छत्तीसगढ़ / कांकेर

जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से मिले 124 आवेदन

66 का मौके पर किया गया निराकरण

उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत साल्हे में किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 124 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 66 का शिविर स्थल में ही निराकरण किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने संबंधित विभाग के शेष आवेदनों को निराकृत कर आवेदनकर्ता को सूचित करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।

जिला पंचायत के अध्यक्ष हेमन्त ध्रुव ने शिविर मे उपस्थित ग्रामीणजनों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। शिविर में सर्वाधिक 43 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग को 20, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को 12, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 09, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 08, लोक निर्माण विभाग और क्रेडा  के 06-06 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधि प्राप्त की। इसके अलावा अन्य विभागों के द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की।

 

 

शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 02 किसान किताब एवं एक वन अधिकार मान्यता पत्र ऋण पुस्तिका, खाद्य विभाग द्वारा 06 राशन कार्ड, कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना अंतर्गत 12 किसानों को दलहन, मसूर बीज मिनीकिट एवं ग्रीष्मकालीन धान के बदले मक्का योजना के तहत 06 किसानों को मिनिकिट वितरण किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के उपाध्यक्ष सुनाराम तेता, जनपद सदस्य जीवराखन सलाम, रामबाई गोटा, प्रतिमा यदू तथा संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच और विभागीय अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image