छत्तीसगढ़ / रायगढ़

रायगढ़ के जंगल में मिला हाथी शावक का शव, वन विभाग में हड़कंप

 रायगढ़ । रायगढ़ जिले में एक मादा हाथी शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मामला रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज अंतर्गत झींगोल परिसर के कक्ष क्रमांक 838 आरएफ का है। बीते दिन यहां शावक का शव देखा गया, जिसके बाद उप वनमंडलाधिकारी घरघोड़ा, परिक्षेत्र अधिकारी तमनार और वन अमले की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

घटनास्थल पर मिले झुंड के निशान
प्रारंभिक जांच में मौके पर हाथियों के पैरों के ताजा निशान पाए गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शावक के साथ हाथियों का दल मौजूद था। वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

कमजोरी से मौत की आशंका
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शावक का प्रारंभिक परीक्षण किया। परिस्थितियों और शारीरिक स्थिति के आधार पर शावक की मौत कमजोरी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

बढ़ाई गई निगरानी
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता को देखते हुए निगरानी तेज कर दी गई है। हाथियों के दल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके।

वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और हाथियों के दल से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image