छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
आजाद हिंद एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों और पेंट्री मैनेजर के बीच विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल
GRP ने दर्ज किया मामला, रायपुर स्टेशन में हुई झड़प
बिलासपुर । पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस में उस समय हंगामा मच गया जब अवैध वेंडरों और पेंट्री मैनेजर के बीच विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर स्टेशन पहुंचने से पहले कुछ अवैध वेंडर ट्रेन में चढ़कर खाने के पर्चे बांट रहे थे, जिसे देखकर पेंट्री मैनेजर ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कथित रूप से बहस शुरू हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
विवाद बढ़ता देख वेंडरों ने अपने करीब आधा दर्जन साथियों को रायपुर स्टेशन पर बुला लिया। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी, वेंडरों ने ट्रेन में चढ़कर पेंट्री मैनेजर पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, पेंट्री स्टाफ ने मिलकर जवाबी कार्रवाई करते हुए वेंडरों को दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही GRP को मौके पर बुलाया गया। सभी आरोपियों को पकड़कर बिलासपुर लाया गया, जहां GRP ने मामला दर्ज कर लिया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अवैध वेंडिंग पर सख्ती पहले से ही जारी है, लेकिन इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। GRP मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव का भव्य समापन
बाल प्रतिभाओं ने बिखेरी रचनात्मकता और आत्मविश्वास की चमक
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव एवं हीरक पंख जाँच शिविर का भव्य समापन समारोह साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा, बिलासपुर में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में, डॉ. सोमनाथ यादव राज्य मुख्य आयुक्त की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह तीन दिवसीय शिविर 2 अगस्त से प्रारंभ हुआ था, जिसमें राज्य के 15 जिलों से चयनित लगभग 400 कब-बुलबुल एवं 41 अधिकारी सहभागिता कर रहे थे।
शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विविध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, जंगल नृत्य, ड्राइंग एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियाँ प्रतिभागियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। इन कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति, प्रस्तुति शैली और सांस्कृतिक समझ का अद्भुत परिचय दिया।
समापन समारोह के तृतीय दिवस की विशेष पहचान बनीकृहर जिले के कब-बुलबुल द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, जिनमें देशभक्ति, जन-जागरूकता, लोक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की सुंदर झलक देखने को मिली। मंच पर बच्चों ने गीत, नृत्य, अभिनय और रंगारंग कार्यक्रमों से दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गूंज और मुस्कुराते चेहरों ने यह सिद्ध कर दिया कि यह आयोजन न केवल अनुशासन और प्रशिक्षण का केंद्र था, बल्कि रचनात्मकता और आत्मविश्वास के उन्नयन का माध्यम भी बना।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कब और बुलबुल स्काउटिंग के वो नन्हे बीज हैं, जिन्हें हम सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों से सींचते हैं। यही बच्चे आने वाले समय में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे शिविरों से उनमें जिम्मेदारी, आत्मबल और समाज के प्रति संवेदनशीलता का विकास होता है।
सुशांत ने इस सफल आयोजन के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सोमनाथ यादव राज्य मुख्य आयुक्त ने कहा कि यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। अनुशासन, सहभागिता और नेतृत्व जैसी क्षमताओं को जिस प्रकार इन बाल प्रतिभाओं ने मंच पर दर्शाया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। हर जिले से आई टीमों ने जो परिश्रम, समर्पण और उत्साह दिखाया, वह वंदनीय है। यह शिविर निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए एक नई ऊर्जा और प्रेरणा बनकर सामने आया है। इस अवसर पर कोरबा जिला के मुख्य आयुक्त सादिक शेख भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र मिश्रा शिविर संचालन द्वारा किया गया तथा राज्य संगठन आयुक्त विजय कुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल बनाने वाले प्रत्येक सहयोगी को धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव का यह समापन समारोह बच्चों के कौशल, सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन का एक प्रेरणादायी संगम बनकर सामने आया। आयोजन के प्रत्येक क्षण ने यह सिद्ध किया कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और मंच मिले, तो वे समाज और राष्ट्र की दिशा बदलने की क्षमता रखते हैं।
सिम्स के दन्त चिकित्सा विभाग ने रचा कीर्तिमान
लगभग 4000 मरीजों का कामयाब ऑपरेशन
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में भर्ती मरीजों के लिए आयुष्मान कार्ड वरदान साबित हुआ है। विगत लगभग दो साल में 598 भर्ती मरीजों की मेजर सर्जरी एवं 3227 माइनर सर्जरी किया जा चुका है। लगभग 4 हजार मरीजों का सफल इलाज कर सिम्स का दंत चिकित्सा विभाग इस मामले में छत्तीसगढ़ के समस्त चिकित्सा महाविद्यालयों के दन्त चिकित्सा विभागों में अव्वल स्थान पर है। सबसे महंगा कहे जाने वाला टीएमजे प्रत्यारोपण जिसमे जबड़े के जॉइंट का प्रत्यारोपण किया जाता है, जिसे निजी अस्पतालों में करवाने पर लाखो रूपए का खर्चा होता है। सिम्स में दन्त चिकित्सा विभाग के द्वारा जटिल सर्जरी को आधुनिक तकनीक से आयुष्मान से निःशुल्क रूप से किया गया। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं संयुक्त संचालक एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के दिशा-निर्देश एवं डॉ. भूपेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में ऐसे गरीब मरीजों का आयुष्मान कार्ड द्वारा निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने में भी आगे है।
अवगत हो कि अब तक सिम्स के दन्त चिकित्सा विभाग के द्वारा सड़क दुर्घटना (ट्रामा) के 550 मरीज, मुख-कैंसर के 26 मरीज, भालू काटने का 2 मरीज, चेहरे की विषमता के 10 मरीज, कोरोना काल का काला फंगस इन्फेक्शन के 9 मरीज, दाँत निकालने का 3227 मरीजों का सफलता पूर्वक इलाज किया जा चुका है। सड़क दुर्घटना में सामान्यतः चहरे के निचले जबड़े में दाएं एवं बाएं साइड फ्रैक्चर, कंडाईल फ्रैक्चर, ऊपरी जबड़े में दाएं या बायें तरफ की हड्डी टूट जाना, जायगोमैटिक काम्प्लेक्स फ्रैक्चर, नाक की हड्डी का फ्रैक्चर, माथे की हड्डी फ्रैक्चर की हड्डियां टूट जाती है। इन सभी हड्डियां जब एक साथ टूट जाये तो उसे पैनाफेशियल फ्रैक्चर कहते है। जशपुर जिले का मरीज धीर साय का सड़क दुर्घटना में चेहरे की सारी हड्डियां टूट गई थीं तथा चेहरा विकृत हो गया था, जिसका सिम्स के दन्त चिकित्सा विभाग के द्वारा सर्जरी एवं प्लेटिंग की गईं, जिसकी प्रशंसा स्वयं माननीय मुख्य मंत्री विष्णु देव साय जी ने की। गौरतलब है कि सिम्स की बेहतर इलाज की सुविधा को जानते हुए पड़ोसी राज्य से भी मरीज यहाँ आकर अपने दुर्घटनाग्रस्त टूटे हुए जबड़े और चेहरे का इलाज करवाते है। अब तक सिम्स के दन्त चिकित्सा विभाग के द्वारा फ्रैक्चर के 550 मरीजों का सर्जरी एवं प्लेटिंग करके जबड़े को जोड़ा गया है। मुँख- कैंसर के साथ अन्य प्रकार की जबड़े की ट्यूमर से ग्रसित 40 से अधिक मरीजों का सफलता पूर्वक इलाज किया गया है। ऑपरेशन के बाद आईं चेहरे की विकृति को ठीक करने हेतु छाती का मांस निकलकर प्रत्यारोपण भी किया गया है। यह जटिल कैंसर का ऑपरेशन को आयुष्मान कार्ड से दन्त चिकिता विभाग के द्वारा निःशुल्क किया गया है। चेहरे की विषमता यह एक प्रकार का जबड़े की बीमारी है; जिसमे जबड़े का विकास रुक जाता है और मुँह खुलना कम हो जाता है। जिससे मरीज का ऐसे 30 मरीजों का टीएमजे जोड़ को काटकर सफलता पूर्वक इलाज किया गया है। कुछ मरीजों का कृत्रिम जोड़ आर्टिफीसियल टीएमजे जॉइंट प्रत्यारोपण किया गया है। कुछ मरीजों का चेहरा अविकसित होने से टेढ़ा हो जाता है। ऐसे मरीजों में ऊपर-नीचे के जबड़े को काटकर सीधा कर चेहरा सुधारा गया। जिससे मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ा और मरीज पहले से अधिक आकर्षक एवं सुंदर हो गया।
दन्त चिकित्सा विभाग के डॉ. भूपेन्द्र कश्यप के निर्देशन एवं देखरेख में विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप प्रकाश एवं उनके टीम में शामिल डॉ. जंडेल सिंह ठाकुर, डॉ. हेमलता राजमणि, डॉ. केतकी कीनीकर, डॉ. प्रकाश खरे, डॉ.सोनल पटेल, वार्ड ब्वाय ओमकारनाथ, लैब अटेंडेंट उमेश साहू के साथ निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. भावना रायजादा, डॉ. मिल्टन एवं उनकी टीम तथा नर्सिंग स्टाफ शामिल रहे।
महतारी वंदन योजना से उम्मीदें हो रही पूरी
योजना की 18 वीं किश्त हुई जारी
बिलासपुर। महतारी वंदन योजना सरकार की ऐसी योजना जो उन महिलाओं के लिए बड़ा सहारा बनी है जो अपने जीवन में आर्थिक मुश्किलो और संघर्ष का सामना कर रही हैं। अब सरकार से हर माह मिल रही मदद से उनकी मुश्किलें आसान हुई हैं,और उन्हें राहत मिल रही है, जिसके लिए हितग्राही महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है।
जिले के जरहाभाठा मिनी बस्ती की रहने वाली श्रीमती शिवानी पटेल और श्रीमती अहिल्या बाई के आर्थिक तंगी से जूझते जीवन में महतारी वंदन योजना किसी वरदान से कम नहीं। घरेलू ज़िम्मेदारियाँ, बच्चों की पढ़ाई और दिन-प्रतिदिन की जरूरतें पूरी करना शिवानी के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था ,इन्हीं हालातों के बीच एक नई उम्मीद बनकर आई महतारी वंदन योजना। राज्य सरकार की इस संवेदनशील योजना के तहत उन्हें हर महीने ₹1000 की आर्थिक सहायता मिलने लगी। शिवानी पटेल बताती हैं "इस योजना से मिलने वाली राशि से मैं घर का राशन और बच्चों की ज़रूरी चीजें समय पर ले पाती हूँ। पहले दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, अब अपने पैसे से छोटी छोटी जरूरतें पूरी कर पा रही हूं जिससे आत्मविश्वास बढ़ा है। वहीं अहिल्या बाई कहती हैं, वह लोगों के घरों पर काम कर किसी तरह अपना जीवन चला रही हैं, कोई सहारा नहीं है। लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर जब कोई काम करना मुश्किल हो, सरकार की इस मदद से बड़ा सहारा मिला है, बिना काम किए हजार रुपए की मदद हम जैसी गरीब महिलाओं के लिए बड़ी मदद है। अब किसी के आगे छोटी छोटी जरूरतों के लिए मांगना नहीं पड़ता।
दोनों महिलाओं का कहना है कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक सहायता दी है, बल्कि सम्मान और हौसला भी दिया है, जब घर के छोटे बच्चे उनसे पैसे मांगते है, तो वे आसानी से उन्हें दे पाती है यह खुशी भी उनके लिए बड़ी है। महतारी वंदन योजना से आज शिवानी और अहिल्या जैसी अनेक महिलाएं अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं ,और आत्मसम्मान के साथ अपना जीवन जीने के साथ ही आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही है।
यूथ रेडक्रास सोसायटी की बैठक 8 अगस्त को
बिलासपुर। भारतीय रेडक्रास सोसायटी अंतर्गत यूथ रेडक्रास सोसायटी की बैठक 8 अगस्त को शाम 5 बजे जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में रखी गई है। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल करेंगे। बैठक में सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में यूथ रेडक्रास सोसायटी का गठन एवं अंशदान का प्रेषण, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करना एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन संबंधी विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में दूर दराज से आए सैकड़ों ग्रामीणों की निजी और सामुदायिक समस्याएं इत्मीनान से सुनी और अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनदर्शन में आए किसानों से चर्चा कर खेती-किसानी के ताजा हालात और खाद-बीज की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार एवं सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
साप्ताहिक जनदर्शन में घुटकू के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि में अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उप सरपंच के द्वारा अनाधिकृत रूप से शासकीय भूमि में अतिक्रमण कर अवैध रूप से दीवार का निर्माण किया गया है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता को जांच के निर्देश दिए है। पोड़ी के सरपंच एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर शासकीय स्कूल में अतिरिक्त कमरे की मांग की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। मस्तुरी ब्लॉक की जयरामनगर निवासी श्रीमती धीरजा बाई ने भूमि मुआवजा की राशि प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने इस मामले को भू-अर्जन शाखा को सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। चांटीडीह निवासी श्रीमती पुन्नीबाई यादव ने पुत्री की मृत्यु उपरांत आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। इस मामले को एसडीएम बिलासपुर देखेंगे। ग्राम बाम्हू निवासी चंदन कुमार सूर्यवंशी ने ट्राईसिकल के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने आवेदन समाज कल्याण विभाग को प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। भारतीय नगर वार्ड नंबर 25 के नारायण गोस्वामी एवं अन्य लोगों ने तालाब को बचाने एवं सौंदर्यीकरण करने की कलेक्टर से मांग की। इस मामले को नगर निगम आयुक्त देखेंगे। कम्पोजिट बिल्डिंग के कर्मचारियों ने पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में नया ट्रांसफार्मर लगाने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में सभी विभाग के कार्यालय संचालित है। नगर निगम टाउन हॉल में एकमात्र ट्रांसफार्मर स्थापित है। जिससे टाउनहाल एवं पुरानी कम्पोजिट के सभी विभाग के कार्यालय में विद्युत आपूर्ति की जाती है। टाउनहाल परिसर में एकमात्र ट्रांसफार्मर स्थापित होने से लोड अधिक हो जाता है जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। इससे विभागीय कार्य प्रभावित होते है। कलेक्टर ने इस मामले को विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
बिलासपुर में 21,992 राशन कार्ड संदिग्ध, खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
बिलासपुर: राशन कार्ड सत्यापन (Ration Card varification) में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जिले में 21,992 राशन कार्ड ऐसे पाए गए हैं जिन्हें खाद्य विभाग ने आधार-केवायसी के बाद संदिग्ध घोषित कर दिया है। इनमें न सिर्फ कई कार्डधारी सालभर से राशन नहीं ले रहे, बल्कि कुछ हितग्राही ऐसे भी हैं जिनकी उम्र 100 साल से ऊपर दर्ज है।
खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार ननों को मिली जमानत
एनआईए कोर्ट ने 50-50 हजार के बॉन्ड पर दी रिहाई
बिलासपुर । धर्मांतरण और मानव तस्करी के गंभीर आरोपों में दुर्ग से गिरफ्तार की गईं दो ननों को शनिवार को एनआईए कोर्ट, बिलासपुर से 50-50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत मिल गई है। मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज थी, जिसे कोर्ट के फैसले के बाद फिलहाल राहत मिली है।
गौरतलब है कि इन दोनों ननों को नारायणपुर जिले की दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुर्ग से पकड़ा गया था। उनके खिलाफ धर्मांतरण कराने और मानव तस्करी के आरोप लगे थे। मामले ने राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर की सियासत को भी प्रभावित किया।
फैसला शुक्रवार को रखा गया था सुरक्षित
शुक्रवार को ननों को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया था, जहां सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। शनिवार को सुनवाई में जज ने दोनों ननों को जमानत देने का आदेश जारी किया।
राजनीति गरमाई, कांग्रेस का प्रदर्शन
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने संसद तक विरोध जताया। इंडिया गठबंधन के कई सांसद दुर्ग जेल पहुंचकर ननों से मिले और भाजपा सरकार पर धार्मिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ कहा था कि राज्य में धर्मांतरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल, कोर्ट के फैसले से ननों को राहत मिली है, लेकिन मामले की जांच जारी है और सियासी गर्मी अभी थमी नहीं है। अब निगाहें इस केस की अगली सुनवाई और पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं
विभागीय गलती से मिला अतिरिक्त वेतन तो नहीं होगी वसूली: हाईकोर्ट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तृतीय श्रेणी के शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि विभागीय त्रुटि के कारण किसी कर्मचारी को अधिक वेतन प्राप्त हुआ है, तो उससे वह राशि वसूल नहीं की जा सकती। यह फैसला दुर्ग जिले के बघेरा एसटीएफ में पदस्थ आरक्षक दिव्य कुमार साहू और अन्य कर्मचारियों की याचिका पर सुनाया गया है।
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बी.डी. गुरु की डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार की अपील को खारिज करते हुए वसूली आदेश को पूरी तरह निरस्त कर दिया। कोर्ट ने कहा कि कर्मचारी की कोई गलती नहीं होने पर वेतन से की गई वसूली असंवैधानिक है।
मामला क्या था?
आरक्षक दिव्य कुमार साहू और अन्य कर्मचारियों को विभागीय वेतन निर्धारण में हुई गलती के चलते कुछ समय तक अधिक वेतन मिला। बाद में जब यह मामला उजागर हुआ तो पुलिस अधीक्षक बघेरा ने आदेश जारी कर उनके वेतन से वसूली शुरू कर दी। इस आदेश को अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय और स्वाति कुमारी के माध्यम से हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
सुप्रीम कोर्ट का हवाला बना आधार
याचिकाकर्ताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले "स्टेट ऑफ पंजाब बनाम रफीक मसीह (2015)" का हवाला दिया गया, जिसमें यह साफ कहा गया है कि तीसरी श्रेणी के कर्मचारियों से विभागीय त्रुटि के कारण मिली अतिरिक्त राशि की वसूली नहीं की जा सकती।
कोर्ट का निर्देश: ब्याज समेत राशि लौटाई जाए
हाईकोर्ट ने आदेश में यह भी कहा कि यदि पहले से किसी कर्मचारी से राशि वसूली जा चुकी है, तो उसे 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित तत्काल लौटाया जाए। कोर्ट ने साफ किया कि ऐसी वसूली संविधान के आर्थिक न्याय सिद्धांतों के विरुद्ध है।
यह फैसला राज्य के हजारों शासकीय कर्मचारियों के लिए मिसाल बन सकता है, जो विभागीय त्रुटियों के कारण वित्तीय नुकसान झेलते हैं। अदालत का यह निर्णय सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों और न्याय की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन
बिलासपुर । विश्व बैंक समर्थित भारत सरकार की योजना रैम्प अंतर्गत प्रार्थना भवन खारंग जल संसाधन परिसर बिलासपुर में उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम’’ का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बिलासपुर के तत्वाधान में आयोजित किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई को हरित बनाने में सहायता करना ऋण तक पहुंच को सुगम बनाना बाजार तक पहुंच बनाना विलंबित भुगतान के मुद्दों का समाधान करना एवं इस संबंध में भागीदारों के साथ चर्चा परिचर्चा कर समाधान करना मुख्य उद्देश्य है। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बिलासपुर के मुख्य महाप्रबंधक सी.आर.टेकाम के द्वारा प्रतिभागियों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए नवीन उद्यम स्थापना के संबंध में औद्योगिक नीति 2024-30 के अंतर्गत प्रावधान, अनुदान, रियायतें छूट एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर रैम्प योजना एवं पीएमएफएमई योजनाओं का राज्य स्तर से आये योगेश शर्मा एवं भूषण के द्वारा विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए बैंकर्स से यथासंभव सहयोग करने का आग्रह किया गया। कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी, पीएमएफएमई व पीएमईजीपी योजना के हितग्राही व जिले के प्रमुख बैंकों जैसे भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं के लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक शाखा के द्वारा अपने उद्बोधन में ऋण हेतु किये गये आवेदनों पर सकारात्मक विचार एवं सहयोग करने का आश्वासन दिया गया, प्रतिभागियों के द्वारा किये गये प्रश्नों के उत्तर से प्रतिभागी आश्वस्त हुए। इसी कड़ी में लीड बैंक अधिकारी दिनेश उरांव के द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं में शासकीय योजनाओं के लंबित प्रकरणों पर स्वीकृति एवं वितरित करने में विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूर्ति करने में कटिबद्ध होना बताया गया। सफल उद्यमी के रूप में मेसर्स रानीसती उद्योग औ.क्षे. तिफरा के इकाई स्वामी पुरूषोत्तम अग्रवाल के द्वारा अपने उद्बोधन में छोटे एवं कम लागत से उत्पादन प्रारंभ करके बड़े उद्योग तक पहुंचने में आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान की जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागी शामिल हुए एवं उनके जानकारी प्राप्त करने की उत्सुकता और उत्तर प्रतिउत्तर से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एल.के.लाकरा महाप्रबंधक, सी.डी. प्रसाद महाप्रबंधक, संतोष धुर्वे महाप्रबंधक, सत्येंद्र वर्मा प्रबंधक, सुनील पाण्डेय प्रबंधक, ए.श्रीधर राव प्रबंधक, श्रीमती रेवती झलरिया प्रबंधक, श्रीमती आरती झलरिया प्रबंधक, एवं अन्य कर्मचारियों के साथ जिले में नियुक्त डीआरपी उपस्थित रहे।
आमागोहन में जनसमस्या निवारण शिविर
बिलासपुर । जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत लगाये गये शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण, मांग के संबंध में की गई कार्यवाही के साथ ही विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के संबंध में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन कोटा ब्लॉक के आमागोहन में 2 अगस्त को सवेरे 11 बजे से किया जाएगा। शिविर के लिए विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोटा को नोडल अधिकारी तथा सीईओ जनपद पंचायत, कोटा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय में शिविर स्थल पर विभागीय जानकारी सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के निर्वाचन हेतु नामांकन फार्म जमा करने की प्रकिया प्रारंभ
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आज छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के सदस्य पद हेतु नामांकन की प्रकिया प्रारंभ हो गई है। छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के मुख्य कार्यालय उच्च न्यायालय प्रांगण बोदरी बिलासपुर छ.ग. में सुबह 10.30 बजे से सायं 5.00 बजे तक परिषद के सदस्य के निर्वाचन हेतु नामांकन फार्म, मतदाता सूची, निर्वाचन नियमावली तथा अनापत्ति प्रमाण पत्र आदि से संबंधित कार्य प्रारंभ हुआ जिसमें पहले दिन ही कुल 54 नामांकन आवेदन पत्रों की बिकी हुई तथा आज ही दो अधिवक्ताओं कमशः प्रशांत तिवारी राजनांदगांव एवं अब्दुल वहाब खान बिलासपुर ने अपना नामांकन फार्म पूर्ण शुल्क के साथ निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार वर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया।
परिषद के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 14 अगस्त तक नामांकन फार्म जमा करने की प्रक्रिया चलेगी तथा दिनांक 16 से 23 अगस्त तक स्कूटनी तथा दिनांक 24 अगस्त से 31 अगस्त तक नामांकन फार्म की नाम वापसी की प्रक्रिया की जाएगी इसके पश्चात् दिनांक 01 सितम्बर 2025 को अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी तथा मतदान 30 सितम्बर 2025 को सम्पन्न होगा। परिषद के निर्वाचन में भाग लेने हेतु प्रदेश के दुर्ग, रायपुर, जांजगीर, कोरबा, कटघोरा, एवं अन्य स्थानों से अधिवक्ताओं ने नामांकन फार्म लेने हेतु परिषद कार्यालय में उपस्थित हुए।
जिले में अब तक 670.1 मि.मी. बारिश दर्ज
बिलासपुर । बिलासपुर जिले में चालू खरीफ मौसम में अब तक 670.1 मि.मी. बारिश दर्ज की गई है। जो कि पिछले 10 वर्ष के औसत बारिश 507.5 मि.मी. से 162.6 मि.मी. अधिक है। अधीक्षक भू अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे अधिक बारिश 799.3 मि.मी. बेलगहना तहसील में और सबसे कम बारिश 546.2 मि.मी. कोटा में रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार बिलासपुर तहसील में 798.1 मि.मी., बिल्हा तहसील में 653.5 मि.मी., मस्तूरी में 660.5 मि.मी.,तखतपुर में 727.4 मि.मी., सीपत में 640.1 मि.मी., बोदरी में 609.9 मि.मी., बेलतरा में 568 मि.मी., रतनपुर में 669.1 मि.मी., सकरी में 720.2 मि.मी. और पचपेड़ी तहसील में 648.4 मि.मी. बारिश रिकार्ड की गई है। जिले की औसत वार्षिक वर्षा 1202.3 मि.मी. है।
सभी थानों/यातायात की पेट्रोलिंग वाहनों में हेतु वितरित किए गए लगभग 1000 रेडियम बेल्ट
हनीफ बख्श
सभी थानों/यातायात की पेट्रोलिंग वाहनों में हेतु वितरित किए गए लगभग 1000 रेडियम बेल्ट****
पीएमश्री स्कूलों में योग-खेल शिक्षक नियुक्त होंगे
11 अगस्त तक आवेदन
बिलासपुर । जिले में संचालित 13 पीएमश्री विद्यालयों में अंशकालिक योग-खेल शिक्षक एवं प्रशिक्षक नियुक्त किये जाएंगे। इसके लिए 11 अगस्त 2025 तक आवेदन आमंत्रित किये गये है। जिला पंचायत स्थित समग्र शिक्षा के जिला परियोजना कार्यालय में डाक अथवा स्पीड पोस्ट से उक्त तिथि तक आवेदन अनिवार्य रूप से प्राप्त हो जाना चाहिए। चयनित शिक्षक को प्रतिमाह 10 हजार रूपये मानदेय दिया जाएगा। समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक ने बताया कि इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता शारीरिक शिक्षा या योग शिक्षा में स्नातक डिग्री अनिवार्य होना चाहिए। आवेदक बिलासपुर जिले में संचालित किसी एक पीएमश्री विद्यालय के लिए ही आवेदन कर सकते है। एक से अधिक विद्यालय के लिए आवेदन किये जाने पर अंतिम रूप से प्राप्त आवेदन पर ही समिति द्वारा विचार किया जाएगा। आवेदन पत्र सीधे स्वीकार नहीं किये जाएंगे। डाक अथवा स्पीड पोस्ट से ही आवेदन लिये जाएंगे। पदों से संबंधित आवश्यक योग्यता, नियम, शर्ताें एवं आवेदन का प्रारूप जिला प्रशासन की वेबसाईट www.bilaspur.gov.in में अवलोकन किया जा सकता है।
नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले से फिर एक ठगी के मामले में अहम सफलता सरकंडा पुलिस को मिली है। पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहा पूर्व आरक्षक श्रीकांत मार्कों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर PHE (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी) विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 5 हज़ार रुपये और एक कार हड़पने का गंभीर आरोप लगा था।
जानकारी के अनुसार, श्रीकांत मार्को ने अपनी पूर्व आरक्षक की पहचान का फायदा उठाकर लोगों को भरोसे में लिया और पीड़ित से मोटी रकम व कार ले लिया। मामला सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रहा था, लेकिन सरकंडा ने सटीक जानकारी के आधार पर उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।
30 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उड़ीसा से लाया जा रहा 30 किलोग्राम गांजा जब्त कर पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि थाना सकरी क्षेत्र के चोरभट्ठी खुर्द निवासी गांजा मंगाकर अपने घर के सामने नीली बलेनो कार में रख रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने मौके पर दबिश दी और चारों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 30 किलो गांजा, 2 कारें (नीली बलेनो व सफेद अर्टिगा), 3 मोबाइल फोन, 20 लाख से ज्यादा नगद, जब्त कर लिये है। चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।