छत्तीसगढ़ / कोंडागांव
कलेक्टर ने जवाहर नवोदय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का किया निरीक्षण
कोण्डागांव, 13 अप्रैल 2026
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने शनिवार को कोण्डागांव के बड़ेकनेरा रोड के पास नवनिर्मित जवाहर नवोदय विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अकादमिक भवन एवं अन्य भवनों के निर्माण कार्य के प्रगति के बारे में जानकारी ली और नए भवन में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन शुरू करने हेतु शेष सभी कार्यों को जल्द पूर्ण करने के हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कोंडागांव जिले में ‘पढ़ई तिहार’ का आयोजन, ‘अंगना में शिक्षा’ अभियान को मिल रहा जनसमर्थन
कोण्डागांव, 13 अप्रैल 2026
कोंडागांव जिले में ‘अंगना में शिक्षा’ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जिले के सभी प्राथमिक शालाओं में ‘पढ़ई तिहार’ का व्यापक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं जिला मिशन समन्वयक श्री ईमल बघेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के पांचों विकासखंडकृकोंडागांव, माकड़ी, फरसगांव, बड़ेराजपुर एवं केशकाल की कुल 1252 प्राथमिक शालाओं में आयोजित इस कार्यक्रम में 48,372 छात्र-छात्राएं, 2,754 शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में माताएं एवं अभिभावक शामिल हुए। पूरे जिले में उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ शिक्षा को जनआंदोलन का रूप दिया गया।
‘अंगना में शिक्षा’ पहल क्या है
‘अंगना में शिक्षा’ एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों को घर एवं आंगन के वातावरण में सरल, सहज और आनंददायक तरीके से शिक्षा प्रदान करना है। इस अभियान में अभिभावकों, विशेषकर माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, ताकि वे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। इससे बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं गणनात्मक कौशल (एफएलएन) को मजबूती मिलती है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।
‘पढ़ई तिहार’ से बढ़ रही जागरूकता
‘पढ़ई तिहार’ के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों एवं शिक्षण पद्धतियों का प्रदर्शन किया गया। इससे समुदाय में शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ी और अभिभावकों की सहभागिता मजबूत हुई।
मॉनिटरिंग और ऑनलाइन एंट्री
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, स्रोत समन्वयकों, संकुल प्राचार्यों एवं समन्वयकों के साथ डीआरजी एवं बीआरजी टीमों द्वारा सतत निरीक्षण किया गया। साथ ही राज्य स्तर पर प्राप्त लिंक के माध्यम से ऑनलाइन एंट्री का कार्य भी किया गया।
इस बार किए गए प्रमुख बदलाव
इस वर्ष ‘पढ़ई तिहार’ में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं । बढ़ती गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम की तिथि 25 अप्रैल के स्थान पर 11 अप्रैल निर्धारित की गई। समर कैंप अब स्कूलों में न होकर घरों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें माताओं की भूमिका प्रमुख रहेगी।
समर कैंप में तीन प्रमुख बिंदु को शामिल किया गया है, जिसमें ब्लैकबोर्ड कॉर्नर के तहत घर में बच्चों के लिए छोटा ब्लैकबोर्ड या लेखन कोना तैयार कर उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दूसरा बच्चों में अनुशासन और स्वच्छता की आदत विकसित करने हेतु यूनिफार्म के महत्व पर जोर दिया जाएगा और तीसरा ओआरएस एवं स्वास्थ्य जागरूकता के तहत गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए ओआरएस, नारियल पानी, नींबू पानी एवं नियमित जल सेवन की आदत विकसित की जाएगी।समर कैंप के संचालन की जिम्मेदारी ‘स्मार्ट माता’ को सौंपी गई है, जो घर पर ही बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करेंगी। इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी कोंडागांव समग्र शिक्षा के पेडागॉजी प्रभारी श्रीनिवास नायडू (एपीसी) द्वारा दी गई।
कोण्डागांव जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
कोंडागांव, 02 अप्रैल 2026
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालयों में सत्र 2026-27 में प्रवेश के संबंध में अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामकोटपारा कोण्डागांव, महात्मा गांधी वार्ड कोण्डागांव, दहिकोंगा, मर्दापाल, लंजोड़ा, फरसगांव, कोनगुड, धनोरा, केशकाल, विश्रामपुरी, बडेराजपुर, बांसकोट, शामपुर एवं माकड़ी तथा हिन्दी माध्यम विद्यालय, तहसीलपारा कोण्डागांव, बम्हनी, लुभा, बड़ेडोंगर, बहीगांव एवं खालेमुरवेण्ड, प्रबंधन एवं संचालन समिति कोण्डागांव जिला कोण्डागांव के अधीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी / हिन्दी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन 10 अप्रैल 2026 से 05 मई 2026 तक ऑनलाईन एवं ऑफलाईन पद्धति से किया जा सकता है। अधिक आवेदन की स्थिति में लाटरी के माध्यम से सीट का आबंटन दिनांक 06 मई से 10 मई 2026 तक किया जायेगा, साथ ही प्रवेश से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यवाही दिनांक 11 मई से 15 मई 2026 तक सम्पूर्ण विद्यालयों को पूर्ण किया जाना सुनिश्चित है। प्रवेश हेतु आवेदन स्वामी आत्मानंद विद्यालय के पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।
प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाईन आवेदन 17 अप्रैल तक
कोण्डागांव, 27 मार्च 2026
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रदेश में स्थापित प्रयास आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, क्लैट तथा एनडीए की प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु तैयारी कराई जाती है।
वर्ष 2026-27 में प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु इच्छुक विद्यार्थी 17 अप्रैल 2026 तक
https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detailऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाईन भरे गये आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक कर सकते हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि 01 मई से 09 मई 2026 तक निर्धारित है और 10 मई 2026 को प्राक्चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी जिला सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय एवं वेबसाईटhttps://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detailसे प्राप्त कर सकते हैं।
ग्राम पंचायत चिचाड़ी में जल अर्पण एवं जल उत्सव पखवाड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
कोण्डागांव, 10 मार्च 2026
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखण्ड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत चिचाड़ी में जल उत्सव पखवाड़ा एवं जल अर्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं, स्व सहायता समूहों तथा ग्राम जल स्वच्छता समिति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान ‘महिलाओं के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम‘ आयोजित किया गया, जिसमें जल संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ग्राम जल स्वच्छता समिति, स्वय सहायता समूह में श्रीमती भूरीबाई निषाद, श्रीमती फूलबासन सोम, श्रीमती गैंदीबाई सोम, श्रीमती चमेली सोम, श्रीमती ऊषा भंडारी तथा जल वाहिनी से जुड़ी महिलाओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की भूमिका को सम्मान देना तथा जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति मिलकर कार्य करने का शपथ एवं संकल्प लिया। इस प्रकार ग्राम पंचायत चिचाड़ी में जल अर्पण दिवस एवं जल उत्सव पखवाड़ा का यह आयोजन महिला सम्मान, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री सुकमन नेताम, जनपद सदस्य श्रीमती सुषमा तिवारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से सहायक अभियंता श्री आर.पी.जोशी तथा उपअभियंता कुमारी निभा कोर्राम परियोजना समन्वयक श्री महादेव यदु, श्री प्रमोद कुमार ध्रुव, श्री परदेशी राम यादव सहित ग्राम पंचायत के सरपंच श्री मति लोकेश्वरी चंद्रवंशी, सचिव हीरामन मरकाम एवं उपसरपंच श्री रमेश कुमार नेताम वार्डपंच श्रीमती ऊषा भंडारी, चमेली सोम, हेमलता नाग उपस्थित रहे।
‘उद्योग-बैंकर संवाद‘ कार्यशाला 11 मार्च को
कोण्डागांव, 09 मार्च 2026
रैम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयों, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूह (SHG½ तथा कारीगरों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने हेतु “उद्योग-बैंकर संवाद” एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 11 मार्च 2026 को कार्यालय कलेक्टर कोण्डागांव के सभाकक्ष में 11 बजे से किया जा रहा है।
उक्त कार्यशाला में विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण योजनाओं की जानकारी, MSME/शाखाओं से संबंधित वित्तीय समस्याओं का समाधान, क्रेडिट लिंक्ड योजनाओं (CGTMSE, PMEGP, PMFME आदि) की जानकारी, उद्यमियों और बैंकर के मध्य प्रत्यक्ष संवाद, महिला उद्यमियों एवं स्वसहायता समूहों हेतु विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों एवं लाभार्थियों से आग्रह है कि वे इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग लें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोण्डागांव (संपर्क - श्रीमती कुसुमलता नेताम, प्रबंधक - 6261547378) से संपर्क कर सकते हैं।
समय-सीमा बैठक में सम्पूर्णता अभियान की गहन समीक्षा
निर्धारित समयावधि में सभी इंडिकेटर्स पूर्ण करने एवं पोर्टल एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश
कोंडागांव, 25 फरवरी 2026
जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अविनाश भोई द्वारा सम्पूर्णता अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न इंडिकेटर्स के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अभियान अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों एवं संकेतकों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग दैनिक गतिविधियों के अनुरूप कार्य करते हुए सभी इंडिकेटर्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी अमले की सक्रियता एवं विभागीय समन्वय पर निर्भर करती है, अतः सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
सीईओ जिला पंचायत ने भी निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर संचालित गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्यवाही की सम्पूर्ण और समयबद्ध एंट्री पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे प्रगति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शेष लक्ष्यों की पूर्ति हेतु विशेष अभियान चलाएं तथा प्रत्येक गतिविधि की फोटो, प्रगति विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं।
अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सम्पूर्णता अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए जिले को निर्धारित सभी मानकों में उत्कृष्ट स्थान दिलाने हेतु सतत प्रयास जारी रखें।
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर 26 एवं 27 फरवरी को
कोंडागांव, 25 फरवरी 2026
राज्य शासन के मंशानुरूप ग्रामीणजनों की मांगो और समस्याओं त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार 26 फ़रवरी को सुबह 10 बजे से माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार 27 फरवरी को सुबह 10 बजे से केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव में और दोपहर 12 बजे से बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम हरवेल में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर 26 एवं 27 फरवरी को
कोंडागांव, 25 फरवरी 2026
राज्य शासन के मंशानुरूप ग्रामीणजनों की मांगो और समस्याओं त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार 26 फ़रवरी को सुबह 10 बजे से माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार 27 फरवरी को सुबह 10 बजे से केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव में और दोपहर 12 बजे से बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम हरवेल में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
विधायक लता उसेंडी के अथक प्रयास से कोंडागांव को मिली बड़ी सौगात
कोंडागांव :
ग्राम बनजुगानी में बनेगा घोटुल-जनजातीय युवा हेतु सांस्कृतिक केंद्र
जनजातीय मंत्रालय से मिली 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली
कोंडागांव, 23 फरवरी 2026
कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बनजुगानी में घोटुल एवं जनजातीय युवा के लिए सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना हेतु जनजातीय मंत्रालय से 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जो जिले के लिए बड़ी सौगात है। इस स्वीकृति के लिए बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय जनजातीय मंत्री श्री जुअल ओराम, प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जनजातीय मंत्री श्री राम विचार नेताम का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्वीकृति कोंडागांव जिले के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो बस्तर के युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में मदद करेगा। घोटुल-सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपनी संस्कृति को जानने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रचारित किया जा सकेगा।
क्रमांक-211/देवेन्द्र
कलेक्टर ने अपने बच्चों के जन्मदिन पर बेलोतीपारा स्कूल में कराया न्योता भोज
कोंडागांव, 20 फरवरी 2026
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को अपने बच्चों के प्रथम जन्मदिन के अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बेलोतीपारा (मसौरा) में विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कीं। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत उन्होंने विद्यालय में न्योता भोज का आयोजन कराया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट किया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। न्योता भोज में खीर, पूरी, सब्जी एवं पुलाव परोसा गया, जिसका विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ आनंद लिया।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती शुक्ली बाई, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक श्री ईमल बघेल, बीआरपी श्री अशोक साहू, प्रधानाध्यापिका श्रीमती हीना साहू, श्रीमती सुनीता मरकाम, संकुल प्राचार्या श्रीमती रीबा जान तथा संकुल समन्वयक तरुण देवांगन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री पोषण योजना को सामुदायिक सहयोग से अधिक प्रभावी और पोषक बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा ‘न्योता भोज’ की अभिनव पहल की गई है। यह अवधारणा सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है, जिसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों पर अपने नजदीकी विद्यालय, आश्रम या छात्रावास में बच्चों के लिए न्योता भोज आयोजित कर सकता है।
कलेक्टर ने अपने बच्चों के जन्मदिन पर बेलोतीपारा स्कूल में कराया न्योता भोज
18 फरवरी को प्लेसमेंट कैम्प, 980 पदों पर होगी भर्ती
कोण्डागांव, 16 फरवरी 2026
जिला प्रशासन कोण्डागांव द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने हेतु 18 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। कैम्प के माध्यम से कुल 980 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को नियोजक द्वारा निर्धारित अवधि का प्रशिक्षण प्रदान कर नियोजन किया जाएगा।
कैम्प में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहकर साक्षात्कार के माध्यम से चयन करेंगे। जिसमें एलएंडटी द्वारा निर्माण परियोजनाओं हेतु बढ़ई के 50 पद, राजमिस्त्री के 50 पद, बार बेंडिंग के 50 पद एवं स्टील फिक्सिंग के 50 पद, इलेक्ट्रिकल के लिए 50 के लिए भर्ती की जाएगी। कार्य स्थल पनवेल मुंबई निर्धारित है और न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण, आयु सीमा 18 से 35 वर्ष। प्रशिक्षण उपरांत 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन, साथ ही आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं लिविवान साल्यूशन प्रा.ली. द्वारा एसेम्बली ऑपरेटर के 100 पद (महिला), प्रोडक्शन एसेंबली क्वालिटी के 100 पद, प्रोडक्शन एसेंबली क्वालिटी के 100 पद, प्रोडक्शन एसेंबली क्वालिटी के 30 पद ( महिला ), प्रोडक्शन एसेंबली क्वालिटी के 100 महिला एवं 100 पुरुष पदों पर भर्ती, वहीं प्रशिक्षणार्थी के 200 पदों की जायेगी जिसमें शैक्षणिक योग्यता 10वीं से आईटीआई एवं अन्य डिप्लोमा, आयु सीमा 18 से 30 वर्ष, आवास एवं भोजन सुविधा, कार्य स्थल तमिलनाडु चेन्नई।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथसमस्त शैक्षणिक दस्तावेज़, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, 02 पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित हों।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवक-युवतियों से इस प्रशिक्षण सह प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेकर रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
उमरगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में 11 फरवरी को ग्राम पंचायत उमरगांव, केंवटी, में 07 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, कोण्डागांव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत International Day of Women and Girls in Science के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके वैधानिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा का विरोध करने के लिए समाज को संवेदनशील बनाना था।
इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षा, लैंगिक भेदभाव के उन्मूलन, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत भ्रूण हत्या एवं कन्या शिशु हत्या जैसे अमानवीय कृत्यों के प्रति जागरूकता, शिशु लिंगानुपात में सुधार, किशोरी बालिकाओं की सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महतारी स्वच्छता प्रबंधन, पोषण के महत्व, एनीमिया से बचाव, सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व देखभाल तथा मासिक धर्म स्वच्छता जैसे स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित कानूनी अधिकारों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निषेध नियम, टोनही प्रताड़ना अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम POCSO सहित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं स्वास्थ्य सेवा 102 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच श्रीमती रूपती मरकाम, उप सरपंच ललित मेश्राम, आर.के. जैन, श्रीमती ज्योति जैन, लच्छिंदर पोयाम, श्रीमती आर. जॉन, आर.के. महाजन, तिलकचंद्र देवांगन, श्रीमती अनिक्षा अंचल सोनी, मिशन शक्ति से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती रीना सिंह ठाकुर, जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती माधुरी उसेण्डी एवं कार्यालय सहायक जयंत कुमार साहू सहित महाविद्यालय की छात्राएं, स्कूली बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
लक्ष्य कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सफलता के गुरु मंत्र साझा
कोंडागांव, 11 फरवरी 2026
जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान संचालित की जा रही है। जहाँ जिले के अधिकारी समय-समय पर युवाओं को मार्गदर्शन के लिए अपना अनुभव साझा करते हैं। इसी कड़ी में जिला पंचायत के अकाउंट ऑफिसर श्री गुलशन कुमार ने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता सुनिश्चित करने के विषय पर अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अब सफलता के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में ही निःशुल्क संचालित इस कोचिंग संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जा रही है। यहां के अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में एक वर्ष के भीतर 84 अभ्यर्थी सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों को इंटरनेट युग का सदुपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। ।प् तथा क्लास नोट्स का सही उपयोग कैसे करें, इस विषय पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
22 फरवरी को आयोजित होने वाली सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा के लिए प्रभावी रिवीजन कैसे करें, इस पर चर्चा की गई। साथ ही कठिन प्रश्नों को बिना घबराए हल करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।
प्रश्नोत्तर सत्र में दिए गए प्रमुख सुझाव :
प्रश्न : पढ़ाई करते समय नींद से कैसे बचें?
उत्तर : नींद आना स्वाभाविक है। अपने लक्ष्य को हमेशा ध्यान में रखें। जब आपके सपने जागती आंखों से दिखाई देने लगते हैं, तो आलस्य और नींद स्वयं दूर हो जाती है।
प्रश्न : टाइम मैनेजमेंट कैसे करें?
उत्तर : समय का महत्व समझें। एक सुव्यवस्थित टाइम टेबल बनाकर उसी के अनुसार पढ़ाई करें। प्रारंभ में कठिनाई हो सकती है, लेकिन नियमित अभ्यास से समय प्रबंधन आसान हो जाता है।
प्रश्न : परीक्षा कक्ष में घबराहट हो तो क्या करें?
उत्तर : स्वयं पर विश्वास रखें। घबराहट होने पर दो मिनट गहरी सांस लें और स्वयं को याद दिलाएं कि आपने पूरी तैयारी की है। आत्मविश्वास के साथ शांत मन से प्रश्नपत्र हल करें।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि तैयारी के दौरान बिना आलार्म के उठने की आदत विकसित करें तथा पढ़ाई के साथ जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए हल्का मनोरंजन भी शामिल करें।
कार्यक्रम में एसएससी जीडी और व्यापम द्वारा निकाली गई विभिन्न भर्तियों के संबंध में परीक्षा पैटर्न की जानकारी दी गई तथा सफलता के मूल मंत्र साझा किए गए।
गौरतलब है कि लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान, जिला पंचायत के पीछे, कोंडागांव में संचालित है। वर्तमान में यहां पीएससी, मंडी उपनिरीक्षक, परिवहन आरक्षक, एसएससी जीडी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
प्राकृतिक आपदा पीड़ित के वारिस को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि
कोण्डागांव, 09 फरवरी 2026
कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के प्रकरण में वारिस को 04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि प्रदान की गयी। कलेक्टर द्वारा धनोरा तहसील के ग्राम कलेपाल निवासी भवानी की सर्पदंश से मृत्यु होने पर माता सुकोती, पिता मानतू को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गयी है। उक्त स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि सम्बन्धित वारिस के बैंक खाते में हस्तांतरित करने के निर्देश सम्बन्धित तहसीलदार को दिए गए हैं।
क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2025–26 के लिए आवेदन
कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ शासन की क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025–26 के लिए पात्र खिलाड़ियों से खेलवृत्ति प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सहयोग प्रदान करना है।
योजना के अंतर्गत ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वरिष्ठ, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति दी जाएगी। वरिष्ठ वर्ग के खिलाड़ियों को क्रमशः 75 हजार, 50 हजार एवं 40 हजार रुपये, जूनियर वर्ग को 60 हजार, 40 हजार एवं 30 हजार रुपये तथा सब-जूनियर वर्ग को 50 हजार, 25 हजार एवं 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ केवल उन्हीं खिलाड़ियों को मिलेगा जिन्होंने संबंधित प्रतियोगिता में वास्तव में भाग लिया हो, जिसका प्रमाण संबंधित खेल संघ द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है। खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए तथा प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया होना अनिवार्य है।
एक वित्तीय वर्ष में खिलाड़ी को केवल एक बार ही खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। यदि खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में उपलब्धि प्राप्त की है तो उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। खेलवृत्ति अधिकतम 25 वर्ष आयु तक के खिलाड़ियों को देय होगी।
वर्ष 2024–25 में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर पात्रता निर्धारित की जाएगी। आवेदन पत्र संबंधित प्रमाण पत्रों सहित कार्यालय वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला कोण्डागांव/संचालनालय में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन प्रारूप विभागीय वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।