देश-विदेश
बिहार में NDA की बहार, रुझानों में बंपर बहुमत
बिहार ।विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद अब नतीजों की बारी है। राज्य में हुए चुनाव के बाद मतों की गिनती जारी है और रुझानों में NDA को भारी बहुमत मिलता दिख रहा है। मतदान के बाद के लगभग सभी सर्वेक्षणों ने NDA की जीत का अनुमान जताया था,
और नतीजे भी उसी तरफ जाते नजर आ रहे हैं।
नतीजों से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार बनाने का दावा किया था, हालांकि उनकी पार्टी की हालत खराब ही नजर आ रही है।
बिहार चुनाव को लेकर रुझानों और सबसे तेज नतीजे जानने के लिए इंडिया टीवी डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें। यहां आपको पल-पल के अपडेट्स सबसे पहले मिलेंगे।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन के खिलाफ IMA का बड़ा एक्शन
नई दिल्ली। दिल्ली ब्लास्ट केस से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली ब्लास्ट केस में डॉक्टर शाहीन की संलिप्तता पर IMA ने बड़ा एक्शन लिया है। IMA ने तत्काल प्रभाव से डॉक्टर शाहीन की आजीवन सदस्यता निष्कासित कर दी है। साथ ही डॉक्टर शाहीन का निष्कासन केंद्रीय कार्यालय को भी भेज दिया है।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद कैसे शाहीन चर्चा में आई?
10 नवंबर की शाम को दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में ब्लास्ट हुआ था। इस ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दिल्ली ब्लास्ट से पहले फरीदाबाद में 2900 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। यहां दो बार में विस्फोटक सामग्री मिली थी। पहले 300 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री मिली थी, बाद में 2563 किलो विस्फोटक मिला था।
ये कार्रवाई पहले से गिरफ्तार मुजम्मिल नाम के शख्स की निशानदेही पर की गई थी। इस मुजम्मिल के पास से एक स्विफ्ट कार मिली थी, जो शाहीन नाम की एक महिला डॉक्टर के नाम पर थी। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर शाहीन को भी गिरफ्तार कर लिया था। शाहीन का संबंध मूल रूप से यूपी की राजधानी लखनऊ से है।
शाहीन के परिजनों ने उसके बारे में क्या बताया था?
शाहीन के परिजनों ने भी उसकी गिरफ्तारी पर बयान दिया था। शाहीन के पूर्व पति डॉक्टर जफर हयात ने कहा था कि शाहीन ने कभी अपने विवाहित जीवन में बुर्का नहीं पहना। वो बेहतर जीवन के लिए विदेश जाना चाहती थी और अपने बच्चों के लिए एक प्यारी और देखभाल करने वाली मां थीं।
शाहीन के भाई मोहम्मद शोएब ने कहा था कि पिछले चार सालों से वह और उसकी बहन एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थे। आखिरी बार बात हुए चार साल हो गए हैं। शाहीन के पिता सैयद अहमद अंसारी ने बताया था कि शाहीन की कथित संलिप्तता के बारे में सुनकर "स्तब्ध" हूं। शाहीन से आखिरी बार लगभग एक महीने पहले बात हुई थी।
कोर्टेवा एग्रीसाइंस ने लॉन्च किया पिक्सारो® गेहूँ की फसलों में चौड़ी पत्ती वाले खरपतवारों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नया नवाचार
सरकार ने 8 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया
नई दिल्ली । केंद्र के अहम विभागों में अलग-अलग राज्यों के भाप्रसे व अन्य अखिल भारतीय सेवा से जुड़े अफसरों की तैनाती की गई है। करीब आधे दर्जन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अफसरों को सेन्ट्रल डेपुटेशन के तहत मंत्रालय में सचिव और निदेशक के तौर पर पदस्थ किया गया है।
इन अफसरों का हुआ ट्रांसफर
01: पवन कुमार, आईए एंड एएस (2014), को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के अंतर्गत चार वर्षों की अवधि के लिए भारत सरकार के रक्षा विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक कार्यालय द्वारा उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया था और वे दिल्ली में अपना नया कार्यभार संभालेंगे।
02: विकास खेड़ा, आईआरटीएस (2014), को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के अंतर्गत चार वर्षों की अवधि के लिए भारत सरकार के रक्षा विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें दिल्ली में यह नया कार्यभार संभालने के लिए रेल मंत्रालय में अपने वर्तमान कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है।
IAS Transfer and Posting Order: 03: राहुल राजा, आईआरएस (सी एंड आईटी) 2014, को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के अंतर्गत चार वर्षों की अवधि के लिए भारत सरकार के रक्षा विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें दिल्ली में यह नया कार्यभार संभालने के लिए राजस्व विभाग में अपने वर्तमान कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है।
04: राघवेंद्र सिंह, आईए एंड एएस (2013) को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के अंतर्गत वाणिज्य विभाग, दिल्ली में उप सचिव नियुक्त किया गया है। वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से 14 मार्च 2028 तक (सीएसएस और गैर-सीएसएस प्रतिनियुक्ति पर चार वर्ष का संयुक्त कार्यकाल) या अगले आदेशों तक, जो भी पहले हो, कार्य करेंगे।
05: नलिना सोफिया टी, आईआरएस (सी एंड आईटी: 2010) को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के अंतर्गत नीति आयोग, दिल्ली में निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पाँच वर्ष के कार्यकाल या अगले आदेशों तक, जो भी पहले हो, के लिए चुना गया है।
IAS Transfer and Posting Order: 06: मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने केआरएस कृष्णम नायडू, आईआरएस (आईटी: 2015) को ग्रामीण विकास मंत्रालय में ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
07: कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार एनडीएफडीसी के मुख्य महाप्रबंधक अनिल कुमार को सौंपने को मंजूरी दे दी है।
08: कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार नितिन कुमार यादव, आईएएस (एचवाई:2000), अतिरिक्त सचिव, वाणिज्य विभाग को सौंपने को मंजूरी दे दी है।
सोशल मीडिया पर की थी 'अपमानजनक' पोस्ट, अब 15 लोगों का 'इलाज' कर रही असम पुलिस
गुवाहाटी । दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद असम पुलिस ने राज्य भर में सोशल मीडिया पर 'अपमानजनक' पोस्ट करने वाले 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि देश की राजधानी में हुए इस भयानक धमाके में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से ज्यादा घायल हो गए थे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने गुरुवार की सुबह इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि असम पुलिस हिंसा का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ सख्त है और इस मामले में कोई समझौता नहीं करेगी।
'अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया'
शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए X पर पोस्ट किया, 'दिल्ली ब्लास्ट के बाद सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट करने के मामले में असम में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कल गिरफ्तार किए गए 6 लोगों के अलावा, रात भर में हमने इन लोगों को भी पकड़ा है: रफीजुल अली (बोंगाईगांव), फरीद उद्दीन लस्कर (हैलाकांडी), इनामुल इस्लाम (लखीमपुर), फिरुज अहमद उर्फ पपोन (लखीमपुर), शाहिल शोमान सिकदर उर्फ शाहिदुल इस्लाम (बारपेटा), रकीबुल सुल्तान (बारपेटा), नसीम अकरम (होजाई), तस्लीम अहमद (कामरूप), अब्दुर रोहिम मोल्लाह उर्फ बप्पी हुसैन (साउथ सलमारा)। असम पुलिस हिंसा का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ सख्त है और कोई समझौता नहीं करेगी।'
निर्यातकों को राहत, क्रेडिट गारंटी योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी
नई दिल्ली । अमेरिका में भारतीय वस्तुओं पर बढ़े आयात शुल्क की मार झेल रहे निर्यातकों को राहत देते हुए सरकार ने उनके लिए 20,000 करोड़ रुपये तक की विशेष क्रेडिट गारंटी योजना की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में निर्यातकों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना (सीजीएसई) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी। इसके तहत निर्यातकों को कम ब्याज पर उनकी सीमा से 20 प्रतिशत अधिक जमानत-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जायेगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि जिस तरह का आज वैश्विक वातावरण है, भू-आर्थिक स्थिति है जिसमें कुछ देश अपनी नीतियों के कारण दूसरे देशों के लिए समस्या पैदा कर रहे हैं, उससे हमारे निर्यातकों को कैसे हम संरक्षण दे सकें, उसे देखते हुए 20,000 करोड़ रुपये की यह योजना लायी गयी है।
योजना के तहत कुल 20,000 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त ऋण निर्यातकों को उपलब्ध कराया जायेगा। हर निर्यातक को उसके स्वीकृत निर्यात कार्यशील पूंजी सीमा के 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त कार्यशील पूंजी ऋण के रूप में बिना किसी जमानत के मिलेगी।
इसके लिए सरकार राष्ट्रीय क्रेडिट गारंटी न्यास कंपनी (एनसीजीटीसी) के जरिये शत-प्रतिशत गारंटी उपलब्ध करायेगी ताकि योजना के तहत बैंकों से निर्यातकों को आसानी से ऋण मिल सके। यह योजना 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगी।
श्री वैष्णव ने बताया कि इससे वैश्विक बाजार में भारतीय निर्यातकों की प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ेगी और वे नये बाजारों की ओर रुख कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न मंत्रालयों ने निर्यातकों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह योजना शुरू की है। जमानत मुक्त होने के साथ योजना के तहत लिये गये ऋण पर ब्याज की दर की भी सरकार ने सीमा तय कर दी है ताकि निर्यातकों पर बोझ कम पड़े।
130वें संविधान संशोधन विधेयक के लिए जेपीसी गठित, अपराजिता सारंगी बनीं अध्यक्ष
नई दिल्ली । संसद ने बुधवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 130वें संविधान संशोधन विधेयक की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन किया है। इस समिति का जिम्मा भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी को सौंपा गया है। यह समिति उन कानूनी प्रावधानों की समीक्षा करेगी जिनका मकसद गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, या अन्य जनप्रतिनिधियों को अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया तय करना है। लोकसभा स्पीकर ने अपराजिता सारंगी को 31 सदस्यीय इस समिति का प्रमुख नियुक्त किया है।
इसके साथ ही यह समिति एक प्रस्तावित विधेयक पर विचार करेगी, जिसके तहत अगर कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कैबिनेट मंत्री गंभीर आपराधिक मामलों में 30 दिनों तक हिरासत में रहता है तो उसे पद से स्वतः हटा दिया जाएगा। यह विधेयक संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025 सहित तीन महत्वपूर्ण विधेयकों का हिस्सा है। इनमें प्रस्ताव है कि पांच साल या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में आरोपी अगर कोई मंत्री है और उसे जमानत नहीं मिलती तो उसे 31वें दिन पद से हटा दिया जाएगा।
इस समिति का गठन विपक्षी दलों कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस द्वारा बहिष्कार के बावजूद किया गया है। इन दलों ने निर्दोषता की धारणा और संविधानिक मूल्यों के उल्लंघन को लेकर इस विधेयक पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। हालांकि, जेपीसी में सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ-साथ कुछ एनडीए से बाहर के दलों के नेता जैसे सुप्रिया सुले (एनसीपी-एसपी) और सुधा मूर्ति (मनोनीत) भी शामिल हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसदीय समितियों में निष्पक्ष चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया में भागीदारी का आह्वान किया। जेपीसी संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
अपराजिता सारंगी पूर्व आईएएस अधिकारी रह चुकी हैं। इस बार वह दूसरी बार भुवनेश्वर से सांसद चुनकर आई हैं। उन्हें वर्ष 2025 की सबसे महत्वपूर्ण संसदीय समिति की भी कमान मिली है। उनकी अध्यक्षता में यह समिति न सिर्फ 130वें संविधान संशोधन विधेयक बल्कि दो अन्य अहम बिल, जम्मू एंड कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकार (संशोधन) विधेयक 2025 की भी विस्तृत समीक्षा करेगी।
भारत के लिए बोत्सवाना की राष्ट्र-निर्माण यात्रा में भागीदार होना सम्मान की बात
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गैबोरोन में बोत्सवाना की राष्ट्रीय सभा को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और बोत्सवाना मिलकर एक अधिक न्यायसंगत और टिकाऊ विश्व व्यवस्था में सार्थक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी युवा जनसांख्यिकी और विशाल प्राकृतिक संसाधनों के साथ, अफ्रीका वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास को गति दे सकता है। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सभी क्षेत्रों में बोत्सवाना के साथ अपनी साझेदारी को और अधिक गहरा करने तथा अपने विकास अनुभव को बोत्सवाना के साथ साझा करने के लिए दृढ़तापूर्वक प्रतिबद्ध है।
अफ्रीका भविष्य का महाद्वीप है। अपनी युवा जनसांख्यिकी और विशाल प्राकृतिक संसाधनों के साथ, यह महाद्वीप वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास को गति दे सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के रूप में हमें अपने लोगों के सपनों और आकांक्षाओं, खासकर अपने युवाओं की अपेक्षाओं के प्रति संवेदनशील होने की जरूरत है। वे ही भविष्य हैं और वे ही हमारे देशों की आगे की राह तय करेंगे। बोत्सवाना की राष्ट्र-निर्माण यात्रा में एक प्रारंभिक भागीदार होना भारत के लिए सम्मान की बात है। हमारा सहयोग कई क्षेत्रों में फैला है: शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, कृषि, रक्षा, व्यापार और निवेश।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से बोत्सवाना के परिश्रमी लोगों और दूरदर्शी नेताओं ने एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण किया है, जो शांति, स्थिरता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए सदैव तत्पर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छह दिवसीय अफ्रीकी देशों की यात्रा पर हैं। चार दिवसीय अंगोला यात्रा के बाद अब वे बोत्सवाना के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
इस क्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजधानी गैबोरोन स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान बोत्सवाना गणराज्य के राष्ट्रपति ड्यूमा गिदोन बोको ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी दी।
इस बीच दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, रक्षा और डिजिटल प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने 'प्रोजेक्ट चीता' के तहत भारत में चीता भेजने पर सहमति जताने के लिए राष्ट्रपति बोको और बोत्सवाना के लोगों का धन्यवाद किया।
61 वर्षों बाद लखनऊ में फिर गूंजेगा राष्ट्रीय जम्बूरी का स्वर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एक ऐतिहासिक अवसर की गवाह बनने जा रही है। 61 वर्षों के अंतराल के बाद भारत स्काउट्स और गाइड्स का 19वां राष्ट्रीय जम्बूरी 23 से 29 नवम्बर तक वृंदावन योजना स्थित रक्षा एक्सपो ग्राउंड में आयोजित होगा। यह आयोजन न केवल स्काउटिंग परंपरा का उत्सव है, बल्कि विकसित भारत के युवा नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का भी प्रतीक बनेगा।
लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में फैले इस आयोजन में 32,000 से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित होंगे, जिनमें देशभर के स्काउट्स के साथ एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 2,000 प्रतिनिधि भी शामिल हैं। जम्बूरी स्थल पर 3,500 टेंट, 100 रसोई, 4 सेंट्रल किचन, और 30,000 सीटों वाला मुख्य एरीना स्टेडियम तैयार किया जा रहा है, जिसमें आधुनिक एलईडी स्क्रीन, डिजिटल कंट्रोल रूम और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधा होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन को राज्य की संस्कृति, परंपरा और नवाचार की झलक के रूप में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया है।
कुछ समय पूर्व उन्होंने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिया था कि एक्सपो ग्राउंड में राज्यवार प्रदर्शनियों के साथ ग्लोबल विलेज, 75 वर्ष की स्काउटिंग प्रदर्शनी, एयर अग्निवीर, रोबोटिक्स, सोलर और आर्मी पवेलियन भी लगाए जाएं।
एक अधिकारी ने बताया कि जम्बूरी का यह संस्करण तकनीकी दृष्टि से भी ऐतिहासिक रहेगा। पहली बार डिजिटल लाइव स्ट्रीमिंग, आरएफआईडी आधारित स्मार्ट आईडी कार्ड, और व्हाट्सएप कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से प्रतिभागियों को रियल-टाइम सूचनाएं मिलेंगी। साथ ही दो दिवसीय ड्रोन शो में सैकड़ों ड्रोन मिलकर स्काउटिंग और युवा सशक्तीकरण की कहानी आकाश में चित्रित करेंगे।
युवाओं में नवाचार और नेतृत्व कौशल को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजन स्थल पर आईटी एवं एआई हब स्थापित किया जा रहा है। यहां डिजिटल लर्निंग, इनोवेशन, और लीडरशिप से जुड़े वर्कशॉप्स आयोजित होंगे। स्काउट्स को शिक्षा, रोबोटिक्स, और साइंस एक्सपो के माध्यम से आधुनिक तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के उच्च मानकों को ध्यान में रखते हुए परिसर में सौ बेड का अस्पताल, 16 डिस्पेंसरी, फायर स्टेशन, सीसीटीवी निगरानी तंत्र और ग्रीन एनर्जी सिस्टम की व्यवस्था की गई है। संपूर्ण आयोजन को प्लास्टिक-फ्री, कचरा पृथक्करण और कम्पोस्टिंग आधारित बनाया जा रहा है।
लखनऊ जम्बूरी न केवल एक शिविर है, बल्कि यह भारत की युवा शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और सतत विकास के संकल्प का प्रतीक बनेगा। परंपरा, तकनीक और सेवा भावना के इस अद्भुत संगम से यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगा।
दिल्ली धमाके से पहले जम्मू-कश्मीर में बड़ा आतंकी मॉड्यूल पकड़ा गया, दो डॉक्टर समेत 7 गिरफ्तार
नई । दिल्ली के लाल किला इलाके में सोमवार शाम एक कार में हुए धमाके से ठीक कुछ घंटे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) जैसे आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो डॉक्टर भी शामिल हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी 22 से 30 वर्ष की उम्र के बीच के हैं और इनमें से किसी का पहले कोई आतंकी रिकॉर्ड नहीं रहा है। सबसे पहले पुलवामा के रहने वाले डॉक्टर मुझम्मिल अहमद गनई को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया। वे अल-फलाह मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में कार्यरत थे। पुलिस ने उनके फरीदाबाद के धौज गांव स्थित किराए के घर से करीब 358 किलो विस्फोटक बरामद किया है।
गौरतलब है कि डॉ. गनई और धमाके के मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर नबी दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने अनंतनाग के डॉक्टर अदील मजीद राथर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया। वे श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में जीएमसी अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट के रूप में कार्यरत थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शोपियां के मौलवी इरफान अहमद भी शामिल हैं, जो स्थानीय मस्जिद के इमाम हैं और इन्हें इस मॉड्यूल के ‘ब्रेनवॉशर’ के रूप में देखा जा रहा है। इनके अलावा श्रीनगर के नौगाम इलाके से आरिफ निसार डार, यासिर-उल-अशरफ, और मकसूद अहमद डार को भी पकड़ा गया है। वहीं गंदरबल के वाकुरा निवासी जमीर अहमद अहांगर को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन चैनलों के ज़रिए संवाद करता था और सोशल या चैरिटेबल गतिविधियों के नाम पर फंड इकट्ठा करता था। इन पैसों का इस्तेमाल विस्फोटक सामग्री, हथियार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आईईडी बनाने के सामान खरीदने में किया जाता था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, अब तक करीब 2,900 किलो विस्फोटक और आईईडी बनाने वाली सामग्री विभिन्न जगहों से बरामद की गई है। इनमें रसायन, बैटरी, तार, टाइमर और मेटल प्लेट्स जैसे सामान शामिल हैं।
बता दें कि दिल्ली में हुए धमाके के बाद यह खुलासा और भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि कई गिरफ्तार आरोपी दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय बताए जा रहे थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह जांचने में जुटी हैं कि क्या इन दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही इस पूरे मॉड्यूल के नेटवर्क को पता लगा लिया जाएगा।
एग्जिट पोल में NDA की जीत का अनुमान, प्रशांत किशोर की पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक
नई दिल्ली । बहुमत एग्जिट पोल में बिहार चुनाव 2025 में NDA की स्पष्ट जीत का अनुमान लगाया गया है, जिसे सत्ताधारी गठबंधन ने जनता के भरोसे की जीत बताया है।
वहीं, 'इंडिया' गठबंधन ने इन पूर्वानुमानों को "हकीकत से कोसों दूर" बताते हुए सिरे से खारिज किया और अपनी जीत का दावा किया है।
इस महीने दो चरणों में हुए बिहार चुनाव 2025 में कम से कम 9 एग्जिट पोल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की जीत की भविष्यवाणी की है।
फिर भी, एक एग्जिट पोल के अनुसार, राजद नेता तेजस्वी यादव राज्य में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में उभरे हैं। सर्वेक्षणों में यह भी सहमति व्यक्त की गई कि प्रशांत किशोर की नई पार्टी जन सुराज का, कम से कम विधानसभा सीटें जीतने के मामले में, बहुत सीमित प्रभाव होगा।
सपा प्रमुख ने की झूठे एग्जिट पोल की निंदा
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद आए लगभग सभी सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) को सत्ता पक्ष द्वारा पहले से तैयार झूठे सर्वे करार दिया तथा मतदाताओं को बदलाव के लिए ऐतिहासिक मतदान के वास्ते बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में जल्द ही प्रगतिशील, रोजगार सृजन करने वाली महागठबंधन की सरकार बनेगी।
उन्होंने महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मतगणना प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन कहां रखी हैं, इस पर नजर रखने और 24 घंटे निगरानी बनाए रखने की सलाह दी।
यादव ने एक्स पर कहा, बदलाव के लिए ऐतिहासिक वोटिंग करने के लिए बिहार के हर मतदाता को बधाई और नयी प्रगतिशील नौकरी देनेवाली महागठबंधन सरकार बनने के लिए अग्रिम बधाई!
सत्ता पक्ष द्वारा पहले से तैयार कुछ झूठे एग्जिट पोल गुमराह कर रहे हैं। ‘जिनका दाना, उनका गाना’ के कारण जानबूझकर एग्जिट पोल से भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, जब चुनाव आयोग मतदान के कई दिनों तक वोटों का आंकड़ा नहीं दे पाता है तो ये चैनल कैसे एक घंटे में सब बता देते हैं। इनके झूठ के ग्राफ़िक्स कई दिनों पहले से तैयार हो जाते हैं। जहां से भोजन-पानी का इंतजाम होता है, ये झूठे चैनल उसकी पंगत में जा बैठते हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘ जिनको लगता है कि ये एग्जिट पोल सही हैं वो उत्तर प्रदेश के लोकसभा के चुनाव का एग्जिट पोल देख लें, जहां बड़े-बड़े भाजपाई सूरमाओं की हार हुई और फ़ेक एग्जिट पोलों की भी।
यादव ने एग्जिट पोल के जरिये भाजपा नीत गठबंधन को बढ़त दिखाकर गड़बड़ी का रास्ता खोलने की कोशिश का आरोप लगाया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, महागठबंधन के हर दल, हर प्रत्याशी, हर कार्यकर्ता और हर समर्थक से हमारी ये अपील है कि आप सब पूरी तरह चौकन्ने रहें और किसी भी घपले-घोटाले को होने से रोकें। जहां मशीनें रखी हैं वहां चौकसी करें और चौबीसों घंटे निगरानी रखें। महागठबंधन जीत रहा है, इसीलिए जीत का सर्टिफिकेट लिए बिना चैन की सांस न लें। उन्होंने कहा, याद रखें: हमने अवध में हराया था, आप मगध में हरा रहे हैं। विजय का सूत्र : जब तक जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत मंगलवार को हुए मतदान के बाद विभिन्न एजेंसियों द्वारा जारी ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया जा रहा है।
अहमदाबाद के टेक्सटाइल एसोसिएशन समूह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, कपड़ा उद्योग में निवेश की रुचि दिखाई
अमेरिका भारत के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के 'काफी करीब' : ट्रंप
वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता लगभग तैयार है और जल्द ही उस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी भारत में अमेरिका के अगले राजदूत सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान की। उन्होंने कहा, हम भारत के साथ एक नया समझौता कर रहे हैं, जो पहले से अलग होगा। इस बार दोनों देशों को बराबरी का लाभ मिलेगा। समझौते पर बात लगभग पूरी हो चुकी है और यह दोनों देशों के लिए फायदेमंद रहेगा। ट्रंप ने कहा कि उनकी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपस में बहुत अच्छी समझ है। उन्होंने भारत को अमेरिका का बेहद महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साझेदार बताया।
ट्रंप ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि सर्जियो गोर भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत करेंगे। भारत दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक का घर है, दुनिया का सबसे बड़ा देश... हमारे प्रधानमंत्री मोदी के साथ शानदार संबंध हैं और सर्जियो ने इसे और भी बेहतर बनाया है, क्योंकि वह पहले से ही प्रधानमंत्री के साथ दोस्ताना संबंध बना चुके हैं।
सर्जियो गोर को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शपथ दिलाई। इस मौके पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट भी मौजूद थे। ट्रंप ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि भारत तेज़ी से आगे बढ़ रही अर्थव्यवस्था है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा साझेदार है।उपराष्ट्रपति वेंस ने भी गोर को बधाई देते हुए कहा कि वे और राष्ट्रपति ट्रंप, दोनों भारत को बहुत पसंद करते हैं।
सर्जियो गोर ने राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया और कहा कि वे भारत-अमेरिका रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में पूरी मेहनत से काम करेंगे। उन्होंने कहा, मैं कई वर्षों से आपके साथ हूं और आगे भी रहूंगा। यह मेरे लिए एक अविश्वसनीय सम्मान की बात है और मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं। 38 वर्ष के सर्जियो गोर इस पद पर नियुक्त होने वाले अब तक के सबसे युवा अमेरिकी राजदूत हैं और लंबे समय से ट्रंप के करीबी सहयोगी रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 47.62 फीसदी मतदान
पटना । बिहार के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। कुछ बूथों पर नाराज मतदाताओं ने वोट बहिष्कार कर दिया है। इसके बावजूद दोपहर एक बजे 47.62 फीसदी मतदान हुआ है।
प्रशांत किशोर ने लोकतंत्र के महापर्व में किया मतदान
रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के कोनार गांव में प्रशांत किशोर अपने पैतृक गांव पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने लोगों से बिहार में बदलाव लाने के लिए वोट डालने की अपील की। प्रशांत किशोर ने कहा कि हर वोट महत्वपूर्ण है और जनता को आगे आकर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इस दौरान, उनके साथ करगहर विधानसभा के जन सुराज प्रत्याशी गायक रितेश पांडे भी मौजूद रहे। प्रशांत किशोर की इस पहल से गांव के लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया है।
चुनाव आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर एक बजे तक 47.62 फीसदी मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 48.91%, पूर्वी चंपारण में 48.01%, शिवहर में 48.23%, सीतामढ़ी में 45.28%, मधुबनी में 43.39%, सुपौल में 48.22%, अररिया में 46.87%, किशनगंज में सबसे अधिक 51.86%, पूर्णिया में 49.63%, कटिहार में 48.50%, भागलपुर में 45.09%, बांका में 50.07%, कैमूर (भभुआ) में 49.89%, रोहतास में 45.19%, अरवल में 47.11%, जहानाबाद में 46.07%, औरंगाबाद में 49.45%, गया में 50.95%, नवादा में 43.45%, तथा जमुई में 50.91% मतदान दर्ज किया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 14.55% मतदान दर्ज
पटना । बिहार में मंगलवार को विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। दूसरे चरण में प्रदेश के 20 जिलों के 122 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है ।122 सीटों पर सुबह 9 बजे तक 14.55% मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के आकड़ो के अनुसार सभी अधिक गया में 15.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
प्रदेश के हर शैक्षणिक संस्थान में अनिवार्य कराएंगे वंदे मातरम का गायन : योगी
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न से विभूषित एवं लौह पुरुष के नाम से विख्यात सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह के उपलक्ष्य में सोमवार को प्रदेशभर के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एकता यात्रा का शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश के हर विद्यालय, हर शैक्षणिक संस्थान में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य कराएंगे ताकि उत्तर प्रदेश के अंदर हर नागरिक के मन में भारत माता के प्रति, अपनी मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव जागृत हो सके।
सीएम योगी ने कहा कि जिस राष्ट्र गीत, वंदे मातरम, ने आजादी के आंदोलन में भारत की सोयी हुई चेतना को जागृत किया, उसमें पहले कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए संशोधन किया और आज फिर कुछ लोग वंदे मातरम का विरोध कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति, मत, या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। व्यक्तिगत आस्था यदि राष्ट्र के आड़े आए तो उसे एक छोर पर रख देना चाहिए।
पर, कुछ लोगों के लिए आज भी उनका व्यक्तिगत मत और मजहब बड़ा है। सपा सांसद द्वारा वंदे मातरम गाने से इनकार करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग जिन्ना को सम्मान देने के लिए होने वाले कार्यक्रम में तो शामिल होते हैं, लेकिन लौह सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं होते।