छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
ऑटो चालकों की मनमानी के विरुद्ध जन सामान्य की शिकायत
बतौर वकील बिलासपुर हाईकोर्ट पहुंचे पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम
सीमेंट कंपनियों के टैक्सेशन मामले में दी दलीलें
बिलासपुर। पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी. चिदंबरम सोमवार को बिलासपुर हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की डबल बेंच के सामने पेश हुए। चिदंबरम ने सीनियर वकील रविंद्र श्रीवास्तव के साथ मिलकर अल्ट्राटेक सीमेंट और श्री सीमेंट की टैक्सेशन से जुड़ी एक अपील के समर्थन में अपने तर्क रखे। इस मामले में, हाईकोर्ट की सिंगल बेंच पहले ही कंपनियों की याचिका को खारिज कर चुकी है, जिसके बाद यह मामला डबल बेंच के सामने अपील के रूप में आया है।
सीमेंट कंपनियों के टैक्सेशन मामले का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, चिदंबरम पहले भी इस मामले में हाईकोर्ट में पेश हो चुके हैं। सिंगल बेंच से याचिका खारिज होने के बाद, उन्होंने और श्रीवास्तव ने डबल बेंच में अपील की थी। सोमवार को डबल बेंच ने इस मामले में सुनवाई पूरी कर ली है और अब फैसला आना बाकी है।
हाईकोर्ट में प्रसिद्ध वकीलों की उपस्थिति
छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई के लिए देशभर के प्रमुख वकील बिलासपुर हाईकोर्ट आते रहते हैं। ईडी के केसों में भी कई बड़े वकील दिल्ली से यहां आ चुके हैं। चिदंबरम, जो न केवल पूर्व वित्तमंत्री हैं बल्कि वित्तीय मामलों के बड़े जानकार भी हैं, को इस मामले में सीमेंट कंपनियों ने वकील के रूप में नियुक्त किया है।
डबल बेंच का फैसला लंबित
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की डबल बेंच ने इस मामले की सुनवाई पूरी कर ली है और अब यह फैसला करेगी कि अपील स्वीकारने योग्य है या नहीं। चिदंबरम और श्रीवास्तव ने हाईकोर्ट में अपनी दलीलें प्रस्तुत कीं, लेकिन तर्कों का विस्तृत ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं है।
ट्रेलर ने मारी टक्कर, छात्र की हालत नाजुक
बिलासपुर । एक दिल दहला देने वाली घटना में तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक छात्र को टक्कर मार दी। यह हादसा तुरकाडीह ओवरब्रिज के पास हुआ। टक्कर के बाद छात्र ट्रेलर के नीचे फंस गया। घटना के बाद ड्राइवर और हेल्पर ने छात्र को निकालकर सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना का वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिससे लोग बेहद आक्रोशित हैं। कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और हेल्पर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन का पहला रेलवे स्टेशन होगा
बिलासपुर । जोनल स्टेशन में अब प्लेटफार्म की कमी से ट्रेनों के पहिए यार्ड में नहीं रुकेंगे। रेल प्रशासन यहां दो नए प्लेटफार्म बना रहा है। आधा काम पूरा हो गया है। फुट ओवरब्रिज से यात्रियों के उतरने के लिए रैंप भी बन रहा है। इसका लोहे खांचा तैयार भी हो गया है। जैसे ही कार्य पूरा हो जाएगा, उसके बाद इस स्टेशन में 10 प्लेटफार्म हो जाएंगे। बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन का मुख्यालय है।
जोनल स्टेशन होने के कारण यहां सुविधाओं का विस्तार भी उसी तरह किया जा रहा है। पिछले साल स्टेशन उस पार के लोगों के लिए प्रवेश द्वार, टिकट घर व पार्किंग की सुविधा दी गई। अब उस पार के यात्री इस टिकट घर से जनरल टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश करते हैं। सुविधाएं बढ़ाने के लिए रेलवे ने कई ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जिससे यात्रा न केवल सुविधाजनक होगी, बल्कि ट्रेनों की गति भी बढ़ेगी। 450 करोड़ की लागत से यार्ड रिमाडलिंग की योजना है। इसमें नया आरआरआइ केबिन से लेकर कई प्रमुख कार्य होंगे। कार्यों की सूची में एक काम नए प्लेटफार्म का भी है।
प्लेटफार्म चार-पांच के बाद दो नए प्लेटफार्म बनाए जा रहे हैं, जो नौ व 10 नंबर प्लेटफार्म कहलाएंगे। हालांकि इनके निर्माण के बाद इतनी जगह है कि भविष्य में प्लेटफार्म की संख्या तीन से चार और बढ़ाई जा सकती है। इस प्लेटफार्म व यार्ड रिमार्डलिंग से ट्रेनें यार्ड या इससे पहले नहीं ठहरेंगी। अक्सर यह होता है कि प्लेटफार्म की कमी के कारण ट्रेनों को आउटर पर नियंत्रित कर दिया जाता है। जिसके चलते यात्री परेशान होते हैं। कई बार तो यात्री इतने नाराज होते हैं कि रेल मंत्रालय से लेकर महाप्रबंधक, डीआरएम को शिकायत कर देते हैं। स्टेशन में आई समस्या की जानकारी उन्हें नहीं होती। आने वाले दिनों में काफी हद तक इस तरह की शिकायत करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
2025 तक बनकर तैयार हो जाएगा
दोनों नए प्लेटफार्म वर्ष 2025 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इतने ही दिनों का लक्ष्य रेलवे ने रखा है, क्योंकि मापदंडों के अनुसार व सर्वसुविधायुक्त प्लेटफार्म तैयार करना आसान नहीं है। इसका निर्माण चौथी लाइन को देखते हुए भी किया जा रहा है। नए आरआरआइ केबिन का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है।
पुराने से अलग, सुविधायुक्त होंगे प्लेटफार्म
अभी बिलासपुर रेलवे स्टेशन में जितने भी प्लेटफार्म हैं, वह पुराने हैं। इसके चलते इसमें कई तरह की कमियां हैं। आधुनिक सुविधाओं का अभाव भी रहता है। नए प्लेटफार्म आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। ट्रेन व कोच इंडीकेशन बोर्ड से लेकर बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां रहेंगी। इसके साथ ही फूड यूनिट, इलेक्ट्रिक, पंखे, वाटर बूथ, प्रसाधन से लेकर तमाम सुविधाएं रहेंगी, जो यात्रियों के लिए जरूरी है।
इसके साथ ही कोच की लंबाई 24 कोच की रहेगी। रेलवे में इससे अधिक कोच की ट्रेनें नहीं चलाई जाती। जोनल स्टेशन को एयरपोर्ट की तरह तैयार करने की योजना है। सुविधाएं भी उसी स्तर की होगी। प्लेटफार्म की संख्या बढ़ने से ट्रेनों को बेवजह आउटर पर नहीं रोकना पड़ेगा। 450 करोड़ खर्च कर रेलवे स्टेशन में मेजर डेवलपमेंट किया जाएगा। इसमें बिल्डिंग, प्लेटफार्म, यार्ड रिमाडलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया गया है।
इंटक ने बिलासपुर शहर-ग्रामीण जिला अध्यक्ष नियुक्त किए
बिलासपुर। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय ने 10 सितंबर को बिलासपुर शहर और ग्रामीण जिलों के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है।
शहर जिला अध्यक्ष के रूप में संजू साहू को नियुक्त किया गया है, जबकि ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी कमलेश यादव को सौंपी गई है।
इंटक परिवार की ओर से दोनों नए पदाधिकारियों को पद ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गई हैं। उनके नेतृत्व में संगठन को और भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हाइवे में गौवंशों की दर्दनाक मृत्यु पर आरोपी गौवंशों मालिकों की पतासाजी के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा
बिलासपुर। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग में गौवंशों की दर्दनाक मृत्यु के प्रकरण के आरोपी मालिकों की सूचना देने व गिरफ्तार कराने पर जन सामान्य को 5,000 रूपये (पांच हजार रूपये) केे पुरस्कार से पुरस्कृत करने की उद्घोषणा की गई है।
विगत दिनों 16.07.2024 को थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर क्षेत्रान्तर्गत धूमा-सिलपहरी रोड पर किसी अज्ञात वाहन द्वारा की गई दुर्घटना में 09 गौवंशों की मृत्यु हो गई थी। थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 502/2024 धारा 325, 281, 291 बीएनएस एवं 11 क, झ पशु क्रूरता अधिनियम पंजीबद्ध कर विवेचना में आरोपी बिंदेश्वर देशलहरे को गिरफ्तार कर दुर्घटना घटित करने वाली वाहन क्रमांक सीजी 04 एन.जेड. 8977 को जप्त कर लिया गया है। प्रकरण में अज्ञात आरोपी पशु मालिकों द्वारा अत्यन्त लापरवाहीपूर्वक अपने पालित गौवंशों को मरने के लिये लावारिस छोड़ कर क्रूरता की गई, जिसके कारण सड़क दुर्घटना में गौवंशों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद भी अज्ञात आरोपी गौवंशों मालिकों के द्वारा उन्हें खोजने का भी प्रयास नहीं किया गया। विवेचना अधिकारी एवं जिला स्तरीय संयुक्त जांच टीम के द्वारा की गई जांच में आरोपी गौवंश मालिकों का पता नहीं चल पाया है, न ही गौवंशों की मृत्यु के संबंध में कोई दावा प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जन सामान्य को सूचित किया गया है कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा। इससे संबंधित सूचना दूरभाष नं. 07752223330, 07752222191, 07752228504 एवं मो.नं. 9479193002 व 9479193099 पर दी जा सकती है।
बीस हजार से अधिक हितग्राहियों को मिलेगा पक्का आवास: केन्द्रीय मंत्री श्री तोखन साहू
प्रधानमंत्री गरीबों के सपने को कर रहे साकार: उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव
मुख्यमंत्री श्री साय कर रहे मोदी की हर गारंटी पूरी: उद्योग मंत्री श्री देवांगन
मुंगेली में एक दिवसीय प्रधानमंत्री आवास मेला आयोजित
रायपुर : केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब के सपने को साकार करने का संकल्प लिया है। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही उन्होंने सबसे पहले 03 करोड़ आवास की स्वीकृति प्रदान की है। श्री साहू ने कहा कि मुंगेली जिले में 20 हजार से अधिक हितग्राहियों को पक्का आवास मिलेगा। वे आज मुंगेली में ‘‘हमर आवास हमर विकास’’ की थीम पर आयोजित आवास मेला को सम्बोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव, जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही शामिल हुए। आवास मेले में अतिथियों द्वारा आवास योजना के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा 10 लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपी गई। कार्यक्रम में 09 लखपति दीदीयों को सम्मानित किया गया। मेले में सामुदायिक निवेश कोष अंतर्गत 09, चक्रीय निधि अंतर्गत 09, एन.आर.एल.एल बैंक लिंकेज अंतर्गत 09 तथा पीएम विश्वकर्मा योजनांतर्गत 05 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि हर गरीब का सपना होता है, कि उसका खुद का पक्का मकान हो। इस सपने को साकार करने का बीड़ा देश के प्रधानमंत्री ने उठाया। छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 14 दिसंबर को पहली केबिनेट की बैठक में 18 लाख आवास को स्वीकृति प्रदान की। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुंगेली जिले में 2024 में 20551 आवास निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार मोदी के एक-एक गारंटी को पूरा कर रही है। कार्यक्रम को विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने भी सम्बोधित किया।
मुंगेली जिले में 49 हजार 225 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 47 हजार 100 से अधिक आवासों को पूर्ण कर लिया गया है। आवास योजना में राज्य स्तरीय रैंकिंग में मुंगेली जिला शीर्ष से चौथे स्थान पर है। जिले में पूर्ण आवासों के विरुद्ध कल 565 करोड़ 26 लाख रुपए एवं नए स्वीकृत आवासों में प्रथम किस्त की राशि 33 करोड़ 23 लाख 20 हजार रूपए हितग्राहियों के खाते में हस्तांतरित की जा चुकी है।
केंद्रीय राज्य मंत्री, उप मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने 125 कन्याओं को कराया कन्या भोज
मां देवी के रूप में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख शांति और समृद्धि के लिए की कामना
रायपुर : शारदीय नवरात्र में आज अष्टमी-नवमी के दिन जिला मुख्यालय स्थित मंडी परिसर में आयोजित आवास मेले अंतर्गत कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने 125 कुंवारी कन्याओं को भोज कराया। उन्होंने सभी कन्याओं को अपने हाथों से खीर पूड़ी, हलवा सहित विभिन्न प्रकार का मिष्टान्न परोसा और उपहार भेंट किया। साथ ही कन्याओं की मां देवी के रूप में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बता दें कि शारदीय नवरात्र में नौ दिनों तक जिस तरह से माता दुर्गा की आवभगत और पूजा-अर्चना की जाती है। उसी तरह से नवरात्रि में सप्तमी तिथि से कन्या पूजन का दौर शुरू हो जाता है। अष्टमी और नवमी तिथि पर कुंवारी कन्याओं को नौ देवी का रूप मानकर उनका स्वागत सत्कार किया जाता है। नवरात्र में कुंवारी कन्याओं के भोजन कराने से पुण्य और कल्याण की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री राहुल देव, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, वन मंडलाधिकारी श्री संजय यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हाईकोर्ट ने अरपा नदी बच्चियों की मौत का मामला में कहा पेनल्टी से काम नहीं चलेगा, FIR दर्ज कराएं, 6 नवंबर को अगली सुनवाई होगी
बिलासपुर. अरपा नदी सेंदरी में तीन बच्चियों की डूबने से मौत के मामले में हाईकोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर इस मामले में सुनवाई शुरू की है. चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने ये निर्देश जारी किया है. अवैध खनन से हुए गड्ढों में भरे पानी में डूबकर सेंदरी के पास तीन बच्चियों की मौत हुई थी. साथ ही अवैध खनन और अरपा की दुर्दशा को लेकर दायर एक जनहित याचिका पर भी सुनवाई चल रही है. प्रकरण में अगली सुनवाई 6 नवंबर को होगी.
17 लाख की ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में 17.80 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में सरकंडा पुलिस ने गोंड़पारा की एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 7.20 लाख रुपए जब्त किया है। मामले के कुछ अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। दरअसल, सरकंडा पुलिस ने रविवार को दोपहर ऑनलाइन ठगी का खुलासा करते हुए बताया कि, किस प्रकार एचडीएफसी बैंक के पानीपत के खाते से ओटीपी प्राप्त कर गोंड़पारा बिलासपुर की एक महिला खातेदार ने उसके खाते से अपने खाते में 17.80 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की।
इस मामले में जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें संध्या मिश्रा पति तरूण मिश्रा (28) निवासी गोड़पारा सेन्ट्रल गुरुद्वारा के पास, प्रियांशु मिश्रा पिता सुनील मिश्रा (21) और नितेश साहू पिता नेतराम साहू (20) निवासी पड़ावपारा करगीरोड कोटा शामिल है। ऑनलाइन ठगी के मामले की रिपोर्ट 7 जून को लिखाई गई थी। सरकंडा पुलिस ने 48 घंटों के अंदर कार्रवाई की। संध्या मिश्रा ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि किस तरह उसने अपने परिचित प्रियांशु मिश्रा, नितेश साहू, वैभव पाण्डेय, नंद कुमार के साथ मिलकर पानीपत निवासी राजसिंह से ओटीपी लेकर अपने खाते में 17.80 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद उन्होंने इस रकम में से 13 लाख 70 हजार रूपए आहरण कर आपस में बांट लिया। सरकंडा पुलिस ने आरोपी संध्या मिश्रा से 50 हजार रुपए, प्रियांशु मिश्रा से 4.50 लाख रुपए और नितेश साहू से 2.20 लाख रुपए कुल 7,20,000 रुपए जब्त किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रंजिश पर विवाद कर मारपीट करने वाले 2 गिरफ्तार
बिलासपुर। नाबालिग प्रार्थी निवासी संतोषी मंदिर चिंगराजपारा सरकण्डा ने 09.06.2024 को रिपोर्ट दर्ज कराया कि रात्रि में वह अपने बड़े पापा से पैसा लेने के लिए अपने नाबालिग दोस्त के साथ अपोलो हॉस्पिटल के पास जा रहा था। कि रास्ते में पप्पू यादव मिला जिसके साथ पूर्व में बड़े भाई अमन यादव के साथ विवाद हुआ था जो गाडी से पीछा करते हुये सूर्या चौक के पास आया और उसके साथी रितेश वर्मा और लूटू पाण्डे गाड़ी में बैठे इंतजार कर रहे थे । तब लूटु पाण्डे मेरा बाल पकड़ कर खींचा और पप्पू यादव जबरदस्ती बलपूर्वक मोटर सायकल में बैठाकर कुंदरूबाड़ी चिगराजपारा के पास ले गये और पप्पू यादव, लुटू पाण्डे, रितेश वर्मा तीनों मिलकर मां बहन की अश्लील गाली गलौच करते हुये हाथ मुक्का से एवं लूटू पाण्डेय लकड़ी के डंडा से मारपीट किया और एक ई रिक्शा वाले को डरा धमका कर जबरन रुकवाकर उसके गाड़ी में डालकर अपने मोटर सायकल से भाग गये है। रिक्शा वाले ने इसे रपटा चौक के पास छोड दिया। प्रार्थी के उक्त रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध सदर कायम कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जिस पर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर नीरज चंद्राकर एवं सी.एस.पी (सरकंडा) सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरी कृष्णा साहू के नेतृत्व में टीम बनाकर आरोपियों का पता तलाश कर आरोपी कुश यादव उर्फ पप्पू यादव एवं रितेश वर्मा उर्फ टोब्बों को गिरफ्तार किया गया प्रकरण के अन्य आरोपी लूटू पाण्डेय फरार है। गिरफ्तार आरोपी कुश यादव एवं रितश वर्मा को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
नाम आरोपी
01. कुश यादव उर्फ पप्पू यादव पिता लक्ष्मण यादव उम्र 22 वर्ष निवासी कुंदरूबाड़ी चिंगराजपारा।
02. रितेश उर्फ टोब्बो पिता परमानंद वर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी चिगराजपारा।
03. रितेश उर्फ लूटू पाण्डेय (फरार)
भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव की गाड़ी को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी
बिलासपुर । बिलासपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव की गाड़ी को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में जूदेव घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर से रायपुर लाया जा रहा है। अभी उनकी हालात स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक़, बुधवार को जशपुर राज परिवार के सदस्य और भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जुदेव बेलगहना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर से निकले थे। उनकी कार सरगांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद प्रबल प्रताप सिंह जुदेव व उनके साथी ने सड़क किनारे कार रोक दी। फिर ट्रेलर को रुकवाकर ड्राइवर को नीचे उतरवाया। इस बीच पूरी घटना की जानकारी सरगांव थाने में दी गई है। सरगांव पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
बड़े षणयंत्र की आशंका: जुदेव
घटना की जानकारी देते हुए भाजपा नेता प्रबल प्रताप जुदेव ने बताया कि वे ईसाई मिशनरीज की ओर चलाए जा रहे मतांतरण का लगातार विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही अपने पिता स्व दिलीप सिंह जुदेव की राह पर चलते हुए आपरेशन घर वापसी में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि इस पूरी घटना के पीछे मतांतरण और इससे जुड़े लोग हो सकते हैं। ड्राइवर को पुलिस के हवाले किया गया है। उससे पूछताछ में पूरे मामले की जानकारी सामने आएगी।
शादी का झांसा देकर शारीरीक संबंध वाला गिरफ्तार
बिलासपुर। प्रार्थियाने लिखित शिकायत पत्र पेश किया गया कि आरोपी सतीश मसीह पिता जशवंत मसीह पता डिसाईपल चर्च बर्जेश ग्राउण्ड के पास थाना सिविल लाईन जिला बिलासपुर छ.ग. के द्वारा शादी का झांसा देकर 09-07-2018 से 15-05-2024 तक शारीरीक शोषण किया है कि प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया एवं कायमी की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिया गया, जिस पर महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में सिविल लाईन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्या के नेतृत्व में आरोपी सतीश मसीह की पतासाजी कर चंद घंटे के अंदर पकड़कर पूछताछ करने पर जूर्म स्वीकार किया, जिसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
आरोपी का नाम- सतीश मसीह पिता जशवंत मसीह पता डिसाईपल चर्च बर्जेश ग्राउण्ड के पास थाना सिविल लाईन जिला बिलासपुर छ.ग.
प्रधानमंत्री आवास योजना सपनों को साकार करने वाली योजना - श्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने आवास मेले में 36 हजार से ज्यादा परिवारों को दी आवास की सौगात
हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र और घर की चाबी सौंपी, त्यौहारों पर खुशियां हुई दोगुनी
33,019 परिवारों को पहली किस्त की 132 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय गरीबों के आवास का सपना पूरा कर रहे - उप मुख्यमंत्री श्री साव
रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज बिलासपुर के स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आवास मेला में शामिल हुए। उन्होंने जिले के 36 हजार 663 आवासहीन ग्रामीण परिवारों को आवास का स्वीकृति पत्र देकर खुशियों की गारंटी दी। उन्होंने ऐसे हितग्राही जिनके आवास पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी भी भेंट की। आज बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चेहरों की चमक देखते ही बन रही थी। त्यौहारों के मौसम में उनकी खुशियां दोगुनी हो गईं। विधायक श्री धर्मजीत सिंह भी आवास मेला में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में आवास मेला को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना लोगों के सपनों को साकार करने वाली योजना है। हर गरीब के सपने को सरकार ने अपना सपना बना लिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय गरीबों के आवास का सपना पूरा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवास योजना के तहत इस वर्ष बिलासपुर जिले में 33 हजार 019 हितग्राहियों के लिए 132 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई है। राज्य सरकार द्वारा 18 लाख आवासहीन परिवारों को आवास की सौगात दी जा रही है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। गांव, गरीब और किसान सरकार की प्राथमिकता में है। छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 दिसम्बर को शपथ ली और 14 दिसम्बर को 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के कार्यो की स्वीकृति दी। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिन 25 दिसम्बर को 12 लाख किसानों के खातों में 3716 करोड़ रुपए की बोनस की बकाया राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार गांवों, गरीबों और किसानों की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध है। श्री साव ने आवास योजना में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया।
विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने आवास मेला में अपने संबोधन में कहा कि दस साल पहले श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने और उन्होंने लोगों के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम किया। अपना घर अपना होता है, और जब किसी को पक्का घर मिलता है तो उसकी जिंदगी का एक मकसद पूरा होता है। पूरे देश में लोगों के इस मकसद को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री कर रहे हैं। बिलासपुर जिला पंचायत के सीईओ श्री आर.पी. चौहान ने कार्यक्रम में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में 50 हजार 619 आवासों की स्वीकृति का लक्ष्य है। इनमें से अब तक 36 हजार 643 आवास स्वीकृत कर 33 हजार 019 आवासों के लिए प्रथम किस्त की राशि जारी की जा चुकी है। पूर्व में स्वीकृत आवासों में 93 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। कलेक्टर श्री अवनीश शरण और नगर निगम के कमिश्नर श्री अमित कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आवास योजना के हितग्राही बड़ी संख्या में आवास मेला में मौजूद थे।
हितग्राहियों ने बांटी अपनी खुशियां
आवास मेला में आवास स्वीकृति पत्र और नए घर की चाबी मिलने से हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे। कुछ हितग्राहियों ने अपनी खुशियां मंच से साझा भी कीं। महमंद के श्री वेदलाल बघेल ने बताया कि वे पहले मिट्टी के घर में रहते थे। बारिश के दिनों में बहुत दिक्कत होती थी। अब कच्चे घर की परेशानियों से छुटकारा मिल गया है। कोटा विकासखंड के करका निवासी श्रीमती प्रमिला बैगा ने बताया कि पक्का घर मिलने से बहुत सी समस्याओं से निजात मिल गई है। पक्के घर में रहने से समय और श्रम बचता है। साथ ही वह ज्यादा सुरक्षित भी महसूस करती है। उसने बताया कि वह ‘बिहान’ योजना से भी जुड़ी हुई है। सरकार की योजनाओं से उसकी जिंदगी बदल गई है। उसने संवेदनशील पहल के लिए सरकार का आभार जताया।
आजाद हिंद 24 घंटे, लेट व शिवनाथ छह-छह घंटे लेट
बिलासपुर । ट्रेनों की लेटलतीफी से गुरुवार को भी यात्री परेशान हुए। स्थिति यह है कि पुणे से चलकर हावड़ा जाने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस 24 घंटे विलंब से पहुंची। इसके अलावा मेल, शिवनाथ एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेन देरी से पहुंची। इसके चलते यात्री समय पर गंतव्य पर नहीं पहुंच पाए। ट्रेनों की चाल इन दिनों कुछ इस तरह बिगड़ी हुई है कि यात्रियों को यह समझ में ही नहीं आ रहा कि जिस ट्रेन में वह चढ़ने वाले हैं वह सही है या नहीं। आजाद हिंद एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों के बीच इसी तरह भ्रम की स्थिति बन रही है। गुरुवार को बिलासपुर पहुंचने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस गुरुवार की शाम बिलासपुर पहुंची। इसी तरह मुंबई-हावड़ा मेल छह घंटे, शिवनाथ एक्सप्रेस छह घंटे, उत्कल एक्सप्रेस पांच घंटे, दूरंतो एक्सप्रेस 6:30 घंटे, अहमदाबाद एक्सप्रेस तीन घंटे, ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट दो घंटे, पुरी-हटिया दो घंटे, पटना-सिकंदराबाद दो घंटे, हमसफर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरक्षक सेवा से बर्खास्त
बिलासपुर। विगत दिनों थाना हिर्री क्षेत्रान्तर्गत रतनपुर बाईपास स्थित ग्राम बेलमुण्डी के पास खूंखार अपराधियों द्वारा पिस्टल, देशी कट्टा तथा धारदार चापड़ से लैस होकर किसी घटना को अंजाम देने की सूचना पर बिलासपुर पुलिस के द्वारा 10 अपराधियों जब्बार गौरी, इमरान कुरैशी, विनोद कुमार धृतलहरे, तरसेलाल भगत, अजमेरी, मो.फरमान, वाजीद कुरैशी, साकीब कुरैशी, नवील खान, दानिश कुरैशी को सुनियोजित रूप से पुलिस टीम तैयार कर घेराबंदी कर पकड़ा गया था। अभियुक्त जब्बार गौरी उत्तर प्रदेश का खतरनाक अपराधी है, जिसके विरूद्ध गैगस्टर एक्ट सहित अनेक गंभीर किस्म के अपराध पंजीबद्ध हैं। इमरान खान भी उत्तरप्रदेश का ही निवासी है। अपराधियों के द्वारा हथियार से लैस होकर रेड करने गई पुलिस टीम को चुनौती देते हुए गोली मारने की धमकी देने का दुस्साहस किया था । गिरफ्तार किये गये आरोपियों के मोबाईल फोन में आर. 1187 बबलू बंजारे, थाना सिरगिट्टी के फोन से लगातार संपर्क में रहने व इस प्रकार प्रथम दृष्ट्या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता उजागर होने पर उसे दिनांक 12.05.2024 को निलंबित किया गया था।
आरक्षक की आपराधिक संलिप्तता की जांच पर आरक्षक बबलू बंजारे व्हाट्सएप चैट के माध्यम से इनसे लगातार इनके संपर्क में रहा तथा करीबी मित्र की तरह व्हाट्सएप चैट कर रहा था। दुर्दान्त अपराधियों से घनिष्ठता, फोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से विभाग की गोपनीय जानकारी साझा करना, बारकोड भेजना एवं पेमेंट का स्क्रीन शॉट भेजना आदि से आरक्षक की अवैध एवं खतरनाक आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता उजागर हुई। इसके पूर्व भी थाना सकरी के छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, में भी आरक्षक का नाम शामिल हुआ था। एक अन्य प्रकरण में आरक्षक महिला थाना बिलासपुर के द्वारा बलात्कार के प्रकरण में भी में अभियोजित किया गया था। आरक्षक के विरूद्ध कदाचरण के लिये विभागीय जांच की कार्यवाही में भी आरक्षक के द्वारा फर्जी चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत कर आरोपों को झुठलाने का कुत्सित प्रयास किया गया था। इस प्रकार आरक्षक पुलिस की नौकरी की आड़ में खतरनाक अपराधियों से सतत् संपर्क में रहकर उन्हें लगातार मदद करता रहा। आरक्षक के आपराधिक हौसले इतने बुलंद हैं कि पूर्व से ही उसकी आपराधिक संलिप्तता उजागर होने के बाद भी लगातार पुनरावृत्ति कर रहा था।
नाबालिग ने दो भाइयों पर चाकू से किया हमला
बिलासपुर। सरकंडा के बसोड़ मोहल्ला लिंगियाडीह में नाबालिग ने दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले से घायल दोनों भाइयों को स्वजन ने अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सरकंडा के लिंगियाडीह बसोड़ मोहल्ले में रहने वाली सरस्वती बसोड़ गृहणी हैं। महिला ने बताया कि शुक्रवार का उनका बेटा आदर्श और भतीजा सौरभ घर के सामने बैठकर बातें कर रहे थे।
इसी दौरान अपोलो अस्पताल के सामने रहने वाला नाबालिग वहां आया। उसने पुरानी रंजिश पर दोनों भाइयों से विवाद करने लगा।
इसका विरोध करने पर उसने बटनदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमला होते देख सौरभ ने बीच-बचाव करने कोशिश की। नाबालिग ने सौरभ पर भी चाकू से हमला किया।
हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन घायलों को लेकर अस्पताल गए। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद महिला ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।