छत्तीसगढ़ / रायपुर
जल जीवन मिशन से ग्रामवासियों को मिल रहा हर घर शुद्ध जल
रायपुर,18 सितम्बर 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त 2019 को प्रारंभ किए गए जल जीवन मिशन का उद्देश्य देश के प्रत्येक ग्रामीण घर तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। मोदी की गारंटी के अनुरूप छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इस संकल्प को मूर्त रूप दे रही है।
प्रत्येक ग्रामीण परिवार को शुद्ध पेयजल के लिए घरेलू नल कनेक्शन प्रदान करना है। स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायत भवनों, स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों और सामुदायिक भवनों में काम लायक नल कनेक्शन प्रदाय कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना है।
जशपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम ठुठीअम्बा के प्रधानटोली में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना संचालित की गई है। यहां हर घर तक टंकी से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। टंकी को सौर ऊर्जा पैनल से जोड़ा गया है, जिससे बिजली की समस्या भी नहीं रहती और ग्राम पंचायत को सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
गांव की पूर्व सरपंच श्रीमती बुधनी बाई बताती हैं कि “आज हर घर में नल से पानी पहुँच रहा है। पहले पीने के पानी के लिए हमें हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें काफी समय और मेहनत लगती थी। अब नल से पानी आने से हमें शारीरिक थकान से मुक्ति मिली है और समय की बचत भी होती है।” इसी तरह श्रीमती बसंती बाई का कहना है कि“अब हमें घर बैठे ही पीने और खाना पकाने के लिए शुद्ध पानी मिल जाता है। इससे जीवन बहुत आसान हो गया है।”
ग्रामीण बताते हैं कि जल जीवन मिशन के पहले गर्मियों में जल स्तर नीचे चले जाने से हैंडपंप और कुओं से पानी लाना कठिन हो जाता था। बरसात के मौसम में दूषित पानी से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता था। लेकिन अब पानी की नियमित जाँच होती है और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है। ग्रामीणों ने हर घर नल-जल योजना की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दिव्यांग खिलाड़ियों के साहस और संघर्ष है मिसाल- मंत्री श्रीमती राजवाड़े
राज्य स्तरीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता के समापन समारोह में हुई शामिल
रायपुर, 18 सितम्बर 2025

समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज रायपुर सिविल लाइन स्थित शालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुईं। मंत्री ने आयोजकों और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि व्हीलचेयर रग्बी जैसे खेल दिव्यांग खिलाड़ियों के साहस और संघर्ष की प्रेरणादायी मिसाल हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजन को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें खेल और अन्य गतिविधियों में प्रोत्साहित करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,खेलप्रेमी, खिलाड़ी, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार
रायपुर । आमानाका थाना क्षेत्र के तेंदुआ इलाके में युवक अजय साहू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लोहे का पाइप, देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्या है मामला?
14 सितंबर की रात करीब 11 बजे अजय साहू अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। उसी दौरान तेंदुआ रामा टीएमटी के पास उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। झगड़े में आरोपियों ने देशी कट्टा निकालकर डराया और फिर लोहे के पाइप से अजय साहू के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपियों सोहेल राणा (18 वर्ष, निवासी हीरापुर ढांचा, थाना कबीरनगर) और दिलशाद अंसारी (21 वर्ष, निवासी धनेली, थाना विधानसभा) को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया।
क्या बरामद हुआ?
लोहे का पाइप
1 देशी कट्टा
2 जिंदा कारतूस
मोटरसाइकिल
कौन-कौन रहे शामिल?
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आमानाका निरीक्षक सुधांशु बघेल, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय, सउनि फूलचंद भगत, प्र.आर. मार्तंड सिंह समेत एंटी क्राइम यूनिट और आमानाका थाने की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फलदार वृक्षों से बदली जिंदगी : सुरेश चन्द्र बने गांव के लिए प्रेरणा स्रोत
रायपुर, 18 सितम्बर 2025

नक्सल प्रभावित और भौगोलिक रूप से दुर्गम खड़कागांव (ब) ग्राम की तस्वीर अब हरियाली और आर्थिक समृद्धि से बदल रही है। यहां के मेहनती कृषक सुरेश चन्द्र भण्डारी ने व्यक्तिमूलक फलदार वृक्षारोपण योजना से अपनी जिंदगी को नई दिशा दी और गांव के अन्य किसानों के लिए प्रेरक व आदर्श प्रेरणा बन गए।
उद्यानिकी विभाग की योजना के अंतर्गत सुरेश को एक हेक्टेयर भूमि पर फलदार वृक्षारोपण के लिए 2 लाख 25 हजार रुपये की सहायता मिली। उन्होंने इस राशि से आम, काजू, कटहल, नींबू और अमरूद जैसे उच्च मूल्य वाले लगभग 277 पौधों का रोपण किया था। उनके द्वारा इन पौधों की देखरेख और सिंचाई का कार्य उन्होंने पूरी निष्ठा से किया गया।
आज इन वृक्षों से न केवल परिवार को अतिरिक्त आय का लाभ मिल रहा है, बल्कि गांव में हरियाली, मृदा संरक्षण और जैव विविधता भी बढ़ रही है। सुरेश की इस सफलता से प्रभावित होकर अब कई अन्य ग्रामीण भी बंजर या कम उपयोगी भूमि पर फलदार वृक्षारोपण के लिए आगे आ रहे हैं।
सुरेश चन्द्र भण्डारी की मेहनत और संकल्प ने यह साबित कर दिया है कि योजनाओं का सही उपयोग कर किसान अपनी तकदीर बदल सकते हैं और गांव को नई पहचान दिला सकते हैं।
श्रीरामलला दर्शन योजना : 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए हुए रवाना
रायपुर, 18 सितम्बर 2025


श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत भारत गौरव ट्रेन बिलासपुर संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर इस विशेष ट्रेन को जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुंगेली जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडे, बिलासपुर जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, पूर्व महापौर श्रीमती वाणी राव और नगर निगम के सभापति श्री विनोद सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी तथा रेलवे के कर्मचारी उपस्थित थे।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का स्टेशन में भव्य स्वागत किया गया। गाजे-बाजे और पारंपरिक नृत्य के साथ तिलक लगाकर भक्तों का स्वागत किया गया। ये श्रद्धालु काशी विश्वनाथ का भी दर्शन करेंगे। दर्शन के लिए जा रहे इन श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 यात्री भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां ठहरने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा : मुख्यमंत्री श्री साय
राजिम क्षेत्र के लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा, यात्रियों को होगा लाभ : मुख्यमंत्री श्री साय
छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से
रायपुर एवं राजिम के मध्य आने-जाने के लिए यात्री सुविधा में हुई बढ़ोतरी
रायपुर, 18 सितम्बर 2025


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजिम में नई रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की आवागमन सुविधा में वृद्धि करते हुए राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राजिम-रायपुर-राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा तथा रायपुर-अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार भी प्रारंभ किया। भारी संख्या में यात्री इस अवसर पर ट्रेन में सवार हुए और उत्साहपूर्वक रायपुर की ओर रवाना हुए। सस्ती एवं सुलभ नई रेल सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग सहित सभी के लिए यह ट्रेन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अब और अधिक सुगम, सुविधाजनक और किफायती बन गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से लगातार 19 महीनों से विकास की गति निरंतर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी और अब आठ वर्षों के अंतराल के बाद यहां ब्रॉडगेज ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके लिए उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू, नगर पालिका गोबरा नवापारा अध्यक्ष श्रीमती ओमकुमारी संजय साहू, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष श्री महेश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

वन मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित हो गई है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 22 मई को ‘निर्मल भारत रेलवे स्टेशन’ के नाम से देश के 103 रेलवे स्टेशनों को मॉडिफाई करने के लिए चयनित किया गया, जिनमें से छत्तीसगढ़ के पाँच रेलवे स्टेशन शामिल हैं और 32 स्टेशन भी इस योजना में जोड़े गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री श्री साय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएँ चालू हैं, जिनसे रेल कनेक्टिविटी में तेजी आएगी। बस्तर को भी इससे लाभ हो रहा है और रावघाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 140 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है।
रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में बाहर से साधु-संत एवं पर्यटक भारी संख्या में आते हैं। अब उन्हें सीधे रायपुर से राजिम आने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और विश्व पटल पर राजिम का नाम और अधिक रोशन होगा।

महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने नई रेल सेवा के लिए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि अब राजिम से रायपुर आना बहुत आसान हो गया है। श्रद्धालु एवं पर्यटक यात्री अब राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक भी यात्रा कर सकेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक किया जाएगा। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोरों—राजिम और रायपुर—से संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने तिफरा में किया सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ
दिव्यांगजनों का किया सम्मान, बांटे सहायक उपकरण
रायपुर, 18 सितम्बर 2025

केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने बिलासपुर के तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के विजेता दिव्यागजनों को सम्मानित किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग जनों को सशक्त करने विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक श्री धरम लाल कौशिक ने की।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू ने दिव्यांग बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कुल 62 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता 17 प्रतिभागियों और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट 17 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। रजत महोत्सव कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए रंगोली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।
मुख्य अतिथि श्री तोखन साहू द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं सम्मान प्रदान किये गये। इस दौरान 05 ब्रेल किट, 05 श्रवण यंत्र एवं 10 स्मार्ट केन वितरित किए गए। श्री तोखन साहू ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को दिए गए उपकरण उनकी शैक्षणिक प्रगति में सहायक होंगे तथा बिलासपुर जिले में किसी भी दिव्यांगजन को सहायक उपकरण की कमी नहीं होने दी जाएगी।
आधा दर्जन निरीक्षकों का तबादला, देखें लिस्ट...
रायपुर । रायपुर में आधा दर्जन निरीक्षकों के तबादले हुये है। सूची में कुछ थानों के टीआई को भी इधर से उधर किया गया है।
एसएसपी डाॅ. लाल उमेद के द्वारा जारी सूची में निरीक्षक अजीत सिंह राजपूत को थाना प्रभारी कोतवाली से र.आ.केंद्र भेजा गया है। निरीक्षक शिव नारायण सिंह को थाना प्रभारी डीडी नगर से थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक रविन्द्र सिंह को थाना प्रभारी मौदहापारा से थाना प्रभारी डीडी नगर, निरीक्षक मुकेश शर्मा को र.आ.केंद्र से थाना प्रभारी मौदहापारा, निरीक्षक मनीष तिवारी को रआ केंद्र से थाना प्रभारी माना और निरीक्षक शील आदित्य कुमार सिंह को यातायात से थाना प्रभारी पुरानी बस्ती भेजा गया है।
देखें सूची...
पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे
भवन अनुज्ञा और वय वंदन कार्ड सहित कई योजनाओं का लाभ
रायपुर, 18 सितंबर 2025


छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़े में हितग्राहियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ मिल रहा है। अपनी जरूरते पूरी होने और परेशानियों से मुक्ति मिलने से हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बिलासपुर में हुए कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आशियाने की चाबी, भवन अनुज्ञा, पहले किश्त की राशि और वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से लाभान्वित कुदुदन निवासी श्रीमती ममता दुबे को आवास स्वीकृत हुआ और भवन का नक्शा मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें किराए के घर से निजात मिल गई है। इसी तरह हेमूनगर की गोटीवाड़ा विजया और बिजौर निवासी ओम साहू को घर की चाबी मिलने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विजय ने बताया कि पति ड्राइविंग का काम करते हैं आमदनी इतनी नहीं कि खुद का घर बना सकें पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आवास योजना से अब उनका पक्के घर का सपना साकार हो गया है और कच्चे घर से निजात मिल गई।
इसी तरह अशोक नगर निवासी श्रीमती संतोषी श्रीवास व श्रीमती पूनम टंडन लिंगियाडीह निवासी को खमतराई, और बहतराई में मकान आवंटित हुआ और उन्हें पहले किश्त का चेक प्राप्त हुआ। उन्होंने खुशी से बताया कि अब उनका अपने खुद के घर में रहने का सपना साकार होने जा रहा है। वहीं श्रीमती रानी यादव सरकंडा थाना के सामने बेजा कब्जा कर परिवार के साथ रह रही थी जिसके कभी टूटने की आशंका है उन्होंने बताया कि घर तोड़े जाने का उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है पर अब आवास स्वीकृत होने से उनकी एक बड़ी चिंता दूर हो गई है बहुत से हितग्राहियों को इस अवसर पर जहां गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी सौंपी गई वहीं लखपति दीदीयों का सम्मान भी किया गया। तालापारा, ख्वाजा नगर निवासी अब्दुल नईम को आवास स्वीकृत हुआ। मैकेनिक का कार्य करने वाले नईम ने बताया कि अब उनके परिवार को सुरक्षित छत मिल सकेगी।
बिलासपुर के ही श्री हरनारायण पटेल, शांति देवी और श्रीमती विद्या परिहार को वय वंदन कार्ड के अंतर्गत पाँच लाख रुपये की स्वास्थ्य सहायता का लाभ मिला। सभी हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन को एक नई उम्मीद और संबल मिला है।
नगर पंचायत भटगांव में 'स्वच्छता ही सेवा 2025' अभियान का शुभारंभ
भटगांव । नगर पंचायत भटगांव में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय से स्वच्छता शपथ दिलाई तथा स्वच्छता रैली के लिए हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता वाहन को रवाना किया। यह रैली नगर पंचायत कार्यालय से शुरू होकर बिर्रा रोड तक निकाली गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत के समस्त पार्षद, कर्मचारी व अन्य नागरिक उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन भटगांव के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वच्छता इकाई परिवर्तन कार्य किए जाएंगे। प्रथम दिन सुबह अड़बंधा गार्डन में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें अनेक लोगों ने भाग लेकर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर पंचायत भटगांव का यह विशेष अभियान 02 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और भटगांव को एक आदर्श नगर के रूप में स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री 18 सितम्बर को करेंगे रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर नई सेवा का शुभारंभ
रायपुर एवं राजिम के मध्य आने-जाने के लिए मिलेगी यात्री सुविधा
रायपुर, 17 सितंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 18 सितम्बर को रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर नई सेवा का शुभारंभ राजिम रेलवे स्टेशन से प्रातः 10:30 बजे करेंगे। इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू और श्री रोहित साहू की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर नई सेवा से यात्रियों को सुगम, सुलभ और किफायती यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा। राजधानी आने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से उपयोगी होगी। इसके साथ ही इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग-राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित होगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर और अभनपुर के मध्य संचालित रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक विस्तार किया जा रहा है। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोर से-राजिम और रायपुर से-संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।
मनरेगा कुंए से बदली किसान की तकदीर
रायपुर, 17 सितम्बर 2025

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) ने ग्रामीण अंचलों में न केवल रोजगार सृजन किया है, बल्कि किसानों के जीवन में समृद्धि लाने का कार्य भी किया है। धरमजयगढ़ विकासखण्ड की ग्राम पंचायत आमापाली के किसान श्री मार्शल उर्फ छोटेया इसका उदाहरण हैं। कभी पानी की कमी से जूझती उनकी 2.5 एकड़ कृषि भूमि आज हरी-भरी फसलों से लहलहा रही है।
पूर्व में उनकी कृषि पूरी तरह वर्षा पर निर्भर थी। सीमित उत्पादन और कम आय के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इस बीच मनरेगा के तहत उनके खेत में व्यक्तिगत कुंआ निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ। इसके लिए 2.54 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई।
कुंआ निर्माण के बाद श्री मार्शल ने अपने खेत में धान, मक्का, मूंगफली एवं विभिन्न सब्जियों की खेती प्रारंभ की। गर्मी के मौसम में मूंगफली की फसल से प्राप्त आमदनी ने उनकी आर्थिक दशा को सुदृढ़ किया। सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने से फसलों की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और अब उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 40 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। इस कार्य से श्री मार्शल के परिवार के 5 सदस्यों सहित 20 अन्य जॉब कार्डधारी ग्रामीणों को भी रोजगार मिला। श्री मार्शल की सफलता को देखते हुए चार अन्य किसानों ने व्यक्तिगत कुंआ निर्माण कार्यों की माँग की, जिन्हें प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
रायगढ़ जिले के 110 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए रवाना
रायपुर, सितम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रदेश शासन द्वारा संचालित श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले से आज 110 तीर्थयात्रियों का दसवां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 93 तीर्थयात्री ग्रामीण अंचलों से तथा 17 तीर्थयात्री नगरीय क्षेत्र से शामिल हैं। दर्शनार्थियों को रवानगी से पूर्व मंगलकामनाएँ दी गईं। उत्साह से सराबोर श्रद्धालु “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ अयोध्या धाम की यात्रा पर निकले। रायगढ़ से उन्हें बसों के माध्यम से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुँचाया गया, जहाँ से वे विशेष रेलगाड़ी द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान किए।
डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक तीर्थयात्री को निःशुल्क यात्रा, भोजन एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही यात्रा की सुचारु व्यवस्था हेतु विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। तीर्थयात्रियों ने शासन की इस पहल के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें जीवन में पहली बार अयोध्या धाम जाकर श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है, जिसे वे अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में महिलाओं और बच्चों के विकास के प्रयास सराहनीय: केन्द्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी
केन्द्रीय मंत्री ने किया निमोरा मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र का अवलोकन
रायपुर, 17 सितम्बर 2025



राजधानी रायपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज निमोरा स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र-1 का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में पंजीकृत बच्चों से आत्मीय मुलाकात की, उन्हें गोद में उठाकर दुलारा और उनके लिए संचालित गतिविधियों एवं सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
आंगनबाड़ी केन्द्रों की भूमिका की सराहना
केन्द्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, शिक्षा और संपूर्ण विकास के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में ईसीसीई (Early Childhood Care and Education) गतिविधियों के अंतर्गत न केवल बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें खेल-खेल में शिक्षा भी दी जा रही है। इससे बच्चों की बौद्धिक, सामाजिक और शारीरिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
राष्ट्रीय पोषण माह की प्रासंगिकता पर जोर
श्रीमती अन्नपूर्णा देवी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” के संकल्प के साथ राष्ट्रीय पोषण माह के आठवें संस्करण की शुरूआत की गई है। यह अभियान महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य सुधार, कुपोषण उन्मूलन और परिवार की खुशहाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान दें।
आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म अदा की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों से भी संवाद किया तथा उन्हें योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ उठाने की प्रेरणा दी।
बच्चों की प्रतिभा को सराहा
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने बाल-गीत प्रस्तुत किए, जिसे सुनकर केन्द्रीय मंत्री ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को फल एवं उपहार प्रदान किए। केन्द्रीय मंत्री ने स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता और पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
केन्द्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आंगनबाड़ी परिसर में अमरूद, मुनगा, जामुन और आम के पौधे लगाकर हरित वातावरण और पोषण सुरक्षा का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है बल्कि बच्चों को ताजगी भरा माहौल भी प्रदान करता है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री लव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, विभागीय संचालक श्री पी.एस. एल्मा, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर खिलाया गुड़ एवं हरी घास
रायपुर, 17 सितंबर 2025


कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज रावाँभाठा स्थित उज्ज्वल गौरक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर गौ माता की पूजा-अर्चना कर गुड़ और हरी घास खिलाई।
मंत्री श्री नेताम ने इस मौके पर प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी को गौ माता का सेवा करना चाहिए। गौमाता की सेवा करने से हमें असीम शांति मिलती है। अध्यात्मिक दृष्टि से भी गौमाता की सेवा का मानव जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू और गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेषर पटेल उपस्थित थे।
मंत्री श्री नेताम ने इस मौके पर वासुदेव गौशाला ओखर बिलासपुर को शेड निर्माण के लिये 5 लाख रूपए, उज्जवल गौ रक्षा केंद्र रायपुर को पेयजल के लिये 1 लाख रूपए, श्री राम गौशाला सीलीडीह धमतरी को पेयजल के लिये 1 लाख रूपए, सद्गुरु मानव सेवा असंग आश्रम रायपुर को चारा विकास के लिये 25 हजार रूपए और श्री केशव गौशाला लोहारा कबीरधाम को चारा विकास के लिये 25 हजार रूपए का चेक प्रदान किया।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज ट्रिपल आईटी परिसर नवा रायपुर में किया वृक्षारोपण
रायपुर, 17 सितंबर 2025

आदि सेवा पर्व पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर आज वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में ट्रिपल आईंटी नवा रायपुर में एक पेड़ मां के नाम 2.0 कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, संचालक ट्रिपल आई टी श्री ओमप्रकाश व्यास, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मददी, पीसीसीएफ वी. श्रीनिवास राव, जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि हम सभी को अपने जीवन काल में एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। कार्यक्रम मे ट्रिपल आईटी के प्राध्यापक गण छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर फलदार पौधे का रोपण किया गया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य में ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान 2.0 के तहत वर्ष 2025 में लगभग 2.75 करोड़ से अधिक पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें राज्य के वन विभाग की नर्सरियों और विभागीय स्त्रोतों से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर में 2056 मरीजों का उपचार
चिकित्सकों ने दी अमूल्य सेवाएं: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
रायपुर, 17 सितम्बर 2025



प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा राजनांदगांव द्वारा भारतरत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में निरूशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ भी किया गया।
शिविर के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का निःशुल्क उपचार कर चिकित्सकों ने अमूल्य सेवा प्रदान की है। शिविर में 2056 मरीजों का पंजीयन हुआ, जिनका उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ, आयुष्मान कार्ड तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में प्रदेश से 18 तथा जिले से 12, कुल 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएँ दीं। इसमें कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, ऑर्थाेपेडिक, नेफ्रोलॉजिस्ट, ऑन्कोलॉजिस्ट सहित विभिन्न विशेषज्ञ सम्मिलित थे। शिविर में कई मरीजों में हृदय रोग, किडनी, मधुमेह और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों का पहली बार निदान हुआ। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ऐसे मरीजों का आगे उच्चस्तरीय चिकित्सालयों में इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा।
कार्यक्रम में रेडक्रास सोसायटी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। आईएमए द्वारा 10 लाख रुपये की दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं तथा राम रसोई द्वारा 3 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेवाभावी चिकित्सकों को सम्मानित किया और स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।