छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा
एएम/एनएस इंडिया द्वारा मिश्रा कैम्प और पटवारीपारा-किरंदुल बस्ती में लगाया गया मेगा हेल्थ कैंप का सफल आयोजन
टाइप थ्री शीतला माता मंदिर प्रांगण मे रंग पंचमी धूम धाम से मनाया गया
नेशनल लोक अदालत के प्रथम चरण में कुल 33,902 प्रकरणों का हुआ निराकरण
दंतेवाड़ा । विगत दिवस नेशनल लोक अदालत में प्रधान जिला न्यायाधीश के निर्देशानुसार तीनो राजस्व जिला दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर एवं बचेली के न्यायालय में कुल 08 खंडपीठों का गठन किया गया था। नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश विजय कुमार होता के द्वारा सर्वप्रथम सरस्वती माता का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा समस्त पीठासीन अधिकारियों, न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं व कर्मचारियों को अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण करने हेतु प्रोत्साहित कर शुभकामनाएं दी गई। इस दौरान उन्होंने नेशनल लोक अदालत में गठित समस्त खंडपीठों का निरीक्षण किया एवं राजीनामा के आधार पर निराकृत हुये प्रकरणों में पक्षकारों को पौधा देकर पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया।
इस नेशनल लोक अदालत में सभी न्यायालयों में लंबित नियमित मामले कुल 3894 रखे गये थे जिनमें से कुल- 3794 मामलों का निराकरण करते हुए कुल 1,16,00,777 राशि का अवार्ड पारित किया गया। उक्त लोक अदालत वर्चुअल एवं भौतिक दोनों रूप में आयोजित किया गया था। नेशनल लोक अदालत में आज मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण दंतेवाड़ा के खण्डपीठ क्रमांक 1 के पीठासीन अधिकारी प्रधान जिला न्यायाधीश विजय कुमार होता के न्यायालय के मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में कुल 03 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल राशि 20,72,776 का अवार्ड पारित किया गया। खंडपीठ कमांक-2, न्यायाधीश परिवार न्यायालय हरिश कुमार अवस्थी के न्यायालय के प्रकरणों में कुल 1 प्रकरण का निराकरण किया गया। खंडपीठ कमांक 3, में द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, प्रवीण कुमार प्रधान, द्वारा कुल- 01 मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण का निराकरण करते हुए 12,00,000 का अवार्ड, तथा 09 आपराधिक अपील के प्रकरणों का निराकरण करते हुए 36,62,000 रू० का अवार्ड, पारित किया गया।
इसी प्रकार खण्डपीठ क्रमांक-4, में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, पॉक्सो कोर्ट, शैलेश कुमार शर्मा, द्वारा कुल- 03 मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, 05 सिविल प्रकरण एवं 01 आपराधिक प्रकरण का निराकरण करते हुए कुल 37.70,201 रू0 का अवार्ड पारित किया गया।
उक्त नेशनल लोक अदालत के आयोजन में न्यायालयीन कर्मचारी पैरालीगल वालंटियर जिला प्रशासन जिला पंचायत नगर पालिका, विद्युत विभाग, बी.एस.एन.एल. विभाग एवं समस्त बैंको की भागीदारी रही। नेशनल लोक अदालत में उपस्थित पक्षकारों को विधिक रूप से जागरूक करने के लिए नालसा एवं सालसा द्वारा विभिन्न कानूनी विषयों पर निर्मित लघु फिल्मों का प्रसारण न्यायालय भवन में लगे हुये टी.वी. स्क्रीन पर किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर एंव न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दंतेवाड़ा एवं बचेली के द्वारा भी अधिक से अधिक मामलें इस लोक अदालत में राजीनामा हेतु रखे गये थे और कुल- 3771 रेगुलर मामलों का निराकरण किया गया। नेशनल लोक अदालत का आयोजन सफल हुआ। उल्लेखनीय है कि आगामी नेशनल लोक अदालत दिनांक 10 मई 2025 को किया जाएगा।
जनजाति ग्रामों के सार्वभौमिक उत्थान के लिए योजनाओं का धरातलीय क्रियान्वयन कर लक्ष्य प्राप्ति तक पहुचाएं : सांसद कश्यप
दंतेवाड़ा । बस्तर सांसद लोकसभा महेश कश्यप की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के डंकिनी सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा), सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विकास कार्यों की अत्यावश्क व प्राथमिकता के कार्यों की स्वीकृति पर चर्चा की गई।
सांसद कश्यप ने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के पहल से जिले में बेहतर कार्य हुए हैं। अतः सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य कर जिले को प्रगति की ओर अग्रसर करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दन्तेवाड़ा जिला हर दृष्टि से संपन्न क्षेत्र है परन्तु पूर्व में दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के कारण जिले के कई क्षेत्र पिछड़ गए है। अतः ऐसे लक्षित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा में लाना हम सब का कर्तव्य है। इसके अलावा जो लोग वापस मुख्यधारा से जुड़ रहे है उनके सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्वास की व्यवस्था भी की जानी चाहिए। और उन्हें खुशी है कि प्रशासन द्वारा ऐसा पहल किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने धरती आबा जनजाति ग्राम आदर्श, उत्कर्ष अभियान योजना का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र शासन द्वारा जनजाति ग्रामों के सार्वभौमिक उत्थान के लिए इस योजना को प्रारंभ करने के साथ-साथ बजट भी निर्धारित किया गया है। जिसमें 18 विभागों की विशेष योजनाएं संचालित होगीं। इस योजना के दायरे में बस्तर संसदीय क्षेत्र के 14 सौ ग्राम आएगें। अतः संबंधित विभागों का दायित्व होगा कि वे अपनी योजनाओं को धरातलीय क्रियान्वयन कर योजना को लक्ष्य प्राप्ति तक पहुचाएं।
इसके साथ ही बैठक में एजेंडा अनुसार चालू वर्ष में मनरेगा के स्वीकृत कार्यों के भौतिक वित्तीय प्रगति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कार्यरत बीसी सखी, की अद्यतन स्थिति, बैंक लिंकेज की प्रगति, लखपति दीदी योजना अन्तर्गत लक्ष्य एवं प्राप्ति, जिला स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत लक्ष्य की प्राप्ति, जिले में छ.ग स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड अन्तर्गत नये ट्रांसफार्मर की स्थापना, मोबाइल टावरों का ऊर्जीकरण के.व्ही. सबस्टेशन निर्माण, नियद नेल्लानार योजना विद्युतीकरण, आदिवासी विकास विभाग अन्तर्गत छात्रावास, आश्रम सुविधा,भोजन सहाय योजना, छात्रगृह योजना, विशेष शिक्षण केन्द्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, रबी क्षेत्राच्छादन अन्तर्गत बीज उपलब्धता, भण्डारण, वितरण,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत प्रगतिरत सड़के, के अलावा महिला बाल विकास, उद्यानिकी शिक्षा, स्वास्थ्य विभागों से संबंधित योजनाओं का भी गहन समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में सांसद कश्यप ने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की आगामी बैठक में लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने के लिए विभाग अभी से रणनीति बनाए। साथ ही कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि बैठक में दिए गए निर्देशानुसार सभी विभाग कार्य करेंगे जिसकी समय सीमा की बैठक में नियमित रूप से समीक्षा की जावेगी। बैठक के अंत में सड़क सुरक्षा समिति के एजेंडे के तहत यातायात व सड़क सुरक्षा के मुद्दों पर भी समीक्षा की गई। इसके अन्तर्गत सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हांकन करने, नशे में वाहन चालकों पर कार्यवाही, कैमरे को दुरुस्त कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कंुजाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एवं विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
ये मेरी जीत नहीं कांग्रेस और किरंदुल की जनता का जीत हैं : बबलू सिद्दीकी
किरंदुल नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव मे उपाध्यक्ष कुर्सी बबलू सिद्दीकी के हुआ नाम.
जिला जेल दंतेवाड़ा में बंदियों को मिला गंगा स्नान का पुण्य लाभ
दंतेवाड़ा । जिला जेल दंतेवाड़ा से प्राप्त जानकारी अनुसार गृह मंत्री विजय शर्मा एवं जेल मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार 25 फरवरी को जिला जेल दंतेवाड़ा में परिरुद्ध बंदियों हेतु कहाकुंभ प्रयागराज से लाये गये गंगाजल से स्नान की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आध्यात्मिक शुद्धि का अवसर प्रदान किया गया। इसके लिए जिला जेल की दो पानी टंकियों को साफ-सफाई कर फूलों से सजाया गया तथा गंगाजल की पूजा अर्चना कर पानी की टंकी में प्रवाहित किया गया। तत्पश्चात् लगभग 460 बंदियों द्वारा जयकारा लगाते हुये पूरे हर्ष एवं उत्साह के साथ गंगा स्नान किया गया।
चूंकि संस्कार और संस्कृति हमारी पंरम्पराओं का अटूट हिस्सा है। और आध्यात्मिक भावनाओं से किसी को भी वंचित नहीं किया जा सकता। सुधार और पुनर्वास के निहितार्थ जेल में परिरुद्ध बंदियों में आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान की भावना को बलवती करने के उद्देश्य से पवित्र गंगाजल से स्नान कराया गया। बहरहाल जेल प्रशासन के इस सदप्रयास से सभी बंदी अत्यंत प्रफुल्लित हुए और उन्होंने शासन तथा जेल प्रशासन शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस गंगा स्नान हेतु जेल प्रशासन ने बंदियों की श्रद्धा, आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज से लाये गये गंगाजल से स्नान हेतु विशेष व्यवस्था की गयी थी। ताकि वे भी अमृत स्नान एवं पुण्य का लाभ प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर जेल अधीक्षक जी. एस.शोरी, मनीष कुमार दिवाकर सहायक जेल अधीक्षक, संतोष कुमार पोर्ते, प्रहरी ज्ञान प्रकाश पैकरा, प्रहरी, पुरुषोत्तम मेरावी, प्रहरी, रामकुमार नेताम, प्रहरी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
पंचायत चुनाव : कटेकल्याण ब्लॉक में 20 फरवरी को मतदान
मतदान केंद्रों के लिये दल रवाना
दंतेवाड़ा। त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के तहत द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले के कटेकल्याण ब्लॉक में 20 फरवरी को मतदान संपन्न होगा। इस परिप्रेक्ष्य में बुधवार को द्वितीय चरण के मतदान के लिये मतदान दलों को कटेकल्याण जनपद पंचायत भवन स्थित स्ट्रांग रूम सह वितरण केन्द्र से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान मतदान दलों के अधिकारी-कर्मचारी मतदान सामग्रियों का मिलान कर सम्बन्धित सेक्टर ऑफिसर के नेतृत्व में निर्धारित रुट के बसों के जरिये अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिये रवाना हुए। इस मौके पर निर्वाचन दायित्व से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
इस संबंध में पंचायत उप संचालक मिथिलेश किसान ने बताया कि इस दूसरे चरण में कटेकल्याण ब्लॉक अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 02, जनपद पंचायत सदस्य हेतु 10, सरपंच प्रत्याशी के 27 और 86 पंच प्रत्याशियों का निर्वाचन होगा। उक्त द्वितीय चरण में 20 फरवरी को मतदान सम्पन्न कराने के लिए कुल 64 मतदान दलों के 331 अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिये जिला पुलिस बल, डीआरजी तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पर्याप्त जवानों की तैनाती की गयी है। वहीं सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराये जाने हेतु सेक्टर ऑफिसर्स, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
पंच, सरपंच व जनपद पंचायत सदस्यों का सारणीकरण 19 को
जिला पंचायत सदस्यों का सारणीकरण 20 फरवरी को
दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन, 2025 के अन्तर्गत प्रथम चरण में विकासखण्ड दन्तेवाड़ा एवं गीदम का मतदान 17 फरवरी को सम्पन्न हुआ।
आयोग के समय-अनुसूची अनुसार जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अन्तर्गत पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्यों का सारणीकरण 19 फरवरी को जनपद पंचायत दंतेवाड़ा के सभाकक्ष में समय प्रातः 09 बजे से होगा। इसी प्रकार जनपद पंचायत गीदम के अन्तर्गत पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्यों का सारणीकरण जनपद पंचायत गीदम सभाकक्ष में समय प्रातः 09 बजे से किया जाएगा। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्यों का सारणीकरण 20 फरवरी को जिला पंचायत दंतेवाड़ा के भू-तल स्थित सभाकक्ष में प्रातः 10.30 बजे से किया जावेगा।
ग्रामीण युवक की हत्या में शामिल 7 नक्सली गिरफ्तार
दंतेवाड़ा । अरनपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत अरनपुर गांव में एक युवक की हत्या करने वाले 7 नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रात में घर में घुसकर इन्होंने पहले युवक को घर से घसीटकर बाहर निकाला था। फिर गला घोंटा और धारदार हथियार से काट डाला। वारदात के 11 दिन बाद पुलिस ने हत्या के 7 आरोपियों 1. नंदा सोड़ी , मिलिशिया सदस्य 2. जोगा मड़काम , मिलिशिया सदस्य 3. हांदा मरकाम, 4. नंदा सोरी , मिलिशिया सदस्य 5. नंदा मरकाम, मिलिशिया सदस्य 6. नंदा सोरी , मिलिशिया सदस्य 7. सुला हेमला , मिलिशिया सदस्य को पकड़ लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 4 फरवरी की देर रात ककाड़ी के रहने वाले हड़मा हेमला के घर मलांगेर एरिया कमेटी के नक्सली पहुंच गए थे। उन्होंने पहले हड़मा को घर से बाहर निकाला, उस पर मुखबिरी का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद नक्सलियों ने घर के बाहर ही लाश फेंक दी थी। जिसके बाद गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की जांच में मलांगेर एरिया कमेटी के नक्सलियों के शामिल होने की जानकारी के बाद जवानों को लगातार ऑपरेशन पर भेजा जा रहा था। जवान लगातार इलाके की सर्चिंग कर रहे थे। जिसके बाद इस हत्या की वारदात में शामिल कुछ लोगों को उसी गांव के अलग-अलग ठिकाने से पकड़ा गया। जिनकी शिनाख्त नक्सल संगठन के सदस्यों के रूप में हूई। पूछताछ और जांच में पता चला कि ये ग्रामीण की हत्या में 7 आरोपी शामिल थे। एएसपी आरके. बर्मन ने बताया कि सभी 7 आरोपपियों की गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत जेल दाखिल कर दिया गया है।
दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद में मतगणना की तैयारियां पूरी
15 फरवरी को प्रातः 9 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
दंतेवाड़ा । कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) से जारी विज्ञप्ति अनुसार नगरीय निकाय आम निर्वाचन वर्ष 2025 हेतु 11 फरवरी को मतदान किया गया था एवं 15 फरवरी को नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा, बड़े बचेली, किरंदुल एवं नगर पंचायत गीदम, बारसूर में मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा होगी। इसके अंतर्गत नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा, के लिए मतगणना स्थल जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दंतेवाड़ा, नगर पालिका परिषद बड़े बचेली हेतु एन.एम.डी.सी. मंगल भवन बड़े बचेली, नगर पालिका परिषद किरंदुल के लिए भीमराव अम्बेडकर भवन किरंदुल, नगर पंचायत गीदम के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गीदम, तथा नगर पंचायत बारसूर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारसूर में मतगणना स्थल निर्धारित है।
ज्ञात हो कि मतगणना हेतु गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों की नियुक्ति कर उन्हे रिटर्निंग ऑफिसर स्तर पर मास्टर ट्रेनर के माध्यम से दिनांक 13 फरवरी को प्रशिक्षण प्रदाय किया जा चुका है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तावित गणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति भी की जा चुकी है। मतगणना 15 फरवरी को प्रातः 9 बजे से निर्धारित स्थलों में प्रारंभ की जाएगी जिसकी सूचना समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को दी जा चुकी है।
प्रेसर आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ का एक जवान गंभीर
दंतेवाड़ा । अरनपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत दंतेवाड़ा-सुकमा सीमा पर प्रेसर आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ का एक जवान प्रधान आरक्षक एम एन शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान सीआरपीएफ की 231 बटालियन की एफ कंपनी में तैनात प्रधान आरक्षक एम एन शुक्ला की स्थिति गंभीर है।
मिली जानकारी के अनुसार कमल पोस्ट से सीआरपीएफ के जवान सर्चिंग के लिए दंतेवाड़ा-सुकमा सीमा पर जगरगुंडा की ओर रवना हुए थे, इसी दौरान एक सीआरपीएफ जवान का पैर नक्सलियों की लगाई प्रेशर आईईडी पर आ गया, जिससे जोर का धमाका हुआ। आईईडी विस्फोट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जवान के दोनो पैर के चिथड़े उड़ गए।
प्रेसर आईईडी विस्फोट के बाद साथियों ने उन्हें मौके से निकालकर कैंप लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद साथी जवानों ने तुरंत अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी।
घायल जवान को तत्काल बेहतर उपचार के लिए हेलीकाप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रायपुर रेफर किया गया है। दंतेवाड़ा एएसपी आरके. बर्मन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जवान जवान का उपचार जारी है। साथ ही नक्सलियों के खिलाफ अभियान भी जारी है।
उल्लेखनिय है कि बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों के लगातार जारी कार्यवाही से बौखलाए नक्सली कायराना करतूत को अंजाम देते हुए जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रेसर आईईडी लगा रहे हैं। नक्सलियों द्वारा लगाये गये प्रेसर आईईडी विस्फोट की चपेट में कभी जवान तो कभी ग्रामीण तो कभी मवेशी आकर बुरी तरह घायल हो चुके हैं।
बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। विदित हो कि जगरगुंडा का यह वही इलाका है, जहां से सीआरपीएफ के जवान विगत 4 वर्षों में 200 से ज्यादा आईईडी बरामद कर चुके हैं।
कभी यह इलाका नक्सलियों का गढ़ हुआ करता था, लेकिन अब कमजोर पड़ चुके नक्सली प्रेसर आईईडी विस्फोट से जवानों को नुकसान पंहुचाने के लिए जगह-जगह आईईडी लगाकर नुकसान पंहुचाने का प्रयास कर रहे हैं।
आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ जवान घायल...
दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा जिले में आईईडी की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। नक्सलियों की जानकारी होने पर जिले अरनपुर क्षेत्र में कमलपोस्ट के पास सर्चिंग में निकले थे। इसी दौरान सीआरपीएफ 231 का एक जवान का पैर आईईडी की चपेट में आ गया। वह घायल हो गया। इसके बाद घायल जवान को इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल लाया जा रहा है।
नाबालिग वर के विवाह को रुकवाया प्रशासन की टीम ने, परिजनों को दी समझाइश
दंतेवाड़ा । महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में बाल विवाह के रोकथाम के लिए कलेक्टर के मार्गदर्शन में गठित जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को एक बाल विवाह रोकने में सफलता मिली है। प्राप्त सूत्रों के अनुसार जिला दंतेवाड़ा के ग्राम पंचायत छोटे तुमनार में बाल विवाह होने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन दंतेवाड़ा को प्राप्त हुई थी। इसपर तत्काल कार्यवाही करते हुए चाइल्ड हेल्प लाईन, पुलिस थाना गीदम, परियोजना गीदम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई दंतेवाड़ा की संयुक्त टीम ने विवाह कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर वर एवं वधु का आयु का सत्यापन किया, जिससे वधु द्वारा बताये गये आयु एवं वर के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र में उल्लेखित जन्मतिथि के अनुसार वधु की आयु पूर्ण पाई गई परन्तु वर की वैधानिक आयु, विवाह हेतु पुर्ण नहीं थी। थे। जहाँ कार्यवाही के दौरान वधु पक्ष द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक दस्तावेज अनुसार वधु की वर्तमान आयु 20 वर्ष 9 दिन उल्लेखित थी। परन्तु वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण नहीं होना पाया गया। इसके मद्देनजर वर के कम आयु होने पर प्रशासन की टीम द्वारा वर वधु के परिजनों को समझाइश देते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियमों से अवगत कराया गया। तत्पश्चात वर पक्ष, बालक के विवाह की वैधानिक आयु पूर्ण होने से पहले विवाह नहीं कराए जाने पर सहर्ष राजी हो गए।
इसके साथ ही ग्राम छोटे तुमनार के वासियों द्वारा भी भविष्य में गाँव में अपनी ओर से बाल विवाह नहीं होने देने का वादा भी किया गया। विवाह कार्यक्रम स्थल पर वर-वधु पक्ष के परिवार के लोगों को उपस्थित समिति द्वारा समझाइश देते हुए बताया गया कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं बल्कि कानूनन अपराध भी है, ऐसे विवाह में शामिल माता-पिता, रिश्तेदार, पुरोहित सभी अपराधी माने जा सकते हैं तथा बाल विवाह करने और कराने वाले को दो वर्ष तक कारावास एवं एक लाख रुपए तक जुर्माना भी हो सकता है। दोनों पक्षों की सहमति से समिति द्वारा कार्यवाही पूर्ण कर वधु को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में समिति के द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई को निर्देशित किया गया है कि, निर्धारित समय अनुसार, बाल विवाह का फॉलोअप किया जाना सुनिश्चित किया जाये। बाल विवाह रोकथाम संबंधी संपूर्ण कार्यवाही के दौरान, महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी वरूण सिंह नागेश, प्रभारी जिला बाल संरक्षण अधिकारी, रविशंकर सनाड्य, आउटरीच वर्कर ममता ठाकुर, सेक्टर पर्यवेक्षक रेणु घिवडोड़े, पुलिस विभाग गीदम, एवं सुपरवाईजर प्रेम कोमरे चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य उपस्थित रहे।
नगर पालिका किरंदुल, बचेली में घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटिंग मशीन का दिया गया प्रशिक्षण
दंतेवाड़ा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विगत 08 फरवरी को नगर पंचायत बारसूर में तहसील कार्यालय वार्ड क्रमांक 11 एवं 15 वार्ड, तथा नगर पालिका किरंदुल, बचेली में प्रशिक्षकों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा सभी वार्डों में मतदाता जागरूकता रथ के माध्यम से मतदान हेतु जागरूक भी किया जा रहा है एवं मतदाताओं से 11 फरवरी सुबह 8 बजे से 5 बजे तक पोलिंग बूथ में आकर वोट डालने का आग्रह भी इसी दौरान किया गया।
द्वितीय व्यय लेखा परीक्षण
दंतेवाड़ा । राज्य निर्वाचन आयोग निर्वाचन व्यय (लेखा संधारण और प्रस्तुति) के आदेश 2024 के अनुपालन में निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर (प्रोफार्मा-क) की जांच हेतु निर्धारित द्वितीय लेखा मिलान तिथि विगत दिवस 08 फरवरी को नगर पालिका के समस्त अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्ति-व्यय अभिलेखों सहित लेखा का मिलान व्यय प्रेक्षक एम. ए मुस्तफा द्वारा कराया गया। छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के नियम 14-ख के तहत प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्वाचन की तारीख से 30 दिवस के अंदर अनिवार्य रूप से लेखा प्रस्तुत करने हेतु व्यय प्रेक्षक द्वारा समस्त अभ्यर्थियों को अवगत भी कराया गया।
नगरीय निर्वाचन में महिला शक्तियों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका, उत्साह के साथ हुई रवानगी
दंतेवाड़ा । नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तहत कल 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निर्वाचन मतदान के सिलसिले में मुख्यालय के डाइट परिसर पर मतदान दलों की रवानगी संपन्न हुई। उल्लेखनीय है कि सभी मतदान दलों में महिला कर्मचारियों की संख्या पुरूषों के मुकाबले अधिक है। इस क्रम में नगर पालिका परिषद क्षेत्र दंतेवाड़ा में 15 वार्ड है, जिसके लिए कुल 17 मतदान केन्द्र बनाए गए है। यहां कुल 68 मतदान कर्मी द्वारा निर्वाचन दायित्व निभाया जाएगा। इसी प्रकार बचेली नगर पालिका क्षेत्र के 18 वार्ड में 19 मतदान केन्द्र 76 मतदान कर्मी तैनात रहेगें। जबकि किरंदुल नगर पालिका के 18 वार्डो में 18 मतदान केन्द्र 78 मतदान कर्मी, गीदम नगर पंचायत 15 वार्डों में 15 मतदान केन्द्र तथा बारसूर नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डो में 15 मतदान केंद्र बनाए गए जहां क्रमषः 60-60 मतदान कर्मियों द्वारा निर्वाचन कार्यो का संपादन किया जाएगा।
इस प्रकार पूरे जिले के नगरीय निकाय में कुल 336 मतदान कर्मी निर्वाचन कार्य में अपना योगदान देगें। बहरहाल उपरोक्त सभी नगरीय निकाय निर्वाचन में आज रिटर्निंग ऑफिसर के उपस्थिति में मतदान दलों को सामग्री वितरण किया जा कर रवाना किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के.बर्मन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मूलचंद चोपड़ा, और निर्वाचन दायित्व से जुड़े अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
भाजपा के 5 सरपंच प्रत्याशी निर्विरोध चुनाव जीते
दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान से पहले ही भाजपा का खाता खुल गया है. दंतेवाड़ा जिले के 5 पंचायतों में निर्विरोध सरपंच बने हैं. ये सभी भाजपा समर्थित हैं. विधायक चैतराम अटामी और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने सभी निर्विरोध बने सरपंचों को मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दी।
दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत नेलगोड़ा से सुखराम लेकामी, बुदपदर से घासीराम कश्यप ,चेरपाल से मुनी बाई कश्यप, कारली 2 से रीना कश्यप और हारला से शक्ति बेरला त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए हैं।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होना है. इसके लिए नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रियाएं पूरी हो गई है. अब जोरों पर प्रचार चल रहा है. 17 फरवरी, 20 फरवरी और 23 फरवरी को सरपंच, पंच, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।