छत्तीसगढ़ / कांकेर
नवनिर्वाचित सरपंचों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण 17 मार्च से
कांकेर । राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजनांतर्गत त्रिस्तरीय पंचायती राज निर्वाचन पश्चात जिले के सभी नवनिर्वाचित सरपंचों का एक दिवसीय अभिमुखीकरण परिचायात्मक प्रशिक्षण 17 से 28 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण जिला पंचायत संसाधन केन्द्र कांकेर (आजीविका महाविद्यालय गोविन्दपुर) एवं जनपद पंचायत संसाधन केन्द्र पखांजूर में प्रातः 10 से शाम 05 बजे तक जिला स्तरीय प्रशिक्षण टीम के द्वारा किया जाएगा, इसके लिए तिथिवार समय-सारणी जारी की गई है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी ने बताया कि नवनिर्वाचित सरपंचों का आधारभूत प्रशिक्षण उन्मुखीकरण हेतु जनपद पंचायत कांकेर के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण 17 मार्च को निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल हेतु 18 मार्च, चारामा के नवनिर्वाचित सरपंचों के लिए 20 मार्च, अंतागढ़ हेतु 21 मार्च, भानुप्रतापपुर हेतु 24 मार्च, कोयलीबेड़ा हेतु बीपीआरसी भवन पखांजूर में 26 एवं 27 मार्च तथा जनपद पंचायत नरहरपुर हेतु गोविंदपुर स्थित लाइवलीहुड कॉलेज (डीपीआरसी कांकेर) में 28 मार्च की तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित सरपंचों को आधार अपडेशन की सुविधा भी लोकसेवा केन्द्र के माध्यम से प्रशिक्षण स्थल पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के नाम से कोई योजना संचालित नहीं : जिला कार्यक्रम अधिकारी
कांकेर। सोशल मीडिया व अन्य संचार माध्यमों से यह जानकारी प्राप्त हो रही है कि कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के नाम से योजना संचालित होने की भ्रमक जानकारी फैलायी जा रही रही है, जिसमें 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता पिता की मृत्यु 01 मार्च 2020 के बाद होने की स्थिति में ऐसे परिवारों के दो बच्चों को मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के नाम से प्रतिमाह 4 हजार रुपये के मान से सहायता राशि प्रदान किये जाने की भ्रामक, झूठी जानकारी दी जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विपिन जैन इस संबंध में यह स्पष्ट किया है कि "मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना" के नाम से कोई योजना स्वीकृत अथवा संचालित नहीं है।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि। वे ऐसे किसी भी भ्रामक, अपुष्ट व झूठे प्रचार-प्रसार के झांसे में न आएं और न ही इस कार्य हेतु किसी भी व्यक्ति के प्रलोभन में आकर उन्हें कोई राशि अथवा व्यक्तिगत जानकारी न देवें। साथ ही यह भी आग्रह किया है कि ऐसी योजना से लाभ दिलाने का झांसा देने वाले व्यक्ति के विरुद्ध निकट के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं तथा इसकी सूचना जिला बाल संरक्षण अधिकारी, कार्यालय जिला कार्यकम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कलेक्टोरेट परिसर कांकेर को अवश्य सूचित करें।
विभिन्न पदों पर भर्ती, दावा-आपत्ति 21 तक
कांकेर । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य योजनान्तर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई में विभिन्न रिक्त पदों की पूर्ति के लिए प्राप्त आवेदनों पर दावा आपत्ति आमंत्रित की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जिला स्तर पर संरक्षण अधिकारी (संस्थागत), परामर्शदाता, सामाजिक कार्यकर्ता, लेखापाल एवं आउटरीच वर्कर के कुल 06 स्वीकृत पद तथा चाईल्ड हेल्प लाईन (1098) अंतर्गत परियोजना समन्वयक, परामर्शदाता, सुपरवाईजर, केसवर्कर के कुल 08 स्वीकृत पद एवं किशोर न्याय बोर्ड, बालक कल्याण समिति अंतर्गत कार्यालय सहायक सह डाटा एन्ट्री आपरेटर के कुल 02 स्वीकृत पदों की पूर्ति हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये थे।
उन्होंने जानकारी दी है कि प्राप्त आवेदन पत्रों की जिला स्तरीय चयन समिति के द्वारा स्क्रूटनी के पश्चात परीक्षण कर पात्र, अपात्र की प्रारम्भिक सूची तैयार की गयी है। इस सूची का अवलोकन जिले की वेबसाईट www.kanker.gov.in एवं कार्यालय, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है, जिसका अवलोकन कर सकते हैं। संबंधित आवेदकों के द्वारा उपरोक्त सूची अनुसार 21 मार्च कार्यालयीन समय शाम 5:30 बजे तक दावा, आपत्ति कर सकते हैं। दावा, आपत्ति अप्राप्त होने पर कार्यालय में प्रदर्शित सूची को अंतिम मानी जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया है कि आवेदक अपनी दावा, आपत्ति रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट एवं कोरियर के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं। किसी अन्य माध्यम,
ईमेल या कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत दावा-आपत्ति मान्य नहीं होगी।
जिले के 18 हजार असाक्षरों को साक्षर बनाने महाअभियान 23 को
कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए आवश्यक तैयारियों के निर्देश
कांकेर । उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत् जिले में 23 मार्च को राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षार्थियों को सम्मिलित कराया जाना है, जो शिक्षा की मुख्यधारा से कटे हुए हैं। कलेक्टर एवं साक्षरता कार्यक्रम के अध्यक्ष निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा आज शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उक्त परीक्षा के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा सभी असाक्षरों को उक्त अभियान से जोड़कर उन्हें महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि परीक्षा केन्द्र में शिक्षार्थियों के लिये पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था हो। शिक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र व समय की जानकारी अनिवार्य रूप से विभिन्न माध्यमों से प्रदान की जाये। जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती पुष्पांजलि ठाकुर द्वारा राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशों को विस्तार से परीक्षा संबंधी जानकारी सभी ब्लाक के अधिकारियों को दी गई, जिसमें महापरीक्षा अभियान का प्रचार प्रसार नामांकन, पंजीकरण, डाटा कम्प्यूटरीकरण और परीक्षा की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक विकासखण्ड में कंट्रोल रूम स्थापित करने हेतु दायित्वों के बारे में बताया गया। बैठक के अंत में कलेक्टर के द्वारा सभी अधिकारियों एवं साक्षरता अमले को महापरीक्षा अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने तथा सभी शिक्षार्थियों को इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने के लिये निर्देशित किया गया तथा साक्षरता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपाध्यक्ष हरेश मंडावी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण
कांकेर । माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का संचालन गत 01 मार्च से किया जा रहा है। इसके लिए जिले में कुल 130 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां पर पंजीकृत नियमित स्वाध्यायी परीक्षार्थी विषयवार परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा केन्द्रों में व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का अवलोकन व निरीक्षण करने कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बुधवार सुबह शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर का आकस्मिक दौरा किया। इस दौरान वहां पर कक्षा 10वीं के सभी परीक्षार्थी व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा देते नजर आए। साथ ही परीक्षा कक्ष में पर्यवेक्षक एवं शिक्षक उपस्थित पाए गए। परीक्षा केन्द्र में विद्युत, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था थी।
उक्त परीक्षा केन्द्र में आज कक्षा दसवीं के व्यावसायिक ट्रेड के अंतर्गत रिटेल एवं ब्यूटी एंड वैलनेस विषय की परीक्षा आयोजित थी, जिसमें रिटेल विषय की परीक्षा में 20 एवं ब्यूटी एंड वैलनेस विषय में 26, इस प्रकार कुल 46 परीक्षार्थी उपस्थित थे। बोर्ड परीक्षा की जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 01 से 28 मार्च तक संचालित की जा रही हैं। जिले में इसके लिए कुल 130 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां कक्षा 10वीं में कुल 11728 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 11 हजार 480 नियमित और 248 स्वाध्यायी परीक्षार्थी सम्मिलित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कक्षा 12वीं में कुल 08 हजार 809 पंजीकृत परीक्षार्थी विषयवार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल उपस्थित थे।
स्वसहायता समूह के हर्बल गुलाल को मिला कांकेर के बाजार में स्थान
कांकेर । राष्ट्रीय़ ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत गठित महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद हर्बल गुलाल उनकी आय का जरिया बन गया है। रंगों के पर्व होली में अब रसायनयुक्त रंग एवं गुलाल की जगह हर्बल रंग-गुलाल स्थान लेने लगा है, जिससे वे न सिर्फ पर्यावरण और स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी अपना योगदान दे रही हैं, अपितु उन्हें जीविकोपार्जन का सशक्त माध्यम भी मिल गया है। समूह द्वारा निर्मित हर्बल रंग-गुलाल अब कांकेर के पुराना बस स्टैण्ड के समीप मुख्य मार्ग पर स्थित सी-मार्ट एवं कलेक्टर कार्यालय परिसर में खरीदा जा सकेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के विकासखण्ड कांकेर, दुर्गूकोंदल, नरहरपुर एवं भानुप्रतापपुर में गठित 06 महिला स्वसहायता समूह की 45 महिला सदस्यों द्वारा प्राकृतिक रंग हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है। इस हर्बल गुलाल की विशेषता यह है कि इसके प्राकृतिक पदार्थ जैसे पालक भाजी, धनिया के पत्ते, पलाश के फूल, गैंदे के फूल, हल्दी, मेहंदी की पत्ती, धंवई के फूल, चुकंदर, सिंदूर के बीज एवं अरारोट का आटा का उपयोग गुलाल तैयार करने में किया जाता है। चूंकि समूह द्वारा बनाये गये उत्पाद में शुद्धता शत-प्रतिशत होती है एवं विश्वसनीय होती है।
उन्होंने बताया कि गत वर्षों से जिले में बिहान योजना से जुड़े समूहों द्वारा हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है, यह केमिकल फ्री होने के कारण इस गुलाल को काफी पसंद किया जा रहा है। इससे त्वचा में किसी भी प्रकार का साईड इफेक्ट नहीं होता है। विकासखण्ड भानुप्रतापपुर की श्रीमती भारती साहू, धनेश्वरी दुग्गा और विकासखण्ड कांकेर के ग्राम सिंगारभाट की शोभा प्रसाद द्वारा हर साल हर्बल गुलाल बनाया जाता है। समूह सदस्यों द्वारा इस वर्ष कुल 287 किलोग्राम हर्बल गुलाल उत्पादित कर 195 किलोग्राम 200 रूपए प्रतिकिलो की दर से 39 हजार रूपए का विक्रय किया गया है, जिसमें 19 हजार 220 रूपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा समूह द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल शासकीय कार्यालयों में स्टॉल लगाकर एवं हाट-बाजार के माध्यम से विक्रय किया जा रहा है।
7 मृतकों के परिजनों को 28 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् सर्प काटने, आग में जलने, कुंआ, डबरी तथा तालाब में डूबने से मृत्यु होने के 07 प्रकरणों के लिए मृतकों के निकटतम आश्रितों को कुल 28 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम चौगेल निवासी 42 वर्षीय राजेन्द्र नरेटी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके आश्रित ओमप्रकाश नरेटी को चार लाख रूपए और ग्राम साल्हे निवासी 61 वर्षीय गोमती बाई उईके की आग में जलने से मृत्यु होने पर उनके आश्रित सियाराम को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।
इसी प्रकार पखांजूर तहसील के ग्राम मुरडोडा निवासी परमेश्वरी यादव की कुंआ में डूबने से मृत्यु होने पर आश्रित तुलाराम यादव के लिए चार लाख रूपए तथा पी.व्ही.-40 पुरूषोत्तमनगर निवासी ढाई वर्षीय दिक्षिता दास की गड्ढे में गिरने से मृत्यु होने पर आश्रित रमेश दास के लिए चार लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। कोयलीबेड़ा तहसील के ग्राम गोटांच निवासी 44 वर्षीय रासोबाई आंचला की डबरी में डूबने से मृत्यु होने पर घसियाराम आंचला के लिए चार लाख रूपए तथा अंतागढ़ तहसील के ग्राम बर्रेबेड़ा निवासी 58 वर्षीय मंगल राम कोर्राम की मृत्यु सर्प काटने से हो जाने पर उनकी पत्नी अंकालो बाई के लिए चार लाख रूपए और नरहरपुर तहसील के ग्राम चरभट्ठी निवासी 04 वर्षीय गौरव पटेल की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके माता-पिता खोमनलाल और जानकी पटेल के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
होली पर शुष्क दिवस घोषित
कांकेर । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा 14 मार्च होली पर्व (जिस दिन रंग खेला जाय) के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने इस दिन जिले की समस्त देशी, विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, एफ.एल.4 (क) व्यवसायिक क्लब एवं एफ.एल.7, सैनिक कैन्टीन को पूर्णतः बंद रखे जाने हेतु आदेशित किया है। जिला दण्डाधिकारी ने शुष्क दिवस के दौरान जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन व विक्रय पर पूर्णतः नियंत्रण सुनिश्चित करने का आदेश जिला आबकारी अधिकारी को दिया है।
महिला कृषक उद्यमियों का किया गया सम्मान
कांकेर । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र तथा कृषक कल्याण विभाग कांकेर द्वारा कृषक संगोष्ठी का आयोजन कर महिला कृषक उद्यमियों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह मुख्य आतिथ्य जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष पूर्णिमा कावड़े एवं उपाध्यक्ष किरण ठाकुर की उपथिति में किया गया। उक्त कार्यक्रम में कांकेर तथा चारामा विकासखण्ड के लगभग 102 कृषकों ने भाग लिया। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों ने अपने कार्यों तथा उपलब्धियां साझा की तथा परिचर्चा कर उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला पंचायत का प्रथम सम्मिलन 12 मार्च को
कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जिले के 05 जनपद पंचायतों में 10 मार्च को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन की तिथि नियत होने के कारण जिला पंचायत की प्रथम सम्मिलन (विशेष) आयोजन की तिथि में संशोधन करते हुए समय-सारणी जारी किया गया है। कलेक्टर कार्यालय (पंचायत) द्वारा संशोधित समय-सारणी अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को आज प्रथम सम्मिलन की सूचना जारी की गई है। जिला पंचायत प्रथम सम्मिलन (विशेष) आयोजन करने की तिथि 12 मार्च निर्धारित की गई है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव 10 मार्च को
कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन की तिथि में आंशिक संशोधन करते हुए समय-सारणी जारी की गई है। पूर्व में जारी समय-सारणी अनुसार जिले के सभी जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही किए जाने 4 मार्च निर्धारित किया गया था, जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय (पंचायत) द्वारा संशोधित समय सारणी में उल्लेख किया गया है कि जिले की 07 जनपद पंचायतों में एक ही तिथि में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही करने से कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में सभी जनपद पंचायत में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही संभव नहीं हो पाने से प्रथम चरण में जनपद पंचायत कांकेर, नरहरपुर, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा में निर्वाचन की कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार द्वितीय चरण में जनपद पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर एवं दूर्गूकोंदल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया है। जारी समय-सारणी अनुसार जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचन हेतु सम्मिलन आयोजन करने, प्रकाशन की अधिसूचना जारी करने तथा जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को प्रथम सम्मिलन की सूचना जारी करने की तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई है। इसके अलावा जनपद पंचायत के प्रथम सम्मिलन (विशेष) आयोजन करने की तिथि 12 मार्च नियत की गई है। कलेक्टर ने उक्त नियत तिथि में आयोजित सम्मिलन की विधि सम्मत कार्यवाही सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।
पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा में 79 प्रतिशत मतदान
कांकेर । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत तीसरे और अंतिम चरण का मतदान जिले की अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा जनपद पंचायतों में 79.65 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्ति के उपरांत जनपद पंचायत अंतागढ़ में 78.73 प्रतिशत और कोयलीबेड़ा में 80.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में कुल 01 लाख 32 हजार 579 मतदाताओं ने मतदान किया, इनमें 67552 पुरूष और 65027 महिला मतदाता सम्मिलित रहे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में अंतिम चरण के मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त मतदान के अंतिम आंकड़े के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत कुल 166449 मतदाताओं में से 132579 ने मताधिकार का प्रयोग किया, इनमें 67552 पुरूष और 65027 महिला मतदाता शामिल थे। इस प्रकार महिला की अपेक्षा पुरूष मतदाताओं की संख्या अधिक रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत अंतागढ़ में 48798 मतदाता में से 38420 मतदाताओं ने वोट डाला, जिनमें 19045 पुरूष और 19375 महिला मतदाता शामिल हुईं। इसी प्रकार जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा में कुल 117651 मतदाताओं में से 94159 मतदाताओं ने वोट किया, इनमें 48507 पुरूष और 45652 महिला मतदाता शामिल रहे। इस तरह जिले की दोनों जनपद पंचायतों में कुल 132579 (79.65 प्रतिशत) मतदाताओं ने जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच व पंच के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अतिसंवेदनशील क्षेत्र के मतदाताओं जताया लोकतंत्र पर भरोसा, जमकर हुई वोटिंग...
कांकेर । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत जिले में तीसरे और अंतिम चरण का मतदान रविवार को जनपद पंचायत अंतागढ़ और कोयलीबेडा हुआ, जहां स्थानीय सरकार का चुनाव करने ग्रामीण मतदाताओं में होड़ लगी रही। युवा वर्ग ही नहीं, बड़े बुजुर्ग, निशक्तजन और महिला मतदाताओं में भी मतदान करने पोलिंग बूथों में लंबी कतारें सुबह से ही देखने को मिली। कहीं पर महिलाएं अपने बच्चे को गोद में लिए, तो कहीं उम्रदराज मतदाताओं को सहारा देकर मतदान केंद्रों में लाते नजर आए।
इसी क्रम में रविवार को अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम लामकन्हार निवासी 60 वर्षीय श्रीमती रतनी बाई, 58 वर्षीय परमेश्वरी धनेलिया सहित सरिता पोटाई, नरोतीन दुग्गा, बंसु दुग्गा, बीना दुग्गा, मानबती दुग्गा, दायरो कावड़े, रामबती गावड़े़, 58 वर्षीय पार्वती उइके ने भी अपने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिन इलाकों में सिर्फ भय और आतंक का बोलबाला था, उन गांवों में ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतंत्र पर गहरी आस्था जताते हुए बुलेट की जगह बैलेट का रास्ता अपनाया। वोट देने आए मतदाताओं ने कहा कि ग्रामीण अब शांति और सुकून चाहते हैं और लोकतंत्र ही सर्वमान्य है। इसलिए अपने गांव की सरकार चुनने वे वोट डालने आए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पोडगांव के पहली बार वोट देने आए युवक सचिन गजबिये ने भी अपना मताधिकार का प्रयोग करते हुए कहा कि इससे पहले वह कभी वोट नहीं किया था, आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों को चुनने का मौका मिला तो बहुत उत्साहित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने चला आया।
दुधमुंहे बच्चों को लेकर माताएं पहुंची मतदान केंद्र - त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदान केंद्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए माताएं अपनी दुधमुंहे बच्चों को लेकर पहुंची। कोयलीबेडा के अति संवेदनशील क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 94 तुरसानी निवासी श्रीमती जनवरी ने अपनी 03 माह के दुधमुंहे बच्ची को लेकर उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार मतदान केंद्र क्रमांक 86 और 87 सुलंगी में श्रीमती ममता उईके ने अपनी 03 माह के छोटी सी बच्ची को लेकर मतदान किया, साथ ही श्रीमती रामेश्वरी, रमिला, रेशमी नेताम ने भी अपने दुधमुंहे बच्चों के साथ लोकतंत्र के इस माह पर्व में हिस्सा लेकर अपनी भागीदारी निभाई।
चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने वाला शिक्षक निलंबित
कांकेर । त्रिस्तरीय आम निर्वाचन के तहत अंतिम चरण का मतदान संपन्न कराने के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने माध्यमिक शाला बोड़ागांव के शिक्षक रूपचंद साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी निलंबन आदेश में उल्लेख किया गया है कि अंतागढ़ विकासखण्ड के मतदान केन्द्र क्रमांक 44 प्राथमिक शाला सुरेवाही में मतदान दल क्रमांक 40 पर मतदान अधिकारी-02 के रुप में माध्यमिक शाला बोड़ागांव के शिक्षक रूपचंद साहू की ड्यूटी लगाई गई थी। साहू के द्वारा मतदान दिवस को शराब का सेवन करना पाया गया। पंचायत निर्वाचन 2025 के लिये सौंपे गये अतिमहत्वपूर्ण दायित्व और कार्य में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण निर्वाचन कार्य में स्पष्ट रुप से प्रभावित हुआ। उक्त कृत्य को अत्यंत ही खेदजनक एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत है, जो कदाचरण की श्रेणी में आता है, जिसके कारण शिक्षक रुपचंद साहू को निलंबन किया गया है। निलंबन अवधि में कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कांकेर में संलग्न किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर-दुर्गूकोंदल में 83.15 प्रतिशत मतदान
46 हजार पुरूष के मुकाबले 48 हजार महिला मतदाताओं ने किया वोट
कांकेर । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत दूसरे चरण का मतदान जिले की भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल जनपद पंचायतों में रिकॉर्ड 83.15 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्ति के उपरांत जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में 82.64 प्रतिशत और दुर्गूकांदल में 83.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कुल 95 हजार मतदाताओं ने मतदान किया, इनमें 46116 पुरूष और 48889 महिला मतदाता सम्मिलित रहे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में दूसरे चरण के मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त मतदान के अंतिम आंकड़े के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत कुल 114258 मतदाताओं में से 95005 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, इनमें 46116 पुरूष और 48889 महिला मतदाता शामिल थे। इस प्रकार पुरूष की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में 66871 मतदाता में से 55262 मतदाताओं ने वोट डाला, जिनमें 26462 पुरूष और 28800 महिला मतदाता शामिल हुईं। इसी प्रकार जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल में कुल 47387 मतदाताओं में से 39743 मतदाताओं ने वोट किया, इनमें 19654 पुरूष और 20089 महिला मतदाता शामिल रहे।
इस तरह जिले की दोनों जनपद पंचायतों में कुल 95005 (83.15 प्रतिशत) मतदाताओं ने जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच व पंच के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार तीसरे एवं अंतिम चरण में आगामी रविवार 23 फरवरी को जिले की अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा जनपद पंचायतों में ग्रामीण मतदाता मतदान करेंगे। इसके लिए कुल 315 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, इनमें अंतागढ़ जनपद पंचायत में 116 और कोयलीबेड़ा में 199 मतदान केन्द्र शामिल हैं। मतदान कराने के लिए शनिवार 22 फरवरी को सभी मतदान दल अपने निर्धारित पोलिंग बूथों के लिए प्रस्थान करेंगे।
ग्राम पंचायत पुसवाड़ा में बाधा उत्पन्न करने वाला पूर्व सरपंच गिरफ्तार
कांकेर । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत पुसवाड़ा में चुनाव में बाधा उत्पन्न करने वाला नामजद आरोपी पूर्व सरपंच घासीराम वट्टी पिता स्व नथेरा राम वट्टी को बुधवार को गिरफ्तारी कर लिया गया है, वहीं शेष नामजद आरोपियों की धरपकड़ जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अशोक गोटे पिता मनराखन लाल गोटे निवासी बुढ़ादेव कालोनी चारामा थाना चारामा जिला कांकेर जो वर्तमान में शास.उ.मा.वि. भर्रीटोला में व्याख्याता एलबी के पद पर पदस्थ है, का त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में रिटर्निग अफिसर कांकेर के आदेशानुसार मतदान सम्पन्न कराने के लिये पीठासीन अधिकारी के रूप में मतदान दल के साथ मतदान केंद्र पुसवाड़ा में 17 फरवरी 2025 को सरपंच पद के प्रत्याशियों को मतो की संख्या बताने के बाद सरपंच पद की कम वोट प्राप्त प्रत्याशी रूखमणी कोसम, रोहित नेताम, तोमेश यादव और उसके 40-50 साथियों द्वारा रात्रि लगभग 8.30 से 10 बजे के बीच एक राय होकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने एवं मत पेटी छिनने की नियत से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर शासकीय कर्मचारियों पर प्रहार कर अश्लील गाली गलौज कर मारपीट कर चोट पहुंचाने एवं शासकीय संपत्ती को क्षतिग्रस्त करने के संबंध में लिखित आवेदन पत्र पेश करने पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 54/2025 धारा 191(2),191(3), 296,115(2), 221,121(1), 132,126(2), 127(2), 324(3), 309(6) बीएनएस, लोक संपति क्षति निवारण 1984 की धारा 3,4 के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया । प्रकरण में आरोपी घासीराम वट्टी पिता स्व नथेरा राम वट्टी को आज बुधवार को गिरफ्तार किया गया जिसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश् किया गया। प्रकरण के शेष नामजद आरोपियों का पता तलाश जारी है ।
कलेक्टर ने किया भानुप्रतापपुर जनपद के मतदान केंद्रों का निरीक्षण
कांकेर । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत जिले की जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल में 20 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान सम्पन्न हुआ। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक विश्वरंजन कुमार ने आज दोपहर को जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के मतदान केंद्र क्रमांक 20, 21, 22 चिल्हाटी एवं मतदान केंद्र क्रमांक 17,18 सेलेगांव का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं से चर्चा की तथा मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने पीठासीन अधिकारियों से मतदाताओं की संख्या एवं मतदान प्रतिशत की जानकारी ली तथा व्यवस्थित ढंग से वोटिंग सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोरर नायब तहसीलदार ने बताया कि जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में कुल 52 पंचायत में से 127 मतदान केंद्र और 16 सेक्टर स्थापित किए गए हैं, जिसमें सभी मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।