छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता व सत्यनिष्ठा की दिलाई शपथ
सूरजपुर । भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री, भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही जिला पंचायत, जनपद कार्यालय, तहसील कार्यालय अन्य शासकीय संस्था एवं कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस का शपथ लिया गया। जिला संयुक्त कार्यालय के राष्ट्रीय एकता दिवस के शपथ कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सुनिल अग्रवाल व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
1 नवम्बर को पीएम मोदी पीएम आवास (ग्रामीण) के 14,033 हितग्राहियों के परिवारों का करायेंगे गृह प्रवेश
सूरजपुर । केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना पीएम आवास योजना ग्रामीण में निरंतर नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। देश में सर्वाधिक लक्ष्य छत्तीसगढ़ राज्य को प्राप्त होने के साथ इसमें प्रगति को लेकर लगातार कीर्तिमान बन रहे है। एक ओर जहां ग्रामीणों की बुनियादी जरूरत पूरी हो रही है तो वहीं दूसरी ओर यह योजना कई लोगों को काम की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर रहा है।
इस कड़ी में जिला सूरजपुर अंतर्गत कलेक्टर एस जयवर्धन के निर्देश व सीईओ जिला पंचायत विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में पीएम आवास सतत् कार्य में प्रगति की ओर बढ़ रहा है। जिले को प्राप्त अब तक के लक्ष्य का 77 प्रतिशत आवास पूर्ण हो चुका है। विगत 5 माह में 14033 आवास पूर्ण हुए है, इन परिवारों का राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से गृह प्रवेश कराया जायेगा ।
जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के हितग्राही अवधेश आत्मज बुधन को वित्त वर्ष 2024-25 में पीएम आवास की स्वीकृति मिली, जिसे उन्होंने बिना विलंब किए तत्काल पूर्ण करा लिया है। जनपद पंचायत प्रतापपुर के कई ग्राम पंचायतों में लगातार हाथियों के झुंड के भ्रमण करने की जानकारी मिलती है। हाथियों द्वारा कई कच्चे के मकानों को तहस नहस करने की घटना भी प्रायः संज्ञान में आता है। किंतु पीएम आवास के पक्के मकान के निर्माण ने इस चिंता से ग्रामीणों को मुक्त कर दिया है। अवधेश का परिवार भी अब सुरक्षित महसूस कर रहा है, आवास के कारण ही घर में खुशियां व समृद्धि का वातावरण निर्माण हुआ है।
ऐसे कई परिवारों को आवास योजना ने चिंताओं से मुक्ति दिलाई है। अब तक जिले में 55700 से अधिक पक्के मकान निर्मित हो चुके है तथा 16000 से अधिक मकान निर्माणाधीन है।
राज्य शासन के निर्देशानुसार हाल ही में निर्मित हुए 14033 परिवारों के मकानों को रजत जयंती महोत्सव पर आवासों का साज सज्जा कर सामूहिक गृह प्रवेश का कार्य कराया जाना है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में उक्त निर्देश के परिपालन में ड्यूटी लगाई गई है। इसमें जनपद पंचायत भैयाथान से 3253, ओड़गी से 2933, प्रतापपुर से 1437, प्रेमनगर से 2153, रामानुजनगर से 1008 एवं सूरजपुर से 3249 आवास सम्मिलित है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के 2679 परिवारों के आवास निर्माण हेतु 40,000 के मान से प्रथम किस्त की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जाएगी।
विभाग द्वारा लगातार आवास योजना में राशि जारी करने एवं उसके विरुद्ध आवास निर्माण पूर्ण होने की प्रगति की मॉनिटरिंग की जा रही है। योजना के साथ अभिसरण से मिलने वाले लाभ का भी रेगुलर फॉलोअप किया जा रहा है इसमें मनरेगा से 90 मानव दिवस की मजदूरी राशि, शौचालय, नल कलेक्शन, विद्युत कनेक्शन, उज्जवला योजना, बिहान योजना से जुड़ने के प्रावधानों पर भी फोकस करते हुए, लाभान्वित कराया जा रहा है। बिहान से ऋण दिलाकर भी पीएम आवास के निर्माण में गति लाई जा रही है।
योजना अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के माध्यम से 1.40 लाख से अधिक परिवारों का सर्वे कार्य पूर्ण किया गया है। जिला योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु लगातार प्रयास कर रहा है, हितग्राहियों से अपील है कि अपने आवासों का निर्माण तत्काल पूर्ण कराए। कोई समस्या या शिकायत है तो जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 पर संपर्क कर सकते है।
वीरगाथा प्रोजेक्ट व एकता दिवस के अवसर पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
सूरजपुर । माध्यमिक शाला बालक रामानुजनगर में वीरगाथा प्रोजेक्ट 5.0 के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा देश के वीर महापुरुषों की जीवन गाथाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्रों ने महापुरुषों की जीवनी को आधार बनाकर उनके आदर्शों, देशभक्ति और त्याग के भाव को विस्तार से प्रस्तुत किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने वीर सपूतों और राष्ट्र नायकों के चित्र बनाकर उनके योगदान को रेखांकित किया। चर्चा के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान एवं समाज में दिए गए संदेशों को साझा किया। इसी क्रम में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व और उनके द्वारा की गई देश की एकता एवं अखंडता के कार्यों को अपने चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक प्रकाश कुमार, शिक्षक बिहारी लाल साहू एवं वर्षा सिंह ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “वीरगाथा प्रोजेक्ट जैसे प्रयास छात्रों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना का विकास करते हैं।” विद्यालय परिसर में संपन्न इस कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सृजन से यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी अपने वीर नायकों के कार्यों से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में योगदान देने को तत्पर है।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारी व एजेण्ट को दिया गया प्रशिक्षण
सूरजपुर । भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 की घोषणा किये जाने के उपरांत आयोग के निर्देशानुसार बूथ लेवल अधिकारी/बूथ लेवल एजेण्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में महत्वपूर्ण भूमिका को दृष्टिगत रखते हुये विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार (ईआरओ लेवल पर) 03 नवंबर तक जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारी एवं बूथ लेवल एजेण्ट को प्रशिक्षण का पूर्ण किये जाने हेतु दिये गये निर्देशों के परिपालन में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में सर्व विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल
शिवनंदनपुर में 4 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
सूरजपुर , 30 अक्टूबर 2025

सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 4 करोड़ रुपए के महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि इन योजनाओं से आमजन को प्रत्यक्ष राहत मिलेगी और क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाएगा।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि जनता की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं ताकि लोगों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत प्रमुख कार्य में वार्ड 6 और वार्ड 13 में घाट निर्माण के लिए लगभग 21.87 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृति मिली है।जिससे धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित पहुंच और श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को नदी से जुड़ी सुविधाएँ मिल सकेगी। वार्ड 12 में फुटपाथ निर्माण कार्य के लिए लगभग 27.23 करोड़ की मंजूरी मिली है।स्वीकृति से महिलाओं, बच्चों और आम लोगों के लिए सुरक्षित आवागमन प्राप्त होगा। वार्ड 13 में लगभग 52.94 लाख की स्वीकृति से नई चौपाटी की स्वीकृति मिली है। जिससे परिवारों व युवाओं के लिए नया मनोरंजन स्थल और स्थानीय व्यापार व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
अन्य बुनियादी कार्यों में बी.टी. रोड निर्माण के लिए 1.28 करोड़ रुपए ,सी.सी. रोड निर्माण के लिए 3.14 करोड़ रुपए, आर.सी.सी. नाली निर्माण के लिए 1.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़कों व नालियों के बनने से जलभराव की परेशानी कम होगी साथ ही आवागमन सुगम होगा। नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि,ये कार्य वर्षों से लंबित थे। इनसे शहर की तस्वीर बदलेगी, छोटे व्यापारी, महिलाएँ व स्कूली बच्चे सबसे अधिक लाभान्वित होंगे। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने हमारी चिंताओं को समझकर बड़ा कदम उठाया है।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े होंगी मुख्य अतिथि
सूरजपुर, 28 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ के 25वें राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती वर्ष) के अवसर पर जिला मुख्यालय सूरजपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
30 अक्टूबर को जिला अस्पताल में किडनी रोग का निःशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन
सूरजपुर, 28 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन द्वारा 30 अक्टूबर दिन गुरुवार को अपोलो अस्पताल बिलासपुर के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ० विनय कुमार के द्वारा मरीजों का निःशुल्क परामर्श जिला चिकित्सालय सूरजपुर में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक किया जायेगा। इस शिविर में किडनी रोग से संबंधित सभी बीमारियां जैसे किडनी फेल, डायलिसिस वाले मरीज एवं पथरी के मरीजों के लिए चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध है।
सूरजपुर जिले में संपन्न हुई सरगुजा संभाग की एपीसी समीक्षा बैठक
खरीफ वर्ष 2025 के प्रगति की समीक्षा तथा रबी वर्ष 2025-26 कार्यक्रम निर्धारण पर हुई वृहद चर्चा
सूरजपुर, 28 अक्टूबर 2025
कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में खरीफ वर्ष 2025 के प्रगति की समीक्षा तथा रबी वर्ष 2025-26 कार्यक्रम निर्धारण हेतु सरगुजा संभाग की समीक्षा बैठक रखी गई थी। एपीसी बैठक में प्रदेश की कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आगामी फसल सीजन की तैयारी के लिए विस्तृत चर्चा की गई। कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार ने संभाग से उपस्थित समस्त जिले के कलेक्टर को शासन की मंशा से अवगत कराते हुए उन पर खरा उतरने के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अमला योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु योजनाओं के अद्यतन स्थिति की रेगुलर मॉनीटरिंग करे और भौतिक निरीक्षण करें। उपस्थित समस्त जिला पंचायत सीईओ कलेक्टर के मार्गदर्शन में कैलेण्डर आधारित कार्ययोजना बनाकर उसका उचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने किसानों को धान के अतिरिक्त दलहन तिलहन व अन्य फसलों के लिए प्रोत्साहित करने व शासन की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध उपलब्ध कराये जाने की बात कही। उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल अंतर्गत पंजीयन की कार्ययोजना की प्रगति पर विशेष फोकस करने की बात कही, उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र पंजीयन गैप को नग्णय करने की दिशा में सभी कार्य करें। इसके साथ ही बैठक में सरगुजा संभाग के केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की वित्तिय प्रगति, मिट्टी परीक्षण, बीजों के वास्तविक मांग, रबी फसल हेतु ज्यादा से ज्यादा कृषक बंधुओं को प्रेरित करें व केसीसी लोन सुनिश्चित करें, राष्ट्रीय स्तर पर फसलों की उपज बढ़ाने की दिशा में कार्य करने हेतु दिशा निर्देश दिये गये।
बैठक में सर्वप्रथम जिला कलेक्टरों द्वारा खरीफ 2025 की प्रगति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन पर एजेंडा-वार प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके पश्चात विभागाध्यक्षों ने विभागवार प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
एपीसी बैठक में खरीफ 2025 में धान के रकबे में कमी एवं फसल विविधीकरण, रबी 2024-25 की तुलना में क्षेत्राच्छादन में वृद्धि तथा रबी / ग्रीष्म (जायद) अल्पकालीन फसल ऋण वितरण में वृद्धि की रणनीति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत अपात्र एफआरए एवं पीवीटीजी कृषक तथा अन्य संदिग्ध प्रकरण का समय सीमा में सत्यापन तथा समय सीमा में एग्रीस्टेक अंतर्गत पंजीयन की कार्ययोजना, रबी 2026-27 की संभावित बीज मांग के दृष्टिगत रबी 2025-26 में फसलवार बीज उत्पादन कार्यक्रम की कार्ययोजना, ऑयल पॉम के क्षेत्र विस्तार की कार्ययोजना, केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत सामान्य बीज वितरण एवं प्रदर्शन में प्रयुक्त होने वाले बीजों की फसलवार, योजनावार दर तथा इनके वितरण में ’’साथी पोर्टल’’ के अनुप्रयोग इत्यादि महत्वपूर्ण बिदुंओ पर चर्चा की गई।
खरीफ वर्ष 2025 की समीक्षा
बैठक में खरीफ 2025 के अंतर्गत मुख्य रूप से धान के रकबे में कमी, फसल विविधीकरण, तथा दलहन-तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार की समीक्षा की गई। साथ ही बीज, उर्वरक एवं ऋण वितरण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। कृषि उत्पादन आयुक्त ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
रबी 2025-26 के लिए कार्ययोजना
रवि 2025-26 के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन धान के रकबे में कमी लाकर दलहन, तिलहन एवं मक्का फसलों के क्षेत्र विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए। भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत उड़द, अरहर, मूंग, चना, मसूर, सोयाबीन, मूंगफली एवं सरसों के उपार्जन से कृषकों को लाभान्वित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के लिए पंजीकृत किसानों का एग्री-स्टैक अंतर्गत पंजीयन अनिवार्य बताया गया। सभी जिलों को शेष लाभार्थियों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने तथा संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कृषि उत्पादन आयुक्त ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बीज उत्पादन एवं तिलहन विस्तार
बैठक में जिलेवार बीज उत्पादन की समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष की बीज मांग को ध्यान में रखते हुए रवि 2025-26 में बीज उत्पादन कार्यक्रम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। तेल पाम के क्षेत्र विस्तार पर भारत सरकार के विशेष जोर से सभी जिलों को प्राथमिकता से कार्य करने और अंतरवर्तीय फसल लेने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही बैठक में मत्स्य विभाग, पशुधन विकास विभाग से संबंधित केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं व उनके क्रियान्वयन पर क्रमवार चर्चा की गई।
बैठक में सरगुजा संभाग के सभांगायुक्त श्री नरेन्द्र दुग्गे, संचालक कृषि श्री राहुल देव, संचालक पशुधन विकास श्री चन्द्रकांत वर्मा, आयुक्त सहकारी संस्थाएं श्री कुलदीप शर्मा, संचालक मत्स्य श्री नारायण सिंह नाग, संचालक अनुशंधान सेवाएं इं.गो.कृ.वि.वि. डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, संचालक अनुशंधान सेवांए दाउश्री वासुदेव कामधेनु वि.वि. डॉ गौतम कुमार दत्ता, प्रबंध संचालक दुग्ध महासंघ डॉ. साकेत सामंता, मुख्यकार्यपालन अधिकारी छ.ग. राज्य चंद्राकर कामधेनु वि.वि. श्री चंद्रकांत वर्मा, प्रमुख अभिंयता जल संसाधन श्री इन्द्रजीत उइके, प्रबंध संचालक, कृषि विपणन एवं मण्डी बोर्ड श्री महेन्द्र सिंह सवन्नी, संचालक सेमती श्री बी के बिजनौरिया, प्रबंध संचालक कृषि विपणन एवं मण्डी बोर्ड श्री आर के राठौर, मुख्य अभियंता छ.ग. पावर डिस्टीब्यूसेन लिमि. सरगुजा श्री यशवंत शिलेदार, महाप्रबंधक मार्कफेड श्री दिलीप जायसवाल, मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड श्री ज्ञानेन्द्रमणी, प्रभारी संयुक्त संचालक उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी श्री नीरज साहा, अपेक्स बैंक श्री के.एन. काण्डे, प्रबंध संचालक बीज निगम श्री अजय अग्रवाल, कलेक्टर सरगुजा श्री विलस भोस्कर, कलेक्टर बलरामपुर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा, कलेक्टर एम.सी.बी.श्री डी राहुल वैकंट, कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, कलेक्टर सूरजपुर श्री एस. जयर्वधन, जिला पंचायत सीईओ बलरामपुर श्रीमती नयन तारा सिंह, जिला पंचायत सीईओ एम.सी.बी श्रीमती अंकिता सोम, जिला पंचायत सीईओ सरगुजा श्री विनय कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ कोरिया डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ जशपुर श्री अभिषेक कुमार, जिला पंचायत सीईओ सूरजपुर श्री विजेन्द्र सिंह पाटले व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से ग्रामीणों की मांग हुई पूरी
सूरजपुर में 11 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से दो सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ
सूरजपुर , 28 अक्टूबर 2025


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर जिले के ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए कुल 11 करोड़ 39 लाख 63 हजार रुपये (1,139.63 लाख रुपये) की लागत से दो प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों का आज भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया।
पहला निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से नया कृष्ण मंदिर होकर सिलफिली बनारस रोड तक (5.20 किमी) का है, जिस पर 6 करोड़ 90 लाख 68 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।दूसरा निर्माण कार्य एनएच-43 से नावापारा दुर्गाबाड़ी होकर रवीन्द्र नगर (3.96 किमी) तक सड़क निर्माण का है, जिसकी लागत 4 करोड़ 48 लाख 95 हजार रुपये है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से सैकड़ों ग्रामीण परिवारों को आवागमन की सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और जीवन स्तर में सुधार मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक पक्की सड़क और विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सड़कों की स्वीकृति से क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने , सूर्यदेव को अर्पित किया संध्या अर्घ्य
प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की छठी मईया से कामना
सूरजपुर , 27 अक्टूबर 2025



महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज छठ पर्व के अवसर पर सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित शिव मंदिर और हनुमान मंदिर के पास बने छठ घाट पर पहुँचकर श्रद्धा और भक्ति के साथ सूर्य देव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने घाट पर उपस्थित व्रतियों से आत्मीय भेंट की और उन्हें नारियल एवं फल भेंट कर छठी मईया से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने छठ पूजा को भारतीय संस्कृति का अद्भुत पर्व बताते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, पर्यावरण और परिवार के सामूहिक बंधन का प्रतीक है।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती विविधता में एकता और लोक परंपराओं की समृद्धि के लिए जानी जाती है। यहाँ हर पर्व सामाजिक एकता और महिला शक्ति के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। छठ पूजा में महिलाओं की आस्था और तप का जो स्वरूप देखने को मिलता है, वह समाज को अनुशासन, निष्ठा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, महिला समूहों की सदस्याएँ तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वातावरण ‘छठी मईया के जयकारों’ से गूंज उठा।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बैजनाथपुर जलाशय जीर्णोद्धार कार्य का किया भूमिपूजन
222.79 लाख की लागत से होगा मरम्मत कार्य, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
सूरजपुर, 24 अक्टूबर 2025


सूरजपुर जिले के ग्राम बैजनाथपुर (ब) स्थित बैजनाथपुर जलाशय योजना के जीर्णोद्धार कार्य का आज विधिवत भूमिपूजन महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के करकमलों से संपन्न हुआ।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की खुशहाली और सिंचाई संसाधनों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। बैजनाथपुर जलाशय का जीर्णोद्धार क्षेत्र के किसानों को स्थायी जल उपलब्धता सुनिश्चित करेगा और कृषि उत्पादन को नई गति देगा।
सन् 1977 ई. में निर्मित यह जलाशय अब लगभग 48 वर्ष पुराना है। यह जलाशय लंबे समय से क्षेत्र के किसानों को खरीफ फसल के लिए सिंचाई सुविधा प्रदान करता रहा है। बांध की कुल लंबाई 855 मीटर है तथा इसकी जल भराव क्षमता 19.76 मिलियन क्यूबिक फीट है। जलाशय से निकलने वाली 2250 मीटर लंबी नहर के माध्यम से लगभग 182 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है, जिससे करीब 2600 से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिलता है।प्रदेश सरकार द्वारा इस जलाशय के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य हेतु 222.79 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। कार्य पूर्ण होने पर जलाशय की जलसंचयन क्षमता में वृद्धि होगी और सिंचाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, कृषि विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
'विशेष गहन पुनरीक्षण' की तैयारियों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के सम्मेलन का समापन
सूरजपुर, 24 अक्टूबर 2025
1. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा आयोजित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEOs) का दो दिवसीय सम्मेलन आज नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल मैनेजमेंट (IIIDEM) में संपन्न हुआ।
2. सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने की, जिसमें निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद थे।
3. देश भर के राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEOs) ने इस सम्मेलन में भाग लिया।
4. आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को अपने-अपने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एसआईआर प्रक्रिया पर प्रस्तुतीकरण के बाद, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का भी स्पष्टीकरण किया गया।
5. आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पहले जारी किए गए निर्देशों पर हुई प्रगति का आकलन किया, जिसमें उन्हें वर्तमान मतदाताओं का मिलान राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में पिछले एसआईआर के अनुसार मतदाताओं से करना था।
6. आयोग ने चुनाव वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ एक-एक करके बातचीत भी की।
7. यह सम्मेलन 10 सितंबर, 2025 को आयोजित एसआईआर तैयारी सम्मेलन की अनुवर्ती कार्रवाई के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसके दौरान सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने पिछले पूर्ण हुए एसआईआर के अनुसार अपने संबंधित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में मतदाताओं की संख्या, पिछले एसआईआर की अर्हता तिथि (qualifying date) और मतदाता सूची पर विस्तृत प्रस्तुति दी थी।
15 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक शौचालय विहीन परिवारों के यहां नवीन व्यक्तिगत शौचालयों का किया जा रहा स्वीकृत
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं सीईओ ज़िला पंचायत श्री विजेंद्र पाटले के मार्गदर्शन में स्वच्छ संकल्प अभियान 15 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक शौचालय विहीन परिवारों के यहां नवीन व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत किया जाना है। जिले के समस्त जनपदों में यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत रामानुजनगर से 105, भैयाथान से 45, सूरजपुर से 31 और ओड़गी से 15 इस प्रकार कुल 196 शौचालय विहीन परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदाय की गई। जिन्हें 1 माह के अंदर पुर्ण कराये जाने हितग्राहियो को प्रेरित किया जा रहा हैं।
ग्राम पंचायत चंद्रपुर में विहान की दीदीयों द्वारा किया गया स्वच्छता श्रमदान
ग्राम पंचायत चंद्रपुर विकासखंड सूरजपुर अंतर्गत खेल के मैदान में विहान की दीदीयों द्वारा स्वच्छता श्रमदान किया गया। जिसके तहत ग्राउंड को साफ तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच एन खोटेल, संत सिंह, विकासखंड परियोजना प्रबंधक एन आर एल एम माधुरी भंडारी, विकासखंड समन्वयक एसबीएम अनुजा चौबे, बिहान की दीदीयां, सरपंच, सचिव एवं ग्रामीण जन ने श्रमदान किया।
राज्योत्सव 2025 के सफल आयोजन हेतु नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारी किया गया नियुक्त
सूरजपुर / 23 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय रायपुर द्वारा 02 से 04 नवंबर 2025 तक जिला स्तर पर राज्योत्सव का आयोजन स्टेडियम ग्राउंड सूरजपुर किया जाना है। राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र पाटले को नोडल अधिकारी व अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। राज्योत्सव की आवश्यक तैयारी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन कर उनके दायित्वों को सौंपा गया है।
जिले के 05 पी.एम. केयर्स बच्चों से मिले कलेक्टर, उत्साहवर्धन किया और दी दीपावली की शुभकामनाएं
जिले के कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने आज कोरोना महामारी के दौरान अनाथ हुए पांच बच्चों से मुलाकात की, जो प्रधानमंत्री केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के लाभार्थी हैं। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय वार्तालाप करते हुए उनके शिक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल की जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने सभी बच्चों को कलेक्टर कार्यालय का भ्रमण कराया और दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं एवं सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में आगे बढ़ने और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत कोरोना काल में अपने माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों की समुचित देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे के नाम पर कलेक्टर के साथ संयुक्त खाते में 10 लाख की राशि जमा की गई है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद बच्चों को इस राशि का ब्याज लगभग 5,000 रुपये से 6,000 रुपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहा है, जबकि 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर उन्हें मूल राशि 10 लाख रूपये प्रदान की जाएगी, जिससे उनके आत्मनिर्भर जीवनयापन में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र पाटले, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनोज जायसवाल, लेखापाल वरुण सैंदाणे तथा सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती अंजनी साहू उपस्थित रहीं।
एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों का पंजीयन सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर
सूरजपुर । एग्रीस्टेक किसान पंजीयन, गिरदावरी सत्यापन और धान पंजीयन रकबा के संबंध में आज कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन द्वारा सभी एसडीएम व तहसीलदार की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एनआईसी सभा कक्ष में समीक्षा की गई। उन्होने क्रमवार सभी तहसीलदारों से एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की अद्यतन जानकारी ली व कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होने पटवारी व तहसीलदार स्तर पर सत्यापन व अनुमोदन के लिए शेष पंजीयन को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जिन किसानों का पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल में नहीं हुआ है, उनकी सूची ग्राम पंचायत व सहकारी समितियों में चस्पा कराने के निर्देश दिये ताकि बचे हुये किसान शीघ्र पंजीयन करा सकें। इसके साथ ही किसी कारणवश यदि कृषक बंधुओं का पंजीयन नहीं हो पा रहा है तो उनके सही कारण उन्होने सूचीबद्ध करने के निर्देश दिये ताकि एनआईसी को सही वस्तु स्थिति में अवगत कराकर निराकरण प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को धान एवं अन्य खरीफ फसलों की बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही किसानों से संपर्क स्थापित कर पंजीयन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।