथा ग्राम वासियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के तहत पानी का सीमित मात्रा में उपयोग करने, जल बचाव, किचन, गार्डन जैसे विषयों पर चर्चा की गई और उन्हें जागरूक किया गया। इस आयोजन ने ग्रामवासियों में जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम किया और जल जीवन मिशन को सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया।
निकाय-पंचायत चुनाव: निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन अब 18 जनवरी को
कांकेर । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायत के आम निर्वाचन 2024-25 कराए जाने हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए पूर्व में जारी कार्यक्रम (समय-अनुसूची) में संशोधित करते हुए 1 जनवरी 2025 के प्रतिनिर्देश से कार्यक्रम (समय-अनुसूची) आदेश जारी किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के जारी निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन अब 18 जनवरी को किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली तैयार करने के संबंध में जिले के सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सभी जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया गया है।
शॉर्ट सर्किट से चलती स्कूटर में लगा आग
कांकेर । जिले के गिरहोला मार्ग पर स्थित पुल के पास एक चलती स्कूटर में अचानक आग लग गई। घटना रविवार सुबह की है। जहां चारभाटा निवासी स्कूटर चालक मोनिका नायक ने बताया कि वह गिरहोला से चारामा की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में स्कूटर से धुआं निकलने लगा। मोनिका ने तुरंत स्कूटर को सड़क किनारे खड़ा किया और पूरी चेकिंग की, तब तक स्कूटर के सामने वाले हिस्से में आग लग चुकी थी।
आग बुझाने के लिए पहले सड़क पर पड़े रेत का इस्तेमाल किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पास की नदी से पानी लाकर आग को बुझाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी तरह स्कूटर को खाक होने से बचा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सीईओ ने किया दुर्गूकोंदल के अंतिम गांव रसोली का निरीक्षण
ग्रामीणों से हुए रुबरु
कांकेर । जिले के विकासखण्ड दुर्गूकोंदल के अंतिम ग्राम रसोली का जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी ने शनिवार को दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोली ग्राम को जोड़ने वाली पुलिया नहीं होने पर जनपद पंचायत के प्रभारी सीईओ को पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उक्त पुलिया के बन जाने से ग्राम रसोली, मेड़गांव में बारहमासी आवागमन बिना किसी परेशानी के होगी।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ मण्डावी को देव स्थल के पास शेड एवं आवागमन के लिए पक्की सड़क की मांग की, जिस पर उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए वहां उपस्थित सचिव को तत्काल प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान ग्राम रसोली के ग्राम पटेल ने बताया कि ग्राम पंचायत तराईघोटिया के गांव रसोली को देव स्थल के रूप में जाना जाता है, जहां आदिकाल से मोरकालदेव को पूजा जाता है। इस संबंध में सीईओ ने आवश्यक करने की बात ग्रामीणों से कही।
मानबाई के परिवार को खपरैल वाले कवेलू की जगह मिली पक्की छत
प्रधानमंत्री आवास योजना से बने मकान में अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हितग्राही
कांकेर । प्रधानमंत्री आवास योजना लोगों को न सिर्फ सिर पर पक्के आवास का सुखद अनुभव करा रही है, बल्कि हितग्राही पहले की अपेक्षा अब अधिक सुरक्षित और बेहतर महसूस कर रहे हैं। योजना के तहत पक्का आवास मिलने से हितग्राहियों में संतुष्टि के भाव परिलक्षित हो रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण जिले के कांकेर विकासखंड के ग्राम माकड़ीखुना की रहने वाली श्रीमती मानबाई यादव में देखने को मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में उन्हें आवास स्वीकृत हुआ था, जिसका निर्माण कार्य वर्तमान में तेजी से प्रगति पर है। फिलहाल उनका लिंटल लेवल का कार्य चल रहा है और शीघ्र ही पूरा होने की उम्मीद भी है।
श्रीमती यादव अपने पुराने कच्चे मकान में अपने बेटे-बहू के साथ निवास कर रही हैं। उनका बड़ा बेटा ट्रक चलाता है, जबकि छोटा बेटा एक निजी टेंट दुकान में कार्य करता है। खुद श्रीमती यादव मजदूरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने बताया कि वे अत्यंत गरीब हैं और कभी सोचा भी नहीं था कि उनका भी पक्का मकान बनेगा। श्रीमती यादव ने बताया कि फिलहाल वह अपने परिवार के साथ कवेलुपोश घर में रह रही हैं जो सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है। जंगली जानवरों का भय हमेशा सताता रहता है तथा असहज भी महसूस होता है, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें यह सुविधा मिल जाने पर उनके सिर पर पक्का आवास होगा। श्रीमती यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय का बार-बार धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना से उनका पक्का मकान बनने का सपना जल्द ही हकीकत में बदल जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में इस योजना से गरीबों को काफी राहत मिल रही है और उनकी जीवनशैली में लगातार सुधार हो रहा है।
आयुष्मान वय वंदना पंजीयन: कलेक्टर ने किया चॉइस सेंटर का निरीक्षण
कांकेर । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनांतर्गत जिले में आज 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन करने हेतु सभी चॉइस सेंटरों एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविर लगाकर महाअभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर निलेशकुमार महादेव ने आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन महाअभियान अंतर्गत आज ग्राम कोकपुर में चॉइस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में आए वरिष्ठ नागरिकों को समझाईश देते हुए कहा कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों (एपीएल एवं बीपीएल दोनों श्रेणी) को प्रतिवर्ष 05 लाख तक का निःशुल्क उपचार की सुविधा है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आप अपने आसपास के बुजुर्गों को पंजीयन के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा अपने नजदीकी शासकीय अस्पताल या च्वॉइस सेंटर में आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन करवाकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अवश्य लें। उन्होंने कहा कि यह योजना सभी बुजुर्गों के लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि वृद्धावस्था में विभिन्न प्रकार की बीमारियां होने लगती है, जिनके उपचार में काफी राशि का व्यय करना पड़ता है। अतः 05 लाख तक के निःशुल्क उपचार से वरिष्ठ नागरिकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी एवं स्वास्थ्य विभाग के टीम उपस्थित थे।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण
कांकेर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के सदस्य ओजस्वी मण्डावी के द्वारा आज सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रभारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर के उद्देश्य एवं संस्था में अब तक की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी देते हुए आयोग की सदस्य को सखी वन स्टॉप सेंटर में आये प्रकरणों की और सखी सेंटर में प्राप्त प्रकरणों की जानकारी दी। आयोग की सदस्य मंडावी ने निरीक्षण के दौरान सखी सेंटर के सभी कक्षा का अवलोकन किया तथा आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी उपस्थित थे।
युवक ने स्वयं पर पेट्रोल डालकर लगाई आग मौके पर हुई मौत
कांकेर। भानुप्रतापपुर के ग्राम बोगर में नशे की हालत में युवक चंद्रकुमार नेताम उम्र 35 वर्ष ने स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगा लेने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
एक दिल दहला देने वाली इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर भानुप्रतापपुर के एसडीओपी प्रशांत पैकरा और थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के साथ पुलिस घटना स्थल पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक चंद्रकुमार नेताम कोरर थाना क्षेत्र के बैजनपूरी का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो महीनों से अपने भाई के पास बोगर में रह रहा था।
और पिछले पांच दिनों से घर से लापता हो गया था। वहीं उसने अपने भाई के घर के सामने आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। मृतक विवाहित था और उसके दो बच्चे भी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
BSF कैंप से चुराया था वॉकीटॉकी, 4 साल बाद गिरफ्तार हुआ युवक
कांकेर । कांकेर जिले में एक युवक ने फर्जी पुलिस अफसर बनकर बांदे बीएसएफ कैंप से वॉकीटॉकी चुरा लिया था। पुलिस ने कार्रवाई कर 4 साल बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की कई वॉकीटॉकी (मेन पैक सेट) की कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का नाम जितेंद्र दुबे है। बलौदाबाजार जिले का रहने वाला है। दुर्ग में किराए के मकान में रहता है। बताया जा रहा है कि, बीएसएफ ने सन 2020 में दुर्ग से गाड़ी को किराया कर बांदे बीएसएफ कैम्प में लाया था, उस गाड़ी का ड्राइवर आरोपी जितेंद्र दुबे था।
बीएसएफ जवानों ने थाना में शिकायत दर्ज कराया था कि, बांदे बीएसएफ कैंप से वॉकीटॉकी चोरी हो गई है। शिकायत के बाद लगातार पुलिस आरोपी की तलाशी कर रही थी। 4 साल बाद पुलिस ने आरोपी युवक को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि, इससे पहले भी दुर्ग पुलगांव थाना आरोपी के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
सीईओ ने किया दूर्गकोन्दल में हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण
कांकेर। कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी ने जिले के सुदूर ब्लॉक दुर्गुकोन्दल में शासन की संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का एवं निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया जिसमें ग्राम पंचायत सुरूगदोह के मां ज्याला स्व-सहायता समूह की महिला की सदस्य उमेश्वरी धाकड़े द्वारा संचालित दुकान, मुर्गीपालन एवं बी.सी. सखी श्रीमती सतिला राना के द्वारा बैंकिग, ऑनलाईन सेवाएं एवं वित्तीय साक्षरता का से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया। इसी तरह ग्राम पंचायत कोडेकुर्से के शीतला स्व-सहायता समूह के सदस्य द्वारा संचालित हार्डवेयर एवं किराना दुकान का अवलोकन किया व जानकारी ली तथा अन्य विभाग के साथ अभिसरण के माध्यम से लखपति दीदी बनने प्रोत्साहित किया कोडेकुर्से में पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण किया।
इसी तरह दुर्गुकोन्दल ब्लॉक मुख्यालय में मावा मोदौल कार्यक्रम के तहत स्वीकृत लाईब्रेरी का निरीक्षण किया। ज्ञात हो कि इससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को विभिन्न ज्ञानवर्धक पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने सभी विषयों की किताबें एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेगी। यह लाईब्रेरी ज्ञान, शिक्षा एवं सांस्कृतिक विकास का एक महत्वपूर्ण केन्द्र होगी। जिला पंचायत सीईओ द्वारा मावा मोदोल लाईब्रेरी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् स्वीकृत आवासों के संबंध में जानकारी ली जिसमें जनपद सीईओ दूर्गुकोदल ने बताया कि आवास नींव स्तर पर 17, प्लींध स्तर पर 07, लिंटल स्तर पर 10 तथा अप्रारंभ 06 है जिस पर मंडावी ने अप्रारंभ आवास को प्रारंभ करने के निर्देश दिये। इसी क्रम में जाडेकुर्से में वाटरशेड के कार्यों का अवलोकन हेतु हितग्राही शांतिलाल जाड़े की डबरी का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा कर प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान एस.डीओ आर.ई.एस., उप अभियंता आर. ई. एस. एवं जिला एवं जनपद पंचायत से अधिकारीगण उपस्थित रहे।
चित्ताकर्षक पहाड़ों, जंगल और जलप्रपातों से परिपूर्ण है कांकेर जिला
ग्राम गोटीटोला, उड़कुड़ा की पहाड़ियों में हैं अतिप्राचीन एलियननुमा आकृतियां
कांकेर । बस्तर का स्वागत द्वार कहलाने वाला कांकेर जिला विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्राकृतिक सम्पदाओं के अलावा सांस्कृतिक, पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को समेटा हुआ है। यहां पर्यटन की अप्रतिम एवं अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें संरक्षित एवं विकसित करने की आवश्यकता है। जिले में एक ओर जहां प्राकृतिक जलप्रपात- मलाजकुंडुम (कांकेर) तथा चर्रे-मर्रे (अंतागढ़) स्थित है वहीं जिला मुख्यालय में ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित गढ़िया पहाड़ अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिए विख्यात है। इसके अलावा अनेक प्राकृतिक गुफाएं भी यहां मौजूद है, जिनमें जोगीगुफा, रानीडांगरी, ग्राम उड़कुड़ा एवं गोटीटोला आदि शामिल हैं
ग्राम गोटीटोला की पहाड़ियों में है अतिप्राचीन शैलचित्र
इन शैल चित्रों को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि विशाल चट्टान की परत पर मानव की आकृति लाल एवं पीले रंग से उकेरी गई है, इसमें स्त्री, पुरूष एवं निचले हिस्से पर बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं। इन आकृतियों के रंग इतने पक्के व अमिट हैं कि इतने हजारों साल भी फीके नहीं हुए हैं। इसके अलावा शैलचित्रों के ऊपरी हिस्से मनुष्य के हाथ के पंजों के निशान परिलक्षित हो रहे हैं। इन मानवाकृतियों की बांयी ओर थोड़े ऊपर में दो और मनुष्यनुमा आकृति बनी हुई है, जो किसी एलियन या यूएफओ की भांति दिख रही है। अर्थात उक्त आकृतियों में पैर से सिर तक विभिन्न अंग दृष्टिगोचर हो रहे हैं, किन्तु इनके सिर के बाल मनुष्य के बालों से बिलकुल ही अलग ही प्रतीत हो रहे हैं तथा पैरों एवं हाथों में तीन-तीन उंगलियां ही दिखाई पड़ रही हैं, जो यूएफओ के जैसी दिख रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग इन चित्रों के अध्ययन के लिए नासा और इसरो की सहायता लेने की योजना बना रहा है।
एलियन्सनुमा आकृतियां शोध का विषय
पुरातत्वविद् के अनुसार, इन चित्रों में दर्शाए गए प्राणी हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों में दिखाए गए एलियंस से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं। स्थानीय निवासियों के बीच इन चित्रों को लेकर विभिन्न मान्यताएं हैं। कुछ लोग इनकी पूजा करते हैं, जबकि अन्य अपने पूर्वजों से सुनी किंवदंतियों का उल्लेख करते हैं, जिनमें ‘रोहेला’ (छोटे आकार के प्राणी) के बारे में भी जिक्र करते हैं। इन चित्रों में प्राणियों की आकृतियां हथियार जैसी वस्तुएं पकड़े हुए हैं, लेकिन उनकी नाक और मुँह स्पष्ट नहीं हैं। कुछ चित्रों में वे स्पेस सूट पहने हुए प्रतीत होते हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि इन चित्रों में दिखाए गए उड़न खटोले पंखे जैसे एंटीना और तीन पैरों वाले स्टैंड के साथ यूएफओ से मिलते-जुलते हैं, जैसा कि फिल्मों में दिखाया जाता है। इन चित्रों के रंग प्राकृतिक हैं, जो हजारों वर्षों के बाद भी फीके नहीं पड़े हैं। हालांकि यह संभव है कि प्रागैतिहासिक मानवों की कल्पना का परिणाम हो, लेकिन इस विषय पर और अधिक शोध की आवश्यकता है।