छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के तहत 17 से 23 अगस्त तक चलेगा सघन खाद्य सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान

 रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी एवं अमानक मिठाइयों पर रहेगी विशेष नजर

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 अगस्त 2026

आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिलावटी, अमानक एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में ‘बने खाबोदृबने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राज्य शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार यह अभियान 17 से 23 अगस्त तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान मिठाई एवं कन्फेक्शनरी के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, अस्थायी एवं मौसमी मिठाई निर्माताओं, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा तथा स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जाएगा। बिना लेबल, बिना सामग्री विवरण, भ्रामक नाम या लेबल वाली मिठाइयों के साथ-साथ संदिग्ध डेयरी एनालॉग एवं दूध जैसे प्रस्तुत किए जा रहे गैर-दुग्ध उत्पादों की विशेष जांच की जाएगी।   
            अभियान के तहत शहरी थोक बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों एवं साप्ताहिक हाट-बाजारों तक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच एवं स्रोत की पहचान की जाएगी। संदिग्ध अथवा अमानक खाद्य पदार्थ पाए जाने पर नियमानुसार नमूना संकलन, जब्ती, रोकथाम एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में ‘बटर’, ‘क्रीम’, ‘चीज’ और ‘पनीर’ के नाम से उपयोग की जा रही सामग्री की भी जांच होगी। अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए खाद्य कारोबारियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना भी है। 
      खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि केवल किसी मिठाई में वनस्पति तेल अथवा वनस्पति वसा पाए जाने मात्र से उसे प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग नहीं माना जाएगा। उत्पाद की वास्तविक प्रकृति, नाम, सामग्री, लेबलिंग एवं उपभोक्ता के समक्ष उसके प्रस्तुतिकरण के आधार पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला स्तर पर अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करते हुए किए गए निरीक्षण, संकलित नमूनों, पाए गए उल्लंघनों एवं की गई वैधानिक कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट तैयार कर समेकित रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image