छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
पंचायत सचिव संघ का प्रदर्शन, अल्टीमेटम की प्रतियां जलाकर जताया विरोध
बिलाईगढ़। प्रदेश पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर बिलाईगढ़ ब्लॉक के जनपद पंचायत मुख्यालय में पंचायत सचिव संघ ने अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सचिव संघ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य सरकार द्वारा 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने के अल्टीमेटम की प्रतियां जलाकर विरोध जता रहे हैं।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
पंचायत सचिव संघ ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान पंचायत सचिवों के नियमितीकरण का वादा 'मोदी की गारंटी' के रूप में किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद भी इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।
संघ ने यह भी बताया कि पूर्व आंदोलन के समय वर्तमान गृह मंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार बनने पर नियमितीकरण करने का आश्वासन दिया था। इसी वादाखिलाफी से आहत होकर प्रदेश पंचायत सचिव संघ मजबूरन ब्लॉक मुख्यालय पर धरने पर बैठा है।
अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। पंचायत सचिवों का कहना है कि वे अपने हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे और सरकार से जल्द से जल्द वादे पूरे करने की मांग कर रहे हैं।
पंचायत सचिव ने जनप्रतिनिधियों को नहीं सौंपा प्रभार, ग्रामीणों में आक्रोश...
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ जनपद पंचायत के जमगहंन पंचायत में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सचिव द्वारा प्रभार नहीं सौंपे जाने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव को कई बार निवेदन किया गया, लेकिन इसके बावजूद वह इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रभार को लेकर उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी से लेकर जिला कलेक्टर तक शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व सरपंच और सचिव की मिलीभगत से पंचायत के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किया गया, और इसी कारण सचिव पंचायत की जानकारी साझा करने और प्रभार देने से इंकार कर रहे हैं।
विकास कार्य अवरुद्ध
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मीडिया को बताया कि गाँव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य रुके हुए हैं, वहीं स्कूल भवनों के शौचालय जर्जर स्थिति में हैं। अन्य विकास कार्य भी ठप पड़े हुए हैं, जिससे जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सचिव को हटाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव को पहले ही नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रभार सौंप देना चाहिए था। अब ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल प्रभाव से पंचायत का प्रभार दिया जाए और पंचायत सचिव जितेंद्र नेताम को उनके पद से हटाया जाए। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
CMO के खिलाफ स्वच्छता दीदियों ने खोला मोर्चा, लगाये कई गम्भीर आरोप
बिलाईगढ़ । नगर पंचायत बिलाईगढ़ में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाली स्वच्छता दीदियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच करने का मामला सामने आया है। स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि मुख्य नगर पंचायत अधिकारी (सीएमओ) सुशील चौधरी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग कर काम से निकाल दिया।
स्वच्छता दीदियों की शिकायत
पीड़ित महिलाओं ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) डॉ. वर्षा बंसल से मिलकर सीएमओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने उचित कार्रवाई की मांग की और उन्हें पुनः ससम्मान काम पर रखने का निवेदन किया। स्वच्छता दीदियों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के, कुछ कार्यों में जानबूझकर लापरवाही का आरोप लगाकर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया। साथ ही, अब अधिकारी द्वारा किसी अन्य समूह को काम पर रखने के लिए मुनादी कराई जा रही है।
सीएमओ पर गंभीर आरोप
स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि सीएमओ ने उन्हें ‘नीच’, ‘सुअर’ और ‘गोबर’ जैसे अपमानजनक शब्द कहे और बिना किसी नोटिस के उन्हें काम से निकाल दिया। इससे सभी कर्मचारी अपमानित महसूस कर रहे हैं।
पूर्व में सीएमओ को बचा चुकी हैं स्वच्छता दीदियां
गौरतलब है कि कुछ समय पहले नगर में गौरव पथ निर्माण के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा सीएमओ के साथ मारपीट की घटना हुई थी। उस समय स्वच्छता दीदियों ने ही उन्हें सुरक्षित उनके कार्यालय तक पहुंचाया था। लेकिन अब वही अधिकारी इन महिलाओं को दरकिनार कर किसी अन्य समूह को काम पर रखने की प्रक्रिया में जुटे हैं।
एसडीएम का आश्वासन
इस मामले पर अनुविभागीय अधिकारी डॉ. वर्षा बंसल ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले पर जिम्मेदार अधिकारी से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। अब देखना होगा कि इन स्वच्छता दीदियों को पुनः काम में लिया जाता है या नहीं।
पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता...
सारंगढ़ । सारंगढ़ जिले के बरमकेला जनपद पंचायत के अध्यक्ष- उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। इस झड़प में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता यशवंत नायक और कैलाश नायक घायल हो गए हैं। कैलाश शकराजित नायक पुलिस की लापरवाही बताकर मतदान के गेट पर धरने पर बैठ गए हैं।
सरगुजा में भी दो गुटों में मारपीट
सरगुजा जिले में उपसरपंच चुनाव के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जिसका विडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। विडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ झूमाझटकी और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया गया कि, आपसी रंजिश को लेकर दोनों गुट में मारपीट हुई है।
मारपीट का वीडियो वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, यह मारपीट का वारयल वीडियो ग्राम कुदारीडीह का बताया जा रहा है। एक पक्ष अखिलेश यादव का है। दूसरा पक्ष भीमन यादव का है। उपसरपंच चुनाव के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाला दिया। यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि, अब तक इस विवाद को लेकर किसी ने भी मैनपाट कमलेश्वरपुर थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला पत्रकारों का किया सम्मान
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री आवास में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित "महतारी वंदन अभिनंदन" कार्यक्रम में महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने मीडिया में महिलाओं की भूमिका पर खुलकर चर्चा की।
महिला पत्रकारों ने कहा कि महिला पत्रकार राजनीति, अपराध, खेल सहित हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें बराबरी का अवसर मिले। उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों की सराहना की और कहा कि यह पहल महिलाओं को घर से दूर भी सुरक्षित माहौल प्रदान करेगी।
इससे अब अभिभावक अपनी बेटियों के कैरियर को लेकर निश्चिंत हो सकेंगे। उन्होंने पत्रकारों की सम्मान निधि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास में सम्मान समारोह आयोजित करने पर खुशी जताई और कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे एक पिता ने हमें अपने घर बुलाया हो।
उन्होंने कहा कि यह पहल महिला पत्रकारों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश में पहली बार इस तरह का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाएँ समाज निर्माण की सशक्त धुरी हैं, और महिला पत्रकार अपनी लेखनी से सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री साय के साथ लंच किया और उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री साय ने महिला पत्रकारों के लिए भविष्य में नई योजनाओं पर विचार करने का भरोसा दिलाया और कहा कि सरकार महिला पत्रकारों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर ने स्कूल और निर्माण कार्यों की समीक्षा की
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धर्मेश कुमार साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने जिले के स्कूल सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली, जिसमें अधोसरंचना, सीएसआर, डीएमएफ, सांसद और विधायक निधि, स्कूल जतन, समग्र शिक्षा के मद शामिल हैं। कलेक्टर ने जर्जर स्कूल, भवनों, कार्यालयों के निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद पटेल, डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू शिक्षा शर्मा मधु गवेल, समग्र शिक्षा के नोडल अधिकारी नरेश चौहान, जिले के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) एसडीओ भोजकुमारी खांडेकर, आकाश देवांगन, लक्ष्मी जांगड़े, डीपीएम एन एल इजारदार, सत्येंद्र बसंत, भानुप्रताप कोशले उपस्थित थे।
14 मार्च को मदिरा दुकान रहेगा बंद
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धर्मेश कुमार साहू ने 14 मार्च शुक्रवार को होली त्यौहार के अवसर पर जिले को मदिरा शुष्क दिवस घोषित का आदेश जारी किया है। इस आदेश के पालन में सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले की सीमा में संचालित समस्त देशी, विदेशी और कंपोजिट मदिरा की फुटकर दुकानों जैसे देशी मदिरा दुकान (सीएस-2 घघ), कंपोजिट मदिरा (सीएस-2 घघ कंपोजिट), विदेशी मदिरा दुकान (एफ.एल-1 घघ), दुकानों एवम मदिरा दुकानों से संलग्न अहाता, सीएस 2 (ग- अहाता), सीएस 2 (ग- कंपोजिट अहाता), एफ एल 1 (ख- अहाता) को पूर्णतः बंद रहेगा। इस दौरान मदिरा का संपूर्ण संव्यवहार जैसे विक्रय, विनिर्माण, संग्रहण, धारण और परिवहन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
कुष्ठ, टीबी और हाथी पांव बीमारी से मुक्त करने के लिए सीएमएचओ ने ली बैठक
स्वास्थ्य कर्मियों ने सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले को कुष्ठ, टीबी और हाथी पांव बीमारी से मुक्त करने लिया संकल्प
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सीएमएचओ डॉक्टर एफ आर निराला की अध्यक्षता में जिले के 70 मितानिन ट्रेनर, स्वस्थ पंचायत समन्वयक, जिला और ब्लॉक समन्वयक की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित किया गया। इसमें छूटे व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाने, हाथी पांव (फाइलेरिया) बीमारी के दवा सेवन के साथ-साथ टीबी जांच और निक्षय मित्र बनाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए।इस अवसर पर आयुष्मान के जिला नोडल अधिकारी डॉ रूपेंद्र साहू और रोशन सचदेवा उपस्थित थे। इस अवसर पर डॉक्टर निराला ने कहा कि फाइलेरिया की दवा को अपने सामने खिलाएं, उन्हें दवा देकर छोड़ना नहीं है। उन्होंने प्रमुखता से कहा कि हाथी पांव (फाइलेरिया) बीमारी का कोई उपचार नहीं है, बीमारी से बचने के लिए सभी व्यक्ति जरूर दवा खाएं, यही बचने का उपाय है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने जिले के गांव शहर सभी को कुष्ठ और हाथीपांव जैसे बीमारियों से मुक्त करना है। इस अवसर पर सभी ने कुष्ठ और फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि टीबी की बीमार व्यक्ति को दवा खाने के नाम से ₹1000 दिया जाता है और दवा खिलाने में सहयोग करने वाले उसके घर वालों को ₹250 दिया जाता है। अब तक कितने ऐसे टीबी बीमार व्यक्ति को उनके खाते में ₹1000 दिया जा चुका है और₹250 उनके परिजन को भी दिया जा चुका है उसकी जानकारी प्रस्तुत करें। इसके साथ-साथ उन्होंने जिले में सभी 1408 मितानिन को कहा कि लोगों को बताएं कि सरकार टीबी की दवा खाने और खिलाने पर एक हजार और 250 रुपए देती है।
इससे दवा खाने से बीमारी खत्म होता है साथ में रुपए भी मिलता है। टीबी बीमारी जेनेटिक, वंशानुगत बीमारी नहीं है इसे खत्म किया जा सकता है। कुष्ठ प्रभावित क्षेत्र का सर्वे जांच किया जाए। कुष्ठ बीमार व्यक्ति के साथ-साथ परिवार, पड़ोस और संपर्क में आए लोगों का जांच कराया जाए, सभी को दवा खिलाई जाए। उन्होंने बताया कि रिफ़ाम्पिसिन दवा को वजन के हिसाब से खिलाना है। इस गोली को खाने के बाद पेशाब का रंग लाल हो जाता है। पेशाब का रंग लाल हो जाने से कोई व्यक्ति से घबराएं नहीं।
सीएमएचओ डॉ निराला ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में निक्षय मित्र बनाएं, चाहे वह कोई नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि हो या शिक्षक या कोई अन्य व्यापारी जो टीबी बीमार व्यक्ति को पोषण आहार देने में मदद करें। उन्होंने कहा कि छूटे हुए लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपए तक का इलाज निशुल्क करा सकते हैं। साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाया जाए। इस आयुष्मान कार्ड से भी अतिरिक्त पांच लाख रुपए तक का इलाज निशुल्क करा सकते हैं।
बरमकेला और बिलाईगढ़ में नगर पंचायत सम्मेलन और उपाध्यक्ष निर्वाचन
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 55 के तहत नगर पंचायत बरमकेला और बिलाईगढ़ में 7 मार्च को नगर पंचायत के अध्यक्ष और पार्षदों के प्रथम सम्मेलन और उपाध्यक्ष निर्वाचन होगा। इस कार्य के लिए तहसीलदार को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बिलाईगढ़ में चुनावी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष, 1 की मौत, कई घायल
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ क्षेत्र के तालगांव-अलिकुद गांव में चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों में भीषण हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला किया गया, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना के तुरंत बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने कसा शिकंजा
घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ थाना पुलिस और आसपास के पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिए गए। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
इस मामले में पुलिस गहराई से जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।
सरिया में 100 बिस्तर अस्पताल उन्नयन से नागरिकों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा में बढ़ोतरी
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट में सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के लिए बहुउद्देशीय स्टेडियम निर्माण और सरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी का 100 बिस्तर अस्पताल में उन्नयन करने का प्रावधान किया गया है। सीएमएचओ डॉ एफ आर निराला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरिया ओडिशा और छत्तीसगढ़ का सीमावर्ती क्षेत्र है, जहां 10 बिस्तर अस्पताल का उन्नयन 100 बिस्तर हो जाने से मेडिकल स्टाफ के पद, भवन, मशीन उपकरण का नया सेटअप स्थापित होगा, जिससे जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधा में बढ़ोतरी होगी।
सरिया के स्थानीय निवासी और पत्रकार प्रशांत प्रधान ने कहा कि कई वर्षों से स्थानीय मांग रही है कि सरिया में बड़ा अस्पताल स्थापित किया जाए। इस अस्पताल के खुल जाने की घोषणा से अंचलवासियों में खुशी का माहौल है। अब उन्हें अन्य शहरों की ओर जाना नहीं पड़ेगा। नगर पंचायत सरिया के अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने इस घोषणा पर अपनी खुशी जाहिर की है। सीएमएचओ डॉ निराला, पत्रकार प्रधान और अध्यक्ष अग्रवाल ने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।
परीक्षण शिविर में 150 से अधिक दिव्यांग और वृद्धजन हुए लाभान्वित
सांसद कमलेश जांगड़े ने 3 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर वितरित किए
सारंगढ़ बिलाईगढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था एलिम्को जबलपुर के समन्वय से जिले के समाज कल्याण विभाग द्वारा विकासखंड बिलाईगढ़ में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु आंकलन सह परीक्षण शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। सांसद जांजगीर चांपा कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में तीन दिव्यांगजनों को उनके बाधारहित आवागमन के लिए व्हीलचेयर प्रदान किया गया। सांसद श्रीमती जांगड़े द्वारा शिविर को संबोधित करते हुए दिव्यांगजनों की सहायता के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। परीक्षण शिविर में चिन्हित दिव्यांगजनों को भारत सरकार की एडीप योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर संबल योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में दिव्यांगजनों को रोजगार स्वरोजगार से जोड़ने हेतु मार्गदर्शन दिया जाकर कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्राप्त किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए गठित भारत माता वाहिनी का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क बस पास एवं पेंशन योजना का फार्म भी लिया गया। इस अवसर अनुविभागीय अधिकारी डॉ वर्षा बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एफ आर निराला , बीएमओ डॉक्टर वैष्णव, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ रामजी शर्मा, डॉक्टर प्रकाश कुर्रे, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आर बी तिवारी, समाज शिक्षा संगठक गजेंद्र साहू, उपसंचालक समाज कल्याण विनय तिवारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांग एवं वरिष्ठजन उपस्थित हुए। इस शिविर में स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग का बेहतर सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन, रूपरेखा, आयोजन उप संचालक समाज कल्याण विनय तिवारी के द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
बिक्रमपाली में पशु मेला का आयोजन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले के पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय पशु मेला का आयोजन बरमकेला विकासखण्ड के ग्राम बिक्रमपाली में 28 फरवरी को आयोजित किया जाएगा जिसमें उन्नत पशुधन, उन्नत बकरा, बकरी, सूकर देशी गाय, बैल एवं भैंस प्रजाति के पशुओं का प्रदर्शनी किया जायेगा। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य पशुपालकों को पशु सेवा करने में प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी के पश्चात् समस्त वर्ग (पशु, पक्षी संवर्ग) को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार सामग्री के रूप में प्रदान की जावेगी। इस पशु मेला में शामिल होने के लिए सभी पशुपालकों, ग्रामीणों, इच्छुक नागरिकों, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य, स्थानीय सरपंच एवं प्रशासनिक अधिकारी को उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ महेंद्र कुमार पांडे ने आमंत्रित किया है।
20 दिन से लापता युवक का मिला कंकाल, चार आरोपी गिरफ्तार
बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 20 दिनों से लापता युवक का जला हुआ कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बेलादुला थाना क्षेत्र की है।
मृतक युवक की पहचान मनोज साहू के रूप में हुई है, जो बैंगपाली गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने तेंदुदरहा गांव गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 5 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में जंगल से खून के धब्बे और तीन लकड़ी के डंडे बरामद हुए, लेकिन मनोज का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
20 दिन बाद खुला राज
लगभग 20 दिनों बाद, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 फरवरी की रात 12 बजे वे जंगली सुअर का शिकार करने के लिए खेत में विद्युत करंट बिछा रहे थे। सुबह 4 बजे करंट प्रवाहित तार में फंसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। जब आरोपियों ने मौके पर जाकर देखा तो मृतक मनोज साहू था। घबराहट में आरोपियों ने शव को ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर ग्राम चारपाली से बोडा रोड चिलमघाटी के पास खेत में ले जाकर पैरावट (कूड़े-कचरे) में जला दिया।
जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
अगले दिन, आरोपियों ने मोटरसाइकिल से लौटकर लकड़ी और पैरा डालकर शव को पूरी तरह जला दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से मानव कंकाल और अन्य अवशेष बरामद किए गए। फॉरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि यह कंकाल मनोज साहू का ही था।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में राजेश सिंह नेताम, गौरसिंह सिदार, भानुसिंह नेताम और चौन सिंह जगत को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ग्राम तेंदुदरहा के निवासी हैं। घटना में उपयोग किए गए ट्रैक्टर और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
18 दिन से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजन रो-रोकर बेहाल
सारंगढ़ । जिले के बेलादुला चौकी क्षेत्र के साहू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के छोटे बेटे मनोज साहू का 18 दिनों से कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। अब माता-पिता पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर गुहार लगा रहे हैं कि उनके बेटे को जल्द से जल्द खोजा जाए।
गायब होने की घटना
मनोज साहू 5 फरवरी को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच अचानक लापता हो गया। जब वह घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ बेलादुला चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तलाश शुरू की। इसी बीच, पास के जंगल में मात्र 1-2 किलोमीटर की दूरी पर खून के धब्बे मिलने की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में अब तक क्या हुआ?
खून के धब्बे मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी। मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। जंगल में मिले खून के धब्बों और अन्य साक्ष्यों को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही, कुछ संदेहास्पद व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है। वहीं, थाना प्रभारी और बिलाईगढ़ एसडीओपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मनोज के परिजन बेहद दुखी और परेशान हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से अपने बेटे को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस जल्द कोई ठोस जानकारी नहीं देती, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। परिजनों ने यह भी कहा कि 18 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस सबूत नहीं जुटा पाई है, जिससे उन्हें प्रशासन की कार्रवाई पर संदेह हो रहा है।
क्या पुलिस सुलझा पाएगी यह गुत्थी?
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले को कब तक सुलझा पाती है और मनोज साहू को सुरक्षित वापस ला पाती है या नहीं। परिजनों और ग्रामीणों की नजरें पुलिस की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।
पंचायत चुनाव में फर्जी मतदान का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा
बिलाईगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान बिलाईगढ़ विकासखंड में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन ग्राम पंचायत करियाटार के आश्रित ग्राम दाऊबंधान के मतदान केंद्र क्रमांक 156 पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विवाद तब खड़ा हुआ जब मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की गई। मतदान प्रक्रिया के दौरान कुल 74 लोगों ने वोट डाले थे, लेकिन जब मतगणना हुई, तो 78 वोटों की गिनती सामने आई। इस अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मतदान अधिकारियों को घेर लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने दी समझाइश
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार देवराज सिदार और एसडीओपी विजय ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि वे इस मामले में आधिकारिक अपील दर्ज कर सकते हैं, और उचित जांच के बाद समाधान निकाला जाएगा।
इसके बाद, सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटी को सील किया गया और स्ट्रांग रूम भेजा गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो पाई।
फर्जी मतदान को लेकर बढ़ी चिंता
इस घटना ने पंचायत चुनावों में फर्जी मतदान और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या पुनर्मतदान की संभावना बनती है।
सारंगढ़ गोलीकांड: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, छापे के दौरान अवैध हथियार व शराब बरामद
सारंगढ़ । सारंगढ़ गोलीकांड के मुख्य फरार आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने व्यापक छापेमारी की। इस दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं शराब बरामद की।
अवैध हथियार और शराब की बरामदगी
16 फरवरी को थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ के अपराध क्रमांक 75/25 के तहत दर्ज धारा 296, 191(2), 191(3), 190, 109, 103(1) बीएनएस 25, 27 आर्म्स एक्ट में फरार आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था।
इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। थाना कोसीर पुलिस ने प्रशांत भारद्वाज उर्फ चिंकी (28 वर्ष) और जनार्दन टंडन (40 वर्ष), दोनों निवासी सिंहनपुर के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए। इस पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 58/25 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
कच्ची शराब की बरामदगी
इसी क्रम में आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश के दौरान पुलिस ने उसके अन्य साथी दिलीप यादव उर्फ गब्बर (24 वर्ष), निवासी सिंहनपुर के घर छापा मारा। यहां से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/25 धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, कृष्णा सिंह राजपूत की पत्नी के भतीजे चमन लहरे (23 वर्ष) के घर छापेमारी के दौरान 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इस पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 57/25 धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी चमन लहरे को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
अपराधियों का पूर्व रिकॉर्ड
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनकी पूरी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।