रिवॉल्वर, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना मुजगहन क्षेत्र से हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा को रिवॉल्वर, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना सिविल लाइन और मुजगहन का कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ अब तक करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक व्यक्ति रिवॉल्वर लेकर लोगों को धमका रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथ हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान बादल बेहरा (29 वर्ष), निवासी बोरियाकला, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जांच के दौरान बादल बेहरा ने स्वीकार किया कि उसने हथियारों को घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए। उसके खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 221/25, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बादल बेहरा पर पहले भी हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सिद्धेश्वर प्रताप सिंह (थाना प्रभारी मुजगहन), निरीक्षक परेश पांडे (प्रभारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध हथियारों की तस्करी और उपयोग पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, और इस तरह की कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी।