छत्तीसगढ़ / सरगुजा

विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की शुरुआत

अम्बिकापुर में गठित फोरम से सरगुजा संभाग के उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

अंबिकापुर 19 फरवरी 2026

  प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत अम्बिकापुर सहित राज्य में कुल 10 नए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। अम्बिकापुर में गठित फोरम से सरगुजा संभाग के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

अम्बिकापुर विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में अध्यक्ष पद पर श्री दिलीप कुमार सैनी तथा सदस्य पद पर श्रीमती मेरी लिली तिर्की की पदस्थापना की गई है। फोरम का कार्यालय सीएसपीडीसीएल के प्रशासनिक भवन, बिशुनपुर, अम्बिकापुर में संचालित हो रहा है, जहां उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे।

फोरम के गठन का उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है। इससे बिल संबंधी त्रुटि, विद्युत आपूर्ति, कनेक्शन, मीटर, वोल्टेज अथवा अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

यह पहल भारत सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ता हितों की सुरक्षा एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए फोरम की स्थापना से उपभोक्ताओं को न्यायसंगत, सुलभ एवं प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र उपलब्ध होगा।

विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, अम्बिकापुर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image