छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
पुलिस परेड ग्राउंड में कलेक्टर-एसएसपी ने स्कूली बच्चों को दिलाई तिरंगा शपथ
बिलासपुर । हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को तिरंगा शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे एवं अन्य नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगा शपथ के दौरान स्कूली बच्चों सहित सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने, देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में बच्चों द्वारा एक साथ तिरंगा शपथ लेने से पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। तिरंगा शपथ के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में हजारों स्कूली बच्चों और अन्य प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
सर्पदंश मुआवजा घोटाले की जांच अब विशेषज्ञ एजेंसी को...
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के सर्पदंश मुआवजा घोटाले की जांच अब विशेषज्ञ एजेंसी को सौंपी जा सकती है। बिलासपुर पहुंचे पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने कहा कि मामला गंभीर है और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की गहन जांच के लिए विशेषज्ञ एजेंसी को जांच सौंपने का प्रस्ताव भेजा गया है। DGP के बयान के बाद मामले की जांच EOW को सौंपे जाने की संभावना बढ़ गई है।
DGP ने अब तक की पुलिस जांच की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले की जांच ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से की है। अब घोटाले के आर्थिक पहलुओं की विशेषज्ञ स्तर पर पड़ताल के लिए जांच किसी सक्षम एजेंसी को सौंपने का प्रस्ताव भेजा गया है।
431 मौतें दिखाकर बांट दिए 17 करोड़ से ज्यादा
मामले की जांच में सर्पदंश से मौत के मुआवजे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आने का दावा किया गया है। जानकारी के मुताबिक जशपुर में पिछले तीन वर्षों में सर्पदंश से 96 मौतें दर्ज हुईं, जबकि बिलासपुर में 431 मौतों को सर्पदंश से जोड़कर करीब 17 करोड़ 24 लाख रुपये का मुआवजा बांटे जाने की बात सामने आई है।
मामला बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा में उठाया था। इसके बाद राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।
सामान्य मौतों को बताया सर्पदंश, फर्जी दस्तावेजों से लिया मुआवजा
सरकारी प्रावधान के तहत सर्पदंश से मौत होने पर मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। आरोप है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और कई सामान्य मौतों को सर्पदंश से हुई मौत दर्शाकर मुआवजा हासिल किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आने की बात कही गई है कि कुछ मामलों में मृतकों के परिजनों की जानकारी या सहमति के बिना ही मुआवजे की राशि निकाल ली गई। बाद में इस रकम को आरोपियों के बीच बांटने का आरोप है।
डॉक्टर से लेकर पुलिसकर्मी और तहसील कर्मचारी तक गिरफ्तार
मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें डॉक्टर, पुलिसकर्मी और तहसील कार्यालय से जुड़े कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच में कथित ‘एडवोकेट डायमंड गैंग’ का भी उल्लेख सामने आया है, जिसमें पुलिस, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग से जुड़े लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
आरोप है कि अस्पताल में किसी व्यक्ति की मौत की जानकारी मिलते ही कथित गैंग सक्रिय हो जाता था। इसके बाद मौत को सर्पदंश का मामला बताकर दस्तावेज तैयार किए जाते और करीब डेढ़ लाख रुपये में मुआवजे की ‘सेटिंग’ किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
बड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले की शुरुआती जांच के बाद SDM की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस में FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की गिरफ्तारियां हुईं। जांच आगे बढ़ने पर तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे। पुलिस ने पूछताछ और बयान के लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए।
कार्रवाई के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ और राजस्व लिपिक संघ की ओर से विरोध भी सामने आया। कर्मचारियों की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
EOW जांच से सामने आ सकता है पैसों का पूरा नेटवर्क
अब विशेषज्ञ एजेंसी को जांच सौंपे जाने की स्थिति में घोटाले के आर्थिक नेटवर्क, फर्जी दस्तावेजों, मुआवजा राशि के भुगतान और उसके बंटवारे की विस्तृत जांच हो सकती है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश होगी कि फर्जी मामलों को तैयार करने और सरकारी राशि निकालने में किन-किन लोगों की भूमिका थी।
फिलहाल DGP के बयान के बाद जांच को विशेषज्ञ एजेंसी तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिले हैं। हालांकि EOW को औपचारिक रूप से जांच सौंपे जाने की पुष्टि अभी बाकी है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त के मुख्य समारोह का किया गया हूबहू पूर्वाभ्यास
कलेक्टर-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
बिलासपुर, 13 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आज सवेरे पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल में 15 अगस्त को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की पूरी रूपरेखा का हूबहू पूर्वाभ्यास किया गया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने रिहर्सल के दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रदर्शन, पुरस्कार एवं सम्मान सहित प्रत्येक आयोजन की बारीकियों को देखा और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा एवं भव्यता के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध और बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। फुल ड्रेस रिहर्सल में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और 13 टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। मुख्य समारोह के लिए इस बार छह स्कूलों का चयन किया गया है, जिनके विद्यार्थी सामूहिक रूप से देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक नया आकर्षण बच्चों द्वारा साहसिक खेल ताईक्वांडो का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही जिला पुलिस एवं केंद्रीय जेल की संयुक्त बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों एवं नागरिकों के परिवारों के प्रति आदर और श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया जाएगा। वहीं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा समारोह में नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। अंतिम रिहर्सल के माध्यम से समारोह के प्रत्येक चरण का समयबद्ध एवं व्यवस्थित पूर्वाभ्यास किया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित और आकर्षक हो तथा कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राजनीति में 99 पर भी खेल बदल जाता है, कुछ
भी फाइनल नहीं होता’ प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खोले राजनीतिक सफर के पन्ने......शहर विकास के लिए फिर प्रेस क्लब को पहल करने की जरूरत–अटल श्रीवास्तव......
राजनीति में 99 पर भी खेल बदल जाता है,
कुछ भी फाइनल नहीं होता’ प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खोले राजनीतिक सफर के पन्ने......शहर विकास के लिए फिर प्रेस क्लब को पहल करने की जरूरत–अटल श्रीवास्तव......
क्षेत्रीय कवि सम्मेलन में कवियों ने बिखेरे हर रंग
भाटापारा । आदर्श सत्संग सेवा आश्रम केसली में क्षेत्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा के कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सत्यनारायण पटेल ने कहा कि हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा के समावेश ने इस आयोजन को विशेष और रोचक बना दिया। ऐसे क्षेत्रीय साहित्यिक आयोजन हमारी लोकभाषा, संस्कृति और साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी को साहित्य और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्श सत्संग सेवा आश्रम के संचालक करते हुए अशोक मिश्रा ने मां सरस्वती की वंदना "बुद्धि के देवइया दाई, गुन ला गावंव तोर..." से किया।
डॉ. राम नारायण नेताम ने अपनी भावपूर्ण रचना "निर्मल होकर कोई जब उन्हें पुकारा है, फिर कौन बिगाड़ेगा जब राम सहारा है" प्रस्तुत कर भक्ति का वातावरण बनाया। वहीं डॉ. कृष्ण कुमार वर्मा की छत्तीसगढ़ी कविता "भरत के आंसू के धार संग रोए हंव बनवास गए त, गौतम श्रापित अहिल्या तारे नारी रुपवा पाथर देखत..." ने पूरे माहौल को राममय कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले साहित्यकार डॉ. ललित सिंह ठाकुर ने अपनी चिर-परिचित छत्तीसगढ़ी बोली में "मैं छत्तीसगढ़ महतारी अंव, ओन्हना-कोन्हना के चिन्हारी अंव, सुख-दुख के संगवारी अंव, अऊ मन के मैं मतवारी अंव..." जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी रचना में छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन की झलक ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। "अंधवा-कनवा के लाठी अंव" और "जय जवान, जय किसान" जैसे भावों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत किया। ख्याति प्राप्त कवयित्री अन्नपूर्णा पवार आहुति ने अपनी कविता "जितने राम अवध के हैं, उतने ही दक्षिण कौशल के, जितने पिता के परिचय हैं, उतने ही मां के आंचल के..." के माध्यम से भगवान राम और छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक संबंधों को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति को भी श्रोताओं ने जमकर सराहा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कवि संतोष कुमार नायक ने सरकार की चावल योजना को लेकर कविता के माध्यम से सामाजिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा— "न जाने क्यों लोग सरकार की चावल योजना को गलत बताते हैं, योजना गरीबों के लिए बनती है, जिसके लाभ को अमीर लोग उठाते हैं..." उनकी व्यंग्यात्मक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुति ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के समापन पर आदर्श सत्संग सेवा आश्रम के संचालक अशोक मिश्रा ने कवियों को शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कवि सम्मेलन में साहित्य, संस्कृति, भक्ति और छत्तीसगढ़ी लोकभाषा का ऐसा सुंदर समागम देखने को मिला। केसली में देर रात तक कवियों ने रचना पाठ कर खूब वाहवाही लूटी।
क्षेत्रीय कवि सम्मेलन में कवियों ने बिखेरे हर रंग
भाटापारा । आदर्श सत्संग सेवा आश्रम केसली में क्षेत्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा के कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सत्यनारायण पटेल ने कहा कि हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा के समावेश ने इस आयोजन को विशेष और रोचक बना दिया। ऐसे क्षेत्रीय साहित्यिक आयोजन हमारी लोकभाषा, संस्कृति और साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी को साहित्य और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्श सत्संग सेवा आश्रम के संचालक करते हुए अशोक मिश्रा ने मां सरस्वती की वंदना "बुद्धि के देवइया दाई, गुन ला गावंव तोर..." से किया।
डॉ. राम नारायण नेताम ने अपनी भावपूर्ण रचना "निर्मल होकर कोई जब उन्हें पुकारा है, फिर कौन बिगाड़ेगा जब राम सहारा है" प्रस्तुत कर भक्ति का वातावरण बनाया। वहीं डॉ. कृष्ण कुमार वर्मा की छत्तीसगढ़ी कविता "भरत के आंसू के धार संग रोए हंव बनवास गए त, गौतम श्रापित अहिल्या तारे नारी रुपवा पाथर देखत..." ने पूरे माहौल को राममय कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले साहित्यकार डॉ. ललित सिंह ठाकुर ने अपनी चिर-परिचित छत्तीसगढ़ी बोली में "मैं छत्तीसगढ़ महतारी अंव, ओन्हना-कोन्हना के चिन्हारी अंव, सुख-दुख के संगवारी अंव, अऊ मन के मैं मतवारी अंव..." जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी रचना में छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन की झलक ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। "अंधवा-कनवा के लाठी अंव" और "जय जवान, जय किसान" जैसे भावों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत किया। ख्याति प्राप्त कवयित्री अन्नपूर्णा पवार आहुति ने अपनी कविता "जितने राम अवध के हैं, उतने ही दक्षिण कौशल के, जितने पिता के परिचय हैं, उतने ही मां के आंचल के..." के माध्यम से भगवान राम और छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक संबंधों को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति को भी श्रोताओं ने जमकर सराहा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कवि संतोष कुमार नायक ने सरकार की चावल योजना को लेकर कविता के माध्यम से सामाजिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा— "न जाने क्यों लोग सरकार की चावल योजना को गलत बताते हैं, योजना गरीबों के लिए बनती है, जिसके लाभ को अमीर लोग उठाते हैं..." उनकी व्यंग्यात्मक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुति ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के समापन पर आदर्श सत्संग सेवा आश्रम के संचालक अशोक मिश्रा ने कवियों को शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कवि सम्मेलन में साहित्य, संस्कृति, भक्ति और छत्तीसगढ़ी लोकभाषा का ऐसा सुंदर समागम देखने को मिला। केसली में देर रात तक कवियों ने रचना पाठ कर खूब वाहवाही लूटी।
वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान को मिली नई गति
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला कार्यालय से किया हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ
बिलासपुर, 11 अगस्त 2026
वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आज जिला कार्यालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अभियान के प्रति जनभागीदारी का संदेश देते हुए सेल्फी भी ली।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागी बनने तथा अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि यह हमारे गौरव, एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वंदे मातरम् की भावना के साथ हर नागरिक का जुड़ाव राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करता है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने भी हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए अभियान को समर्थन दिया। जिला कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने भी हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना के साथ अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जिले में वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जन भागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बिलासपुर, 11 अगस्त 2026/
हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में सेंटर के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले खिलाड़ियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना रहा। आयोजन के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करने का प्रयास किया गया।
बिलासपुर में बढ़ती चाकूबाजी से दहशत, छोटी-छोटी बातों पर हमले से आम जनता चिंतित
बिलासपुर। शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन विवाद के दौरान चाकू निकालकर हमला करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि मामूली कहासुनी और छोटी-छोटी बातों पर भी कुछ असामाजिक तत्व हथियार निकालकर लोगों पर हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र में वितरित की 1500 मच्छरदानियां एवं 500 क्लोरीन बोतलें
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर दूरदर्शी कार्ययोजना बनाएं, विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता हो : उप मुख्यमंत्री साव
बिलासपुर । उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा है कि समय की मांग बदल रही है, इसलिए अधिकारी वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर दूरदर्शी कार्ययोजना बनाएं। विकास कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में विलंब को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करने की बात कही। साव आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित अधिकारियों की बैठक में शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला एवं दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री साव ने बिल्हा के बरतोरी से मोहतरा मार्ग पर सड़क के बीच बिजली के खंभे खड़े किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत सीईओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक से अनुपस्थित रहने वाले चार अधिकारियों के प्रति भी प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने बिल्हा, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायत के सीईओ तथा रतनपुर नगरपालिका के सीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करते रहने और मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बनाएं ठोस कार्ययोजना :
साव ने कहा कि बिलासपुर शहर में पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति सामने आई है। इससे निपटने के लिए अभी से ऐसी बेहतर और स्थायी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे आने वाले वर्षों में शहरवासियों को इस समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कों पर गड्ढे और क्षति की स्थिति बनती है। विभागीय अधिकारी इसकी तैयारी अभी से रखें, ताकि बारिश समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य तत्काल शुरू किया जा सके। उन्होंने निर्माण विभागों की अलग से बैठक लेकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए गांव स्तर तक निगरानी :
प्रभारी मंत्री ने मलेरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने गांव स्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा मितानिन स्तर तक आवश्यक एवं मूलभूत दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि कोटा विकासखंड में अब तक मलेरिया के 48 मरीज मिले हैं। इनमें 6 मरीज उपचाररत हैं, जबकि अन्य मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रोटरी क्लब के सहयोग से प्रभावित क्षेत्र में 1500 मच्छरदानियों का वितरण किया जा रहा है।
पर्याप्त बारिश से फसलों की स्थिति अच्छी, खाद-बीज पर्याप्त :
कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में पर्याप्त बारिश होने से फसलों की स्थिति अच्छी है। बांधों में भी पर्याप्त जलभराव है। जिले में खाद-बीज की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में समितियों में लगभग 300 क्विंटल बीज तथा 10 हजार मीट्रिक टन डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरक उपलब्ध हैं। साव ने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन जरूरी है। उन्होंने किसानों को इसकी जानकारी देने और गांव-गांव शिविर लगाकर पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन के अभाव में एक भी किसान धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए।
स्थानीय जरूरत के अनुरूप वीबी-जी रामजी योजना में काम स्वीकृत करें :
जिला पंचायत की योजनाओं की समीक्षा के दौरान साव ने वीबी-जी रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत फील्ड की वास्तविक जरूरतों के आधार पर कार्य स्वीकृत किए जाएं। मुक्तिधाम, शौचालय, स्कूलों की मरम्मत, जल संरक्षण, छोटे बांध सहित स्थानीय आवश्यकता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने गांवों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और पानी बचाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 804 सिंगल विलेज योजनाओं में से 310 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इनमें से 219 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। प्रभारी मंत्री ने योजनाओं के निरंतर संचालन एवं रखरखाव के लिए जनभागीदारी से जल अर्पण अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने वाटर रिचार्जिंग के लिए जिले में जनभागीदारी के साथ किए गए प्रयासों की सराहना की।
मल्हार और रतनपुर के समन्वित विकास का बनेगा मास्टर प्लान :
साव ने ऐतिहासिक नगरी मल्हार और रतनपुर के समन्वित एवं सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों ऐतिहासिक स्थलों की विरासत, पर्यटन संभावनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए। नगर विकास की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, अधोसंरचना विकास और साफ-सफाई के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलासपुर में आईएसडीपी योजना के तहत निर्मित आवासों की आवश्यक मरम्मत कराकर पात्र गरीब परिवारों को शीघ्र आवंटित करने को कहा।
जीवनदीप और आयुष समिति की बैठक में कई प्रस्ताव स्वीकृत किए । समीक्षा बैठक के बाद जिला अस्पताल की जीवनदीप समिति तथा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की आयुष समिति की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में अस्पताल एवं महाविद्यालय की आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बैठक में उप मुख्यमंत्री साव द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
अरुण साव कल लेंगे विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
बिलासपुर । उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव 8 अगस्त शनिवार को प्रातः 11.30 बजे जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति, शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों तथा लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी अपने विभाग की अद्यतन प्रगति, उपलब्धियों तथा आवश्यक जानकारी प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आवश्यक तैयारी एवं अद्यतन जानकारी के साथ निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा है कि विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित समस्त आवश्यक अभिलेख और जानकारी साथ लाना सुनिश्चित करें, ताकि समीक्षा के दौरान आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
आईटीआई में पांचवें मेरिट सूची के चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 8 अगस्त तक
बिलासपुर । आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 एवं 2026-28 में पांचवीं मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। चयनित अभ्यर्थी 8 अगस्त 2026 तक सवेरे 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच प्रवेश ले सकते हैं। संस्था के प्राचार्य ने बताया कि पांचवीं मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय अपने सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज साथ लेकर संस्था में उपस्थित होना अनिवार्य है। निर्धारित अवधि के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
जब्त मादक पदार्थ का नष्टीकरण 11 अगस्त को
बिलासपुर । जिले की विभिन्न थानों में जब्त किये गये मादक पदार्थ का नष्टीकरण 11 अगस्त 2026 को सवेरे 10 बजे किया जाएगा। नष्टीकरण की कार्यवाही सिलपहरी स्थित सृजन स्टील प्राइवेट लिमिटेड की भट्ठी में उक्त तिथि को किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नष्टीकरण के लिए गठित जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति के सदस्य एवं पंचान इस दौरान उपस्थित रहेंगे।
आईटीआई कोनी में अप्रेंटिसशिप मेला 10 अगस्त को
बिलासपुर । आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी के नवीन भवन मे 10 अगस्त 2026 को सवेरे 10.30 बजे से अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जाएगा। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से विद्युतकार, फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट, शीट मेटल वर्कर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, ट्रेक्टर मैकेनिक, प्लम्बर, कोपा एवं वेल्डर के उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस मेले में भाग ले सकते है। अधिक जानकारी के लिए आदर्श आद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी बिलासपुर में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकतें हैं।
सरस्वती साइकिल योजना के तहत 37 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें
बिलासपुर, । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझगाँव (कोटा) में आज सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की 37 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मोहित जायसवाल, प्रभु सिंह जगत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद छात्राओं कु. मानवी एवं कु. रोहिणी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य शैलेश कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 12वीं की छात्रा कु. शिवांगनी एवं उनके साथियों ने आकर्षक कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मोहित जायसवाल ने छात्राओं को साइकिल मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभु सिंह जगत ने साइकिल प्राप्त करने वाली सभी छात्राओं को बधाई देते हुए इसे उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्कूल की अधूरी बाउंड्री वाल के निर्माण की मांग को ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता शोभाराम पालके ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती पूनम सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर सुलेश पांडेय, बजरंग जायसवाल, महाराज सिंह नायक, ग्राम सरपंच श्रीमती भगवती देवी, उत्तम जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।