छत्तीसगढ़ / रायपुर

पीएम विश्वकर्मा योजना से आत्मनिर्भर बने बलराम

 रायपुर, 19 फरवरी 2026

पारंपरिक टेलरिंग व्यवसाय से जुड़े कोरबा निवासी श्री बलराम कुंभकार ने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में उल्लेखनीय बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा से दर्जी (टेलर) ट्रेड में कौशल उन्नयन की शुरुआत की।

बलराम ने 7 दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जिसके उपरांत उन्हें 4,000 रुपये की स्टाइपेंड राशि प्रदान की गई। व्यवसाय विस्तार हेतु उन्हें बिना गारंटर एक लाख रुपये का ऋण भी स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने अपने कार्यस्थल को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया। वर्तमान में वे 15 दिवसीय एडवांस प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें 500 रुपये प्रतिदिन की दर से कुल 7,500 रुपये का स्टाइपेंड एवं 1,000 रुपये यात्रा भत्ता प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से वे आधुनिक डिजाइन एवं उन्नत तकनीकों का ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।

बलराम को विश्वास है कि आगामी चरण में 2 लाख रुपये तक की बिना गारंटर ऋण सुविधा से उनका व्यवसाय नई ऊँचाइयों को छूएगा। शासन की पहल ने उनके पारंपरिक हुनर को नई दिशा देते हुए आत्मनिर्भरता की सशक्त राह प्रशस्त की है।

Leave Your Comment

Click to reload image