पाकिस्तान की मशहूर इन्फ्लुएंसर आयशा गिलानी की हत्या
इस्लामाबाद।
पाकिस्तान की मशहूर इन्फ्लुएंसर और टिक-टॉक स्टार आयशा गिलानी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। महज 28 साल की आयशा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं और उनके 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई-बहनों के साथ कार से जा रही थीं, तभी 2 अज्ञात बाइक सवारों ने चलती गाड़ी पर गोली चलाई। ऐसे में कार बेकाबू होकर सड़क से उतर गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आयशा पाकिस्तान की लोकप्रिय टिक-टॉकर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका असली नाम शम्सू बीबी बताया जा रहा है। वो पाकिस्तान के तक्षशिला शहर में रहती थीं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो को बड़ी संख्या में लोग पसंद करते थे और वह लगातार अपने फैंस से जुड़ी रहती थीं।
आयशा की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में गम का माहौल है और सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। परिवार के मुताबिक, आयशा की हत्या 2 लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। परिजनों का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर दोनों ने आयशा को जान से मारने की धमकी दी थी।
हालांकि, पुलिस ने इस दावे पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों की उम्र 30-35 वर्ष के बीच थी। वहीं इस हादसे में आयशा की बहन असीमा भी घायल हो गई हैं।