दल्ली राजहरा शराब दुकान में रहती है शराब कोचियो की भीड़
बालोद |
04-Jan-2024
फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा में अवैध शराब का कारोबार खूब फलफूल रहा है। यहां जिम्मेदार विभाग के अधिकारी ही शराब माफियाओं को फलते-फूलते रहने का आशीर्वाद दे रहे हैं। ये सब कुछ हो रहा है महीना वसूली के खेल में। यहां पर शराब अब बेरोक टोक बिक रही है। धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब, जिसका परिणाम यह निकल रहा है कि लोग भारी नशा कर रहे हैं, जिससे कई परिवार टूट रहे हैं तो वहीं वाहन दुर्घटना में भी वृद्धि हो रही है। जगह-जगह खुली शराब की दुकानों में धड़ल्ले से बिक रही शराब को देखने के बाद भी आबकारी विभाग शराब के धंधेबाजों के सामने लाचार है।
ग्रामीण क्षेत्रों में शराब बिक्री का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। जिले का आबकारी विभाग गांव-गांव में शराब की अवैध बिक्री को ना सिर्फ बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि अवैध वसूली भी कर रहे हैं। अवैध शराब की बिक्री के कारण राजहरा व आसपास के गांव का माहौल खराब हो रहा है। वहीं युवा पीढ़ी शराब की लत से बर्बाद हो रही है। राजहरा की सरकारी शराब दुकान से ही अत्यधिक मात्रा में शराब कोचियो को शराब उपलब्ध करवाई जाती है। जिसे शराब कोचिए अपने बड़े बड़े झोले और बैग में शराब की बोटलो को ठूंस ठूंसकर अपने अड्डे पर ले जाकर अधिक दर पर बेचते है।
राजहरा क्षेत्र और आसपास ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बिक्री का धंधा चरम पर है। आबकारी विभाग की अनदेखी के कारण राजहरा और आसपास बने कई ढाबे और होटलों में अवैध रूप से बिना लाइसेंस के चल रहे अंग्रेजी और देशी शराब के ठेकों पर शाम से ही दारू पीने वालों का जमघट लगना शुरू हो जाता है। पीने के बाद बेमुल्क नबाब दारूबाज शहर में बुजुर्गो बच्ची और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार शुरू हो जाता है। जिससे शहर की शांति भंग होने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं इन दारूबाजों की नाजायज हरकतों को देखने के बाद यहां भारी रोष व्याप्त है। हालांकि शराब बेचने वालों और पीकर गांव में शांति को पलीता बनाए रखने वालों के संबंध में कई बार गांव के संभ्रांत नागरिकों ने कहा है लेकिन स्थिति जस की तस है।
ऐसे में जहां एक ओर ओर राजहरा और आसपास के इलाकों का माहौल खराब हो रहा है वहीं दूसरी ओर युवा पीढ़ी नशे की लत की आदी होती जा रही है। ऐसा भी नहीं है कि शराब के अवैध कारोबार की जानकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को न हो, लेकिन स्थानीय प्रशासन में अपनी और नाकामी का ही परिचय दिया जा रहा है। शराब के शौकीनों से मिली जानकारी के मुताबिक राजहरा और आसपास के ढाबों में बकायदा बिठाकर शराब परोसी जाती है बकायदा सुरक्षा की जिम्मेदारी भी दी जाती है। राजहरा और आसपास में कई स्थानों पर धड़ल्ले से अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है जिसमे राजहरा और आसपास मानपुर चौक, गोटूलमुंडा चोरहापड़ाव, साइनबोर्ड, बस स्टैण्ड, मछली मार्केट, पुराना बाजार, पंडर दल्ली आदि क्षेत्र है।
हमारा विभाग अवैध शराब कारोबारियो पर लगातार कार्यवाही कर रहा है। विभाग द्वारा कई शराब तस्करों कोचियों पर कार्यवाही कर जेल भेजा गया है। 01 अप्रैल से 31 दिसंबर तक जिले में कुल 1209 जगहों पर विभाग द्वारा छापामार कार्यवाही की गई है।
राजेश कुमार शर्मा
जिला आबकारी अधिकारी, बालोद