छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

सीएम हेल्पलाइन के प्राप्त पत्रों का समय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें : कलेक्टर नम्रता जैन

 नारायणपुर । जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में मलेरिया मुक्त अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं, आधार पंजीयन, शिक्षा एवं आवासीय संस्थाओं से संबंधित कार्यों सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। 

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और पत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कलेक्टर ने जिले के आश्रम छात्रावासों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से आश्रम छात्रावासों का निरीक्षण करने तथा वहां की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की सुविधाओं और छात्रावास की स्थिति के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

 
 
 
 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समय पर स्कूल में उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों में गणवेश, पाठ्यपुस्तक और साइकिल वितरण का कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन भवन, पुलिया और सड़क निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा कराने को कहा। बस्तर क्षेत्र से संबंधित प्रमाण पत्र बनाने के लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 
 
 
 

बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंशनधारियों को पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पशु, मकान और फसल आदि के नुकसान का सर्वे शीघ्र पूरा कर पात्र प्रभावितों को शासन के प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि वितरित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मलेरिया मुक्त अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं विद्युतीकरण के पूर्ण हो चुके कार्यों का प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार सोनपिपरे तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image