रन फॉर यूनिटी : सरदार पटेल जयंती पर रायपुरवासियों ने लगाई एकता की दौड़
रायपुर । देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राजधानी रायपुर में शुक्रवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शास्त्री चौक से हरी झंडी दिखाकर किया। यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी प्रदेश, जिला, युवा मोर्चा और मंडल इकाइयों की संयुक्त पहल पर किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र, युवा, महिला मोर्चा कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।
देशभक्ति के नारों से गूंजा रायपुर
2 किलोमीटर की दूरी तक चली इस एकता दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था। बच्चों और युवाओं ने “वंदे मातरम, भारत माता की जय” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से माहौल देशभक्ति से भर दिया।
जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल और मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता की भावना को मजबूत करना है।
सीएम साय ने सरदार पटेल को किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा: “सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद बिखरे भारत को एक सूत्र में पिरोया। उनकी दूरदृष्टि और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही देश आज एक सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है।” उन्होंने सभी नागरिकों से पटेल के आदर्शों पर चलने, एकता और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया।
माल्यार्पण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन शारदा चौक स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थल पर। सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।