छत्तीसगढ़ / नारायणपुर
जनदर्शन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नारायणपुर, 09 फरवरी 2026
कलेक्टर नम्रता जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवो से पहुंचे लोगों से मुलाकात किया। उन्होंने मुलाकात कर उनकी मांगो एवं समस्याओं और शिकायत संबंधी आवेदनों का निराकरण कराने भरोसा दिलाया एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
आज जनदर्शन में किशन कंवर भृत्य राजस्व विभाग द्वारा बंगला ड्यूअी से मुक्त किये जाने तथा विना कारण वेतन रोके जाने, मोहमद हुसैन खान द्वारा निर्माण कार्य का भुगतान दिलाने, लोचन देवांगन द्वारा माह जून 2025 से पुलिस लाइन नारायणपुर में वाहन चलाने का किराया भुगतान करने, सुखबत्ती भण्डारी ग्राम सोनपुर द्वारा पति का मृत्यु प्रमाण पत्र दिलवाने, जिला अध्यक्ष केपी सागर द्वारा जिला अस्पताल नारायणपुर में पदस्थ सुमन गंजीर द्वारा शासन के साथ धोखाधड़ी एवं लाखो रूपए का गबन करने, नरेश भण्डारी ग्राम कुंदला द्वारा पूर्वजो के समय से काश्त भूमियो से अवैध कब्जा हटाने, सरपंच ओरछा गणेश कोर्राम द्वारा मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने, सरपंच ग्राम पंचायत मुंजमेटा द्वारा ग्राम नाऊ मुंजमेटा में सीसी सड़क स्वीकृति प्रदान करने एवं शमशान घाट में मुक्तिधाम निर्माण, रामुराम कोर्राम ग्राम मालिंगनार द्वारा ग्राम माहका से मालिंगनार तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु स्वीकृति, सरपंच ग्राम पंचायत दण्डवन द्वारा मिट्टी मुरूम सड़क स्वीकृत करने, उप सरपंच ग्राम पंचायत करलखा द्वारा पुराने सीसी रोड को डामरीकरण करवाने, टांगरा राम कर्मा ग्राम आदेर द्वारा रिटायर पेंशन उपलब्ध कराने, समस्त जिला के डॉ. नर्स आरएनएम द्वारा राशि केवल 6 माह का भुगतान होने एवं शेष 8 माह की लंबित राशि के शीघ्र भुगतान हेतु, सरपंच ग्राम पंचायत कुकड़ाझोर द्वारा प्राथमिक शाला, शौचालय, बॉउंड्रीवाल स्वीकृत करने, सरपंच ग्राम धौड़ाई द्वारा पंकज सोरी भृत्य की मूल संस्था शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौड़ाई भेजने, धौड़ाई में बालक एवं बालिका छात्रावास स्वीकृत करने, स्ट्रीट लाइट लगवाने तथा गली सड़क निर्माण, सरपंच ग्राम पंचायत बोरावण्ड द्वारा नया हैण्डपंप सुविधा खुदाई कराने, 1500 मीटर सड़क निर्माण करने, ग्राम बोरावण्ड आमापारा में सोनू घर से रजमु घर तक 1800 मीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति, नरेन्द्र नाग अध्यक्ष बस्तर लोकसभा आम आदमी पार्टी द्वारा आबुझमाड़ क्षेत्र में बदहाल शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार गुणवत्ता हिन निर्माण फर्जी एवं आम आदमी पार्टी द्वारा की गई शिकायतो पर जांच व एफआईआर दर्ज न होने, पाउट राम सलाम कृषक महिमागवाड़ी द्वारा धान टोकन कटवाने, समस्त विद्युत विभाग श्रमिक द्वारा वेतन भुगतान विलंब होने, सरपंच ग्राम पंचायत डुंगा द्वारा पानी टेंकर, काना हुर्राल मुदियापेन प्रबंधन समिति गरांजी द्वारा नारायणपुर स्थित पिकड़ी तालाब में ग्राम गरांजी के आदिवासी समाज की हजारों वर्षो पुरानी धार्मिक परंपरा के संरक्षण एवं गंदे पानी के प्रवाह को रोकने नाली स्वीकृत करने, सरपंच ग्राम पंचायत द्वारा मिट्टी मुरूमीकरण करने, श्रीमती पार्वती सेन निवासी बंगलापारा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नारायणपुर द्वारा जारी आदेश निरस्त करने, विश्वनाथ दुग्गा इमलीपदर द्वारा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत निर्माण कार्यो एवं विकास दुग्गा ग्राम पालकी द्वारा पीएमईजीपी ऋण में जानबुझकर की गई देरी बैंक प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर की मिलीभगत तथा मानसिक व आर्थिक क्षति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस प्रकार जनदर्शन में 38 प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर नम्रता जैन ने गंभीरतापूर्वक सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने के लिए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने किया छात्र दुर्घटना बीमा योजना अंतर्गत दिवंगत छात्र के परिजन को बीमा राशि का चेक प्रदाय
नारायणपुर, 09 फरवरी 2026
कलेक्टर नम्रता जैन ने छात्र दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत शासकीय बालक बुनियादी आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरांजी, नारायणपुर में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत दिवंगत छात्र स्व. सुनील नेताम के परिजनों को बीमा राशि का चेक प्रदान किया।
छात्र स्व. सुनील नेताम, पिता श्री सन्तुराम नेताम, निवासी घोटियामुंडा चांदाबेड़ा, विकासखण्ड फरसगांव, जिला कोण्डागांव का 13 सितंबर 2025 को छात्रावास में आकस्मिक निधन हो गया था। उक्त दुखद घटना के पश्चात छात्र दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की गई।
09 फरवरी को कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा दिवंगत छात्र के पिता श्री सन्तुराम नेताम को 1 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदाय किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उच्च शिक्षा आयुक्त ने रामकृष्ण मिशन आश्रम में नए कॉलेज खोलने हेतु किया निरीक्षण
नारायणपुर, 09 फरवरी 2026
जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन के नारायणपुर आगमन पर अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम तथा वरिष्ठ प्राध्यापक श्री भगवान दास चांडक एवं श्री राजेंद्र कुमार यादव ने उनका स्वागत किया।
डॉ. देवांगन ने जिले के महाविद्यालयों की उपलब्धियां और चुनौतियों पर चर्चा की, और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत चल रहे हैं शैक्षणिक सुधारो पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमें लगातार स्वयं को अद्यतन रखना चाहिए। जीवन में सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, और जो व्यक्ति समय के साथ अपने ज्ञान और कौशल को अपडेट करता है वही सफलता की ऊंचाइयों को छू सकता है। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन आश्रम में आगामी सत्र 2026-27 में महाविद्यालय खोलने के लिए मूलभूत जानकारी एवं चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना, भूमि की उपलब्धता, शैक्षणिक वातावरण एवं विभिन्न बिंदुओं पर गहन मूल्यांकन किया निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी चाहते हैं कि बस्तर में ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और वे यहीं से रोजगार प्राप्त करें।
जिले में नए महाविद्यालय की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों को विविध पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अधिक मौके मिलेंगे और प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। उच्च शिक्षा विभाग का यह प्रयास बस्तर के नारायणपुर जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। इस दौरान रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के सचिव, स्वामी व्याप्तानंद जी महाराज एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित हुए।
राजीव युवा उत्थान योजना अंतर्गत परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण हेतु मेरिट सूची प्रकाशित
’दावा आपत्ति 16 फरवरी तक’
नारायणपुर, 09 फरवरी 2026
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए संचालित राजीव युवा उत्थान योजना के अंतर्गत एस.एस.सी., बैंकिंग, रेलवे, व्यापम एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु वर्ष 2025-26 में परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 01 फरवरी दिन रविवार को किया गया था।
उक्त चयन परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन उपरांत प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को मेरिट सूची के संबंध में कोई दावा अथवा आपत्ति हो, तो वह आवश्यक प्रमाण पत्रों सहित स्वयं उपस्थित होकर अथवा डाक के माध्यम से 16 फरवरी दिन सोमवार सायं 5.30 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, नारायणपुर में प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी दावा आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
77वें गणतंत्र दिवस समारोह में सांसद महेश कश्यप होंगे मुख्य अतिथि
जिला मुख्यालय में प्रातः 9 बजे ध्वज फहराने के साथ होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
नारायणपुर, 24 जनवरी 2026
जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप होंगे। जिला स्तर पर बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। माननीय मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 09.00 बजे ध्वज फहराया जाएगा एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा। इसके पश्चात प्रातः 09.05 बजे परेड का निरीक्षण किया जाएगा तथा हर्ष फायर किया जाएगा। प्रातः 09.10 बजे परेड का मार्चपास्ट संपन्न होगा। प्रातः 09रू25 बजे जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा एवं हर्ष सूचक गुब्बारे छोड़े जाएंगे।
इसके उपरांत प्रातः 09.50 बजे परेड का निष्क्रमण किया जाएगा, जिसके बाद परेड दलों के प्रभारियों से परिचय प्राप्त कर फोटो सेशन आयोजित होगा। प्रातः 10.00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। प्रातः 10.10 बजे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 10.35 बजे राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रातः 10.50 बजे मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं मार्चपास्ट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। अंत में प्रातः 11.00 बजे आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन होगा।
रायपुर में 29 से 31 जनवरी तक राज्य स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन
निजी क्षेत्र के 15 हजार पदों पर होगा चयन
नारायणपुर, 24 जनवरी 2026
शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सेजबहार, रायपुर में 29 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में निजी क्षेत्र के तकनीकी एवं गैर-तकनीकी लगभग 15,000 पदों के लिए अभ्यर्थियों का सीधा साक्षात्कार लिया जाएगा। रोजगार मेले के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची ई रोजगार पोर्टल पर संबंधित जिला रोजगार कार्यालय के लॉगिन में प्रदर्शित की जा रही है। चयन प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु आईटीआई, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों के सहयोग से अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं मोबिलाइजेशन का कार्य किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक आवेदकों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीयन राज्य शासन के पोर्टलerojgar.cg.gov.in के माध्यम से कर सकते हैं। बस्तर संभाग के आवेदकों के लिए साक्षात्कार की तिथि 31 जनवरी 2026 (शनिवार) निर्धारित की गई है।
राष्ट्रीय पर्व समारोह के सफल आयोजन हेतु किया गया फुल ड्रेस रिहर्सल
कलेक्टर-एसपी ने गणतंत्र दिवस के व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नारायणपुर, 24 जनवरी 2026
जिले में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के अंतिम रिहर्सल का कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने बुधवार को प्रातः 9:00 बजे जायजा लिया। समारोह जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम का अंतिम अभ्यास किया गया, जिसके अंतर्गत मुख्य अतिथि की भूमिका में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो द्वारा आगमन पश्चात् उनके द्वारा ध्वज फहराया गया, मार्च पास्ट, जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड कमांडरो से परिचय, शहीदों के परिजनों से मुलाकात व सम्मान एवं पुरस्कार वितरण आदि का रिहर्सल किया गया। कलेक्टर नम्रता जैन ने कार्यक्रमों के रिहर्सल का अवलोकन करने के बाद संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को गरिमामय और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मांडवी, जनपद सीईओ सुनील कुमार सोनपिपरे, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नारायण प्रसाद साहू एवं परियोजना अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने किया।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक
श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या धाम तीर्थ यात्रा हेतु आवेदन आमंत्रित
महोत्सव के रूप में पंचायतों में रोजगार दिवस और आवास दिवस का हुआ आयोजन
नारायणपुर : एक स्कैन में मनरेगा में हुए कार्यों, विकसित भारत जी राम जी के प्रावधानों से अवगत हुए ग्रामीण, आवास हितग्राहियों को आवास जल्द पूर्ण करने हुआ आवास दिवस का आयोजन
बखरूपारा से गढ़बेंगाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी का मरम्मत कार्य हुआ प्रारंभ
नारायणपुर, 02 जनवरी 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी बखरूपारा से गढ़बेंगाल तक मरम्मत कार्य प्रारंभ किया गया है। यह आवागमन को सुगम बनाने में मददगार साबित होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी के एसडीओ जीएस शोरी ने जानकारी दी है कि यह कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
पुनर्वासित युवाओं में दिखा नवचेतना और आत्मविश्वास का अद्भुत उत्साह
नारायणपुर, 02 जनवरी 2026// कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा पुनर्वास केन्द्र में आत्मसमर्पित नक्सलियों को स्वयं अक्षरज्ञान का पाठ पढ़ाया गया। यह क्षण केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं था, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व और मानवीय दृष्टिकोण का सशक्त उदाहरण था। कलेक्टर जैन ने अपने जीवन के संघर्ष, निरंतर प्रयास, लक्ष्य निर्धारण और उपलब्धियों के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को यह संदेश दिया कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो अतीत की गलतियों को भविष्य की उपलब्धियों में बदल सकती है।
कक्षा का वातावरण अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायक था। जब कलेक्टर ने स्वयं ब्लैकबोर्ड पर अपना नाम लिखा, तो कुछ क्षणों के लिए सन्नाटा छा गया। चॉक की आवाज़ और बोर्ड पर उभरते अक्षरकृमानो युवाओं के भीतर भी नई चेतना जगा रहे हों। उसी प्रेरणा से उत्साहित होकर पुनर्वासित युवाओं ने भी पहली बार पूरे आत्मविश्वास और गर्व के साथ अपने-अपने नाम लिखे। किसी के हाथ काँप रहे थे, किसी की आँखों में चमक थी कि यह उनकी पहली जीत थी। जो हाथ कभी हिंसा की राह में भटक गए थे, वही हाथ आज अक्षरों से अपना भविष्य लिख रहे थे। यह बदलाव केवल पढ़ना-लिखना सीखने का नहीं, बल्कि सोच, आत्मसम्मान और जीवन दृष्टि के परिवर्तन का प्रतीक है।
कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार शिक्षा विभाग द्वारा पुनर्वास केन्द्र में अक्षरज्ञान की कक्षाएँ निरंतर संचालित की जा रही हैं, जहाँ अनुभवी शिक्षकों द्वारा धैर्य, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ युवाओं को शिक्षा प्रदान की जा रही है। इन कक्षाओं का उद्देश्य युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करना है। इस परिवर्तन यात्रा में पुनर्वास केन्द्र के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग (डिप्टी कलेक्टर सह एसडीएम, ओरछा) द्वारा भी युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ जीवन के उद्देश्य, सकारात्मक सोच, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति का मंत्र निरंतर दिया जा रहा है। साथ ही, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज नारायणपुर में संचालित पुनर्वास केन्द्र के प्रभारी अधिकारी मानकलाल अहिरवार (जिला रोजगार अधिकारी सह सहायक परियोजना अधिकारी) द्वारा भी युवाओं को नियमित रूप से अक्षरज्ञान प्रदान कर मार्गदर्शन किया जा रहा है।
जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम आदिंगपार और धुरबेड़ा पहुंचने वाली पहली कलेक्टर नम्रता जैन
ग्रामीणों की समस्याएँ सुनकर शीघ्र समाधान करने का दिलाया भरोसा
नारायणपुर, 02 जनवरी 2026// शासन की मंशा के अनुरूप नारायणपुर जिले के दूरस्थ व पहुंच-विहीन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल अजय कुमार सिंह ने जिले के अंदरूनी अंचलों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। कलेक्टर नम्रता जैन जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम आदिंगपार और धुरबेड़ा पहुंचने वाली पहली कलेक्टर है।
कलेक्टर जैन ने जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम आदिंगपार और धुरबेड़ा का भ्रमण किया। धुरबेड़ा पहुंचकर उन्होंने बालक आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया और भोजन, पेयजल, कमरों की स्वच्छता, शौचालय व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तृत जानकारी लिया। छात्रावास में कलेक्टर ने बच्चों से लिया पहाड़ा एवं अंग्रेजी अक्षर ज्ञान की जानकारी ली, बच्चों के द्वारा आसानी से उत्तर बताये जाने पर कलेक्टर ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आगे पढ़कर डॉक्टर, इंजिनियर, शिक्षक, पटवारी, तहसीलदार जैस उच्च पदों को प्राप्त करें। उन्होंने बच्चों की संख्या, उपस्थिति, भोजन की उपलब्धता और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। छात्रावास अधीक्षक राधेश्याम रावटे ने शौचालय, खेल सामग्री और अधीक्षक निवास कक्ष निर्माण की मांग की। छात्रावास अधीक्षक ने ग्राम धुरबेड़ा के परिवार संख्या और जनसंख्या के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। कलेक्टर ने उनकी मांगो को गंभीरता से लेते हुए पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धुरबेड़ा के उप स्वास्थय केन्द्र में भर्ती हुए मरीजों से उनका हालचाल जाना और केन्द्र परिसर में लगे नलजल से पेयजल का जायजा लिया।
कलेक्टर जैन ने धुरबेड़ा बालक आश्रम का निरीक्षण पश्चात् आदिंगपार पहुंचकर ग्राम पंचायत धुरबेड़ा की सरपंच श्रीमती सुदनी ध्रुव एवं ग्रामीणों से चर्चा करते हुए ग्राम की समस्याओं के बारे में जानकारी लिया। ग्राम धुरबेड़ा में आंगनबाड़ी को घोटूल में संचालित कराने तथा आदिंगपार पहुंच मार्ग को सुगम बनाने उपस्थित जनपद सीईओ को निर्देश दिये। सरपंच ने जानकारी दिया कि ग्राम पंचायत धुरबेड़ा के आश्रित ग्राम में माटवाड़ा, फरसबेड़ा, कोड़तामरका, गुमरका, आदिंगपार और मंदोड़ा शामिल हैं। सभी आश्रित ग्रामों का सर्वे कर आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने हेतु प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कोड़नार के आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण – कलेक्टर नम्रता जैन ने कोड़नार के आंगनबाड़ी केन्द का निरीक्षण करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र को साफ सफाई रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कोड़नार के आश्रित ग्राम करकानार आदि ग्रामों के बच्चों को कोड़नार आंगनबाड़ी केन्द्र में दर्ज कर टीएचआर वितरण कराने और आश्रित ग्रामों में भी आंगनबाड़ी खोलने के प्रस्ताव बनाने के निर्देश उपस्थित जनपद सीईओ को दिये। कोड़नार के आंगनबाड़ी केन्द का निरीक्षण पश्चात ग्राम कुतुल पहंुचकर ग्रामीणों से मुलाकात किया। कुतुल में बाजार शेड, नलजल के पाईप लाईन मरम्मत, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण करने की मांग सरपंच रामजी वरदा द्वारा किये जाने पर कलेक्टर जैन ने कहा कि सभी मांगो का शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को आरसेटी के माध्यम से व्यवसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। इस दौरान एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग, तहसीलदार कोहकामेटा डॉ. अयाज हाशमी, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायतों में लगाया जा रहा है सुशासन एक्सप्रेस शिविर
शिविर में आधार, राशन, आयुष्मान, श्रम कार्ड एवं ड्राईविंग लायसेंस जैसी विभिन्न दस्तावेजों की समस्याओं का किया जा रहा निराकरण
नारायणपुर, 02 जनवरी 2026// जनपद पंचायत ओरछा क्षेत्रान्तर्गत हॉट बाजार स्थलों में ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों के लिए नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, श्रम कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, ड्राईविंग लायसेंस, आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम आवास, शौचालय, किसान किताब, नरेगा जॉब कार्ड, पेंशन संबंधित् डीएलसी, डीबीटी, आय, जाति, निवास तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने एवं अन्य समस्याओं के निराकरण किये जाने हेतु सुशासन एक्सप्रेस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन एक्सप्रेस शिविर में स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण, परिवहन, पुलिस, श्रम, कृषि, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं अन्य विभागों के जिला स्तर अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहकर चयनित ग्रामों के हितग्राहियों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं का शिविर स्थल पर निराकरण करेंगे।
05 जनवरी को ग्राम पंचायत कुंदला, 06 जनवरी को ग्राम पंचायत सोनपुर, 07 को ग्राम पंचायत मेटानार (आंगनबाड़ी भवन ढोडरीबेड़ा), 08 को ग्राम पंचायत गारपा (बाजार स्थल), 09 को गारपा (आंगनबाड़ी के सामने होरादी), 12 को गारपा (बालक आश्रम मसपुर), 13 को ग्राम पंचायत मेटानार भवन, 14 को कुंदला (आंगनबाड़ी भवन मुरहापदर), 15 को मुरनार पंचायत भवन, 16 को मुरनार आंगनबाड़ी भवन बेचा, 19 को ग्राम पंचायत कोहकामेटा (प्राथमिक शाला भवन किहकाड़), 20 को ग्राम पंचायत भवन कोहकामेटा, 21 को ग्राम पंचायत कच्चापाल (आरकेएम आश्रम ईरकभट्टी), 22 को ग्राम पंचायत भवन कच्चापाल, 23 को ग्राम पंचायत कच्चापाल (आंगनबाड़ी भवन कानागांव), 27 को ग्राम पंचायत कुतुल (कोडलियर गांव के समीप), 28 को बालक आश्रम मोहंदी, 29 को ग्राम पंचायत कोडोली उर्फ कस्तुरमेटा (बाजार स्थल कुस्तुरमेटा), 30 को आंगनबाड़ी भवन हिकपाड़ में तथा 02 फरवरी को ग्राम पंचायत नेड़नार (बाजार स्थल आकाबेड़ा) एवं 03 और 04 फरवरी को ओरछा के आठ आश्रम शेड ओरछा में सुशासन एक्सप्रेस शिविर लगाया जाएगा। सुशासन एक्सप्रेस शिविरों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि में आवश्यक अभिलेखों एवं अपने अधिनस्थ कर्मचारियों को उपस्थित करवाते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने निर्देशित किया गया है। संबंधित नोडल अधिकारी सुशासन एक्सप्रेस शिविर में माध्यम से प्रतिदिवस प्राप्त, निराकृत एवं लंबित आवेदनों की विभागवार जानकारी अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर नम्रता जैन ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण
निर्वाचक नामावली के प्ररूप के प्रकाशन की सूचना
सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर 2025