छत्तीसगढ़ / रायपुर
कलेक्टर और SP ने किया अपने मताधिकार का उपयोग
रायपुर । छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकायों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों में पहुंचनी शुरू हो चुकी है. रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार सिंह आज सुबह अपने पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की. कोरबा कलेक्टर आकाश छिकारा ने अपने धर्मपत्नी के साथ आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी मतदाताओं से अपील की है कि लोकतंत्र के पर्व में शामिल होकर अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा है कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर मतदाता का वोट अमूल्य है. मतदान का अवसर एक निश्चित अवधि में मिलता है, इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर को गवाए बिना अपने मताधिकार का उपयोग करें। एसपी विवेक शुक्ला ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जनता से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने आज सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला. उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की की अपील, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की बात कही। दुर्ग नगर निगम के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कतार में लगकर वोटिंग की। इस दौरान उनके साथ जिले के कई अधिकारी कर्मचारियों ने भी नियमों का पालन करते हुए मतदान किया।
दिल्ली में भाजपा की बढ़त से छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल, सीएम साय ने दी बधाई...
रायपुर । दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को रुझानों में बहुमत मिल गया है। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल को भी हार मिली है। सीएम आतिशी भी पीछे चल रही हैं। कुछ सीटों पर कांटे की टक्कर चल रही है। कभी भाजपा तो कभी आप बढ़त बना रही है।
भाजपा की इस बढ़त के चलते छत्तीसगढ़ में भी जश्न का माहौल है। राजधानी में भाजपा कार्यकर्ता जीत का जश्न मानते हुए झूमते नजर आए। वहीं सीएम विष्णुदेव साय सीएम विष्णुदेव साय ने भी दिल्ली में BJP की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने दिल्ली की जनता को हम प्रणाम करते हुए कहा कि,केजरीवाल के झूठे वादों से दिल्ली की जनता परेशान थी।
सीएम विष्णुदेव साय सीएम विष्णुदेव साय ने दिल्ली में BJP की जीत पर खुशी जताई है। सीएम साय ने दिल्ली की जनता को हम प्रणाम करते हुए कहा कि,केजरीवाल के झूठे वादों से दिल्ली की जनता परेशान थी। दिल्ली की जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया है। झूठ अधिक दिनों तक नहीं चलता है।
सनातन को लेकर कांग्रेस से उम्मीद नहीं
सीएम साय ने इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के बयान पर कहा कि, कांग्रेस तो प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाली पार्टी है। उनसे सनातन को लेकर ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।
लीजेंड 90 लीग: गुजरात की जीत में चमके चंद्रपाल हेमराज
रायपुर । रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रही लीजेंड 90 लीग के दूसरे दिन गुजरात सैंप आर्मी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए बिग बॉयस की टीम पर 18 गेंद शेष रहते एक आसान जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर कर बल्लेबाजी करने उतरी बिग बॉयस की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई और उसने महज 19 रन पर सन्नी सिंह और कप्तान ईशान मल्होत्रा के रूप में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया। जिसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नमन शर्मा बिग बॉयस के इकलौते ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 29 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 52 रन टीम के खाते में जोड़े, लेकिन बाकी खिलाड़ियों से उनको कोई साथ नहीं मिला और गुजरात की धारदार गेंदबाजी के आगे बिग बॉयस निर्धारित 15 ओवरों में 123 रन ही बना सकी। गुजरात की ओर से मिगल कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 10 रन देकर 2 विकेट झटके।
जवाब में गुजरात सैंप आर्मी के दोनों ही सलामी बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी और चंद्रपाल हेमराज शुरुआत से ही आक्रामक दिखे। गोस्वामी ने जहां 22 रन बनाए तो हेमराज ने 6 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 32 गेंदों में ताबड़तोड़ 74 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया और गुजरात ने बड़ी आसानी से 6 विकेट से इस मैच को अपने नाम कर लिया। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गए। बिग बॉयस की ओर से जितेंद्र गिरी मात्र एक ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में 6 रन देकर 2 विकेट झटके।
ठाड़पथरा में पर्यटन को बढ़ावा देने विविध गतिविधियों का आयोजन
पर्यटकों और विद्यार्थियों ने जंगल ट्रैकिंग, बोटिंग का लिया आनंद
रायपुर। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गौरेला जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ठाड़पथरा में विशेष पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत स्थानीय पर्यटन समिति को प्रशिक्षित किया गया, साथ ही बनमनई नेचर कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें पर्यटकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के 40 विद्यार्थियों सहित कई पर्यटकों ने रोमांचक जंगल ट्रैकिंग में हिस्सा लिया। मुख्य प्रशिक्षक एवं पर्यावरणविद संजय पयासी ने सैलानियों को अमरावती गंगा नदी के किनारे रिवर वॉक कराते हुए जिले की समृद्ध जैव विविधता से परिचित कराया। उन्होंने दुर्लभ औषधीय वृक्षों जैसे दहीमन, कुरकुट, अर्जुन, अमलताश, सेमल और साल की पहचान कराई। ट्रैकिंग का मुख्य आकर्षण अमरावती नदी के किनारे स्थित कमरापथरा से ऐतिहासिक माई के मंडप तक की रोमांचक यात्रा रही।
माई के मंडप नर्मदा नदी के विवाह से जुड़ी लोककथा के लिए प्रसिद्ध है। इसे दुनिया का पहला विवाह मंडप माना जाता है। यहां मौजूद पत्थरों पर उकेरी गई बारात के बरतन की आकृतियां पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। सैलानियों ने माई के मंडप के झरने का आनंद लिया और इस ऐतिहासिक स्थल की पौराणिकता को करीब से महसूस किया।
ट्रैकिंग और झरने में स्नान के बाद पर्यटकों ने स्थानीय पर्यटन समिति द्वारा तैयार पारंपरिक देशी भोजन का आनंद उठाया, जिसे माहुल पत्ती के पत्तलों में परोसा गया। शाम होते ही ठाड़पथरा के मड हाउस स्थित झील किनारे कैंप फायर का आयोजन हुआ। चांदनी रात में पैडल बोटिंग का अनुभव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय रहा।
इस दौरान स्थानीय बैगा महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें पर्यटक भी झूम उठे। इसके बाद स्टोरी टेलिंग सेशन में सभी ने अपने अनुभव साझा किए और पर्यटन स्थल की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को और करीब से जाना। इस आयोजन ने गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को एक नई दिशा दी है। स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अब छत्तीसगढ़ राज्य में पेट्रोल पंपों पर भी होगी वाहनों की प्रदूषण जांच
परिवहन विभाग और पेट्रोलियम कंपनियों के बीच बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ राज्य में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अब पेट्रोल पम्पों पर वाहनों की प्रदूषण जांच के सेंटर (पीयूसी) स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए पेट्रोलियम कम्पनियों ने अपनी सहमति दे दी है। पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित होने से वाहन चालकों को पीयूसी प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होगी और उन्हें अन्य केंद्रों की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, यह पहल वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मददगार और राज्य में पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 फरवरी 2025 को परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में वाहनों के धुएं से होने वाले वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत 7 फरवरी 2025 को परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने पेट्रोल पंपों में प्रदूषण जांच केंद्र (पीयूसी सेंटर) स्थापित करने पर सहमति जताई। यह निर्णय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के मुख्य प्रबंधक उपेन्द्र गिरी, भारत पेट्रोलियम के चीफ मैनेजर बी. देवकुमार, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंधक श्रेयस गुप्ता और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुख्य प्रबंधक गौतम कुमार सहित परिवहन विभाग और पेट्रोलियम कंपनियों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लीजेंड 90 लीग: लो स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान किंग्स की दुबई जाइंट्स पर शानदार जीत
रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित लीजेंड 90 लीग का दूसरा दिन का पहला मुकाबला काफी थ्रिलिंग रहा।
शुक्रवार शाम 4 बजे से राजस्थान किंग्स और दुबई जाइंट्स के बीच शुरू हुआ यह मुकाबला लो स्कोरिंग रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ल्यूक फ्लेचर की दूसरी ही गेंद पर गौरव तोमर अपना विकेट गंवा बैठे, हालांकि फिल मस्टर्ड ने दूसरा छोर संभाले रखा और जय किशन कोशवाल के साथ मिलकर कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन छठे ओवर में रवि बल्हारा ने 22 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद जयकिशन कोशवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 25 रन के स्कोर पर वह भी दीपांश कुमार का शिकार हो गए। जिसके बाद टीम पूरी तरह से लड़खड़ा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। अंत में रजत सिंह ने पारी को कुछ हद तक संभाला और 18 गेंदों में 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 111 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुबई जाइंट्स ने भी रिचर्ड लेवी के रूप में दूसरी ही गेंद ने अपना पहला विकेट गंवा दिया, लेकिन उनके साथ बल्लेबाजी करने आए केविन ओ ब्रायन ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा। उन्होंने 34 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 55 रनों की पारी खेली। इस समय तक मैच पूरी तरह से दुबई जाइंट्स की पकड़ में नजर आ रहा था, लेकिन राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के आगे दुबई की एक न चली। हालांकि किथुरुआन विथांगे ने टीम के लिए 25 रन जरूर जोड़े, बाकी टीम की धीमी बल्लेबाजी के चलते टीम 4 रन से इस मुकाबले को हार गई। 3 ओवरों में 12 लेकर 2 विकेट चटकाने वाले अंकित राजपूत को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच का आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण ओवर डाल रहे सुदीप त्यागी ने कहा कि, “मेरा सिंपल प्लान था कि मुझे यॉर्कर ही डालने हैं और बीच-बीच में थोड़ी वेरिएशन करनी है। विकेट आज थोड़ा धीमा था। इस फॉर्मेट को खेलकर बहुत मज़ा आ रहा है और ऐसे में टीम की जीत में योगदान दे पाना शानदार अनुभव है।”
जीत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम के मालिक गौरव सचदेवा ने कहा कि, "आज टीम का पहला मैच था, धीमा पिच होने के चलते टीम महज 111 रन ही बना सकी, लेकिन यह हमारे लिए कोई नई बात नहीं थी, इससे पहले भी हम श्रीलंका में हुई एलसीटी में ऐसी ही चुनौतियों से लड़कर विजेता बने थे।" मैन ऑफ द मैच रहे अंकित राजपूत पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि, "अंकित ने ऐसे थ्रिलर मुकाबले में जिस तरह से कप्तानी और बॉलिंग दोनों ही बातों को बखूबी निभाया, वह निश्चित तौर तारीफ के काबिल हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि आगे भी वह टीम को ऐसे ही जीत दिलाते रहेंगे।"
चुनाव में हार के डर से भाजपा शराब, पैसा बांटने में लगी : कांग्रेस
रायपुर । बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सत्ता और भ्रष्टाचार के पैसे का दुरुपयोग करके चुनाव प्रभावित करने में लगी है। बेमेतरा-सिमगा मार्ग में पकड़ाई शराब भी चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से भाजपा ने मंगाया था। सत्ता में बैठी हुई भाजपा को पता चल चुका है कि प्रदेश में उसकी सरकार के खिलाफ वातावरण है जनता भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेगी। 1 साल में साय सरकार जनता में अलोकप्रिय हो चुकी है। चुनाव में संभावित हार से घबराकर भाजपा शराब पैसा वितरित कर रही है। बिना सरकार के संरक्षण के राज्य की राजधानी के समीप सिमगा तक 700 पेटी शराब से भरा कंटेनर दूसरे राज्य तक कैसे पहुंच गया। चुनाव आयोग राज्य सरकार से पूछताछ करे।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जनता से जो वादा किया था, एक साल में उसको पूरा नहीं किया है। न 500 रू. सिलेंडर देने का वादा पूरा किया और न ही 18 लाख आवास देने का वादा पूरा किया। भाजपा राज में बिजली के दाम बढ़ गये है। कांग्रेस शासनकाल में 400 यूनिट तक बिजली के दामों में 50 प्रतिशत छूट को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है, जनता भाजपा के खिलाफ निकाय चुनावों मे मतदान करेगी।
एक साल के भीतर किसानों के खाते में 52 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि
धान खरीदी समाप्त होने के एक सप्ताह के भीतर किसानों को हुआ भुगतान
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने एक साल के भीतर छत्तीसगढ़ के किसान भाइयों के खाते में 52 हजार करोड़ रुपए अंतरित कर उन्हें उत्साह से भर दिया है। धान खरीदी समाप्त होने के एक सप्ताह के भीतर किसानों को भुगतान कर दिया गया है। 52 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में आने से वे खेती किसानी में भरपूर निवेश कर रहे हैं और इससे बाजार भी गुलजार हुए हैं जिससे शहरी अर्थव्यवस्था पर सीधा असर दिख रहा है। ट्रैक्टर आदि की बिक्री ने रिकार्ड आंकड़ा छू लिया है। धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई और इस साल 25 लाख 72 हजार किसानों ने 149 लाख 25 हजार मीट्रिक टन रिकॉर्ड धान बेचा। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में 25 लाख से अधिक किसानों के धान बेचने से छत्तीसगढ़ में खेती किसानी की सकारात्मक दिशा स्पष्ट है। एक साल के भीतर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में 34 हजार 500 करोड़ रुपए और कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 12 हजार करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। इसके अलावा सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना अंतर्गत करीब 500 करोड़ रुपए की राशि 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों के खाते में अंतरित की है। इसके साथ ही मोदी सरकार की किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 1735 करोड़ रुपए की राशि भी किसानों के खाते में दी गई है।
साय सरकार की 5 एचपी के कृषि पंपों को निःशुल्क विद्युत प्रदाय करने की योजना अंतर्गत 2707 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। इसके साथ ही सोलर पंपों हेतु 200 करोड़ रुपए के सहायक अनुदान दिये गये हैं। कृषि पंपों के ऊर्जीकरण के लिए 200 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 304 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। कृषक समग्र विकास योजना अंतर्गत 94 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। सब्जी लगाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने शाकम्बरी योजना चलाई जाती है इस पर 9 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है और 7323 किसान लाभान्वित हुए हैं।
साय सरकार तेजी से खेती के आधुनिकीकरण के लिए काम कर रही है। ड्रोन दीदियों के माध्यम से खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव ड्रोन के माध्यम से हो रहा है। कृषि यांत्रिकीकरण मिशन अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान दिये जाते हैं। इसका लाभ 3204 किसानों ने उठाया है। इस पर 79 करोड़ रुपए का व्यय आया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत 46 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। इससे 4627 किसानों को लाभ पहुंचा है। इसी प्रकार नेशनल मिशन आन आइससीड्स एंड आईलपाम योजना से 24,345 किसानों को लाभ पहुंचा है इसमें 11 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। सबमिशन आन सीड एंड प्लांटिंग मटेरियल योजना अंतर्गत 2 लाख 31 हजार से अधिक किसानों को लाभान्वित किया गया है और इसमें 9 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इसी तरह रेनफेड एरिया डेवलपमेंट स्कीम अंतर्गत 3,824 किसानों को लाभ पहुंचाया गया है और इसमें 7 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है।
साइल हेल्थ कार्ड के होने से किसान भाइयों को फसल संबंधी निर्णय लेने में आसानी होती है। 1 लाख 45 हजार किसानों को स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट योजना अंतर्गत लाभान्वित किया गया है। इस पर 5 करोड़ का व्यय आया है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 24 करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। इस योजना से 13 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। परंपरागत कृषि विकास योजना से 24 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिला है। इस पर 18 करोड़ रुपए व्यय किया गया है। इसी तरह एग्रीकल्चर एक्सटेंशन पर भी 18 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है और इससे 8 हजार से अधिक किसान भाइयों को लाभ हुआ है।
जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस पर एक साल के भीतर 15 करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। 15 हजार 500 किसान इससे लाभ ले चुके हैं।
छत्तीसगढ़ का अनुपम सौंदर्य सदैव आपकी स्मृतियों में रहेगा अंकित : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री से मिले सैन्य अधिकारी: छत्तीसगढ़ यात्रा को बताया अविस्मरणीय
नक्सल उन्मूलन से स्मार्ट सिटी तक अधिकारियों ने जाना छत्तीसगढ़ के विकास का सफर
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित हुए अधिकारी
रायपुर, 07 फरवरी 2025/ छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है और नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता इसे खास पहचान देती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज से आए 18 सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल ने छत्तीसगढ़ भ्रमण उपरांत उनसे मुलाकात कर अपने अनुभवों को साझा करते हुए यह बातें कही। मुख्यमंत्री ने उत्सुकता के साथ सभी सैन्य अधिकारियों से उनके छत्तीसगढ़ भ्रमण को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए प्रदेश की भौगोलिक विशेषताओं, सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है। प्रदेश का 44 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है, और आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हमारी धरोहर का अभिन्न अंग हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौंदर्य अनुपम है। आपने जो यात्रा की है, वह सिर्फ प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति और इतिहास से जुड़ा हुआ सफर भी है। यह अनुभव सदैव आपकी स्मृतियों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से बल्कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों के माध्यम से भी इस समस्या का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने औद्योगिक और शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता, नवाचार और उत्कृष्ट शासन प्रणाली का उदाहरण बने। आपका यह भ्रमण हमारे प्रयासों को एक राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है।
नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने प्रवास के दौरान आईआईएम रायपुर, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, ग्रीन फील्ड सिटी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियान के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने सिरपुर, एजुकेशन सिटी दंतेवाड़ा, कांकेर वुड आर्ट सेंटर, जंगल वारफेयर कॉलेज, कोंडागांव के टाटामारी और शिल्पग्राम, बादल एकेडमी और चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया।
दल का नेतृत्व कर रहे एडमिरल संदीप सिंह संधु ने बताया कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के द्वारा प्रति वर्ष एक वर्षीय कोर्स संचालित किया जाता है, जिसमें सेना, सिविल सेवा और अंतरराष्ट्रीय रक्षा अधिकारियों को रणनीतिक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 124 अधिकारी इस कोर्स में शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय और 5 अन्य देशों के अधिकारी छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक ढांचे को समझने के लिए भ्रमण पर आए है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, श्री पी. दयानंद और डॉ. बसवराजू एस उपस्थित रहे। नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों में ब्रिगेडियर अमितोज सिंह, श्री संदीप कुमार मिश्रा, कोमोडोर कार्तिक मूर्ति, ब्रिगेडियर अनिरुद्ध सिंह कंवर, एयर कोमोडोर शेखर यादव, ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह मान, ब्रिगेडियर रजनीश मोहन, कैप्टन एम. व्ही. ओरपे सहित श्रीलंका, मोरक्को, नाइजीरिया, नेपाल और यूएई के अधिकारी शामिल थे।
महाकुंभ स्नान के लिए 13 को प्रयागराज जाएंगे छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि
विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र लिखकर आमंत्रित किया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में छत्तीसगढ़ के मंत्री, विधायक और सांसद नगरीय निकाय चुनाव के बाद महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों को पत्र लिखकर 13 फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ में गंगा स्नान का निमंत्रण दिया है।
डा. रमन सिंह ने अपने पत्र में कहा कि महाकुंभ भारत के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसे यूनेस्को ने मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया है। इस बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह आयोजन और भी भव्य और दिव्य रूप में हो रहा है।
छत्तीसगढ़ सरकार करेगी नि:शुल्क व्यवस्था
प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में छत्तीसगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की है। इस व्यवस्था की पूरे देश में सराहना हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों और सांसदों से अनुरोध किया कि वे इस पावन अवसर का लाभ उठाएं और एक अतिरिक्त सदस्य के साथ यात्रा कर सकते हैं।
13 फरवरी को प्रयागराज के लिए होंगे रवाना
डा. रमन सिंह ने कहा कि महाकुंभ में विश्व भर से आने वाले श्रद्धालुओं को भारत की सनातन लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय कराने का यह एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे 13 फरवरी 2025 (गुरुवार) को प्रयागराज पहुंचें।
सांसद और विधायक होंगे अधिकृत संपर्क सूत्र
महाकुंभ यात्रा में शामिल होने के इच्छुक सांसद और विधायक दो दिन के भीतर अपनी सहमति प्रदान करें। इसके लिए सांसद संतोष पांडेय (मोबाइल नंबर 7000945449) और विधायक सुशांत शुक्ला (मोबाइल नंबर 9424173520) को संपर्क सूत्र बनाया गया है।
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करने का कार्य करेगा।
पाटन का अटल संकल्प पत्र हुआ जारी, विकसित पाटन के ध्येय के साथ सभी वर्गो का स्वर्णिम हित शामिल
पाटन अटल संकल्प पत्र, विकसित पाटन की परिकल्पना को सार्थक कर विकास, प्रगति एवं उन्नति का स्वर्णिम अध्याय लिखेगा
रायपुर । नगर निकाय चुनाव में प्रदेश भाजपा द्वारा घोषणा पत्र जारी होने के बाद आज नगर पंचायत पाटन चुनाव के लिए स्थानीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी पाटन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा पत्र जारी किया है। भाजपा निवर्तमान जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र वर्मा, चुनाव प्रभारी दिलीप साहू, मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष खेमलाल साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी योगेश निक्की भाले, मंडल महामंत्री अखिलेश मिश्रा,पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत पाटन कृष्णा भाले,भवन देवांगन, मेहत्तर वर्मा, प्रकाश बिजौरा, नारद सेन, सागर सोनी, चंद्र प्रकाश मंडले,किरण मिश्र पार्षद प्रत्याशीयों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाटन अटल संकल्प पत्र नगरीय निकाय चुनाव 2025 जारी किया है।
घोषणा पत्र में केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ दुर्ग सांसद के नाम को घोषणा के पूर्ण करने के उद्देश्य के साथ लिखा गया है। मोदी की गारंटी, विष्णु का सुशासन, विजय पर विश्वास, निक्की का वादा, होगा पूरा सारा का वर्णन किया गया है। माँ भारती एवं छत्तीसगढ़ महतारी को वंदन करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो का चित्रण कर श्रद्धासुमन अर्पित की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र वर्मा ने कहा है कि पाटन के अटल संकल्प पत्र में पाटन के सभी वर्गो एवं क्षेत्रों को समाहित किया गया है। यह अटल संकल्प पत्र पाटन नगर पंचायत में विकास का स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। भाजपा के ध्येय "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" को पूरा कर रहा है। घोषणा पत्र में सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, सड़क, नाली, मुलभुत सुविधा, कृषि एवं किसान कल्याण, रोजगार एवं स्वरोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, नारी शक्ति को समर्पित "मातृदेवो भव:" के शीर्षक के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं पर घोषणाएं हमने किया है। जिसका अक्षरश: पालन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी घोषणा पत्र कि बिंदुवार जानकारी दी। हमने घोषणा पत्र के माध्यम से जनता को वादा किया है कि भाजपा का नगर पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष केवल कार्यालय बस में नहीं बैठेगा वो जनता के बीच जाकर काम करेगा। खोरपा, अखरा, अटारी और पाटन के अलग-अलग चौक में अध्यक्ष जनता के बीच बैठकर उनकी समस्या का समाधान करेगा। घोषणा पत्र में महिला, किसान, युवा, व्यापारी, पत्रकार, स्वस्थ सेवा, रोजगार, स्वरोजगार सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
पाटन, अखरा, अटारी, खोरपा के रुके हुए जमीन के पट्टे को शीघ्र दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
महीने के 15 और 30 तारिक को "तुंहर समस्या, हमर समाधान" के तहत नगर पंचायत स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जहां शिविर में सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित होकर समास्या का त्वरित समाधान करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला गैस योजना, गरीबी रेखा राशन कार्ड बनाने के लिए सार्थक प्रयास किया जाएगा।
श्रमिकों को सरकार के योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए श्रमिक कार्ड बनाने के लिए शिविर का आयोजन कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
नगर पंचायत की सभी सूचनाएं एवं योजनाओं की जानकारी वाहट्सएप्प के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाए जाएगी।
निषाद / ढीमर, देवार, पारधी, सेन समाज सहित सभी समाजो के लिए भवन निर्माण व निर्मित सामाजिक भवनों का विस्तार करने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष तुंहर द्वार के तहत अध्यक्ष सोमवार-पाटन (अलग-अलग चौक), मंगलवार - अखरा, बुधवार - अटारी और शुक्रवार को खोरपा में स्वयं पहुंचकर जनता की समस्या का समाधान करेंगे।
महातारी वंदन योजना के बचे हुए हितग्राहीयों का फॉर्म जमा कर योजना का लाभ दिलाने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
नगर के सभी व्यापारीक केंद्रों पर व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
पाटन नगर के वार्डो का नामकरण पाटन नगर के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं चौको का नाम सभी समाजो के महान विभूतियों के नाम पर किया जाएगा।
पाटन नगर के पत्रकार एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे क्षेत्र के पत्रकारों को प्रतिवर्ष 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक
पाटन नगर के सभी समाज के सामाजिक कार्यक्रमों में पानी व्यवस्था के लिए नि:शुल्क टैंकर प्रदाय किया जाएगा।
पाटन नगर के सभी समाज के सामाजिक आयोजनों के लिए "समाज गंगा सहयोग" के तहत विशेष आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
ब्राह्मण पारा वार्ड क्रमांक 11 में भगवान परशुराम एवं पटेल पारा में मां शाकम्भरी की प्रतिमा स्थापना किया जाएगा।
यादव समाज के भाइयों को दीपावली में वेशभूषा एवं ठाकुर समाज के बहनों को गौरा-गौरी पूजन के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बच्चों एवं नई युवा पीढ़ियों को अध्यात्म, संस्कार एवं धर्म से जोड़ने के लिए समय-समय पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सभी पराम्परिक त्यौहारों को हर्षोल्लास और एकता के साथ मनाने के लिए कार्ययोजना बनाकर सम्पादित करुंगा।
परम्परागत व्यवसाय ((सेन, लोहार, धोबी एवं अन्य) से जुड़े सभी समाज के व्यवसायीओं को किट प्रदान किया जाएगा।
सड़क, नाली एवं मुलभुत सुविधा
पाटन, खोरपा, अटारी एवं अखरा के बचे हुए क्षेत्रों में सीसी रोड, पेवर ब्लाक एवं नाली निर्माण कराया जाएगा।
नगर पंचायत पाटन के सभी वार्डो में नल से सुबह-शाम पानी की उचित एवं नियमित व्यवस्था किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 6 बाबू बगीचा में पाइपलाइन का विस्तार कर पानी पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 8 अशोक टेलर्स के सामने से बेल्हारी पारा अटारी को जोड़कर सुगम रास्ता तैयार किया जाएगा।
महामाया पारा वार्ड क्रमांक 12 में भुखन पटेल के घर से खूबचंद बघेल कम्युनिटी हॉल को पक्के रोड के माध्यम से जोड़ा जाएगा.।
नाली एवं रोड की नियमित साफ सफाई के साथ-साथ गलियों में प्रकाश (लाइट) की निरंतर व्यवस्था किया जाएगा।
नगर पंचायत पाटन के अंतर्गत आने वाले तालाबों का सौंदर्यीकरण कर पचरी निर्माण कराया जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण -
किसानों को सिंचाई के लिए नहर के माध्यम से पानी की व्यवस्था प्रदान करने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
किसानों के फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए गौठान में पशुओं को रखने के लिए सुव्यवास्थित किया जाएगा।
किसानों की आय बढ़ाने एवं उन्नत फसल व तकनिकों की जानकारी प्रदान करने के लिए कृषि विशेषज्ञो द्वारा कृषक संगोष्ठी व चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार एवं स्वरोजगार
पुराना बस स्टैंड के पास अधूरे निर्मित दुकानों का निर्माण कर स्वरोजगार के लिए आबंटन करने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
पुराना बाजार एवं फुटकर व्यापारियों के लिए निर्मित व्यासायिक परिसर का शीघ्र आबंटन कराने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, माइक्रोलोन सहित विभिन्न लोन की जानकारी प्रदान करने के लिए कार्यशाला का आयोजन कर लाभ प्रदान किया जाएगा।
GST, आयकर, ई कॉमर्स एवं सोशल मीडिया व नवीन तकनीक के माध्यम से व्यापार-व्यावसाय बढ़ाने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य
सेंट्रल एवं नालंदा लाइब्रेरी के तर्ज पर CGPSC, VYPAM एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी का शुभारंभ किया जाएगा।
"डॉक्टर तुंहर द्वार योजना" के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की स्वास्थ्य खराब होने पर डॉक्टर द्वारा घर पहुंच कर मरीज का नि:शुल्क स्वास्थ्य का जांच किया जाएगा।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत चल रहे मोबाईल मेडिकल यूनिट की जानकारी प्रतिदिन मोबाईल के माध्यम से दी जाएगी, जिससे आप सभी अपनी ईलाज अपने मोहल्ले में करा सकते है।
प्रतिवर्ष पाटन नगर के युवाओं का कॉम्पीटिशन परीक्षा आयोजीत कर TOP 10 के बच्चों को नि:शुल्क PSC एवं VYPAM की कोचिंग सुविधा प्रदान की जाएगी।
प्रतिवर्ष युवा कैरियर गाईडेंस, कैरियर काउंसलिंग, सिलाई, पार्लर सहित विभिन्न प्रशिक्षण का नि:शुल्क आयोजन किया जाएगा।
नगर के सभी व्यापारीक केंद्रों पर व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
परम्परागत व्यवसाय से जुड़े सभी समाज के व्यवसायीओं को किट प्रदान किया जाएगा।
नगर पंचायत पाटन के अंतर्गत आने वाले तालाबों का सौंदर्यीकरण कर पचरी निर्माण कराया जाएगा।
नारी शक्ति को समर्पित "मातृदेवो भव:"
महतारी वंदन योजनाके बचे हुए हितग्राहियों का फॉर्म जमा कर योजना का लाभ दिलाने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समूहों का गठन कर नि:शुल्क सिलाई-बुनाई, पार्लर, केक मेकिंग सहित विभिन्न गृह उद्योगो से सम्बंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
महिलाओं के नाम पर दर्ज सम्पतियों पर प्रॉपर्टी कर में 25% की विशेष छुट प्रदान की जाएगी। (प्रदेशस्तरीय घोषणा)
पति ने रचाई दूसरी शादी, महिला ने दूसरी वाइफ पर किया केस, फिर ये हुआ
रायपुर । छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने द्विविवाह के आरोप में एक महिला के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया है।
न्यायालय ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 494, जो जीवित पति या पत्नी रहते हुए दूसरा विवाह करने पर सजा का प्रावधान करती है, दूसरी पत्नी पर लागू नहीं होती।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की एकल पीठ ने ऐसे मामलों में दूसरी पत्नी की कानूनी स्थिति को स्पष्ट किया। 2011 में एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी के रहते हुए दूसरा विवाह किया।
पहली पत्नी ने आईपीसी की धारा 494 के तहत द्विविवाह का मामला दर्ज कराया था। दूसरी पत्नी ने इस मामले को रद्द करने के लिए बीएनएसएस 2023 की धारा 528 के तहत याचिका दायर की।
न्यायालय ने दूसरी पत्नी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि उसे दूसरी शादी के वक्त पति की पहली शादी की जानकारी नहीं थी।
महिला आत्मनिर्भरता, युवाओं के रोजगार और पीड़ित परिवारों के पुनर्वास कार्य को सराहा
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने किया दंतेवाड़ा के विकास कार्यों का अवलोकन
रायपुर फरवरी 2025/ राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली के अध्ययन यात्रा-2025 के अंतर्गत 18 वरिष्ठ अधिकारियों का दल दंतेवाड़ा पहुंचकर जिले में संचालित सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का अवलोकन किया और जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अधिकारियों ने सबसे पहले गीदम स्थित डेनेक्स फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नवा दंतेवाड़ा गारमेंट फैक्ट्री की शुरुआत की थी। इस फैक्ट्री में निर्मित कपड़ों को डेनेक्स ब्रांड के नाम से बाजार में बेचा जाता है। जिले में चार फैक्ट्रियों की स्थापना की जा चुकी है, जिनका लक्ष्य लगभग 1,200 परिवारों को रोजगार देना है। यहां अधिकारियों ने कामकाजी महिलाओं से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने कारली स्थित नक्सल पीड़ित पुनर्वास केंद्र का अवलोकन किया। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि लोन वर्राटू (घर वापसी) अभियान के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सली हिंसा से पीड़ित परिवारों को सुरक्षित आवास एवं रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से इन परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।
प्रतिनिधि मंडल ने एजुकेशन सिटी जावंगा का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सक्षम-2 (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का आवासीय विद्यालय) में छात्रों से बातचीत की और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। अधिकारियों को बताया गया कि दृष्टिबाधित छात्रों की पढ़ाई के लिए एनी डिवाइस नामक स्मार्ट लर्निंग टूल उपलब्ध कराया गया है, जो ब्रेल लिपि सीखने और पढ़ने में सहायक है।
इसके अलावा, अधिकारियों ने अश्व संचालन (घुड़सवारी) प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया, जहां छात्रों को घुड़सवारी की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इस दौरान छात्रों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति भी दी, जिसे सभी ने सराहा।
दल ने नव गुरुकुल संस्था द्वारा छात्रों को दी जा रही निःशुल्क सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि 18 महीने के इस पाठ्यक्रम के तहत छात्रों को पीईटी, पीएमटी, आईआईटी, जेईई जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही है। इसके अलावा, छात्रों को इंग्लिश कम्युनिकेशन और लीडरशिप से जुड़े विशेष सत्र भी कराए जा रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल ने जिले में शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और नक्सल पीड़ितों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और इसे अन्य स्थानों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया। इस अवसर पर डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री स्मृतिक राजनाला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
4 मेडिकल कॉलेज भवनों की टेंडर प्रक्रिया में हो रहा भ्रष्टाचार: कांग्रेस
रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि 4 मेडिकल कॉलेज भवनों की टेंडर प्रक्रिया में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। 4 नये प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज भवनों मनेन्द्रगढ़, गीदम, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम के स्थल चयन की प्रक्रिया पूर्ण किये बगैर एकीकृत टेंडर 1020.60 करोड़ जारी किये जाने से खुली मिलीभगत उजागर हो गयी है। भवन निर्माण हेतु गठित तकनीकि कमेटी में भी चुनिंदा लोगो को रखकर प्रक्रिया को आनन फानन में निपटाने की तैयारी हो रही है। तकनीकि समिति के सदस्यो को घर जाकर हस्ताक्षर करने दबाव डाला जा रहा है। चारां मेडिकल कॉलेज का टेंडर एक साथ बुलाया गया ताकि एक चहेती कंपनी ही काम ले सके। टर्न ओवर ज्यादा मांगा गया ताकि छोटी कंपनियां भाग न ले पाये।
डॉ. राकेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विर्सेस कार्पोरेशन लिमिटेड के पदेन अध्यक्ष वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल के संरक्षण में अधिकारियो एवं टेक्निकल कमेटी के सदस्यों द्वारा नियमों की खुली अनदेखी की जा रही है और बड़े लेनदेन को फलीभूत किया जा रहा है। जाहिर तौर पर एकीकृत टेंडर किसी चेहती कंपनी को देने की तैयारी में है, जिसके चलते तथाकथित योग्य कंपनी का टर्नओवर अत्यधिक रखा गया है ताकि सामान्य कंपनिया इसमें भाग न ले सके। केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री स्वास्थ्य संरक्षण योजना के अंतर्गत प्रस्तावित चारो मेडिकल कॉलेज, भवनों की राशि इस मद में उपयोग की जानी है। चारो मेडिकल कॉलेजो के भौगोलिक स्थिति में अंतर होने के कारण अलग-अलग टेंडर प्रक्रिया करने से राज्य सरकार को प्रतिस्पर्धा में अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना बढ़ जाती है और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है। लेकिन सीजीएमएससी के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री के संरक्षण में तकनीकि समिति के सदस्यों को दबाव डालकर डेढ़ गुना अधिक दर पर लगे हुये टेंडर को स्वीकृति देने के लिये कहा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीजीएमएससी के भ्रष्ठ क्रियाकलाप पहले ही सुर्खिया बने हुये है और मंत्री जी के संरक्षण में उन्हें बढ़ावा मिल रहा है। जिसका उदाहरण चारों मेडिकल कॉलेजों की टेंडर प्रक्रिया है। पूरी टेंडर प्रक्रिया को रद्द कर पुनः पारदर्शी प्रक्रिया अपना कर टेंडर प्रक्रिया की जाये।
टोपी, बैच और 'परित्राणाय साधुनाम' सुवाक्य है छग पुलिस की पहचान : DGP गौतम
रायपुर । छत्तीसगढ़ के 12 वें डीजीपी अरूण देव गौतम बुधवार को अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने हमारे प्रतिनिधि से चर्चा करते हुए कहा कि कानून का पालन नियमावली से ही होगा। पुलिस के अफसर पीडि़त व्यक्ति की जांच ईमानदारी से करे। उसे न्याय मिल पाये। अपराधी को सजा मिले ये पुलिस का नैतिक कत्र्तव्य है। जांच में लापरवाही पुलिस अफसर ना बरते।
उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान टोपी व बैच और परित्राणाय साधुनाम के सुवाक्य से प्रदर्शित होती है, और पुलिस मजबूत होती है। महिलाओं की सुरक्षा की प्राथमिकता रहेगी। चूंकि प्रदेश में साईबर अपराध बढ़ा है, इसके लिए समय समय पर पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है और लगातार जागरूकता अभियान भी चलाये जा रहे है। देश भर में साइबर ठग भय व लोभ दिखाकर लोगों को ठगने का काम कर रहे हेै, इससे आम जनता को बचना चाहिए। नइे टेक्नॉलाजी व जागरूकता अभियान चलाकर ही साइबर ठगों से बचा जा सकता है।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का लगातार तांता आज भी लगा हुआ है। सीआरपीएफ, बीएसएफ के अलावा पुलिस महकमें के पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अलावा छग के 33 जिलों के पुलिस अफसर भी उन्हें बधाई देने उनके कार्यालय पहुंच रहे है। इस दौरान इन सभी लोगेों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सांसद बृजमोहन की बड़ी भाभी पुष्पा देवी अग्रवाल का निधन
रायपुर । सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बड़ी भाभी पुष्पा देवी अग्रवाल का गुरुवार को निधन हो गया। पुष्पा देवी अग्रवाल पूरण लाल अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स, रायपुर) की धर्मपत्नी थी। मनोज और प्रकाश की माता थी। उनकी अंतिम यात्रा आज शाम 4 बजे निवास स्थान 92, क्रेस्ट ग्रीन, रामनगर से प्रस्थान कर मारवाड़ी श्मशान घाट पहुंचेगी।
आयोजकों ने मुख्यमंत्री श्री साय को भेंट की छत्तीसगढ़ वारियर्स की जर्सी
लेजेंड 90 क्रिकेट लीग 6 फरवरी से नवा रायपुर में
रायपुर 5 फरवरी 2025/ लेजेंड 90 क्रिकेट लीग 6 फरवरी से 18 फरवरी तक नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। लेजेंड क्रिकेट लीग अंतरराष्ट्रीय स्तर की लीग है, जिसका आयोजन पूर्व में श्रीलंका सहित अनेक देशों में हुआ। इस वर्ष इस लीग के आयोजन का सम्मान भारत को प्राप्त हुआ है। लीग के आयोजकों ने आज मुख्यमंत्री श्री साय से उनके निवास में मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ वारियर्स की 21 नंबर की जर्सी भेंट की और उन्हें इस प्रतियोगिता का विशेष आमंत्रण दिया।
इस प्रतियोगिता में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, हरभजन सिंह, शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, मैथ्यू, वेड, मोइन अली, एरोन फिंच, तिसारा परेरा, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक, शान मार्श , मार्टिन गुप्टिल, केदार, जाधव, बेन डंक, शाकिब अल हसन तथा डेनियल क्रिश्चियन आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
लेजेंड 90 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री तरुण सिंह परिहार ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ वारियर्स टीम की 21 नंबर की जर्सी भेंट की तथा प्रतियोगिता हेतु विशेष निमंत्रण दिया। श्री परिहार ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर आयोजन समिति के श्री बलविंदर सिंह , श्री राहुल भदोरिया, श्री सदन घोष, श्री गौरव बत्रा और श्री राजीव सोनी उपस्थित थे।