छत्तीसगढ़ / दुर्ग

रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को बड़ा झटका: पार्षद डॉ. सीमा साहू भाजपा में शामिल

 दुर्ग । रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 28 की पार्षद और महिला एवं बाल विकास विभाग की एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इससे पहले भी चार कांग्रेस पार्षद पार्टी नेतृत्व और महापौर से असंतुष्ट होकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

सांसद विजय बघेल के निवास में ली सदस्यता
डॉ. सीमा साहू ने सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

डॉ. सीमा साहू ने वीआईपी नगर वार्ड से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पार्षद बनी थीं। नगर निगम में महापौर पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उन्हें इस पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

 



उनके तत्कालीन गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से पारिवारिक संबंध भी इस संभावना को बल देते थे, लेकिन कांग्रेस ने अंतिम समय में शशि सिन्हा को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया, जो अंततः महापौर निर्वाचित हुईं। इसके बाद से डॉ. साहू और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ती गई।

राजनीतिक समीकरणों में हलचल
सीमा साहू के भाजपा में शामिल होने से रिसाली नगर निगम में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर हो गई है। पहले से असंतोष झेल रही कांग्रेस को लगातार हो रहे पार्टी त्याग से स्थानीय स्तर पर नेतृत्व संकट का सामना करना पड़ सकता है।

भाजपा इस घटनाक्रम को अपनी मजबूती के संकेत के रूप में देख रही है, जबकि कांग्रेस के लिए यह संगठनात्मक पुनर्गठन की एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।

Leave Your Comment

Click to reload image