देश-विदेश

DCP ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी, FIR को लेकर दिल्ली पुलिस से टकराव

 नई दिल्ली । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी साहिल लोचव की शिकायत पर FIR दर्ज किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन स्थित DCP कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने साहिल की शिकायत पर अब तक FIR दर्ज नहीं की है।

कांग्रेस के मुताबिक, साहिल ने 14 तारीख को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उसे जांच अधिकारी (I/O) नंबर नहीं दिया गया। 17 तारीख को शिकायत को लेकर फॉलो-अप किए जाने के बावजूद ईमेल और फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है।

साहिल की आंख में पैलेट लगने का दावा
कांग्रेस का आरोप है कि साहिल पर पैलेट गन से हमला हुआ था, जिसमें उसकी आंख में गंभीर चोट आई। पार्टी के अनुसार, साहिल और उसकी मां FIR दर्ज कराने के लिए लगातार पुलिस के संपर्क में थे, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।

राहुल गांधी ने साहिल और उसकी मां के साथ DCP कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच और FIR की स्थिति की जानकारी मांगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि साहिल की शिकायत पर जांच संख्या तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।

AIIMS की MLC रिपोर्ट को लेकर भी सवाल
कांग्रेस ने दावा किया कि साहिल को AIIMS से उसकी MLC (Medico Legal Case) रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिसे शिकायत और FIR के साथ जोड़ा जाना है। पार्टी ने इसे न्याय से इनकार बताते हुए दिल्ली पुलिस से तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की।

दिल्ली पुलिस का क्या कहना है?
वहीं, दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के लगातार संपर्क में हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत पीड़ित ने दर्ज कराई थी और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच पहले से ही 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच कर रही है।

 

 

इस बीच कांग्रेस ने कहा है कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, वह मामले को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी। अब इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है।

Leave Your Comment

Click to reload image