छत्तीसगढ़ / बस्तर

छोटे पाराकोट में जल अर्पण दिवस पर जल संरक्षण का संकल्प

 जनपद अध्यक्ष ने जल स्रोतों को बांधा रक्षासूत्र

जगदलपुर, 20 फरवरी 2026

जिले के विकासखंड तोकापाल अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े पाराकोट के ग्राम छोटे पाराकोट में गुरुवार 19 फरवरी को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। स्कूल प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद अध्यक्ष श्रीमती रामबती भंडारी ने ग्रामीणों को जल की महत्ता समझाते हुए भविष्य के लिए एक नई राह दिखाई। अपने उद्बोधन में उन्होंने जल की तुलना बहुमूल्य धन से करते हुए कहा कि हमें पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी और किफायत के साथ करना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखा जा सके। एक भावुक और प्रेरणादायी पहल करते हुए उन्होंने जल स्रोतों, पानी की टंकी और नलों पर रक्षासूत्र बांधकर उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि अब जल संपत्ति की रक्षा करना और उसे सहेजना पूरे गांव की सामूहिक जवाबदारी है।

 कार्यक्रम के दौरान ग्राम की जल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा ग्राम में बिछाई गई पाइपलाइन का नक्शा ग्रामवासियों को सौंपा गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट जल सेवा भाव और जल प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्व सहायता समूह की महिलाओं, फील्ड टेस्टिंग किट कार्यकर्ताओं और ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जल वाहिनियों द्वारा विभिन्न जल स्रोतों के पानी की शुद्धता की जांच कर दिखाई गई, ताकि ग्रामीण स्वच्छ पेयजल के महत्व को समझ सकें। आयोजन में विशेष आकर्षण का केंद्र जल संरक्षण के संदेशों से सजी सुंदर रंगोली रही, जिसके माध्यम से बड़ी ही सरलता से पानी बचाने का आह्वान किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय स्तर पर छोटे पाराकोट की सरपंच श्रीमती हाडिन कश्यप और सचिव श्री दीपक कुमार कश्यप ने अपनी पूरी टीम के साथ इस जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
 

Leave Your Comment

Click to reload image