छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों का किया गया निरीक्षण

 ऐसे स्थलों पर लगाए जाएंगे स्पीड ब्रेकर और सावधानी सूचक बोर्ड, साथ ही अन्य सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी सुनिश्चित
 
दंतेवाड़ा, 26 फरवरी 2026

जिला परिवहन कार्यालय से दी गई जानकारी अनुसार संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति द्वारा आज नगरीय क्षेत्र अंतर्गत दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), यातायात पुलिस, नगरपालिका तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी उपस्थित रहे। प्राप्त सूत्रों के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर नगरीय क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस क्रम में दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप्स के अलावा सावधानी सूचक बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क चिह्नांकन एवं यातायात संकेतक स्थापित किए जाएंगे तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, आवश्यकता अनुसार विद्युत पोल स्थानांतरित करने तथा यात्री प्रतीक्षालयों में यात्रियों की सुविधा हेतु रैंप एवं सीढ़ियों के निर्माण के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त खुली नालियों एवं मैनहोल को ढकने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने हेतु संबंधित विभागों त्वरित कार्यवाही करने को कहा गया। उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा संबंधित बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नगरीय क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। 
 

Leave Your Comment

Click to reload image