छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें : कलेक्टर
सभी प्रकार के अवकाश प्रतिबंधित, मुख्यालय छोड़ने पर लेनी होगी अनुमति
बलौदाबाजार । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं गणतंत्र दिवस क़ी तैयारी के सम्बन्ध में अधिकारियों क़ी बैठक लेकर जरुरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सोमवार को नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायत के लिए निर्वाचन तिथि क़ी घोषणा कर दी गई है और जिले में आचार संहिता प्रभावी हो गई है। सभी अधिकारी -कर्मचारी आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करें। सभी प्रकार के अवकाश प्रतिबंधित है। कोई भी अधिकारी- कर्मचारी बिना सक्षम अधिकारी के अनुमति के मुख्यालय न छोड़ें।
कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम अनुसार निर्वाचन क़ी अधिसूचना, नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना, प्रशिक्षण, ईवीएम के लिए स्ट्रांग रूम, मतदान दलों का गठन, मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं,मतगणना क़ी तैयारी आदि के सम्बन्ध में जरुरी निर्देश दिए। इसीप्रकार नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी क़ी नियुक्ति करने तथा जिला एवं अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन के सम्बन्ध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करने कहा। जारी निर्देश के अनुसार राजनैतिक पदाधिकारी मुख्य अतिथि क़ी हैसियत से शामिल हो सकते हैं। स्वतंत्रता, देशभक्ति एवं राज्य क़ी महिमा से सम्बंधित उद्बोधन होगा लेकिन राजनीतिक प्रचार -प्रसार नहीं होगा। नई घोषणा नहीं होगी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन क़ी प्रचलित योजनाओं का झाँकियो के रूप में प्रदर्शन किया जा सकेगा। झांकियों में राजनीतिक प्रतिनिधियों के चित्र नहीं लगाए जा सकेंगे। देशभक्ति से सम्बंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।जिनका कार्यकाल शेष है ऐसे जनप्रतिनिधि नगरीय निकाय एवं पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण कर सकेंगे।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दिव्या गौते सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
शहरी क्षेत्र में 127644 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 816627 मतदाता करेंगे मतदान
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली प्रेसवार्ता
बलौदाबाजार । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेसवार्ता लेकर जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव एक चरण में ईवीएम के द्वारा तथा पंचायत चुनाव 3 चरण में मत पत्र से होगा। नगरीय निकायों में कुल मतदाता संख्या 127644 तथा पंचायत क्षेत्र में 816627 है।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सम्पूर्ण बलौदाबाजार - भाटापारा जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील कर दी गई है।नगरीय निकाय में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) का उपयोग किया जाएगा। निर्वाचन में प्रयोग किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। मतदान हेतु मतदान मशीन तैयार करते समय भी रैंडम रूप से चयनित मतदान मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि इस प्रक्रिया का अवलोकन उपस्थित रहकर कर सकते है। निर्वाचन से संबंधित अधिक एवं नवीनतम जानकारी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के वेबसाईट https://cgsec.gov.in/ का अवलोकन कर सकते है। मतदाता सूची में नाम सर्च करने के लिए https://cgsecerms.cgstate.gov.in/epic-voter-serch लिंक का उपयोग किया जा सकता है।
नगरीय निकाय निर्वाचन-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है जिसके अनुसार नगर पालिका आम निर्वाचन हेतु मतदान केन्द्रों की संख्या 181, पार्षद पदों की संख्या 142 एवं अध्यक्ष पदों की संख्या 8 होगा। जिसमें पुरूष मतदाता 62081, महिला मतदाता 65551 एवं 12 अन्य मतदाता कुल 127644 मतदाता शामिल है।
जिसमें नगरपालिका परिषद् बलौदाबाजार में कुल 21 वार्ड, मतदान केन्द्रों की संख्या 20, अध्यक्ष पद-1, एवं पार्षद पदों की संख्या 21 है। जिसमें पुरूष मतदाता 11292, महिला महिला मतदाता 12069, कुल मतदाता 23361 है।
नगरपालिका परिषद भाटापारा कुल 31 वार्ड, मतदान केन्द्रों की संख्या 61, अध्यक्ष पद-1, एवं पार्षद पदों की संख्या 31 है। जिसमें पुरूष मतदाता 25053, महिला महिला मतदाता 26617 एवं अन्य मतदाता 11 कुल मतदाता 51681 है।
नगर पालिका परिषद सिमगा कुल वार्ड 15, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष पद-1 एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है। जिसमें पुरूष मतदाता 6213, महिला मतदाता 6499, कुल मतदाता 12712 है।
नगर पंचायत पलारी कुल वार्ड 15, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष पद-1 एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है। जिसमें पुरूष मतदाता 3441, महिला मतदाता 3691, कुल मतदाता 7507 है।नगर पंचायत लवन कुल वार्ड 15, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष पद-1 एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है। जिसमें पुरूष मतदाता 3665, महिला मतदाता 3842, कुल मतदाता 7739 है।नगर पंचायत कसडोल कुल वार्ड 15, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष पद-1 एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है। जिसमें पुरूष मतदाता 5926, महिला मतदाता 6276, कुल मतदाता 12202 है।नगर पंचायत टुण्डरा कुल वार्ड 15, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष पद-1 एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है।
जिसमें पुरूष मतदाता 3894, महिला मतदाता 3845 कुल मतदाता 7132 है। एवं नगर पंचायत रोहांसी में कुल 15 वार्ड, मतदान केन्द्रों की संख्या 15, अध्यक्ष 1-1 पद, एवं पार्षद पदों की संख्या 15 है। जिसमें पुरूष मतदाता 2597, महिला मतदाता 2712 एवं अन्य मतदाता 01 कुल मतदाता 5310 है। निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थी द्वारा किए जाने वाले निर्वाचन व्यय की सीमा निर्धारित की गई है। जिसके अनुसार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद हेतु 50 हजार से अधिक जनसंख्या होने पर 10 लाख रुपये,50 हजार से कम जनसंख्या होने पर 8 लाख रुपये,नगर पंचायत अध्यक्ष पद हेतु 6 लाख रूपए व्यय सीमा निर्धारित की गई है। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद् हेतु 15 हजार रूपए, अध्यक्ष नगर पंचायत हेतु 10 हजार रूपए, वार्ड पार्षद नगर पालिका परिषद् हेतु 3 हजार रूपए एवं वार्ड पार्षद नगर पंचायत हेतु 1 हजार रूपए निर्वाचन लडऩे हेतु अभ्यर्थियों के लिए जमा की जाने वाली निक्षेप राशि है। परन्तु जहां कोई अभ्यर्थी महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग का सदस्य है वहां विहित धनराशि का केवल आधा भाग निक्षेप राशि जमा करना होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन तीन चरणों में संपन्न होगा। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत प्रथम चरण में भाटापारा,सिमगा, द्वितीय चरण में कसडोल एवं तृतीय चरण में बलौदाबाजार, पलारी शामिल है।
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन हेतु
जिला पंचायत सदस्यों की संख्या कुल 18 एवं जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या कुल 125 है। कुल ग्राम पंचायतों की संख्या 519, कुल वार्डाे की सख्या 6828, कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 1398 है। जिसमें कुल पुरूष मतदाता 407403, महिला मतदाता 409221 एवं 3 अन्य मतदाता कुल मतदाता 816627 है।
जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य की कुल संख्या 25, ग्राम पंचायतों की संख्या 106, कुल वार्डो की संख्या 1478, मतदान केन्द्रों की संख्या 277 है। जिसमें पुरूष मतदाता 93358, महिला मतदाता 93598, कुल मतदाता 186956 है।जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य की कुल संख्या 25, ग्राम पंचायतों की संख्या 102, कुल वार्डो की संख्या 1389, मतदान केन्द्रों की संख्या 275 है। जिसमें पुरूष मतदाता 80824, महिला मतदाता 81472 एवं 1 अन्य मतदाता कुल मतदाता 162297 है।जनपद पंचायत भाटापारा अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य की कुल संख्या 25, ग्राम पंचायतों की संख्या 91, कुल वार्डो की संख्या 1092, मतदान केन्द्रों की संख्या 227 है। जिसमें पुरूष मतदाता 62775, महिला मतदाता 62870 एवं 1 अन्य मतदाता कुल मतदाता 125646 है।जनपद पंचायत सिमगा अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य की कुल संख्या 25, ग्राम पंचायतों की संख्या 104, कुल वार्डो की संख्या 1389, मतदान केन्द्रों की संख्या 326 है। जिसमें पुरूष मतदाता 80679 महिला मतदाता 81449 कुल मतदाता 162128 है।
एवं जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य की कुल संख्या 25, ग्राम पंचायतों की संख्या 116, कुल वार्डो की संख्या 1389, मतदान केन्द्रों की संख्या 326 है। जिसमें पुरूष मतदाता 89767, महिला मतदाता 89832 एवं अन्य मतदाता 1 कुल मतदाता 179600 है।जिले के सभी 5 जनपद पंचायत क्षेत्रों में जिला पंचायत हेतु 4 हजार रूपए, जनपद पंचायत सदस्य हेतु 2 हजार रूपए, सरपंच हेतु 1 हजार रूपए तथा पंच हेतु 50 रूपए निर्वाचन लडऩे हेतु अभ्यर्थियों के लिए जमा की जाने वाली निक्षेप राशि निर्धारित की गई है परन्तु जहां कोई अभ्यर्थी महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग का सदस्य है वहां विहित धनराशि का केवल आधा भाग निक्षेप राशि जमा करना होगा। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल शेट्टे सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
स्व सहायता समूह की महिलाओं को दिशा भ्रमण हेतु हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिला अंतर्गत विभिन्न विकासखण्डो की महिला स्व सहायता समूह की 50 महिलाओं को सशक्त आत्मनिर्भर बनाने हेतु जिला संबलपुर उड़ीसा राज्य में ‘‘मिशन शक्ति’’ अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन, भ्रमण के लिए अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी टी.के.जाटवर द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भ्रमण में जाने वाली महिलाएं बहुत ही खुश व उत्साहित नजर आ रहीं थी। 50 महिलाओं के साथ महिलाओं की देखरेख हेतु परियोजना कार्यालय से प्रभारी पर्यवेक्षकों एवं भृत्य के साथ दिशा भ्रमण के लिए रवाना किया गया। भ्रमण कार्यक्रम आज दिनांक 15 जनवरी से 17 जनवरी 2025 तक किया जायेगा। मिशन शक्ति के कार्यो के अवलोकन पश्चात् समूह द्वारा अपने रूचि के अनुसार व्यवसाय, स्व-रोजगार का चयन करने पर शासन द्वारा आर्थिक सहायता भी प्रदान किया जायेगा। उक्त भ्रमण कार्यक्रम में सभी विकासखण्डो के दस-दस महिला स्व सहायता समूहों के एक-एक सदस्य का चयन कर भ्रमण के लिए भेजा गया है।
बलौदाबाजार में सड़क हादसा: 3 दोस्तों की मौत...
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार जिले में शनिवार रात सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ़्तार ट्र्क ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना सुहेला थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली के तारासिंह गांव के रहने वाले तीन युवक मनोज पटेल 23, पूरन पटेल 21 और सुमन पटेल 24 वर्ष गातापार मेला घुमने के लिए गये थे। शनिवार रात 8 बजे तीनों मेले से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरहाडीह के भारूवाडीह चौक के पास तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों युवक बाइक से उछलकर जमीन पर गिर गये।
दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर ये हादसा हुआ वहां आये दिन एक्सीडेंट होते रहते है। लोगों ने बलौदाबाजार सुहेला मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। लोगों ने हादसे को लेकर गहरी नाराजगी भी जताई है।
अपर कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
साफ- सफाई सहित पेयजल सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर अपर कलेक्टर भूपेंद्र कुमार अग्रवाल शुक्रवार जिला मुख्यालय स्थिति जिला अस्पताल निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों एवं आगंतुकों के लिए पेयजल व्यवस्था, ओपीडी, आईपीडी, लैब सहित विभिन्न कक्षों एवं पोषण पुर्नवास केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ओपीडी एवं आईपीड़ी में पंजीयन प्रणाली, कुल पंजीयन की जानकारी लिया गया। इसी तरह विगत एक माह में आयुष्मान कार्ड से ईलाज व रिफरल मरीजों की भी जानकारी ली गई। प्रसूति विभाग में विगत माह में भर्ती हुए प्रसूताओं में रिफरल की जानकारी ली गई। जिसमें बताया गया क़ि सबसे अधिक पलारी व रोहांसी क्षेत्र से भर्ती हुए है। इस क्षेत्र के सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण रिफरल केस ज्यादा हैं। विगत माह दिसंबर में 285 महिलाओं का प्रसूति कराया गया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से ईलाज क़ी भी जानकारी ली जिसमें बताया गया क़ि 1 से 10 जनवरी तक कैजुल्टी में 35 एवं अन्य में 64 पंजीयन हुआ है। प्रसूति कक्ष में भर्ती प्रसूताओं से भोजन एवं अन्य सुविधाओं के सम्बन्ध में पूछताछ क़ी जिस पर बताया गया कि भोजन व नाश्ता समय पर और गुणवत्तापूर्ण मिल रहा है। अपर कलेक्टर ने परिसर में संचालित 7 बिस्तरीय पोषण पुनर्नवास केंद्र का भी निरीक्षण किया। माह जनवरी 2025 में 3 कुपोषित बच्चे भर्ती मिले जिन्हे जरूरत एवं आहार चार्ट के अनुसार पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। अपर कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियो से समन्वय कर कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने के निर्देश दिए। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ के. टेम्भूरने सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
एनएसएस शिविर में बच्चों को गुड-टच एवं बैड-टच सहित अन्य कानूनों के प्रति किया गया जागरूक
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जाटवर के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम ने मिनीमाता कन्या महाविद्यालय बलौदाबाजार द्वारा ग्राम मोहतरा में आयोजित सप्त दिवसीय एनएसएस शिविर में बाल विवाह मुक्त बलौदाबाजार, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ एवं बाल विवाह मुक्त भारत का शपथ दिलाया गया। सभी छात्राएं को गुड टच, बैड टच एवं अन्य कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।
संरक्षण अधिकारी दीपक राय ने कैम्प के स्वयं सेवकों किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि बडो के लिए जैसे भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराएं लगती है वैसे ही बच्चों को सुधारने के लिए किशोर न्याय अधिनियम बना है। बच्चो संबंधी समस्त न्याय उपचार उसी में उल्लेखित प्रावधान के अनुसार होता है। चाहे वह विधि विरुद्ध बच्चा हो या संरक्षण की आवश्यकता वाला बच्चा। उन्होंने सभी बच्चों को बाल अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम 2015 (संशोधित 2022), पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम निषेध अधिनियम 2009 आदि के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही, गुड टच और बैड टच की पहचान, विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी, स्पॉन्सरशिप योजना, नशा उन्मूलन, घुमंतू बच्चों का पुनर्वास तथा अपशिष्ट संग्रहण में कार्यरत बच्चों के पुनर्वास के बारे में भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बालक, विधि के साथ संघर्षरत बालक, मिशन वात्सल्य योजना, तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की सेवाओं पर भी विशेष जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रोशनी लता देवांगन, जिला बाल संरक्षण इकाई संरक्षण अधिकारी दीपक राय, आउटरीच वर्कर अर्चना वैष्णव और चाइल्ड हेल्पलाइन केंद्र से समन्वयक रेखा शर्मा एवं काउंसलर गीता वर्मा उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण
कई अधिकारी- कर्मचारी रहे अनुपस्थित,कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
बलौदाबाजार । गुड गवर्नेन्स के लिए समय पर अधिकारी कर्मचारियों का कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य संपादन करने कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के अनुपालना की हकीकत जानने कलेक्टर श्री सोनी ने गुरुवार को कार्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण पर निकले जिसमें 7 अधिकारी- कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसमें से कार्यालयीन कार्य से फील्ड दौरे पर गए उप संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, सहायक मत्स्य अधिकारी को लाईव लोकेशन भेजने तथा अनुपस्थित शेष 5 अधिकारी -कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों तथा उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्धारित समय प्रातः 10 बजे कार्यालय पहुंचने व लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान खाद्य शाखा, महिला एवं बाला विकास विभाग,खनिज शाखा, आबकारी विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, हथ करघा, अंत्यावसायी, आयुष, नगर तथा ग्राम निवेश, आर्थिक योजना एवं सांख्ययिकी, श्रम, आदिवासी विकास, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, ट्रेजरी,समाज समाज कल्याण,भू अभिलेख, वित्त लिपिक, शिकायत शाखा, नाजिर आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया और उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया।
अनुपस्थित अधिकारी कर्मचारियों में सहायक जिला महिला बाल विकास अधिकारी, प्रभारी प्रबंधक खादी एवं ग्रामोद्योग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंत्यवसायी,उद्यानिकी विभाग मोनिका सहायक ग्रेड 3, खाद्य शाखा कम्प्यूटर ऑपरेटर मोती लाल वर्मा शामिल हैं।
डीओ जारी होने के 10 दिन बाद भी उठाव नहीं करने वाले मिलरों पर लगेगा पेनाल्टी
धान उठाव में तेजी लाने मिलरों को कड़े निर्देश
बलौदाबाजार। खरीफ विपणन वर्ष 2024 - 25 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी जिले में द्रुत गति से जारी है। उपार्जन केंद्रों से नियमित रूप से धान उठाव हेतु मिलरों को डीओ जारी किये जा रहे हैं। अनेक निर्देश के बाद भी कुछ मिलरों द्वारा डीओ कटने के बाद धान उठाव में रूचि नहीं ली जा रही है जिसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने मिलर एवं परिवहनकर्ता द्वारा समय -सीमा में अपने दायित्व का निर्वहन करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर समिति के सदस्यों द्वारा ऐसे रईस मिलर जो डीओ कटने के 10 दिवस के पश्चात भी धान उठाव शुरू नहीं किये हैं उनके डीओ में पेनल्टी अधिरोपित करने का भी निर्णय लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 629394 मेट्रिक टन धान उपार्जन हुआ है जिसमें से परिवहनकर्ता द्वारा 145943मेट्रिक टन एवं जिला और अंतरजिला मिलर द्वारा 155897 मेट्रिक टन धान का उठाव किया गया है। उपार्जन केंद्रों में 327554 मेट्रिक टन धान उठाव हेतु शेष है।जिले के मिलर को 195207 मेट्रिक टन हेतु डीओ जारी हुआ है जिसमें से 129843 मेट्रिक टन धान का उठाव किया गया है तथा 65364 मेट्रिक टन धान का उठाव शेष है जिसमें से 49 रईस मिलर का 490 डीओ में 12679 मेट्रिक टन धान का उठाव 10 दिवस के पश्चात् नहीं किया गया है।
पंचायत चुनाव के लिए बलौदाबाजार में आरक्षण की कार्यवाही सम्पन्न
बलौदाबाजार। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन दीपक सोनी की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024- 25 अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद अध्यक्ष पद हेतु प्रवर्गवार सीटों की आरक्षण की कार्यवाही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष मे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
जिला पंचायत बलौदाबाजार भाटापारा मे जिला पंचायत सदस्य के कुल 18 निर्वाचन क्षेत्रों हेतु प्रवर्गवार आरक्षण लॉटरी पद्धति से की गई जिसमें क्षेत्र क्रमांक 1 व 9 अनुसूचित जाति महिला,क्षेत्र क्रमांक 13 व 14 अनुसूचित जाति मुक्त, क्षेत्र क्रमांक 16 व 17 अनुसूचित जनजाति महिला एवं क्षेत्र क्रमांक 6 अनुसूचित जनजाति मुक्त, क्षेत्र क्रमांक 12 व 15 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला एवं क्षेत्र क्रमांक 12 अन्य पिछड़ा वर्ग मुक्त, क्षेत्र क्रमांक 2,7,8,11,18 सामान्य महिला एवं क्षेत्र क्रमांक 3,4,5,व 10 सामान्य मुक्त शामिल हैं।
इसीतरह जिले के कुल 5 जनपद पंचायतों मे अध्यक्ष पद हेतु आरक्षण की कार्यवाही की गई जिसमें जनपद पंचायत भाटापारा अनुसूचित जाति महिला, जनपद पंचायत कसडोल अनुसूचित जनजाति महिला, जनपद पंचायत बलौदाबाजार व पलारी सामान्य महिला एवं जनपद पंचायत सिमगा सामान्य मुक्त शामिल है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, उप संचालक पंचायत सुरेश कुमार कंवर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
टैंकर और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर, चालक जिंदा जला
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार -रायपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सोमवार की रात डीजल से भरा एक टैंकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी की टैंकर में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयंकर थी कि टैंकर चालक को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला, जिससे वह टैंकर के साथ ही जलकर खाक हो गया।
दरअसल, यह भीषण सड़क हादसा ग्राम गोड़ा के पास हुआ। सोमवार की रात डीजल से भरा एक टैंकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के टकराने से टैंकर में भीषण आग लग गई।
घटना पलारी थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर दमकल की छह गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग पर काबू पाने में करीब पांच घंटे लग गए। रात करीब दो बजे के बाद ही आग बुझाई जा सकी।
इस हादसे के चलते रायपुर-बलौदा बाजार मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। कई यात्री घंटों तक फंसे रहे। पुलिस ने रास्ते पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकालने का काम शुरू किया।
दमकल कर्मियों की मदद से टैंकर में लगी आग को बुझाने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर गलत तरीके से सड़क किनारे खड़ा था।
स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा की मांग
माना जा रहा है कि, रात के समय टैंकर चालक को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह टक्कर हुई। हादसे की भयावहता इतनी ज्यादा थी की चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
भाटापारा में श्रीदेवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन 6 से 14 जनवरी तक
बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा में कथावाचक संत बाल योगी विष्णु अरोड़ा जावरा जिला रतलाम मध्य प्रदेश वाले के द्वारा 6 जनवरी से 14 जनवरी 2025 तक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है ।
कार्यक्रम का आयोजन नागरिक ज्ञान यज्ञ समिति भाटापारा के द्वारा कल्याण क्लब में की जा रही है कथा का समय 2बजे से 5 बजे तक होगा।
विष्णु अरोड़ा के द्वारा श्रीदेवी भागवत कथा कि जा रहा है जिसके पुण्य एवं अमृतमई वाणी से आप भी लवांवित होए कार्यक्रम की विशेष जानकारी इस प्रकार है ।
6 जनवरी को प्रातः 12:00 बजे पंचायती मंदिर से कलशयात्रा शोभायात्रा प्रारंभ की जाएगी जो रामसप्ता होते हुए जय स्तंभ चौक जयस्तंभ से कल्याण क्लब की ओर जाएगी ।
आयोजन समिति सभी का कलश यात्रा में अभिनंदन करती है और् अपील करती है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलश यात्रा की शोभा बने ।
कार्यक्रम के विशेष जानकारी इस प्रकार है , 6 जनवरी को प्रथम दिवस में श्रीदेवी भागवत कथा प्रारंभ होगी जो 14 जानवरी को कथा सम्पूर्ण होगी वा 15 जानवरी को पूर्णाहुति एवं भंडारे का आयोजन किया गया है।
जो 12:30 बजे से प्रारंभ होकर 3:00 बजे तक आप सभी से निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ उठाएं ।
अवैध लकड़ी की तस्करी, प्रशासन ने किया जब्त
बलौदाबाजार। मिश्रित वास्तुशिल्प लकड़ी का अवैध परिवहन करते गाड़ी की जब्ती की गई है। रेंजर साहू ने बताया कि सोनाखान वन परिक्षेत्र के देवताराय अतिक्रमण के ग्राम दर्रा के पास सागौन, साजा और अन्य प्रजाति के लकड़ी का अवैध परिवहन करते मंगलवार को अल सुबह जब्त हुआ है।
लकड़ी को वन परिक्षेत्र कार्यालय कसडोल लाया गया है। बताया जा रहा है कि कसडोल निवासी नरेश पटेल स्वयं अपने निवास में लकड़ी फड़वाने लाहोद जा रहे थे, उसी दरमियान पकड़ा गया।
नरेश को वुड ट्रांसपोर्ट से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवाहन अधिनियम और वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
जनसमस्या निवारण शिविर बल्दाकच्छाऱ स्थगित
बलौदाबाजार। विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम बल्दाकच्छाऱ में 27 दिसम्बर 2024 को आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। इस सम्बन्ध में कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर आदेश जारी कर दिया गया है।
महिलाओं ने की एसपी से शिकायत, गांव में लगातार बढ़ रहा कारोबार
बलौदा बाजार । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अवैध शराब बिक्री की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। गांव-गांव में हो रहे इस अवैध कारोबार से महिलाएं और युवा सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
मंगलवार को जिले के अर्जुनी, टोनाटार, भद्रपाली सहित कई गांवों की भारत माता वाहिनी की महिलाएं एसपी और कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने गांवों में कोचियों द्वारा शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि, शराब विक्रय से उनका जीवन कठिन हो गया है। युवा नशे की लत में पड़ रहे हैं और गांव में विवाद बढ़ रहे हैं। शराब माफिया विरोध करने वालों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते हैं। महिलाओं का कहना है कि, आधा दर्जन से अधिक घरों में अवैध शराब बिक रही है। हालांकि शासकीय शराब दुकानें है।
लेकिन सेल्समैन और कोचियों की सांठगांठ से यह कारोबार बढ़ रहा है। बाइक पर शराब ले जाने के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इस पर आबकारी विभाग और पुलिस की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है। महिलाओं ने मांग की कि प्रशासन अवैध शराब विक्रय पर सख्त कार्रवाई करे। विरोध के दौरान पांच महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की है।
ढाबों में सघन जांच जारी, 3 को नोटिस
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ढाबों में सघन जांच किया। साथ ही मौके से सैंपल जब्त कर जांच के लिए राज्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। इसके साथ ही 3 ढाबों को नोटिस जारी किया गया। जिसमें ताज ढाबा, नाज ढाबा, राम भरोसा ढाबा शामिल है।जिला कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार बलौदाबाजार में अपना ढाबा रायपुर रोड, पटेल ढाबा रायपुर रोड,नेताजी ढाबा रायपुर रोड,पुराना अपना ढाबा सकरी,शमा मुरादाबाद अम्बेडकर, सिमगा तहसील में ताज ढाबा,नाज ढाबा राम भरोसा ढाबा,शेर ए पंजाब ढाबा,अपना ढाबा 3 सैंपल जब्त एवं नोटिस, नेताजी नोटिस,पुराना अपना ढाबा सकरी 2 सैंपल शमा मुरादाबादी 3 सैंपल भेजे गए है। सैंपल जब्त कर राज्य परीक्षण प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा गया है रिपोर्ट मिलते ही अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
हेडमास्टर को पत्नी के भरण पोषण के लिए देना होगा हर महीने 20 हजार रुपये
महिला आयोग कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को भेजेगा अनुशंसा पत्र
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्यगण लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया, दीपिका सोरी एवं ओजस्वी मंडावी ने शुक्रवार को जनपद पंचायत सभाकक्ष बलौदाबाजारमें महिला उत्पीडन से संबंधित प्रस्तुत प्रकरणों पर जनसुनवाई की। छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में प्रदेश स्तर में 300वीं एवं जिला स्तर में 8वें नम्बर की सुनवाई हुई। बलौदाबाजार जिला की आज की सुनवाई में कुल 30 प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गये थे।
सुनवाई के दौरान एक प्रकरण में अनावेदक शासकीय सेवक है जिनकी पोस्टिंग बम्हनमुडी प्राथमिक शाला में है। उनके दो पुत्र है अनावेदक को 58 हजार मासिक वेतन मिलता है। लगभग 3 साल से आवेदिका से अलग रहता है और उसे कोई भरण पोषण नहीं देता है। अनावेदक के पुत्र ने बताया कि उसके पिता अनावेदक उसकी मां आवेदिका के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करते है और नशे के आदि है तथा मां के सामने ही दूसरी औरतों को घर में ले आते है। उनका बेटा सिविल इंजिनियर है और अपनी मां को अपने पिता से होने वाली मारपीट से बचाने के कारण बाहर में मिल रही है (लेकिन अपनी मां की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए) नौकरी नहीं कर पा रहा है। अपने पिता के दुर्व्यवहार के कारण 03 साल से लीवर की बिमारी से परेशान है। आवेदिका के दानों बेटे के नाम पर रिहायसी मकान व खेत को वसीयत किया था जिसका कागज अनावेदक के पास है और आज तक शासकीय अभिलेखों में नाम दर्ज नहीं हो पाया है उन मकानों का किराया पुत्र को प्राप्त हो रहा है जिससे वे अपना खर्च चला रहे है। अर्जुनी बस स्टैण्ड में 04 दुकान है जिनसे 12 हजार रू. अनावेदक लेता है और 58 हजार शासकीय वेतन मिलता है व लगभग 8-9 एकड़ खेती का पैसा भी अनावेदक खुद रखता है। इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत व्यवसाय भी करता है। अनावेदक का कथन था कि वह बच्चों की पढाई का खर्च उठा रहा है और लोन में पैसा कटता है तथा मकान का किराया आवेदिका को 15 हजार मिलता है इसलिए वह आवेदिका को पैसा नहीं देता है। आयोग के द्वारा उभय पक्षको विस्तारसे सुना गया लेकिन अनावेदक अपनी गलती को मानने को तैयार नहीं हुआ। अनावेदक को लगभग 70 हजार की आमदनी हो रही है और आवेदिका को कोई भी धनराशि नहीं दे रहा है आवेदिका अपने बेटे के उपर आश्रित है ऐसी दशा में यह पाया गया कि आवेदिका 20 हजार रू प्रतिमाह भरण पोषण की हकदार है। आवेदिका और उसके दोनों बेटे का नाम सर्विस बुक में भी दर्ज है इस आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार और जिला कलेक्टर बलौदाबाजार को आयोग की ओर से विस्तृत पत्र भेजा जायेगा और साथ ही आर्डरशीट की प्रति भी भेजी जायेगी और आयोग इस प्रकरण में यह अनुशंसा करती है कि आवेदिका को अनावेदक के वेतन से सीधे 20 हजार रू प्रति माह आवेदिका के खाते में दिया जाये। इस निर्देश के साथ प्ररकण नस्तीबद्ध किया गया।
अन्य प्रकरण में अनावेदक एवं आवेदिका के बीच सुलह हो चुकी है आवेदिका ने कहा कि दो शिक्षकों को अलग कक्ष दिया गया है जो सबके साथ अडजेस्ट नहीं होती है। उनके कारण समस्या बढ़ रही है। अनावेदक का कहना है कि वो दो शिक्षिकाये फिर शिकायत करने की धमकी देती है इस पर आयोग ने निर्देशित किया है कि उन दोनों शिक्षिकाओं की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से करें।अन्य प्रकरण में आवेदिका ने बताया कि वह दीवानी मामला कोर्ट में जीत चुकी है परंतु अनावेदक ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। जिस पर अनावेदक ने बताया कि उसकी जमीन का खसरा नम्बर अलग है इस स्तर पर दोनों पक्षों को समझाईश दी गई कि वह पुनः सीमांकन का दावा करें व अपना-अपना खसरा नम्बर चिन्हांकित करावे।अन्य प्रकरण में आवेदिका अपने पति को बचाने के लिए अनावेदिका के खिलाफ शिकायत की है। अनावेदिका ने बाताया कि वो आवेदिका को नहीं जानती है लेकिन उसके पति ने अनावेदिका के खिलाफ कई जगह शिकायत किया है। जिसमें शिकायत झूठी पाई गई है। आवेदिका के पति को अनावेदिका के शासकीय पद में रहने पर भी पार्टनरशिप में ऐतराज है तो इसकी जांच के लिए अलग से फोरम है जहां आवेदिका शिकायत कर सकते हैं आयोग महिला की समस्या का समाधान करने के लिए है पति की समस्या के लिए नहीं है। अतः प्रकरण नस्तीबद्ध किया जाता है।
अन्य प्रकरण में आवेदिका का प्रकरण एक वर्ष की निगरानी हेतु रखा गया था। आवेदिका ने सुलहनामा के अवेदन प्रस्तुत किया कि उनका दो वर्ष पूर्व सुलह हो गया है अतः प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया ।अन्य प्रकरण में अनावेदक ने आवेदिका को साथ में रखने का प्रस्ताव दिया लेकिन आवेदिका द्वारा अनावेदक के साथ जाने से इंकार कर दिया गया। आवेदिका द्वारा अन्य न्यायालय में मामले चल रहे है। अतः प्रकरण अयोग में नहीं सुना जा सकता। प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया।अन्य प्रकरण में आवेदिका ने बताया कि उसने अनावेदक से 3 लाख रू लिया था जिस पर अनावेदक द्वारा बताया गया कि उसने 8 लाख रू. दिया है जिसका स्टाम्प भी कराया गया है। जिस पर अनावेदक को 8 लाख रू. मूल समझौता पत्र एवं आवेदिका के ससुर के नाम का ऋण पुस्तिका लेकर तथा पावर आफ अटार्नी लेकर महिला आयोग रायपुर में उपस्थित होने कहा गया। प्रकरण की अन्य प्रकरण में आवेदिका उपस्थित अनावेदक अनुपस्थित आवेदिका द्वारा अपनी बात रखी गयी। आवेदिका के पति द्वारा नबालिग लडकी को भगाने के कारण अपराधिक मामला भाटापारा न्यायालय में विधाराधीन है इसलिए प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया।अन्य प्रकरण में आवेदिका उपस्थित। अनावेदक अनुपस्थित। इस प्रकरण की जांच महिला आयोग के द्वारा प्रोटेक्शन अधिकारी महिला एवं बाल विकास से कराई गई थी, जिन्होंने स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है जिसमें अनावेदकगण ने आवेदिका की जमीन पर कब्जा कर रखा है। अतः आवेदिका अपनी शिकायत प्रमाणित कर चुकी है। अनावेदकगण को सुनवाई का मौका दिने के बाद भी उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा है, जिससे यह साबित होता है कि अनावेदकगण ने आवेदिका की जमीन पर बेजा कब्जा कर रखा है। अतः आयोग इस प्रकरण में आवेदिका के पक्ष में यह अनुशंसा करते है कि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भाटापारा मौके पर जाकर आवेदिका की जमीन का बेजा कब्जा खाली करावे व बाधा डालने वाले अनावेदकगणों के खिलाफ प्रतिबघांत्मक कार्यवाही भी करें। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भाटापारा से रिपोर्ट आने के बाद 02 माह बाद रायपुर सुनवाई में रखा जाएगा।
महिला आयोग द्वारा प्रकरणों क़ी सुनवाई आज
बलौदाबाजार, । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक एवं आयोग के सदस्यों के द्वारा जिले के प्रकरणों क़ी सुनवाई 20 दिसम्बर 2024 को क़ी जाएगी। सुनवाई प्रातः 11 बजे से संध्या 5 बजे तक जिला पंचायत सभाकक्ष बलौदाबाजार में होगी।