छत्तीसगढ़ / बस्तर
वन अधिकारों की मान्यता में महिलाओं की भागीदारी पर जोर
बस्तर के नवाचार देख उत्साहित हुईं बिलासपुर की दीदियाँ
एक्सपोजर विजिट में सीखीं इंटीग्रेटेड फार्मिंग की बारीकियां
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में आजीविका के नए आयाम गढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक से आए 50 सदस्यीय दल ने बस्तर जिले का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित इस एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य बस्तर के जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा और तोकापाल ब्लॉकों में संचालित सफल कृषि और पशुपालन मॉडल्स का गहन अध्ययन करना था। इस भ्रमण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत जनपद पंचायत के सभागार में आयोजित एक विस्तृत तकनीकी सत्र से हुई, जहाँ पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर के क्रियान्वयन, किसानों के चयन की वैज्ञानिक प्रक्रिया और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बिलासपुर से आए प्रतिभागियों, समूह सदस्यों और कार्यालय स्टाफ को उप-समिति के कार्यों के साथ-साथ आजीविका सेवा केंद्रों द्वारा महिला किसानों को दिए जा रहे तकनीकी सहयोग की जानकारी दी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कैसे एक व्यवस्थित कार्ययोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बना सकती है।
सैद्धांतिक जानकारी प्राप्त करने के पश्चात दल ने क्षेत्र का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर संचालित गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। सदस्यों ने विशेष रूप से ब्रुडिंग सेंटर और उन्नत मुर्गी पालन की बारीकियों को समझा, जिसमें मुर्गियों के आहार प्रबंधन से लेकर टीकाकरण की महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके साथ ही दल ने क्लस्टर के भीतर मछली पालन और बकरी पालन जैसे आजीविका के पूरक माध्यमों का भी अध्ययन किया। भ्रमण के दौरान बस्तर की दीदियों द्वारा अपनाई गई उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीक, नर्सरी प्रबंधन और कीट-रोग नियंत्रण के तरीकों ने बिलासपुर के दल को खासा प्रभावित किया। केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि कटाई के बाद होने वाली ग्रेडिंग, पैकेजिंग और स्थानीय मंडियों के माध्यम से सीधे बाजार से जुड़कर बेहतर मूल्य प्राप्त करने की रणनीति भी साझा की गई।
बस्तर की दीदियों के द्वारा बुक्स ऑफ रिकॉर्ड के सटीक संधारण और उनके आत्मविश्वास ने आगंतुक दल के भीतर एक नया उत्साह भर दिया। 24 से 25 फरवरी तक आयोजित यह दो दिवसीय दौरा न केवल ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि दो अलग-अलग जिलों के महिला समूहों के बीच तकनीकी कौशल और अनुभवों को साझा करने का एक सशक्त मंच भी साबित हुआ। इस पूरी यात्रा ने प्रतिभागियों को यह विश्वास दिलाया कि समेकित खेती और आधुनिक मार्केटिंग के तालमेल से ग्रामीण जीवन में आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोले जा सकते हैं।
केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारियों और कलेक्टर ने पीएम श्री विद्यालय तथा आकांक्षी ब्लॉक के स्वास्थ्य शिविर का किया अवलोकन
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026
केंद्रीय नीति आयोग के द्वारा बस्तर जिले के लिए नामांकित सेंट्रल प्रभारी अधिकारी श्री शोभित जैन, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने जिले के पीएम श्री विद्यालय केंद्रीय विद्यालय जगदलपुर, पीएमश्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय देऊरगांव तोकापाल तथा आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल के छापर भानपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालय की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, खेल गतिविधियों एव अन्य कलात्मक गतिविधियों का संज्ञान लिया, जगदलपुर के केंद्रीय विद्यालय में बच्चों द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों की प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी दी गई, उनके द्वारा विज्ञान के माडल, कलात्मक प्रदर्शनी की अधिकारियों ने बहुत सराहना की और विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। इसी प्रकार की गतिविधि देऊरगांव के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय में भी किया गया था। इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों के साथ न्यौता भोजन भी अधिकारियों ने किया ।
छापर भानपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, लाभार्थियों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 12 सेवाओं के लिए करंजी हेल्थ सेंटर को मिले प्रमाण पत्र को प्रदाय किए। साथ ही टीबी के मरीजों को रेडक्रॉस के माध्यम से फूड बास्केट का वितरण किया, पात्र हितग्राहियों को चश्मा का वितरण भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीयन की प्रक्रिया को समझा और हितग्राहियों से चर्चा भी की । इसके उपरांत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) की स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, परामर्श एवं अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक पहुंच एवं समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की।
आकांक्षी जिला एवं तोकापाल विकासखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा
भ्रमण के बाद जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में नामांकित सेंट्रल प्रभारी अधिकारी श्री शोभित जैन ने आकांक्षी जिले तथा विकासखंड तोकापाल में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत समीक्षा बैठक में विभिन्न विकासात्मक संकेतकों, योजनाओं की प्रगति एवं लक्ष्यों की प्राप्ति पर विस्तृत चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं बुनियादी सुविधाओं से संबंधित गतिविधियों की प्रगति का आंकलन किया। सेंट्रल प्रभारी अधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारियों ने आकांक्षी क्षेत्र में विकास की गति को और तेज करने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। इस दौरान नीति आयोग की यंग प्रोफेशनल नूपुर गोहरी सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यंग प्रोफेशनल नूपुर गोहरी ने विभागों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों के संबंध चर्चा भी की ।
स्वास्थ्य सेक्टर में समर्पित होकर करें दायित्व निर्वहन-कमिश्नर श्री डोमन सिंह
ग्रीष्मकाल में पेयजल की पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश
संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने दिए निर्देश
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग जैसे आदिवासी बहुल अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है, जहां अंदरूनी इलाकों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर सतत निगरानी, समन्वय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं ही सशक्त समाज की नींव होती है। इसे मद्देनजर रखते हुए स्वास्थ्य सेक्टर में समर्पित होकर दायित्व निर्वहन करें। वहीं दूरस्थ इलाकों में सभी विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन कर हरेक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करने हेतु सकारात्मक प्रयास किया जाए, इस दिशा में समन्वय कर विशेष शिविर भी आयोजित किया जाए। साथ ही आगामी ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने पूर्व तैयारी अभी से शुरू कर गर्मी के दिनों में पेयजल की पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कमिश्नर ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में संभागीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने बैठक के दौरान विभिन्न विभागीय योजनाओं को सेचुरेशन की स्थिति में लाने पर जोर देते हुए कहा कि चयनित योजनाओं के अंतर्गत पात्र सभी लोगों को लाभान्वित किए जाने पर ध्यान केन्द्रित करें। निर्धारित लक्ष्य के आधार पर योजना क्रियान्वयन को वरीयता दी जाए।
कमिश्नर ने मोतियाबिंद जांच एवं उपचार के तहत संवेदनशीलता के साथ दो आंख में मोतियाबिंद पीड़ितों को पहली प्राथमिकता देकर ऑपरेशन किए जाने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित एसओपी के अनुसार जिला अस्पताल में आपरेशन थियेटर एवं सुविधाओं की उपलब्धता के अनुरूप आपरेशन किया जाए और जरूरत के अनुसार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल जगदलपुर एवं कांकेर सहित महारानी अस्पताल के अंबक नेत्र चिकित्सालय में पीड़ितों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने दिव्यांजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग उपकरण प्रदाय करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत से दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किए जाने कहा। इन चिन्हित दिव्यांगजनों को दंतेवाड़ा और जगदलपुर स्थित कृत्रिम अंग यूनिट से कृत्रिम उपकरण सुलभ कराया जाए।
कमिश्नर ने वनाधिकार पट्टों के नामांतरण-बंटवारा प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने इस दिशा में मैदानी अमले के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर सम्बन्धित वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालयों में सम्बन्धित ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि ग्रीष्मकाल आरंभ होने के साथ ही पेयजल की दिक्कत के मद्देनजर जल प्रदाय योजनाओं, सोलर ड्यूल पम्पों एवं हैंडपंपों का समुचित संधारण सुनिश्चित किया जाए। सुधार योग्य जल प्रदाय योजनाओं तथा हैंडपंपों को अभियान चलाया जाकर अनिवार्य रूप से मरम्मत करवाया जाए। साथ ही चिन्हित समस्याग्रस्त इलाकों में ध्यान केंद्रीत कर नवीन नलकूप खनन कर हैंडपंप स्थापना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संभाग के अंतर्गत हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य में अद्यतन प्रगति लाने पर बल देते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा दौरान आयुष्मान कार्ड प्रदाय पंजीयन में जिलों के अंदरूनी इलाकों में शिविर लगाकर ग्रामीणों के कार्ड निर्माण को गति देने कहा। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालन तथा हाट बाजार स्वास्थ्य शिविर, सिकल सेल स्क्रीनिंग की प्रगति, चिरायु योजना की प्रगति, पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन,राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में चिंहाकन व उपचार की स्थिति और क्षय रोग उन्मूलन स्थिति की समीक्षा करते हुए टीबी नियंत्रण हेतु निक्षय मित्र के रूप में ग्राम पंचायतों के सहयोग सहित अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किए जाने कहा। बैठक में अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, विद्युतीकरण, कृषि पम्पों का ऊर्जीकरण, उचित मूल्य दुकान निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण प्रगति सहित स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदाय, सरस्वती सायकल योजनांतर्गत निःशुल्क सायकल वितरण इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार एवं गीता रायस्त सहित विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी और नोडल अधिकारी मौजूद थे। वहीं स्वास्थ्य एवं समाजकल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल तौर पर जुड़े रहे।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, मातृ-शिशु स्वास्थ्य व टीकाकरण पर विशेष जोर
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने मंगलवार की शाम जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली, उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कलेक्टर श्री छिकारा ने स्वास्थ्य केंद्रों की रात्रि काल में उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को रात्रि में निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में एएनसी जांच एवं संस्थागत प्रसव सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिन स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव की औसत 5 से कम होने की स्थिति में, वहां के संबंधित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी करने को कहा और खराब प्रदर्शन वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ की ड्यूटी जिला अस्पताल में रोस्टर के अनुसार लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल समस्या के समाधान पर जोर देते हुए प्रसव सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने मातृ- शिशु मृत्यु दर की पृथक से विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा स्टील बर्थ के प्रत्येक प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। सर्वेक्षण सूची के आधार पर सभी बच्चों का टीकाकरण पूर्ण करने तथा जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में बीसीजी का शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने कहा गया।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत टीबी, हायपर टेंशन, मानसिक स्वास्थ्य और जापानी इंसेफेलाइटिस के लिए एक्टिव सर्विलांस, डेंगू के पीक सीजन में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा सूअरपालन वाले क्षेत्रों में जापानी इंसेफेलाइटिस रोकथाम हेतु विशेष सतर्कता बरतने को कहा। टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार हेतु ई-संजीवनी के माध्यम से जिला अस्पताल स्तर पर प्रमुख सेवाएं शुरू करने तथा एआरवी रजिस्टर के सुव्यवस्थित संधारण पर बल दिया गया। अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग में संस्था स्तर पर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर नियमित ब्लॉकिंग तथा डे-केयर पैकेज की ब्लॉकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन के तहत जून माह तक प्रत्येक ब्लॉक में 02 नए पीएचसी और 05 एसएचसी तैयार करने, वय वंदन योजना के शेष हितग्राहियों के कार्ड समयबद्ध बनाने, एनसीडी स्क्रीनिंग का लक्ष्य पूर्ण करने तथा अस्पतालों में दवाइयों के ऑनलाइन-ऑफलाइन स्टॉक का शत प्रतिशत मिलान करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद, डीपीएम रीना लक्ष्मी सहित सभी ब्लॉक के खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक/346/ कमल
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा समय सीमा की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग के योजनाओं के क्रियान्वयन पर दिया विशेष जोर
जगदलपुर, 24 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने सोमवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने जिले में आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड के लंबित हितग्राहियों को योजना से जोड़ने हेतु आयोजित विशेष शिविर के दौरान निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिन पंचायतों में अधिक लंबित संख्या है उनमें प्लान कर एक सप्ताह में शत-प्रतिशत कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के प्रकरणों में हितग्राहियों का चिन्हांकित कर गर्भवती महिलाओं उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए उनको संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जिले में संचालित जन औषधि केंद्र की स्थिति, जीवन दीप समिति की राशि का उपयोग, एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत हाइपर टेंशन - डायबिटीज की जाँच और फॉलोअप लेने के संबंध में चर्चा किए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने शिक्षा विभाग से अपार आईडी के प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि आधार अपडेट, जन्म तिथि और स्कूली दस्तावेजों में कमी पेशी को दूर करने की पहल जारी रखें और जल्द अपार आईडी के काम को पूरा करवाएं। स्कूलों में एमबीयू लंबित प्रकरणों के निराकरण में खंड शिक्षा अधिकारी कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही पूरा करें। उन्होंने कहा कि डाक विभाग द्वारा 0-5 वर्ष तक बच्चों का आधार कार्ड बनाने की कार्यवाही की जाती है इसके लिए जनपद पंचायत सीईओ द्वारा शिविर आयोजित करवाने की पहल किया जाए। पीएम श्री स्कूलों में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशों पर विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने कहा। उन्होंने विभागों के सामग्रियों को जेम पोर्टल के माध्यम से करने पर जोर दिया। साथ ही संपूर्णता अभियान के इंडिकेटर पर चर्चा कर संबंधित विभागों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन करने कहा।
उन्होंने खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति विभाग से चावल गोदाम की व्यवस्थाओं, चावल उत्सव की तैयारियों और राशन दुकानों में खाद्यान्न भंडारण की समीक्षा की। कलेक्टर ने रबी और खरीफ फसल के लिए खाद के भंडारण हेतु लक्ष्य के आधार पर समितियों में भंडारण करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैंक सखी के माध्यम से योजनाओं के हितग्राहियों को घर के नजदीक बैंकिंग सुविधाएं देने के संबंध में चर्चा किए। उन्होंने लखपति दीदी योजना के क्रियान्वयन और लक्ष्यों पर समीक्षा करते हुए कहा कि योजना के प्रारंभ से जिले में अब तक अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से लाभांवित हितग्राहियों को योजना के मॉडल रूप में चिन्हांकित करें।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति, अपात्र हितग्राहियों या मृत हितग्राहियों का नाम हटाने की कार्यवाही, संदिग्ध प्रकरणों का वेरिफिकेशन, ई-केवायसी, आधार सीडिंग की प्रगति और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के संबंध में चर्चा की।इसके अलावा मत्स्य विभाग, पशुधन विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, राजस्व विभाग के योजनाओं की प्रगति के साथ नक्सल पुनर्वास नीति के तहत हितग्राहियों को दी जाने वाली सुविधाओं और योजनाओं के लाभ देने हेतु समीक्षा की। साथ ही समय सीमा के अन्य विभागों के प्रकरणों पर चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग ने 25 फरवरी को छापर भानपुरी में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की जानकारी दी जिसमें अन्य विभाग के हितग्राहीमूलक योजना से नागरिकों को जोड़ने हेतु शिविर का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
शासन को नई दिशा-बस्तर संभाग में आईगॉट कर्मयोगी प्रशिक्षण सह कार्यशाला का हुआ आयोजन
जगदलपुर :
छोटे पाराकोट में जल अर्पण दिवस पर जल संरक्षण का संकल्प
जनपद अध्यक्ष ने जल स्रोतों को बांधा रक्षासूत्र
बस्तर के संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र में उमड़ा राजनांदगांव के 45 सदस्यीय दल का उत्साह
आईगॉट कर्मयोगी का बस्तर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण 20 फरवरी को
अधिकारियों की कार्यक्षमता होगी और सशक्त
आड़ावाल में जल प्रबंधन और स्वच्छता कार्यों का धरातल पर अवलोकन कर यूनिसेफ ने की सराहना
कृषि क्षेत्र में एक वर्षीय डिप्लोमा के लिए आवेदन 6 मार्च तक
चित्रकोट महोत्सव 2026 का गुरुवार को होगा समापन समारोह
जगदलपुर, 18 फरवरी 2026
विश्व प्रसिद्ध और एशिया के नियाग्रा के रूप में विख्यात चित्रकोट जलप्रपात के पावन तट पर आयोजित हो रहे दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य समापन गुरुवार 19 फरवरी को होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस रजत जयंती वर्ष के महोत्सव का समापन समारोह शाम 05 बजे से प्रारंभ होगा। इस गरिमामयी संध्या में मुख्य अतिथि सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप होंगे, जबकि अध्यक्षता चित्रकोट के विधायक श्री विनायक गोयल करेंगे।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदलपुर के विधायक श्री किरण सिंह देव अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनके साथ ही बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप और जगदलपुर महापौर श्री संजय पाण्डे, छत्तीसगढ़ बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, जगदलपुर नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, जनपद पंचायत लोहण्डीगुड़ा की अध्यक्ष श्रीमती पदमा लच्छूराम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्री चंद्रभान कश्यप, श्री योगेश बैज और स्थानीय सरपंच श्री भंवर मौर्य सहित कई क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेगी। आयोजन समिति ने इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महाकुंभ के समापन अवसर पर आम जनता को सादर आमंत्रित किया है ताकि वे बस्तर की इस अनूठी परंपरा और प्राकृतिक सुंदरता के साक्षी बन सकें।
बस्तर की बिहान दीदियां घोलेंगी होली में कुदरती रंग
रसायनों को मात देगा देशी हर्बल गुलाल
जगदलपुर, 18 फरवरी 2026
बस्तर जिले में इस बार होली का त्यौहार न केवल रंगों भरा होगा, बल्कि सेहत और पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित रहेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों के 9 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को हर्बल गुलाल बनाने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्रांतिकारी डेबरीधूर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में महिलाएं आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर गुलाल तैयार करना सीख रही हैं।
इस अनूठी पहल की सबसे खास बात यह है कि महिलाएं अपनी रसोई और बाड़ी में मिलने वाली प्राकृतिक वस्तुओं जैसे पालक, लाल भाजी, चुकंदर और फूलों का उपयोग कर सतरंगी गुलाल तैयार करेंगी। बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक रंगों और गुलाल में अक्सर हानिकारक रसायनों का मिश्रण होता है, जो त्वचा में जलन, एलर्जी और आंखों को नुकसान पहुँचाते हैं। इन समस्याओं को देखते हुए बिहान की दीदियां कॉर्न फ्लावर के आधार (बेस) में चुकंदर और भाजी के अर्क को मिलाकर पूरी तरह चर्म-रोग मुक्त और इको-फ्रेंडली गुलाल का उत्पादन करेंगी।
प्रशिक्षण के उपरांत महिलाओं ने इस वर्ष 500 किलो से लेकर एक हजार किलो तक हर्बल गुलाल तैयार करने का लक्ष्य रखा है। उत्पादित गुलाल की पहुंच जन-जन तक बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत जगदलपुर शहर के प्रमुख स्थानों और विभिन्न शासकीय कार्यालयों में विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही जनपद स्तर के स्थानीय बाजारों में भी इस शुद्ध देशी गुलाल का विक्रय किया जाएगा। बिहान से जुड़ी इन महिलाओं के लिए यह केवल रंग बनाने का काम नहीं है, बल्कि यह उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। इस प्रयास से न केवल बस्तर की महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी रसायनों के खतरे से दूर एक सुरक्षित और खुशहाल होली मनाने का विकल्प मिलेगा।
आयुष्मान और वय वंदन कार्ड के लिए जिला प्रशासन ने फूँका महाअभियान का शंखनाद
19 फरवरी को जिले में शिविरों का होगा आयोजन
जगदलपुर, 18 फरवरी 2026
बस्तर जिले के नागरिकों को सुलभ और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाया है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के छूटे हुए हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं के दायरे में लाने के लिए एक विशाल महाअभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इस अभियान का मुख्य केंद्र बिंदु विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंद कार्ड बनाना है, ताकि समाज के बुजुर्गों को जीवन के इस पड़ाव पर बेहतर चिकित्सा सुरक्षा मिल सके। इसी कड़ी में गुरूवार 19 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक पूरे जिले में शिविरों का आयोजन कर पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने नगर पालिक निगम जगदलपुर सहित तोकापाल, लोहण्डीगुड़ा, बास्तानार, दरभा और बकावण्ड जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक एक व्यापक कार्ययोजना बिछाई है। शहरी क्षेत्रों में जहाँ वार्ड वार शिविरों के माध्यम से एएनएम, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, वहीं ग्रामीण अंचलों में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने इस कार्य की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ तहसीलदारों और जनपद सीईओ को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया है, जो जमीनी स्तर पर निरंतर प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा इस मुहिम को और अधिक गति देने के लिए एक विस्तृत माइक्रो-प्लान और ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत महत्वपूर्ण पंचायतों सहित पूरे विकासखंडों के गांवों में राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें मुस्तैद रहेंगी। अभियान की सफलता के लिए एक विशेष रणनीति के तहत सभी राशन दुकानों को अनिवार्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राशन कार्ड के माध्यम से होने वाले सत्यापन की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। साथ ही कोटवारों को कहा गया है कि वे एक दिन पूर्व ही गांव-गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को इस महाअभियान की सूचना दें, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों तक पहुँच सकें।
तकनीकी बाधाओं से निपटने के लिए भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। यदि किसी पंजीकरण स्थल पर नेटवर्क की समस्या आती है, तो कर्मचारियों को तत्काल सुविधा अनुसार स्थान बदलकर कार्ड निर्माण जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिन हितग्राहियों के पास आवश्यक दस्तावेजों का अभाव है, उनके लिए अलग से पंचनामा और पंजी संधारित करने की व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल दस्तावेज की कमी के कारण योजना से वंचित न रहे। शाम 5 बजे तक प्रत्येक शिविर से अनिवार्य रिपोर्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे अभियान की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सके।
आत्मानंद स्कूल तोकापाल में दी गई आपदा प्रबंधन की सीख
जगदलपुर, 18 फरवरी 2026
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तोकापाल के प्रांगण में बुधवार को सुरक्षा और सजगता का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम द्वारा आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किसी भी आकस्मिक विपदा से निपटने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करना था। कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के विशेषज्ञों ने आपदा के समय धैर्य बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया और बताया कि कैसे हमारी छोटी सी सावधानी बड़े हादसों को टालने में सहायक सिद्ध हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान जवानों ने बड़ी ही कुशलता के साथ प्राकृतिक आपदा की परिस्थितियों का सजीव चित्रण किया। विद्यार्थियों ने कौतूहल और उत्साह के साथ देखा कि कैसे घरेलू संसाधनों, जैसे कि खाली बोतलों, बांस और चादरों का उपयोग कर तात्कालिक लाइफ जैकेट और स्ट्रेचर तैयार किए जा सकते हैं। केवल प्रदर्शन ही नहीं बल्कि जवानों ने बच्चों को घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की विभिन्न तकनीकों और जीवन रक्षक सीपीआर विधि का व्यावहारिक ज्ञान भी साझा किया। मैदान में चली इस मॉक ड्रिल ने न केवल बच्चों को रोमांचित किया, बल्कि उन्हें संकट के समय फर्स्ट रिस्पॉन्डर बनने की प्रेरणा भी दी। विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षक वृंद ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक जीवन कौशलों का होना अनिवार्य है। कार्यक्रम के अंत में जवानों ने विद्यार्थियों के संशयों का निवारण किया और यह संदेश दिया कि आपदा प्रबंधन की जानकारी ही बचाव का सबसे सशक्त हथियार है। इस दौरान एसडीएम श्री शंकरलाल सिन्हा, तहसीलदार श्रीमती यशोदा केतारप सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बेटियों के लिए सजने वाला है खेल का मैदान
बस्तर की महिला खिलाड़ी दिखाएंगी अपना दम
जगदलपुर, 17 फरवरी 2026
बस्तर जिले में महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इस संबंध में जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं को 20 फरवरी के पूर्व अनिवार्य रूप से संपन्न कराएं। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन सभी विकासखण्डों में किया जाएगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता में दो अलग-अलग आयु वर्गों को शामिल किया गया है, जिसमें 09 से 18 वर्ष तक की बालिकाएं और 18 से 35 वर्ष तक की महिलाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी। मैदान पर एथलेटिक्स की 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ और तवा फेंक के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, वहीं खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल और रस्साकसी जैसे दलीय खेलों में भी कड़ा मुकाबला होगा। इसके साथ ही बैडमिंटन की स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। विकासखण्ड स्तर पर जो प्रतिभागी या दल प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे, वे सीधे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होंगे, जिसके आयोजन की सूचना विभाग द्वारा बाद में दी जाएगी। सभी प्रतिभागियों का पंजीयन निर्धारित प्रपत्र में पूर्ण जानकारी के साथ किया जाए, जिसमें आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण भी शामिल है। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु स्थानीय स्तर पर प्रभारी और जनपद पंचायतों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग का मुख्य उद्देश्य इन ग्रामीण एवं शहरी खेल प्रतिभाओं को जिला स्तर तक पहुँचाना है, ताकि उन्हें भविष्य में एक बेहतर पहचान और मंच मिल सके।