छत्तीसगढ़ / महासमुंद
एनडीसी के अध्ययन दल ने सिरपुर की सांस्कृतिक व वास्तु कौशल कला को देखा
महासमुंद। रक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के अधीन राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के श्रीलंका, मोरेक्को, नाइजेरिया, नेपाल, यूएई सहित देश के 16 सदस्यीय अधिकारियों के दल ने सोमवार को महासमुंद जिले के पर्यटन स्थल सिरपुर का भ्रमण किया। उन्होंने सिरपुर के लक्ष्मण मंदिर, मूर्ति संग्रहालय, सुरंग टीला, तीवरदेव बौद्ध विहार, स्वास्तिक विहार को देखा और प्राचीन कला की सराहना की।
दल के अधिकारियों ने कहा कि बहुत नजदीक से हमने सिरपुर और छत्तीसगढ़ को देखा है। देख कर यह बात समझ आ रही है कि हम पहले से ही जुड़े हुए हैं, यहां पर आकर जानकारी मिली। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सिरपुर की सांस्कृतिक एवं वास्तु कौशल कला की विशिष्टताओं सहित विभिन्न विकास गतिविधियों से अध्ययन दल को अवगत कराया। इस दौरान अध्ययन दलों ने सिरपुर के कला, कौशल और प्राचीनतम रूप को देखकर अभिभूत हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, अपर कलेक्टर रवि राज ठाकुर, आर्कियोलॉजिस्ट प्रभात कुमार सिंह, सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ राजेन्द्र राव मौजूद थे।
सिरपुर भ्रमण पर पहुंचे रक्षा अधिकारी दल ने बिहान के महिला स्व सहायता समूह से चर्चा की। इस दौरान स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि अब महिलाएं समूह से जुड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर हो चुकी हैं। वहीं परिवार के पालन-पोषण में उनकी समान सहभागिता रहती है। दल के अधिकारियों ने समूह के महिलाओं और उनके द्वारा संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए और भी बेहतर ढंग से कार्य निष्पादित करने की बात कही। अधिकारियों ने महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद की सराहना की। इस दौरान महिला सदस्यों ने अधिकारियों को बांस की टोकरी में उपहार भेंट किया।
बतादें कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का अध्ययन दल छत्तीसगढ़ में 2 से 7 फरवरी तक रायपुर, महासमुंद, कोंडागांव, बस्तर, भिलाई आदि के महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन करेंगे। अंडर स्टैंडिंग इंडिया मॉड्यूल के तहत 16 अधिकारियों का दल छत्तीसगढ़ पहुंचा है, जो प्रदेश में विभिन्न पहलुओं सहित राज्य में हो रहे विकास कार्यों और गतिविधियों का अध्ययन कर रहे हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति, सामाजिक-सांस्कृतिक विशेषताओं सहित जनजातीय बाहुल्य इलाकों के विशेष संदर्भ में महत्वपूर्ण जानकारियां के साथ राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग, महिला सशक्तिकरण के साथ ही विकास से जुड़े विषयों पर अध्ययन दल द्वारा अवलोकन किया जा रहा है। उस राज्य की भाषा, इतिहास, संस्कृति, ज्ञान विज्ञान आदि को अपनायेगा और उसको पूरे देश के सामने रखेगा। जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दो अलग-अलग राज्यों के लोगों को एक-दूसरे राज्यों की संस्कृति और सभ्यता को समझने एवं अपनाने का मौका मिलेगा जो, निश्चित रूप से पर्यटन क्षेत्र में वृद्धि करेगा। जिससे आत्मनिर्भर भारत के सपने को बल मिलेगा।
शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
महासमुंद। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले शहीदों को स्मरण करते हुए सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सहित एसडीएम कार्यालय, सभी तहसीलों, जिला पंचायत, जनपद पंचायतों, समाज कल्याण, कृषि, वन, उद्यानिकी एवं विभिन्न शासकीय विभागों में सभी कार्य और गतिविधियां रोककर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने वेडनर मेमोरियल स्कूल में मतदान दल प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन धारण किया। तत्पश्चात मतदान करने शपथ दिलाई गई। जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने जिला पंचायत सभाकक्ष में स्थापित नाम निर्देशन कक्ष में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
ईवीएम से होगा नगर पालिका चुनाव, नागरिकों को किया जाएगा जागरूक
महासमुंद। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिकाओं के आम निर्वाचन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) के माध्यम से कराया जाना है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले में आम नागरिकों को ईव्हीएम की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए प्रत्येक मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर ईव्हीएम प्रदर्शन और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड के शासकीय कार्यालय में ईव्हीएम प्रदर्शन-जानकारी केंद्र स्थापित किए जाएं, जहां एक नोडल अधिकारी नियुक्त होगा। इन केंद्रों में मास्टर ट्रेनर्स की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो ईव्हीएम संचालन एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी नागरिकों को डेमोंस्ट्रेट कर समझाएंगे और उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे।
निर्देशानुसार, नाम वापसी की तिथि से मतदान के दो दिन पूर्व तक ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें डमी मतपत्र का उपयोग होगा। डमी मतपत्र में प्रत्याशियों की संख्या वास्तविक चुनाव के समान होगी, लेकिन उनके नाम और चुनाव चिन्ह मुद्रित नहीं किए जाएंगे। जिन वार्डों में एक से अधिक बैलेट यूनिट की जरूरत होगी, वहां प्रदर्शन के लिए भी उतनी ही बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिले में चुनाव नियमों और ईव्हीएम डेमो से संबंधित मीडिया वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर कार्यालय, अनुविभागीय अधिकारी, तहसील, मुख्य नगरपालिका कार्यालयों सहित जिले के प्रोफेशनल और डिग्री कॉलेजों में भी ईव्हीएम डेमो यूनिट स्थापित की जाएंगी। साथ ही, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी ईव्हीएम के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
महासमुंद जिले की 5 जनपद पंचायतों के 7 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
पिथौरा में सर्वाधिक एक लाख 75 हजार मतदाता, बसना में एक लाख 41 हजार
महासमुन्द । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-2025 प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई। निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन सुबह 10:30 बजे किया गया, जिसमें सीटों के आरक्षण और मतदान केंद्रों की सूची शामिल है। चुनाव में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज से आरंभ हो चुकी है। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार 03 फरवरी है। इसके बाद नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी को होगी, और प्रत्याशी अपना नाम 6 फरवरी तक वापस ले सकते हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन तीन चरणों में सम्पन्न होगा। पहला चरण का मतदान सोमवार 17 फरवरी 2025 को होगा जिसमें जिले के बसना और सरायपाली क्षेत्र शामिल है। इसी तरह द्वितीय चरण के तहत पिथौरा और बागबाहरा क्षेत्र में गुरुवार 20 फरवरी को मतदान होगा तथा तृतीय चरण के तहत महासमुंद क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान निर्धारित किया गया है। मतदान का समय प्रातः 6:45 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निर्धारित है।
खंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना (यदि आवश्यक हो) तीन चरणां में की जाएगी। जिसमें प्रथम चरण की तिथि मंगलवार 18 फरवरी, दूसरे चरण के लिए शुक्रवार 21 फरवरी एवं तीसरे चरण के लिए सोमवार 24 फरवरी 2025 की तिथि निर्धारित है। सारणीकरण और अंतिम परिणाम की घोषणा अंतर्गत पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत के मामले में खण्ड स्तर पर प्रथम चरण की घोषणा बुधवार 19 फरवरी, द्वितीय चरण में शनिवार 22 फरवरी और तृतीय चरण में मंगलवार 25 फरवरी को परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के मामले में जिला मुख्यालय पर प्रथम चरण की घोषणा 20 फरवरी, द्वितीय चरण में 23 फरवरी और तृतीय चरण में 25 फरवरी को निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू ने बताया कि अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशन के पश्चात महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले 05 जनपद पंचायतों में कुल 551 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत मतदाताओं की कुल संख्या 07 लाख 82 हजार 281 है, जिसमें पुरुष मतदाता 03 लाख 84 हजार 586 तथा महिला मतदाता 03 लाख 97 हजार 691 और तृतीय लिंग अंतर्गत 04 मतदाता शामिल है।
जिसमें जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत 105 ग्राम पंचायतों में एक लाख 70 हजार 607 मतदाता है, इनमें पुरुष मतदाता 83 हजार 558 व महिला मतदाता 87 हजार 49 है। इसी तरह बागबाहरा अंतर्गत 111 ग्राम पंचायतों में एक लाख 53 हजार 281 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 75 हजार 217 व महिला मतदाता 78 हजार 62 एवं तृतीय लिंग मतदाता की संख्या 02 है। जनपद पंचायत पिथौरा अंतर्गत 126 ग्राम पंचायतों में एक लाख 75 हजार 611 मतदाता है, जिसमें 85 हजार 819 पुरुष मतदाता व 89 हजार 790 महिला मतदाता एवं तृतीय लिंग मतदाता की संख्या 02 है। इसी तरह जनपद पंचायत बसना अंतर्गत 102 ग्राम पंचायतों में एक लाख 41 हजार 164 मतदाता शामिल है, जिसमें पुरुष मतदाता 69 हजार 621 व महिला मतदाता 71 हजार 543 तथा जनपद पंचायत सरायपाली अंतर्गत 107 ग्राम पंचायतों में एक लाख 41 हजार 618 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 70 हजार 371 व 71 हजार 247 महिला मतदाता शामिल है।
महासमुंद में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने किया ध्वजारोहण
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
महासमुन्द । 76वां गणतंत्र दिवस समारोह में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज को सलामी दी। मंत्री बघेल ने हर्ष के प्रतीक तीन रंग के गुब्बारें आकाश में छोड़े। इसके पश्चात खाद्य मंत्री बघेल ने परेड निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मंच पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह मौजूद थे।
इसके पश्चात् प्लाटून 20वीं वाहिनी छ.ग. सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, सीनियर डिवीजन एन.सी.सी., एन.एस.एस महाविद्यालय, जूनियर डिवीजन एन.सी.सी., गाईड, स्काउट, एन.एस.एस बालक-बालिका एवं रेडक्रॉस बालिका के टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट एवं सलामी दी गई। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल द्वारा शहीदों के परिजनों से मुलाकात की गई और उन्हें शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के 900 छात्र-छात्राओं द्वारा पी.टी. का प्रदर्शन किया गया तथा आशी बाई गोलछा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस अंग्रेजी माध्यम, शिशु संस्कार केन्द्र, रिवरडेल स्कूल, वृन्दावन उ.मा. विद्यालय, गुड शेफर्ड के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों के शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और जवानों तथा एन.सी.सी., एन.एस.एस., स्काउट गाइड के प्लाटून एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले स्कूल विद्यार्थी टीम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने गणतंत्र दिवस समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने गणतंत्र दिवस समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विभागों की झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल स्कूली विद्यार्थियों, परेड में शामिल होने वाले वरिष्ठ सशस्त्र समूह, परेड वरिष्ठ समूह, परेड कनिष्ठ समूह एवं प्लाटून कमांडरों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। परेड कमांडर श्रीमती दीप्ति कश्यप एवं उपनिरीक्षक सायमा अंजुम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, द्वितीय स्थान शिशु संस्कार केंद्र और तृतीय स्थान गुड शेफर्ड अंग्रेजी माध्यम स्कूल ने प्राप्त किया। इसी प्रकार विभागीय झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान शिक्षा विभाग, द्वितीय स्थान वन विभाग एवं तृतीय स्थान कृषि, मत्स्य एवं जल संसाधन विभाग ने प्राप्त किया।
इसके अलावा परेड वरिष्ठ सशस्त्र समूह में प्रथम स्थान 20वीं वाहिनी सशस्त्र बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल, तृतीय स्थान नगर सेना महिला ने प्राप्त किया। परेड वरिष्ठ समूह में प्रथम स्थान एन.सी.सी. सीनियर डिवीजन, द्वितीय स्थान एन.सी.सी. जूनियर एवं तृतीय स्थान वन विभाग ने प्राप्त किया। इसी प्रकार परेड कनिष्ठ समूह में प्रथम स्थान गाइड, द्वितीय स्थान एन.एस.एस आत्मानंद हाई स्कूल, तृतीय स्थान स्काउट ने प्राप्त किया। पीटी प्रदर्शन को सराहते हुए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक एवं अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा नागरिक, स्कूली बच्चे व आम नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, गणतंत्र दिवस की दी बधाई एवं शुभकामनाएं
महासमुंद । 76वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को आज ही के दिन 26 जनवरी को संविधान के तहत मूलभूत अधिकार मिले थे। हमें देश के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए सदैव सशक्त, सतर्क, सुरक्षित और जागरूक रहते हुए सक्रिय रूप से लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाएं। साथ ही देश-प्रदेश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। इसके पूर्व कलेक्टर लंगेह ने अपने शासकीय आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा, श्रीमती सृष्टि चंद्राकर, मिषा कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल करेंगे ध्वजारोहण
महासमुंद । 76 वाँ गणतंत्र दिवस महासमुंद जिले में पूरे गरिमामय तरीक़े से मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर सुबह 9ः00 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि बघेल का समारोह स्थल पर आगमन सुबह 8ः58 बजे होगा। 9ः00 बजे ध्वजारोहण एवं सलामी लेंगे। 9ः03 बजे परेड का निरीक्षण करेंगे।
9ः15 बजे से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया जाएगा। सुबह 9ः30 बजे मार्च पास्ट, सुबह 9ः50 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 10ः30 बजे विभागीय झांकियों का प्रदर्शन, 10ः45 बजे पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरण और सुबह 11ः00 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।
खड़ी ट्रक से टकराई बस: 1 बच्ची की मौत, 43 यात्री घायल
महासमुंद । महासमुंद में भीषण सड़का हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में 43 यात्री घायल हो गये। वहीं, एक बच्ची की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना महासमुंद जिले की है। शुक्रवार तड़के दुर्ग से बस नंबर सीजी 23 एन 2400 यात्रियों को भरकर पुरी के लिए निकली थी। सुबह चार बजे के आसपास बस महासमुंद घंटेश्वरी मंदिर से करीब 200 मीटर दूर पहुंची ही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के सामने वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गये। घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि सुबह चार बजे अंधेरा था। सड़क पर खड़ी ट्रक बस चालक को नजर नहीं आई और ये हादसा हो गया।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। बस सवार 43 यात्री घायल हो गये, जिनमें से 19 यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़ा ट्र्क राजस्थान पासिंग का है।
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुःख जताया है। सीएम ने लिखा, 'महासमुंद जिले के सरायपाली में यात्री बस और ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्ची के निधन और 43 लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दुःखद है। घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति एवं उनके शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।'
एसडीएम ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण, अवैध धान पर कार्रवाई
महासमुंद । एसडीएम सरायपाली नम्रता चौबे ने शुक्रवार को धान खरीदी केंद्र केना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केंद्र में किसानों के टोकन और उनके द्वारा लाए गए धान का सत्यापन किया गया। जांच में किसानों द्वारा कुल कटाए गए टोकनों से 384 क्विंटल कम धान पाया गया, जिसे मौके पर समर्पण कराया गया। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण में 28 बोरी पुराना धान भी पाया गया, जिसे तुरंत जप्त कर लिया गया। एसडीएम ने अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसी क्रम में, धान खरीदी केंद्र तोषगांव में 480 क्विंटल धान का समर्पण कराया गया। अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम केना में एक ट्रैक्टर सहित 40 कट्टा धान जप्त कर मंडी को सुपुर्द किया गया। निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगाम लगाने का प्रयास किया गया है। केंद्र प्रभारी ने जानकारी दी कि जिले में सरकार की धान खरीदी नीति का सख्ती से पालन हो रहा है। किसानों को नियमों का पालन करने और पुराना धान न लाने की हिदायत दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे से हर किसान के धान की गहन जांच की जाएगी ताकि अनियमितताओं को रोका जा सके।
कलेक्टर लंगेह ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिलाई मतदाता शपथ
महासमुंद । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 15वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज पूरे उत्साह और गरिमा के साथ महासमुंद जिले में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारी-कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। कलेक्टर लंगेह ने कहा कि इस शपथ का उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि वे निर्भीक होकर, किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाते हुए कहा कि “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।“ इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, और विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर में जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शाखाओं में भी कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई। इन सभी ने भी लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शपथ ली।
गणतंत्र दिवस से पहले महासमुंद के मिनी स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल
छत्तीसगढ़ी संस्कृति के साथ पंजाबी, गुजराती, ओड़िया संस्कृति की दिखेगी झलक
महासमुंद। गणतंत्र दिवस के लिए शुक्रवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक और उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय की मौजूदगी में गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। पूर्वाभ्यास में रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप के नेतृत्व में पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी एनएसएस की कुल 11 टुकड़ियों ने परेड की सलामी दी। रिहर्सल स्थानीय मिनी स्टेडियम में आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे।
मिनी स्टेडियम में रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई। आज फुल ड्रेस रिहर्सल में 6 स्कूलों द्वारा राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीत संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दिया गया। आज उनकी भी अंतिम रिहर्सल की गई। समारोह का मुख्य आकर्षण 14 स्कूलों के लगभग 900 बच्चों द्वारा एरोबिक्स जुंबा पीटी प्रदर्शन होगा। इसके अलावा 13 विभागों की झांकी निकाली जाएगी। शहीद के परिजनों का सम्मान व उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर ने तैयारी का जायजा भी लिया और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार के.के. साहू एवं संबंधित अधिकारी - कर्मचारी मौजूद थे।
ज़िला मुख्यालय के मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ध्वजारोहण करेंगे
जिले में 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के मौके पर ज़िला मुख्यालय महासमुंद के मुख्य समारोह में प्रदेश के खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ध्वजारोहण करेंगे तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। जिला स्तरीय मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में प्रातः 9 बजे शुरू होगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने यहां सभी तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिए।
अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, 280 कट्टा धान जब्त
महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के आदेशानुसार अवैध धन परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बुधवार रात अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बागबाहरा उमेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में सीमा जांच चौकी नर्रा पर रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई की गई। रात 12 बजे जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी04/ZC/0440 में लगभग 280 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक भेखराम साहू, ग्राम गोतमा, थाना खरियार रोड, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) से संबंधित था।
जांच के दौरान धान से संबंधित किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
मौके पर मौजूद मंडी अधिकारी कुशलराम ध्रुव, यशवंत कुमार रात्रे, और सिपाही बालकृष्ण प्रधान ने धान से लदे वाहन को जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। जब्त किए गए वाहन और धान को कृषि उपज मंडी समिति, बागबाहरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
समस्त शासकीय विभागों में दिलाई जाएगी मतदाता शपथ
महासमुंद । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2025, 25 जनवरी को अवकाश होने के कारण 24 जनवरी को वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम के थीम पर मनाया जाएगा। 24 जनवरी को समस्त शासकीय विभागों में प्रातः 11.00 बजे या यथोचित समय में अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी।
गणतंत्र दिवस पर खाद्य मंत्री बघेल महासमुंद में करेंगे ध्वजारोहण
महासमुंद । जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले 76 वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्य शासन द्वारा इस आशय के सूची जारी की गई है।
गढ़फुलझर-सराईपाली के बीच 975 कट्टा अवैध धान जब्त
महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में अवैध धान खरीदी, परिवहन व भंडारण पर खाद्य विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई सतत जारी है। इसी क्रम में गढ़फुलझर और सराईपाली के बीच संयुक्त टीम द्वारा रात्रि में धान की अवैध परिवहन करते एक ट्रेक्टर और ट्रक को पकड़ा गया। जिसमें क्रमशः 100 कट्टा धान और 875 बोरे धान ले जाते हुए पकड़े गए।
मिली जानकारी के अनुसार चिमरकेल इलाके में जांच के दौरान टीम द्वारा दोनों वाहनों को रोककर दस्तावेज मांगे गए। जांच में पाया गया कि ट्रेक्टर में लदा 100 कट्टा धान पूरी तरह से बिना दस्तावेज के था। वहीं ट्रक में लदे 875 बोरे धान गढ़फुलझर समिति से बरौली के रियांस राइस मील के लिए जारी डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) के नाम पर धान का उठाव किया गया था। लेकिन, इसे बरौली के बजाय सराईपाली की ओर ले जाया जा रहा था। जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है। दोनों वाहनों को तुरंत जप्त कर लिया गया है और अवैध धान के मालिकों से दस्तावेजों की पुष्टि और जांच शुरू कर दी है।
महासमुंद जिले के 6 नगरीय निकायों के 1 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
महासमुंद नगरपालिका में सर्वाधिक 47 हजार 178 मतदाता, नगर पंचायत तुमगांव में 6126
महासमुंद । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई। चुनाव की सूचना का प्रकाशन सुबह 10:30 बजे किया गया, जिसमें सीटों के आरक्षण और मतदान केंद्रों की सूची शामिल है। चुनाव में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज से आरंभ हो चुकी है। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 28 जनवरी है। इसके बाद नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 29 जनवरी को होगी, और प्रत्याशी अपना नाम 31 जनवरी तक वापस ले सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया के तहत मतदान 11 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना और चुनाव परिणाम की घोषणा 15 फरवरी को की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू ने बताया कि महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले 06 नगरीय निकायों में कुल 105 वार्ड शामिल है। नगरीय निकाय अंतर्गत 03 नगर पालिका परिषद् महासमुंद, बागबाहरा व सरायपाली तथा 03 नगर पंचायत तुमगांव, बसना एवं पिथौरा शामिल है। वर्तमान में नगरीय निकाय अंतर्गत मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 03 हजार 692 है, जिसमें पुरुष मतदाता 49 हजार 408 तथा महिला मतदाता 54 हजार 271 और तृतीय लिंग अंतर्गत 13 मतदाता शामिल है।
जिसमें नगर पालिका महासमुंद अंतर्गत 30 वार्डों में 47 हजार 178 मतदाता है, इनमें पुरुष मतदाता 22 हजार 254, महिला मतदाता 24 हजार 915 व तृतीय लिंग मतदाता 09 है। इसी तरह बागबाहरा अंतर्गत 15 वार्डां में 15 हजार 887 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 07 हजार 617, महिला मतदाता 08 हजार 266 व तृतीय लिंग मतदाता 04 है। नगरपालिका सरायपाली अंतर्गत 15 वार्डां में 17 हजार 175 मतदाता है, जिसमें 08 हजार 348 पुरुष मतदाता व 08 हजार 827 महिला मतदाता है। इसी तरह नगर पंचायत तुमगांव अंतर्गत 15 वार्डों में 06 हजार 126 मतदाता शामिल है, जिसमें पुरुष मतदाता 02 हजार 997 व महिला मतदाता 03 हजार 129, बसना अंतर्गत 15 वार्डां में 09 हजार 927 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 04 हजार 596 व महिला मतदाता 05 हजार 331 एवं नगर पंचायत पिथौरा अंतर्गत 15 वार्डों में 07 हजार 399 मतदाता है, जिसमें 03 हजार 596 पुरुष मतदाता एवं 03 हजार 803 महिला मतदाता शामिल है।
जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन व अनुवीक्षण समिति का गठन
महासमुंद । नगरीय निकाय निर्वाचन 2024-25 हेतु राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्रियों के प्रसारण पूर्व प्रमाणन हेतु जिला स्तर पर जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति का गठन किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) विनय कुमार लंगेह एमसीएमसी के अध्यक्ष होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सहायक संचालक जनसम्पर्क पोषण कुमार साहू को सदस्य सचिव एवं हरिभूमि दैनिक समाचार पत्र रत्नेश सोनी को एमसीएमसी सदस्य नियुक्त किया गया है। एमसीएमसी द्वारा नगरपालिका व नगर पंचायत निर्वाचन के दौरान पेड न्यूज के अंतर्गत समाचार पत्र, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, केबल नेटवर्क, इंटरनेट, सोशल मीडिया इत्यादि में प्रकाशित होने वाले समाचार, तथ्यों की बारीकी से जांच तथा निर्वाचन संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्रियों के प्रसार पूर्व प्रमाणन किया जाएगा।