छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा
एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं पद की भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित
02 से 17 अप्रैल तक किया जा सकता है ऑनलाइन आवेदन
दंतेवाड़ा, 02 अप्रैल 2026
एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती किया जाना है। जिसके तहत एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा के तहत नगर पालिका अन्तर्गत दन्तेवाड़ा अस्पतालपारा वार्ड क्र. 14, दन्तेवाड़ा मंदिरपारा वार्ड क्र. 05 तथा ग्राम पंचायत मरकानार जूनापारा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के रिक्त पद है। इस संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण तथा सहायिका हेतु 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिये आयु सीमा 18 से 44 वर्ष की होगी तथा आयु की गणना आवेदन आमंत्रित करने की सूचना जारी होने की तिथि से की जावेगी। जिस वार्ड (नगरीय क्षेत्र) के आंगनबाड़ी केंद्र में रिक्त पद हेतु विज्ञापन जारी किया गया है, आवेदिका का उसी राजस्व ग्राम, वार्ड (नगरीय क्षेत्र) की स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा। इसके लिए इच्छुक स्थानीय सभी पात्र आवेदिकाएं दिनांक 2 अप्रैल से 17 अप्रैल तक पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा में सम्पर्क किया जा सकता हैं।
दंतेवाड़ा में 5 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 40 हथियार बरामद
दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के बीच बड़ी सफलता मिली है। पांच नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। इन सभी पर कुल 9 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सरेंडर के बाद नक्सलियों से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर 40 हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें एसएलआर, इंसास रायफल, कार्बाइन, 303 रायफल और बीजीएल लॉन्चर जैसे हथियार शामिल हैं। इस कार्रवाई को माओवादी संगठन की सैन्य क्षमता पर बड़ा झटका माना जा रहा है।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के पश्चिम बस्तर डिवीजन से जुड़े थे। इनमें एक एरिया कमेटी सदस्य (ACM) और अन्य पार्टी सदस्य शामिल हैं। सभी ने दंतेवाड़ा पुलिस लाइन कारली में “पूना मारगेम - पुनर्वास से पुनर्जीवन” योजना के तहत मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
इस दौरान आईजी बस्तर रेंज, डीआईजी सीआरपीएफ, कलेक्टर और एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक 607 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 54 मारे गए और 92 को गिरफ्तार किया गया है।
आईजी बस्तर रेंज ने कहा कि पुनर्वास योजना के तहत सरेंडर करने वाले युवाओं को सुरक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन का अवसर दिया जा रहा है। इससे क्षेत्र में शांति और विकास को बढ़ावा मिलेगा।
पुलिस का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे अभियानों और पुनर्वास नीतियों के कारण नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहा है और अधिक से अधिक लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की सूची
1.एसीएम/भैरमगढ़ एरिया कमेटी सोमे कड़ती पिता टोकडा कड़ती उम्र लगभग 42 वर्ष जाति मुरिया निवासी चेरली कोकोदीपारा थाना मिरतुर जिला बीजापुर (05 लाख)।
2.पार्टी सदस्य/भैरमगढ़ एरिया कमेटी लखमा ओयाम पिता मोंडा ओयाम उम्र लगभग 19 वर्ष जाति मुरिया निवासी बेचापाल कड़तीपारा थाना मिरतुर जिला बीजापुर (01 लाख)।
3.पार्टी सदस्य/भैरमगढ़ एरिया कमेटी सरिता पोड़ियाम पिता पण्डरू पोड़ियाम उम्र लगभग 21 वर्ष जाति मुरिया निवासी हिंगुम नयापारा थाना जंगला जिला बीजापुर (01 लाख)।
4.पार्टी सदस्य/भैरमगढ़ एरिया कमेटी जोगी कलमू पिता सोमडा कलमू उम्र 20 वर्ष जाति मुरिया निवासी नेण्ड्रा गोटूमपारा थाना बासागुडा जिला बीजापुर (01 लाख)।
5.पार्टी सदस्य/गंगालूर एरिया कमेटी मोटी ओयाम पिता हुंगा ओयाम उम्र 19 वर्ष जाति मुरिया निवासी पीडिया कुप्पागुडापारा थाना गंगालूर जिला बीजापुर (01 लाख)।
एकता महिला संकुल संगठन चितालंका को मिला नवीन महतारी सदन
दंतेवाड़ा । आज जनपद पंचायत दंतेवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप पटेल एवं ग्राम पंचायत चितालंका की सरपंच मुन्नी भास्कर की उपस्थिति में आरईएस विभाग द्वारा निर्मित महतारी सदन चितालंका का विधिवत हस्तांतरण किया गया। यह भवन आरईएस विभाग के एसडीओ एम. घोड़मोड़े एवं इंजीनियर विजय देवांगन द्वारा एकता महिला संकुल संगठन चितालंका को सौंपा गया।
इस दौरान संकुल संगठन की अध्यक्ष राधा, सचिव सरिता ठाकुर सहित सभी महिला सदस्य (दीदियाँ) उपस्थित रहीं। महतारी सदन का उपयोग संकुल संगठन के कार्यालय के रूप में किया जाएगा, साथ ही यहां विभिन्न आजीविका गतिविधियों के संचालन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में बीपीएम एनआरएलएम धर्मेंद्र ठाकुर, एसी वैभव शेष, ग्राम पंचायत सचिव राजू बघेल, पीआरपी वंदना ठाकुर, लेखापाल योगिता कौशल, संकुल संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य दीदियाँ भी उपस्थित रही ।
आरएएमपी योजना के अंतर्गत एमएसएमई उद्यमियों की एक्सपोजर विजिट नागपुर में संपन्न
दंतेवाड़ा, 25 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ में सीएसआईडीसी के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रैंप योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के उद्यमियों के लिए महाराष्ट्र राज्य के नागपुर स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में 23 एवं 24 मार्च 2026 को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं बस्तर जिलों से आए कुल 25 उद्यमियों ने भाग लिया। इस विजिट का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों की तकनीकी क्षमता, बाजार की समझ तथा प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना था। साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक, उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों एवं बाजार व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य रहा। विजिट के दौरान उद्यमियों ने विभिन्न उद्योगों, प्रसंस्करण इकाइयों, क्लस्टरों एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें उन्नत तकनीकों, नवीन प्रक्रियाओं एवं आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विशेषज्ञों के साथ संवाद, उत्पादन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन एवं सफल उद्यमियों के अनुभव साझा किए गए, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क के व्यवसाय प्रमुख श्री एस.के. राणा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की विजिट एमएसएमई उद्यमियों के लिए सीखने, नवाचार अपनाने और नेटवर्क विकसित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे वे अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकते हैं।
विजिट के दौरान प्रमुख गतिविधियों में उन्नत उद्योगों एवं क्लस्टरों का भ्रमण, उत्पादन तकनीक एवं मशीनरी का अध्ययन, गुणवत्ता मानकों एवं प्रमाणन की जानकारी, विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों से संवाद, बाजार, आपूर्ति श्रृंखला एवं मूल्य संवर्धन की समझ तथा नए व्यावसायिक विचारों एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन शामिल रहा। इसके साथ ही एमएसएमई से संबंधित शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उद्यमियों ने इस विजिट को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय के लिए नई तकनीकों एवं संभावनाओं की जानकारी मिली है, जो उनके उद्यम के विकास में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के सफल संचालन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के श्री रोहित शर्मा एवं श्री पंकज साहू का विशेष योगदान रहा। वहीं सीएसआईडीसी विभाग के प्रतिनिधि श्री योगेश जायसवाल ने भी इस विजिट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
विश्व क्षय दिवस पर ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत, प्रचार रथ को हरी झंडी
दंतेवाड़ा, 25 मार्च 2026
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में ‘100 दिवस टीबी मुक्त भारत अभियान’ की सशक्त शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अजय रामटेक द्वारा प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चार चरणों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्राम पंचायतों के पारा-मोहल्लों में घर-घर सर्वे कर उच्च जोखिम समूह के व्यक्तियों की पहचान करेंगी। चिन्हित व्यक्तियों का एक्स-रे परीक्षण कराया जाएगा तथा संदेहास्पद मरीजों की निःशुल्क नाट (छ।।ज्) जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि टीबी की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार संभव हो सके। इस पहल से जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर डीपीएम श्री प्रतीक सोनी, डीटीओ डॉ. साकेत लहरें सहित टीबी कार्यक्रम से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना : प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत कृषि उन्नति को नई गति कलेक्टर ने दिए बहुआयामी निर्देश
दंतेवाड़ा, 21 मार्च 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव द्वारा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत कृषि विकास योजना के अंतर्गत समूह (क्लस्टर) चयन एवं कृषि विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने चयनित ग्रामों में रात्रि चौपाल आयोजित कर किसानों के साथ सतत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एजेंडा अनुसार सुगंधित धान उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए चयनित किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने एवं बीज प्रमाणीकरण,सिंचाई सुविधाओं के सुधार हेतु लिफ्ट सिंचाई प्रणाली एवं क्रेडा (द्वारा स्थापित उपकरणों के मरम्मत और सुधार, हरी खाद के प्रचार-प्रसार के तहत लैंप्स के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड अंतर्गत हरी खाद उपलब्ध कराने एवं बीआरसी समूहों के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रशिक्षण आयोजित कर जिला खनिज न्यास अंतर्गत 5000 किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर जैविक आदान सामग्री उपलब्ध कराने,नाडेप टांका के माध्यम से कम्पोस्ट उत्पादन को बढ़ावा देने, पूर्व से बने टांकों को भरने एवं बांस से नए टांकों का निर्माण, कृषक उन्नति योजना के तहत मरहान क्षेत्रों में धान के स्थान पर लघु अनाज की खेती को प्रोत्साहित करने तथा ऐसे किसानों की पहचान कर उन्हें प्रेरित करने, जैविक खेती के प्रचार हेतु सफल किसानों की कहानियों एवं तकनीकों पर आधारित लघु वीडियो (रील्स) बनाने, किसान क्रेडिट कार्ड के नए प्रकरणों को बढ़ावा देने तथा किसानों को एटीएम कार्ड के उपयोग, रबी क्षेत्र विस्तार के अंतर्गत समुदाय के साथ चर्चा कर चरवाहों के चयन, कृषि यांत्रिकीकरण को बढ़ावा देते हुए विकासखंड स्तर पर कस्टम हायरिंग केंद्र की स्थापना, धान रोपण यंत्र (पैडी ट्रांसप्लांटर) एवं प्रत्यक्ष बीजारोपण विधि के प्रचार-प्रसार, पावर टिलर एवं पावर वीडर जैसे कृषि यंत्रों के अनुदान वितरण, सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चयनित किसानों को एटीएम मॉडल पर प्रशिक्षण, शीत कक्ष (कोल्ड चेम्बर) वितरण तथा उद्यानिकी विभाग की नर्सरी में ग्राफ्टेड पौधों के उत्पादन, ऑयल पाम (ताड़) पौधारोपण हेतु किसानों की सूची तैयार कर आवश्यक सुविधाओं की स्वीकृति, जिले के तालाबों एवं डबरियों में मत्स्य बीज वितरण कर मछली पालन को प्रोत्साहित किए जाने की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक के समापन पर कलेक्टर ने कहा कि संबंधित सभी विभाग आगामी बैठक तक आपसी समन्वय कर निर्देशानुसार सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाए।
जनगणना 2026 की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने विभिन्न चरणों के लिए दिए गए समय-सीमा अनुसार सभी कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 21 मार्च 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनगणना से संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। ज्ञात हो कि जिला स्तर पर आगामी जनगणना 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार विभिन्न गतिविधियों का चरणबद्ध कार्यक्रम तय किया गया है, जिसके तहत प्रशिक्षण, ब्लॉक निर्धारण, मैपिंग एवं गणना कार्य सुनिश्चित किए गए है। इसके तहत आज बैठक में कलेक्टर द्वारा जनगणना से संबंधित सभी चरणबद्ध कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी तय समय-सीमा के अंतर्गत 25 मार्च की अवधि तक जनगणना कार्य पूर्ण कर लेवें। तत्पश्चात निदेशालय द्वारा दिए गए अन्य तिथियों के कार्यों को पूरा करने की कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण,इसके साथ ही मकान सूचीकरण ब्लॉक की संख्या को फ्रीज करने की प्रक्रिया ,चार्ज अधिकारियों को जियो-संदर्भित ग्राम, वार्ड एवं चार्ज मानचित्रों, वेब मैपिंग एप्लीकेशन में मकान सूचीकरण, ब्लॉकों की सीमाओं का परिसीमन, ब्लॉक प्रकार का आबंटन एवं प्रविष्टिकरण कार्य,इसी क्रम में पर्यवेक्षी सर्किल का गठन कर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को का आवंटन,मध्य मकान सूचीकरण ब्लॉकों का गठन एवं उन्हें वेब मैपिंग एप्लीकेशन पर चिन्हित करने का कार्य जानकारी दी गई। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना अनिवार्य है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
अग्निवीर भर्ती 2026 : जिले के युवाओं को मिला मार्गदर्शन, कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न
दंतेवाड़ा, 20 मार्च 2026
जिला रोजगार कार्यालय दंतेवाड़ा के तत्वावधान में एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं आदर्श महाविद्यालय जवांगा में अग्निवीर भर्ती 2026 हेतु विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों की अग्निवीर योजना के अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, चयन के विभिन्न चरणों एवं तैयारी के तरीकों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में रिटायर्ड सूबेदार श्री दिनार्थो पान एवं रिटायर्ड हवलदार श्री मुन्नू स्वामी ने प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल टेस्ट तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने समय प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन रणनीति तथा बेहतर शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करती हैं और उनमें देशसेवा के प्रति प्रेरणा जागृत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे उन्हें भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट समझ प्राप्त हुई।
पीएम श्री मानकों के अनुरूप विकसित होगा पोटाकेबिन गुमड़ा स्कूल, कलेक्टर ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 20 मार्च 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने आज पीएम श्री हाई स्कूल पोटाकेबिन गुमड़ा का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पीएम श्री योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं पीएम श्री स्कूल के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कला एवं शिल्प कक्ष का अवलोकन कर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटल लर्निंग, प्रयोगात्मक शिक्षा, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण तथा खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने अपार आईडी निर्माण, पेयजल व्यवस्था एवं स्वास्थ्य जांच की स्थिति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों को आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, समृद्ध एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर सहित स्कूल अन्य टीचर मौजूद थे।
दो दिवसीय जिला स्तरीय जयपुर फुट कैंप का हुआ सफल समापन
दंतेवाड़ा । कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं पुनर्वास हेतु आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय जयपुर फुट कैंप का विगत दिवस सफल समापन हुआ। इस कैंप में कुल 133 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया, जिनमें से अनेक हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कैम्प के दौरान 13 हितग्राहियों को नया दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं 14 लाभार्थियों को सामान्य ट्रायसायकल, 9 को व्हील चेयर, 86 को श्रवण यंत्र, 7 को कैलीपर्स, 7 को बैसाखी तथा 12 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए। इस पहल से लाभान्वित व्यक्तियों के जीवन में आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ है। कैम्प के प्रथम दिवस में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े,, सहित ग्राम पंचायत गमावाड़ा एवं छोटे तुमनार के सरपंच उपस्थित रहे। कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैम्प को जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने सराहनीय पहल बताया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की अपेक्षा जताई।
कलेक्टर ने बस्तर हेरिटेज मैराथन के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दंतेवाड़ा । जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग दंतेवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के कुशल मार्गदर्शन में आज लाइवलीहुड कॉलेज कारली से बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार रथ दंतेवाड़ा, कटेकल्याण, बचेली, किरंदुल, गीदम एवं बारसुर क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए जगदलपुर में आयोजित होने वाली बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रेरित करेगा। यह प्रचार अभियान 22 मार्च 2026 तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत गीदम अध्यक्ष शकुंतला भास्कर, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगर पालिका परिषद दन्तेवाड़ा अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत गीदम उपाध्यक्ष दिनेश कौशल, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, उप पुलिस अधीक्षक नसीर सिद्दीकी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गीदम बलराम ध्रुव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने जिले से मैराथन में भाग लेने वाले धावकों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक युवाओं से सहभागिता की अपील की। सहायक खेल अधिकारी प्रदीप सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मैराथन हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ है। इच्छुक प्रतिभागी अपने मोबाइल के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट https://www.bastarheritage.run पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री ध्रुव सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा बस्तर हेरिटेज मैराथन के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, युवाओं को भागीदारी हेतु किया जा रहा प्रेरित
दंतेवाड़ा, 19 मार्च 2026
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग दंतेवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के कुशल मार्गदर्शन में आज लाइवलीहुड कॉलेज कारली से बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार रथ दंतेवाड़ा, कटेकल्याण, बचेली, किरंदुल, गीदम एवं बारसुर क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए जगदलपुर में आयोजित होने वाली बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रेरित करेगा। यह प्रचार अभियान 22 मार्च 2026 तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत गीदम अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला भास्कर, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, नगर पालिका परिषद दन्तेवाड़ा अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत गीदम उपाध्यक्ष श्री दिनेश कौशल, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा, उप पुलिस अधीक्षक श्री नसीर सिद्दीकी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गीदम श्री बलराम ध्रुव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने जिले से मैराथन में भाग लेने वाले धावकों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक युवाओं से सहभागिता की अपील की। सहायक खेल अधिकारी श्री प्रदीप सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मैराथन हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ है। इच्छुक प्रतिभागी अपने मोबाइल के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं।
बिहान मिशन में लेखा सह एमआईएस सहायक (संविदा) पद हेतु आवेदन 10 अप्रैल तक आमंत्रित
दंतेवाड़ा, 19 मार्च 2026
कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के अंतर्गत जिला एवं विकासखंड स्तर पर (संविदा नियुक्ति) हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मिशन संचालक, विकास आयुक्त कार्यालय, नया रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार “लेखा सह एमआईएस सहायक” पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन केवल रजिस्टर्ड डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा (पिन कोड 494449) के पते पर भेज सकते हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026, सायं 5 बजे निर्धारित की गई है। इस संबंध में विभाग द्वारा सूचित किया है कि व्यक्तिगत रूप से, ई-मेल अथवा अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही, निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत समेली में हुआ कार्यक्रम
दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत, विभाग के कार्यपालन अभियंता के निर्देशानुसार तथा सहायक अभियंता एवं उप अभियंता के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम जिला दंतेवाड़ा के विकासखंड कुआकोंडा के ग्राम पंचायत समेली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल बहिनियों को पानी की गुणवत्ता जांच हेतु एफटीके किट के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें पानी की गुणवत्ता जांच के 10 पैरामीटर के बारे में संक्षिप्त रूप से जानकारी देने के साथ-साथ जांच के अनुसार रजिस्टर को सही तरीके से संधारित (मेंटेन) करने की सलाह भी दी गई। इसके अतिरिक्त जल बहिनियों को ऑनलाइन आईडी बनाना तथा ऑनलाइन एंट्री करना भी सिखाया गया, ताकि वे पानी की जांच से संबंधित जानकारी को समय-समय पर ऑनलाइन दर्ज कर सकें। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व तथा गांव में संचालित नल-जल योजना की देखरेख और रखरखाव के बारे में भी जागरूक किया गया, जिससे इस योजना का संचालन निरंतर और सुचारू रूप से भविष्य में भी चलता रहे।
भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देश
दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी विज्ञप्ति अनुसार , ग्रीष्म ऋतु के आगमन के साथ बढ़ते तापमान को देखते हुए लू से बचाव हेतु विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। भीषण गर्मी की स्थिति में सिर में भारीपन, तेज बुखार, मुंह सूखना, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और शरीर का तापमान अधिक होने पर भी पसीना न आना लू के मुख्य लक्षण होते हैं।
अतः इस संबंध में जन साधारण को सलाह दी गई है कि धूप में ज्यादा देर रहने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है, जिससे बचाव के लिए आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और निकलते समय सिर व कान को कपड़े से ढंकें। अधिक मात्रा में पानी पिएं, सूती कपड़े पहनें और ओआरएस घोल, फल का रस. लस्सी या मट्ठा का सेवन करें। लू लगने पर प्रारंभिक उपचार के तौर पर पीड़ित के सिर पर ठंडे पानी की पट्टी लगाने, उसे पंखे के नीचे लिटाएं और शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करें। इसके साथ ही कच्चे आम का पना और जलजीरा जैसे पेय पदार्थ पिलाना फायदेमंद होता है। इस संबंध में प्रारंभिक सलाह के लिए आरोग्य सेवा केंद्र के टोल फ्री नंबर 104 पर निःशुल्क परामर्श लिया जा सकता है। साथ ही ओआरएस पैकेट के लिए मितानिन या एएनएम से भी संपर्क कर सकते है। किसी भी आपात स्थिति में जिला सर्विलांस इकाई, महामारी नियंत्रण कक्ष या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल इलाज कराए जाए ताकि जनहानि को रोका जा सके।
शासकीय आत्मानन्द हायर सेकेण्डरी स्कूल में आयुष विभाग द्वारा छात्र छात्राओं को आयुर्विद्या कार्यक्रम की दी गई जानकारी
दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026
भारत सरकार आयुष मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत् संचालक आयुष विभाग छ.ग के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. जे. आर. नेताम के मार्गदर्शन में आज दिनांक 17 मार्च 2026 को शासकीय आत्मानन्द हायर सेकेण्डरी स्कूल आंवराभाटा में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जगदम्बा पंडा आयुर्वेद विशेषज्ञ तथा डॉ. रविन्द्र सिंह आयुर्वेद चिकित्सक (आयुर्विद्या कार्यक्रम), डॉ. संतोष कुमार बर्मन (योग चिकित्सक) संयुक्त टीम द्वारा कक्षा 01 से 12 वीं तक लगभग 120 छात्र-छात्राओं का आयुर्विद्या कार्यक्रम के माध्यम से मनुष्य जीवन को निरोग रखने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में उपयोगी कुल 20 औषधीय गुणों से परिपूर्ण पौधों का ज्ञान छात्रों को कराया गया।
ग्राम पचायतों की निर्वाचक नामावली हेत रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अपीलीय अधिकारी हुए नियुक्त
दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निवार्चन अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत उप निर्वाचन 2006 कराये जाने हेतु 01 अप्रैल 2026 की प्रतिनिर्देश पर विकासखण्डों के अन्तर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी , सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा अपीलीय अधिकारी को नियुक्त किया गया है। इसके अनुसार अनुविभागीय राजस्व,दंतेवाड़ा, बड़े बचेली और गीदम रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में नियुक्त रहेगें। इस क्रम में सहायक रजिस्ट्रीकरण के तौर पर तहसीलदार दन्तेवाड़ा , कटेकल्याण, बड़े बचेली, कुआकोंडा, बारसूर, गीदम को नियुक्त किया गया है। जबकि अपील अधिकारी अपर कलेक्टर दंतेवाड़ा रहेगें। इस प्रकार विकासखंड दन्तेवाड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों में फुलनार, केसापुर, मेटापाल-01, कटेकल्याण के अंतर्गत ग्राम पंचायत टेटम, के अलावा विकासखंड कुआकोंडा के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरनपुर, मदाड़ी, कड़मपाल, जबेली, पालनार, तथा गीदम विकासखंड के अंतर्गत झोडि़याबाड़म, सियानार, चेरपाल, तुमरीगुंडा पंचायतें शामिल रहेगें।