ओजस एग्रो केमिकल एवं जेनिथ एग्रीजोन बिरकोनी का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई
महासमुंद, 14 अगस्त 2026
संचालक कृषि, रायपुर एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार राज्य एवं जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा गुरुवार को महासमुंद स्थित कीटनाशी विनिर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेनिथ एग्रीजोन प्रा.लि., बिरकोनी एवं ओजस एग्रो केमिकल, बिरकोनी में विभिन्न अनियमितताएं एवं कमियां प्रथम दृष्टया पाई गईं।
उप संचालक श्री एफ.आर. कश्यप के मार्गदर्शन में निरीक्षण दल द्वारा जेनिथ एग्रीजोन प्रा.लि., बिरकोनी के निरीक्षण के दौरान स्टॉक संधारण में विसंगति पाई गई। वहीं क्वालिटी कंट्रोल लेबोरेटरी अक्रियाशील मिली। खरीदी एवं अवसान तिथि तथा निर्मित उत्पादों की पृथक पहचान और व्यवस्थित भंडारण के लिए भी समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस एवं अभिलेखों में दर्ज उत्पादों से भिन्न जैव उत्प्रेरक का उत्पादन किया जाना पाया गया। इसके अलावा एनपीके 19ः19ः19, एमएपी 12ः61ः00 एवं पोटेशियम नाइट्रेट 13ः00ः45 के भंडारण तथा बैचवार उत्पादों की खरीदी एवं गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति भी सामने आई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए छह विनिर्मित कीटनाशी उत्पादों तथा तीनों उर्वरक उत्पादों के नमूने लिए गए। इन विसंगतियों के संबंध में संबंधित संस्था को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 20 दिवस के लिए संबंधित उत्पादों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसी क्रम में ओजस एग्रो केमिकल, बिरकोनी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्था द्वारा खरीदी रजिस्टर, गुणवत्ता प्रमाण-पत्र, नवीन निर्मित उत्पादों के गुणवत्ता प्रमाण-पत्र तथा विक्रय एवं भंडारण संबंधी जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। स्टॉक पंजी का मिलान करने पर ओपनिंग एवं क्लोजिंग स्टॉक में भिन्नता पाई गई। संस्था द्वारा जैव उर्वरक के लिए आवश्यक लाइसेंस भी प्राप्त नहीं किया गया था। गुणवत्ता परीक्षण के लिए तीन विनिर्मित कीटनाशी उत्पादों के नमूने लिए गए। इन अनियमितताओं के संबंध में संस्था को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है तथा 20 दिवस के लिए विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इस दौरान राज्य स्तरीय दल से डॉ. सुमित सोरी, सहायक संचालक कृषि एवं श्री रितेश मोटघरे, सहायक संचालक कृषि तथा जिला स्तरीय दल से डॉ. परमजीत सिंह कंवर, सहायक संचालक कृषि, श्री उमेश चन्द्राकर, कृषि विकास अधिकारी, श्री ओमप्रकाश चन्द्राकर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, श्री भांकरदास मानिकपुरी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं श्री अवध चन्द्राकर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।