छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
श्री संजय अग्रवाल ने नगर निगम चुनाव 2025 में सपरिवार मतदान किया।
हाई कोर्ट बिलासपुर के जस्टिस श्री संजय अग्रवाल ने नगर निगम चुनाव 2025 में सपरिवार मतदान किया। उन्होंने स्थानीय डीपी लॉ कॉलेज स्थित मतदान केंद्र में सवेरे साढ़े 10 बजे पत्नी श्रीमती बरखा अग्रवाल के साथ पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया ।
बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने आज परिवार के साथ निगम चुनाव में मिशन स्कूल मतदान केंद्र में मतदान किया।
बिलासपुर। बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने आज परिवार के साथ निगम चुनाव में मिशन स्कूल मतदान केंद्र में मतदान किया।
बिलासपुर में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा बीमार...
बिलासपुर । बिलासपुर जिले में महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 20 से अधिक लोग बीमार हैं और 4 लोगों की हालत गंभीर है। इन सभी का इलाज सिम्स में जारी है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि, गांव में चुनाव के दौरान जहरीली शराब बांटी गई, जिसे पीने से 7 लोगों की जान चली गई। यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र के लोफन्दी का है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के लोफन्दी में बुधवार को पहले एक की मौत हुई फिर दो लोगों की जान गई। बिमारी समझकर इन सभी का अंतिम संस्कार करवाया गया। इसके बाद शुक्रवार की रात एक साथ चार लोगों की मौत हो गई। इसी दौरान कई दिनों से महुआ शराब पीने की बात सामने आई। मरने वाले सभी एक ही गांव के थे।
सरपंच के भाई की भी हुई मौत
बताया जा रहा है कि, जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों में सरपंच रामाधार सुनहले का भाई रामू सुनहले भी शामिल है। स्थानीय निवासी जैजै राम पटेल ने बताया कि, अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 20 से ज्यादा लोग बीमार हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर-एसपी ने की मतदान तैयारियों की समीक्षा
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने दिए निर्देश
बिलासपुर,। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी ब्लॉक के सचिव और कोटवार की बैठक लेकर त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की दिशा-निर्देशों के अनुरूप तमाम तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मस्तूरी ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17 फरवरी को होने हैं। उन्होंने मतदान केन्द्रों की साफ सफाई, बिजली, पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। मतदाताओं के मार्गदर्शन के लिए संकेतक चिन्ह भी लिखने को कहा है। उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी जायजा लिया। सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, एसडीएम प्रवेश पैकरा, जनपद सीईओ श्री भगत और तहसीलदार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कलेक्टर-एसपी ने सबसे पहले मस्तूरी में सचिवों और कोटवारों की बैठक लेकर मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत पचपेड़ी में आईटीआई भवन में भी सचिवों और कोटवारों की इस सिलसिले में बैठक लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कलेक्टर ने कहा कि हमें स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इसके लिए मुस्तैद है। कोटवारों से कहा कि आपको लोगों के बीच संदेश देना है कि सब निर्भीक होकर मतदान करें। उन्होंने सभी को मतदान के प्रति जागरूक करने कहा। मतदानकर्मियों को लिए भी अच्छी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जाबो के तहत लोगों को मतदान करने का संदेश दे। घर-घर जाकर लोगों को मतदान करने चुनई न्यौता दे।
एसपी ने कोटवारों और सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण हैं। निचले स्तर पर आपकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि गुण्डे बदामाशों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। निर्वाचन के दौरान आचार संहिता का पालन करवाना भी हमारी महती जिम्मेदारी है। सामूहिक तरीके से हम सभी को अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करना है। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि मतदान केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधा हो, यह सुनिश्चित कर ले।
स्ट्रांग रूम का लिया जायजा
कलेक्टर-एसपी ने ग्रामीण मतदान के लिए डीएवी परसदा स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने कहा। नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मल्हार में जवाहर नवोदय विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। कलेक्टर ने यहां भी बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
पचपेड़ी थाना का निरीक्षण
कलेक्टर-एसपी ने पचपेड़ी थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में सभी प्रकार के रिकॉर्ड का अवलोकन किया। फाईलों के संधारण और रख-रखाव की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
व्यवहार न्यायाधीश के रिक्त पदों से संबंधित अधिसूचना जारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 2025 हेतु व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) के पदों पर पदोन्नित हेतु 86 रिक्त पदों से संबंधित अधिसूचना जारी की जा चुकी है। अधिसूचना छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वेबसाईट https://highcourt.cg.gov.in पर उपलब्ध है।
जनपद पंचायत के मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण 7-8 को
बिलासपुर। पंचायत आम निर्वाचन के लिए गठित मतदान दलों के प्रशिक्षण का प्रथम चरण 07 एवं 08 फरवरी को आयोजित किया गया है। स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु.उ.मा.शाला दयालबंद बिलासपुर और स्वामी आत्मानंद लालबहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक शाला बिलासपुर में 07 एवं 08 फरवरी को प्रशिक्षण दो पालियों में होगा। प्रथम पाली में सवेरे 10ः00 से 1ः30 बजे और दूसरी पाली 2ः00 से 5ः30 बजे तक चलेगी। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु.उ.मा.शाला दयालबंद बिलासपुर में इन दो दिनों में कुल 1602 मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी प्रत्येक पाली में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारियों की संख्या 801 होगी। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में दो दिन में 798 कर्मियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, जिनमें प्रथम पाली में 400 और द्वितीय पाली में 398 प्रशिक्षणर्थीयों को मतदान के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के चार जनपद पंचायतों में मतदान हेतु ड्यूटी लगने वाले मतदान दलों के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षण में जनपद पंचायतवार नियुक्त सेक्टर ऑफिसर भी शामिल होंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने सभी मतदान दलों से प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होकर मतदान कराने की संपूर्ण प्रक्रिया को बारीकी से सीखने के निर्देश दिए हैं।
जनपद पंचायत के मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण 07-08 फरवरी को
*त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025*
बिलासपुर, 05 फरवरी 2025/ पंचायत आम निर्वाचन के लिए गठित मतदान दलों के प्रशिक्षण का प्रथम चरण 07 एवं 08 फरवरी को आयोजित किया गया है। स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु.उ.मा.शाला दयालबंद बिलासपुर और स्वामी आत्मानंद लालबहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक शाला बिलासपुर में 07 एवं 08 फरवरी को प्रशिक्षण दो पालियों में होगा। प्रथम पाली में सवेरे 10ः00 से 1ः30 बजे और दूसरी पाली 2ः00 से 5ः30 बजे तक चलेगी। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु.उ.मा.शाला दयालबंद बिलासपुर में इन दो दिनों में कुल 1602 मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी प्रत्येक पाली में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारियों की संख्या 801 होगी। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में दो दिन में 798 कर्मियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, जिनमें प्रथम पाली में 400 और द्वितीय पाली में 398 प्रशिक्षणर्थीयों को मतदान के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के चार जनपद पंचायतों में मतदान हेतु ड्यूटी लगने वाले मतदान दलों के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षण में जनपद पंचायतवार नियुक्त सेक्टर ऑफिसर भी शामिल होंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने सभी मतदान दलों से प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होकर मतदान कराने की संपूर्ण प्रक्रिया को बारीकी से सीखने के निर्देश दिए हैं।
भूमि अधिग्रहण घोटाला: RI के खिलाफ FIR, 3.42 करोड़ की हेराफेरी
बिलासपुर। अरपा भैंसाझार परियोजना के चकरभाठा वितरण नहर निर्माण में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में करोड़ों की अनियमितता सामने आई है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर तत्कालीन हल्का पटवारी और वर्तमान राजस्व निरीक्षक (आरआई) मुकेश साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच में पाया गया कि मुकेश साहू ने पटवारी के पद पर रहते हुए भूमि अधिग्रहण मामले में चार बार विरोधाभासी प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के खसरा नंबरों में फेरबदल कर सरकारी राजस्व को 3.42 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। इस घोटाले में जमीन मालिक को लाभ पहुंचाने और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है।
कैसे हुआ घोटाला?
जांच रिपोर्ट के अनुसार, तत्कालीन पटवारी मुकेश साहू ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में हेरफेर करते हुए खसरा नंबर 1/4 (0.03 एकड़) को सिंचित और दो फसली घोषित कर 37.37 लाख रुपये तथा खसरा नंबर 1/6 (0.62 एकड़) के लिए अवैध रूप से 1 करोड़ रुपये का मुआवजा मनोज अग्रवाल को जारी किया।
इसके अलावा, ग्राम सकरी के खसरा नंबर 1, 9, 10 में हुए बटांकन को बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मर्ज कर भू-नक्शा पोर्टल में मूल नंबर के रूप में दर्ज कर दिया गया, जिससे सरकारी रिकॉर्ड में गड़बड़ी हुई।
कलेक्टर ने दिए FIR के निर्देश
घोटाले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अवनीश शरण ने जांच टीम गठित की थी, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को सौंपी गई। रिपोर्ट में मुकेश साहू द्वारा 3.42 करोड़ रुपये की वित्तीय हेराफेरी की पुष्टि हुई। इसके बाद कलेक्टर ने शासन को आरआई को बर्खास्त करने का प्रस्ताव भेजा और एसडीएम तखतपुर को FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए।
आरआई पर लगे ये गंभीर आरोप
सकरी थाने में आरआई मुकेश साहू के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (कूटरचना), 468 (धोखाधड़ी हेतु कूटरचना), 471 (जालसाजी दस्तावेज का इस्तेमाल), 409 (सरकारी धन का गबन) और 120बी (षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है। FIR दर्ज होने की भनक लगते ही मुकेश साहू फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
कांग्रेस ने बागी नेताओं को दिखाया बाहर का रास्ता, 14 निष्कासित
बिलासपुर । निकाय चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में खलबली मची हुई है। टिकट नहीं मिलने से कई नेता नाराज चल रहे हैं और पार्टी से इस्तीफा दे दिए हैं। इसी बीच कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरीय निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर अपने ही पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर पार्टी ने एक्शन लिया है।
कांग्रेस ने बिलासपुर के 14 बागी को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता को भी रद्द कर दिया है। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़के के आरोप और अनुशासन भंग करने के मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने ये कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में बागी प्रत्याशी हैं।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को निकाय चुनाव होने को है। जिसके लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। जिसके बाद से कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली है और टिकट नहीं मिलने से कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदाताओं के लिए बनाए गए सुविधा केंद्र
प्रत्याशी या अधिकृत प्रतिनिधि मतदान की प्रक्रिया का कर सकते हैं अवलोकन
बिलासपुर । जिले के नगरीय निकायों में निर्वाचन ड्यूटी पर कार्यरत मतदान कर्मियों, पुलिस कर्मियों और निर्वाचन कार्य में संलग्न अन्य कर्मियों के लिए निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र के माध्यम से मतदान के लिए सुविधा केन्द्र बनाए गए हैं। ऐसे मतदानकर्मी जिन्होंने अपने मताधिकार के प्रयोग हेतु डाक मतपत्र के लिए विधिवत आवेदन किया है, उनके मतदान के लिए सुविधा केंद्र बनाए गए है। इनमें स्वामी आत्मानंद बहुउद्देशीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय, दयालबंद, गांधी चौक बिलासपुर, एवं लालबहादुर स्कूल में 05 और 06 फरवरी सवेरे 10.30 बजे 4.30 बजे तक मतदान की प्रक्रिया बिलासपुर जिले के सभी नगरीय हेतु संचालित होगी।
इसी प्रकार कार्यालय रिटर्निग ऑफिसर, नगर पालिक निगम, बिलासपुर के लिए कलेक्टर कार्यालय बिलासपुर में एवं अन्य नगरीय निकायों का उनके रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय में दिनांक 07 व 09 फरवरी सुबह 10.30 बजे से दोपहर 4.30 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। निर्वाचन दल रवानगी दिवस को भी सभी निकायों के मतदान सामग्री वितरण केंद्र में 10 फरवरी 2025 को सवेरे 7.00 बजे से मतदान दल की रवानगी तक सुविधा केंद्र बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी , कर्मचारी तथा निर्वाचन दल में नियुक्त मतदानकर्मियों को मतदान की सुविधा प्राप्त होगी।
इस मतदान की प्रक्रिया का अवलोकन प्रत्याशी या उनके पूर्व सूचना पर अधिकृत प्रतिनिधि कर सकते हैं। निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र से मतदान की सुविधा के लिए आवेदन करने वाले कर्मचारी केवल निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र से ही मतदान कर सकते हैं, उन्हें अपने संबंधित मतदान केन्द्र में मतदान करने की पात्रता, किसी भी स्थिति में नहीं होगी। निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र से मतदान करने के लिए संबंधित कर्मचारी को अपना निर्वाचन कार्य से संबंधित आदेश दिखाना भी अनिवार्य होगा।
बर्ड फ्लू : सतर्कता एवं रेपिड रिस्पान्स टीम गठित
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार प्रवासी पक्षियों से फैले रोग बर्ड फ्लू के रोकथाम एवं सतत निगरानी के लिए जिले में पशु पालन विभाग द्वारा जिला स्तरीय रेपिड रिस्पान्स टीम का गठन किया गया है। जिसमें अतिरिक्त उप संचालक डॉ. अर्चना अग्रवाल (9406213414) एवं पशु चिकित्सा सहायक शल्य डी.आई.लैब डॉ. तनमय ओत्तलवार (7999459198) को संभाग स्तरीय रेपिड रेस्पॉन्स टीम के लिए अधिकृत किया गया है।
इसी प्रकार अतिरिक्त उप संचालक चल चिकित्सा अधिकारी डॉ. विरेन्द्र पिल्ले (9406158769) को जिला नोडल अधिकारी एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी और अतिरिक्त उपसंचालक प्रभारी जिला पशु चिकित्सा डॉ. राम ओत्तलवार (8109894585), सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्रीय अधिकारी श्री बी.एम. पाण्डेय (9907749406), सहायक सांख्यिकी अधिकारी कैलाश गजभिए (9981452086), प्रगणक कार्यालयीन राहुल वैष्णव (7987052273) एवं परिचारक कार्यालीयन अनिल कुमार यादव (7828365551) को सदस्य के रूप में अधिकृत किया गया है।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जी. एस. एस. तवर ने जिले के सभी नागरिकों पोल्ट्रीफार्मो व्यवसायिक एवं वन विभाग से अपील करते हुए कहा है कि बर्ड फ्लू रोग की जानकारी से जिला स्तरीय रेपिड रिस्पान्स टीम को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि यह पक्षियों का संक्रामक एवं घातक रोग है जिससे बैकयार्ड, पोल्ट्री पालक एवं पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को अत्यधिक हानि होती है। यह रोग मनुष्यो को भी संक्रमित करता है।
पशु, पक्षी बाजारों, कुक्कुट उत्पादों के वितरण शृंखला ऐसे स्थान जहां बतखों की संख्या ज्यादा है जल श्रोतों तथा प्रवासी, जंगली पक्षियों में रोग के लक्षण अथवा मृत पाये जाने वाले पक्षी के नाम व संख्या की सूची हमारे कार्यालय पशु चिकित्सा सेवायें को दें ताकि उन क्षेत्रों के समीप के पोल्ट्री पॉप्यूलेशन के निगरानी एवं सेरो सर्विलेंस हेतु कार्ययोजना बनाई जा सके। बताया गया कि रायगढ़ जिले के पक्षियों में बर्ड फ्लू का प्रकोप पाया गया है। प्रवासी पक्षियो द्वारा रोग के संभावित प्रसार के मद्देनजर रेपिड रिस्पान्स टीम का गठन किया गया है।
कांग्रेस में महापौर पद को लेकर सियासी ड्रामा, त्रिलोक श्रीवास को कारण बताओ नोटिस
बिलासपुर । महापौर पद के उम्मीदवारी चयन से लेकर नामांकन और नाम वापसी तक कांग्रेस में जमकर राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। नाम वापसी के अंतिम दिन नाटकीय ढंग से दावेदारी पेश करने वाले त्रिलोक श्रीवास ने अपना नाम वापस ले लिया। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मीडिया के सामने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी प्रमोद नायक को ही चुनौती दे डाली।
त्रिलोक श्रीवास के इस रवैये से पार्टी के अंदर ही हलचल मच गई, लेकिन नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी करानी थी, इसलिए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने चुप रहना ही मुनासिब समझा। लेकिन यह विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। अब त्रिलोक श्रीवास को पार्टी अनुशासन तोड़ने के आरोप में पीसीसी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
त्रिलोक श्रीवास को तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रभारी महामंत्री संगठन एवं प्रशासन गैंदू ने पीसीसी के सचिव त्रिलोक श्रीवास को जारी कारण बताओ नोटिस में लिखा है कि उन्होंने बिलासपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 68 के पार्टी अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन किया और प्रचार में शामिल हुए। इसकी लिखित शिकायत पार्टी प्रत्याशी और जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई थी।
नोटिस में कहा गया कि श्रीवास की इस हरकत से कांग्रेस संगठन की छवि धूमिल हुई है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्हें तीन दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने बागी नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित
इधर, भाजपा ने भी बागी नेताओं पर सख्त रुख अपनाया है। बिलासपुर नगर निगम के 12 वार्डों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागी नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। यही कार्रवाई नगरपालिका और नगर पंचायतों में बगावत कर चुनाव लड़ने वाले नेताओं पर भी की गई है।
बिलासपुर में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों में महापौर पद और पार्षद चुनाव को लेकर अंतर्कलह तेज हो गई है। चुनावी सरगर्मी के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
चुनावी माहौल के बीच 35 पेटी शराब के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ में चुनावी माहौल के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसे चुनाव में खपाने की तैयारी थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बलौदाबाजार निवासी नितिन जायसवाल का नाम सामने आया है। नितिन जायसवाल बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र जायसवाल का भतीजा है। पुलिस को शक है कि इस शराब का इस्तेमाल मतदाताओं को लुभाने के लिए किया जाना था।
कैसे हुआ खुलासा?
बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में "प्रहार" अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब और नशे के खिलाफ जांच शुरू की थी। इसी कड़ी में कोटा थाना पुलिस और एसीसीयू (साइबर सेल) की संयुक्त टीम ने कोटा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर दो संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली।
कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो (CG 04 KJ 0913) और मारुति अर्टिगा (CG 16 CT 0649) गाड़ियों से 18 और 16 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद की गई। ये शराब मध्य प्रदेश के भालूमाड़ा से तस्करी कर लाई जा रही थी। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 2.5 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी और मास्टरमाइंड का पर्दाफाश
पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया:
शिवप्रसाद यादव (27) – चिरमिरी निवासी
सोनू गुप्ता (30) – चिरमिरी निवासी
दिनेश गुप्ता (33) – चिरमिरी निवासी
दिवाकर उर्फ विक्की गुप्ता (43) – चिरमिरी निवासी
पूछताछ में पता चला कि यह शराब बलौदाबाजार के नितिन जायसवाल को सप्लाई की जा रही थी, जो इस पूरे तस्करी नेटवर्क का मुख्य खरीददार था। इस जानकारी के आधार पर बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने बलौदाबाजार में दबिश देकर नितिन जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
चुनाव में इस्तेमाल की जा रही थी शराब?
गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ कि नितिन जायसवाल के चाचा सुरेंद्र जायसवाल बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी हैं। आशंका जताई जा रही है कि चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब की खेप मंगाई गई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, एसीसीयू निरीक्षक राजेश मिश्रा, कोटा थाना प्रभारी राज सिंह और एसआई अजहरउद्दीन की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इस सफलता पर टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है।
संविदा भर्ती के लिए 27 तक आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा 5 पदों पर संविदा भर्ती के लिए 27 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें 3 पद कार्यालय सहायक/ क्लर्क और 2 पद चपरासी (मुंशी/ अटेंडेंट) के हैं। इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर इसे विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में रखे ड्रॉप बॉक्स में उक्त तिथि तक डाल सकते हैं। रजिस्ट्री, कूरियर अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। क्लर्क को 20 हजार और चपरासी को 12 हजार वेतन दिया जाएगा।विस्तृत जानकारी के लिए जिला न्यायालय की वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है।
प्रशिक्षण से नदारद 32 मतदान अधिकारियों को शो कॉज नोटिस
बिलासपुर । स्थानीय निकाय के लिए आयोजित चुनाव प्रशिक्षण से नदारद 32 मतदान अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। ये सब अधिकारी 30 और 31 जनवरी को आयोजित प्रशिक्षण से बिना सूचना दिए शामिल नहीं हुए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उन्हें 24 घण्टे के भीतर जवाब देने को कहा गया है। जिन्हें नोटिस दिया गया है, उनमें 12 पीठासीन अधिकारी, 3 मतदान अधिकारी तीन, 9 मतदान अधिकारी दो और 8 मतदान अधिकारी तीन शामिल हैं। उन्हें 5 और 6 फरवरी 2025 को आयोजित द्वितीय प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से हिस्सा लेने को कहा है। निर्धारित समय पर जवाब नहीं देने और प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने पर इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ रेल बजट 2025-26: ऐतिहासिक निवेश और विकास की नई ऊंचाईयां
बिलासपुर । भारतीय रेलवे द्वारा प्रस्तुत बजट 2025- 26 में छत्तीसगढ़ राज्य में रेल विकास कार्यों के लिए ऐतिहासिक निवेश किया गया है, जिससे राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
प्रमुख बजट आवंटन और विकास कार्य
बजट आवंटन: ₹6,925 करोड़
नई रेल लाइन: पिछले 11 वर्षों में 1,125 किमी नई पटरियों का निर्माण ।
विद्युतीकरण: छत्तीसगढ़ का 100% रेलवे नेटवर्क विद्युतीकृत, पिछले 11 वर्षों में 350 किमी विद्युतीकरण ।
वर्तमान में चल रहे प्रोजेक्ट:26 परियोजनाओं में 2,768 किमी नई रेल पटरियां, कुल लागत ₹38,378 करोड़ ।
नई परियोजना: हाल ही में मंजूर की गई सरडेगा–भालुमुड़ा नई डबल लाइन (37 किमी, ₹1,360 करोड़)
32 अमृत स्टेशन: ₹1,672 करोड़ की लागत से 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण
कवच सुरक्षा प्रणाली: 1,105 रूट किलोमीटर में कवच कार्य स्वीकृत, 365 रूट किलोमीटर में कार्य प्रगति पर ।
स्टेशन पुनर्विकास:
रायपुर स्टेशन (₹463 करोड़): बिल्डिंग का निर्माण जारी ।
दुर्ग स्टेशन (₹456 करोड़):* पुराने स्ट्रक्चर को हटाने और निर्माण कार्य प्रगति पर ।
बिलासपुर स्टेशन (₹435 करोड़):* मुख्य भवन की बैरिकेडिंग पूरी, यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य जारी ।
यात्री सुविधाओं में सुधार (पिछले 11 वर्षों में) :-
148 रेल पुल और अंडरब्रिज बनाए गए ।
119 स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा ।
20 लिफ्ट और 8 एस्केलेटर स्थापित ।
2 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें, 5 जिलों को जोड़ने वाली ।
छत्तीसगढ़ में रेलवे के इस ऐतिहासिक विकास से यात्री सुविधाओं में जबरदस्त सुधार होगा और राज्य में आर्थिक एवं औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
चुनाव कर्मियों के हैण्ड्स ऑन प्रशिक्षण पर दिया जोर
कलेक्टर ने मतदान दलों के प्रशिक्षण का लिया जायजा
चुनाव कर्मियों के हैण्ड्स ऑन प्रशिक्षण पर दिया जोर
बिलासपुर, 30 जनवरी 2025/नगरीय निकाय चुनाव के लिए चल रहे मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का कलेक्टर अवनीश शरण ने जायजा लिया। प्रथम चरण के पहले दिन का प्रशिक्षण आज एक साथ लाल बहादुर शास्त्री स्कूल और शासकीय मल्टीपर्पज स्कूल में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में लगभग 2 हजार मतदान अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। कलेक्टर ने दोनों स्कूल का दौरा कर प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मियों को बारीकी से मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिये जा रहे प्रशिक्षण पर ध्यान देने के निर्देश दिए। ईव्हीएम मशीनों के हैण्ड्स ऑन प्रशिक्षण पर ज्यादा जोर दिया। उन्होंने स्थानीय चुनाव और अन्य चुनावों में अंतर को समझाते हुए ध्यान रखने योग्य प्रमुख बिन्दुओं को रेखांकित किया। प्रशिक्षण में ईव्हीएम के साथ एमपी एवं गोदरेज टाईप मतपेटियों के बारे में भी बताया गया।
कलेक्टर ने कहा कि इस बार अच्छे मौसम में चुनाव हो रहे हैं। मतदान के दौरान न तो अधिक गरमी रहेगी और न ही ज्यादा ठण्ड। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव मिलाकर लगातार चार चक्र में चुनाव होंगे। प्रयास यह किया जा रहा है कि एक मतदान दल को दोबारा ड्यूटी ना लगे। यदि जरूरत पड़ भी गई तो उन्हें विश्राम का अंतराल देकर लगाया जायेगा। मतदान अधिकारियों के ठहरने और खाने पीने का इस बार बेहतर इंतजाम किया जा रहा है। कलेक्टर ने विशेषकर पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि मतदान के उपरांत स्थल पर ही मतगणना किया जाना है। ग्रामीण क्षेत्र में एक मतदाता को 4 वोट डालने होंगे। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के। सभी का मतपत्र अलग-अलग रंगों का होगा। बड़ी सावधानी से एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता पूर्वक काम करें। किसी को न लगे कि उसके साथ अन्याय किया जा रहा है। मतदान के तत्काल बाद मतगणना का काम शुरू कर दें। भोजन अथवा विश्राम के नाम पर समय जाया न करें। रात में अंधेरा होने पर कई प्रकार की दिक्कते हो सकती हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी भी इस अवसर पर साथ थे।