डिप्टी सीएम अरुण साव 9 जनवरी को पंडरिया में करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
कवर्धा - पंडरिया में 9 जनवरी को उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री अरुण साव का आगमन होगा। इस अवसर पर वे मुख्य अतिथि के रूप में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में सुबह 10 बजे नगर पालिका परिषद पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
विधायक भावना बोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके द्वारा पंडरिया विधानसभा को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना निर्माण और सामुदायिक संरचनाओं से जुड़े कई कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण जनता को समर्पित किया जाएगा, वहीं नई योजनाओं का भूमिपूजन कर क्षेत्र के भविष्य के विकास की नींव रखी जाएगी।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विगत दो वर्षों में डबल इंजन भाजपा सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में विकास कार्य स्पष्ट रूप से धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। गांव-गांव में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं और किसानों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।