छत्तीसगढ़ / कांकेर
आज बस्तर बंद का आहान किया सर्व आदिवासी समाज ने
कांकेर । कांकेर जिले के सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष की संदिग्ध मौत के बाद समाज में रोष है। वहीं बस्तर में आज सर्व आदिवासी समाज ने बंद का ऐलान किया है। आदिवासी समाज के इस बंद का बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी समर्थन किया है। जगदलपुर, दंतेवाड़ा समेत अन्य जिलों में आपातकालीन सेवाओं के अलावा सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानें बंद रहेंगी।
दरअसल, छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की रायपुर सेंट्रल जेल में 4 दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फर्जी वन पट्टा बनाने के आरोप में कांकेर पुलिस ने उन्हें 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। लेकिन 2 दिसंबर को उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि, बिना किसी सूचना के जीवन ठाकुर को रायपुर जेल ले जाया गया, जहां 2 दिन बाद उनकी मौत हो गई। रायपुर जेल में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने गुरुवार सुबह 8 बजे दम तोड़ दिया। 6 दिसंबर को उनके गृह गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
कलेक्टर ने किया ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयर हाउस का आंतरिक निरीक्षण
उत्तर बस्तर कांकेर ,08 दिसंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयर हाउस का आज आंतरिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी से श्री राजेन्द्र सिंह गौर और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री पुरुषोत्तम पाटिल तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी अनिभा रेणु सोनबेर भी मौजूद थे।
मृत नर तेंदुए के पंजे काटने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। जिले के ग्राम करियापहार में बीते दिनों एक नर तेंदुआ मृत पाया गया, जिसकी जांच में सामने आया कि उसके चारों पैर पंजों सहित काट दिए गए थे। इस गंभीर वन्यजीव अपराध के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तेंदुए के काटे हुए पंजे बरामद किए हैं। घटना 4 दिसंबर की है, जब स्थानीय कृषक शिवराम नेताम और रामचंद नेताम के खेत (खसरा नंबर 139) में स्थित कुएँ में एक नर तेंदुए का मृत शव पाया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वनमंडलाधिकारी कांकेर की उपस्थिति में तेंदुए के शव को कुएँ से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि तेंदुए के चारों पैर पंजों सहित काट दिए गए हैं।
घटना स्थल पर तीन सदस्यीय चिकित्सक दल ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया और वन्यप्राणी संरक्षण प्रोटोकॉल के तहत शव का दहन किया। इसके बाद वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल की डॉग स्क्वाड टीम रायपुर से मौके पर भेजी गई और जांच में जुट गई। मुख्य वन संरक्षक कांकेर राजेश कुमार चंदेले, मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) जगदलपुर स्टाइला मंडावी और वनमंडलाधिकारी कांकेर रौनक गोयल के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
जांच के दौरान आज, 6 दिसंबर को ग्राम करियापहार के चार आरोपियों शत्रुघन पुत्र नारायण (51 वर्ष), श्रवण पुत्र महेंद्र (19 वर्ष), छबिलाल पुत्र बुधारू (35 वर्ष) और बुधारू पुत्र अमरसिंह (71 वर्ष) के पास से तेंदुए के काटे हुए पंजे बरामद किए गए। मौके पर ही जब्ती और पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों के पास से पंजा काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लकड़ी, कटारी और रस्सी जैसी सामग्री भी जब्त की गई। वन विभाग ने बताया कि चारों आरोपियों को वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने इसे गंभीर वन्यजीव अपराध बताते हुए कहा कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जांच में ग्राम प्रमुखों के सहयोग को भी वन विभाग ने सराहनीय बताया। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए जैसी विलुप्तप्राय प्रजातियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि जंगल और वन्यजीव क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अवैध शिकार या तेंदुए जैसी प्रजातियों के नुकसान के प्रयास को तुरंत अधिकारियों को सूचित करें। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के साथ ही वन विभाग ने यह संदेश दिया कि वन्यजीव अपराधों में सख्ती से निपटा जाएगा और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी।
वन मंत्री के निर्देश पर तेंदुआ शिकार प्रकरण में त्वरित कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 06 दिसम्बर 2025
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के सख्त निर्देशों के बाद कांकेर जिले में तेंदुआ शिकार प्रकरण पर वन विभाग ने तेज और प्रभावी कार्रवाई की। नरहरपुर परिक्षेत्र के देवी नवांगांव के पास 4 दिसम्बर को एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में मिला था। तेंदुए के चारों पैर कटे हुए पाए गए, जिससे अवैध शिकार और अंग तस्करी की आशंका की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर कूंए से तेंदुए के शव को बाहर निकाला तथा पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक पंचनामा तैयार कराया गया। घटना को गंभीर मानते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वन मंत्री श्री कश्यप के निर्देशों के अनुरूप वरिष्ठ अधिकारियों मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्री जगलदेव मंडावी तथा वन संरक्षक राजेश कुमार चंदेल के मार्गदर्शन में आरोपियों की सतत तलाश की गई। विभाग की विशेष टीम ने आज 6 दिसंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी में शखुदन पिता नारायण उम्र 51 वर्ष, श्रवण पिता महेंद्र उम्र 19 वर्ष, छबिलाल पिता बुदराम उम्र 35 वर्ष और बुदराम पिता अमरसिंह उम्र 71 वर्ष शामिल है। गिरफ्तार इन आरोपियों के पास से तेंदुए के कटे हुए चार पैर (नाखून सहित) बरामद किए गए। शिकार में उपयोग की गई कुल्हाड़ी, रस्सी, लकड़ी आदि सामग्री भी जब्त की गई। पूरे प्रकरण को वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। जांच में ग्राम कोटवार, पटेल और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और अवैध शिकार में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
विधानसभा सत्र हेतु अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी नियुक्त
उत्तर बस्तर कांकेर 03 दिसम्बर 2025
छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का सप्तम (शीतकालीन) सत्र 14 दिसम्बर से 17 दिसम्बर 2025 तक आहूत किया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विधानसभा प्रश्नों का उत्तर समय-सीमा के भीतर शासन को प्रेषित करने नोडल अधिकारी को अवगत कराना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।
कलेक्टर ने किया जेंडर रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना
उत्तर बस्तर कांकेर । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन दीनदयाल अंत्योदय योजना ’नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान’ का जिले में शुभारंभ किया गया। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जेण्डर समानता अभियान का उद्देश्य महिलाओं के बीच समानता का वातावरण को तैयार करना है। इस साल जेंडर समानता अभियान का नारा- ’एक साथ एक आवाज, समानता के लिये संकल्प का आगाज’ है। उक्त रथ को जिले के सभी विकासखण्डों में घर, बाजार आदि जगहां पर गीत की धुन के साथ गांव-गांव में भ्रमण कराया जायेगा, ताकि गीत के माध्यम से लोग इस अभियान से जुड़ सके। जिला पंचायत के सीईओ ने बताया कि उक्त कैंपेन को चार सप्ताह में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रथम सप्ताह आर्थिक योगदानकर्ताओं के रूप में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता और दृष्टिकोण में बदलाव, द्वितीय सप्ताह महिलाओं के संसाधनों एवं अवसरों तक पहुंच का विस्तार, तृतीय सप्ताह महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित गतिशीलता तथा चतुर्थ सप्ताह- ’महिलाओं के बिना पारिश्रमिक देखभाल कार्य को पहचानना एवं कार्यभार का समान वितरण’ विषय शामिल है। उन्होंने बताया कि इस दौरान शपथ दिलाना, जागरूकता रैली का आयोजन, सांप-सीढ़ी जैसे खेलों एवं गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता, समूह बैठकों आदि के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत 23 दिसम्बर तक नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान का संचालन किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा हेतु व्यापमं द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करें पर्यवेक्षक व केंद्राध्यक्ष
उत्तर बस्तर कांकेर, 28 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आगामी 07 दिसम्बर को अमीन भर्ती प्रवेश परीक्षा 2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले में स्थापित 44 परीक्षा केन्द्रों में 9554 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उक्त परीक्षा का पारदर्शितापूर्ण संचालन के उद्देश्य से आज केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें व्यापमं द्वारा जारी निर्देशों की बिन्दुवार जानकारी दी गई। कार्यशाला में कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि अमीन भर्ती परीक्षा में व्यापमं द्वारा नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका सभी केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को अक्षरशः पालन करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 11.30 बजे आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि सिविल सेवा में उपयुक्त अभ्यर्थियों का पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ चयन हो, इसके लिए लिखित परीक्षा के दौरान सतर्कता व सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा की समाप्ति तक अनेक निर्देश व्यापमं द्वारा जारी किए गए हैं। विशेष तौर पर परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान, विभिन्न स्तर पर फ्रिस्किंग व चेकिंग, उनकी पोशाक, फुटवेयर, परीक्षा सामग्री आदि के संबंध में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है। उन्हांने ने यह निर्देशित किया कि परीक्षा संबंधी तैयारियों के अलावा सभी केन्द्रों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहे। परीक्षा कक्ष में पर्याप्त रोशनी, पंखे, पेयजल, हवादार खिड़की व फर्नीचर उपलब्ध रहे, यह भी केन्द्राध्यक्ष परीक्षा के पूर्व सुनिश्चित कर लें। इसके अलावा उन्होंने सभी केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों को 07 दिसम्बर के पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर ने पीपीटी के माध्यम से व्यापमं द्वारा जारी नियमों व निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कांकेर में बस्तर ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का समापन
रायपुर, 14 नवम्बर 2025

बस्तर ओलंपिक 2025 की तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आज कांकेर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर के सांसद श्री भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने विजयी प्रतिभागियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सांसद श्री नाग ने कहा कि जीवन में खेलों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक विचारधारा को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन-मन के लिए खेल और योग का नियमित अभ्यास आवश्यक है तथा इनसे जुड़कर प्रत्येक व्यक्ति सशक्त और आत्मविश्वासी बन सकता है।
नरहरदेव पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बस्तर अब लाल आतंक से मुक्त होकर नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां के युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने हेतु बस्तर ओलंपिक का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विजयी खिलाड़ियों को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नागरिक श्री सतीश लाटिया एवं श्री महेश जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व विद्यालयीन छात्राओं द्वारा बस्तर की लोक परंपराओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
समारोह के अंत में विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर श्री अरुण वर्मा, जिला खेल अधिकारी श्री संजय जैन, जनप्रतिनिधिगण, खिलाड़ी, कोच एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
पिछले आठ माह से बिजली बिल हुआ शून्य
कांकेर, 11 नवम्बर 2025
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से राहत प्रदान कर रही है, बल्कि स्वच्छ और सतत ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी साकार कर रही है। इस योजना का कांकेर जिले के अंतागढ़ निवासी श्री माखनलाल साहू ने भी लाभ लिया है, जिससे उनके घर का बिजली बिल बीते आठ माह से शून्य हो गया है।
श्री साहू ने नवंबर 2024 में अपने घर की छत पर 4 किलोवॉट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया। सौर ऊर्जा के उपयोग से फरवरी 2025 से उनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगने से पहले उनका औसत मासिक बिजली बिल लगभग 1,885 रुपये आता था। अब उन्हें हर महीने सोलर रिबेट का लाभ मिल रहा है। नवंबर 2024 से सितंबर 2025 तक की अवधि में उन्हें कुल 17,311 रुपये की सोलर रिबेट प्राप्त हुआ है।
श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। अब वे न केवल बिजली बिल से मुक्त हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दे पा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है कि उनकी पहल से यह योजना आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने यह सिद्ध कर दिया है कि स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर न केवल आर्थिक बचत की जा सकती है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह योजना मजबूत आधार बन रही है।
कांकेर जिले की ग्राम पंचायत डुमरपानी को मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार : जल संरक्षण में अनुकरणीय मिसाल
कांकेर , 11 नवम्बर 2025



जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में कांकेर जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। जिले के नरहरपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत डूमरपानी को जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में ‘सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत’ श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान डूमरपानी पंचायत द्वारा किए गए सतत और प्रभावी जल प्रबंधन कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा पुनर्जीवन विभाग द्वारा दिए जाने वाले इस पुरस्कार का उद्देश्य जल संरक्षण में स्थानीय निकायों के नवाचारपूर्ण प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। ग्राम पंचायत डुमरपानी ने मनरेगा एवं अन्य विभागीय योजनाओं के अभिसरण से जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन एवं निस्तारी तालाबों के संरक्षण जैसे अनेक उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। इसी के आधार पर डूमरपानी को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है। पुरस्कार वितरण समारोह 18 नवम्बर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होगा।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि यह कांकेर जिले के लिए जल प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार दूसरी राष्ट्रीय उपलब्धि है। वर्ष 2023 में नरहरपुर ब्लॉक की ही मासूलपानी ग्राम पंचायत को पंचायत श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ था। इस बार फिर कांकेर जिले ने अपनी फिर से जल संरक्षण के क्षेत्र में अपनी धाक जमाई है।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत डूमरपानी के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला पंचायत टीम एवं सभी ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनसहभागिता, मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जल संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। डूमरपानी पंचायत की इस उपलब्धि ने केवल कांकेर जिले को बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ गौरवान्वित किया है।
पीएम आवास से श्रीमती सुखबती की जिन्दगी में आया सुकुन
कांकेर, 10 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी नियद नेल्लानार योजना माओवाद प्रभावित ग्रामों के विकास में नई उम्मीद बनकर उभरी है। इसी योजना के तहत कांकेर जिले के ग्राम पानीडोबीर की श्रीमती सुखबती का कच्चे खपरैलयुक्त घर में रहने का संघर्ष अब पक्के आवास में सुकून भरे जीवन में बदल गया है।
श्रीमती सुखबती, पति श्री कुंवरसिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृति मिली। प्रारंभिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने आवास निर्माण कार्य पूरा किया। नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत पंचायत एवं जिला प्रशासन से लगातार सहयोग प्राप्त हुआ। भावसार फाउंडेशन के माध्यम से स्थानीय युवाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण मिलने से निर्माण कार्य में आसानी हुई।
मनरेगा से 90 दिनों की मजदूरी और 45 हजार रुपये की अपनी बचत से उन्होंने अपने सपनों का पक्का घर तैयार किया। श्रीमती सुखबती ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं ने उनकी तकदीर और घर दोनों बदल दिए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है - यह योजना वास्तव में ‘घर-घर खुशहाली’ का प्रतीक बन गई है।
कांकेर में संपन्न हुई 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता
ओवरऑल चैंपियन बना बस्तर जोन
उत्तर बस्तर कांकेर, 09 नवम्बर 2025
शासकीय पीएमश्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में आज 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं सरगुजा जोन के 280 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम थे तथा विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा और पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले विशेष रूप से उपस्थित थे।
क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक श्री आशाराम नेताम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और उसमें आगे बढ़ें। आपने इस प्रतियोगिता के माध्यम से जो पहचान बनाई है, उसे आगे भी बनाए रखना है। प्रतियोगिता में जो विजेता बने हैं उन्हें शुभकामनाएँ और जो विजयी नहीं हुए हैं वे निराश न हो, क्योंकि असफलता ही सफलता की सीढ़ी होता है तथा अनुशासन और लगन से आगे सफलता मिलती है।
छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा ने कहा कि खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है, आपने इस क्रीड़ा प्रतियोगिता में खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं। पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले और श्री महेश जैन ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा खेल को दैनिक जीवन में आवश्यक बताया। कार्यक्रम में सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजकों के प्रति आभार प्रकट किया।
25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के परिणाम - क्रिकेट बालिका 17 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान पर - सरगुजा जोन, द्वितीय - बिलासपुर जोन और तृतीय - दुर्ग जोन रहा। इसी प्रकार हैंडबॉल बालिका 17 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम - बस्तर जोन, द्वितीय - रायपुर जोन तथा तृतीय - सरगुजा जोन। खो-खो बालिका 19 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम - दुर्ग जोन, द्वितीय - बस्तर जोन एवं तृतीय - बिलासपुर जोन तथा खो-खो बालक 19 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम - बस्तर जोन, द्वितीय - दुर्ग जोन एवं तृतीय - बिलासपुर जोन रहा। बस्तर जोन को ओवरऑल चैंपियन का खिताब मिला।
समापन समारोह कार्यक्रम में जेपी इंटरनेशनल स्कूल एवं कन्या आश्रम सिंगारभाट द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं शासकीय स्व. रामकुमार कन्या आवासीय विद्यालय कांकेर व शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति दी। इस अवसर पर पार्षदगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पीटीआई शिक्षक, सभी पांच जोन के प्रभारी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
औषधीय पौधों की खोज यात्रा कार्यक्रम का आयोजन
कांकेर वनमण्डल के वन परिक्षेत्र कोरर अंतर्गत शनिवार को उप परिक्षेत्र हाटकर्रा के परिसर बनोली में बी.एम.सी. समितियों का औषधीय पौधों की खोज यात्रा कार्यक्रम रखा गया, जिसमें वन मंडलाधिकारी कांकेर श्री रौनक गोयल, उप वनमंडलाधिकारी कोरर जसवीर सिंह मरावी, वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरर बी.एस. सूर्यवंशी की उपस्थिति में वैद्यराज व अन्य प्रोफेसर के माध्यम से जड़ी बूटियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान जैव विविधता और उससे जुड़े ज्ञान का संरक्षण, जैविक संसाधनों का संतुलित उपयोग, संसाधनों का प्रबंधन, सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई।
विधानसभा क्षेत्र विकास योजनांतर्गत निर्माण कार्यों के लिए 16.71 लाख रूपए की स्वीकृति
विधानसभा क्षेत्र कांकेर के विधायक श्री आशाराम नेताम की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत टीना शेड एवं चबूतरा निर्माण के लिए 16.71 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। नरहरपुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत रिसेवाड़ा के आश्रित ग्राम भैंसमुण्डी में टीना शेड निर्माण के लिए 02 लाख रूपए और ग्राम पंचायत सरोना नर्सरीपारा में चबूतरा निर्माण के लिए 01 लाख 96 हजार रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार कांकेर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत माटवाड़ा मोदी में सांस्कृतिक भवन के पास टीना शेड निर्माण हेतु 09 लाख 78 हजार रूपए तथा ग्राम पंचायत पुसावण्ड आवासपारा में टीना शेड निर्माण के लिए 02 लाख 97 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त निर्माण कार्य हेतु संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गाया राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’
जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने आज सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज जिले की सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय कांकेर के शासकीय पीएमश्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम, पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी, महेश जैन, अनिरूद्ध साहू तथा जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा, सहित गणमान्य नागरिकों एवं विद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण पश्चात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम ने कहा कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ हमें राष्ट्र प्रेम की शिक्षा देता है। यह गीत हमारे देश की आजादी का नारा बन गया था। आज से 150 वर्ष पहले बंकिमचन्द्र चट्टोउपाध्याय ने ‘वंदे मातरम्’ को संस्कृतनिष्ठ बंगाली में रचा था। यह गीत उनके उपान्यास ‘आनंद मठ’ का एक अंश था, जो सबसे पहले धारावाहिक के रूप में बंगदर्शन में प्रकाशित हुआ था। यह उपन्यास 1770 के दशक में हुए सन्यासी विद्रोह पर आधारित था, आनंद मठ बाद में 1882 में एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित हुआ। इस अमर गीत के रचयिता श्री बंकिम चटर्जी को स्मरण करते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि हमारा देश समृद्ध हो और खुशहाल बनें, इसके लिए हम सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा। राष्ट्रीय गीत हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है, हम सब अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए देश की विकास में भागीदार बनें। कार्यक्रम को पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी और श्री महेश जैन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मां भारती को समर्पित देश भक्ति और आध्यात्मिकता के भाव से भरा यह गीत हमें राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद द्वारा किया गया।
कलेक्टर ने किया राज्योत्सव तैयारियों का निरीक्षण
कांकेर । जिला मुख्यालय कांकेर के नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में 02 नवम्बर से आयोजित राज्योत्सव की तैयारियों का कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाने तथा सकारात्मक बदलाव को प्रदर्शित करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्योत्सव में विभिन्न विभागां के द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें प्रमुख रूप से जनसम्पर्क विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, रेशम, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरपालिका परिषद कांकेर, विधिक साक्षरता, समाज कल्याण विभाग, ऊर्जा विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण इत्यादि विभाग शामिल हैं। विभागों के द्वारा विगत 25 वर्षों में हुए क्रमिक विकास, प्रगति तथा सकारात्मक परिवर्तन को फोकस किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन भी किया जाएगा।
राज्योत्सव में रहेगी छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम :
जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 का आयोजन आगामी 02, 03 एवं 04 नवंबर को नरहरदेव पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया जाएगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप से 02 नवंबर को हिरेश सिन्हा एवं ग्रुप चारामा (आदिवासी आन) द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 03 नवंबर को कवि सम्मेलन मीर अली मीर (राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त) तथा 04 नवंबर को गरिमा दिवाकर-स्वर्णा दिवाकर (अंजोर लोक कला मंच) की प्रस्तुति दी जाएगी। इनके अतिरिक्त स्थानीय लोक कलाकारों को भी मंचीय कार्यक्रम में प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ श्री मंडावी ने पर्यटक गाइड प्रशिक्षण हेतु 08 सदस्यीय टीम को हरी दिखाकर किया रवाना
उत्तर बस्तर कांकेर, 01 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित पर्यटक गाईड प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांकेर जिले के 08 प्रतिभागियों को शामिल किया गया है। उक्त प्रशिक्षण मध्यप्रदेश के आईआईटीटीएम ग्वालियर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाग लेने के लिए 08 सदस्यीय युवाओं के दल को आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन श्री हरेश मंडावी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त टीम में दिव्या ठाकुर, आशीष कश्यप, कपिल, राकेश कुमार शोरी, सुप्रिया राठौर, रमेश कुमार, लक्ष्मीकांत साहू, सलीम कुमार शामिल हैं।