छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, बचे धान की नीलामी में हिस्सा लेने दिए निर्देश
बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राइस मिलर्स की बैठक ली। उन्होंने मिल मालिकों को बचे हुए धान की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के निर्देश दिए। प्रथम चरण के बाद लगभग 700 स्टैक धान नीलामी के लिए संग्रहण केंद्रों में बचा है।
राज्य शासन द्वारा बचे हुए धान का विक्रय दर निर्धारित कर नीलामी किया जा रहा है। नीलामी का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। दूसरा चरण कल 13 मई को निर्धारित है। गौरतलब है कि नान और एफसीआई को देने के बाद जिले में 1100 स्टैक धान बचा था। प्रथम चरण की नीलामी में 400 स्टैक धान उठ चुका है। अब लगभग 700 स्टैक धान विभिन्न संग्रहण केंद्रों में बचा हुआ हैं। इन स्टैकों की प्राइस मैचिंग करते हुए उठाव के निर्देश कलेक्टर ने राइस मिलर्स को दिए। राज्य शासन ने मोटा धान पुराने बारदाना के लिए 1900 और नए बारदाना के लिए 1950 रुपए प्रति क्विंटल विक्रय दर निर्धारित किया है। पतला धान पुराना बोरा के लिए 2050 रुपए और नया बोरा के 2100 रुपया तय किया गया है। जिले में 176 राइस मिलें हैं। इनमें 155 अरवा मिल और 21 उसना राइस मिल शामिल हैं। संग्रहण केंद्रों में धान के उठाव में हमाल की समस्या बताई गई।
डीएमओ को इसका समाधान के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राइस मिलर्स द्वारा बताई गई अन्य समस्याएं भी नोट किए और उचित समाधान के लिए राज्य शासन से पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आवंटित स्टैक को 15 दिन में अनिवार्य रूप से उठाव पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया, डीएमओ शंभूनाथ गुप्ता, नान के प्रबंधक संजय तिवारी, सभी फूड इंस्पेक्टर सहित राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
सुशासन तिहार में रीना यादव और सीमा बघेल को मिला नया राशनकार्ड
छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है, सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में सुशासन तिहार में आवेदन करने पर निगम क्षेत्र की दो हितग्राहियों रानी यादव और सीमा बघेल को त्वरित रूप से नवीन राशनकार्ड प्रदान किए गए।
नगर निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक 2 की निवासी श्रीमती रानी यादव ने प्राथमिकता श्रेणी के अंतर्गत राशनकार्ड हेतु आवेदन किया था। जांच में पाया गया कि वह असंगठित क्षेत्र में श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं और उनका नाम श्रमिक कार्ड में मजदूर (रेजा, कूली) के रूप में दर्ज है। पात्रता की पुष्टि के बाद उन्हें नवीन प्राथमिकता राशनकार्ड प्रदान किया गया।
इसी तरह श्रीमती सीमा बघेल ने सामान्य राशनकार्ड के लिए आवेदन दिया था, जांच में यह पाया गया कि वह संयुक्त एवं सामान्य परिवार से संबंध रखती हैं, और उनके पति श्री सतीश बघेल भारतीय रेलवे में लोको पायलट के रूप में कार्यरत हैं।समाधान शिविर में आवश्यक दस्तावेजों की पुष्टि के बाद उन्हें नवीन सामान्य राशनकार्ड जारी किया गया।
दोनों हितग्राहियों ने राज्य शासन की सुशासन तिहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें बिना किसी कठिनाई के सरकारी सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ है। रानी यादव ने बताया कि पहले कई बार प्रयास के बावजूद राशनकार्ड नहीं बन सका था, लेकिन इस योजना ने उनके परिवार की बड़ी समस्या का समाधान कर दिया। वहीं सीमा बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनसाधारण के लिए सुशासन की जो पहल शुरू की है उससे आम लोगों को राहत मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि ' सुशासन तिहार ' का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ पहुंचाना है। राशनकार्ड, पेंशन, श्रमिक कार्ड, स्वास्थ्य बीमा के साथ ही साफ सफाई,बिजली और पेयजल समस्याओं का इस पहल के माध्यम से तेजी से समाधान किया जा रहा है। सुशासन तिहार से प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय का स्थापित हो रहा है और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, बचे धान की नीलामी में हिस्सा लेने दिए निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राइस मिलर्स की बैठक ली। उन्होंने मिल मालिकों को बचे हुए धान की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के निर्देश दिए। प्रथम चरण के बाद लगभग 700 स्टैक धान नीलामी के लिए संग्रहण केंद्रों में बचा है।
राज्य शासन द्वारा बचे हुए धान का विक्रय दर निर्धारित कर नीलामी किया जा रहा है। नीलामी का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। दूसरा चरण कल 13 मई को निर्धारित है। गौरतलब है कि नान और एफसीआई को देने के बाद जिले में 1100 स्टैक धान बचा था। प्रथम चरण की नीलामी में 400 स्टैक धान उठ चुका है। अब लगभग 700 स्टैक धान विभिन्न संग्रहण केंद्रों में बचा हुआ हैं। इन स्टैकों की प्राइस मैचिंग करते हुए उठाव के निर्देश कलेक्टर ने राइस मिलर्स को दिए। राज्य शासन ने मोटा धान पुराने बारदाना के लिए 1900 और नए बारदाना के लिए 1950 रुपए प्रति क्विंटल विक्रय दर निर्धारित किया है। पतला धान पुराना बोरा के लिए 2050 रुपए और नया बोरा के 2100 रुपया तय किया गया है। जिले में 176 राइस मिलें हैं। इनमें 155 अरवा मिल और 21 उसना राइस मिल शामिल हैं। संग्रहण केंद्रों में धान के उठाव में हमाल की समस्या बताई गई। डीएमओ को इसका समाधान के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राइस मिलर्स द्वारा बताई गई अन्य समस्याएं भी नोट किए और उचित समाधान के लिए राज्य शासन से पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आवंटित स्टैक को 15 दिन में अनिवार्य रूप से उठाव पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया, डीएमओ शंभूनाथ गुप्ता, नान के प्रबंधक संजय तिवारी, सभी फूड इंस्पेक्टर सहित राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
शिवतराई समाधान शिविर में 1808 आवेदनों का हुआ निराकरण
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को किया गया लाभान्वित
बिलासपुर । जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत शिवतराई में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में 10 ग्राम पंचायत के ग्रामीणों से प्राप्त सभी मांगों एवं शिकायत के आवेदनों का निराकरण किया गया। 1944 आवेदन मिले थे जिनमें से 1808 का निराकरण किया गया। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, मछली पालन, पशुधन विकास, लोक निर्माण, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, जिला सहकारी, वन विभाग, श्रम विभाग, खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। सभी विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। समाधान शिविर में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कोटा जनपद अध्यक्ष सूरज साधे लाल भारद्वाज, उपाध्यक्ष मनोहर सिंह राज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एडीएम शिव कुमार बनर्जी, एसडीएम नितिन तिवारी, सीईओ युवराज सिंहा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
समाधान शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास आवास की चाबी, कृषि विभाग द्वारा स्प्रेयर और लपेटा पाइप, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, एनआरएलएम के तहत समूह की दीदियों को बैंक लिंकेज का चेक से लाभान्वित किया गया।विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने अवलोकन किया। स्टॉल में अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
बुजुर्गो को मिला आयुष्मान कार्ड, मिली सेहत की सुरक्षा
समाधान शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। आस बाई, गंगा बाई, कौशल्या बाई जगत और नेम सिंह जगत को आयुष्मान कार्ड मिला है। प्रधानमंत्री वय वंदन योजना के तहत उन्हें यह कार्ड दिया गया। कार्ड मिलते ही 77 वर्षीय शिवतराई निवासी आस बाई की बूढ़ी आंखों में चमक आ गई। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में यह कार्ड हमारे लिए बहुत बड़ी सौगात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हम बुजुर्गो की सुध ली है। उनका आभार जताते हुए कहा कि किसी बड़ी बीमारी में यह आयुष्मान कार्ड हमारे बहुत काम आएगा। हम जैसे गरीबों के लिए महंगा इलाज करा पाना संभव नहीं होता है।
कल्याण कुंज वृद्ध आश्रम में 40 माताओं का फल मिठाई एवं वस्त्र देकर उनका सम्मान किया गया
बिलासपुर | प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति बिलासपुर द्वारा मातृ दिवस के अवसर पर कल्याण कुंज वृद्ध आश्रम में 40 माताओं का फल मिठाई एवं वस्त्र देकर उनका सम्मान किया गया इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पूर्व योग आयोग के डायरेक्टर रविंद्र सिंह उपस्थित थे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवाई रंजीत खनूजा शिवा मुदलियार जी शिवा मिश्रा एवं संरक्षक विजय दुबे अध्यक्ष आकाश दुबे नवीन चंद्र राज सोनी, रिया डोंगरे उपस्थित रहें |
सुशासन तिहार से लोगों की समस्याओं का हो रहा समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान : तोखन साहू
लिमतरी समाधान शिविर में शामिल हुए केन्द्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू आज सुशासन तिहार के अंतर्गत बिल्हा ब्लॉक के लिमतरी में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। उन्होंने शिविर स्थल पर सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागवार प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गरीब को पक्का मकान, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत सहायता और किसानों से धान खरीदी सहित सभी लोगों की बेहतरी सुनिश्चित करना है। शिविर में उन्होंने हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया। समाधान शिविर में विधायक धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत सदस्य गोविंद यादव, बिल्हा जनपद अध्यक्ष राम कुमार कौशिक, उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एडीएम आर ए कुरुवंशी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण मौजूद थे। लगभग 4300 आवेदन मिले जिनमें से 4200 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि आपकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। किसी को भी दफ्तरों के चक्कर लगाने की कतई जरूरत नहीं है। आप लोगों की समस्या को देखते हुए ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू किए गए सुशासन तिहार की शुरूआत की गई है। चिलचिलाती धूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सभी मंत्री, विधायक, अधिकारीगण शिविर में शामिल होकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गरीब और किसानों के दर्द को समझते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम आवास योजना की शुरूआत कर हर गरीब के पक्के मकान के सपने को साकार किया है। यहां भी शिविर में लगभग 1500 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में महतारी वंदन, जल जीवन मिशन, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन सुचारू रूप से किया जा रहा है। इन योजनाओं से हम विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेंगे।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के जरिए लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वे लगातार राज्य के लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। राज्य सरकार जनता की भलाई और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कमिश्नर सुनील जैन ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासकीय कार्यो में पारदर्शिता आए और येाजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पहले चरण में अपनी मांग और समस्याओं से संबंधित आवेदन नहीं दिया था वे अब भी आवेदन शिविर में दे सकते हैं। कार्यक्रम को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को स्प्रेयर, लपेटा पाईप, राशन कार्ड, मछली पालन के लिए महाजाल, जॉब कार्ड, वयवंदन योजना के तहत आयुष्मान कार्ड, श्रमिक कार्ड, किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
वेद परसदा शिविर में 8274 आवेदनों का निराकरण-
मस्तूरी ब्लॉक के वेद परसदा में सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती देवी बिनझवार, उपाध्यक्ष नितेश सिंह ठाकुर अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर संजय अग्रवाल शामिल हुए। शिविर में कुल 8750 आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई, जिनमें से 8274 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया। शिविर में हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया।
बाल संरक्षण आयोग ने स्कूलों में बच्चों की प्रताड़ना रोकने दिए दिशा-निर्देश
बिलासपुर। प्रदेश की निजी स्कूलों में बच्चों को विभिन्न कारणों से समय-समय पर प्रताड़ित किये जाने की खबरों को छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर बाल अधिकार आयोग अधिनियम 2005 की विभिन्न धाराओं का उल्लेख करते हुए इनका पालन कराने की सिफारिश की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस सिलसिले में जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के प्राचार्य एवं प्रधानपाठकों को पत्र जारी कर इनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि आयोग के संज्ञान में दूरभाष पर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा तथ्य लगाया गया है कि निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों को किसी कारण से स्कूलों द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप गु्रप से बाहर करने सहित अन्य प्रकार के प्रकरण सामने आए हैं जिसको आयोग ने संज्ञान में लिया है। डीईओ ने जिले के सभी निजी स्कूलों को आदेशित किया है कि वे बच्चों के अभिभावकों द्वारा फीस नहीं पटाने या उनके माता-पिता से विवाद की स्थिति बनने पर बच्चों को सीधे तौर पर संबोधित न करें और न ही स्कूल में बच्चे के प्रति कोई अपमानजनक स्थिति बनाए। ऐसे मामले आने पर वे बहुत संयम एवं प्रेमपूर्वक वातावरण में एक-दूसरे का सम्मान बनाए रखते हुए शांति से पैरेन्टस मीटिंग या अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दें। उन्होंने यह भी कहा कि ध्यान रखे कि सभी पालक एक जैसे नहीं होते है,ं इसलिए कम से कम अपने आचार, व्यवहार व पत्राचार से पालकों के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत करें। फिलहाल आयोग से कोई ऐसे लिखित में शिकायत नहीं मिली है परन्तु भविष्य में ऐसी बातें न हो इसको ध्यान में रखते हुए बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बालक अधिकार आयोग अधिनियम 2005 की धारा 13(घ) व (च) तथा सहपठित धारा 15 के तहत निर्णय लिया गया है।
परसदा वेद में मलीय कीचड़ उपचार संयंत्र की स्थापना
उचित शुल्क देकर कराया जा सकता है टैंक की सफाई
बिलासपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासखंड मस्तूरी के ग्राम पंचायत परसदा वेद में मलीय कीचड़ उपचार संयंत्र कि स्थापना की गई है। जिसके तहत 171 गांवों एवं नगरीय निकाय क्षेत्र में निर्मित सेप्टिक टैंक वाले शौचालयों के भरने पर सफाई करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसी हितग्राही का सेप्टिक टैंक भर गया हो तो ग्राम पंचायत परसदा वेद के सरपंच से 9893306537 एवं सचिव से 9202698717 मोबाईल नंबरों से संपर्क किया जा सकता है। ग्राम पंचायत परसदा वेद के द्वारा न्यूनतम दर में डिस्लज वाहन के माध्यम से सेप्टिक टैंक के मलीय किचड़ को फिकल स्लज ट्रिटमेंट प्लांट में लाकर प्रबंधन किया जाता है। सेप्टिक टैंक खाली करने के लिए घर, निजी कम्पनी, व्यवसाय, दुकान, स्कूल, सामुदायिक शौचालय के लिए दूरी अनुसार अलग-अलग दर निर्धारित है। जिसमें 5 किलोमीटर की दूरी वाले घर हेतु 1500 रूपए, निजी कंपनी, व्यवसाय एवं दुकान हेतु 2500 रूपए एवं स्कूल, सामुदायिक शौचालय हेतु 1000 रूपए। इसी प्रकार 5 से 25 किलोमीटर दूरी वाले घर हेतु 2500 रूपए, निजी कंपनी, व्यवसाय एवं दुकान हेतु 3000 रूपए एवं स्कूल, सामुदायिक शौचालय हेतु 1500 रूपए। 25 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 50 रूपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से घर हेतु 2500, निजी कंपनी, व्यवसाय एवं दुकान हेतु 3000 एवं स्कूल, सामुदायिक शौचालय हेतु 1500 रूपए राशि निर्धारित की गई है।
संरक्षा और सिग्नल एवं दूरसंचार तंत्र की विश्वसनीयता पर कार्यशाला का आयोजन
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने ट्रेन संचालन में संरक्षा और विश्वसनीयता पर सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया । इसका उद्देश्य संरक्षा को मजबूत करते हुए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की विश्वसनीयता में सुधार करना है । इस सेमिनार में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों के एसएंडटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पर्यवेक्षी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । इस सेमिनार की अध्यक्षता प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर के कुशल दिशा निर्देश में किया गया । इस सेमीनार में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश की गरिमामय उपस्थिति रही । इस सेमिनार मे प्रोजेक्ट और कंस्ट्रक्शन यूनिट अधिकारियों ने भी भाग लिया ।
सेमिनार मे कुल 20 अधिकारी एवं 50 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया । सेमिनार में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सेमिनार को संबोधित किया और रेलवे परिचालन के सभी पहलुओं में ‘ संरक्षा सर्वोपरि’ दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सिग्नल एवं दूरसंचार तंत्र की विश्वसनीयता में सुधार के लिए ठोस प्रयास करने का आग्रह किया और किसी भी सिग्नल एवं दूरसंचार तंत्र विफलता की स्थिति में पुनरावृत्ति को रोकने के लिए गहन मूल कारण विश्लेषण करने के महत्व पर जोर दिया।
सेमिनार ने सिग्नल एवं दूरसंचार तंत्र को बढ़ाने और परिचालन संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर खुले संवाद और सहयोगात्मक विचार-मंथन के लिए एक मंच प्रदान किया। सेमिनार के दौरान, परिसंपत्ति संरक्षा और विश्वसनीयता के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा और विचार-मंथन सत्र आयोजित किए गए, जिनमें मशीनरी रखरखाव, नई तकनीकों को अपनाना और समय पर हस्तक्षेप की रणनीतियाँ शामिल थीं। प्रतिभागियों ने सिग्नल एवं दूरसंचार तंत्र में सुधार, अच्छे रखरखाव करने और काम करने के कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से सक्रिय रूप से सुझाव दिए।
86 स्थानीय युवाओं को एसईसीएल ने जारी किए रोजगार स्वीकृति पत्र
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, भटगांव क्षेत्र के द्वारा आज 86 युवाओं को रोजगार स्वीकृति पत्र जारी किए गए । ये रोजगार महामाया खुली खदान परियोजना भू-अधिग्रहण के एवज में प्रदान किए गए हैं । कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय महाप्रबंधक दिलीप माधव राव बोबडे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ कोल इंडिया कार्पोरेट गीत के साथ किया गया ।
महाप्रबंधक द्वारा मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का शाल श्रीफल और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया साथ ही कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व गृह मंत्री और वन विकास मंडल अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुन्तला पोरते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रमणि पैकरा, नगर पंचायत अध्यक्ष जरही पूरन राम रजवाड़े और नगर पंचायत अध्यक्ष भटगांव श्रीमती परमेश्वरी रजवाड़े का स्वागत शाल श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ से किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि एसईसीएल का यह प्रयास भू-अधिग्रहण प्रभावित परिवारों को और सशक्त करेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। सीएमडी एसईसीएल हरीश दुहन से सभी नियुक्त युवाओं के सफल भविष्य की कामना की है ।
छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश ने ली तीन लोगों की जान
बिलासपुर। बिलासपुर और रायपुर संभाग में शनिवार को चले तेज अंधड़ और बारिश से दो घंटे तक जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा। बिलासपुर के रतनपुर, सरगुजा के सीतापुर में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो लोग मारे गए। वहीं जशपुर में कार पर पेड़ गिर गया, जिसमें एक की मौत हो गई।
राज्य के कई इलाकों में शनिवार की दोपहर तीन बजे तेज अंधड़ के साथ ही बारिश शुरू हो गई। बिलासपुर के रेलवे क्षेत्र में करीब 250 पेड़ धराशायी हो गए। रतनपुर में आकाशीय बिजली गिरने से कक्षा दसवीं का छात्र योगेश यादव व कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में योगेश की मौत हो गई।
सुशासन तिहार : लंबे अरसे से जॉब कार्ड की मांग हुई पूरी
मनुदास को अब मिलेंगे रोजगार के रास्ते
बिलासपुर । सुशासन तिहार में जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्रामीण मनुदास मानिकपुरी को अब रोजगार की तलाश में अपना गांव छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा। सुशासन तिहार मनुदास के लिए नई उम्मीद लेकर आया है जहां त्वरित रूप से उनकी समस्या का निदान करते हुए जॉब कार्ड प्रदान किया गया। जॉब कार्ड मिलने से अब उन्हें अपने गांव में ही रहकर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जो उनके परिवार की अतिरिक्त आय का स्रोत बनेगा।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम हरदी में रहने वाले मनुदास मानिकपुरी द्वारा 8 से 11 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए गए सुशासन तिहार में रोजगार के लिए जॉब कार्ड बनाने की मांग की गई थी। मनुदास ने बताया कि उनकी गांव में छोटी सी खेती है,इसके अलावा बाकी समय में रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में भी जाकर मजदूरी करते थे,लेकिन अब वे अपने गांव में ही रहकर काम करना चाहते हैं ऐसे में जॉब कार्ड होना जरूरी था। काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें जॉब कार्ड बनने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन सुशासन तिहार के विषय में जानकारी मिलने पर उन्होंने ग्राम पंचायत में लगाए गए शिकायत पेटी में इसके लिए आवेदन किया, कुछ ही दिनों में विभाग द्वारा त्वरित रूप से उनकी समस्या का समाधान किया गया और उनसे सभी दस्तावेज लेकर उनका जॉब कार्ड बनाकर उन्हें दिया गया। जॉब कार्ड मिलने से अब उन्हें मनरेगा के तहत 100 दिन की रोजगार गारंटी मिलेगी साथ ही प्रतिदिन मजदूरी के 261/ मिलेंगे जो उनके परिवार के लिए अतिरिक्त आय का साधन होगा। अब उन्हें अपने गांव में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे ,उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा साथ ही उन्हें अब घर छोड़कर अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने परिवार के साथ जीवन यापन कर पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना और विकास कार्यो में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार 3 चरणों में किया गया है जिसमें 8 से 11 अप्रैल तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किया गया। इसके पश्चात दूसरे चरण में लगभग 1 माह के भीतर प्राप्त आवेदनों को निराकृत करने की प्रक्रिया की गई। तीसरे और अंतिम चरण में 5 से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर ने की समाधान शिविरों की तैयारी की समीक्षा
प्रथम शिविर 5 मई को जयराम नगर एवं बरतोरी में
बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों की बैठक लेकर सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण की ताजा प्रगति की जानकारी ली। अब तक 72 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। विभिन्न विभागों को मिले 2 लाख 8 हजार आवेदनों में से 1 लाख 49 हजार आवेदनों का निपटारा किया जा चुका है। शेष आवेदनों को बचे दो दिनों में निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार 5 मई से शुरू हो रहे समाधान शिविरों की तैयारी की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी किसी भी शिविर में और कभी भी पहुंच सकते हैं। लिहाजा अधिकारी पूरी तैयारी के साथ तिहार की भावना के अनुरूप शिविरों में अपनी अनिवार्य उपस्थिति दिखाएं। आम जनता से संवेदनशीलता के साथ संवाद कर उनके दुख-दर्द को महसूस करते हुए सकारात्मक रूप से उनके आवेदनों का समाधान करें। समाधान शिविर की पहली कड़ी 5 मई को बरतोरी (बिल्हा) एवं जयराम नगर (मस्तूरी) में होगी।
कलेक्टर ने कहा कि समस्या जिस विभाग से संबंधित है, उसी विभाग के पास पहुंच जाय, तभी उसका निदान संभव होगा। कुछ विभागों में आवेदन ट्रांसफर करने में हुए विलंब पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बैठक में सुशासन पोर्टल खोलकर निराकरण की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने कुछ मिसाल देकर बताया कि समस्याओं का निपटारा कैसे किया जाये। श्री अग्रवाल ने कहा कि निराकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। यथासंभव प्रार्थी से चर्चा कर लिया जाये। जिनका काम किसी कारण से किया जाना संभव नहीं है, तो उन्हें जरूर बताएं। उन्हें नियम और प्रक्रिया संवेदनशीलता के साथ समझाएं। समाधान शिविरों में शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही निराकरण की स्थिति से भी अवगत कराया जायेगा। सामग्री वितरित भी की जायेगी। स्थानीय विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समाधान शिविरों को आयोजन किया जायेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि शिविरों से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। इसकी संक्षिप्त विवरण जनसम्पर्क विभाग को उपलब्ध कराएं ताकि इसका प्रचार प्रसार किया जा सके। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, एडीएम आरए कुरूवंशी, शिवकुमार बनर्जी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
अधिकारी-कर्मचारियों ने किया कलेक्टर का स्वागत
बिलासपुर । अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारियों द्वारा कलेक्टर संजय अग्रवाल का पुष्प गुछ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने पूर्व में जारी जिले के कर्मचारियों के समस्याओं के निराकरण हेतु जनदर्शन कार्यक्रम को प्रत्येक मंगलवार को आयोजित करने का आग्रह किया। जिस पर उन्होंने सहमति देते हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने कार्य को लगन के साथ करते हुए जिले में विकास कार्य को गति देने में योगदान देने कहा।
इस अवसर पर संभाग प्रभारी जी. आर. चंद्रा, जिला संयोजक डॉ. बी. पी. सोनी, महासचिव किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव, चंद्रशेखर पांडे, अश्वनी तिवारी, प्रमोद भारद्वाज, डी. आर. श्रीवास, राजेश्वर वस्त्रकार, शिव यादव, मनोज द्विवेदी, उमेश कश्यप, सी. के. जयसवाल, अशोक आक्रेकर, शेफाली पांडे, नेहा ओगरे, मंजूलता पटेल, श्वेता गंधर्व, विकास ठाकुर, सोमेश प्रधान, अशोक ब्रह्म भट्ट, देवेंद्र केसरवानी, विवेक गुप्ता, शंकर श्रीवास उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जिला कार्यालय का किया निरीक्षण
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों से उनके कामकाज की जानकारी ली। बिना वाजिब कारण के कोई भी फाइल को लंबित नहीं रखने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने करीब सवा 10 बजे कार्यालय का निरीक्षण किया। कई कर्मचारी टेबल पर मौजूद नहीं थे। उनका नाम नोट कर एडीएम के समक्ष उपस्थित होकर कारण बताने के निर्देश दिए। संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन काटे जाएंगे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आरएन कुरूवंशी भी उपस्थित थे।
कमिश्नर-आईजी ने की नीट परीक्षा तैयारी की समीक्षा की
बिलासपुर । नीट की परीक्षा इस बार रविवार 4 मई को बिलासपुर सहित देश के कई शहरों आयोजित की गई है। चिकित्सा कॉलेजों में प्रवेश इसी परीक्षा के मेरिट के आधार पर तय होती है।
संभागायुक्त सुनील जैन और आईजी संजीव शुक्ला ने मंथन सभाकक्ष में बैठक लेकर इसके लिए की जा रही तैयारी की समीक्षा की। केंद्र सरकार की एजेंसी एनटीए द्वारा परीक्षा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने एन टी ए की गाइडलाइन और एस ओ पी की जानकारी देकर इनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित नोडल अधिकारी और सभी केंद्राध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे। बिलासपुर के 21 केंद्रों में 4 मई को परीक्षा का आयोजन होगा और इसमें 7544 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
कमिश्नर जैन ने कहा कि गरमी के मद्देनजर बच्चों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था होने चाहिए। पानी पिलाने के लिए कर्मचारियों की भी पर्याप्त संख्या हो। व्हील चेयर की व्यवस्था हो। दिव्यागजनों के लिए नीचे के कमरों में बैठने की व्यवस्था हो। विद्युत व्यवस्था बाधित न हो। कमिश्नर ने कहा कि जिनकी ड्यूटी लगाई गई है उन्हें पास जारी किया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में जनरेटर की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से करने कहा। अनधिकृत कोई भी व्यक्ति केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आईजी संजीव शुक्ला ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों की नामजद ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई भी संदिग्ध सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दें। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को भी चौकन्ना रहकर सुरक्षा के तमाम इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि परीक्षा आयोजन के लिए जारी एसओपी का अक्षरशः पालन करना है। सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। बच्चों को ज्यादा समय धूप में ना रहना पड़े। परीक्षा केंद्रों में बच्चों के इंटर करने की प्रकिया शीघ्रता से पूरा करें ताकि बच्चों का ज्यादा समय में धूप में न रहना पड़े। परीक्षा के दौरान वर्जित सामनों की सूची बनाकर केंद्र के बाहर लगवा दें।
04 मई को होगी परीक्षा :
नीट की परीक्षा 04 मई रविवार को दोपहर 02 से 05 बजे तक आयोजित की गई है। सवेरे 11 बजे तक बच्चों को परीक्षा केंद्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
ये सामान नहीं ले जा सकेंगे परीक्षार्थी :
परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी स्टेशनरी सामग्री जैसे टेक्स्ट मटेरियल, पेपर का टुकड़ा, ज्योमेट्री, पेन, पेंसिल बॉक्स, राइटिंग पैड, पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर नहीं ले जा सकेंगे। कम्युनिकेशन डिवाइस जैसे मोबाइल, फोन, ब्ल्यू टूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड नहीं ले जा सकेंगे। अन्य सामग्री जैसे वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग्स, बेल्ट कैप, घड़ी, कलाई घड़ी, कैमरा, आभूषण, मेटैलिक आइटम, खाद्य सामग्री खुले या पैक्ड, पानी की बॉटल भी प्रतिबंधित है। इसके अलावा माइक्रोचिप, कैमरा और ब्लूटूथ भी प्रतिबंधित है।
दो निजी चॉइस सेंटर संचालकों पर कार्रवाई, जांच के बाद कलेक्टर ने बंद करा दी आईडी
बिलासपुर । कलेक्टर बिलासपुर ने दो निजी चॉइस सेंटर संचालकों को जारी आईडी बंद करा दी है। निजी चॉइस सेंटर की नायब तहसीलदार सीपत द्वारा की गई शिकायत जांच में सही पाए जाने पर उनकी आईडी वापस ले ली गई है। इससे वे शासकीय कामकाज करने के लिए अपात्र हो गए हैं।
चिप्स कार्यालय के ईडीएम ने बताया कि कार्यवाही के पूर्व दोनों संचालकों को अपना पक्ष रखने हेतु नोटिस प्रेषित किया गया था। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार सीपत द्वारा कार्यालय जिला कलेक्टर बिलासपुर को तखतपुर ब्लॉक के ग्राम अमसेना में संचालित सीएससी केन्द्र संचालक अरविन्द कुमार पटेल और ग्राम पंचायत मस्तूरी में संचालित निजी चॉइस सेंटर के संचालक अरूण कुमार गोयल के विरूद्ध शिकायत मिली थी, जिसमें ईडीएम द्वारा जांच की गई । जांच के दौरान पाया गया कि संचालक अरविन्द कुमार पटेल द्वारा निजी चॉइस सेंटर की आईडी होते हुए भी फर्जी तरीके से मितान आईडी द्वारा आवेदक का आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र हेतु सीपत तहसील में आवेदन किया गया और अनुमोदन हेतु शासकीय अधिकारी को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जो पूरी तरह से अनुचित व्यवहार है।
वहीं निजी चॉइस सेंटर संचालक अरूण कुमार गोयल द्वारा आय प्रमाण पत्र हेतु त्रुटि पूर्ण आवेदन करते हुए, त्रुटि बताए जाने पर भी बिना सुधार के बार बार पुनः आवेदन किया गया। दोनों संचालकों के विरूद्ध तथ्यों को छुपाने, त्रुटिपूर्ण आवेदन करने जैसे आरोप सही पाए गए है । ऐसे में कलेक्टर बिलापसुर द्वारा जांच उपरान्त दोनों संचालकों की आईडी बंद करने की कार्रवाई की गई है । वे अब शासकीय कार्य संपादन के लिए अपात्र हो गए हैं।