छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय मे किया ध्वजारोहण,स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं

 बलौदाबाज़ार 15 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर  कुलदीप शर्मा ने अपने निवास कार्यालय एवं संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में  ध्वजारोहण किया। उन्होंने जिलेवासियों को 80 वां स्वतंत्रता दिवस  की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर जो अमूल्य बलिदान दिया है, वह सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके त्याग, संघर्ष और समर्पण के परिणामस्वरूप ही आज हम स्वतंत्र भारत में स्वाभिमान और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक आशय यह भी है कि देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिले। शासन-प्रशासन का दायित्व है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि शासकीय कर्मचारी होने के नाते हम सभी का दायित्व है कि नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और उनके प्रकरणों एवं शिकायतों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए प्रशासन को नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।

उन्होंने देश में भाईचारा, सामाजिक सौहार्द, आपसी एकता एवं सद्भाव का वातावरण सदैव कायम रहने की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

इस अवसर पर  सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गोते,ए.आर. टंडन,निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image