छत्तीसगढ़ / रायपुर
हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी के परिणाम सुधार के लिए ठोस प्रयास करें : शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक
रायपुर, 03 सितम्बर 2025

स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं के परिणामों में सुधार लाने के लिए अभी से ठोस और प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके लिए स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों को प्रशिक्षण एवं समुचित सलाह उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी सचिव स्कूल शिक्षा एवं लोक शिक्षण संचालक श्री ऋतुराज रघुवंशी ने विभागीय संरचना, शासकीय स्कूलों और छात्रों की संख्या, शिक्षकों की स्थिति, शैक्षणिक पद, बजट प्रावधान, अधोसंरचना तथा विद्यार्थियों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री श्री यादव ने निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, शिक्षा का अधिकार अधिनियम और निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना की जानकारी लेकर इन योजनाओं को सुचारू रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को भी पूरी गंभीरता से लागू करने पर जोर दिया।
श्री यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधार में सामुदायिक सहयोग बेहद आवश्यक है। इसके लिए स्कूलों में सामाजिक अंकेक्षण आयोजित किए जाएं, ताकि समाज की भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ हो सके। उन्होंने राज्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रस्तावित गतिविधियों पुस्तक वाचन दिवस, बाल पंचायत, एल्युमिनी मीट, शिक्षक दिवस और प्रदर्शनीक के आयोजन की रूपरेखा पर भी अधिकारियों से चर्चा की।
शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने जिलों से शिक्षकों की संपूर्ण जानकारी, पदस्थापना तथा रिक्त पदों का विवरण संचालनालय को प्रस्तुत करें। इससे स्कूलों की स्थिति में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सैनिक स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। बैठक में लोक शिक्षण संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा से अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर, 03 सितम्बर 2025
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा से आज अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंटकर सोसायटी के लिए चिन्हांकित भूमि के आवंटन संबंधी प्रस्ताव को शासन से स्वीकृत कराने के लिए चर्चा की। पदाधिकारियों ने इस अवसर पर संस्था की गतिविधि की भी जानकारी दी। राजस्व मंत्री ने शीघ्र ही आगामी होने वाली बैठक में विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए आश्वस्त किया। प्रतिनिधि मंडल में सोसायटी के अध्यक्ष सेवानिवृतत आईएएस श्री दिलीप वासनीकर, उपाध्यक्ष एवं रायपुर कमिश्नर श्री महादेव कावरे सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता लाने के दिए गए निर्देश
स्वास्थ्य और शिक्षा सहित जिले के विकास में हो डीएमएफ की राशि का सदुपयोग
दिशा समिति और डीएमएफ के शासी समिति की बैठक संपन्न
रायपुर, 02 सितंबर 2025

जिला खनिज संस्थान न्यास और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आज जिला कार्यालय कोंडागांव के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी और विभिन्न जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक में डी एम एफ की राशि का समुचित उपयोग जिले के निवासियों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सहित क्षेत्र के विकास कार्य में व्यय पर जोर दिया गया। वहीं किसानों को उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता लाने हेतु संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार सहित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि जिले में स्कूल आंगनबाड़ी भवन के मरम्मत या नए भवनों के कार्यों को प्राथमिकता दें। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यह बहुत जरूरी है। उन्होंने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत शीघ्र सभी विभागों से प्रस्ताव तैयार करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही आदि कर्म योगी अभियान के क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मंशानुरूप खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू किया जा रहा है, जो कि तीन माह तक चलेगा। सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि डीएफएम की राशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें। दुरूपयोग न हो जिले के शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सदुपयोग करें।
कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का समुचित उपयोग के निर्देश दिए। किसानों को नर्सरी विकसित करने हेतु प्रशिक्षण दिलाएं। केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा दौरान कहा कि आवास निर्माण में प्रगति लाने जनप्रतिनिधि भी आगे आएं। साथ माओवाद पीड़ित और प्रभावितों के लिए स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं।
बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसानों को खाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करें। जिले में जल जीवन मिशन के प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लोक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता लाएं और गांव के शत प्रतिशत घरों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में कुपोषण को दूर करने हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान चलाने की बात कही गई। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिले में स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए मलेरिया मुक्त अभियान के लिए जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिले में शिक्षा विभाग के स्कूल भवनों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई और मरम्मत और नए भवन हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा गया। साथ आश्रम छात्रावासों में सभी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा कन्या छात्रावासों में सीसीटीवी और महिला सुरक्षा गार्ड एवं स्वास्थ्य कर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जनप्रतिनिधि भी आश्रम छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें।
बैठक में इसके अलावा मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, संसद आदर्श ग्राम, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, भारत नेट, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, ग्राम सड़क योजना, केशकाल बायपास सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आदि कर्मयोगी अभियान: विकसित भारत में सशक्त होगा जनजातीय समाज
डॉ. ओम डहरिया
सहा. जनसंपर्क अधिकारी
रायपुर, 3 सितंबर 2025
देश की आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब किसी सरकार ने जनजातीय समाज के जीवन स्तर को उपर उठाने के लिए देशव्यापी अभियान छेड़ा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार जैसे मूलभुत सुविधाओं से जोड़ने और इनका लाभ दिलाने के लिए आदि कर्मयोगी अभियान की शुरूआत की है। यह अभियान देशभर के 30 राज्यों में संचालित किया जा रहा है। यह अभियान देश भर के 550 से ज्यादा जिलों और 1 लाख से अधिक आदिवासी बहुल गांवों में बदलाव के लिए काम करेगी।
बता दें कि जब भारत 2047 में अपनी आज़ादी के 100 वर्ष पूरा करेगा। उस समय तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए यह जरूरी है कि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न छूटे। आदिवासी समाज को आगे बढ़ाए बिना यह सपना अधूरा रहेगा। आदि कर्मयोगी अभियान इस अंतर को भरने के लिए एक ठोस कदम है। यह अभियान शासन और समाज के बीच की दूरी को कम करेगा, पारदर्शिता लाएगा और योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान को सेवा पर्व का रूप दिया है। उनका कहना है कि यह केवल योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास नहीं, बल्कि समाज और शासन को जोड़ने वाला पुल है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान के लिए वृहद स्तर पर आदिकर्म योगियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये कर्मयोगी जनजातीय परिवारों से घर-घर संपर्क कर उनकी आवश्यकताओं और जरूरतों को समझेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेंगे, राज्य और जिला स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। राज्य सरकार के सभी विभागों के अधिकारी इस कार्य में संवेदनशीलता के साथ सीधे जुड़ेंगे।
आदिकर्मयोगी अभियान का महत्व राष्ट्रीय स्तर पर इसलिए भी है क्योंकि भारत की जनजातीय आबादी लगभग 10 करोड़ से अधिक है। इतने बड़े समुदाय को मुख्यधारा में लाए बिना 2047 तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा। यह अभियान प्रधानमंत्री की उस सोच से जुड़ा है, जिसमें हर क्षेत्र, हर समाज और हर नागरिक को विकसित भारत” की यात्रा में समान अवसर देना है। भारत का विकास केवल शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रह सकता। एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र वही कहलाएगा, जहाँ समाज के हर तबके को समान अवसर मिले और उसकी संस्कृति को उचित सम्मान दिया जाए। इसी सोच को मूर्त रूप ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के जरिए दिया जा रहा है। यह वस्तुतः जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।
छत्तीसगढ़ देश का वह राज्य है जहाँ सर्वाधिक जनजातीय जनसंख्या निवास करती है। इसीलिए इस अभियान का यहां विशेष महत्व है। आदिवासी समाज की असली चुनौती यही रही है कि अनेक योजनाएँ होते हुए भी उनकी जानकारी और लाभ ज़रूरतमंदों तक समय पर नहीं पहुँच पाते। ऐसे में लाखों कर्मयोगी स्वयंसेवक योजना और समाज के बीच सेतु बन सकेंगे। यह अभियान राज्य के 28 जिलों और 138 विकासखंडों के 6 हजार 650 गांवों में 1 लाख 33 हजार से अधिक वालंटियर्स तैयार करने का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ में यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे राज्य में ग्राम पंचायत स्तर पर सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा।
आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री राम विचार नेताम में अधिकारियों को पंचायतों में आदि सेवा केंद्र स्थापित करने और जनजातीय परिवारों को पेंशन, स्वास्थ्य बीमा, छात्रवृत्ति, रोजगार, कौशल विकास जैसी सुविधाओं के लिए मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि इस अभियान को सेवा पर्व के रूप में मनाया जाए और जनजातीय योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का ठोस प्रयास किया जाए।
आदि कर्मयोगी अभियान के पीछे एक गहरी सामाजिक सोच है। जब कोई स्थानीय युवा, महिला या स्वयंसेवक अपने ही गाँव में जाकर योजनाओं की जानकारी देता है, तो लोग उस पर भरोसा करते हैं और यह विश्वास ही बदलाव की असली ताकत है। अभियान का असर शिक्षा और स्वास्थ्य से लेकर आजीविका तक हर क्षेत्र में दिखेगा। जब एक वालंटियर किसी परिवार को यह बताता है कि उनकी बेटी को छात्रवृत्ति मिल सकती है, या बुजुर्ग को पेंशन का हक़ है, तो यह केवल सूचना नहीं होती, बल्कि उस परिवार की ज़िंदगी बदलने वाला अवसर होता है।
'पापा, मैं ठीक हो जाऊंगी ना?' – दिल की बीमारी से जूझ रही मासूम शांभवी गुरला का सवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भोपालपटनम से आए परिवार को दिया संपूर्ण इलाज का भरोसा
रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट में होगा रियूमेटिक हार्ट डिजीज (आरएचडी) का इलाज
रायपुर, 02 सितंबर 2025

बीजापुर जिले भोपालपटनम ब्लॉक के वरदली गांव की 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय शांभवी गुरला की मासूम आंखों में एक ही सवाल था— “पापा, मुझे क्या हुआ है, मैं ठीक हो जाऊंगी ना?”
खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करने वाले उसके पिता इस सवाल पर अक्सर चुप हो जाते थे। तीन महीने पहले जिला अस्पताल बीजापुर में जब डॉक्टरों ने बताया कि शांभवी को रियूमेटिक हार्ट डिजीज (RHD) है, तो पिता के पांव तले जमीन खिसक गई। डॉक्टरों ने रायपुर में इलाज कराने की बात कही, लेकिन परिवार को लगा कि रायपुर में इलाज में तो बहुत ज्यादा खर्च लगता होगा, ये सोच कर परिवार की उम्मीदें टूटने लगीं।
घर में हर रोज यही चर्चा होती—“अब क्या होगा? हम अपनी बेटी का इलाज कैसे कराएंगे?” मां रोती और शांभवी को सीने से लगाकर कहती—“बेटा, सब ठीक होगा।” लेकिन उसके पिता की आंखों में चिंता साफ झलकती थी। आखिरकार उन्होंने हिम्मत जुटाई और बेटी को लेकर सीधे स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के पास पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री ने बच्ची से मुलाकात की और तुरंत ही रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट में डॉ. स्मित श्रीवास्तव से बात की। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज तुरंत शुरू किया जाए। खर्च की चिंता मत करें, सरकार पूरी जिम्मेदारी लेगी।”
स्वास्थ्य मंत्री की यह बात सुनते ही शांभवी की मां की आंखों से आंसू बह निकले। उन्होंने कांपती आवाज़ में कहा— “मंत्री जी, आप हमारी बेटी को नया जीवन दे रहे हैं। आप हमारे लिए किसी डाक्टर से कम नहीं।” स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर शांभवी को इलाज के लिए एसीआई रायपुर में लाया गया है। यहां डॉक्टरों की टीम उसकी जांच करेगी और उसका इलाज शुरू करेगी। गौरतलब है कि सरकार का यह कदम सिर्फ एक बच्ची के लिए नहीं, बल्कि राज्य के हर एक गरीब परिवार के लिए भरोसे का संदेश है।
अब माता पिता के चेहरे पर खुशी के भाव देखकर आज शांभवी भी मुस्कुरा रही है और पिता से बार-बार पूछती है— “पापा, मैं जल्दी खेल पाऊंगी ना?” और इस बार पिता की आंखों में आंसू नहीं, बल्कि उम्मीद की चमक है।
बांस करील के अवैध परिवहन पर कार्रवाई आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 02 सितम्बर 2025
प्रदेश में बांस करील एवं पिका के अवैध परिवहन के मामले में तेज़ और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गिरौदपुरी, निवासी प्रवीण कुमार पटेल के विरूद्ध बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री रूपेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में महराजी सर्कल के वन कर्मचारियों एवं सुरक्षा श्रमिकों द्वारा की गई नियमित गश्त के दौरान प्रवीण कुमार पटेल पिता भनेश राम पटेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौदपुरी, को मोटरसाइकिल (होंडा साइन, क्रमांक CG22 AF 8094) में बांस करील एवं बांस पिका का अवैध रूप से परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मौके पर ही वाहन एवं बांस करील एवं पिका को जप्त कर पी.ओ. आर. दर्ज की गई। बरामद नासवान बांस करील एवं पिका को नियमानुसार गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया। साथ ही संबंधित के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जा रही है।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा है कि वन संपदा की अवैध कटाई एवं परिवहन पर्यावरण और जंगलों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। वन विभाग लगातार जंगल एवं वन उत्पादों के अवैध कटाई एवं परिवहन पर नज़र बनाए हुए हैं और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर वन संपदा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आम जनता एवं ग्रामीणों से अपील किया है कि किसी भी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि सामूहिक प्रयास से वनों की रक्षा की जा सके और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरूद्ध कार्यवाही की जा सके।
छत्तीसगढ़ी नृत्य और संस्कृति के रंगों से सजा आजाद क्लब का गणेश उत्सव
रायपुर । चन्द्र शेखर आजाद सोशल एंड स्पोर्ट्स क्लब आजाद क्लब जोरापारा में गणेश उत्सव में प्रतिदिन बच्चों-बड़ों सभी के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें वार्ड मोहल्ले के बच्चे बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। प्रतिदिन की तरह सोमवार रात्रि संगीतमय भव्य आरती के साथ प्रतिदिन भोग प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया।
सोमवार को छोटे बच्चों के नृत्य डांस का आयोजन किया गया था, जिसमें लगभग 30 बच्चों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। छोटे छोटे बच्चों ने छत्तीसगढ़ी गानों पर बहुत ही सुंदर प्रस्तुति देकर सब का मन मोह लिया। प्रमुख आकर्षण के रूप में गौरा गौरी, जवारा विसर्जन नृत्य की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ परिधान के साथ अद्भुत प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रही।
महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती प्रिया टावरे ने बताया कि इंटरनेट सोशल मीडिया के आज के इस युग में अपने धर्म एवं संस्कृति को सहेज कर रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए गणेश उत्सव के इस महापर्व में प्रतिवर्ष समिति द्वारा तरह तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाते है। ताकि हमारे धर्म और संस्कृति को बच्चे सीखे और कुछ समय के सोशल मीडिया इंटरनेट से दूर रह कर शारीरिक क्रियाएं डांस खेल कूद के माध्यम से करते रहे।
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : शम्मी आबिदी
रायपुर जिले की आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा बैठक
रायपुर । महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने आज इंद्रावती भवन, रायपुर में विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा बैठक ली। बैठक में रायपुर जिले की आंगनबाड़ी सेवाओं, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, टेक होम राशन वितरण की स्थिति तथा पोषण अभियान की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की।
आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण आवश्यक
सचिव श्रीमती आबिदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रायपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा क्षेत्रीय स्तर के अधिकारी नियमित रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति का आंकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर, सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और हितग्राहियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने का माध्यम होना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और महतारी वंदन योजना पर भी विशेष बल दिया गया। सचिव ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। महतारी वंदन योजना में हितग्राहियों के घर-घर जाकर सर्वे करें। जिन मामलों में लाभार्थी पते पर उपलब्ध नहीं हैं, दस्तावेज अधूरे हैं या हितग्राही की मृत्यु हो चुकी है, उनकी जानकारी तत्काल सत्यापित कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और डीपीओ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टेक होम राशन वितरण की होगी सख्त निगरानी
सचिव महिला एवं बाल विकास श्रीमती आबिदी ने टेक होम राशन (THR) के वितरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों गर्भवती एवं धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मात्रा में टेक होम राशन उपलब्ध कराना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। राशन वितरण और एंट्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एनीमिया रोकथाम पर जोर
सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिकाओं, शिशुवती महिलाओं और गर्भवती माताओं में एनीमिया की समस्या को रोकने के लिए पोषणयुक्त आहार पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और सामुदायिक स्तर पर जागरूक करने एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से हरी सब्जियों, सहजन (मोरिंगा), गुड़, तिल, चना और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य वस्तुओं के सेवन के लिए प्रोत्साहित करें।
पोषण ट्रैकर और राष्ट्रीय पोषण अभियान
सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने पोषण ट्रैकर ऐप का सही उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित गृहभेट करें और समय पर ऑनलाइन एंट्री करें। उन्होंने बताया कि 01 सितंबर से राष्ट्रीय पोषण अभियान की शुरुआत हो चुकी है, जिसके अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी हैं ताकि समुदाय में कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़े और पोषण स्तर में सुधार हो।
कुपोषण रोकने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश
सचिव श्रीमती आबिदी ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कुपोषण रोकने के लिए मिशन मोड में काम किया जाए ताकि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं और सेवाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब बच्चों, माताओं और किशोरियों को कुपोषण और एनीमिया से मुक्त स्वस्थ जीवन मिल सके।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पी. एल्मा, संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर जिले की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शैल ठाकुर, सीडीपीओ तथा सुपरवाइजर उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की।
आजाद सोशल एंड स्पोर्ट्स क्लब में गणेश उत्सव पर महाआरती और 56 भोग प्रसादी
रायपुर। चंद्रशेखर आजाद स्मृति आजाद सोशल एंड स्पोर्ट्स क्लब, जोरापारा रायपुर में गणेश उत्सव महापर्व के अवसर पर सोमवार को महाआरती और 56 भोग प्रसादी का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत 21 बत्तियों से निर्मित दिव्य ज्योति दीपक कलश से भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के समक्ष समिति के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों ने महाआरती की और धर्मलाभ लिया। महाआरती के दौरान भगवान गणेश, भगवान शिव, भगवान हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं की आरती की गई।
धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक छटा
ढोल-ताशों और संगीतमय आरती के बीच पूरा मोहल्ला “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने पारंपरिक बंगाली साड़ी और पुरुषों ने कुर्ता-पायजामा पहनकर भारतीय संस्कृति की छटा बिखेरी। भगवान गणेश को तरह-तरह के 56 भोग अर्पित कर प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
प्रतिदिन भोग प्रसादी और भंडारा
समिति द्वारा प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसादी भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है।
98वें स्थापना वर्ष का उत्सव
क्लब प्रमुख हितेश यादव ने बताया कि इस वर्ष समिति का 98वां स्थापना वर्ष है। समिति की स्थापना वर्ष 1927 में होलिका उत्सव से हुई थी। शुरुआत में इसका नाम बाल समाज था, बाद में इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद के नाम पर वर्तमान स्वरूप दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में शताब्दी वर्ष पर एक विशाल सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
सामूहिक भागीदारी
भव्य आयोजन के इस अवसर पर समिति की महिला मंडल, नवयुवक मंडल, बालिका मंडल, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
अंबेडकर अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों को भी मिले वेतन वृद्धि का लाभ: NSUI
रायपुर। राजधानी के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के नर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 1 सितम्बर को एनएसयूआई प्रतिनिधि मंडल ने अधिष्ठाता से मुलाकात की।
प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व रायपुर जिला एनएसयूआई उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान ने किया। उन्होंने अधिष्ठाता को अवगत कराया कि नर्सिंग स्टाफ अस्पताल की रीढ़ हैं और दिन-रात सेवा देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को संभाल रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें अब तक दैनिक वेतन वृद्धि (सम्मान राशि) का लाभ नहीं मिला है, जबकि प्रदेश के अन्य शासकीय अस्पतालों में यह सुविधा पहले से दी जा रही है।
समानता और सम्मान का मुद्दा
तारिक अनवर खान ने कहा कि यह सिर्फ वेतन का नहीं बल्कि सम्मान और समान अधिकार का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो नर्सिंग कर्मचारी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
अधिष्ठाता ने दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान अधिष्ठाता ने प्रतिनिधि मंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नर्सिंग कर्मचारियों की समस्या को शासन तक पहुँचाया जाएगा और अंबेडकर अस्पताल के कर्मचारियों को भी अन्य शासकीय अस्पतालों की तर्ज पर सम्मान राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में रहे शामिल
इस अवसर पर एनएसयूआई जिला महासचिव संस्कार पांडेय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता, अर्जुन प्रताप सिंह, वरुण चावड़ा, अनुज अग्रवाल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य
कलेक्टर ने रक्तदान कर लोगों को किया प्रोत्साहित
रायपुर । छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर दीपक सोनी ने इस शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। रक्तदान उपरांत इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया। कलेक्टर श्री सोनी ने रक्तदान को महादान बातते हुए लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया।
रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य है, जो जरूरतमंदों की जान बचाता है और उन्हें नया जीवन देता है। यह एक पुनीत कार्य है जो समाज में करुणा और सेवा की भावना पैदा करता है। रक्तदान सुरक्षित और सरल होता है। आपका रक्त किसी को जीवन दे सकता है। रक्त अमूल्य है इसका दान अवश्य करें। रक्तदान तब होता है जब एक स्वस्थ व्यक्ति स्वेच्छा से अपना रक्त देता है और उस रक्त का उपयोग दूसरे व्यक्ति के लिए होता है। रक्त को किसी कंपनी में नहीं बनाया जा सकता। मानव शरीर ही रक्त बनाने की कंपनी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि रक्तदान शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त दान से प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष का व्यक्ति जिसका वजन 45 किलोग्राम तथा हीमोग्लोबिन 12.5 है, वह रक्तदान कर सकता है। एक बार मे 350 मिली रक्त ही निकाला जाता है। एक व्यक्ति साल में 4 बार रक्तदान कर सकता है, इससे किसी प्रकार की कोई कमज़ोरी नहीं आती है। इस दौरान सीएमएचओ, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी -कर्मचारी मौजूद थे।
दरिमा में 35 ग्रामीणों ने सीखा राजमिस्त्री एवं रानी मिस्त्री का हुनर
व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ेगी कार्यकुशलता, गांव में मिलेगा रोजगार: कलेक्टर
रायपुर, 02 सितम्बर 2025

ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अंबिकापुर के दरिमा ग्राम पंचायत में जिला प्रशासन एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के संयुक्त तत्वावधान में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में 16 महिलाओं को रानी मिस्त्री तथा 19 पुरुषों को राजमिस्त्री का कौशल सिखाया गया। कुल 35 प्रतिभागियों ने व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान अर्जित किया।
प्रशिक्षण सत्र के समापन समारोह में कलेक्टर श्री विलास भोसकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री विकास यादव, सेंट्रल बैंक के रिजनल हेड श्री रणधीर सिंह, आरसेटी डायरेक्टर श्री श्याम किशोर गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ श्री राजेश सेंगर, साक्षर भारत जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता एवं प्रशिक्षण समन्वयक सुश्री तमना निशा भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर श्री भोसकर ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव और सीखी गई तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण से कार्यकुशलता में निखार आता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है। काम की गुणवत्ता में सुधार होता है और गति भी बढ़ती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पंचायतों में सर्वाधिक आवास स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण करना अब आपकी जिम्मेदारी है। यह प्रशिक्षण आपको केवल श्रमिक नहीं, बल्कि कुशल मिस्त्री बनाता है। इससे गांव में पर्याप्त कार्य एवं सम्मानजनक आय का अवसर प्राप्त होगा।
प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि पहले वे सामान्य मजदूरी करते थे, किंतु प्रशिक्षण के बाद नाप-जोख, ईंट चिनाई, प्लास्टरिंग, लेवलिंग, लेआउट तथा भवन निर्माण की नई तकनीकों में दक्षता हासिल की है। अब वे आत्मविश्वास के साथ स्वयं को कुशल राजमिस्त्री के रूप में पहचान सकते हैं। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को भवन निर्माण कार्य हेतु आवश्यक टूल किट भी वितरित किए गए। ग्रामीण अब अपने अर्जित कौशल का उपयोग स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों में करेंगे, जिससे उन्हें रोजगार उपलब्ध होगा और गांव की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों को आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सशक्त बनाने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
औचक निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर 3 कृषि
विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस
रायपुर, 02सितम्बर 2025
सक्ती जिले में कृषि विभाग द्वारा उर्वरकों की गुणवत्ता एवं उनके विक्रय पर निगरानी के लिए सतत औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखण्ड जैजैपुर अंतर्गत हसौद, झरप एवं देवरघटा में संचालित 3 कृषि विक्रय केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में उर्वरक निरीक्षक सह वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री मनोहर कुमार रात्रे द्वारा मेसर्स उदय ट्रेडर्स, हसौद, लहरे कृषि केन्द्र, झरप एवं भानू किसान समृद्धि केन्द्र, देवरघटा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीओएस स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में अंतर, स्कंध पंजी का संधारण और प्रदर्शन बोर्ड का चस्पा नहीं पाए जाने जैसी अनियमितताएँ पाई गईं। इस पर तीनों विक्रय केंद्र संचालकों को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985 के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्राधिकार पत्र निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि किसानों को खरीफ फसल हेतु उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता युक्त खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। नकली खाद निर्माण, कालाबाजारी एवं अधिक मूल्य पर विक्रय करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखण्डों में उर्वरक निरीक्षक एवं कीटनाशी निरीक्षक द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध हो सके।
अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी
रायपुर, 02 सितंबर 2025

बलौदाबाजार-भाटापारा कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में कृषकों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने हेतु कृषि विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न विकासखण्डों में कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक श्री लोकनाथ दीवान ने गुरुदेव कृषि केंद्र, रसेडा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रय केंद्र में बिल बुक अद्यतन नहीं पाया गया तथा कीटनाशक एवं उर्वरक का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। इस पर संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पलारी विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक श्री सुचिन वर्मा ने ग्राम दतान स्थित 4 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गुलशन कृषि सेवा केंद्र में कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं था एवं कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। किसान कृषि केंद्र एवं विवेक कृषि सेवा केंद्र में भी कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं पाया गया। वेद कृषि सेवा केंद्र में उपलब्ध कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं था। इन सभी 4 विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
भाटापारा विकासखण्ड अंतर्गत उर्वरक निरीक्षक श्री अवधेश कुमार उपाध्याय ने अतुल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कृषकों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर टोकन प्रणाली के माध्यम से यूरिया का वितरण कराया गया। निरीक्षण में विक्रेताओं को शासन के नियमों का पालन करते हुए कृषि आदान विक्रय करने हेतु निर्देशित किया गया।
उप संचालक कृषि श्री दीपक नायक ने जिले के सभी कृषि आदान विक्रय केंद्र संचालकों को निर्देशित किया है कि कृषकों को उर्वरक एवं अन्य कृषि आदान केवल निर्धारित दर पर ही विक्रय करें। कृषकों को प्रदाय की गई सामग्री का पक्का बिल अनिवार्य रूप से प्रदान करें तथा कृषक के हस्ताक्षरित प्रति विक्रय केंद्र में संधारित रखें।
रेत, गिट्टी एवं मुरम के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई- 13 हाईवा जब्त
रायपुर,02 सितम्बर 2025

रायपुर जिले में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के अंतर्गत 13 हाईवा वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना क्षेत्रों में रखा गया है।
उपसंचालक खनिज सुश्री प्राची अवस्थी के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने 31 अगस्त और 1 सितम्बर की दरम्यानी रात आरंग, नयापारा, माना एवं विधानसभा क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच-पड़ताल की। इस दौरान रेत से भरे 8 हाईवा, मुरम से लदे 2 हाईवा तथा गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 3 हाईवा जब्त किए गए। इन वाहनों को मंदिर हसौद, विधानसभा एवं खरोरा थाना क्षेत्रों की सुपुर्दगी में रखा गया है।
यह उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) द्वारा 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी से रेत उत्खनन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद अवैध रूप से रेत का परिवहन गरियाबंद, धमतरी, मोमेला एवं महासमुंद क्षेत्रों से अन्य स्थानों हेतु किया जा रहा था।
खनिज सुपरवाइजर श्री सुनील दत्त शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में श्री जितेंद्र केसरवानी, श्री लोकेश वर्मा एवं श्री जितेंद्र वर्मा का विशेष सहयोग रहा।जब्त वाहनों पर खनिज अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
किसानों के लिए बड़ी राहत : सितंबर माह में 60,800 मीट्रिक टन यूरिया का आबंटन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर भारत सरकार से स्वीकृत – समय पर होगी आपूर्ति
नृत्य के विभिन्न रंगों से सराबोर तीज महोत्सव संपन्न
