छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

गीदम ब्लॉक में नवीन आधार सेवा केंद्र (सीएससी) का शुभारंभ, नागरिकों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर आधार सेवाओं की सुविधा

  दन्तेवाड़ा, 03 अगस्त 2026

जिले के गीदम ब्लॉक में आज नवीन आधार सेवा केंद्र (सीएससी) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गीदम जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष श्री दिनेश कौशल एवं जनपद सदस्य श्री मुन्नू राम कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया तथा नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर सीएसी जिला प्रबंधक श्री मिथलेश साहू ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से आधार सेवा केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सका, जिससे यह महत्वपूर्ण सुविधा स्थानीय नागरिकों तक पहुंचाई जा सकी।
इसके साथ ही उन्होंने गीदम ब्लॉक के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अब आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए उन्हें दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नवीन आधार सेवा केंद्र के माध्यम से आधार नामांकन, संशोधन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं अब गीदम ब्लॉक में ही आसानी से उपलब्ध होंगी, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी। 

Leave Your Comment

Click to reload image