छत्तीसगढ़ / रायपुर
रायपुर में कथावाचक को प्रेमिका के पति ने रंगे हाथ पकड़ा
रायपुर । राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मध्यप्रदेश के मशहूर कथावाचक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आए थे। इस दौरान दोनों कार में शारीरिक संबंध बना रहे थे, तभी महिला के पति ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया।
महिला के पति ने बताया कि उन्होंने दोनों पर नजर रखी और कार में उन्हें रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए पति और मौके पर मौजूद लोगों ने कथावाचक की जमकर पिटाई की। जानकारी के अनुसार इस दौरान कथावाचक की चोटी भी काट दी गई। घटना के समय महिला का 18 वर्षीय बेटा भी घर पर मौजूद था।
हालांकि इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पति ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने कहा कि वह अपनी मर्जी से पत्नी को कथावाचक के साथ रहने की अनुमति दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्योत्सव में शामिल होने रायपुर आएंगे पीएम मोदी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रायपुर। 25 वें राज्योत्सव में शामिल होने छत्तीसगढ़ आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रवास के दौरान सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी एडीजी दीपांशु काबरा बनाये गये है।
बताया गया कि, पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर रायपुर एयर नया रायपुर क्षेत्र में 5 एडीजी, 12 डीआईजी और 2000 से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे। पीएम के प्रवास से पहले उनकी सुरक्षा में तैनात रहने वाले एसपीजी के पुलिस महानिरीक्षक समेत करीब 70 एसपीजी कंमाडो रायपुर पहुँच चुके है।
पुलिस के मुताबिक राजधानी रायपुर से लेकर नवा रायपुर तक सुरक्षा के इंतेज़ाम काफी सख्त होंगे। किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो लिहाजा एक नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक नया रायपुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री घोषित रहेगी।
आमजनो के लिए रूट डायवर्जन भी कर दिया गया है। वही 16 स्थानों पर पार्किंग जोन बनाए गए है। पार्किंग जोन से लोगों को लाने और ले जाने के लिए 100 ई-रिक्शे की व्यवस्था के जाएगी।
बता दें कि, एक नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना को पूरे 25 साल हो जाएंगे, लिहाजा राज्य की रजत जयंती का समारोह इस बार काफी अलग और भव्य होने वाला है। प्रदेश सरकार द्वारा नया रायपुर में राज्योत्सव को लेकर व्यापक रूप से तैयारी की जा रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव में हिस्सा लेने आ रहे हैं और इस भव्य राज्योत्सव समारोह का शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी रायपुर के अलग-अलग जगहों पर विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। पीएम के प्रवास को लेकर विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पीएम मोदी करीब सात घंटे रायपुर में रहेंगे।
दौरा कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी एक नवम्बर को विशेष विमान से सुबह 9:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। पीएम सुबह 10 से 10:30 तक सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से ‘दिल की बात’ करेंगे।
इसके बाद सुबह 10:45 से 11:30 तक ब्रह्मकुमारी के शांति शिखर भवन का शुभारंभ करेंगे। सुबह 11:45 से दोपहर 1:15 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:15 तक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:30 बजे से शाम 4 बजे तक राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और इस समारोह में शामिल होंगे। वहीं, करीब शाम 4:30 बजे पीएम मोदी रायपुर विमानतल से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राज्योत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं। नया रायपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। 20 आईपीएस, 100 एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी समेत 5 हजार जवानों की नया रायपुर के हर हिस्से पर नजर रहेगी।
एडीजी रैंक के अधिकारी सुरक्षा इंतज़ामों की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके अलावा राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि अलग-अलग सेक्टरों में अफसरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी पुलिस बल बुलाया जाएगा। जगह-जगह बैरिकेटिंग की जाएगी। पुलिस के जवान सिविल ड्रेस में भी भीड़ के बीच तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश के वरिष्ठ साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने आज विनोद कुमार शुक्ल जी के सुपुत्र शास्वत शुक्ल से दूरभाष पर चर्चा कर शुक्ल के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल छत्तीसगढ़ की साहित्यिक परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सृजन हमारी भाषा, संवेदना और संस्कृति की आत्मा है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्री राम से शुक्ल के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की है.
उल्लेखनीय है कि विनोद कुमार शुक्ल विगत कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं और रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्यलाभ ले रहे हैं
विशेष लेख :राज्य सरकार के प्रयासों से श्रमिकों के जीवन में आ रहा है बदलाव
श्रम विभाग अंतर्गत 25 वर्षों की विभागीय उपलब्धियां
- छगन लोन्हारे
उप संचालक (जनसंपर्क)
रायपुर, 30 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ राज्य स्थापना के समय 16 जिलों में से 09 जिलों में श्रम कार्यालय तथा 04 जिलों में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा कार्यालय संचालित है। वर्तमान में राज्य के समस्त 33 जिलों में श्रम कार्यालय तथा 10 जिलों में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा वर्ष 2008 से रायपुर में इंडस्ट्रीयल हाईजिन लैब का राज्य स्तरीय कार्यालय प्रारंभ किया गया है। राज्य स्थापना के बाद से वर्ष 2008 में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा वर्ष 2011 में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल का गठन किया गया है। उक्त मण्डलों में श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण तथा विभिन्न योजनाओं में आवेदन विभागीय पोर्टल/श्रमेव जयते मोबाईल ऐप के माध्यम से ऑनलाईन करने की सुविधा दी गयी है तथा विभिन्न योजनाओं में डी०बी०टी के माध्यम से श्रमिकों को लाभान्वित किया जा रहा है।

52 लाख 75 हजार 618 संगठित/निर्माण/असंगठित श्रमिक पंजीकृत
31 जुलाई, 2025 तक छ0ग0 श्रम कल्याण मंडल अंतर्गत 5लाख 41 हजार 920 संगठित श्रमिक, छ0ग0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 30 लाख 21 हजार 624 निर्माण श्रमिक तथा छ०ग० असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल अंतर्गत 17 लाख 12 हजार 074 असंगठित श्रमिक पंजीकृत हैं। इस प्रकार विभाग अंतर्गत संचालित मंडलों में कुल 52 लाख 75 हजार 618 संगठित, निर्माण, असंगठित श्रमिक पंजीकृत हैं। राज्य स्थापना के बाद से 57 लाख 24 हजार 745 श्रमिकों को 23 अरब 70 करेाड 24 लाख 56 हजार 757 रूपये से लाभांवित किया गया।
छ0ग0 श्रम कल्याण मंडल में 80 लाख 713 संगठित श्रमिक को 31 जुलाई, 2025 तक राशि रूपये 26 करोड 56 लाख 2 हजार 131 से, छ०ग० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में 51 लाख 72, हजार 579 निर्माण श्रमिकों को राशि रूपये 19 करोड 82 लाख 69 लाख 48 हजार 448 तथा छ०ग० असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में 4 लाख 71 हजार 453 अंगठित कर्मकारों को राशि रूपये 3अरब 60 करोड 99 लाख 06 हजार 178 से इस प्रकार राज्य स्थापना के बाद से कुल 57 लाख 24 हजार 745 श्रमिकों को राशि रूपये 23 अरब 70 करोड़ 24 लाख 56 हजार 757 (तेईस अरब सत्तर करोड़ चौबीस लाख छप्पन हजार सात सौ सात रूपये) से लाभांवित किया गया है।
श्रमिक सहायता केन्द्र 24x7 संचालित
श्रमिकों के हितलाभ संरक्षण, सहायता एवं उनके शिकायतों के निराकरण करने के लिए राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता केन्द्र (Helpline Center) रायपुर में 24x7 संचालित है। प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय तथा समस्त विकासखंडों में मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से 31 जुलाई 2025 तक 84 हजार 810 निर्माण श्रमिकों को पंजीयन एवं योजनाओं के आवेदन में सहयोग प्रदान किया गया है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत विभिन्न श्रम कानूनों के अंतर्गत कारखानों, दुकान व स्थापनाओं, ठेकेदारों आदि का पंजीयन, नवीनीकरण, संशोधन तथा विभाग अंतर्गत गठित मंडलों में श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण, संशोधन तथा योजनाओं हेतु आवेदन/स्वीकृति विभागीय वेब पोर्टल एवं श्रमेव जयते मोबाईल एप के माध्यम से ऑनलाईन की जा रही है। साथ ही विभिन्न श्रम अधिनियमों के अंतर्गत पंजियों/अभिलेखों को ऑनलाईन डिजिटल रूप में संधारित करने तथा एकीकृत वार्षिक विवरणी ऑनलाईन प्रस्तुत करने की सुविधा नियोजकों को प्रदान की गई है।
ई-गवर्नेस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार
भारत सरकार कार्मिक, लोक शिकायत मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा छ०ग० शासन श्रम विभाग को 2020-21 हेतु ‘ई-श्रमिक सेवा‘ सहित सार्वभौमिक पहुंच हेतु ‘ई-गवर्नेस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार‘ रूपये 02 लाख पुरस्कार राशि के साथ गोल्ड पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रवासी श्रमिकों के हित संरक्षण, कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय से दिनांक 19 जुलाई 2021 से छ०ग० राज्य प्रवासी श्रमिक नीति, 2020 लागू किया गया है, जिसमें पलायन पंजी के ऑनलाईन संधारण की व्यवस्था की गई है।
श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिये अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना
मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा एवं श्रम मंत्री के निर्देशानुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट निजी शालाओं में निःशुल्क अध्ययन कराये जाने हेतु छ०ग० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना‘ 08.जनवरी 2025 से प्रारंभ की गई है। योजना के तहत मंडल में 01 वर्ष पूर्व पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम 02 बच्चों को कक्षा 6 वीं में प्रवेश दिया जाकर कक्षा 12 वीं तक आवासीय विद्यालयों में वर्तमान में 100 श्रमिकों के बच्चों को विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश दिया जाकर गुणवत्तायुक्त निःशुल्क शिक्षा प्रदान किया जा रहा है। निर्माण श्रमिकों के स्वयं के आवास क्रय एवं आवास निर्माण हेतु एक लाख रूपये एकमुश्त अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा रहा है। 31 जुलाई 2025 तक 2 हजार 278 निर्माण श्रमिकों को नवीन आवास क्रय/आवास निर्माण हेतु अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा चुका है।
निर्माण श्रमिकों के लिये पेंशन योजना
60 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके पंजीकृत निर्माण श्रमिक, जिनका मंडल में 10 वर्ष पूर्व का पंजीयन हो, ऐसे 37 निर्माण श्रमिकों को प्रतिमाह रूपये 1500/- पेंशन योजना से लाभांवित किया जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना इस योजना अंतर्गत पंजीकृत निर्माण, असंगठित एवं संगठित श्रमिकों को रूपये 05 में गरम एवं पौष्टिक भोजन प्रदाय किया जा रहा है। प्रदेश के 17 जिलों में 37 श्रम अन्न योजना केन्द्र संचालित है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 8 हजार श्रमिक गरम भोजन प्राप्त करे रहें है।
संचालनालय, कर्मचारी राज्य बीमा सेवायें
कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, 1948 के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा योजना, राज्य निर्माण के समय श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदाय करने वाली यह योजना केवल कारखानों, सिनेमाघरों, ट्रांसपोर्ट, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर लागू थी। राज्य निर्माण के पश्चात इस योजना में निजी सहायता प्राप्त शैक्षणिक एवं निजि चिकित्सा संस्थाओं तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित नगर निगमों, नगर पालिकाएं, नगर परिषद् एवं अन्य स्थानीय निकाय पर भी लागू की गई है।
निःशुल्क चिकित्सा हित लाभ
छ.ग. राज्य गठन के उपरांत कर्मचारी राज्य बीमा योजना का विस्तार छ.ग. राज्य के 15 जिलों के सम्पूर्ण क्षेत्र तथा 17 जिलों के नगरीय निकाय क्षेत्रों में किया गया है। कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम 1948 के अंतर्गत छ.ग. राज्य निर्माण के पूर्व लगभग 30 हजार कामगार बीमित होकर राज्य के संचालनालय, कर्मचारी राज्य बीमा सेवायें के अंतर्गत संचालित औषधालयों के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा हितलाभ प्राप्त कर रहे थे, जो कि अब बढ़कर लगभग 6 लाख 25 हजार हो गये हैं।
राज्य निर्माण के पूर्व छ.ग. राज्य में केवल 6 औषधालय संचालित थी जो अब बढ़कर 42 हो गई है। बीमित हितग्राहियों को बेहतर चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये राज्य के रायपुर, कोरबा, भिलाई तथा रायगढ़ में एक-एक 100 बिस्तरयुक्त चिकित्सालय का निर्माण कर्मचारी राज्य बीमा निगम के द्वारा किया गया है।
बीमित हितग्राहियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधायें
राज्य निर्माण के पूर्व बीमित हितग्राहियों को अंतःरोगी उपचार पर होने वाले व्यय का वहन पहले स्वयं करना पड़ता था फिर वे चिकित्सा पुर्नभुगतान हेतु अपना देयक प्रस्तुत करते थे। राज्य निर्माण के पश्चात् वर्ष 2014 में बीमित हितग्राहियों को कैशलेस आधार पर सेकेण्डरी केयर चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये निजी चिकित्सालयों को अधिकृत किया गया है। अधिकृत किये गये चिकित्सालयों में बीमित हितग्राहियों को कैशलेस अधार पर सेकेण्डरी केयर चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही है।
बीमित हितग्राहियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के उदद्देश्य से छत्तीसगढ़ कर्मचारी राज्य बीमा सोसायटी का गठन वर्ष 2018 में किया गया है, जिसका लाभ पंजीकृत श्रमिक उठा रहे हैं।
ग्रामीण अंचलों में पहुंची सौर समृद्धि पीएम सूर्यघर योजना बनी ऊर्जा क्रांति
कन्हैया लाल गुप्ता बने सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर, बिजली बिल में आई कमी
रायपुर, 30 अक्टूबर 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ की गई प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अब सुदूर ग्रामीण अंचलों में भी उजाला और समृद्धि की नई किरण बनकर पहुँच रही है। सुकमा जिले के तोंगपाल निवासी श्री कन्हैया लाल गुप्ता का घर अब सौर ऊर्जा से जगमगा रहा है।
श्री गुप्ता ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट की सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित की है। इस सोलर यूनिट के लगने से उनके मासिक बिजली बिल में भारी कमी आई है। पहले उन्हें हर महीने लगभग 1600 रूपए से 1700 रूपए तक का बिल भरना पड़ता था, जो अब घटकर मात्र 400 रूपए से 500 रूपए रह गया है। यह सोलर इंस्टॉलेशन छत्तीसगढ़ इनोवेशन कंपनी के माध्यम से किया गया।
श्री गुप्ता ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी समाचार पत्रों से मिली। जानकारी प्राप्त करने के बाद उन्होंने स्थानीय विद्युत कार्यालय से संपर्क कर आवेदन किया। योजना के अंतर्गत उन्हें बैंक से ऋण की सुविधा और सरकार की ओर से 78,000 रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे सोलर यूनिट स्थापित करने में बड़ी मदद मिली। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा यह योजना आम जनता के लिए आर्थिक रूप से अत्यंत लाभकारी है और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
सब्सिडी का आकर्षक प्रावधान: तीन स्तरों पर लाभ
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार दोनों की ओर से आकर्षक सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। एक किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार की ओर से 30,000 रूपए और राज्य सरकार की ओर से 15,000 रूपए, इस प्रकार कुल 45,000 रूपए की सब्सिडी दी जा रही है। दो किलोवाट सोलर यूनिट लगाने पर लाभ बढ़कर 90,000 रूपए तक पहुंच जाता है, जिसमें 60,000 रूपए केंद्र और 30,000 रूपए राज्य का योगदान शामिल है। वहीं तीन किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार 78,000 रूपए और राज्य सरकार 30,000 रूपए कुल मिलाकर 1,08,000 रूपए की सहायता प्रदान कर रही है।
पेंशनरों के लिए बड़ी सौगात, अब घर बैठे बना सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप, वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी के प्रयासों से शुरू हुआ डिजिटल अभियान
रायपुर, 30 अक्टूबर 2025
पेंशनरों के लिए राहत और सुविधा की बड़ी सौगात मिली है। अब उन्हें जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंकों या कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी के विशेष प्रयासों से प्रदेश के पेंशनरों के लिए यह डिजिटल सुविधा प्रारंभ की गई है। केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त सहयोग से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 की शुरुआत की जा रही है, जिसके अंतर्गत पेंशनर अपने घर बैठे ही मोबाइल ऐप के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र बना सकेंगे।
जिला प्रशासन के निर्देशन में रायगढ़ जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन की तैयारी पूरी कर ली गई है और जिले के सभी पेंशनरों तक यह सुविधा सुगमता से पहुंचाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पेंशन एवं भविष्य निधि संचालनालय, रायपुर द्वारा प्रारंभ इस सुविधा के अंतर्गत पेंशनर अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन में आधार फेस आरडीऔर जीवन प्रमाण फेस ऐप डाउनलोड कर, चेहरे की पहचान के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना सकेंगे। यह तकनीक पूरी तरह सुरक्षित, सरल और पारदर्शी है, जिससे पेंशनरों को अपने घर के आरामदायक वातावरण में ही प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की सुविधा मिलेगी।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 पूरे देश में 1 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक संचालित होगा। इस अवधि में रायगढ़ जिले में भी विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पेंशनरों को इसका लाभ मिल सके। अभियान के दौरान रायगढ़, खरसिया और एडीबी रायगढ़ सहित जिले के सात प्रमुख स्थानों पर जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की टीमें पेंशनरों को प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगी। साथ ही जिन पेंशनरों को मोबाइल ऐप का उपयोग करने में कठिनाई होती है, वे अपने नजदीकी बैंक या पोस्ट ऑफिस जाकर फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से भी प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे।
राज्य शासन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले पेंशनरों को अक्टूबर माह से ही प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की अनुमति दी है। वहीं, जो पेंशनर स्वास्थ्य कारणों या अन्य परिस्थितियों के कारण घर से बाहर नहीं जा सकते, उनके लिए होम विजिट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत बैंक या पोस्ट ऑफिस की टीम उनके घर पहुंचकर जीवन प्रमाण पत्र तैयार करेगी।
इस अभियान का संचालन भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के समन्वय में किया जा रहा है। राज्य स्तर पर वित्त विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि, रायपुर द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनरों के जीवन को सरल, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं के लिए किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
राज्यपाल श्री डेका ने महाकालीबाड़ी विश्वनाथ मंदिर में सपत्निक की पूजा-अर्चना
रायपुर, 30 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका और राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी ने आज महाकालीबाड़ी विश्वनाथ मंदिर पंडरी रायपुर में माता जगतधात्री की पूजा-अर्चना कर आर्शीवाद लिया और प्रदेश के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की ।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री दिप्तेश चटर्जी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने किया राशन दुकानों का औचक निरीक्षण
पूरक पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन प्रदाय योजना से संबंधित अधिकारियों की ली बैठक
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025



29 अक्टूबर 2025 को श्री संदीप शर्मा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग द्वारा आयोग के दल सहित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन कलेक्टर परिसर में पीडीएस मध्यान भोजन योजना और पूरक पोषण आहार योजना तथा ट्राइबल विभाग द्वारा संचालित आश्रम छात्रावासों हेतु खाद्यान पर आधारित योजनाओं की समीक्षा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ की गई ।
समीक्षा बैठक में जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर राशन सामग्री के भंडारण एव वितरण के निर्देश दिए गए । सभी दुकानों में विभागीय कॉल सेंटर नंबर खाद्यान्न के सैंपल प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए ।
शासकीय विद्यालयों में विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता अनुसार माध्यन भोजन प्रदाय करने एव शिकायत / सुझाव हेतु विभागीय कॉल सेंटर नंबर प्रदर्शित करने की निर्देश दिए गए ।
बैठक के पूर्व आयोग के दल द्वारा जिले में संचालित चार उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया जिसमे एक दुकान ठा प्यारे लाल वार्ड आईडी नम्बर 441001332 बंद पाई गई, आसपास के लोगो ने बताया कि दुकान खुलती ही नही, एक अन्य दुकान जिसका आईडी 441001143 वार्ड 39 माँ कंकालिन महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित में भी 228 क्विंटल चाँवल कम मिला निरीक्षण में उचीत मूल्य दुकान सेरीखेड़ी, में संचालित दुकान जिसका आईडी 442001044 में चावल के स्टॉक में 950 क्विंटल की कमी पाये जाने पर एवं जोरा की दुकान आइडी 442001026 में 250 हितग्राहियों से पॉस मशीन में अंगूठा लगा कर राशन कार्ड रख लिया गया था दुकान में लगभाग 80 क्विंटल स्टॉक कमी पाई गई दुकान संचालको के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए । उचित मूल्य दुकान सेरीखेड़ी में माह ऑक्टूबर का खाद्यान लगभग 150 हितग्राहियो को किया जाना शेष पाया गया, जिन्हें तत्काल खाद्य प्रदाय के निर्देश अध्यक्ष राज्य खाद्य आयोग द्वारा दिया गया।
आगनबाड़ी जोरा में निरीक्षण के दौरान कुल दर्ज 23 बच्चों में से कोई भी उपस्थित नहीं पाया गया। केंद्र के स्टोर में पुराना चावल, अंकुरित आलू भंडारित पाया गया, और कुछ गंदे पुराने बर्तन पाये गए । आयोग द्वारा केंद्र में समुचित साफ़ सफाई और पात्रता अनुसार बच्चों को पूरक पोषण प्रदाय करने के निर्देश दिए गए ।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सरीखेड़ी में निरीक्षण के दौरान छात्र के लिए निर्धारित डाइट अनुसार दाल की निर्धारित मात्रा से 50 प्रतिशत एवं सब्जी की निर्धारित मात्रा पके हुए भोजन में नहीं पायी गई। निरीक्षण के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों द्वारा भोजन में दाल एवं सब्जी की गुणवत्ता अच्छी नहीं जाने की शिकायत की गई जिसके तत्काल निराकरण के निर्देश आयोग के अध्यक्ष द्वारा दिए गए ।
आयोग द्वारा पंडित रवि शंकर शुक्ल परिसर में स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का निरीक्षण किया गया तथा छात्रावास में निवासरत 400 छात्राओ को पीडीएस के ज़रिए बीपीएल दर पर चावल प्रदाय योजना के अंतर्गत प्रतिमाह पात्रता अनुसार फोर्टीफाइड चावल प्रदाय के निर्देश दिए गए ।
जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एव निरीक्षण के दौरान खाद्य आयोग सदस्य ज्योति कश्यप, राजेंद्र महिलाग, सदस्य सचिव राजीव जायसवाल, खाद्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, सहायक संचालक आदिम जाती कल्याण विभाग श्वेता कश्यप, सहायक संचालक मिंज, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास यशपाल पटेल, खाद्य विभाग से डॉ सूरज दुबे उपस्थित रहे।
राज्योत्सव का आयोजन 02 से 04 नवंबर तक
उद्योग मंत्री श्री लखन लाल मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्योत्सव का आयोजन कोरबा के घंटाघर ओपन आडिटोरियम परिसर में 02 नवंबर से 04 नवंबर तक किया जायेगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य श्रम व उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन होंगे। राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में 02 नवंबर को शाम 07 बजे से जसगीत गायक श्री दिलीप षड़ंगी, 03 नवंबर को लोक गायिक श्रीमती अलका चंद्राकर अपनी प्रस्तुति देंगी। 04 नवंबर को कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें श्री अरूण जैमिनी, हास्य कवि श्री चिराग जैन, कवि श्री शशिकांत यादव, श्रद्धा शौर्य, देवेन्द्र परिहार, हीरामणी वैष्णव शामिल होंगे। तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की कलाकारों द्वारा देशभक्ति छत्तीसगढ़ी गीत, लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, शास्त्रीय संगीत एवं गायन की प्रस्तुति भी दी जायेगी। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आम नागरिकों से अपील की है कि राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद उठायें।
रजत जयंती राज्योत्सव में झलकेगा छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान और संस्कृति का उजास
2 से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर में होगा भव्य आयोजन, पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल रहेंगे मुख्य अतिथि
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना की रजत जयंती यानी 25वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव-2025 की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराएँ, लोक कलाएँ और सांस्कृतिक विविधता अपने पूरे वैभव के साथ झलकेगी।
इस वर्ष के राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल होंगे। राज्योत्सव का उद्घाटन प्रथम दिन गरिमामय समारोह में होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, जनजातीय समाज के कलाकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहेंगे।
राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएँ आयोजित होंगी, जिनमें प्रदेशभर से आए लोक कलाकार और नृत्य दल अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। पारंपरिक लोकनृत्य, पंथी-राउत नाचा, करमा, सुआ नृत्य और ढोलक की थाप पर थिरकती झांकियाँ छत्तीसगढ़ की लोकगंध को उजागर करेंगी।
इसके साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-विक्रय, महिला स्व सहायता समूहों के स्टॉल और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने वाले काउंटर भी लगाए जाएंगे। राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की सुगंध से महकेगा फूड जोन, वहीं युवा कलाकारों के लिए मंच भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने अधिकारियों को आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं को लेकर सभी विभागों में समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का उत्सव मनाएँ और राज्य के विकास, एकता व संस्कृति की गहरी छाप इस ऐतिहासिक अवसर पर अंकित करें।
राजधानी रायपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार होगी फिल्म सिटी
स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा अवसरों का मंच
छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त अध्यक्ष सुश्री मोना सेन ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड कार्यालय का किया दौरा
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) सुश्री मोना सेन ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड कार्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य द्वारा फिल्म सिटी परियोजना और फिल्म नीति से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
श्री आचार्य ने नया रायपुर में प्रस्तावित फिल्म सिटी के निर्माण का विस्तृत खाका साझा करते हुए उसका प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है, जिससे पर्यटन, रोजगार और संस्कृति तीनों को नई मजबूती मिलेगी।
प्रेजेन्टेशन देखने के बाद सुश्री मोना सेन ने कहा कि रायपुर में अत्याधुनिक तकनीक और सृजनात्मक सुविधाओं से युक्त फिल्म सिटी का निर्माण राज्य की ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ-साथ प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता के अवसर मिलेंगे। सुश्री सेन ने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह समय है जब प्रदेश के कलाकारों और तकनीशियनों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिले। फिल्म सिटी इस दिशा में एक ठोस कदम साबित होगी।
बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के महाप्रबंधक श्री वेदव्रत सिरमौर, उपमहाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा अन्य अधिकारी और कंसलटेंट उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री के रायपुर प्रवास के दौरान सुगम होगा नागरिकों के लिए यातायात
यातायात विभाग ने निर्धारित किए रूट चार्ट
राज्योत्सव के दौरान नागरिकों से नियमों के पालन की अपील
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 01 नवम्बर को नवा रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान नागरिकों और व्हीआईपी अतिथियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए यातायात पुलिस रायपुर ने विशेष यातायात व्यवस्था की है। नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित होने वाले व्हीआईपी एवं नागरिकों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन तथा वाहनों की पार्किंग के लिए मार्ग व पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। राज्योत्सव स्थल पहुंचने वालों की सुविधानुसार पहुंच मार्गों को 06 रूट में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक रूट में पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है जो निम्नानुसार है-
रूट-01 के तहत रायपुर शहर, धरसींवा, तिल्दा, खरोरा, बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली से आने वाले नागरिकों के वाहनों के लिए राज्योत्सव पहुंच मार्ग निर्धारित है। रिंग रोड 03 टर्निंग-राजू ढाबा के सामने-सेरीखेड़ी ब्रिज-एयरपोर्ट टर्निंग-स्टेडियम टर्निंग-रेलवे स्टेशन रोड-कयाबांधा अंडरब्रिज के पास-सीबीडी स्टेशन रोड-रैक बैंक मोड़-सेक्टर-22 टर्निंग-सेक्टर-22 पार्किंग स्थल पी-15 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
रूट-02 में आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार की ओर से आने वाले वाहनों के लिए राज्योत्सव पहुंच मार्ग निर्धारित है। आरंग-लखौली-नवागांव रेल्वे क्रासिंग-क्रिकेट स्टेडियम-सेंध तालाब-सत्यसांई अस्पताल के सामने चौक-मंदिर हसौद मार्ग तिराहा-स्टेडियम टर्निंग-चंदूलाल चंद्राकर चौक-सेक्टर 22 टर्निंग-सेक्टर 22 पार्किंग स्थल पी-15 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
रूट-03 में अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर केवल बस से आने वाले वाहनों के लिए राज्योत्सव पहुंच मार्ग निर्धारित है। मोनफोर्ड स्कूल से दांया मोड़-हिदायतुल्ला लॉ-यूनिवर्सिटी के सामने-ट्रिपल आईटी चौक-उपरवारा चौक-मुक्तांगन तिराहा होकर मुक्तांगन पार्किंग स्थल पी-12, मुक्तांगन रेलवे स्टेशन पार्किंग स्थल पी-13 एवं गोल्फ मैदान पार्किंग स्थल पी-14 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
रूट-04 में अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से आने वाले कार/चारपहिया वाहनों के लिए राज्योत्सव पहुंच मार्ग निर्धारित है। अभनपुऱ-ग्राम बकतरा-ग्राम केन्द्री-बेन्द्री मोड़-मिंटू पब्लिक स्कूल-निमोरा प्रशासनिक अकादमी के सामने से ग्राम निमोरा के पास पार्किंग स्थल पी-11 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
इसी तरह रूट-05 में रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़, राजनांदगांव की ओर आने वाले वाहनों के लिए राज्योत्सव स्थल तक पहुॅच मार्ग निर्धारित है। पचपेड़ीनाका-बोरियाकला-माना बस्ती-तूता होकर तूता मैदान पार्किंग स्थल पी-08, तूता इंडियन तड़का ढाबा के पास पार्किंग स्थल पी-09 एवं निमोरा बस्ती मार्ग दालमिल के पीछे पार्किंग स्थल पी-10 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
रूट-06 में गोबरा नवापारा, राजिम, गरियाबंद की ओर से आने वाले बस एवं चारपहिया वाहनों के लिए राज्योत्सव पहुंच मार्ग निर्धारित किया गया है। जिसके तहत राजिम-गोबरा नवापारा-नवागांव-खण्डवा-जंगल सफारी-ट्रिपल आईटी (भामाशाह चौक)- मुक्तांगन तिराहा होकर पार्किंग स्थल पी-12, मुक्तांगन रेलवे स्टेशन पार्किंग स्थल पी-13 एवं गोल्फ मैदान पार्किंग स्थल पी-14 में अपना वाहन पार्क कर राज्योत्सव स्थल पैदल जा सकेंगे।
दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल
दोपहिया वाहनों की पार्किंग राज्योत्सव स्थल के सामने धरना स्थल के दोनों तरफ स्थित पार्किंग स्थल पी-05, पी-06 एवं पी-07 में होगी।
उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर क्षेत्र के समस्त मार्गों में एक नवम्बर को मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नवा रायपुर क्षेत्र में भवन निर्माण एवं अन्य कार्य में लगे समस्त मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। व्हीव्हीआईपी रूट में कारकेड के आवागमन के समय सुरक्षा के दृष्टिकोण से 30 मिनट पूर्व समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाएगा।
इसी तरह नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल एवं अन्य सभी कार्यक्रम आयोजन स्थल में प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। नागरिक अपने साथ शराब, सूखा नशीला पदार्थ, लाईटर, माचिस, पटाखा आदि ज्वलनशील पदार्थ, अन्य विस्फोटक पदार्थ, लाठी-डंडे, चाकू, तलवार एवं आग्नेय हथियार, बैनर-पोस्टर, ध्वनि विस्तारक यंत्र, लैपटॉप, इलेक्ट्रानिक गैजेट इत्यादि सामग्री नहीं ले जा सकेंगे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का माना विमानतल में न्यू-टर्मिनल से आवागमन होगा, इसलिए हवाई यात्रियों को न्यू टर्मिनल पर आवागमन में असुविधा हो सकती है। समय व सुरक्षा का ध्यान रखते हुए पुराने टर्मिनल से आवागमन कर सकते हैं, पुराने टर्मिनल का मार्ग खुला रहेगा।
यातायात विभाग ने व्हीव्हीआईपी कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले एवं राज्योत्सव मेला जाने वाले नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्ग से आवागमन करें तथा नियत किये गये पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग कर पैदल राज्योत्सव स्थल प्रवेश करें। सभी पार्किंग स्थल राज्योत्सव स्थल के नजदीक पैदल बनाये गये हैं, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग करें अन्यत्र कहीं पर भी पार्किंग करने पर वाहनों को हटाये जाने से आमजनों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। व्हीव्हीआईपी प्रवास पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से कड़ी सुरक्षा जांच से नागरिकों को गुजरना पड़ेगा अतः अवांछित वस्तुए लेकर न जाएं। यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाएं और व्हीव्हीआईपी प्रवास के दौरान सुरक्षित व व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने में यातायात पुलिस का अपना सहयोग दें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल होने का दिया आमंत्रण
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आगामी 1 नवम्बर को आयोजित होने वाले नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह में आमंत्रित करते हुए औपचारिक आमंत्रण पत्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गर्व का अवसर है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की रजत जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर प्रदेश की जनता को नवीन विधानसभा भवन समर्पित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से इस भव्य एवं सुसज्जित विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा। उन्होंने कह कि यह भवन छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक परंपराओं, विकास यात्रा और जनभावनाओं का प्रतीक बनेगा, जिसके हम सभी साक्षी बनेंगे।
भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला : EOW ने 3 पटवारियों को गिरफ्तार किया
रायपुर । छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना के तहत भूमि मुआवजा राशि में हुए बड़े घोटाले के मामले में ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) ने आज बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने तीन पटवारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला पटवारी भी शामिल हैं।
क्या है मामला
भारतमाला परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजा वितरण में भारी अनियमितताएं सामने आई थीं। ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 30/2025 के तहत धारा 7C, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और धारा 409, 467, 468, 471, 420, 120B भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच संबंधित पटवारियों ने निजी व्यक्तियों और भूमाफियाओं के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए शासन की अर्जित भूमि को दोबारा शासन को बेचने, बैक डेट में बंटवारा और नामांतरण करने, गलत व्यक्तियों को मुआवजा दिलाने और भूमि के टुकड़े कर गलत भुगतान कराने जैसे कृत्य किए। इससे शासन को कई करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।
गिरफ्तार आरोपी
दिनेश पटेल, तत्कालीन पटवारी – नायकबांधा
लेखराम देवांगन, तत्कालीन पटवारी – टोकरो
बसंती घृतलहरे, तत्कालीन पटवारी – भेलवाडीह
तीनों पर अपने पद का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और भूमाफियाओं से मिलीभगत का आरोप है। ईओडब्ल्यू ने इन्हें गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया, जहाँ से आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
हाईकोर्ट ने हटाई गई गिरफ्तारी पर रोक
बताया गया कि इससे पहले अन्य फरार लोकसेवकों के खिलाफ वारंट और कुर्की की कार्रवाई शुरू की गई थी। हालांकि, उच्च न्यायालय ने कुछ समय के लिए गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी थी। अब 28 अक्टूबर 2025 को हाईकोर्ट द्वारा यह रोक हटाए जाने के बाद ईओडब्ल्यू ने तीनों को गिरफ्तार किया।
अब तक की जांच और आगे की कार्रवाई
ईओडब्ल्यू की टीम ने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को इस मामले में 10 आरोपियों, जिनमें 2 लोकसेवक भी शामिल हैं, के खिलाफ पहला अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। अब फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते
रायपुर। बिलासपुर में आयोजित 12 वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड एवं दो सिल्वर मैडल प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में तैराक सतेंद्र राम ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और तीन गोल्ड मैडल हासिल किए। वहीं गोस्वामी पैंकरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दो सिल्वर मैडल प्राप्त किए। सतेंद्र राम हैदराबाद में 15 नवंबर से 18 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छत्तीसगढ़ पुलिस की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह में 31 अक्टूबर को शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ पुलिस के द्वारा 31 अक्टूबर को राष्ट्र निर्माता एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह का आयोजन माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 4थीं वाहिनी में किया जा रहा है। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा शामिल होंगे। समारोह सायं 4:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर गृहमंत्री श्री शर्मा मार्च पास्ट का अवलोकन करने के साथ परेड की सलामी लेंगे तथा सभी को एकता दिवस की शपथ भी दिलाएंगे।
राज्यस्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर तीन गोल्ड और दो सिल्वर मैडल किए हासिल
सतेंद्र राम को मिले तीन गोल्ड मैडल, राष्ट्रीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का करेंगे प्रतिनिधित्व
रायपुर, 29 अक्टूबर 2025

बिलासपुर में आयोजित 12 वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड एवं दो सिल्वर मैडल प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में तैराक सतेंद्र राम ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और तीन गोल्ड मैडल हासिल किए।
वहीं गोस्वामी पैंकरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दो सिल्वर मैडल प्राप्त किए। सतेंद्र राम हैदराबाद में 15 नवंबर से 18 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।