छत्तीसगढ़ / रायपुर
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: स्वच्छ ऊर्जा की ओर प्रेरक पहल
श्री प्रेमु दास खांडे बने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल, सौर ऊर्जा से रोशन हुआ घर
रायपुर, 10 नवंबर 2025
भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुंगेली जिले में अब तक 06 हजार 110 नागरिकों द्वारा आवेदन किए जा चुके हैं, जिससे आमजनों में योजना को लेकर उत्साह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इसी कड़ी में महाराणा प्रताप वार्ड मुंगेली के श्री प्रेमु दास खांडे ने प्रेरणादायक पहल करते हुए अपने घर की छत पर 03 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किया है।
श्री खांडे ने बताया कि सूर्य की अनंत ऊर्जा को अपनाकर हर घर अपनी विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं कर सकता है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि भविष्य में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस योजना को तेजी से आम नागरिकों तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। योजना के तहत सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा 30 हजार से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
बता दें कि शासन द्वारा 01 किलोवॉट पर 45 हजार रूपए, 02 किलोवॉट पर 90 हजार रूपए तथा 03 किलोवॉट पर 01 लाख 08 हजार रूपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। श्री प्रेमु दास खांडे की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि जब सरकार की योजनाएं और नागरिकों की दूरदर्शिता एक साथ आती हैं, तो ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होता है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव नेशनल अर्बन कॉनक्लेव में हुए शामिल
नई दिल्ली में आयोजित कॉनक्लेव में ‘क्षमता विकास’ सत्र की अध्यक्षता की, कहा शहरी व्यवस्थाओं में सुधार व नवाचार के लिए नगरीय निकायों में समग्र क्षमता विकास जरूरी
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के दो दिवसीय कॉनक्लेव में बेहतर नागरिक सुविधाओं और टिकाऊ विकास पर हुआ मंथन
देशभर से 2500 से अधिक प्रतिनिधियों ने की भागीदारी, इनमें राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्री, नीति निर्माता, शहरी योजनाकार, विशेषज्ञ, निकायों के निर्वाचित पदाधिकारी और अधिकारी शामिल
रायपुर, 10 नवम्बर 2025





उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनल अर्बन कॉनक्लेव में शामिल हुए। नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (IICC) में आयोजित इस राष्ट्रीय कॉनक्लेव में देशभर के 2500 से अधिक प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्रियों, नीति निर्माताओं, शहरी योजनाकारों, विशेषज्ञों, निकायों के निर्वाचित पदाधिकारियों और अधिकारियों ने बेहतर नागरिक सुविधाओं व शहरों के टिकाऊ विकास (Sustainable Development) की नीतियों पर दो दिनों तक मंथन किया।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुए राष्ट्रीय शहरी महासम्मेलन (National Urban Conclave) में समग्र शहरी प्रबंधन से जुड़े सात विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कॉनक्लेव में क्षमता विकास विषय पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता की। उन्होंने इस दौरान अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नगरीय निकायों द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं कार्यो का उल्लेख करते हुए निकायों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता तथा उनके नियमित क्षमता विकास के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने नगरीय निकायों में विभिन्न सेवाओं एवं कार्यों में संलग्न प्रथम पंक्ति से अंतिम पंक्ति तक के अधिकारियों-कर्मचारियों के समग्र क्षमता विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
श्री साव ने बेस्ट प्रेक्टिसेस एवं विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों के अवलोकन तथा कार्मिकों के लिए नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यशालाओं के आयोजन तथा क्लास-रूम सेशन्स, ऑनलाइन आदि माध्यमों से नियमित क्षमता विकास पर जोर दिया। श्री साव ने शहरी व्यवस्थाओं में सुधार एवं नवाचार पर आधारित क्षमता विकास सत्र में शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने अधोसंरचना विकास के साथ क्षमता विकास के महत्व और आवश्यकता पर विस्तार से अपनी बात रखी।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कॉनक्लेव में केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल को छत्तीसगढ़ के शहरों में स्वच्छता संबंधी कार्यों पर आधारित काफी टेबल बुक भेंटकर स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे विशेष प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने भारत सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप नगरीय प्रबंधन के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक श्री रिमिजियुस एक्का, दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, जगदलपुर के महापौर श्री संजय पाण्डेय, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय, दुर्ग नगर निगम के आयुक्त श्री सुमीत अग्रवाल और जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त श्री प्रवीण कुमार वर्मा भी कॉनक्लेव में शामिल हुए।
कॉनक्लेव में इन विषयों पर हुआ मंथन, नए कार्यक्रमों की भी लॉन्चिंग
कॉनक्लेव के अलग-अलग सत्रों में विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्रियों, नीति निर्माताओं, शहरी योजनाकारों, विशेषज्ञों, निकायों के निर्वाचित पदाधिकारियों और अधिकारियों ने दो दिनों तक सर्कुलर इकोनॉमी, क्षेत्रीय योजना, क्षमता निर्माण, शहरी शासन, हाउसिंग इको-सिस्टम, शहरी आजीविका एवं गरीबी उन्मूलन तथा निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट (Construction & Demolition Waste) प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया।
कॉनक्लेव में डंपसाइट रीमेडिएशन एक्सेलरेटर प्रोग्राम (DRAP) का शुभारंभ किया गया। इसके तहत केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा उच्च प्रभाव वाले स्थलों पर केंद्रित डंपसाइट रीमेडिएशन एक्सेलरेटर प्रोग्राम के लिए 8.8 करोड़ मीट्रिक टन लिगेसी अपशिष्ट के निपटान का लक्ष्य तय किया गया है। कॉनक्लेव में स्वच्छ भारत मिशन ज्ञान प्रबंधन इकाई (KMU) के गठन की घोषणा की गई। यह इकाई शहरी स्वच्छता के लिए ज्ञान, सृजन और संस्थागत शिक्षा का राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी। हुडको (HUDCO) द्वारा विकसित अर्बन इन्वेस्ट विंडो (UWIN) का भी शुभारंभ किया गया। यह मंच शहरी परियोजनाओं में निवेश को प्रोत्साहित करेगा। जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने ‘जल ही जननी’ गीत को भी इस दौरान लॉन्च किया गया।
राज्यपाल श्री डेका ने राजधानी की यातायात व्यवस्था और बढ़ती दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की बैठक लेकर दिए सुधार के निर्देश
रायपुर, 10 नवंबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने राजधानी रायपुर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आज राजभवन में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की बैठक लेकर इस संबंध में विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि राजधानी की जनसंख्या और वाहनों की संख्या के अनुपात में यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और अनुशासित बनाये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने यातायात प्रबंधन और ट्रैफिक मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिये।
बैठक में राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मानव जीवन की क्षति अत्यंत दुखद है। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग कड़ाई से कार्रवाई करें। अवैध पार्किंग, नशे में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सतर्कता और जन सहयोग से ही सुरक्षित यातायात की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लौहपुरुष की विरासत को और सशक्त बनाया – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित भारत पर्व में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री
भारत पर्व हमारी विविधता में एकता का उत्सव - मुख्यमंत्री श्री साय
छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल के कलाकारों से की मुलाकात और दी शुभकामनाएं
रायपुर, 10 नवम्बर 2025





मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत पर्व हमारे देश की विविधता में एकता का प्रतीक है। यहां भारत के हर राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव एक साथ देखने को मिलते हैं। कार्यक्रम में दिल्ली के उप राज्यपाल श्री वी के सक्सेना और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि भारत पर्व उनकी 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित हो रहा है, जिसका समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती — राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस — पर होगा। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारत के सांस्कृतिक और भावनात्मक एकीकरण का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भव्यता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रतिमा भारत की एकता की पहचान है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिमा के निर्माण का निर्णय लिया, तब देश के हर गांव से लोहा मंगवाया गया था — यह सच्चे अर्थों में एक भारत का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, उसी तरह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों के भारत को सशक्त करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का निर्णय लेकर सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत में सनातन संस्कृति के वैभव को पुनः स्थापित किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सरदार पटेल के परिजनों के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया, और जब पूरे देश ने यह दृश्य देखा तो सभी भावविभोर हो उठे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सबका सौभाग्य है कि आज देश की विरासत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जैसे दूरदर्शी नेतृत्व के हाथों में है, जो सरदार पटेल की सोच और आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की झांकी ने एकता परेड में हिस्सा लिया और पूरे देश को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में हुए आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का वंदे मातरम् और सरदार पटेल की एकता की भावना — यही हमारी राष्ट्रीय पहचान है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरदार पटेल ने सिविल सेवा ढांचे का भारतीयकरण किया, और आज भी हमारे प्रशासनिक तंत्र में उनकी दूरदृष्टि और सोच झलकती है।
भारत पर्व के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रस्तुति देने आए छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल के कलाकारों से भी मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
पीएम श्री मॉडल स्कूल नगपुरा ने बनाई अपनी विशिष्ट पहचान : स्कूल में नवाचार को दिया जा रहा है बढ़ावा
रायपुर, 10 नवंबर 2025
जब हमारे विद्यालय का चयन प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (PM SHRI) योजना के अंतर्गत हुआ। जो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दूरदर्शी पहल है। तब यह हमारे लिए विकास, नवाचार और सर्वांगीण परिवर्तन के एक नए युग की शुरुआत थी। यह कहानी दुर्ग जिले में स्थित नगपुरा स्कूल की है मोदी जी के इस प्रेरक विज़न ने हमें ऐसा वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया जहाँ अनुभवात्मक अधिगम, सतत विकास और उत्कृष्टता को समान महत्व दिया जाता है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री बसंत कुमार यादव ने बताया कि आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम, सुसज्जित विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ और रचनात्मक शिक्षण कोने (Learning Corners) ने शिक्षण को अधिक रोचक और विद्यार्थी-केंद्रित बना दिया है। विद्यालय परिसर अब पूर्णतः पर्यावरण-मित्र (Eco&Friendly) बन चुका है। कचरा पृथक्करण, वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा संयंत्र और वृक्षारोपण जैसे कार्यों से हरियाली और स्वच्छता को बढ़ावा मिला है। हरित पहल (Harit Pahal) के अंतर्गत विद्यार्थी सक्रिय रूप से वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, एवं स्वच्छता अभियानों में भाग लेते हैं, जिससे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है।
शिक्षण एवं अधिगम में नवाचार
विद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के अनुरूप गतिविधि-आधारित, जिज्ञासा-आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण पद्धतियाँ अपनाई हैं । यह वही दिशा है जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नये भारत की शिक्षा के रूप में देखा है। शिक्षकों ने PM SHRI प्रशिक्षण एवं Exposure Visits के माध्यम से नवीन शिक्षण तकनीकें सीखी हैं। डिजिटल उपकरणों, कला-समेकित शिक्षण और परियोजना-आधारित अधिगम ने विद्यार्थियों की सृजनशीलता और समस्या समाधान क्षमता को बढ़ाया है। विद्यालय में शिक्षण पद्धति में सकारात्मक बदलाव आया है, जिससे कक्षा-कक्ष अधिक आनंदमय और सहभागितापूर्ण बने हैं।
समावेशी एवं समग्र शिक्षा
खेल, योग, कला, संगीत और जीवन-कौशल कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास किया जा रहा है। शैक्षणिक भ्रमण (Exposure Visits) एवं शैक्षिक यात्राएँ विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जोड़ती हैं और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। समुदाय एवं अभिभावक सहभागिता विद्यालय और समुदाय के बीच अब एक सशक्त संबंध स्थापित हुआ है। शाला विकास समिति SMC और स्थानीय ग्रामीण अब विद्यालय की योजनाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। अभिभावक-शिक्षक बैठकें, जागरूकता रैलियाँ और स्वच्छता अभियान ने विद्यालय को एक सामुदायिक विकास केंद्र बना दिया है। इस सहभागिता से नामांकन में वृद्धि, उपस्थिति में सुधार और अभिभावकों का विद्यालय के प्रति विश्वास बढ़ा है।
उपलब्धियाँ एवं प्रगति
शत-प्रतिशत डिजिटल क्लासरूम की स्थापना
कक्षा 10वीं में शत-प्रतिशत परिणाम (सत्र 2024-25) नामांकन में वृद्धि वर्ष 2024 में 986 से बढ़कर 2025 में 1028 विद्यार्थी। विद्यार्थियों ने जिला स्तर (दुर्ग) पर प्रथम स्थान और राज्य स्तर पर छठवाँ स्थान प्राप्त किया। विद्यालय को “मॉडल पर्यावरण-मित्र एवं नवाचारी परिसर” के रूप में सम्मान प्राप्त हुआ। पुरस्कार एवं विशिष्ट उपलब्धियाँ हमारे विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय का गौरव बढ़ाया जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं (एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी आदि) में उत्कृष्ट प्रदर्शन। सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं जैसे चित्रकला, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी आदि में प्रथम स्थान। विद्यार्थियों का चयन वीर गाथा (Veer Gatha) पहल में, जहाँ उन्होंने अपने देशप्रेम और सृजनशीलता का परिचय दिया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कला, संस्कृति एवं नवाचार परियोजनाओं में सम्मान प्राप्त। शिक्षकों को नवाचारी शिक्षण पद्धति एवं शैक्षणिक नेतृत्व के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
भविष्य की योजनाएँ
आगामी वर्षों में हमारा PM SHRI विद्यालय निम्नलिखित लक्ष्यों की ओर अग्रसर रहेगा STEM एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित प्रयोगशालाओं की स्थापना, ताकि विद्यार्थी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के Digital India विज़न से जुड़ सकें। विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास केंद्र (Skill Hub) की स्थापना, जिससे जीवन-कौशल और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा मिले। की स्थापना जिससे जीवन-कौशल और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा मिले। शून्य अपशिष्ट (Zero Waste) एवं जैविक जैसी पर्यावरणीय पहलों का विस्तार देना। अन्य PM SHRI एवं अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों के साथ वर्चुअल सहयोग द्वारा वैश्विक exposure कार्यक्रम प्रारंभ करना। सभी विद्यार्थियों के लिए 100 समावेशन, 100 प्रतिशत परिणाम और 100 प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करना।
11 नवंबर को अहमदाबाद में होगा ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम : टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में निवेश के अवसरों की होगी प्रस्तुति
रायपुर, 10 नवंबर 2025
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा 11 नवंबर को अहमदाबाद में “इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य गुजरात के उद्योग जगत के साथ औद्योगिक साझेदारी को मज़बूत करना और दोनों राज्यों के बीच निवेश व व्यापारिक अवसरों का विस्तार करना है।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ के बढ़ते औद्योगिक इकोसिस्टम, प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों और निवेश-अनुकूल प्रशासनिक ढांचे को प्रदर्शित करेगा। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस मौके पर विभिन्न सेक्टरों में निवेश की संभावनाओं, निवेशकों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर की विशेषताओं पर प्रस्तुति देंगे। इस पहल के ज़रिए उद्योग स्थापित करना और संचालित करना पहले से अधिक सरल, तेज़ और लाभदायक बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता निवेशकों और राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के बीच वन-ऑन-वन बिज़नेस मीटिंग्स रहेंगी। इन चर्चाओं का फोकस टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, फूड प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर रहेगा - जहाँ छत्तीसगढ़ ने नवाचार और प्रोत्साहनों से प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल की है।
राज्य सरकार इस अवसर पर प्रमुख निवेशकों को “इनविटेशन टू इन्वेस्ट लेटर” भी प्रदान करेगी, जिससे परियोजना स्वीकृति और औद्योगिक सहयोग की प्रक्रियाओं को त्वरित और सुगम बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट के सफल आयोजन दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, बस्तर और रायपुर में हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सिर्फ दस महीनों में ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो राज्य की तेज़, स्थिर और निवेशक-केंद्रित शासन प्रणाली पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
नवाचार, स्थायित्व और इज ऑफ डूइंग बिज़नेस पर फोकस के साथ छत्तीसगढ़ आज भारत के हृदयस्थल में एक उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र बन गया है। राज्य में मैन्युफैक्चरिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, फूड टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा जैसे क्षेत्रों में निवेश की असीम संभावनाएँ हैं। पारदर्शी प्रणालियाँ, तैयार इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशकों के लिए सहयोगी माहौल छत्तीसगढ़ को लंबे समय के लिए एक विश्वसनीय और आकर्षक निवेश गंतव्य बनाते हैं।
अब छत्तीसगढ़ में हर साल 10,000 युवा सीखेंगे आधुनिक तकनीक, आईटीआई कॉलेजों में आएगा बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के NAMTECH कॉलेज का किया दौरा
रायपुर, 10 नवम्बर 2025


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH का भ्रमण किया। यह संस्थान मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई को नवीन और आधुनिक तरीके से सिखाने के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पवित्र भूमि है, जिसने पूरे देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ में भी ऐसे संस्थान स्थापित हों, जहाँ युवाओं को आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार, तकनीकी ज्ञान और उद्योगों से जोड़ने की दिशा में तेज़ी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कॉलेज पहुंचकर वहाँ की शिक्षण पद्धति, आधुनिक प्रयोगशालाएँ और तकनीकी सुविधाएँ ध्यानपूर्वक देखीं। उन्होंने छात्रों से बातचीत की और यह जाना कि वे किस प्रकार प्रोजेक्ट्स और मशीनों पर कार्य करते हुए व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके अनुभवों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि अब राज्य के आईटीआई कॉलेजों को इस तरह विकसित करने की योजना है, जिससे युवाओं को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी नई तकनीकों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में आधुनिक मशीनें और डिजिटल प्रशिक्षण सुविधाएँ शुरू की जाएंगी, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक कार्य कौशल भी विकसित कर सकें।
NAMTECH कॉलेज के प्रबंधन ने मुख्यमंत्री श्री साय को अवगत कराया कि गुजरात में उन्होंने एक ऐसा मॉडल अपनाया है, जिसके अंतर्गत कॉलेजों को आपस में जोड़कर शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। वहाँ के छात्र अब नई तकनीक सीखकर सीधे उद्योगों में काम करने में सक्षम हो रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन ने यह भी बताया कि वे छत्तीसगढ़ में भी इसी प्रकार सहयोग करने के इच्छुक हैं, ताकि राज्य के आईटीआई कॉलेज भी आधुनिक बन सकें। योजना है कि कुछ कॉलेजों को जोड़कर एक नेटवर्क मॉडल तैयार किया जाए, जहाँ एक कॉलेज नई तकनीक में दक्ष हो और वही ज्ञान अन्य कॉलेजों तक पहुँचाए। यह नया मॉडल छत्तीसगढ़ में लागू होने से हर वर्ष लगभग 10,000 से अधिक युवाओं को नई तकनीक और आधुनिक उद्योगों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा। इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा। वे मशीनों, ऑटोमेशन और नई इंजीनियरिंग विधियों की गहराई से समझ विकसित कर सकेंगे। इस प्रकार उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे देश के बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में कार्य करने के लिए तैयार हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा, “युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताक़त हैं। छत्तीसगढ़ अब ऐसे युवाओं को तैयार कर रहा है, जो नई सोच और आधुनिक तकनीक के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ेंगे।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री एस. भारतीदासन तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को बीएलओ ने सौंपा ईएफ फॉर्म
रायपुर,10 नवम्बर 2025
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आज रतनपुर क्षेत्र के भाग संख्या 134 के बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ चौथ कुमार पटेल द्वारा स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल को Enumeration form (गणना पत्रक ) प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मंत्री जायसवाल ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाले इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र में उसकी सशक्त भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ें, सुधार कराएं या आवश्यक परिवर्तन करवाएं ताकि आगामी चुनावों में वे अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
बीएलओ द्वारा ईएफ फॉर्म प्रदान किए जाने का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से जोड़ना है ताकि इस अभियान के प्रति जन जागरूकता बढ़े और कोई भी योग्य नागरिक का नाम छूटे नहीं तथा कोई भी अयोग्य व्यक्ति का नाम जुड़े नहीं । इस दौरान बीएलओ ने मतदाता सूची अद्यतन की प्रक्रिया, ऑनलाइन सुविधा और नए पंजीकरण के लिए उपलब्ध पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं ताकि शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने इस पहल को “सशक्त लोकतंत्र का आधार” बताते हुए कहा कि एक मत भी देश की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों को प्रेरित किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रेरित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बीएलओ ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पात्र मतदाताओं को उनके घरों तक फॉर्म पहुँचाए जा रहे हैं तथा बूथ स्तर पर सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं। वहीं ई-मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को भी अधिक सरल बनाया गया है ताकि युवा मतदाता और नए पंजीकरणकर्ता आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकें। रतनपुर क्षेत्र में चल रहे इस अभियान के तहत जनजागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की जा रही हैं, जिनमें नुक्कड़ संवाद, पोस्टर प्रदर्शन और विद्यालय स्तर पर “मतदाता बने युवा” थीम पर कार्यक्रम शामिल हैं। Enumeration form (गणना पत्रक ) वितरण का यह चरण जिले के लिए एक उदाहरण बन गया है जहाँ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।
प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र लकपाले संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के नए कुलपति नियुक्त
रायपुर, 10 नवम्बर 2025
राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री रमेन डेका द्वारा प्रोफेसर और निदेशक फॉर्म (फॉर्म और बीज) इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर डॉ. राजेन्द्र लकपाले को संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय, सरगुजा, अंबिकापुर का नए कुलपति नियुक्त किया गया है।
डॉ. राजेन्द्र लकपाले का कार्यकाल, उपलब्धियां तथा सेवा शर्ते विश्वविद्यालय अधिनियम एवं परिनियम में निहित प्रावधान अनुसार होंगी।
मुख्यमंत्री ने किया श्री शंकर पांडे की पुस्तक 'छत्तीसगढ़ अतीत से अब तक' का विमोचन
रायपुर 10 नवंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार श्री शंकर पांडे की पुस्तक छत्तीसगढ़ अतीत से अब तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ के अतीत को समेटने के प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय को श्री पांडे ने बताया कि छत्तीसगढ़ पर केंद्रित यह उनकी 6वीं पुस्तक है जिसमें छत्तीसगढ़ के महापुरुषों, पर्यटन स्थल, प्राचीन इतिहास, राज-परिवार, मंदिरों के इतिहास से सम्बंधित जानकारियां संकलित की गयी हैं। उन्होंने बताया कि पुस्तक में छत्तीसगढ़ के कई अनछुए पहलुओं सहित राज्य के सभी मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रमुख राजनीतिक घटनाओं, राजनेताओं व साहित्यकारों का भी उल्लेख है। इस अवसर पर सुश्री प्रियंका कौशल, श्री विशाल यादव सहित सुश्री स्नेहा पांडे तथा मास्टर अंश पांडे भी उपस्थित थे।
किलकिला एनीकट के कार्यों के लिए 5.65 करोड़ रूपए स्वीकृत
छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा जशपुर जिले के विकासखण्ड-पत्थलगांव की किलकिला एनीकट तक तटबंध, माण्ड नदी के सौन्दर्यीकरण तथा घाट निर्माण के लिए 5 करोड़ 65 लाख 42 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से योजना के कार्य कराने के लिए मुख्य अभियंता हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
राज्यपाल श्री रमेन डेका से भारोत्तोलन संघ के पदाधिकारियों ने की मुलाकात
रायपुर, 10 नवंबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहां राजभवन में रायपुर नगर निगम भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष डॉ. टिकेश्वर कुमार ने मुलाकात कर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय 23वें भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल को आमंत्रित किया।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी श्री अशोक साहू, श्री चंद्रशेखर साहू उपस्थित थे।
राज्यपाल श्री रमेन डेका से राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री मंडावी ने सौजन्य मुलाकात की
रायपुर, 10 नवंबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहां राजभवन में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूप सिंह मंडावी ने सौजन्य मुलाकात की। उनके साथ आयोग के सचिव श्री पवन कुमार नेताम भी थे। आयोग ने लोक सेवाओ की पदोन्नति में 32 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने हेतु अनुशंसा प्रस्ताव राज्यपाल को सौंपा हैैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल से की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल से की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री ने स्टेट हैंगर से विमान परिचालन सेवा का किया शुभारंभ
एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा होगी समाप्त
रायपुर, 10 नवम्बर 2025



मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर, माना कैम्प के समीप स्टेट हैंगर के नियमित परिचालन का शुभारंभ किया। शुभारंभ के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय अपने गुजरात प्रवास हेतु इसी हैंगर से रवाना हुए।
इस पहल से एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा समाप्त होगी।स्टेट हैंगर के प्रारम्भ होने से राज्य में विशेष विमान द्वारा वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान की व्यवस्थाएँ अब और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि स्टेट हैंगर का निर्माण वर्ष 2012 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया था। तथापि, इसके परिचालन के लिए आवश्यक डीजीसीए (DGCA) और बीसीएएस (BCAS) की विभिन्न अनुमतियाँ हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुईं है। अनुमतियां मिलने के पश्चात अब हैंगर का नियमित परिचालन आरम्भ किया गया है।
नवनिर्मित स्टेट हैंगर को टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट अधिक सुगमता से हो सकेगा और एयरपोर्ट परिसर के भीतर अलग व्यवस्था करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान एवं हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए भी यह नया स्टेट हैंगर उपयोग में लाया जाएगा। इससे अब एयरपोर्ट परिसर के भीतर स्थित किराए के स्टेट हैंगर पर निर्भरता समाप्त होगी।
इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष श्री संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, मुख्यमंत्री के उप सचिव श्री सूरज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
खुले गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, आक्रोशित लोगों ने रिंग रोड किया जाम
रायपुर । राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। गुस्साए लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जिम्मेदार विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए दो मासूम
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कबीर नगर इलाके में यह दर्दनाक हादसा हुआ। सड़क किनारे लंबे समय से एक बड़ा गड्ढा खुला हुआ था, जिसमें बारिश के दौरान पानी भर गया था। पास में खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक फिसलकर गड्ढे में गिर गए।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण दोनों को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला।
कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया: “घटना की जानकारी सुबह मिली। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।”
लोगों का फूटा गुस्सा, रिंग रोड पर चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि इस गड्ढे की शिकायत कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों को दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए टायर जलाकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और खुले गड्ढों को तुरंत भरा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। कई घंटे बाद जाम हटाया जा सका।
घर में मातम, इलाके में सन्नाटा
दोनों मृत बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घरों में मातम का माहौल है और पड़ोसी व रिश्तेदार सांत्वना देने जुटे हैं। लोग प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जता रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते गड्ढे को ढंका या भरा गया होता, तो दो मासूमों की जान बचाई जा सकती थी।
151 दिन बाद कुख्यात सूदखोर ‘रूबी तोमर’ गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस..
रायपुर । राजधानी रायपुर के कुख्यात सूदखोर वीरेंद्र उर्फ रूबी तोमर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है। रूबी तोमर पिछले 151 दिनों से फरार था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस टीम ने उसे सड़क मार्ग से रायपुर लाकर कस्टडी में लिया, जहां गिरफ्तारी के बाद उसका इलाके में जुलूस निकाला गया। इस दौरान रूबी तोमर बनियान पहने नजर आया और लोगों के सामने कहा — “गुंडागर्दी पाप है, पुलिस हमारी बाप है।”
ज्वेलर से ब्याजखोरी और धमकी का खेल
मामला तब शुरू हुआ जब ज्वेलर जयकुमार बदलानी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बदलानी ने बताया कि उसने रूबी तोमर और उसके भाई रोहित सिंह तोमर से 5 लाख रुपए कर्ज लिया था, जिसके बदले 1.75 लाख रुपए ब्याज के रूप में चुका भी दिए। बाकी रकम किस्तों में दी जा रही थी, बावजूद इसके तोमर भाई उसकी दुकान पर बार-बार आते और जबरन पैसे वसूलते थे।
कर्ज के हिसाब में धोखाधड़ी का अंदाजा तब लगा जब बदमाशों ने व्यापारी से 5 लाख के बदले 2 करोड़ 5 लाख रुपए मांगे और रकम नहीं देने पर बेटे को मारने की धमकी दी। थक-हारकर व्यापारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर रोहित सिंह तोमर, रूबी तोमर, कमल नारायण कुर्रे, विनोद चौरसिया और आर्यन उर्फ संतोष हबलानी को गिरफ्तार किया था। वहीं आरोपी वेद प्रकाश सिंहा फरार हो गया था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।
7 लाख वसूले, फिर भी बोले “पैसा बाकी है”
एक अन्य व्यापारी ने भी तोमर भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3.5 लाख रुपए कर्ज लेकर 4 लाख चुका देने के बाद भी बदमाश धमकाने लगे। बाद में उन्होंने 7 लाख रुपए जबरन वसूल लिए, लेकिन फिर भी कहते रहे कि “पैसा बाकी है।” शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
घर में घुसकर करते थे गाली-गलौच और मारपीट
पीड़ित के अनुसार, कर्ज देते समय आरोपियों ने उससे चेक और एग्रीमेंट पर जबरन हस्ताक्षर कराए थे, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया। दबाव और धमकियों से तंग आकर पीड़ित ने अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपी उसके घर पहुंचकर गाली-गलौच और मारपीट करते रहे।
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी वेद प्रकाश सिंहा को भी पुलिस ने हाल ही में पकड़ लिया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।