छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य प्रारंभिक सेवा परीक्षा 22 फरवरी को, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

  दंतेवाड़ा, 20 फरवरी 2026
 
जिले में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य प्रारंभिक सेवा परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा समस्त व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है।
 
परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर भरतराम ध्रुव द्वारा केन्द्राध्यक्षों, सहायक नोडल अधिकारियों एवं उड़नदस्ता दल के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्न पत्रों के सुरक्षित वितरण, समय पालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। नोडल अधिकारी ने सभी केन्द्राध्यक्षों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उड़नदस्ता दल को परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
 
जिले में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 888 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। शासकीय दंतेश्वरी पीजी कॉलेज में 324, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल में 240 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 324 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
 
परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों में पेयजल, विद्युत, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।
 

Leave Your Comment

Click to reload image